दवाइयों की समय पर आपूर्ति की जाए सुनिश्चित, लापरवाही पर होगी आवश्यक कार्रवाई

रायपुर. दवाइयों की समय पर आपूर्ति की जाए सुनिश्चित, लापरवाही पर होगी आवश्यक कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री   श्याम बिहारी जायसवाल आज छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉरपोरेशन (सीजीएमएससी) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शामिल हुए। बैठक में राज्य में दवाइयों, मेडिकल उपकरणों एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देशित किया कि राज्य में किसी भी स्थिति में अतिआवश्यक दवाइयों की कमी नहीं होनी चाहिए तथा दवाइयों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लोक महत्व से जुड़े इस विषय में यह आवश्यक है कि आम नागरिकों को समय पर एवं गुणवत्तायुक्त दवाइयां उपलब्ध हों। स्वास्थ्य मंत्री ने दवा आपूर्ति प्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, स्टॉक एवं एक्सपायरी की रीयल टाइम जानकारी प्राप्त करने हेतु एक लाइव ट्रैकिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मांग एवं आपूर्ति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया। बैठक में दवाइयों एवं मेडिकल उपकरणों के गुणवत्ता परीक्षण से संबंधित सभी मापदंडों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अस्पतालों के लिए आवश्यक कंज्युमेबल सामग्री की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जिन जिलों द्वारा दवाइयों की मांग भेजे जाने के बावजूद उनका उठाव नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने 31 मार्च 2026 तक सभी अत्यावश्यक मेडिकल उपकरणों की खरीदी पूर्ण करने तथा प्रयोगशालाओं के लिए रिएजेंट की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य अधोसंरचना के संबंध में मंत्री ने महासमुंद, कांकेर एवं कोरबा मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य में 12 नवीन नर्सिंग कॉलेज एवं 6 नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेजों के निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक की समाप्ति पर सीजीएमएससी के अध्यक्ष   दीपक म्हस्के ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति में बैठक अत्यंत उपयोगी एवं सार्थक रही। उन्होंने बताया कि बैठक में दिए गए निर्देशों की शीघ्र समीक्षा कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। recent visitors 32

छात्रावास भवन का किया भूमिपूजन, सामाजिक भवन के बाउंड्रीवाल के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की

रायपुर. समाज के हर व्यक्ति के सुख-दुख में हों शामिल, कोई अकेला महसूस न करें :अरुण साव उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने आज जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर सभी को नव दायित्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीउ। उन्होंने इस अवसर पर समाज के विद्यार्थियों के हित में छात्रावास भवन के लिए भूमिपूजन किया। साथ ही सामाजिक भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की।  साव ने कहा कि समाज ने शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य किया है। इसका लाभ समाज के बच्चों को होगा।  उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के लिए संकल्प लेने का दिन है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व में बालोद जिला साहू समाज निरंतर प्रगति करेगा। शिक्षा, कृषि, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करने के मामले में बालोद जिले की हमेशा एक अलग पहचान रही है, जिसे आगे और सशक्त बनाने की जिम्मेदारी अब नए पदाधिकारियों के कंधों पर है।  साव ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग गरीब, मजदूर, रिक्शा चालक, ऑटो चालक सहित सभी के लिए समाज का द्वार सदैव खुला रहना चाहिए। सामाजिक पदाधिकारियों का दायित्व है कि वे हर व्यक्ति के सुख-दुख में साथ खड़े रहें, ताकि हर सदस्य यह महसूस करे कि समाज उसके साथ है। साथ ही वर्ष में कम से कम दो बार सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, जिससे समाज से उनका जुड़ाव मजबूत हो और वे समाज में अपने महत्व को समझ सकें। समारोह में साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू, पूर्व मंत्रीगण  ताम्रध्वज साहू एवं श्रीमती रमशीला साहू, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष  टहल सिंह साहू,  विपिन साहू,  दीपक साहू,  प्रीतम साहू, श्रीमती प्रतिभा चौधरी,  हलधर साहू और  वीरेंद्र साहू सहित नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष  महेंद्र साहू,  मदन साहू,  बंशीलाल साहू,  गणेश राम साहू,  राजेश साहू,  भागवत साहू एवं  सुनील साहू भी मौजूद थे। recent visitors 38

