यूपी में सक्रिय सदस्यता अभियान की हुई शुरुआत, सीएम योगी ने सक्रिय सदस्य बनकर इस अभियान की शुरुआत की

लखनऊ भाजपा ने यूपी में सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की। सीएम योगी ने शनिवार को पार्टी के पहले सक्रिय सदस्य बनकर इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि संगठन महापर्व में हमने साधारण सदस्यता के लक्ष्य की प्राप्ति के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ को सदस्य बनाकर सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की है। हम सभी कार्यकर्ता मिलकर डेढ़ लाख नए सदस्यों को जोड़ने के अभियान के साथ आगे बढ़ेंगे। आज के दिन ही हम डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक को भी सक्रिय सदस्य बनाकर इस अभियान की शुरुआत करेंगे। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के पहले सक्रिय सदस्य बने थे। पार्टी के पहले सक्रिय सदस्य बनने के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई दी थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, “विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा एक राष्ट्रनिष्ठ, लोकनिष्ठ, कर्तव्यनिष्ठ और कार्यकर्ता आधारित दल है। देवतुल्य कार्यकर्ता ही हमारी शक्ति और सामर्थ्य हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी का प्रथम सक्रिय सदस्य बनकर इस भावना को और अधिक मजबूती प्रदान की है।” उन्होंने आगे लिखा था कि मैं उत्तर प्रदेश के सभी सम्मानित नागरिकों का आह्वान करता हूं कि प्रधानमंत्री जी के द्वारा आरंभ किए गए इस विशेष अभियान से जुड़ें और ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ की निर्माण यात्रा में सहभागी बनें। बता दें कि भाजपा देश भर में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चला रही है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर सदस्यता कैंप लगाए गए हैं, जहां लोग आसानी से भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। पार्टी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष रणनीतियां तैयार की हैं, ताकि हर वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें। इस सदस्यता अभियान की शुरुआत से भाजपा को उम्मीद है कि वह प्रदेश में अपनी स्थिति को और मजबूत कर सकेगी।   recent visitors 73

31 दिसंबर तक चले जाओ…मुस्लिमों को किराए पर घर देने पर मकानमालिकों पर 10,000 रुपये का जुर्माना

देहरादून  उत्तराखंड के चमोली जिले के खानसर कस्बे में व्यापारियों के एक संगठन ने लगभग 15 मुस्लिम परिवारों को 31 दिसंबर तक शहर छोड़ने के लिए कहने का 'प्रस्ताव पारित' किया है। इनमें से कुछ मुसलमान तो दशकों से चमोली में रह रहे हैं। बुधवार को खानसर के मैथन बाजार में ‘चेतना’ (जागरूकता) रैली के बाद व्यापार मंडल की बैठक के दौरान यह प्रस्ताव पारित किया गया। हमारे सहयोगी टीओआई के पास रैली का एक वीडियो है, जिनमें ज्यादातर स्थानीय व्यापारी हैं, जो कथित तौर पर भड़काऊ नारे लगाते हुए देखे जा सकते हैं। व्यापारियों के पूर्व संगठन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, जो अब मैथन सेवा समिति के अध्यक्ष हैं, ने टीओआई को बताया कि प्रस्ताव को 'सर्वसम्मति से' कार्रवाई” के रूप में पास किया गया है। उत्तराखंड के चमोली में खानसर कस्बे में व्यापार मंडल की बैठक में बुधवार को एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें मुस्लिम परिवारों से 31 दिसंबर तक शहर छोड़ने को कहा गया। मैथन सेवा समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, 'बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि ऐसे सभी परिवारों को 31 दिसंबर से पहले शहर छोड़ देना चाहिए। ऐसा न करने पर न केवल इन परिवारों के खिलाफ बल्कि उन्हें अपना घर या दुकान किराए पर देने वालों के खिलाफ भी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मकान मालिकों पर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा।' सिंह ने कहा, "इसके अलावा, खानसर घाटी के गांवों में सभी फेरीवालों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। व्यापार करते पकड़े गए किसी भी फेरीवाले पर 10,000 रुपये का जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अन्य शहरों में इसी तरह की घटनाओं के मद्देनजर अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों द्वारा हिंदू महिलाओं के खिलाफ किसी भी आपराधिक घटना को रोकने के लिए ये निर्णय लिए गए हैं।' टाइम्स ऑफ इंडिया के पास व्यापारियों के निकाय द्वारा लिए गए दो फैसलों के प्रस्ताव की एक कॉपी है। नाम न बताने की शर्त पर अल्पसंख्यक समुदाय के एक सदस्य ने कहा, "हममें से कोई भी कभी भी किसी आपराधिक घटना में शामिल नहीं रहा है। यह कार्रवाई न केवल सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास है, बल्कि खुद के फायदे के लिए बाजार से हमें बेदखल करने की भी कोशिश है। पुलिस को ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। पंवार ने कहा, हम मामले की जांच करेंगे और जरूरत पड़ने पर उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे। खानसर घाटी में 11 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। सितंबर में, नंदघाट में मुस्लिम दुकानों के खिलाफ हिंसा के बाद हिंदुत्व समूहों ने चमोली जिले के गोपेश्वर शहर में जुलूस निकाला। उन्होंने एक मुस्लिम युवक द्वारा कथित रूप से उत्पीड़न के आरोपों के बाद सभी "बाहरी लोगों" का सत्यापन करने की मांग की। भाजपा के एक पदाधिकारी सहित अल्पसंख्यक समुदाय के कम से कम 10 परिवारों को मौत की धमकियाँ मिलने के बाद भागने पर मजबूर होना पड़ा। recent visitors 83

