मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बड़ी सौगात, रक्षा बंधन के दिन राज्य की महिलाएं रोडवेज की बसों में निःशुलक सफर कर सकेंगी

देहरादून उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर सभी महिलाओं को बड़ी सौगात के साथ नवाजा है। बता दें कि रक्षा बंधन के दिन राज्य की महिलाएं रोडवेज की बसों में निःशुलक सफर कर सकेंगी। इस दौरान सरकारी बसों में सफर करने पर उनसे कोई किराया नहीं लिया जाएगा। वहीं प्रदेश में धामी सरकार एक बार फिर से लोगों के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आए है। इस मामले में परिवहन सचिव ब्रजेश संत द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया था कि इस नि:शुल्क यात्रा का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। साथ ही परिवहन निगम के महाप्रबंधक सीपी कपूर ने नि:शुल्क यात्रा से संबंधित आदेश जारी करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को प्रदेश के अंदर उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से संचालित साधारण बसों के किराए में शत-प्रतिशत छूट दिया जाएगा।  बता दें कि रक्षा बंधन के दिन महिलाओं के लिए सरकारी बसों में निःशुलक सफर की सुविधा केवल उत्तराखंड राज्य के अंदर ही मिलेगी। इसके अतिरिक्त यदि कोई महिला उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में उत्तराखंड के बाहर सफर करती है तो उसका किराया निश्चित रूप से लिया जाएगा।   recent visitors 100

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- हर विभाग में तलाशी जायें स्किल डेवलपमेंट की संभावनाएं

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क भोपाल के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समय-सीमा में कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट का दायरा बहुत विस्तृत है। हर कॉलेज में स्किल डेवलपमेंट के कोर्स संचालित किये जाने चाहिए। रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को जोड़ा जाये। विद्वानों का मार्गदर्शन लेकर स्किल डेवलपमेंट के कार्य किये जायें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मंत्रालय में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की समीक्षा कर विभागीय निर्देश दे रहे थे। बैठक में कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कम जमीन से ज्यादा उपज प्राप्त करने का कार्य भी स्किल डेवलपमेंट ही है। आमदनी बढ़ाने के लिए स्किल डेवलपमेंट जरूरी है। हर विभाग में स्किल डेवलपमेंट का प्लान बने। अपने-अपने क्षेत्र में संभावनाएं तलाशी जायें। पशुधन से दूध-उत्पादन, नस्ल सुधार, दूध से बने उत्पादों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हों। प्रदेश में कुल 956 आईटीआई संचालित हैं। हर विकासखण्ड में आईटीआई संचालित होना चाहिए। कोई भी विकासखण्ड बगैर आईटीआई के न रहे। आईटीआई के विद्यार्थियों को अधिकाधिक संख्या में रोजगार और प्लेसमेंट हो। हॉर्टीकल्चर से बड़े पैमाने पर रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिलों में जिस तरह के औद्योगिक क्षेत्र हैं, उसके अनुरूप विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाये। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह के द्वारा बनाये जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को टेक्सटाइल उद्योग से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा। उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा विभाग में विभिन्न भाषाओं का ज्ञान दिया जाये। स्किल डेवलपमेंट के प्रमोशन कार्यक्रम हों। टूरिज्म में रोजगार बढ़ाने का कार्य करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों में कृषि एवं उद्यानिकी के विषय प्रारंभ किये जायें। स्किल डेवलपमेंट में जुगाड़ कार्यक्रम शुरू करें। यह कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए उपयोगी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्लोबल स्किल पार्क की कल्पना को साकार करने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समीक्षा बैठक में निर्देशित किया कि निजी क्षेत्र और समाज को जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाये जायें। नए पाठ्यक्रमों में स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता दी जाये। वन विभाग में जीवों की प्रजातियों के संरक्षण की ट्रेनिंग दी जाये। किंग कोबरा की प्रजाति को संरक्षित करने का कार्य करें। स्नेक रेस्क्यू के लिए प्रशिक्षण भी दें। स्किल डेवलपमेंट बोर्ड को रोजगार दिलाने की ट्रेनिंग दी जाएं। बोर्ड की नियमित बैठक आयोजित कराई जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विभिन्न प्रकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार संबंधी जानकारी की बुकलेट्स का विमोचन भी किया।   recent visitors 89

