जंग के मुहाने पर खड़ा इजरायल सुन्‍नी सऊदी अरब से करेगा दोस्‍ती, नेतन्‍याहू ने दे दिए बड़े संकेत

तेलअवीव  हमास के राजनीत‍िक प्रमुख इस्‍माइल हानिया की हत्‍या के बाद शिया देश ईरान और इजरायल में युद्ध जैसे हालात हैं। अमेरिकी सूत्रों का कहना है कि ईरान अगले 3 दिनों में इजरायल पर भीषण हमला कर सकता है। इस हमले में लेबनान का हिज्‍बुल्‍ला और यमन के हूती व‍िद्रोही भी साथ दे सकते हैं। इन सबके बीच अमेरिका जॉर्डन, यूएई और सऊदी अरब जैसे सुन्‍नी मुस्लिम देशों से एक गठबंधन बना रहा है ताकि ईरान और उसके सहयोगी संगठनों के किसी भी हमले को विफल किया जा सके। हमास के 7 अक्‍टूबर के हमले से पहले इजरायल और सऊदी अरब के बीच रिश्‍तों को पहली बार सामान्‍य बनाने पर लगभग सहमति बन गई थी लेकिन अब यह खटाई में चली गई है। इजरायली मीडिया के मुताबिक अब नेतन्‍याहू ईरान तनाव को देखते हुए सऊदी अरब के साथ रिश्‍तों को सामान्‍य बनाने की प्रक्रिया को अमेरिका के चुनाव तक स्‍थगित करना चाहते हैं। इजरायल के एन 12 टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली प्रधानमंत्री चाहते हैं कि नवंबर में अमेरिका के चुनाव परिणाम आने तक सऊदी अरब के साथ रिश्‍ते को सामान्‍य करने की प्रक्रिया को स्‍थगित कर दिया जाए। नेतन्‍याहू को डर सता रहा है कि ईरान के साथ युद्ध छिड़ सकता है और अमेरिका की सीनेट में सऊदी डील को मंजूरी मिलेगी या नहीं, यह कहना मुश्किल है। वहीं द वॉशिंगटन इंस्‍टीट्यूट के कार्यकारी डायरेक्‍टर रॉबर्ट स्‍टालओफ का कहना है कि वह इस रिपोर्ट में भरोसा नहीं करते हैं। उन्‍होंने कहा कि नेतन्‍याहू और बाइडन के बीच मुर्गा लड़ाई चल रही है। बाइडन और नेतन्‍याहू में चल रही है टेंशन रॉबर्ट ने कहा कि बाइडन और नेतन्‍याहू दोनों पुराने खिलाड़ी हैं। बाइडन ने यह बात लीक होने दी कि सऊदी अरब के साथ डील को अब किनारे कर दिया गया है क्‍योंकि उन्‍हें पता है कि नेतन्‍याहू ऐसा चाहते हैं। बाइडन ने नेतन्‍याहू पर दबाव बनाने के लिए यह किया। वहीं अब नेतन्‍याहू ने खुद ही सऊदी डील को किनारे करके बाइडन को संदेश दे दिया है कि उन्‍हें दबाया नहीं जा सकता है। नेतन्‍याहू का मुख्‍य लक्ष्‍य सऊदी अरब के साथ इजरायल के सामान्‍य रिश्‍ते था और सत्‍ता में आने के बाद उन्‍होंने पूरी ताकत लगा दी थी। इससे पहले बाइडन और नेतन्‍याहू सऊदी अरब के साथ 3 हिस्‍सों वाले समझौते की ओर आगे बढ़ रहे थे जिसे हमास के हमले ने पटरी से उतार दिया। इसमें सऊदी अरब और अमेरिका के बीच सुरक्षा समझौता शामिल था। इसके अलावा इजरायल सऊदी अरब के बीच रिश्‍ते सामान्‍य बनाना और फलस्‍तीन देश के लिए रास्‍ता साफ करना था। बाइडन प्रशासन को यह भरोसा था कि गाजा में बंधक संकट को खत्‍म करने और सीजफायर डील से एक बार फिर से सऊदी अरब के साथ रिश्‍तों को सामान्‍य बनाने के डील को फिर से आगे बढ़ाया जा सकेगा। ईरान के खिलाफ गठजोड़ बना रहे थे बाइडन सऊदी अरब के साथ सुरक्षा समझौते को अमेरिका के सीनेट से मंजूरी मिलना जरूरी होगा लेकिन इसके लिए रिपब्लिकन पार्टी के सपोर्ट की जरूरत होगी। वहीं ऐसा माना जाता है कि एक सऊदी अमेरिकी सुरक्षा डील को डेमोक्रेट तब सपोर्ट नहीं करेंगे जब डोनाल्‍ड ट्रंप सत्‍ता में होंगे। वहीं इस डील को शिया देश ईरान के खिलाफ एक क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे के लिए आधार माना जा रहा था। इसमें सऊदी अरब और इजरायल दोनों को ही शामिल किया जाना था। recent visitors 190

