दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चार की मौत, राजस्थान-सवाई माधोपुर में ट्रक में घुसी कार

सवाई माधोपुर. राजस्थान के सवाई माधोपुर में बड़ा दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। यहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ऋषिकेश से लौट रहे एक परिवार की कार ट्रक में घुस गई। इस हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल घटना की सूचना पर पुलिस मय जाब्ता पहुंची है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कार आगे चल रही थी। तभी पीछे से आ रहा ट्रक बेकाबू होकर कार में घुस गया। हादसे के बाद भी ट्रक चालक करीब एक किलोमीटर तक कार को घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रक चालक की तलाश कर रही है। हादसा इतना जबर्दस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार लोगों शव बुरी तरह चिपक गए। ऐसे में पुलिस को भी शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे का मंजर देख हर किसी के रौंगटे खड़े हो गए। recent visitors 97

संचालक दुकानें बंदकर भागे, राजस्थान-झुंझुनू में अवैध लैब्स पर चार जगह ताबड़तोड़ कार्रवाई

झुंझुनू. झुंझुनू जिले में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के पास लैब, नर्सिंग होम, हॉस्पिटल की संख्या कुल 202 थी, जिले का जब सर्वे किया गया तो उसमें यह पाया गया के स्वास्थ्य विभाग के पास 202 की संख्या दर्ज है, लेकिन जिले में हजारों की तादाद में अवैध रूप से संचालन हो रहे हैं, जो जनता का खून चूस रहे हैं और मनमाने दाम वसूल रहे है। गुढ़ा गोड़जी मे स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर लैब संचालकों में अफरातफरी मची और दुकान बंद कर भागने लगे। कल की कार्रवाई में सेंट्रल लैब, भारत लैब, शिव लैब, सरस्वती लैब, सोनू लैब, राजधानी लैब, अपोलो लैब, इन सभी को नोटिस देकर 3 से 7 दिनों में कागजात जमा करने के लिए पाबंद किया गया है। अवैध किसी भी लैब में ना तो टेक्नीशियन है और ना ही उस जांच को वेरीफाई करने वाला डॉक्टर है। आमजन इन्हीं से जांच करवाते हैं और इन्हीं के द्वारा बताई गई जांच के आधार पर डॉक्टर से दवाई भी ले लेते हैं। अब ऐसी जांच की क्या सत्यता होगी जिसका ना तो किसी प्रशिक्षित द्वारा जांच की गई है और ना ही किसी डॉक्टर ने उस जांच को वेरीफाई किया है, ऐसे में आमजन को गलत जांच रिपोर्ट के आधार पर ही अपना इलाज करवाना पड़ रहा है। recent visitors 105

साफ्टवेयर का होगा सरलीकरण, छत्तीसगढ़ में भवन निर्माण अनुज्ञा और नियमितिकरण होगा आसान

रायपुर. आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने न्यू सर्किट हाउस सिविल लाइन में नगर और ग्राम निवेश विभाग की समीक्षा की। बैठक में सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री चौधरी ने विभागीय समीक्षा बैठक में आवासीय कालोनियों के विकास अनुज्ञा, नियमितिकरण, विकास योजना तथा भवन निर्माण अनुज्ञा में सरलीकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया में आ रही कठिनाइयों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस समस्या को देखते हुए साफ्टवेयर में सरलीकरण करते हुए समस्त कार्यालय प्रमुखों को प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए निर्देशित किया गया। मंत्री ओपी चौधरी ने संचालक सौरभ कुमार को यह निर्देशित किया कि समस्त अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय में कार्यालय में उपस्थित रहकर आमजनों के प्रकरणों का निराकरण करें। कार्यो में पारदर्शिता एवं तत्परता दिखनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिलने के समय का निर्धारण कर इसकी सूचना कार्यालय के सूचना पटल पर अवश्य लगाए। मंत्री ने नए जिलों में कार्यालयों की स्थापना एवं कर्मचारियों के पद सरंचना के पुनःनिर्धारण पर भी चर्चा की गई। साथ ही राज्य के प्रमुख जिले रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव जैसे बड़े शहरों में कर्मचारियों-अधिकारियों के पद सरंचना में वृद्धि करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उचित व्यवस्था से आमजनों  के प्रकरणों का निराकरण सुगमता से समय-सीमा पर किया जा सकता है। इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण की सचिव आर. संगीता, नगर और ग्राम निवेश विभाग के संचालक सौरभ कुमार, अपर संचालक संदीप बांगड़े सहित समस्त क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रमुख अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। recent visitors 86

