मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजपुर ग्राम नवापारा और वाड्रफनगर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 192.60 करोड़ रूपए की लागत के 108 कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कुसमी-सामरी मार्ग का 33.10 करोड़ रूपए की लागत से होगा उन्नयन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजपुर ग्राम नवापारा और वाड्रफनगर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन नवापारा में 33.95 करोड़ रूपए और वाड्रफनगर में 28.96 करोड़ रूपए की लागत से होगा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवीन भवन का निर्माण 16.41 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित होगी बांकी नदी व्यपवर्तन योजना पीवीटीजी की 9 बसाहटों में पीएम जनमन योजना में बनेंगे बहुउद्देशीय केन्द्र भवन बलरामपुर जिला चिकित्सालय में पीडियाट्रिक केयर यूनिट का लोकार्पण बलरामपुर (तामेश्वर नगर) हवाई पट्टी का 4.07 करोड़ रूपए की लागत से होगा उन्नयन रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर में आयोजित ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 192 करोड़ 60 लाख रुपए की लागत के 108 विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। उन्होंने जिलेवासियों को विकास कार्याे के लिए शुभकामनाएं दी। विकास कार्याे में 97 लाख 57 हजार रुपए के 5 कार्यों का लोकार्पण तथा 191 करोड़ 63 लाख रुपए के 103 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने जिले से गुजरने वाली प्रमुख सड़कों के मजबूतीकरण, राजपुर के नवापारा और वाड्रफनगर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवीन भवन, स्कूल और छात्रावास के नवीन भवन के निर्माण कार्य, छात्रावास आश्रमों में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण, जलाशयों के जीर्णोद्धार, आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण, बलरामपुर तामेश्वर नगर हवाई पट्टी के उन्नयन के कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने जिन कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें 33.10 करोड़ रूपए की लागत से कुसमी-सामरी तक 16.60 किलोमीटर सड़क के उन्नयन एवं मजबूतीकरण का कार्य, 33.95 करोड़ रूपए की लागत से राजपुर ग्राम नवापारा में और 28.96 करोड़ रूपए की लागत से वाड्रफनगर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के नवीन भवन का निर्माण कार्य, 14.18 करोड़ रूपए की लागत से बसंतपुर रामनगर मार्ग में 14 किलोमीटर सड़क उन्नयन का कार्य, बलरामपुर-रामानुजंगज के लरंगसाय चौक से रिंगरोड एवं पावर हाऊस से जय स्तंभ चौक, 3.81 करोड़ रूपए की लागत से भारत माता चौक से रेस्ट हाऊस एवं जय स्तंभ तक 5.825 किलोमीटर मार्ग का मजबूतीकरण, 13.16 करोड़ रूपए की लागत से जिले में अम्बिकापुर धनवार-वाराणसी मार्ग पर 11.60 किलोमीटर सड़क का उन्नयन, 4.07 करोड़ रूपए की लागत से बलरामपुर (तामेश्वर नगर) हवाई पट्टी का उन्नयन एवं सुधार कार्य, 