स्पोर्ट्स पावर बनता भारत: 2027 में एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप की मेजबानी तय

नई दिल्ली एशियन शूटिंग कॉन्फेडरेशन ने बताया है कि भारत साल 2027 में एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप की मेज़बानी करेगा। इस प्रतियोगिता के जरिए लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए कुल आठ कोटा स्थान मिलेंगे। यह प्रतियोगिता 1 से 10 दिसंबर तक यहां डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित की जाएगी। एशियन राइफल और पिस्टल चैंपियनशिप 2027 का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा 1 से 10 दिसंबर 2027 तक नई दिल्ली में स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में किया जाएगा। एशियन शूटिंग कॉन्फेडरेशन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि इस चैंपियनशिप का महत्व इसलिए और बढ़ जाता है, क्योंकि इस प्रतियोगिता के दौरान लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए एशिया के आठ कोटा स्थान दिए जाएंगे। भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए शूटिंग क्वालिफाइंग प्रतियोगिताओं के ज़रिए अधिकतम 16 कोटा स्थान हासिल किए। इनमें राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं में आठ-आठ कोटा शामिल थे। भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में रिकॉर्ड 21 निशानेबाजों को भेजा, जो टोक्यो ओलंपिक में भेजे गए 15 निशानेबाजों से काफी ज्यादा था। भारतीय निशानेबाजों ने पेरिस ओलंपिक 2024 में कुल तीन पदक जीते और तीनों ही कांस्य (ब्रॉन्ज) थे। फिलहाल भारत को घरेलू मैदान पर अच्छे प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है, क्योंकि दिल्ली 2 से 14 फरवरी तक एशियन शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल) की मेजबानी करने जा रहा है। मेजबान देश भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए 118 खिलाड़ियों की सबसे बड़ी टीम उतारी है, जबकि कज़ाख़िस्तान 35 खिलाड़ियों के साथ दूसरी सबसे बड़ी टीम है। कोरिया, ईरान और जापान भी मजबूत टीमें लेकर आए हैं। इसके अलावा चीनी ताइपे, वियतनाम और हांगकांग के निशानेबाजों से भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत की सबसे बड़ी टीम है, जिसमें 118 एथलीट शामिल हैं- कुल 311 एथलीटों में से एक तिहाई से ज़्यादा। कज़ाख़िस्तान की टीम में 35 एथलीट हैं, जबकि ईरान की टीम में 28 एथलीट रजिस्टर्ड हैं। कुल मिलाकर, इस चैंपियनशिप में 20 देशों के एथलीट हिस्सा लेंगे और पूरे प्रतियोगिता में 564 इवेंट आयोजित किए जाएंगे।   recent visitors 30

