अबू सलेम को बीती रात नासिक सेंट्रल जेल से किसी अन्य शहर में शिफ्ट किया गया

 नासिक गैंगस्टर अबू सलेम को बीती रात नासिक सेंट्रल जेल से किसी अन्य शहर में शिफ्ट किया गया है। शिफ्टिंग के समय नासिक सेंट्रल जेल से नासिक रेलवे स्टेशन परिसर में भारी पुलिस बंदोबस्त रखा गया। अबू सलेम को इससे पहले नवी मुंबई के तलोजा जेल में रखा गया था। जिस सेल में अबू सलेम को रखा गया था, उसकी मरम्मत होनी थी, इसलिए जेल प्रशासन अबू सलेम को अन्य जेल में शिफ्ट करना चाहता था। अबू सलेम ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर शिफ्टिंग का विरोध किया था।  हाई कोर्ट ने अबू सलेम की याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद अबू सलेम को जेल प्रशासन ने एक माह पहले ही नासिक सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया था और उसे अंडा सेल में रखा गया था। यहां से गुरुवार को तड़के 2ः30 बजे अबू सलेम को नासिक सेंट्रल जेल से निकालकर किसी अन्य शहर में शिफ्ट किया गया है। इस मामले में सुरक्षा कारणों से बेहद गोपनीयता बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि आज उस शहर में अबू सलेम के विरुद्ध महत्वपूर्ण मामले की सुनवाई होने वाली है।       recent visitors 232

नेशनल मेडिकल कमीशन ने इन कॉलेजों को 50-50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी

भोपाल प्रदेश में तीन नए मेडिकल कालेजों में इसी सत्र से एमबीबीएस में प्रवेश शुरू हो जाएगा। इनमें सिवनी, नीमच और मंदसौर सम्मिलित हैं। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने इन कॉलेजों को 50-50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की अनुमति दे दी है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग अब इन कॉलेजों में सौ-सौ सीटों की अनुमति देने के लिए एनएमसी में अपील करेगा। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा तरुण पिथौड़े ने कहा कि आशा है कि अपील के बाद सीटें बढ़ जाएंगी। बता दें, पहले तीनों जगह 150 सीटें प्रति कॉलेज प्रवेश के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने एनएमसी को आवेदन किया था। मापदंड पूरा नहीं होने पर सौ सीट के लिए प्रयास किया गया। इसके बाद भी फैकल्टी की कमी रह गई तो 50 सीटों के लिए आवेदन किया। ये कॉलेज केंद्र सरकार के सहयोग से स्थापित किए जा रहे हैं। स्थापना खर्च में 60 प्रतिशत राशि केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा लगाई जा रही है। वर्ष 2018 में इन्हें खोलने का निर्णय लिया गया था पर प्रारंभ करने में छह वर्ष लग गए। इन तीन नए कॉलेजों के साथ ही प्रदेश में अब 17 सरकारी मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। इनमें एमबीबीएस सीटों की संख्या 2425 हो गई है। स्नातकोत्तर (एमडी-एमएस) की 1262 सीटें हैं। अगले वर्ष पांच और मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी है। recent visitors 128

