प्रदेश सरकार गौ-संरक्षण एवं गौ-संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार गौ-संरक्षण एवं गौ-संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है गौ-वंश की उचित देखभाल हो, उन्हें समुचित आहार एवं पोषण मिले और इसके साथ पशुपालकों की आय भी बढ़े। इसके लिए सरकार कई योजनाएं ला रही है। प्रदेश में पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। पंजीकृत गौशाला में रहने वाले पशुओं को पहले 20 रुपए प्रति दिन प्रति पशु आहार अनुदान दिया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 40 रुपए किया जा रहा है। दुग्ध उत्पादकों को बोनस दिए जाने की भी सरकार की योजना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज मंत्रालय में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री लखन पटेल, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी श्री उमाकांत उमराव उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में निर्देश दिए कि प्रदेश में संचालित सभी गौ-शालाओं का निरीक्षण करवाया जाए। अनुदान की राशि का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। गौ-शालाओं के संचालन में समाज का भी पूरा सहयोग लिया जाना चाहिए। गौ-शाला में गौ-वंश के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिएं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पंचायतवार अभियान चलाकर गोचर भूमि खाली कराई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि घरों में गौ-वंश पालने के लिए भी शीघ्र योजना बनाई जाए। गाय का दूध अत्यंत पोषक होता है तथा बच्चों के कुपोषण को दूर करने में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। गाय के दूध के उत्पादन एवं विपणन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। कुपोषित बच्चों को गाय का दूध उपलब्ध कराया जाए। पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री लखन पटेल ने सुझाव दिया कि पालतू एवं निराश्रित गौ-वंश की पहचान के लिए उन्हें अलग-अलग रंग के टैग लगाए जाएं, जिससे गौ-वंश की पहचान आसान हो सके। मंत्री श्री पटेल ने बॉयो सीएनजी संयंत्र लगाने जाने की भी बात कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इन पर सहमति व्यक्त की। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने सुझाव दिया कि गौ-वंश की नस्ल सुधारने एवं बछिया उत्पादन के लिए सेक्स सॉर्टेड सीमन का अधिकाधिक उपयोग किया जाए। प्रमुख सचिव श्री उमराव ने बताया कि 20 वीं पशु संगणना के अनुसार प्रदेश में एक करोड़ 87 लाख गौ-वंश है। प्रदेश में 2190 पंजीकृत गौशालाएं हैं, जिनमें 627 अशासकीय स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संचालित और 1563 गौशालाएं मुख्यमंत्री गौ सेवा योजना अंतर्गत संचालित हैं। इन गौ-शालाओं में कुल 3 लाख 15 हजार गौ-वंश है, जिन्हें अनुदान दिया जाता है। इसके लिए वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 252 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। जनवरी-2025 से अनुदान राशि 40 रुपए किए जाने पर इस वित्त वर्ष में 34 करोड़ 65 लाख रुपए के अतिरिक्त प्रावधान की आवश्यकता होगी।   recent visitors 88

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक, युवा शक्ति मिशन को मिली स्वीकृति