मंगलवार 06 अगस्त 2024 का राशिफल

मेष राशि- आज का दिन सामान्य रहने वाला है। परिजनों के सुझाव से कार्यों की बाधाएं दूर होंगी। अपने काम पर फोकस करें। आज आय के अप्रत्याशित स्त्रोतों से धन लाभ होगा। पुराने दोस्तों से मुलाकात संभव है। वाहन सावधानी से चलाएं। अपनों के स्वास्थ्य पर ध्यान दें और फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करें। वृषभ राशि- व्यापार में बढ़ोत्तरी के नए अवसर मिलेंगे। आय के कई स्त्रोतों से धन लाभ होगा। आज आप करियर से जुड़े कई बड़े फैसले लेंगे। शैक्षिक कार्यों में अच्छे परिणाम मिलेंगे। धन का आवक बढ़ेगा। पैतृक संपत्ति से धन-संपत्ति में वृद्धि होगी। अपने लक्ष्यों पर फोकस करें और ऑफिस में व्यर्थ के वाद-विवाद से बचें। नौकरीपेशा वालों को काम के सिलसिले में यात्रा करना पड़ सकता है। मिथुन राशि- आज का दिन शुभ रह सकता है। यह समय आपको सकारात्मक यात्रा के रूप में मिल सकता है। वास्तव में, आप आत्मविश्वास की वृद्धि का अनुभव कर सकते हैं। अपनी खर्च करने की आदतों का निरीक्षण करने और भविष्य में आप उन्हें कैसे सुधार सकते हैं, इसका मूल्यांकन करने का यह एक शानदार समय है। समृद्धि के लिए आपकी तलाश पर विशेष जोर रहेगा। अपने लक्ष्यों को रंगीन चश्मे से देखने के बजाय उन्हें परिप्रेक्ष्य में रखें। कर्क राशि- आपके पास अपनी आत्म-जागरूकता को गहरा करने का अवसर होगा। सामाजिक स्थितियों से हटकर अपने आंतरिक एकालाप का परीक्षण करें। आपकी वर्तमान थकावट की स्थिति देर से आने वाली अप्रिय भावनाओं से निपटने का परिणाम हो सकती है। विस्तार और आत्मनिरीक्षण एक रोमांचक साहसिक कार्य के बजाय एक बोझ की तरह लग सकता है। कोई आंतरिक अंतर्विरोध सामने आएगा, जिसका आपको साहसपूर्वक सामना करना होगा। सिंह राशि- अपनी आवेशित भावनाओं और दूसरों के प्रति साहसिक दृष्टिकोण के साथ अति न करें। कोई बड़ा आंतरिक काम करने के लिए तैयार हो जाइए। आपके पास अत्यधिक प्रतिस्पर्धी होने की प्रवृत्ति है, यहां तक ​​​​कि अपने स्वयं के व्यक्तिगत विकास को कुछ ऐसा देखने के लिए जो आपको पूर्ण होना चाहिए। इसे आसान बनाएं और जल्दबाजी में निर्णय न लें। आपका उग्र व्यवहार आपके खिलाफ काम कर सकता है, इसलिए शांत रहें और चीजों को अपने पास आने दें। कन्या राशि- लव लाइफ की दिक्कतों को दूर करने की कोशिश करें। प्रोफेशनल लाइफ में सबकुछ अच्छा रहेगा। आर्थिक स्थिरता आएगी, लेकिन स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। आर्थिक सफलता मिलेगी। आय के कई स्त्रोतों से धन लाभ होगा। अपने खर्चों पर नियंत्रण रखें और धन बचत जरूर करें। आज आप म्यूचुअल फंड या फिक्स डिपोजिट में इनवेस्ट करने का डिसीजन ले सकते हैं। हालांकि, आज शेयर्स और नए जोखिम भरे बिजनेस में निवेश करने से बचें। आज आपके पास कर्ज चुकाने के लिए भी पर्याप्त धन होगा। तुला राशि- जीवन