रेड अलर्ट का इंतजार न करें, वायनाड त्रासदी पर मौसम विभाग की सफाई, आईएमडी ने दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली भीषण भूस्खलन के कारण केरल के वायनाड में बनी भयावह स्थिति के बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया। मौसम विभाग ने कहा कि राज्यों को ऑरेंज अलर्ट जारी होने पर ही एक्शन ले लेना चाहिए। इसने कहा कि राज्यों को रेड अलर्ट जारी होने का इंतजार नहीं करना चाहिए। आईएमडी ने मीडिया ब्रीफिंग में संकेत दिया कि भूस्खलन प्रभावित वायनाड में पहले से ही अलर्ट जारी होने के कारण राहत उपाय तेजी से किए जा सकते थे। मौसम विभाग ने कहा, "केरल में 29 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था और 30 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया था।" उन्होंने आगे कहा, "जब ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, तब ही हमें कार्रवाई करनी चाहिए थी, किसी भी तरह की कार्रवाई करने के लिए रेड अलर्ट जारी करने का इंतजार नहीं करना चाहिए।" भारत के दक्षिणी राज्य में आई आपदा में मंगलवार से अब तक 200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और सैकड़ों लोगों के फंसे होने की आशंका है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि केरल सरकार ने भारी बारिश के कारण वायनाड में संभावित प्राकृतिक आपदा के बारे में केंद्र की चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया। मंगलवार सुबह (30 जुलाई) को वायनाड जिले में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में 150 से अधिक लोगों की मौत हो गई। शाह के दावे का जवाब देते हुए, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को कहा कि आईएमडी ने भूस्खलन से पहले जिले में केवल एक आरेंज अलर्ट जारी किया था। उन्होंने कहा कि जिले में 572 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई, जो आईएमडी द्वारा की गई भविष्यवाणी से काफी अधिक है। भारतीय सेना ने अपने प्रयासों को बढ़ाते हुए प्रभावित क्षेत्रों से कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। सेना के मद्रास सैपर्स के सदस्यों ने रातों-रात एक अस्थायी 100-फुट पुल बनाया और लोगों को बाहर निकाला। इससे और फंसे हुए लोगों को निकालने में तेजी आएगी और बचाव प्रयासों को और भी ज्यादा मदद मिलेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बृहस्पतिवार को कहा कि विभाग ने देश के पश्चिमी तटीय क्षेत्र में नियमित आधार पर अच्छी खासी वर्षा गतिविधि को लेकर पूर्वानुमान जारी किया था और 30 जुलाई की सुबह केरल के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। आईएमडी प्रमुख ने एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि मौसम विभाग ने 18 जुलाई और 25 जुलाई को भारत के पश्चिमी तटीय क्षेत्र में अच्छी खासी वर्षा गतिविधि के लिए एक विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया था। महापात्र ने कहा, "25 जुलाई को जारी दीर्घकालिक पूर्वानुमान में 25 जुलाई से एक अगस्त तक पश्चिमी तटीय क्षेत्र और देश के मध्य भागों में अच्छी खासी बारिश की गतिविधि का संकेत दिया गया था। हमने 25 जुलाई को एक येलो अलर्ट जारी किया था, जो 29 जुलाई तक जारी रहा, जब हमने आरेंज अलर्ट जारी किया। 30 जुलाई की सुबह एक रेड अलर्ट जारी किया गया था, जो दर्शाता है कि 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है।" आईएमडी प्रमुख ने कहा कि आरेंज अलर्ट का मतलब है "कार्रवाई के लिए तैयार रहें और किसी को रेड अलर्ट का इंतजार नहीं करना चाहिए।" ेउन्होंने कहा कि इसी तरह, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए चेतावनी दी गई थी।   recent visitors 136

मेरठ में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा

लखनऊ/मेरठ पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ में गुरुवार को कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। डीएम और एसएसपी ने हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर फूल बरसाए। मेरठ के ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर, दिल्ली देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग, पल्लवपुरम, सिवाय टोल प्लाजा पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा देखकर कांवड़िए गदगद हो गए। पुष्प वर्षा से खुश शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए नारे भी लगाए। उल्लेखनीय है कि मेरठ में एक दिन पहले भी बुलडोजर से पुष्प वर्षा की गई थी। इसके बाद अब हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो कांवड़ियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। साथ ही सुरक्षा के भी चाक चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। पुष्प वर्षा से खुश कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि समूचे कांवड़ मार्ग में बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की गईं हैं। पुष्प वर्षा के साथ किया गया हवाई सर्वे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी विपिन ताड़ा की ओर से की गई। हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन से उड़ा और फिर बाबा औघड़नाथ मंदिर पल्लवपुरम, बागपत फ्लाईओवर, सिवाया टोल, दौराला, सकौती सहित पूरे एनएच58 मार्ग पर कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के दौरान कावड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण भी किया गया है। recent visitors 151

रोडवेज बस ने कांवड़ियों को मारी टक्कर, एक मौत, एक गंभीर घायल, ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