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश के युवाओं के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास के उद्देश्य से युवा-उन्मुखीकरण की गतिविधियों को समन्वित रूप से एक ही मंच पर लाने के लिए स्वामी विवेकानन्द युवा शक्ति मिशन प्रारंभ करने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2024 के अवसर पर प्रदेश में चार मिशन अन्नदाता (किसान) कल्याण, युवा शक्ति, नारी शक्ति और गरीब कल्याण को लागू करने की घोषणा की थी। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वामी विवेकानन्द युवा शक्ति मिशन, युवाओं के उन्मुखीकरण की गतिविधियों को समन्वित करने के लिए एक साझेदारी मंच का निर्माण करेगा, जिससे राज्य के विकास को बढ़ावा मिलेगा। स्वामी विवेकानन्द की जयंती 12 जनवरी 2025 (युवा दिवस) के अवसर पर मिशन प्रारंभ किया जायेगा। मिशन के प्रमुख उद्देश्य युवाओं में आत्म-विश्वास निर्माण, प्रतिस्पर्धा के लिए तैयारी के साथ उनके कौशल उन्नयन और प्रतिभा को निखारने की गतिविधियों को बढ़ावा देना है। मिशन के प्रमुख घटक संवाद, सामर्थ्य (योग्यता) और समृद्धि, है। मिशन के तीन प्रमुख लक्ष्य निर्धारित किए गये है। पहला लक्ष्य-प्रत्येक युवाओं की आय का स्तर न्यूनतम कुशल श्रेणी श्रमिक की दर के बराबर लक्षित करना। दूसरा लक्ष्य-प्रत्येक युवा को कक्षा 12वीं तक के स्तर तक शिक्षा पूरी कराने के लिये प्रयास करना। यह लक्ष्य 10वीं में वर्ष 2028 तक तथा 12वीं में वर्ष 2030 तक हासिल किया जायेगा। तीसरा लक्ष्य-प्रत्येक युवा को समाज के हित में सामाजिक पहल का हिस्सा बनाना है। वर्ष 2030 तक 70 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की जायेगी। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मंत्रि-परिषद द्वारा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अंतर्गत सहकारी प्रणाली और सांची ब्राण्ड को बड़ा बनाने के उद्देश्य से एम.पी. स्टेट को-ओपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड एवं संबद्ध दुग्ध संघों और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के मध्य होने वाले सहकार्यता अनुबंध (कोलेबोरेशन एग्रीमेंट) पर सहमति दी गयी। यह निर्णय मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादकों की आय दोगुनी करने एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है। एम.पी. स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड एवं राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के मध्य कोलेबोरेशन एग्रीमेंट के अनुसार दूध की खरीद सुनिश्चित करने एवं सही कीमत दिलाने में मदद के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में कलेक्शन सेन्टर स्थापित किए जाएंगे। दुग्ध संघों की प्रोसेसिंग क्षमता में वृद्धि की जायेगी। इस तरह अगले 5 सालों में लगभग 1500 करोड़ रूपये का निवेश किया जायेगा। दुग्ध समितियों की संख्या 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार की जायेगी। इस तरह दूग्ध संकलन 10.50 लाख किलोग्राम से बढ़ाकर 20 लाख किलोग्राम किया जायेगा। दुग्ध उत्पादकों की कुल वार्षिक आय 1700 करोड़ रूपये से दोगुना कर 3500 करोड़ रूपये किये जाने का लक्ष्य रखा गया है। सांची ब्रांड का और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाकर राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया जायेगा।   recent visitors 62

पन्ना में सफलता के बाद बांधवगढ़ नेशनल पार्क में किया जा रहा लागू, बनेगा स्वच्छ पर्यटन स्थल

बांधवगढ़ बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान को स्वच्छ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, स्वच्छ भारत मिशन और साहस संस्था के बीच एमओयू हस्ताक्षर किया गया। पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की उपस्थिति में एमपी टूरिज्म बोर्ड की ओर से प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक एमपी टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला, स्वच्छ भारत मिशन की ओर से मिशन संचालक श्री दिनेश जैन, कोकाकोला फाउंडेशन की ओर से डायरेक्टर श्री राजीव गुप्ता और साहस संस्था की ओर से प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री राजबीर सिंह द्वारा एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया। राज्य मंत्री श्री लोधी ने कहा कि प्रोजेक्ट क्लीन डेस्टिनेशन से बांधवगढ़ एक स्वच्छ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। पर्यटकों को वन्य जीव के रोमांचक अनुभव के साथ एक स्वच्छ और सुंदर माहौल मिलेगा। राज्य मंत्री श्री लोधी ने एमओयू की बधाई और परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शुभकामनाएं दी। प्रोजेक्ट क्लीन डेस्टिनेशन के अंतर्गत कोका कोला फाउंडेशन के सहयोग से बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान के आस पास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने की पहल की जा रही है। बांधवगढ़ में होटल्स, रिजॉर्ट और आस पास की 7 ग्राम पंचायतों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, पर्यावरण हितैषी और स्वच्छता संबंधी जागरूकता विकसित की जाएगी। इसके लिए ग्राम पंचायत में आवश्यक स्टोरेज सेंटर, एमआरएफ, वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट, वेस्ट मॉनिटरिंग और मैनेजमेंट टूल आदि का विकास किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में प्रोजेक्ट क्लीन डेस्टिनेशन के तहत जिला पन्ना में पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के आस पास 30 ग्रामों में स्वच्छता बनाए रखने की अभिनव पहल की गई थी। परियोजना के सफल क्रियान्वयन और प्रभावी परिणाम को देखते हुए इसे बांघवगढ़ में क्रियान्वित किया जाएगा। इसमें बांघवगढ़ के आस पास की ग्राम पंचायतों से नियमित उत्पन्न होने वाले लगभग 2 टन कचरे का उचित निपटान और प्रबंध किया जाकर पर्यटकों के लिए एक स्वच्छ और सुंदर वातावरण का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर अपर प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड सुश्री बिदिशा मुखर्जी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। recent visitors 128