2.16 करोड़ रूपए की लागत से बलरामपुर-रामानुजगंज के महाराजगंज-पचावल 4 किलोमीटर मार्ग का मजबूतीकरण के कार्य प्रमुख हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने 1.21 करोड़ रूपए की लागत से बरियों में हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन के निर्माण, 67-67 लाख रूपए की लागत से नीलकंठपुर और लुरगीखुर्द शासकीय माध्यमिक शाला भवन के निर्माण कार्य, 3 करोड़ रूपए की लागत से छात्रावास-आश्रमों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के 29 कार्य, 60-60 लाख रूपए की लागत से पीवीटीजी बसाहटों में पीएम जनमन योजना अंतर्गत 9 बहुउद्देशीय केन्द्र भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। पीवीटीजी बसाहटों – शंकरगढ़ विकासखण्ड के आमाकोना ग्राम पोंड़ीखुर्द, कुसमी विकासखण्ड के ढोढ़ाचॉपी ग्राम पंचायत भुलसीखुर्द, महुआटोली ग्राम चरहु, खासपारा ग्राम पेंडारडीह, भुताही ग्राम पुन्दाग, रजुआढोढ़ी ग्राम पोंडीखुर्द, पतरापारा ग्राम भोंदना, जम्होर और शंकरगढ़ विकासखण्ड के दशनी कोरवापारा ग्राम खैरडीह में बनने वाले एक-एक बहुउद्देशीय केन्द्र भवन का भूमिपूजन किया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने 2.75 करोड़ रूपए की लागत से शंकरगढ़ के धारानगर हायर सेकेण्डरी स्कूल में बालक छात्रावास निर्माण, 1.86-1.86 करोड़ रूपए की लागत से सामरी और बरियों के हायर सेकेण्डरी स्कूल में बनने वाले 50-50 सीटर बालक छात्रावास निर्माण कार्य, 39.01 करोड़ रूपए की लागत से बदौली जलाशय, करवां जलाशय, मुरका जलाशय, जगिमा जलाशय, झिक्की व्यपवर्तन योजना, खर्रा जलाशय, श्रीकोट व्यपवर्तन योजना, कोरंधा जलाशय, उलियाबांध एवं नहर के जीर्णोद्धार तथा बांकी नदी व्यपवर्तन योजना के निर्माण का भूमिपूजन किया। बांकी नदी व्यपवर्तन योजना का निर्माण 16.41 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सामरी रामानुजगंज और प्रतापपुर 4.79 करोड़ रूपए की लागत से 41 नवीन आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 कार्यों का लोकार्पण मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 97 लाख रूपए की लागत के 5 कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में 24 लाख रूपए की लागत से कुसमी विकासखण्ड के हर्री में निर्मित नवीन उप स्वास्थ केन्द्र भवन, जिला चिकित्सालय बलरामपुर में 25 लाख रूपए की लागत से निर्मित पीडियाट्रिक केयर यूनिट, विकासखण्ड रामानुजगंज के ग्राम बुद्धुटोला में 23 लाख रूपए की लागत से निर्मित शहरी हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शंकरगढ़ में 13 लाख रूपए की लागत से निर्मित 10 बिस्तरीय अतिरिक्त वार्ड और जिला चिकित्सालय बलरामपुर में 9 लाख रूपए की लागत से निर्मित मितानिन शेल्टर शामिल है। इस अवसर पर आदिमजाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महराज, विधायकगण राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा, श्रीमती शकुन्तला पोर्ते भी उपस्थित थीं।   recent visitors 119