के हर पहलू में सफलता हासिल होगी। कार्यों के सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। आय के कई स्त्रोतों से धन लाभ होगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। मानसिक शांति मिलेगी। व्यापार में विस्तार के योग बनेंगे। धन के लेन-देन में बहुत सावधानी बरतें। पारिवारिक जीवन में सुखमय रहेगा। स्वास्थ्य पहले से बेहतर होगा। वृश्चिक राशि- करियर में कई बड़े सकारात्मक बदलाव आएंगे। ऑफिस में कड़ी मेहनत और लगन के साथ किए गए कार्यों की प्रशंसा होगी। साथ ही प्रमोशन या अप्रेजल के चांसेस भी बढ़ेंगे। हालांकि, ऑफिस में विरोधी एक्टिव रहेंगे। जिससे डिस्टर्बेंस बढ़ सकती है। आत्मसंयत रहें और सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।  अगर आप नई प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं, तो आज का दिन बेहद शुभ रहने वाला है। धनु राशि- जीवन में नई चुनौतियों के लिए तैयार रहें। धन से जुड़े फैसले बहुत सोच-समझकर लें। आज जल्दबाजी में आकर इनवेस्टमेंट का डिसीजन न लें। इससे धन हानि हो सकता है। स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान दें। आज बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर मन चिंतित रहेगा। जीवनसाथी से वैचारिक मतभेद संभव है। धैर्यता बनाए रखें और शांत दिमाग से फैसले लें। मकर राशि- सामाजिक पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। कार्यों में अपार सफलता मिलेगा। फैमिली मेंबर्स के साथ कहीं घूमने जा सकते हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ेंगी। ऑफिस में उच्चाधिकारियों का सपोर्ट मिलेगा। ऑफिस पॉलिटिक्स से दूर रहें। इसका असर आपके परफॉर्मेंस पर पड़ सकता है। सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेंगे। कुंभ राशि-  समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। ऑफिस में सहकर्मियों द्वारा आपके कार्यों की प्रशंसा होगी। नौकरी में प्रमोशन या अप्रेजल के चांसेस बढ़ेंगे। नेगेटिविटी से दूर रहें। आज जीवनसाथी के सपोर्ट से लाइफ में कई बड़े बदलाव आएंगे। रिश्तों में प्यार और विश्वास बढ़ेगा। विद्यार्थियों को परीक्षाओं में अच्छे परिणाम मिलेंगे और मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी। मीन राशि- आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। परिजनों के सलाह को नजरअंदाज न करें। अपने लक्ष्यों पर फोकस करें। सिंगल जातकों की आज किसी खास व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। धन से जुड़े फैसले बहुत सोच-समझकर लें। व्यापार में आंख मूंदकर किसी पर भरोसा न करें। नुकसान हो सकता है।  वाहन सावधानी से चलाएं। recent visitors 130

मध्य प्रदेश में नई व्यवस्था हुई शुरू, सभी सरकारी कार्यालयों में अब आधार नंबर के आधार पर बायोमेट्रिक अटेंडेंस लगेगी