रीवा में 23 अक्टूबर को होगी अगली रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव

विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास के नए अवसरों का केंद्र बनेगा रीवा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रधानमंत्री मोदी 21 अक्टूबर को रीवा को देंगे हवाई अड्डे की सौगात रीवा में 23 अक्टूबर को होगी अगली रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 23 अक्टूबर को रीवा में होने वाली प्रदेश की 5वीं रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के दो दिन पहले 21 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रीवा को एक बड़ी सौगात देंगे। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 102 हेक्टेयर जमीन पर 300 करोड़ रूपये की लागत से रीवा में बने हवाई अड्डे का वर्चुअली शुभारंभ किया जायेगा। इससे पर्यटक और निवेशकों के लिये आवागमन सहज और सुगम हो जायेगा। यह विंध्य क्षेत्र के लिये ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव राज्य के औद्योगिक विकास को एक नई दिशा देगी। इस कॉनक्लेव से रीवा और विंध्य क्षेत्र में निवेश आने से औद्योगिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण बदलाव आयेंगे। रीवा संभाग के उद्योगपतियों से रविवार को होगा संवाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव रीवा में होने वाली रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के पहले रविवार 20 अक्टूबर को रीवा संभाग के उद्योगपतियों के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा विंध्य क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देने के साथ सरकार की उद्योग नीति, प्रावधानों और उद्योगपतियों के लिये की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास, कृषि, खाद्य प्र-संस्करण, हस्तशिल्प और पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। कॉन्क्लेव में बिजनेस प्रमोशन सेंटर रीवा इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में व्यापारिक और औद्योगिक हितधारकों के लिए बिज़नेस प्रमोशन सेंटर की स्थापना की जा रही है, जहाँ 16 से अधिक प्रमुख सरकारी और निजी विभाग अपने उत्पादों, सेवाओं और नीतियों को प्रदर्शित करेंगे। इसका उद्देश्य व्यापार को सरल बनाने के साथ निवेशकों और उद्यमियों के बीच संवाद को बढ़ावा देना है, जिससे औद्योगिक वातावरण को सुदृढ़ किया जा सके। व्यापारिक सुगमता और औद्योगिक विकास पर ध्यान कॉन्क्लेव में एमपी इंडस्ट्रियल डेव्लपमेंट कॉरपोरेशन की प्रमुख भूमिका रहेगी, जो "ईज ऑफ डूइंग बिजनेस" के तहत व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल और सुगम बनाकर निवेशकों को व्यापार स्थापित करने में सहयोगी की भूमिका निभाएगा। एमपी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक डेव्लपमेंट कॉरपोरेशन राज्य के आईटी एवं ईएसडीएम उद्योग में विकास और निवेश के अवसरों को साझा करेगा। एमएसएमई विभाग सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए अपनी योजनाओं और सहायता कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करेगा, जिससे इन उद्यमों का राज्य के औद्योगिक ढाँचे में और भी मजबूत योगदान हो सके। निर्यात और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को मिलेगी रफ्तार अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और निर्यात को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने के उद्देश्य से डायरेक्टोरेट ऑफ फॉरेन ट्रेड निर्यात के अवसरों पर मार्गदर्शन प्रदान करेगा, जबकि कस्टम विभाग आयात-निर्यात प्रक्रियाओं और नियमों पर जानकारी देगा। इस दिशा में ईसीजीसी द्वारा निर्यातकों के लिए क्रेडिट बीमा और वित्तीय सेवाओं पर भी व्यापक जानकारी दी जाएगी, जिससे राज्य के निर्यातकों को वैश्विक स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने का अवसर मिलेगा। पर्यटन और हस्तशिल्प उद्योग में निवेश के अवसर कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा राज्य के पर्यटन स्थलों और उद्योग में निवेश की संभावनाओं पर विशेष जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, हस्तशिल्प विकास निगम राज्य के हस्तशिल्प उद्योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अपने उत्पादों को बाजार में लाने के नए तरीकों पर जानकारी देगा। कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के लिए सुनहरे अवसर कृषि और प्र-संस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण द्वारा कृषि उत्पादों के निर्यात के अवसरों की जानकारी दी जाएगी, जो राज्य के कृषि उद्योग के लिए अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुँच को और अधिक सुगम बनायेगा। यह कॉनक्लेव कृषि और खाद्य प्र-संस्करण क्षेत्र के उद्यमियों को वैश्विक निर्यात का हिस्सा बनने का सुनहरा मौका प्रदान करेगा। बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं का समर्थन बिजनेस और उद्योग को वित्तीय सहयोग प्रदान करने के लिए यूनियन बैंक एवं फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) बैंकिंग और वित्तपोषण से संबंधित सेवाओं की जानकारी देंगे। साथ ही इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन कॉउंसिल (EEPC India) द्वारा इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात और संबंधित सहायता कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। रीवा कॉन्क्लेव: औद्योगिक उन्नति की नई उम्मीद यह कॉन्क्लेव न केवल रीवा बल्कि पूरे राज्य के उद्योग और निवेश परिदृश्य को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस मंच से उद्योग, व्यापार, पर्यटन, और कृषि क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इससे राज्य एवं विशेष रूप से विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक उन्नति और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जो राज्य के समग्र आर्थिक विकास को सशक्त और सुदृढ़ करेगा।   recent visitors 56