दर्दनाक मौत से परिजन बेहाल, राजस्थान-सवाई माधोपुर में खेत में दो किसान भाई करंट की चपेट में आए

सवाई माधोपुर. खेत पर गये दो सगे किसान भाइयों की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची रवाजना डुंगर थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए। एक साथ दो सगे भाइयों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक लाखनपुर-पांचोलास निवासी रमेशचंद बैरवा व कन्हैया लाल बैरवा पुत्र जन्सी बैरवा है। पुलिस एवं ग्रामीणों के मुताबिक रमेशचंद बैरवा व कन्हैया लाल बैरवा दोनों भाई बीती रात अपने खेत पर फसल की रखवाली के लिए खेत पर गये थे, इसी दौरान रात को खेत पर लगे बिजली के पोल के सेफ्टी तार में करंट आ गया और एक भाई करंट की चपेट में आ गया। एक भाई को करंट की चपेट में आता देख दूसरा भाई उसे बचाने दौड़ा ओर वो भी बिजली के करंट की चपेट में आ गया और दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर रवाजना डुंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में कर जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। recent visitors 186

यूक्रेन का दावा, क्रीमिया बंदरगाह में डूबी रूसी पनडुब्बी, टेंशन में पुतिन

कीव  रूस यूक्रेन युद्ध के बीच पुतिन की सेना को बड़ा झटका लगा है। यूक्रेनी सेना ने ऐसा दावा किया है, जो इस युद्ध में रूस के लिए सबसे बड़े झटके में से एक माना जा सकता है। यूक्रेन की सेना का दावा है कि उसने क्रीमिया के एक बंदरहार पर एक रूसी पनडुब्बी को डुबो दिया है। यूक्रेनी सेना के जनरल स्टाफ ने शनिवार को एक बयान में कहा कि पनडुब्बी रोस्तोव-ऑन-डॉन पर शुक्रवार को सेवस्तोपोल बंदरगाह पर हमला बोला गया। उन्होंने इससे जुड़ा कोई सबूत नहीं दिया। लेकिन कहा कि पनडुब्बी तुरंत डूब गई। यूक्रेन का दावा है कि इस युद्ध में रूस के काला सागर बेड़े का एक तिहाई हिस्सा खत्म हो चुका है। अगर यह बात सच साबित होती है तो यह रूस के लिए यूक्रेन की तरफ से एक नया झटका होगा। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कथित हमले पर कोई भी बयान नहीं दिया है। यूक्रेनी सेना ने कहा, 'रोस्तोव-ऑन-डॉन की हानि साबित करती है कि काला सागर के यूक्रेनी क्षेत्रीय जल में रूसी नौसेना के लिए कोई जगह सुरक्षित नहीं बची है।' यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय ने हमले की सराहना करते हुए एक पोस्ट में लिखा, 'सेवस्तोपोल के बंदरगाह पर हमले के बाद एक रूसी पनडुब्बी काला सागर के नीचे तक चली गई। योद्धाओं ने महान काम किया है।' क्या यूक्रेन का हुआ हमला? साल 2014 में क्रीमिया पर रूस ने कब्जा कर लिया था। वहीं पिछले दो साल से ज्यादा समय से यूक्रेन और रूस का युद्ध चल रहा है। युद्ध शुरू होने के बाद क्रीमिया पर छिटपुट हमले होते रहे हैं। क्रीमिया के सेवस्तोपोल के रूसी गवर्नर मिखाइल रज्वोझायेव ने कहा कि शनिवार को पनडुब्बी रक्षा अभ्यास हो रहा था और अब शहर में सबकुछ शांत है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक एक पोस्ट में रूसी सैन्य ब्लॉगर बोरिस रोजिन ने कहा कि सेवस्तोपोल में जहाज मरम्मत संयंत्र जहां पनडुब्बी खड़ी थी उसे देख ऐसा लग रहा है, जैसे इस पर हमला हुआ है। यूक्रेन के लिए बड़ी जीत रोस्तोव-ऑन-डॉन को 2014 में कमीशन किया गया था। यह 73.8 मीटर किलो-द्वितीय क्लास पनडुब्बी है और इसमें कुल 52 क्रू सवार होते हैं। यह एक डीजल इलेक्ट्रिक पावर पनडुब्बी है जो कैलिबर क्रूज मिसाइल लॉन्च करने में सक्षम है। CNN की सैन्य विश्लेषण सेड्रिक लीटन का कहना है कि कैलिबर मिसाइलों के साथ नेवी को बर्बाद करना यूक्रेन की सैन्य रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि रूस ने इसी मिसाइल से यूक्रेन के बिजली संयंत्र जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमला किया है। उनका कहना है कि पनडुब्बी पर हमला यूक्रेन के लिए एक बड़ी जीत है। recent visitors 93