परिजनों को सीएम साय ने दी सांत्वना, छत्तीसगढ़-बीजापुर में गमगीन माहौल में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में बलिदान हुए आठ जवानों और एक चालक को दंतेवाड़ा में पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान गमगीन माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत तमाम नेताओं और मृतकों के परिजनों ने यहां पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों से आसमान गूंज उठा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों सहित मृतकों के परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। रोते हुए परिजनों को महिला सुरक्षाकर्मी उन्हें सांत्वना देने की कोशिश कर रही थीं। बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम साय ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और हम राज्य में शांति स्थापित करने में सफल होंगे। मुख्यमंत्री साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने जवानों के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और उन्हें उनके पैतृक स्थानों पर ले जाने के लिए वाहनों में रखा। बता दें कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों पर दो साल में सबसे बड़ा हमला करते हुए नक्सलियों ने सोमवार को बीजापुर जिले के कुटरू थाना क्षेत्र के अंबेली गांव के पास 60-70 किलोग्राम के इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल कर सुरक्षाकर्मियों के वाहन को उड़ा दिया। बीजापुर जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित एसयूवी में सवार राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स इकाइयों के चार-चार सुरक्षाकर्मियों और वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम साय ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सली हताश हो चुके हैं, जिसके कारण उन्होंने ऐसी कायरतापूर्ण हरकत की है। मैं शहीद जवानों और नागरिक चालक को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। recent visitors 83

प्रधान मुख्य वन संरक्षक को किया तलब, नागपुर में बाघिन और उसके बच्चों का रास्ता रोकने पर HC सख्त

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में उमरेड-पावनी-करहंडला अभयारण्य में पर्यटकों द्वारा एक बाघिन और उसके पांच शावकों का रास्ता रोकने के मामले को बॉम्बे हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है। अदालत की नागपुर बेंच ने राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक को नोटिस जारी किया है। न्यायमूर्ति नितिन सांबरे और न्यायमूर्ति वृषाली जोशी ने सोमवार को स्वत: संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दायर करने का आदेश दिया। साथ ही राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक को दो दिन के भीतर विस्तृत हलफनामा दाखिल करने को कहा है, जिसमें यह बताया जाए कि अब तक क्या कार्रवाई की गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। 31 दिसंबर की घटना अदालत अब इस मामले में बुधवार को सुनवाई करेगी। यह घटना 31 दिसंबर 2024 की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक पर्यटक वाहनों ने 31 दिसंबर को ‘F2’ नाम की बाघिन और उसके पांच शावकों को काफी देर तक घेरे रखा और उसकी फोटो ले रहे थे। वन विभाग भी जांच में जुटा घटना उमरेड-पवानी-करहंडला अभयारण्य के कुछ वन क्षेत्र में गोथनगांव सफारी रूट पर हुई। अखबारों में छपी खबर के आधार पर बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर बेंच के प्रशासनिक जज नितिन सांबरे ने खुद जनहित याचिका दायर करने का आदेश दिय। इसके साथ ही कोर्ट ने राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक को इस संबंध में बुधवार तक अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। मामले में नागपुर वन विभाग भी एक आंतरिक जांच करने में जुटा है। इन लोगों को किया निलंबित महाराष्ट्र वन विभाग ने सोमवार को इस घटना में शामिल चार जिप्सी चालकों और गाइड्स को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है और उनकी गाड़ियों पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, प्रकृति गाइड्स पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा, इन पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया गया है। घटनाओं को रोकने के लिए बनाई गई समिति पेंच टाइगर रिजर्व (नागपुर) के उप निदेशक प्रभु नाथ शुक्ला ने बताया कि पर्यटकों ने अभयारण्य के नियमों का उल्लंघन किया, जब उन्होंने बाघिन F-2 और उसके शावकों के रास्ते में कई सफारी वाहनों को घेर लिया। इस घटना में शामिल पर्यटकों को भविष्य में अभयारण्य में आने से हमेशा के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा, एक समिति भी बनाई गई है, जो भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपाय सुझाएगी। उन्होंने कहा कि फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को सफारी मार्गों पर नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं और प्रकृति गाइड्स और ड्राइवरों के लिए विशेष बैठकें और कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि इकोटूरिज्म के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाई जा सके। recent visitors 63

मुस्लिम देश ईरान ने बचाने में हर संभव मदद का दिया भरोसा, हूतियों के कब्जे में है भारतीय नर्स निमिषा प्रिया