महिला सुरक्षा और सम्मान की जताई प्रतिबद्धता, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने दी नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को देवी उपासना के पर्व नवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने देवी दुर्गा से सबके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है। नवरात्रि की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई संदेश में सीएम साय ने कहा है कि नवरात्रि में शक्ति स्वरूपा देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की 9 दिनों तक पूरी श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ पूजा की जाती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कन्याओं को देवी स्वरुप मानकर उनको भोजन कराया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि देवी की आराधना के साथ नारी शक्ति के सम्मान का पर्व है। छत्तीसगढ़ सरकार महिला सुरक्षा, उनके मान-सम्मान की रक्षा और उन्हें आवश्यक सेवा प्रदान करने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति मान-सम्मान के भाव और उनके गौरव को बनाए रखने के साथ उनके विरूद्ध हिंसा के विरोध के संकल्प से ही सच्चे अर्थों में देवी पूजा सार्थक होगी। recent visitors 98

ईडी के लपेटे में पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन, किया तलब, जानिए क्या है मामला

नई दिल्ली हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने कांग्रेस नेता और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को तलब किया है। अजहरुद्दीन सितंबर 2019 में एचसीए अध्यक्ष चुने गए थे। जून 2021 में उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा था। उन्हें एपेक्स काउंसिल ने फंड की हेराफेरी के आरोप में एक्शन लिया था। यह मामला हैदराबाद के उप्पल में राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम के लिए डीजल जनरेटर, अग्निशमन प्रणाली और छतरियों की खरीद के लिए आवंटित 20 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी से जुड़ा है। कांग्रेस नेता को जारी किया गया यह पहला समन है, जिसके तहत उन्हें आज जांच एजेंसी के सामने पेश होना है। इससे पहले नवंबर 2023 में मेडचल मलकाजगिरी जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बी आर मधुसूदन राव ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद अजहरुद्दीन को हैदराबाद में उप्पल पुलिस द्वारा दर्ज तीन अलग-अलग आपराधिक मामलों में अग्रिम जमानत दी थी। पुलिस ने अजहर और अन्य पर उप्पल में एचसीए स्टेडियम के लिए क्रिकेट बॉल, जिम उपकरण और अग्निशमन यंत्र खरीदते समय अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। वकील कोंडा कृष्णा ने उस वक्त अजहरुद्दीन की ओर से कहा था कि पुलिस ने उन्हें केवल इसलिए आरोपी बनाया है, क्योंकि वह संबंधित समय में एचसीए के अध्यक्ष थे। उन्होंने बताया था कि 3.5 करोड़ रुपये के काम के लिए टेंडर आवंटित किया गया था, जिसका काम निर्धारित समय के भीतर काम पूरा नहीं कर सका। दूसरी ओर, सरकारी वकील बुची रेड्डी ने कहा था कि भुगतान किया गया, जबकि काम पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा था कि हमने खातों का ऑडिट करवाया और यह एचसीए के पैसे के दुरुपयोग का स्पष्ट मामला निकला। अजहरुद्दीन की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील के रमाकांत रेड्डी ने तब कहा कि यह विडंबना है कि एचसीए के वही सीईओ, जिन्होंने जुलाई 2021 में ऑर्डर दिया था। उन्हीं ने शिकायत दर्ज कराई, जबकि वह निलंबन भी झेल चुके हैं। वकील का आरोप था कि CEO अपने निलंबन की वजह से अजहरुद्दीन को फंसा रहे हैं। नित्यानंद पाठक recent visitors 115

बांग्लादेश की मोहम्मद यूनुस सरकार ने भारत सहित पांच देशों से वापस बुलाए अपने राजदूत, अधिकारी नाराज

 ढाका बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने एक आदेश जारी कर अपने पांच राजदूतों को वापस ढाका बुला लिया है। बांग्लादेश ने भारत, ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, पुर्तगाल और संयुक्त राष्ट्र के अपने राजदूतों को वापस ढाका लौटने का आदेश दिया है। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, भारत में उच्चायुक्त मुस्तफिजुर रहमान के अलावा न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि, ऑस्ट्रेलया, बेल्जियम और पुर्तगाल के राजदूत शामिल हैं। सूत्रों का कहना है मुस्तफिजुर रहमान सहित वापस बुलाए गए राजदूत कुछ महीनों में रिटायर होने वाले थे। सरकार के फैसले से अधिकारी नाराज वहीं, नाम न छापने की शर्त पर कुछ अधिकारियों ने अंतरिम सरकार के आदेश पर नाराजगी जाहिर की है। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रशासनिक विभाग द्वारा जारी आदेश से विदेश सेवा के अधिकारी नाराज हैं। अधिकारियों का कहना है कि भारत में उच्चायुक्त समेत वापस बुलाए गए अन्य राजदूतों की नियुक्ति राजनीतिक तौर पर नहीं की गई थी। recent visitors 69

बंगला नंबर-5; पूर्व मुख्यमंत्री को मिल गया नया पता, सांसद आवास में रहेंगे AAP मुखिया