सेवानिवृत्त अधीक्षण यंत्री प्रदीप कुमार जैन के आवास पर लोकायुक्त पुलिस की छापामार कार्रवाई

भोपाल राजधानी में लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम के सेवानिवृत्त अधीक्षण यंत्री प्रदीप कुमार जैन के एयरपोर्ट रोड पर लाॅर्ड कॉलोनी में स्थित आवास पर शुक्रवार सुबह छापामार कार्रवाई की। लोकायुक्त पुलिस को उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति जमा करने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। लोकायुक्त ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जैन के आवास के अलावा गोविंदपुरा इलाके में स्थित स्मार्ट सिटी कंपनी में उनके दफ्तर में भी छापामार कार्रवाई की गई, जहां वह फिलहाल संविदा पर नियुक्त हैं। छापामार कार्रवाई के दौरान जैन के आवास से एक लाख रुपये से अधिक नकदी व सोने-चांदी जेवरात मिले हैं। इसके अलावा भोपाल में ही दस से ज्यादा जगहों पर जमीन, संपत्ति के कागजात मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। वह पिछले दिनों ही कनाडा की यात्रा से वापस लौटे हैं। उन पर विदेशों में भी निवेश करने का शक है। लॉर्ड कॉलोनी में उनका आवास 6000 स्क्वेयर फीट एरिया में बना है। कॉलोनी में सबसे बड़ा आवास उनका ही है। इसमें उनका बेटा रहता है। स्मार्ट सिटी में मिली संविदा नियुक्ति नगर निगम से सेवानिवृत्त होने के बाद पीके जैन फिलहाल स्मार्ट सिटी कंपनी में संविदा नियुक्ति पर हैं। वह स्मार्ट सिटी में प्रभारी चीफ इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं। recent visitors 80

टनकपुर के पूर्णागिरि मार्ग में किरोड़ा नाले में पानी के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी जीप पानी में बही, 1 की मौत, अन्य घायल

चंपावत उत्तराखंड में लगातार बारिश का कहर बरस रहा है। वहीं पहाड़ों में जमकर बारिश होने के बाद नदी-नाले उफान पर है। इसी बीच टनकपुर के पूर्णागिरि मार्ग में किरोड़ा नाले में पानी के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी जीप बहने की खबर सामने आई है। इस घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम श्रद्धालुओं के रेस्क्यू में जुट गई, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई,अन्य चार घायल और 2 व्यक्ति लापता बताए जा रहे है। जानकारी के अनुसार, किरोड़ा नाले में पानी के तेज बहाव के कारण एक जीप समेत करीब नौ श्रद्धालु नाले में बह गए। इस दौरान एसडीएम आकाश जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू किया गया। इसमें घटनास्थल पर पहुंची बचाव दल की टीम को रेस्क्यू के दौरान एक महिला का शव मिला। जबकि अन्य घायल चार लोगों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया है। साथ ही कुछ लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। इन लापता लोगों की खोज टीमों द्वारा की जा रही है। बता दें कि इस घटना से संबंधित सभी लोग पखरिया यूएस नगर के रहने वाले हैं। recent visitors 122

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने डॉ. मनदीप शर्मा को कुलपति नियुक्त किया

भोपाल राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री मंगुभाई पटेल ने नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर का कुलपति डॉ. मनदीप शर्मा को नियुक्त किया है। पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, पालमपुर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व डीन डॉ. शर्मा को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष की समयावधि अथवा 70 वर्ष की आयु, जो भी पूर्वतर होगी के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है।   recent visitors 135