अलवर जिले के मालाखेड़ा में एक दर्दनाक हादसे में रोडवेज बस ने दो कांवड़ियों को टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हाईवे जाम कर दिया। यह घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे अलवर-करौली मेगा हाईवे पर पूजा होटल के पास हुई। मालाखेड़ा के बरखेड़ा गांव के रहने वाले दो कांवड़िये, मुरारी लाल चौधरी और राजवीर, शिव कांवड़ शिविर से सोच के लिए जा रहे थे। तभी अलवर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। एक की मौत दूसरा गंभीर घायल इस हादसे में मुरारी लाल चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें अलवर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और हाईवे पर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि पुलिस और प्रशासन समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचे। दोषी बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग हादसे के बाद वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने कहा कि 'पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए रहते है। सुरक्षा के कोई इंतजाम नही है। एक्सिडेंट की सूचना के बाद भी कोई पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नही पहुंचा। जाम लगाने के बाद एसडीएम और थानाधिकारी पहुंचे है।' ग्रामीणों ने मृतक कांवड़िये के परिजनों को मुआवजा और दोषी बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जाम और प्रदर्शन के लगभग 5 घंटे बाद, एसडीएम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए ग्रामीणों को शांत कराया। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। recent visitors 128

सीएम योगी ने कहा- मैं नौकरी करने नहीं आया हूं- जो भी अव्यवस्था फैलाने का काम करेगा उसे भुगतना ही होगा

प्रयागराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को विधानसभा में सवालों का जवाब देते हुए बेहद आक्रोशित हो गए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यहां पर नौकरी करने के लिए नहीं आया हूं। सवाल प्रतिष्ठा का भी नहीं है। प्रतिष्ठा तो यहां से ज्यादा मठ में ही मिल जाती है। कहा कि जो भी अव्यवस्था फैलाने का काम करेगा उसे भुगतना ही होगा। इसके साथ ही कहा कि यह सरकार चलेगी और पूरी मजबूती के साथ चलेगी। ओबीसी और एससी-एसटी के आरक्षण को लेकर भी सपा पर करारा हमला बोला। सीएम योगी ने नेता विरोधी दल सनातन पांडेय के सवालों के जवाब में कहा कि आप लोगों को बुलडोजर से भी डर लगता है लेकिन यह निर्दोष के लिए नहीं है। यह उन अपराधियों के लिए हैं जो व्यापारी और बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने का काम करते हैं। योगी ने कहा कि मैं यहां नौकरी करने नहीं आया हूं, जो करेगा वह भुगतेगा। इस इस तरह से गुमराह करने वाले तथ्यों को लेकर आप लोग घूमते हैं। इस तरह की बातों को फैलाते हैं। लोकसभा चुनाव में सपा को मिली जीत की ओर इशारा करते हुए कहा कि काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ने वाली है। अब समय पूरा हो गया है। हम लोग जो भी योजना बनाते हैं, धरती पर पांव रखकर बनाते हैं। सपा या कांग्रेस को किसी को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। योगी ने कहा कि यह सरकार चलेगी और पूरी मजबूती के साथ चलेगी। प्रदेश के अंदर खिलवाड़ करने की किसी को जरूरत नहीं होगी। सीएम योगी ने लखनऊ के गोमती नगर की घटना को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। तंज कसते हुए कहा कि अव्यवस्था फैलाने वालों की सूची हमारे पास आई है। पहला अपराधी पवन यादव और दूसरा मोहम्मद अरबाज है। यह सद्भावना वाले लोग हैं। इनके लिए सद्भावना नहीं बुलेट ट्रेन चलेगी। महिला सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च महत्व रखता है। जो खिलवाड़ करेगा खामियाजा भुगतेगा। हमने एक एक बहन बेटी को आश्वस्त किया है। इसलिए ही घटना को गंभीरता से लिया है। पूरी चौकी पर कार्रवाई की गई है। थानेदार से लेकर अधिकारियों को हटाया गया है और सस्पेंड किया गया है। सभी को सम्मान देंगे लेकिन किसी ने अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश की तो परिणाम भुगतना ही होगा। योगी ने कहा कि सपा के समय ओबीसी को 27 फीसदी भी आरक्षण नहीं मिला है। अखिलेश-शिवपाल पर निशाना साधते हुए कहा कि भतीजा और चाचा की जोड़ी वसूली के लिए निकली थी। लेखपालों की तैनाती भी उसी आधार पर हुई थी। आज पांच लाख लेखपालों की नियुक्ति हुई है। कोई आरोप नहीं लगा सकता है। हमारी सरकार में एससी, एसटी और ओबीसी में 60 फीसदी नियुक्तियां की गई हैं। हमने सुनिश्चित किया है कि प्रदेश में किसी नौजवान  के साथ धोखा नहीं होना चाहिए। अगर धोखा हुआ तो उसी दिन नौकरी लेने का काम हम लोग करेंगे। उसे जेल के अंदर निर्ममता से ठूंसने में भी हम लोगों कोताही नहीं बरतते हैं।   recent visitors 126