नई दिल्ली दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को अपना आवास खाली करेंगे। मुख्यमंत्री वाला घर छोड़कर केजरीवाल अब एक सांसद आवास में शिफ्ट होने जा रहे हैं। यह आम आदमी पार्टी के एक राज्यसभा सांसद के नाम आवंटित है, जो नई दिल्ली में फिरोजशाह रोड पर है। यानी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक का नया पता है- बंगला नंबर 5, फिरोजशाह रोड, नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं, पार्षदों, विधायकों और सांसदों ने केजरीवाल को अपना घर देने की पेशकश की थी। केजरीवाल के लिए एक ऐसे घर की तलाश थी जो पार्टी मुख्यालय से नजदीक हो। ऐसे में फिरोजशाह रोड स्थिति बंगला नंबर 5 का चुनाव किया गया। यहां रहने से केजरीवाल को कई फायदे होंगे। एक तरफ जहां वह अपनी विधानसभा सीट को साध सकते हैं तो दूसरी तरफ पार्टी मुख्यालय तक उनकी पहुंच आसान रहेगी। कथित शराब घोटाले में कई महीने जेल में रहकर निकले अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। नियम मुताबिक उन्हें सीएम आवास खाली करना है। अब इस घर में दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी शिफ्ट होने जा रही हैं। अभी उनके नाम जो आवास आवंटित है उसमें दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का परिवार रह रहा है। पहले यह आवास सिसोदिया के नाम आवंटित था। आम आदमी पार्टी ने कहा था कि केजरीवाल नवरात्रि के दौरान मुख्यमंत्री आवास खाली कर देंगे। इस आवास को लेकर काफी राजनीति भी होती रही है। भाजपा आरोप लगाती है कि केजरीवाल ने सीएम आवास में करोड़ों रुपए खर्च किए। भाजपा इसे शीशमहल कहकर केजरीवाल को घेरती रही है। recent visitors 86

कांग्रेस हरियाणा में पार्टी के भीतर जारी कलह को साधने की पुरजोर कोशिश कर रही

रोहतम पिछले वर्ष मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में भाजपा के साथ सीधे मुकाबले में मिली हार से आहत कांग्रेस हरियाणा में जीत की तलाश में है। इसके लिए पार्टी के भीतर जारी कलह को साधने की पुरजोर कोशिश कर रही है। मतभेदों को दूर करने के लिए अत्यधिक सावधानी से कदम उठा रही है। हालांकि, देश की सबसे पुरानी पार्टी को इसमें उतनी सफलता मिलती नहीं दिख रही है। राहुल गांधी ने भले ही दो कद्दावर नेताओं कुमारी शैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक मंच पर हाथ मिलवाया, लेकिन दोनों के रिश्ते उतने भी सहज नहीं हैं। कुमारी शैलजा से जब सीएम पद की उम्मीदवारी और भूड्डा से उनके संबंधों के बारे में पूछा गया तो दोनों के बीच की दूरी साफ झलकने लगी। उनसे जब पूछा गया कि आपकी हुड्डा से आखिरी बार बात कब हुई तो वह सोच में पड़ गईं। कुमारी शैलजा के बयान से यही बात लगती है कि दोनों के रिश्तों में आज भी दूरी बनी हुई है। कुमारी शैलजा ने कहा कि मैं याद करने की कोशिश कर रही हूं कि मेरी हुड्डा जी से आखिरी बार कब बात हुई थी। इंटरव्यू के दौरान ही कुमारी शैलजा ने बताया कि जब वह हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष थीं तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा से उनकी बात हो जाती थी। हालांकि 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद दोनों की बातचीत नहीं होती हैं। आपको बता दें कि प्रचार अभियान के अंतिम चरण में एकता का परिचय देते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी धुर विरोधी और सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा को अंबाला जिले के नारायणगढ़ से हरियाणा विजय संकल्प यात्रा शुरू करने से पहले हाथ मिलाकर बधाई दी थी। नारायणगढ़ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पैतृक स्थान भी है। recent visitors 90