ICC रैंकिंग शॉक: दीप्ति शर्मा शीर्ष पर, स्मृति मंधाना पीछे छूट गईं

मुंबई  ICC Rankings: भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक और गर्व का पल सामने आया है. ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा पहली बार ICC महिला T20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 बन गई हैं. ताजा रैंकिंग में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया  है. वहीं, बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना को नुकसान हुआ है और उन्हें शीर्ष स्थान गंवाना पड़ा है. दीप्ति शर्मा का ऐतिहासिक नंबर-1 सफर दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए पहले T20 मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया. भारत ने यह मैच आठ विकेट से जीता था. इस किफायती प्रदर्शन का फायदा दीप्ति को रैंकिंग में मिला और उन्हें पांच रेटिंग अंक मिले. इसी के साथ वह एनाबेल सदरलैंड से सिर्फ एक अंक आगे निकलकर दुनिया की नंबर-1 T20I गेंदबाज बन गईं. यह दीप्ति के करियर की अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों में से एक मानी जा रही है. भारतीय गेंदबाजों की रैंकिंग में हलचल दीप्ति के अलावा भारत की अरुंधति रेड्डी को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है. श्रीलंका के खिलाफ प्रदर्शन के बाद उन्होंने पांच स्थान की छलांग लगाते हुए 36वां स्थान हासिल किया है. इससे साफ है कि भारतीय महिला टीम की गेंदबाजी यूनिट लगातार मजबूत हो रही है. ODI रैंकिंग में स्मृति मंधाना को झटका वहीं, वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति मंधाना को नंबर-1 का ताज गंवाना पड़ा है. साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने आयरलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए फिर से टॉप स्थान हासिल कर लिया है. उन्होंने सीरीज के आखिरी दो मैचों में शतक जड़े और साउथ अफ्रीका ने 3-0 से सीरीज जीती. T20 बल्लेबाजी में जेमिमा का बड़ा फायदा T20I बल्लेबाजी रैंकिंग में जेमिमा रोड्रिग्स भारतीय खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा फायदे में रहीं. श्रीलंका के खिलाफ नाबाद अर्धशतक और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने के बाद वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं. टॉप-10 में भारत की तीन बल्लेबाज मौजूद हैं- स्मृति मंधाना तीसरे, जेमिमा नौवें और शेफाली वर्मा दसवें स्थान पर हैं. अन्य खिलाड़ियों को भी मिला फायदा साउथ अफ्रीका की सुने लूस ने भी ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर वनडे बल्लेबाजी में सात और ऑलराउंडर रैंकिंग में 11 स्थान की छलांग लगाई. वहीं, आयरलैंड की अर्लीन केली, गैबी लुईस और एमी हंटर ने भी रैंकिंग में सुधार किया है.    recent visitors 43

‘ये नया हिंदुस्तान है’—धुरंधर 2 का धमाकेदार टीजर, 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो वायरल

मुंबई   आखिरकार रणवीर सिंह की धुरंधर 2 का टीजर सामने आ चुका है. आज यानी 3 फरवरी मंगलवार को ही रणवीर सिंह ने पोस्ट शेयर कर फिल्म का पहला पोस्टर शेयर किया था. अपनी पोस्ट में ही उन्होंने जानकारी दी थी फिल्म का टीजर 12.12 पर जारी किया जाएगा. अब टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस इस पर प्यार लुटा रहे हैं. इस मच अवेटेड एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर 2’ का धमाकेदार टीजर लोगों की एक्साइटमेंट बढ़ा रहा है. रणवीर सिंह का टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मच गया है. लोग रणवीर सिंह के इस इंटेस लुक पर अपनी राय जाहिर कर रहे हैं.  ‘धुरंधर 2’ जिसे ‘धुरंधर द रिवेंज’ कहा जा रहा है उसका पोस्टर आउट के बाद अब फिल्म का टीजर भी मेकर्स ने जारी कर दिया है.  आज (3 फरवरी) 12 बजकर 12 मिनट पर इसका टीजर भी रिलीज किया गया. आदित्य धर के निर्देशन में बन रही ‘धुरंधर 2’ के टीजर का लोगों को बेसब्री से इतंजार था. क्योंकि 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई ‘धुरंधर 1’ ने भारतीय सिनेमा के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. फिल्म ने बंपर कमाई के बाद इतिहास रच दिया  था, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी लगातार ट्रेंड कर रही है. सोशल मीडिया पर आते ही हुआ वायरल मेकर्स ने जैसे ही ये टीजर जारी किया. फैंस ने इस पर कमेंट की बाढ़ ला दी. इस टीजर के जरिए मेकर्स ने फिल्म के पार्ट-2 से रणवीर सिंह का लुक तो जारी किया ही, साथ ही मेकर्स ने ये भी हिंट दे दिया कि टीजर में ये साफ है कि  धुरंधर 2 में रणवीर का रोल और भी धांसू होने वाला है. सोशल मीडिया पर फैंस जमकर रणवीर की तारीफ कर रहे हैं और फिल्म के प्रति अपना प्यार जाहिर कर रहे हैं. कैप्शन भी जीत रहा दिल कुछ देर पहले रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर अपना पोस्टर शेयर किया था.  फोटो ने जहां सभी का ध्यान खींचा , वहीं पोस्टर के कैप्शन ने तो सभी को रणवीर का मुरीद बना दिया है.  धुरंधर – द रिवेंज का टीजर की जानकारी देते हुए रणवीर ने कैप्शन में लिखा है कि अब बिगड़ने का वक्त आ गया है. उनके इस अंदाज को भी काफी पसंद किया जा रहा है. बता दें कि धुरंधर: द रिवेंज एक हाई-ऑक्टेन स्पाई-एक्शन थ्रिलर है, जिसे आदित्य धर ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है. इस फिल्म के निर्माता ज्योति देशपांडे और लोकेश धर हैं. जियो स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज  के बैनर तले बनी यह फिल्म 19 मार्च 2026 से सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए तैयार है. ‘धुरंधर’ जहां हर दिन उम्मीदों से बढ़कर कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. वहीं रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और संजय दत्त के करियर को भी नई दिशा मिली है. फिल्म अपने नौवें वीकेंड में भी शानदार परफॉर्म कर रही है. फिल्म OTT पर रिलीज हो चुकी है. रिलीज के 59वें दिन भी इसने 45 लाख का कलेक्शन किया है. अब पार्ट 2 यानी ‘धुरंधर 2’ के पोस्टर के बाद भी लोग इसी तरह की उम्मीद करने लगे हैं. recent visitors 49

