गाड़ी के शीशे तोड़े, राजस्थान-नागौर में आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस से मारपीट

नागौर. जिले के डीडवाना में मारोठ थाने इलाके के एक आरोपी को पकड़ने आई पुलिस को आरोपी के परिजनों ने बंधक बनाकर और उनकी निजी गाड़ी पर पथराव और तोड़-फोड़ की। डीडवाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंधक पुलिसकर्मियों को छुड़ाया और 5 लोगों को गिरफ्तार किया। दरअसल मारोठ थाना पुलिस दौलतपुरा के पास मालियो की ढाणी में सिविल ड्रेस और निजी गाड़ी लेकर पॉक्सो के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची। जब पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची तो परिजनों ने पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट कर दी और निजी गाड़ी पर भी तोड़फोड़ कर दी। घटना में पुलिसकर्मी मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। सूचना मिलते ही डीडवाना थाना पुलिस भी जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई और मौका स्थल से 4 लोगों को हिरासत में लेकर पॉक्सो एक्ट के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। जिला पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और उन्हें बंधक बनाने को लेकर आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। recent visitors 85

मंत्री नेताम ने शिक्षक बनकर ली कार्यकर्ताओं की क्लास, छत्तीसगढ़-रामानुजगंज में भाजपा का सदस्यता अभियान

बलरामपुर-रामानुजगंज. कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच एक नए अवतार में देखने को मिले। वे नेता नहीं शिक्षक के समान भाजपा मंडल रामानुजगंज के द्वारा आयोजित सेवा से सदस्यता की ओर अभियान में सम्मिलित हुए। उन्होंने कार्यक्रम में  मंच से उतरकर बिना स्वागत के औपचारिकता के शिक्षक के समान कार्यकर्ताओं के बीच जाकर संवाद किया। साथ ही साथ सदस्यता को लेकर हंसी-ठिठोली करते हुए कड़ा संदेश देने का भी काम किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आप भाजपा के नेता एवं भाजपा से निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं तो आपकी जवाबदारी है कि अधिक से अधिक भाजपा के सदस्य आप बनाएं। भाजपा मजबूत बनेगी तो देश मजबूत बनेगा। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी जिला बलरामपुर रामानुजगंज के द्वारा सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सेवा से सदस्यता की ओर कार्यक्रम का आयोजन पूरे जिले में हो रहा है।  इसी के तहत रक्तदान शिविर,स्वच्छता अभियान, आयुष्मान भारत योजना के शुभारंभ के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर, एक पेड़ मां के नाम सहित अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं। इसी कड़ी में बीते दिनों राम विचार नेताम के रामानुजगंज प्रवास के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में सेवा से सदस्यता की ओर अभियान में सम्मिलित हुए एवं उनके द्वारा भाजपा के सदस्य कई लोगों को बनाया। नेताम ने आह्वान किया कि अधिक से अधिक हम सबको भाजपा का सदस्य बनाना है। भाजपा सदस्यता अभियान के प्रभारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण केसरी ने सेवा से सदस्यता अभियान की विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि मंडल में 18 शक्ति केंद्र है 2 शक्ति केंद्र शहर में है। संगठन के द्वारा प्रत्येक बूथ में 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है जिसे हम सबको मिलजुल कर पूरा करना है। 80 बूथ में 16 हजार  से अधिक सदस्य बनने के लक्ष्य को लेकर हम सब चल रहे हैं। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष बलवंत सिंह, सुभाष केशरी, भाजपा जिला महामंत्री दीनानाथ यादव, जनपद पंचायत बलरामपुर के उपाध्यक्ष भानु प्रकाश, दीक्षित, भाजपा मंडल अध्यक्ष शर्मिला गुप्ता, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष तारावती सिंह, विनोद गुप्ता, सुभाष केसरी, उषा गुप्ता, जनपद उपाध्यक्ष बीडी लाल गुप्ता,उपेंद्र यादव, संजय गुप्ता, ललन यादव,भाजयुमो जिला महामंत्री अश्वनी गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा युवा मोर्चा के नेता अजय यादव, धर्म प्रकाश केसरी, अजीत गुप्ता भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अमित गुप्ता,मुकेश केसरी, सिद्धार्थ यादव, नंदकिशोर गुप्ता,आकाश तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष शैलेश गुप्ता ने किया। recent visitors 79

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024: बांग्लादेश और श्रीलंका ने दर्ज की जीत

