कल्याणकारी योजनाओं का जन-जन को मिले लाभ, राजस्थान-जयपुर कलक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक

जयपुर। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिये। बैठक में कलक्टर ने जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को किराये के भवन में संचालित हो रही आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए जल्द से जल्द सरकारी भवन मुहैया करवाने अथवा भवन हेतु भूमि आवंटन के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को राजकीय विद्यालयों में खेल मैदान विकसित करने के साथ साथ स्कूल भवन एव छात्रावास के साथ-साथ स्वास्थ्य केन्द्रों हेतु भूमि आवंटन के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को रास्ता खोलो अभियान के तहत अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभान्वित करवाने एवं खोले गए रास्तों पर ग्रेवल रोड बनाने की आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिये। रास्ते संबंधी जो प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है उनका अनुतोष परिवादी द्वारा संबंधित न्यायालय से ही प्राप्त किया जा सकेगा। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को समस्त अटल सेवा केन्द्रों में बिजली कनेक्शन, ई-मित्र की सुविधा एवं शौचालय सुनिश्चित करने के साथ-साथ पीएम श्री विद्यालयों के नियमित निरीक्षण के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने युवा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तैयारियां दुरुस्त रखने एवं अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर राजकीय कार्यालयों के शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को पीएम सूर्य घर योजना से आमजन को लाभांवित करने एवं समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीद के दौरान किसानों को ग्रेडिंग के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये, ताकि अधिक से अधिक किसानों को उनकी फसल की उपज का वाजिब दाम मिल सके। बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) श्रीमती विनीता सिंह, अतिरक्ति जिला कलक्टर (द्वितीय) श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (तृतीय) श्रीमती कुंतल विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलक्टर (चतुर्थ) श्रीमती सुमन पंवार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (उत्तर) श्री मुकेश कुमार मूंड सहित नगर निगम, शिक्षा विभाग, सामाजिक न्या एवं अधिकारिता विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, समस्तर उपखण्ड अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधीशासी अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़े। recent visitors 75

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने की अगवानी, राजस्थान-जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे उपराष्ट्रपति

जयपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ के बुधवार को जयपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट पर अगवानी की। उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट कर उपराष्ट्रपति का अभिनन्दन किया। इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव, अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग श्री अश्विनी भगत, पुलिस महानिदेशक श्री यू आर साहू, जयपुर पुलिस कमिश्नर श्री बीजू जॉर्ज जोसफ, संभागीय आयुक्त श्रीमती रश्मि गुप्ता, जिला कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुमार सोनी एवं अन्य उच्च अधिकारी मौजूद रहे। recent visitors 67

भगत सिंह से तुलना का पोस्टर हो रहा ट्रेंड, राजस्थान-जयपुर में मीणा की रिहाई को लेकर निकलीं रैलियां

जयपुर. नरेश मीणा की गिरफ्तारी अब जातिगत गोलबंदी का रूप लेती जा हरी है। उनके समर्थक अब मीणा समाज के नेताओं को फोन कर समर्थन की मांग कर रहे हैं। इसके कई वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहे हैं। वहीं नरेश के समर्थन में मीणा समाज की तरफ से आज देवली-उनियारा सहित कई जगहों पर रैलियां निकाली जा रही हैं। रैलियों में जो पोस्टर लहराए जा रहे हैं उनमें नरेश मीणा को भगत सिंह की तरह पेश किया जा रहा है। यही नहीं उनके समर्थन में स्थानीय भाषा में गाने भी तैयार किए जा रहे हैं। प्रशासन के लिए अब यह ट्रेंड बड़ी मुश्किल खड़ी कर रहा है। शुक्रवार को नरेश को उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट ने नरेश को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। नरेश के खिलाफ 10 धाराओं में केस नरेश के खिलाफ पुलिस ने 10 अगल-अलग धाराओं में मुकदमें दर्ज किए हैं। इसके अलावा उनके पूर्व के मुदकमों पर भी अब गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौजूदा घटनाक्रम में नरेश मीणा के खिलाफ हत्या का प्रयास और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी बड़ी धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर कई अधिवक्ता अब नरेश के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट तक जाने की बात कह रहे हैं। एसडीएम पर भी उठ रहे सवाल पूरे घटनाक्रम में एसडीएम की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऑन कैमरा एसडीएम अमित चौधरी ने यह स्वीकार किया है कि जिला कलेक्टर के कहने पर उन्होंने कुछ लोगों को समरावता में वोट डालने के लिए कहा था। चुनाव से जुड़े विशेषज्ञ कह रहे हैं कि एसडीएम ने चुनावी नियमों के बाहर जाकर यह काम किया है इसके लिए वे दोषी हैं। recent visitors 202