भोपाल मध्य प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में अब आधार नंबर के आधार पर बायोमेट्रिक अटेंडेंस लगेगी। ऐसा केंद्र सरकार के निर्णय के आधार पर किया जा रहा है। यह बायोमेट्रिक अटेंडेंस सरकारी शैक्षणिक संस्थाओं में भी सरकारी सेवकों के लिए लागू होगी। यह व्यवस्था प्रदेश मुख्यालय से लेकर नीचे तक सभी विभागों के प्रत्येक कार्यालय में लागू करने की योजना है। इससे सरकारी विभागों के कर्मचारियों के देर से कार्यालय आने और गायब हो जाने की मनमानी पर अंकुश लग सकेगा। इस संबंध में राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने अधिसूचना जारी की है। इसे आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली यानि आधार एनेबल्ड बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम नाम दिया गया है। इस प्रणाली की स्थापना के लिए राज्य इलेक्ट्रानिक विकास निगम तकनीकी मार्गदर्शन देगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि कार्यालय समय, देर से उपस्थिति आदि से संबंधित नियमों तथा विनियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है तथा यह सिर्फ उपस्थिति प्रणाली अटेंडेंस दर्ज करने का माध्यम होगी। शिवराज के कार्यकाल में नहीं मिली सफलता गौरतलब है कि पहले भी शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में बायोमेट्रिक फेस अटेंडेंस लागू करने की पहल की गई थी, लेकिन यह सफल नहीं हो सकी। अब एक बार फिर नए सिरे से यह व्यवस्था लागू की जा रही है। खास बात यह है कि कर्मचारियों की ईएल और सीएल भी इसी प्रणाली के सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकृति या खारिज की जाएगी। दिव्यांग कर्मचारियों की सुविधा के लिए इसमें अलग व्यवस्था होगी। कारपोरेट आफिस की तर्ज पर मंत्रालय के कर्मचारियों के स्मार्ट आइडी कार्ड बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। कार्ड के स्कैन करने पर गेट ओपन होने से लेकर अन्य कार्य संभव हो सकेंगे। recent visitors 166

कई शाहरो में 5 से 10 अगस्त तक बहुत भारी बारिश हो सकती है, जारी किया ऑरेंज अलर्ट: आईएमडी

नई दिल्ली देश के कई राज्यों में भारी बारिश होने से मौसम अच्छा हो गया है, लेकिन जलभराव की समस्या ने लोगों को परेशान कर दिया है। हिमाचल और उत्तरांखड में बारिश आफत लेकर आई है। वहां तेज पानी पड़ने की वजह से लैंडस्लाइड व घर गिरने की घटनाएं हुई हैं। आईएमडी ने राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, महराष्ट्र, गुजरात में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 5 से 10 अगस्त तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। यह संभावना है कि इन तारीखों के बीच में 115.6-204.4 मिलीमीटर बारिश हो। उत्तरांखड में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तराखंड में भारी बारिश होगी। 10 अगस्त तक राज्य के 8 जिलों में तेज पानी पड़ेगा। देहरादून, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लोग जरूरी काम पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। इन जिलों में बारिश के समय पहाड़ों के आसपास ना जाएं। राजस्थान में स्कूलों की छुट्टियां घोषित राजस्थान के कई जिलों में बारिश की वजह से जलभराव की समस्या हो गई है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में अजमेर के सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूलों की दो दिन की छुट्टियां कर दी गई हैं। टोंक, पाली और बालोतरा में भी सोमवार को स्कूल बंद रहे। recent visitors 144

21 प्रकार के औद्योगिक कार्यों/ गतिविधियों के विकास के लिये कारीगरों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है