दुबई बांग्लादेश और श्रीलंका ने क्रमशः पाकिस्तान और स्कॉटलैंड पर जीत के साथ आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए अपनी तैयारी पूरी की। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 23 रन से हराया पाकिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शोर्ना अख्तर के नाबाद 28 और शांति रानी के 23 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 140 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल ने 2 विकेट लिए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18.4 ओवर में 117 रनों पर सिमट गई। पाकिस्तान के लिए ओमैमा सोहेल ने सर्वाधिक 33 और फातिमा सना ने 17 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए मारूफा अख्तर और शोर्ना अख्तर ने 2-2 विकेट लिए। श्रीलंका ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराया एक अन्य मैच में श्रीलंका ने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हरा दिया। श्रीलंका के पहले गेंदबाजी करता हुए 19 ओवर में स्कॉटलैंड को केवल 58 रन पर समेट दिया। हालांकि 59 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भी खराब रही, लेकिन कविशा दिलहारी के 27 रन की बदौलत लंकन टीम ने 15.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। 3 अक्टूबर को प्रतियोगिता शुरू होने से पहले आज तीन और अभ्यास मैच खेले जाएंगे।   recent visitors 71

आत्म-निर्भर गौ-शाला कार्बन उत्सर्जन रोकने में बनेगी वैश्विक आदर्श

देश की पहली आधुनिक और आत्म-निर्भर गौ-शाला ग्वालियर में प्रति दिन 3 टन सीएनजी, 20 टन सर्वोत्तम गुणवत्ता का बायो जैविक खाद मिलेगा 10 हजार गायों से मिलेगा 100 टन गोबर  आत्म-निर्भर गौ-शाला कार्बन उत्सर्जन रोकने में बनेगी वैश्विक आदर्श मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जताया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, संतों का आभार ग्वालियर देश की पहली आधुनिक और आत्मनिर्भर गौ-शाला ग्वालियर में बनकर शुभारंभ के लिए तैयार है। इस गौशाला में इंडियन ऑयल कार्पोरेशन के सहयोग से 2 हेक्टेयर क्षेत्र में बायो सी.एन.जी. प्लांट स्थापित हो गया है। इस प्लांट के संचालन के लिए 100 टन गोबर का उपयोग कर 3 टन तक सीएनजी प्रति दिन और सर्वोत्तम गुणवत्ता का जैविक खाद 20 टन प्रतिदिन मिलेगा। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन प्लांट के संचालन एवं संधारण में भी सहयोग देगा। इस गौ-शाला के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सामाजिक जिम्मेदारी निधि से 32 करोड़ रूपये की लागत से बना है। भविष्य में विस्तार की संभावना को रखते हुए एक हेक्टेयर की भूमि आरक्षित रखी गई है। गौशाला को और विस्तार देने सांसद निधि से 2 करोड़ रूपए की राशि 2 हजार गायों के लिये आधुनिक शेड का निर्माण के लिए दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी “वेस्ट टू वेल्थ” के विकास दर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होने संत समुदाय के प्रति भी आभार व्यक्त किया है जो गौमाता की सेवा कर रहे हैं। राज्य सरकार इस प्रयास के विस्तार के लिये पूरा सहयोग देगी। उल्लेखनीय है कि इंदौर में एशिया के सबसे बड़े सीएनजी प्लांट का संचालन हो रहा है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री मोदी ने किया था। ग्वालियर की लाल टिपारा गौशाला आदर्श गौशाला में ग्वालियर नगर निगम और संत समुदाय के सहयोग से 10 हजार गायों की देखभाल की जा रही है। बायो सीएनजी प्लांट के साथ ही इंक्यूबेशन सेंटर भी जल्दी ही शुरू किया जायेगा। क्या होंगे फायदे ? प्लांट के विधिवत संचालन के दिन से ही लगभग 2 से 3 टन प्रति दिन बायो सी.एन.जी. एवं लगभग 20 टन प्रतिदिन उच्च कोटि की प्राकृतिक खाद का उत्पादन होगा। इससे नगर निगम, ग्वालियर को भी लगभग राशि रूपये 7 करोड़ की आय होगी। कार्बन उत्सर्जन कम करने और जलवायु परिवर्तन के खतरों का सामना करने में समाज और सरकार के आपसी सहयोग का यह विश्व स्तरीय आदर्श उदाहरण है। बायो सीएनजी प्लांट की स्थापना से पर्यावरण सुधरेगा । स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। गोबर धन के उपयोग से आर्थिक रूप से भी गौशाला आत्मनिर्भर बनेगी। ग्वालियर के आस-पास जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को इस प्लांट से गोबर की खाद उचित दाम पर मिल सकेगी। ग्रीन ऊर्जा उत्पादन में आगे बढ़ता मप्र मध्यप्रदेश ने क्लीन और ग्रीन ऊर्जा उत्पादन की ओर तेजी से कदम बढ़ा दिये हैं। केन्द्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय की ताजा रिपार्ट के अनुसार गांवों में बायो गैस संयंत्रों की स्थापना में मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर चंडीगढ और दूसरे पर उत्तर प्रदेश है। मध्यप्रदेश में 104 बायोगैस संयंत्र विभिन्न गांवों में संचालित हैं। सबसे ज्यादा 24 बैतूल में, 13 बालाघाट में और 12 सिंगरौली में हैं। स्थानीय स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध होने के साथ ही यह कार्बन उत्सर्जन रोकने में भी मदद करती है।   recent visitors 91