बुधनी विधानसभा सीट को लेकर सियासत तेज, कार्तिकेय सिंह चौहान की दावेदारी मजबूत

भोपाल  मध्य प्रदेश की बुधनी विधानसभा सीट को लेकर सियासत तेज है। यहां उपचुनाव होने हैं। शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद बुधनी विधानसभा सीट खाली हुई है। इस सीट पर बीजेपी की तरफ से कई दावेदार हैं। दावेदारों में एक नाम शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का भी है। हाल ही में शिवराज सिंह चौहान ने सपरिवार पीएम मोदी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद कई तरह की सियासी अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि शिवराज ने अपने दोनों बेटों की शादी का निमंत्रण देने के लिए पीएम मोदी के पास पहुंचे थे। बुधनी विधानसभा सीट पर बीजेपी हरियाणा वाला फॉर्म्यूला लागू कर सकती है जिससे कार्तिकेय सिंह चौहान की दावेदारी मजबूत हो सकती है। आइए जानते हैं क्या है हरियाणा का फॉर्म्यूला। हाल ही में हरियाणा में विधानसभा के चुनाव हुए। बीजेपी ने यहां लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर सरकार बनाई है। कैबिनेट का गठन भी हो चुका है। हरियाणा चुनाव में बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी को टिकट दिया था। राव इंद्रजीत सिंह की बेटी को जीत मिली और उन्हें कैबिनेट में भी शामिल किया गया है। आरती राव को टिकट मिलने और राज्य सरकार में मंत्री बनने के बाद अब नेता पुत्रों के टिकट की दावेदारी बढ़ने की संभावना है। बुधनी में सक्रिय हैं कार्तिकेय सिंह कार्तिकेय सिंह चौहान, शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे हैं। वह बुधनी विधानसभा चुनाव में लंबे समय से सक्रिय हैं। बीते दो विधानसभा चुनावों से वह अपने पिता के विधानसभा क्षेत्र में प्रचार की भी कमान संभाल रहे थे। हाल ही में शिवराज सिंह चौहान को जब विदिशा संसदीय सीट से टिकट दिया गया था तब भी कार्तिकेय सिंह चौहान सक्रिय थे। वह पिता के समर्थन में नुक्कड़ सभाएं और रैलियों को संबोधित कर रहे थे। शिवराज सिंह का गढ़ है बुधनी बुधनी विधानसभा सीट शिवराज सिंह चौहान का गढ़ है। इस सीट पर बीजेपी बीते 21 सालों से चुनाव जीत रही है। कांग्रेस को आखिरी बार 1998 में यहां जीत मिली थी। शिवराज सिंह चौहान इस सीट से पांच बार विधायक रहे हैं। ऐसा कहा जाता है कि शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता को भुनाने के लिए बीजेपी हरियाणा की तरह एमपी में भी केंद्रीय मंत्री के बेटे को चुनाव मैदान में उतार सकती है। पूर्व सांसद भी हैं दावेदार बुधनी विधानसभा सीट पर के दावेदारों में पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव का भी नाम शामिल है। रमाकांत भार्गव 2019 में विदिशा लोकसभा सीट से चुनाव जीते थे। 2024 में बीजेपी ने उनका टिकट काटकर शिवराज सिंह चौहान को यहां से उम्मीदवार बनाया था। अब माना जा रहा है कि शिवराज के इस्तीफे के बाद खाली हुई बुधनी विधानसभा सीट से रमाकांत भार्गव को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। 13 नंवबर को होनी है वोटिंग बुधनी विधानसभा सीट के साथ विजयपुर में भी उपचुनाव होना है। दोनों सीटों पर 13 नवंबर को वोटिंग होनी है। नामांकन प्रकिया शुरू हो गई है। वहीं, उपचुनाव का रिजल्ट 23 नवंबर को घोषित किया जाएगा। recent visitors 69