कोरबा-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस के दो एसी कोच में लगी आग, हड़बड़ाए यात्रियों के परिजन

कोरबा कोरबा-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस में आग लग गई. एसी कोच में लगी आग पर बड़ी मशक्कत के बाद दमकल ने काबू पाया. घटना की जानकारी होने के बाद हड़बड़ाए यात्रियों के परिजन हाल-चाल जानने फोन करते रहे. कोरबा स्टेशन मास्टर एसके विश्वास ने जानकारी दी कि विशाखापट्टनम में आगजनिक की घटना घटी है. यात्री ट्रेन शनिवार की शाम 4.10 में कोरबा से विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुई है, जहां सुबह 6.10 पहुंची. ट्रेन को साफ-सफाई के लिए पिट लाइन पर ले जाते समय एसी के दो कोच में अचानक आग लग गई. इस घटना के बाद हड़कंप मच गया और किसी तरह दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया. विशाखापट्टनम में ट्रेन में आग लगने की सूचना के बाद कोरबा से विशाखापट्टनम के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों के परिजनों में हड़कंप मच गया और उन्होंने फोन कर उनसे हाल-चाल जानने की कोशिश की. recent visitors 100

किशोर दा की समाधि पर खंडवा पहुंचे पार्श्व गायक मिलन सिंह और श्रीजी

खंडवा  1979 में आई फिल्म मंजिल का दिलकश गीत रिमझिम गिरे सावन, सुलग-सुलग जाए मन… रविवार (4 अगस्त) को तब फिर जीवंत हो उठा, जब सावन की रिमझिम फुहारों के बीच किशोर दा की समाधि पर उनके प्रशंसक जुटे। अपने प्रशंसकों को देख किशो दा ने समाधि में विश्राम करते-करते ही यह गीत गुनगुनाया होगा और यूडलिंग करते हुए सुख और गम के मिलेजुले भाव में डूब गए होंगे। दरअसल, खंडवा में जन्मे महान पार्श्व गायक किशोर दा की रविवार को जन्मजयंती होने से दूरदराज से सैकड़ों प्रेमी उनकी समाधि पर जुटे। यहां सबने खुशबूदार पुष्प अर्पित किए। इस दौरान रिमझिम बारिश होती रही, तो ऐसा लगा मानो इस मौसम में किशोर दा का मन फिर कहा उठा हो- भीगें आज इस मौसम में, लगी कैसी ये अगन। किशोर दा की जन्म जयंती पर खंडवा में उनके चाहने वाले मुंबई, अकोला, गुजरात सहित मध्य प्रदेश के कई शहरों से उनके प्रशंसक पहुंचे। नगर निगम द्वारा समाधि को फूलों से सजाया गया। किशोर दा कहा करते थे- दूध, जलेबी खाएंगे और खंडवा में बस जाएंगे, इसलिए उनकी समाधि पर दूध, जलेबी का भोग भी लगाया गया। समाधि पर स्वरांजलि देने के लिए पार्श्व गायक मिलन सिंह और श्रीजीत भी पहुंचे। दोनों ने मंच से किशोर कुमार के गीतों की प्रस्तुति दी। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी समाधि पर पुष्प अर्पित करके गीत गुनगुनाया। यहां कलेक्टर अनुपकूमार सिंह और एसपी मनोज कुमार राय ने भी प्रस्तुति दी। दूर-दूर से आए किशोर प्रेमियों ने मंच से एक से बढ़कर गीत प्रस्तुत किए। किशोर दा के जन्मदिन पर शहरभर में अलग अलग संस्थाओं द्वारा संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। recent visitors 155