संदीप प्रधान ने साई के महानिदेशक का पद छोड़ा, सुजाता चतुर्वेदी अंतरिम आधार पर संभालेंगी कार्यभार

नई दिल्ली संदीप प्रधान अपना कार्यकाल पूरा होने पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक का पद छोड़ देंगे और खेल सचिव सुजाता चतुर्वेदी अंतरिम आधार पर उनकी भूमिका संभालेंगी। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को उक्त घोषणा की। खेल मंत्रालय के आधिकारिक आदेश के अनुसार, “30.09.2024 को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक के पद के लिए संदीप एम. प्रधान का केंद्रीय प्रतिनियुक्ति कार्यकाल पूरा होने के परिणामस्वरूप, सक्षम प्राधिकारी ने श्रीमती सुजाता चतुवेर्दी, सचिव (खेल) को भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के महानिदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की मंजूरी दे दी है। दिनांक 01.07.2019 से 01.10.2024, और नियमित पदधारी की नियुक्ति तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, चतुवेर्दी पद पर बनी रहेंगी।” 1990 बैच के भारतीय राजस्व अधिकारी प्रधान ने अगस्त 2019 में नीलम कपूर से महानिदेशक का पदभार संभाला था, जिसके तहत भारत ने क्रमशः टोक्यो और पेरिस में दो सफल ओलंपिक और पैरालंपिक चक्र देखे। 2020 ओलंपिक में, भारत ने पुरुषों की भाला फेंक में नीरज चोपड़ा के माध्यम से ट्रैक-एंड-फील्ड में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता, जबकि देश ने खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सात पदक अपने नाम किए।   recent visitors 160

ब्राजीलियाई सीरी ए क्लब फ्लेमेंगो ने मुख्य कोच टिटे से नाता तोड़ा

रियो डी जनेरियो ब्राजील के पूर्व मुख्य कोच टिटे को ब्राजीलियाई सीरी ए क्लब फ्लेमेंगो ने सोमवार को बर्खास्त कर दिया। क्लब ने एक बयान में कहा कि 63 वर्षीय खिलाड़ी की जगह साल के अंत तक पूर्व एटलेटिको मैड्रिड, चेल्सी और फ्लेमेंगो के डिफेंडर फिलिप लुइस लेंगे। यह घोषणा ब्राज़ील की सीरी ए चैंपियनशिप में फ्लेमेंगो की एथलेटिको पैरानेंस पर 1-0 की घरेलू जीत के एक दिन से भी कम समय बाद आई। पिछले गुरुवार को, फ्लेमेंगो को कोपा लिबर्टाडोरेस – दक्षिण अमेरिका की शीर्ष क्लब प्रतियोगिता – से क्वार्टर फाइनल चरण में उरुग्वे के पेनारोल द्वारा बाहर कर दिया गया था। फ्लेमेंगो वर्तमान में 20-टीम ब्राज़ीलियाई सीरी ए स्टैंडिंग में चौथे स्थान पर है, और सीज़न में 10 गेम शेष रहते हुए शीर्ष पर चल रहे बोटाफ़ोगो से नौ अंक पीछे है। टिटे, जो 2016 से 2022 तक ब्राजील के मैनेजर थे, ने पिछले साल अक्टूबर में अपनी नियुक्ति के बाद फ्लेमेंगो को 41 जीत, 13 ड्रॉ और 16 हार दिलाई।   recent visitors 91

पार्थ राकेश माने ने स्वर्ण पदक जीतकर जूनियर विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम किया