महिला सुरक्षा को गंभीर खतरा को लेकर कमलनाथ ने चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर बोला हमला

भोपाल मध्य प्रदेश में महिलाओं और बच्च्यिों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की घटनाओं को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने चिंता जताते हुए राज्य सरकार पर हमला बोला है। उनका आरोप है कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य में पिछले दिनों हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य दिन-प्रतिदिन महिलाओं और बच्चियों के लिए असुरक्षित प्रदेश बनता जा रहा है। पिछले दो महीने में जिस तरह से बच्चियों और महिलाओं के साथ बलात्कार एवं सामूहिक दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं, उससे महिला सुरक्षा को लेकर अत्यंत गंभीर खतरा खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं से बलात्कार के मामले में मध्य प्रदेश देश में तीसरे नंबर पर है। इस अवधि में मध्य प्रदेश में बलात्कार के 3,029 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा 3,049 महिलाएं छेड़खानी का शिकार हुई और 1445 महिलाएं शारीरिक शोषण का शिकार हुई। प्रदेश में पास्को से जुड़े अपराधों में 5,951 मामले दर्ज किए गए इनमें से बलात्कार के 3,641 मामले हैं। महिलाओं और नाबालिग से हुए बलात्कारों को देखें तो प्रदेश में हर दिन 18 बलात्कार हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि महिला अधिकारों के प्रति भारतीय जनता पार्टी की सरकार कितनी असंवेदनशील है, इसे इसी बात से समझा जा सकता है कि पिछले चार वर्ष से राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष का पद खाली पड़ा है। महिला आयोग में शिकायतों का अंबार लगता जा रहा है लेकिन सुनवाई करने के लिए वहां कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा किसी भी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लेकिन मध्य प्रदेश में ऐसा लगता है कि पहले शिवराज सिंह चौहान की सरकार में और अब डॉ मोहन यादव की सरकार में बेटियां लगातार असुरक्षित बनी हुई हैं। महिला सुरक्षा के मामले जब सरकार के सामने लाए जाते हैं तो उस पर कार्रवाई करने की बजाय भाजपा के नेता कुतर्क करने पर ज्यादा ध्यान देते हैं। बीते कुछ समय में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं से प्रदेश का सिर शर्म से झुक जाता हैं। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव स्वयं गृह मंत्री हैं, उन्हें इन मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए और कानून व्यवस्था का ऐसा माहौल प्रदेश में तैयार किया जाए कि अपराधी इस तरह का कदम उठाने से भयभीत हों।   recent visitors 69