भोपाल   कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले 21 प्रकार के औद्योगिक कार्यों/ गतिविधियों के विकास के लिये बुनकरों, शिल्पियों एवं अन्य विधाओं के कारीगरों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हस्तशिल्प, ग्रामोद्योग, चमड़ा उद्योग (चर्मकार्य), बर्तन उद्योग, कागज से बने उत्पाद, छपाई, जिल्दसाजी, सिथोग्राफी, कांच उत्पाद, रबर के सामान और इससे बनने वाले उत्पाद, भवन निर्माण कार्य/ भवन सामग्री, रसायन/ रसायन के उत्पाद, पेट्रोल रसायन (प्लास्टिक), सामान्य इंजीनियरिंग, खेल का सामान, रेशम संबंधी उत्पाद, नारियल के रेशे, वन क्षेत्रों पर आधारित कार्य/कलाकर्म, सेवा उद्योग संबंधी कार्य एवं अन्य विविध विधाओं में संलग्न व्यक्तियों के हुनर को निखारने के लिये इन्हें तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बुनियादी एवं उन्नत दोनों श्रेणी के प्रशिक्षण देकर ग्रामोद्योगों में संलग्न व्यक्तियों के कौशल विकास के महती प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा "एक जिला-एक उत्पाद" योजना के अंर्तगत के प्रदेश के 7 जिलों में हो रही विशेष ग्रामोद्योग गतिविधियों को चिन्हांकित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा अशोक नगर (चन्देरी, हाथकरघा वस्त्र साडी आदि), धार (बाग प्रिंट), उज्जैन (बटिक प्रिंट), सीधी (दरी/कालीन), सीहोर (लेकर वेयर शिल्प), भोपाल (जरी, जरदोजी) एवं दतिया (गुड़ उत्पाद) का चयन किया गया है। योजना में इन जिलों से संबंधित ग्राम्य उत्पादों के विस्तार एवं विपणन से जुड़ी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिये बुनकरों एवं शिल्पियों को कौशल उन्नयन प्रशिक्षण, टूल किट, उपकरण प्रदाय एवं उत्पादन विक्रय के लिये विपणन सुविधा देकर निर्मित उत्पादों को प्रदेश व देश में आयोजित विभिन्न मेलों/प्रदर्शनियों के माध्यम से बिक्री कराकर इनके रोजगार का प्रबंध भी किया जा रहा है। कबीर बुनकर पुरस्कार योजना इस योजना में प्रदेश के हाथकरघा वस्त्र उत्पादन करने वाले तीन उत्कृष्ट बुनकरों को प्रोत्साहन स्वरूप चयन समिति की अनुशंसा/निर्णय के अनुरूप पुरस्कार दिये जाते हैं। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रूपये, द्वितीय पुरस्कार में 50 हजार रूपये एवं तृतीय पुरस्कार में 25 हजार रूपये दिये जाते हैं। प्रदेश में वर्तमान में 17 हजार 597 से अधिक करघों पर सुविख्यात हाथकरघा वस्त्र जैसे चन्देरी एवं महेश्वरी-साडियां, ड्रेस मटेरियल, होम फर्निशिंग, बेडशीट एवं शासकीय विभागों में प्राय: उपयोग में आने वाले वस्त्रों का वृहद स्तर पर उत्पादन किया जा रहा है। इन हाथकरघों के जरिये गत वित्तीय वर्ष में लगभग 33 हजार 480 से अधिक बुनकरों को रोजगार दिलाया गया। हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र के लिए कौशल एवं तकनीकी विकास योजना यह एक जिलास्तरीय योजना है। योजना में जिले को आवंटित बजट से हाथकरघा हस्तशिल्प क्षेत्र में कार्यरत प्राथमिक बुनकर सहकारी समितियों, स्व सहायता