ढोकरा शिल्प के राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कलाकारों ने राज्यपाल रमेन डेका से की भेंट

रायपुर. राज्यपाल  रमेन डेका से राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त ढोकरा शिल्प कलाकारों ने की सौजन्य भेंट सारंगढ़ जिले के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बैगनडीह (सालर) के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित जनजाति समुदाय के ढोकरा-बेलमेटल शिल्पकारों ने आज राज्यपाल  रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर कलाकारों ने पारंपरिक ढोकरा शिल्प कला से निर्मित बेल मेटल की आकर्षक मूर्ति राज्यपाल को भेंट की।           राज्यपाल ने शिल्पकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ढोकरा शिल्प जैसी पारंपरिक जनजातीय कलाएं भारत की सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कलाकारों की सृजनात्मक क्षमता और समर्पण की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि ऐसे प्रतिभावान शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने और उनकी कला को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।          उल्लेखनीय है कि ग्राम बैगनडीह (सालर) के ढोकरा शिल्पी मीन केतन बघेल को वर्ष 2018 में तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती हीराबाई बघेल को वर्ष 2023 में उनके उत्कृष्ट ढोकरा-बेलमेटल शिल्प कार्य के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दोनों कलाकारों ने ढोकरा (बेलमेटल) शिल्पकला की विशिष्ट पहचान स्थापित करने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। सौजन्य भेंट के दौरान पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।   recent visitors 50

देहरादून में बस पलटी, खाई में गिरने से त्रासदी; 3 मरे, कई घायल

देहरादून देहरादून के विकासनगर इलाके में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक बस 30 से ज्यादा यात्रियों को लेकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। कालसी थाना पुलिस मौके पर मौजूद है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा क्वाणु इलाके में सुदोई खड्ड के पास हुआ, जब चौपाल-नेरवा से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बस कथित तौर पर बेकाबू होकर खाई में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से नेहवा पहुंची थी और मीनस-क्वाणु-हरिपुर रूट से पांवटा साहिब की ओर जा रही थी। उस समय बस में कथित तौर पर 30 से ज़्यादा लोग सवार थे। यह हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मीनस-क्वाणु-हरिपुर सड़क पर सुदोई खड्ड के पास एक ट्रक को रास्ता देते समय सड़क का किनारा धंस गया। नतीजतन, यात्रियों से भरी हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन बस का संतुलन बिगड़ गया, वह कई बार पलटी और आखिरकार सीधी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद, स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों में मदद करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही, पुलिस प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं। सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, “हमें कालसी क्षेत्र (देहरादून) में क्वाणु-मीनस मोटर रोड पर हिमाचल ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की बेहद दुखद खबर मिली है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही, मैंने फोन पर जिला मजिस्ट्रेट से बात की और आवश्यक निर्देश दिए।” उन्होंने आगे कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, "आस-पास के सभी मेडिकल सेंटरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अगर जरूरत पड़ी, तो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट करके एडवांस्ड मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया जाएगा। मैं भगवान से सभी यात्रियों की सुरक्षित सेहत के लिए प्रार्थना करता हूं।" बचाव और राहत अभियान अभी जारी हैं, और अधिकारियों ने कहा कि और जानकारी का इंतजार है। recent visitors 49