जम्मू-कश्मीर के सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी घुसपैठिये को ढेर किया गया

राजौरी/ सांबा  सुरक्षा बलों ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के कालाकोट के एक सुदूर गांव में तलाशी अभियान के दौरान हथियार बरामद किए। तलाशी अभियान अभी जारी है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ मिलकर धर्मसाल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले गुलाबगढ़, बाजी माल गांवों के इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध आतंकी ठिकाने से कुछ हथियार बरामद किए गए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है। अभियान समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ विफल की, एक को मार गिराया गया जम्मू-कश्मीर में जम्मू के सांबा जिला के घगवाल सेक्टर में बुधवार दे रात अंतरराष्ट्रीय सीमा से पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ का प्रयास सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने विफल कर दिया। बल के जवानों ने इस दौरान एक घुसपैठिये को मार गिराया। बताया गया है कि घगवाल सेक्टर में खोरा क्षेत्र के अग्रिम इलाके में तैनात बीएसफ की 161 बटालियन के जवानों ने रात 11 बजे के बाद कुछ हलचल देखी। सतर्क जवानों ने पाकिस्तान की सीमा की ओर से भारतीय सीमा में घुसपैठ का प्रयास कर रहे घुसपैठिये को ललकारा और आगे न बढ़ने के लिए चेतावनी दी। लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद जवानों ने गोलीबारी कर उसे मार गिराया। जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को ढेर कर दिया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात खोरा पोस्ट के पास घुसपैठिए को भारतीय क्षेत्र में घुसते देखा गया। उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने घुसपैठिये को चेतावनी दी लेकिन उसने उन चेतावनियों को नजरअंदाज किया जिसके बाद जवानों ने गोलियां चलाईं। बीएसएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।   पुंछ में हिजबुल का सक्रिय सहयोगी गिरफ्तार सेना की रोमियो फोर्स से जुड़ी राष्ट्रीय राइफल इकाई ने पुंछ पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ एक संयुक्त अभियान में जम्मू-कश्मीर के पुंछ के मगनार इलाके से प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सक्रिय सहयोगी को गिरफ्तार किया है। सेना के एक बयान के अनुसार मोहम्मद खलील के रूप में पहचाने गए इस व्यक्ति को 30 जुलाई को रोमियो फोर्स की राष्ट्रीय राइफल ने हिरासत में लिया था। अधिकारियों ने कहा कि आतंकी संगठन के इस सहयोगी के पास से एक विदेशी पिस्तौल बरामद की गई। पाकिस्तान में सक्रिय एक व्हाट्स ऐप नंबर का भी पता लगाया गया है, जिसके जरिए एक हैंडलर मोहम्मद खलील को काम सौंप रहा था। राजौरी में डीएसपी ऑपरेशन के अनुसार, सुरक्षाबलों ने एक एके 47 और दो मैगजीन भी बरामद की हैं। उन्होंने कहा कि आरोपित पुलिस हिरासत में है और जांच की जा रही है। आरोपित को इलाके के बारे में जानकारी जुटाने और आतंकवादियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने जैसे काम सौंपे गए थे।   recent visitors 142