समूहों, उद्यमियों, हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र में कार्यरत अशासकीय संस्थाओं, व्यक्तिगत बुनकरों/शिल्पियों को आत्मनिर्भर बनाने, ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार की मांग के अनुरूप योग्य बनाने के लिये तकनीकी सपोर्ट, प्रशिक्षण, विशेषज्ञों की सेवाएँ, उन्नत उपकरण, शिक्षण संस्थाओं में प्रदेश के बुनकरों/शिल्पियों (युवाओं) को प्रशिक्षण के दौरान छात्रवृत्ति एवं अन्य व्ययों की पूर्ति सहायता भी दी जा रही है। एकीकृत क्लस्टर विकास कार्यक्रम योजना ग्रामोद्योग विभाग में क्लस्टरों को विशिष्ठ बनाने, वर्तमान क्लस्टर्स को सुदृढ़ करने, क्लस्टर्स की वित्तीय सहायता बढ़ाने, डायग्नोस्टिक स्टडी, नवीन एवं आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन एवं विकास, अन्य आवश्यक इनपुट डिजाइन, बाजार लिंकेजेस, सलाहकारों की सेवाएं लेने एवं कमियों को चिन्हित करने के लिये अध्ययन एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था करने तथा लघु एवं मध्यम उद्यमियों/अशासकीय संस्थाओं को सपोर्ट करने, वर्कशाप सहित अध्ययन भ्रमण के लिये भी सहायता राशि दी जाती है। क्लस्टर विकास के लिये सभी जरूरी बुनियादी आवश्यकताओं जैसे सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के लिये भी विभागीय सहायता दी जाती है। हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिये विपणन सहायता योजना कुटीर एवं ग्रामोद्योग से संबंधित उत्पादों की लोकप्रियता बढाने तथा विकास कार्यों का अभिलेखीकरण जिसमें डिजाईन, डिक्शनरी प्रकाशन, ब्रोशर प्रिटिंग परियोजना, प्रतिवेदन, इलेक्ट्रानिक मीडिया का उपयोग तथा बेस्ट प्रेक्टिसेस, नवीन उत्पादों की टेस्ट मार्केटिंग के लिये प्रदर्शनी आयोजन, हाथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादों के विपणन को प्रोत्साहन के लिये प्रदेश व प्रदेश के बाहर मेला/ प्रदर्शनी लगाने के लिये सहायता, प्रदेश के बाहर एवं देश के भीतर होने वाले विभिन्न एक्सपो/मेलों प्रदर्शनियों के लिये उत्पाद माल के परिवहन तथा दो व्यक्तियों के आने-जाने का किराये, स्टॉल रेंट के लिये सहायता, क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजन तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रेता-विक्रेता सम्मेलनों में भागीदारी के लिये भी सहायता दी जाती है। राष्ट्रीय हथकरघा विकास कार्यक्रम योजना – मध्य क्षेत्रीय योजना भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अधीन विकास आयुक्त, हाथकरघा द्वारा देश के सभी बुनकरों के कल्याण के लिये वर्ष 2021-22 से राष्ट्रीय हाथकरघा विकास कार्यक्रम योजना लागू की गई है। मध्य क्षेत्रीय योजना में क्लस्टर विकास कार्यक्रम, हाथकरघा विपणन सहायता, इन्फ्रास्ट्रक्चर एण्ड स्पेशल प्रोजेक्ट विकास योजना, मेगा हेण्डलूम क्लस्टर विकास, बुनकर मुद्रा योजना, बुनकर कल्याण योजना, हाथकरघा संगणना के अलावा इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार, विज्ञापन, मॉनिटरिंग, प्रशिक्षण और मूल्यांकन भी किया जा रहा है। recent visitors 119