कार्तिक पूर्णिमा पर किया दीपदान, राजस्थान-जयपुर में यज्ञ वेदी कुण्ड हुआ रोशन

जयपुर। गलता जी तीर्थ में आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यज्ञ वेदी कुण्ड पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य देव दीपावली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैंकड़ों श्रद्धालु मंदिर में उपस्थित थे। साथ ही,  विदेशी पर्यटकों ने भी उत्साह पूर्वक इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया व भारत की सनातन परंपरा से रूबरू हुए। इस अवसर पर गालव ऋषि जी मंदिर में पुष्प मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया और मंदिर में सुंदर सजावट भी की गई। गालव ऋषि जी कुंड पर 5100 दीप प्रज्ज्वलित कर दीपदान किया गया। इस अवसर पर नगर निगम जयपुर हेरिटेज की मेयर श्रीमती कुसुम यादव, आयुक्त नगर निगम हेरिटेज श्री अरुण हसीजा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जयपुर श्री आशीष कुमार सहित नगर निगम एवं देवस्थान विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मेयर द्वारा गालव ऋषि जी की आरती उपरांत कुंड पर दीपदान किया गया और आयोजन के उपरांत भक्तजनों को जिला प्रशासन द्वारा प्रसाद वितरित किया गया। recent visitors 128

पानी की टंकी पर चढ़कर मनाने पहुंचे किरोड़ी मीणा, राजस्थान-जयपुर में युवा दे रहे एसआई भर्ती परीक्षा रद्द कराने धरना

जयपुर. एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग लेकर रविवार दोपहर जयपुर के हिम्मत नगर इलाके में बनी पानी की टंकी पर चढ़े दो युवा करीब 48 घंटे बाद नीचे उतर आए हैं. किरोड़ी लाल मीणा खुद सीढ़ी की मदद से पानी की टंकी पर चढ़े और युवाओं को समझाया. इसके बाद वे नीचे उतरने के लिए मान गए. तुरंत ही एक क्रेन की मदद से भाजपा नेता समेत दोनों युवाओं को नीचे उतार लिया गया. पानी की टंकी से नीचे उतरने के बाद किरोड़ी लाल मीणा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, 'इन दोनों युवकों की सभी मांगों को लेकर मैं 14 नवंबर को सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकात करूंगा, और उन पर बात करूंगा. एसआई भर्ती परीक्षा की हर पहलू से जांच की जाएगी. हमने 50 से ज्यादा ट्रेनी एसआई को गिरफ्तार किया है. उपचुनाव के बाद इस मामले में कोई फैसला लिया जाएगा.' 'बेइमानी नहीं होती तो आज ये थानेदार होते' किरोड़ी ने बताया कि पानी की टंकी पर चढ़े युवाओं में से एक विकास बिधूड़ी है, जो 7 नंबर से परीक्षा पास नहीं कर पाया. वहीं दूसरा अभ्यर्थी लादू गोदारा है, जो महज तीन नंबर से परीक्षा पास नहीं कर सका. ये वो महनती बच्चे हैं, अगर पिछले राज में ये बेईमानी नहीं होती. पेपर माफिया पैदा नहीं होते तो आज ये लोग थानेदार होते. खाना-पानी साथ लेकर चढ़े किरोड़ी लाल मीणा आज सुबह इन युवकों ने एक वीडियो जारी करके कहा था कि उन्होंने रविवार दोपहर से कुछ नहीं खाया है. मंगलवार सुबह पुलिस प्रशासन ने उन्हें पीने के लिए पानी भिजवाया था. लेकिन, उन्होंने पानी नहीं पीया. उन्होंने आरोप लगाया कि हमें पानी में कुछ मिलाकर दिया गया, हम पानी नहीं पी पा रहे हैं. इसीलिए युवकों को मनाने पानी की टंकी पर चढ़ते वक्त किरोड़ी लाल मीणा उनके लिए पानी और खाना साथ लेकर गए थे. कमेटी की रिपोर्ट पर सीएम लेंगे आखिरी फैसला बताते चलें कि राज्य सरकार ने यह परीक्षा रद्द करने या न करने का फैसला करने के लिए 1 अक्टूबर को 6 मंत्रियों की एक कैबिनेट समिति बनाई थी. इस परीक्षा में 800 से अधिक अभ्यर्थी चयनित हुए थे और पुलिस अकादमियों में प्रशिक्षण ले रहे थे. लेकिन पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद इनमें से 50 ट्रेनी एसआई को गिरफ्तार किया गया. मामले की जांच SOG कर रही है. कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सीएम भजनलाल शर्मा आखिरी फैसला लेंगे. recent visitors 114

समसामयिक और जरूरी चेतावनी है ‘बंटोगे तो कटोगे’, राजस्थान-जयपुर में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने किया आगाह