लीमा पार्थ राकेश माने ने 10 मीटर एयर राइफल में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक और टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर जूनियर विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। यह मुकाबला इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में हुआ। पार्थ ने 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत खिताब जीतने के बाद, अजय मलिक और अभिनव शॉ के साथ मिलकर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी स्वर्ण पदक जीता। भारत को तीसरा स्वर्ण भी मिला जब गौतमी भानोट, शंभवी क्षीरसागर और अनुष्का ठाकुर ने जूनियर महिला टीम इवेंट में 10 मीटर एयर राइफल में जीत हासिल की। लेकिन दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि 16 साल के पार्थ माने की रही। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 24-शॉट के फाइनल में 250.7 अंक हासिल किए और चीन के मौजूदा जूनियर एशियाई चैंपियन हुआंग लिवानलिन को 0.7 अंकों से पछाड़ दिया। इसके अलावा, अमेरिका के ब्रेडन पीसर ने कांस्य पदक जीता, जबकि पेरिस ओलंपिक के रजत पदक विजेता स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन चौथे स्थान पर रहे। मौजूदा डबल जूनियर विश्व चैंपियन रोमन औफ्रेर छठे स्थान पर रहे। भारत के अन्य निशानेबाजों, अजय मलिक और 15 साल के अभिनव शॉ ने क्रमशः पांचवां और सातवां स्थान हासिल किया। अजय 186.7 अंक के साथ शूट-ऑफ में लिंडग्रेन से हार गए, जबकि अभिनव 144.2 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। पहले 62 प्रतियोगियों के क्वालीफिकेशन राउंड में, अजय दूसरे स्थान पर (628.8), पार्थ चौथे स्थान पर (627.7) और अभिनव छठे स्थान पर (627.0) रहे। भारत के अन्य दो प्रतियोगी, उमामहेश मड्डिनेनी (625.5) और तलवार सिंह (625.2) ने 13वें और 14वें स्थान पर समाप्त किया। इसके साथ ही पार्थ, अजय और अभिनव की टीम ने कुल 1883.5 अंक हासिल कर अमेरिका (1877.6) और जर्मनी (1873.9) को हराकर टीम स्वर्ण जीत लिया। जूनियर महिला एयर राइफल फाइनल में तीन भारतीय भी पहुंचीं, लेकिन व्यक्तिगत पदक नहीं जीत पाईं। गौतमी भानोट ने शानदार प्रदर्शन कर 634.7 अंकों के साथ 90 प्रतियोगियों में दूसरे स्थान पर क्वालीफाई किया। चीन की वांग जिफेई ने जूनियर विश्व रिकॉर्ड 635.7 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। शंभवी क्षीरसागर ने चौथे स्थान (632.6) पर और ओजस्वी ठाकुर ने पांचवें स्थान (631.4) पर क्वालीफाई किया। अनुष्का ठाकुर 17वें स्थान पर (627.5) और सौम्या खेड़कर 20वें स्थान पर (627.4) रहीं। गौतमी ने अंतिम मुकाबले में चौथा स्थान हासिल किया, जहां वह कांस्य पदक जीतने वाली अमेरिकी निशानेबाज़ से 0.2 अंक से पीछे रह गईं। उन्होंने 209.3 अंकों के साथ मुकाबला खत्म किया। शांभवी (188.4) पांचवें स्थान पर रहीं और ओजस्वी (146.1) सातवें स्थान पर रहीं। हालांकि, गौतमी और शांभवी ने अनुष्का ठाकुर के साथ मिलकर टीम प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने अमेरिका को हराकर जूनियर वर्ल्ड टीम रिकॉर्ड स्कोर 1894.8 के साथ स्वर्ण पदक जीता। नॉर्वे तीसरे स्थान पर रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने शॉटगन रेंज में जूनियर पुरुष और महिला स्कीट प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। गुरफतेह सिंह संधू ने क्वालीफिकेशन में 112 अंक के साथ 29वां स्थान हासिल किया, जबकि भवतेग सिंह गिल भी 112 अंक के साथ 31वें स्थान पर रहे। हरमेहर सिंह लल्ली 107 अंक के साथ 44वें स्थान पर रहे। जूनियर महिला स्कीट प्रतियोगिता में मानसी रघुवंशी शॉटगन में भारत की ओर से सबसे अच्छी स्थिति में रहीं। उन्होंने 109 अंक हासिल किए और 8वें स्थान पर रहीं, वह क्वालीफाई करने से सिर्फ एक अंक से चूक गईं। भारत अब भी पांच स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में सबसे आगे है।   recent visitors 82