ईरान ने बरसाई मिसाइलें मारा सिर्फ एक ,वो भी फिलिस्तीनी, हमला रहा नाकाम

तेहरान इजरायल पर अचानक 180 से ज्यादा मिसाइलें दागकर ईरान ने पूरी दुनिया को चौंका दिया. ईरान के इस कदम से पूरा मिडिल ईस्ट जंग के मुहाने पर खड़ा हो गया है. चिंता की बात यह है कि इजरायल ने अब तक ईरान पर कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की है, जिससे इजरायल के मंसूबों का पता नहीं चल पा रहा है. इजरायल पर किये गये मिसाइल अटैक को ईरान भले ही दुनिया के सामने बड़े एक्शन के तौर पर पेश कर रहा है, लेकिन सच्चाई यह है कि ईरानी हमले से इजरायल को कुछ खास नुकसान नहीं पहुंचा है. इजरायल के मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने ईरान की ज्यादातर मिसाइलों को हवा में ही खत्म कर दिया. इन हमलों में सिर्फ एक शख्स की मौत हुई और वह भी इजरायली नहीं, बल्कि फिलिस्तीनी नागरिक था. जेरिको शहर में आकर लगी मिसाइल ईरानी मिसाइल से जिस शख्स की मौत हुई उसका नाम समेह अल-असाली था, जो पेशे से मजदूर असाली की मौत फिलिस्तीन के जेरिको शहर के पास पश्चिमी तट के नुइमा गांव में हुई. जिस समय (रात) उसे मिसाइल लगी, वह सड़क पर टहल रहा था. दरअसल, जेरिको, फिलिस्तीन के पश्चिमी तट पर स्थित एक शहर है. जेरिको जॉर्डन घाटी में बसा है, जिसके पूर्व में जॉर्डन नदी और पश्चिम में यरुशलम है. चार फिलिस्तीनी घायल भी हुए जेरिको के गवर्नर हुसैन हमायल ने एजेंसी को बताया कि रॉकेट के टुकड़ा सीधे फिलिस्तीनी मजदूर के ऊपर गिर गया, जिसमें गाजा पट्टी के जबालिया का रहने वाले समेह अल-असाली की मौत हो गई. रॉकेट के कुछ टुकड़े लगने से 4 फिलिस्तीनी घायल भी हो गए. जानकारी के मुताबिक तीन बच्चों का पिता अल-असली गाजा के उन हजारों मजदूरों में से एक था, जिनके पास इजरायली वर्क परमिट था. इजरायली राजदूत ने हमले पर क्या कहा? बता दें कि ईरान के हमले के बाद भारत में इजरायल के राजदूत रेवेन अजार इंडिया टुडे को एक इंटरव्यू दिया, जिसमें अजार ने कहा कि ईरान ने 181 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें प्रत्येक में 700 से 1,000 किलोग्राम तक विस्फोटक भरा हुआ था और उससे बड़ा नुकसान हो सकता था. हमले के बाद जो बाइडेन ने क्या कहा? ईरान के मिसाइल अटैक के बाद दोनों मुल्कों में तनाव कम करने के लिए G7 देश एक आपात बैठक कर चुके हैं. इसी दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि वह इजरायल का साथ दे रहे हैं, लेकिन अगर इजरायल ईरान की न्यूक्लियर साइट्स पर हमला करता है तो अमेरिका इसमें उसका साथ नहीं देगा. कैसे फेल हुईं ईरान की मिसाइलें? इजरायल का दावा है कि ईरान की 181 मिसाइलों में से 90 फीसदी फेल हो गईं. इसकी वजह इजरायल के 3-3 सुरक्षा चक्र हैं, जो कि मिसाइल डिफेंस सिस्टम हैं. जिन्होंने एक बार फिर अपना लोहा साबित कर दिया है. पहला मिसाइल डिफेंस सिस्टम आयरन डोम है. जो 152 किलो मीटर के दायरे में और 12 किलो मीटर ऊंचाई के अंदर आने वाले रॉकेट को मार गिराता है. दूसरा मिसाइल डिफेंस सिस्टम डेविड्स स्लिंग है, जिसकी रेंज 301 किलो मीटर है. जो 49 किलो मीटर की ऊंचाई के अंदर आने वाले खतरे को तबाह करने की क्षमता रखता है. तीसरा मिसाइल डिफेंस सिस्टम द एरो सिस्टम है. जो पृथ्वी के वायुमंडल के बाहर ही मिसाइल को ध्वस्त कर देता है. इस तरह इजरायल के तीन-तीन सुरक्षा चक्र ने उसे एक बार फिर बचा लिया.   recent visitors 81