वायनाड जिले में जमीन से आ रही रहस्यमय आवाज, स्थानीय लोगों और अधिकारियों में दहशत फैली

केरल केरल के भूस्खलन प्रभावित वायनाड जिले में अलग-अलग पर शुक्रवार की सुबह जमीन के नीचे से तेज ध्वनि सुनाई देने की खबरें मिलीं जिससे स्थानीय लोगों और अधिकारियों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन प्रभावित आवासीय क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंबालावायल गांव और व्यथिरी तालुक के कुछ इलाकों में तेज ध्वनि सुनाई दी। वायनाड जिलाधिकारी डी. आर. मेघश्री ने एक बयान में कहा, ‘जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाए हैं।’ केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने कहा कि वह भूकंपीय ‘रिकॉर्ड’ की जांच कर रहा है और स्थानीय स्तर पर जांच कर स्थिति का पता लगाया जा रहा है। इसने कहा, ‘अभी तक भूकंपीय रिकॉर्ड में हलचल का कोई संकेत नहीं मिला है।’ पंचायत वार्ड के एक सदस्य ने एक टीवी चैनल से कहा कि यह ध्वनि सुबह करीब 10:15 बजे सुनी गई। पहाड़ी जिले में हाल ही में हुए भीषण भूस्खलन में 226 लोगों की मौत और अनेक लोगों के लापता होने के बाद जमीन के नीचे से उत्पन्न रहस्यमयी ध्वनि से स्थानीय लोगों में दहशत है। बता दें कि वायनाड के भूस्खलन ने बड़ी तबाही मचाई थी। केरले के सीएम पिनाराई विजयन ने कहा है कि 10 अगस्त को प्रधानंत्री मोदी भी भूस्खलन प्रभावित इलाके का दौरा करने वाले हैं। विजयन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी कहा कि भूस्खलन में मरने वाले लोगों की सही संख्या की पुष्टि मानव अंगों और अज्ञात शवों के डीएनए परीक्षण के परिणाम आने के बाद ही की जा सकती है। उन्होंने कहा कि फिलहाल 131 लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि अवशेषों को केवल तभी पूर्ण शव माना जाएगा जब शव के 90 प्रतिशत या उससे अधिक हिस्से बरामद हो जाएं, अन्यथा इसे शरीर का अंग ही माना जाएगा। recent visitors 77

हरियाणा सरकार का आदेश जारी, अब सभी स्कूलों में गुड मॉर्निंग नहीं, जय हिन्द चलेगा

हरियाणा हरियाणा में इस स्वतंत्रता दिवस से सभी स्कूलों में 'गुड मॉर्निंग' के स्थान पर अब 'जय हिंद' का प्रयोग किया जाएगा। एक सरकारी आदेश में इसकी जानकारी दी गई है। प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया है कि हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए इस कदम का उद्देश्य छात्रों में 'देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की गहरी भावना उत्पन्न करना' है । आदेश में कहा गया है कि 'जय हिंद' का नारा सुभाष चंद्र बोस ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दिया था और स्वतंत्रता के बाद सशस्त्र बलों द्वारा इसे सलामी के रूप में स्वीकार किया गया था । स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, जिला खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को यह परिपत्र भेजा है। आदेश में कहा गया है कि स्कूलों में अब 'गुड मॉर्निंग' की जगह 'जय हिंद' का उपयोग किया जाएगा, ताकि हर दिन छात्रों को 'राष्ट्रीय एकता की भावना से प्रेरित किया जा सके' और देश के 'समृद्ध इतिहास के प्रति सम्मान' व्यक्त किया जा सके। इसमें कहा गया है कि देशभक्तिपूर्ण अभिवादन 'जय हिंद' छात्रों को देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसमें कहा गया है कि 'जय हिंद' क्षेत्रीय, भाषाई और सांस्कृतिक मतभेदों से परे है और विविध पृष्ठभूमि के छात्रों के बीच एकता को बढ़ावा देता है।   recent visitors 137