ऊर्जा मंत्री ने कहा- आबादी को 24 घंटे और किसानों को 10 घंटे विद्युत आपूर्ति करना राज्य शासन का संकल्प है

भोपाल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि आबादी को 24 घंटे और किसानों को 10 घंटे विद्युत आपूर्ति करना राज्य शासन का संकल्प है। इस संकल्प की पूर्ति के लिये रिवेम्प्ट डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम स्कीम (आरडीएसएस) और एसएसटीडी योजना के अंतर्गत 33/11 केव्ही उपकेन्द्र, 33 केव्ही लाईन, 11 केव्ही लाईन के स्वीकृत विस्तार कार्य ग्वालियर एवं चंबल संभाग में समय-सीमा में पूरे होने चाहिए। आरडीएसएस योजना के कामों का लाभ जनता को मिल सके, इसके लिये रणनीति बनाकर कार्य करें और योजना समय-सीमा में पूरी करें। उन्होंने कहा कि घोषित अवधि में गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को मिलना चाहिए। श्री तोमर सोमवार को ट्रिपल आईटीएम के सभागार ग्वालियर में ग्वालियर एवं चंबल संभाग के विद्युत अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बिजली अधिकारियों को सचेत किया कि मेंटेनेंस प्रभावी ढंग से किया जाए ताकि ट्रिपिंग कम से कम हो और फॉल्ट की गुंजाइश न रहे। उन्होंने ग्वालियर शहर में निर्माणाधीन 132 केव्ही विद्युत उपकेन्द्र की समीक्षा की और आशा व्यक्त की कि इस उपकेन्द्र का काम जल्द ही पूर्ण कर लिया जायेगा। उन्होंने उद्योगो को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये कहा। प्रधानमंत्री जनजातीय नागरिक महाअभियान (पीएम-जनमन) के प्रथम चरण के काम पूरा होने पर संतोष व्यक्त किया और द्वितीय चरण की प्रगति की समीक्षा की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अच्छे कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाए तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को समुचित दण्ड दिया जाए। उन्होंने जनता से संवाद बनाए रखने के लिये ग्रामीण क्षेत्र में चौपाल लगाने और शहरी क्षेत्र में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव ने नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग की “कुसुम” योजना से कृषि क्षेत्र के पम्प उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने की पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास केन्द्रों के लिये अतिरिक्त गाड़ी एवं कुशल कर्मचारियों की व्यवस्था की जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री क्षितिज सिंघल ने ग्वालियर एवं चंबल संभाग के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ पेईंग कंज्यूमर बढ़ाने तथा सकल वाणिज्यिक व तकनीकी हानियां (एटीएण्डसी लॉसेस) कम करने पर बल दिया। इस दौरान विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर ग्वालियर-चंबल संभाग की विद्युत वितरण व्यवस्था को लेकर 90 दिन की कार्ययोजना, पाँच वर्ष की कार्ययोजना और सकल वाणिज्यिक व तकनीकी हानियां एवं राजस्व वसूली के प्रयासों की समीक्षा की गई।   recent visitors 116

परिवहन विभाग द्वारा महिलाओं के लिये नि:शुल्क ड्रायविंग लाइसेंस की योजना चालाई जा रही है

भोपाल प्रदेश में महिलाओं को आत्म सम्मान के साथ रोजगार के साधन दिलाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा महिलाओं के लिये नि:शुल्क ड्रायविंग लाइसेंस की योजना चालाई जा रही है। योजना के माध्यम से अब तक 6 लाख 53 हजार से अधिक महिलाओं को नि:शुल्क ड्रायविंग लाइसेंस जारी किये गये है। विभाग द्वारा 7 लाख 52 हजार 600 से अधिक लर्निंग लायसेंस जारी किये गये है। महिलाएँ सुरक्षित रूप से सार्वजनिक सेवा की बसों में यात्रा कर सके। इसके लिये बसों में हेल्प लाइन नंबर 1091 अंकित कराया गया है। महिलाओं को चालक-परिचालक का प्रशिक्षण परिवहन विभाग द्वारा महिलाओं को रोजगार दिलाये जाने के उद्देश्य से चालक-परिचालक का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। प्रदेश के 8 जिलों इंदौर, सागर, ग्वालियर, जबलपुर, झाबुआ, खंडवा, उज्जैन और धार में करीब 730 महिलाओं और युवतियों को हल्के मोटर यान (लाइट मोटर व्हीकल) चालन का प्रशिक्षण दिलाया गया है। इसके बाद उन्हें ड्रायविंग लायसेंस जारी किये गये है। सार्वजानिक बसों पैनिक बटन सुविधा निर्भया फंड की मदद से प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा सार्वजनिक वाहन में महिलाओं और युवतियों के सुरक्षित परिवहन के लिये पैनिक बटन सहित लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस प्रणाली मापदण्ड अनुसार लगाई जा रही है। अब तक लगभग 46 हजार 500 उपकरण वाहनों में लगाये जा चुके है। यह उपकरण महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी है। कमांड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर का निर्माण प्रदेश की राजधानी भोपाल में हो चुका है। परिवहन विभाग द्वारा फेसलेस सेवाओं के माध्यम से लायसेंस जारी किये जा रहे है। E-KYC द्वारा लर्नर लाइसेंस प्राप्त करने के लिये किसी भी महिला को परिवहन कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होती है।   recent visitors 186