जयपुर. जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने मंगलवार को राजधानी जयपुर में बड़ा बयान दिया। महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों में बीजेपी के जिस बंटोगे तो कटोगे नारे की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, उसे लेकर रामभद्राचार्य ने कहा कि ये बातें समसामयिक हैं और सत्य हैं। हमें बंटना नहीं है। चाहे पंथ अनेक हों, हम सब हिंदू एक हों। जब हम सब एक होकर रहेंगे, हमारा कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। जैसे एक अंगुली एक होती है तो कोई भी तोड़ देता है, लेकिन जब ये मिलकर मुक्का बन जाती है तो तोड़ने वाले के दांत टूट जाते हैं। गौरतलब है कि बीते चार दिनों में रामभद्राचार्य ने पीओके, पाकिस्तान और कश्मीर को लेकर लगातार बयान दिए हैं। दो दिन पहले उन्होंने जयपुर में श्रीराम कथा के दौरान कश्मीर में धारा-370 और पाकिस्तान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि धारा-370 की बात मत करो, थोड़े दिन में ही पाक अधिकृत कश्मीर भी हमारा होगा। अब वह दिन दूर नहीं, जब विश्व के नक्शे से पाकिस्तान का नामो निशान मिट जाएगा। उन्होंने कहा, कश्मीर हमारा है। हमारे देश का अभिन्न अंग है। इसे देश से कोई अलग नहीं कर सकता। कश्मीर भारत का सिरमौर है। भारत माता आप चिंता मत करिए। जब तक जगदगुरु रामभद्राचार्य का यह त्रिदंड रहेगा। भारत की ओर कुदृष्टि रखने वालों की आंख निकाल कर रख दी जाएगी। उन्होंने कहा, भगवान राम ने देश को एक करने का काम किया था। पहले प्रधानमंत्री ने देश को बांटने का काम किया उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का नाम लिए बिना कहा, हमारे देश का दुर्भाग्य देखिए कि पहले प्रधानमंत्री ने देश को बांटने का काम कर दिया। जो कश्मीर हमारे भारत का मुकुट मणि है। ऋषि कश्यप की जन्मस्थली है। इस कश्मीर में भगवान शिव अमरनाथ के रूप में विराजित हैं। माता वैष्णो का जहां धाम है। उस कश्मीर को आधा कर दिया। कश्मीर का आधा हिस्सा पाकिस्तान को दे दिया, जो बचा उसमें धारा-370 लगवा दी। recent visitors 120

बाथरूम में खुद को लॉक कर बचाई अस्मत, राजस्थान-जयपुर में युवती को धोखे से फार्म हाउस बुलाया

जयपुर. राजधानी जयपुर में सामोद थाना क्षेत्र के मोरीजा गांव में रविवार देर रात एक फार्म हाउस के कमरे में एक युवती को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। जहां पर युवती ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने भाई को मोबाइल फोन के जरिए दी। युवती के भाई ने जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने पूरे मामले को लेकर तत्परता दिखाई और युवती के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस मोरीजा गांव स्थित फार्म हाउस पहुंची और युवती को दस्तयाब किया और परिजनों को सूचना दी। हालांकि, इससे पहले ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। वहीं, अब सामोद थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी युवक की तलाश में जुटी हुई है। चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से एक सूचना मिली थी। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर मामले को गंभीरता सेलिया गया और तुरंत प्रभाव से युवती के मोबाइल लोकेशन के आधार परफार्म हाउस पर पहुंचे। जहां पर फार्म हाउस के कमरे का गेट टूटा हुआ मिला और फार्म हाउस से युवती को दस्तयाब किया गया है। चौमूं थाने लाकर प्राथमिक पूछताछ के बाद युवती को सामोद पुलिस को सुपुर्द किया गया है। इवेंट के बहाने युवती को फार्म हाउस पर लाया युवती इवेंट का काम करती है और इवेंट का काम करने के बहाने ही युवती को यहां पर लाया गया था। जहां पर फार्म हाउस पर काम करने वाले केयरटेकर ने युवती के साथ गलत घटना को अंजाम देने का प्रयास किया है। इस दौरान युवती ने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया और केयरटेकर कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। इस दौरान युवती ने वापस से अपने आप को बाथरूम में बंद कर लिया। इस दौरान आरोपी युवक ने बाथरूम का गेट तोड़ने का भी प्रयास किया। लेकिन इससे पहले ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती को बचा लिया। लेकिन आरोपी फिलहाल मौके से फरार हो गया। आरोपी को पकड़ने लिए टीमें गठित सामोद थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि मोरीजा के फार्म हाउस पर युवती के साथ केयरटेकर द्वारा गलत काम करने का प्रयास किया गया है। मामले में युवती के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी युवक को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। recent visitors 96