पंचकूला में बस टिक्कर ताल रोड पर थल गांव के पास पलट गई और खाई में जा गिरी, 15 घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

पंचकूला पंचकूला के मोरनी के नजदीक टिक्कर ताल के पास एक बस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें स्कूल के बच्चे सवार थे. जानकारी के अनुसार, ड्राइवर द्वारा तेज गति से बस चलाने के कारण यह दुर्घटना हुई. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने घायलों को रेस्क्यू कर बाहर निकालना शुरू कर दिया. हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है. बताया जा रहा है कि बस टिक्कर ताल रोड पर थल गांव के पास पलट गई और खाई में जा गिरी. घूमने के लिए जा रहे थे मोरनी हिल्स घटना में करीब 10 से 15 बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मोरनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. वहीं, कुछ बच्चों को पंचकूला के सेक्टर 6 नागरिक अस्पताल में भी भेजा गया है. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पंजाब के मलेरकोटला के ननकाना साहिब स्कूल के बच्चे और स्टाफ के सदस्य घूमने के लिए पंचकूला के मोरनी हिल्स जा रहे थे. अचानक बस के पलटने से यह गंभीर हादसा हुआ. पुलिस मामले की जांच कर रही है. recent visitors 72

भारत के बाहर रह रहे अपने देशवासियों का कल्याण करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : राष्ट्रपति मुर्मु

लिलोंग्वे  तीन अफ्रीकी देशों की यात्रा के अंतिम चरण में मलावी पहुंचीं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारत के बाहर रह रहे अपने देशवासियों का कल्याण करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनकी सरकार भारतीयों की चिंता को दूर करने और उनकी सुरक्षा, कल्याण और उन्नति सुनिश्चित करने के लिए विश्व में अपने सहयोगियों के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत आपसी विश्वास, समानता, और पारस्परिक लाभ के सिद्धांतों पर आधारित अफ्रीकी महाद्वीप के साथ अपनी साझेदारी को महत्व देता है। अफ्रीका के साथ सहयोग का हमारा मॉडल स्थानीय संसाधन का उपयोग करने और क्षमता निर्माण का है। यह अफ्रीका की आवश्यकताओं की प्राथमिकता पर आधारित है राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि ग्लोबल साउथ के अग्रणी सदस्य के रूप में भारत विश्व की दोतिहाई जनसंख्या के हितों का प्रतिनिधित्व करने की अपनी भूमिका को गंभीरता से लेता है। मलावी में आप सभी के बीच उपस्थित होकर प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। भारत और मलावी के राजनयिक संबंधों को 60 वर्ष पूरे हो गए हैं। यह रिश्ते ऐतिहासिक हैं। मलावी से भारत के गहरे सांस्कृतिक संबंध भी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मलावी के राष्ट्रपति लाजर मैक्कार्थी चकवेरा ने स्टेट हाउस में गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने भारत-मलावी संबंधों को सुदृढ़ करने के अलावा कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिलोंग्वे में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का दौरा किया। उन्होंने प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्ध और अन्य सैन्य अभियानों के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों और नागरिकों को पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने उन भारतीय सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी, जिनके बलिदान को इस स्मारक में महत्व दिया गया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने मलावी के पहले राष्ट्रपति डॉ. हेस्टिंग्स कामुजु की समाधि पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।   recent visitors 59