सना/नई दिल्ली. केरल की नर्स निमिषा प्रिया को यमन में मौत की सजा सुनाई गई गई है। हाल ही में ये खबर आई थी कि यमनी नागरिक की हत्या के मामले में निमिषा की फांसी को राष्ट्रपति ने मंजूरी दी है। इस पर यमन दूतावास ने सफाई देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति रशद मोहम्मद अल-अलीमी ने सजा की पुष्टि नहीं की है। इसकी वजह ये है कि निमिषा राजधानी सना की जेल में बंद है, यह हूती विद्रोहियों के कब्जे वाला इलाका है। ऐसे में यह यमनी राष्ट्रपति के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है। निमिषा की सजा पर फैसला हूतियों का प्रशासन ही लेगा। यमन के दूतावास ने सोमवार को भारत में जारी बयान बयान में कहा कि निमिषा का पूरा केस मामला हूती विद्रोहियों की कोर्ट में ही चला है। प्रिया की मौत की सजा को मंजूरी हूती सुप्रीम पॉलिटिकल काउंसिल के नेता मेहदी अलमशात ने की है। इसमें यमनी राष्ट्रपति का कोई हस्तक्षेप नहीं है। भारतीय नर्स निमिषा की सजा पर आगे का फैसला हूतियों की सरकार को लेना है। ईरान से आखिरी उम्मीद! हूतियों से निमिषा को फांसी से माफी दिलाने में ईरान से भारत को मदद की आखिरी उम्मीद की तरह है। इजरायल और अमेरिका से लाल सागर में लड़ रहे हूतियों को ईरान का समर्थन मिलता रहा है। ऐसे में ईरान का दखल इस मामले में अहम हो सकता है। ईरान की ओर से निमिषा की मदद की बात कही गई है। एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा है कि निमिषा के लिए हम जो भी अच्छा से अच्छा कर सकते हैं, वो करेंगे। निमिषा प्रिया केरल के पलक्कड़ जिले की रहने वाली हैं। वह एक दशक से ज्यादा समय से यमन में हैं। प्रिया पर 2017 में तलाल महदी नाम के यमनी नागरिक की हत्या का आरोप लगा और 2018 में उन्हें दोषी पाया गया और मौत की सजा सुनाई गई। इसके बाद से निमिषा को बचाने की कोशिश हो रही है। सेव निमिषा प्रिया इंटरनेशनल एक्शन काउंसिल की ओर से भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई गई है। निमिषा के वकील और परिवार ने ब्लड मनी देने की भी पेशकश की है। निमिषा के वकील सुभाष चंद्रन ने कहा कि हम ब्लड मनी के तौर पर कोई भी रकम पीड़ित देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि यह मामला काफी पेचीदा है क्योंकि यमन में हूती विद्रोहियों का कब्जा है और वहां की स्थिति अस्थिर है। इसलिए निमिषा को रिहा करवाने के लिए भारत सरकार को काफी कूटनीतिक प्रयास करने होंगे। recent visitors 56

दिल्ली विधानसभा चुनाव: संजय राउत कांग्रेस और AAP की जंग पर I.N.D.I.A. चिंतिंत बोले- मर्यादा में रहें, जनता देख रही है

मुंबई. दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही आम आदमी पार्टी के खिलाफ माहौल बनाने में जुटी हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गठबंधन में लड़ी थी। अब विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ उतरने पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं को भाजपा की जीत का डर सताने लगा है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच छिड़ी जंग पर चिंता जताई है। संजय राउत ने दी नसीहत संजय राउत ने कहा कि इससे सिर्फ भाजपा को फायदा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि लड़ाई दिल्ली और पूरे देश में भाजपा के खिलाफ होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने झगड़ा जिस लेवल पर चल रहा है, वह देश की जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि जब हम अगले लोकसभा में एक साथ लड़ने जाएंगे, तो लोग हमारे बर्ताव के बारे में सवाल करेंगे। राउत बोले- मर्यादा में रहें संजय राउत ने कहा कि 'आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जो इंडिया ब्लॉक के सदस्य हैं, वह यहां लड़ रहे हैं। हम यहां अपनी ताकत क्यों खर्च करें। चुनाव से पहले अखाड़ा चल रहा है। अखाड़े में सब पहलवाल एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं, ये ठीक नहीं है।' उन्होंने कहा, 'अरविंद केजरीवाल को जनता ने चुनकर 10 साल मुख्यमंत्री बनाया है, आप उन पर देशद्रोही का टैग लगाना चाहते हैं। आप एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ें, लेकिन मर्यादा और संयम के तहत रहना चाहिए, क्योंकि कभी न कभी एक साथ आना ही है।' कांग्रेस ने लगाए थे आरोप आपको बता दें कि कांग्रेस नेता अलका लांबा ने मंगलवार को कहा था कि दिल्ली में केंद्र सरकार और आम आदमी पार्टी के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी है। उन्होंने कहा कि जनता ने एक दशक का कार्यकाल देख लिया है और अब वह कांग्रेस के लिए वोट करेगी। भाजपा पर हमला बोलते हुए अलका ने कहा था कि उनके पास कोई एजेंडा नहीं है और वह केवल पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव लड़ते हैं।   recent visitors 73