एयरपोर्ट स्टाफ की करतूत, कस्टम को चकमा देने की थी कोशिश, एयरपोर्ट पर तैनात दो कर्मचारी निकले तस्कर

मुंबई मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (CSMIA) पर कस्टम अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 5.75 किलोग्राम सोना जब्त किया है। इस जब्त सोने की अनुमानित कीमत करीब ₹5.10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई 17 मई 2025 को की गई और दोनों मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। एयरपोर्ट स्टाफ की करतूत, कस्टम को चकमा देने की थी कोशिश सबसे हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए दोनों आरोपी मुंबई एयरपोर्ट पर ही कार्यरत थे। उन्होंने इस तस्करी को अंजाम देने के लिए अपने कपड़ों के अंदर और जैकेट की जेब में सोने को छिपा रखा था। दोनों की हरकतें संदिग्ध लगने पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोका और पूछताछ शुरू की। जब जांच की गई तो उनके पास से भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ। कड़ी निगरानी से फंसे आरोपी कस्टम विभाग ने बताया कि वे लगातार एयरपोर्ट पर गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इन मामलों में तस्करी के तरीके बेहद चौंकाने वाले थे क्योंकि आरोपी खुद एयरपोर्ट स्टाफ थे और उन्हें सिस्टम की अच्छी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर वे तस्करी को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कस्टम अधिकारियों की सजगता से उनका मंसूबा नाकाम हो गया। आरोपियों से पूछताछ जारी, नेटवर्क का हो सकता है बड़ा खुलासा दोनों आरोपियों को कस्टम एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क भी सक्रिय हो सकता है। इस दिशा में जांच तेज कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस सोने की सप्लाई कहां से हुई और आगे किसे पहुंचाई जानी थी। recent visitors 41

सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर किया भूमि पूजन, बीकानेर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की, दिए निर्देश

बीकानेर/जयपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 22 मई की प्रस्तावित बीकानेर यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पलाना में कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेते हुए दिशा-निर्देश प्रदान किए।   सीएम भजनलाल शर्मा ने  कार्यक्रम स्थल पर किया भूमि पूजन उन्होंने कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और गर्मी के मौसम के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर आमजन के प्रवेश, निकास, बैठक, पेयजल सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन भी किया। प्रधानमंत्री करेंगे 103 रेलवे स्टेशनों के सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकार्पण उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने यात्री सुविधाओं के दृष्टिगत रेलवे स्टेशनों के सुदृढ़ीकरण को सर्वाच्च प्राथमिकता दी है। बीकानेर में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी देश के 103 स्थान पर रेलवे स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विधायक बाबूसिंह राठौड़, कुलदीप धनखड़ और डॉ. विश्वनाथ मेघवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।   recent visitors 57

बसपा के वरिष्ठ नेताओं की मीटिंग में बसपा प्रमुख माावती ने आकाश आनंद को बनाया BSP का मुख्य नेशनल कोआर्डिनेटर

लखनऊ बसपा प्रमुख मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मायावती ने आकाश आनंद को बसपा का मुख्य नेशनल कोआर्डिनेटर बनाया है। रविवार को दिल्ली में हुई बसपा के वरिष्ठ नेताओं की मीटिंग में बसपा प्रमुख माावती ने इसकी घोषणा कर दी। आकाश आनंद को तीन नेशनल कोआर्डिनेटर रिपोर्ट भी करेंगे। आकाश आनंद आगामी चुनाव में प्रचार-प्रसार की कमान भी संभालेंगे। बैठक में मायावती आकाश को प्रोत्साहित करने और पार्टी के मिशन के लिए समर्पित रहने की बात कही। उन्होंने कहा, आकाश की वापसी के बाद बसपा में नई ऊर्जा का संचार होगा। साथ ही मायावती ने यह भी स्पष्ट किया कि वह फिलहाल किसी को उत्तराधिकारी नहीं बनाएगी। बतादें कि बसपा में तीन नेशनल कोआर्डिनेटर बनाए गए हैं। इनमें राज्यसभा सांसद रामजी गौतम, रणधीर बेनीवाल और राजाराम शामिल है। रामजी गौतम बिहार प्रदेश के प्रभारी भी हैं। सूत्रों के अनुसार रविवार को हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। मार्च में बसपा से निकाले गए थे आकाश आनंद मार्च में बसपा प्रमुख मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया था। साथ ही उन्हें नेशनल कॉर्डिनेटर समेत सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। इसी के साथ मायावती ने कहा था कि अब उनके जीते-जी कोई भी उत्तराधिकारी नहीं होगा। मायावती ने आकाश आनंद को बसपा से निकाले जाने की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इसकी जानकारी दी थी। इस पोस्ट में मायावती ने लगातार तीन पोस्ट लिखकर आकाश आनंद को खूब सुनाया था। माफी मांगने के बाद मायावती ने भतीजे की बसपा में कराई थी वापसी भतीजे आकाश आनंद द्वारा बसपा सुप्रीमो मायावती से माफी मांगे जाने के करीब सात घंटे बाद रविवार की शाम 8.21 बजे मायावती ने उनकी माफी को मंजूर कर लिया और उन्हें पार्टी में एक और मौका दे दिया था। इसी के साथ आकाश आनंद का बसपा में वापसी हो गई। 13 अप्रैल की दोपहर करीब 1.15 बजे सोशल मीडिया एक्स पर आकाश आनंद ने अपनी बुआ व बसपा सुप्रीमो मायावती ने माफी मांगते हुए कहा था कि उन्हें पार्टी में काम करने के लिए एक मौका दिया जाए। आज मैं यह प्रण लेता हूं कि बहुजन समाज पार्टी के हित के लिए मैं अपने रिश्ते-नातों और खासकर अपने ससुराल वालों को कतई बाधा नहीं बनने दूंगा। आकाश आनंद का डा. भीमराव अंबेडकर जयंती से ठीक एक दिन पहले सोशल मीडिया एक्स पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग कर यह साफ कर दिया था कि वह किसी बहकावे में आने वाले नहीं हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी आकाश आनंद से छिनी थी जिम्मेदारियां मायावती का भतीजे आकाश आनंद को लेकर रुख चौंकाने वाला रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी आकाश आनंद पर कार्रवाई हो चुकी है। जनसभाओं में विवादित बयानबाजी को लेकर मायावती ने भतीजे को बसपा में उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। कुछ दिन बाद ही उनकी फिर से वापसी कराई गई थी। लेकिन 2025 में एक बार फिर ऐक्शन ले लिया गया है। इस बार मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से ही बाहर कर दिया और उनके पिता यानी अपने भाई आनंद कुमार को नेशनल कॉर्डिनेटर बना दिया। recent visitors 52

बारातियों की स्वागत की तैयारी चल रही थी, इस बीच वधू की तबीयत बिगड़ी, दवा खाने के कुछ ही देर वधू की मौत

कन्नौज यूपी के कन्नौज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शनिवार देर शाम एक युवती की शादी थी। बारातियों की स्वागत की तैयारी चल रही थी। इस बीच वधू की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे गांव के ही छोलाछाप डॉक्टर के यहां ले गए। दवा खाने के कुछ ही देर वधू की मौत हो गई। इससे शादी के घर पर मातम पसर गया। परिजनों नें चीख पुकार मच गई। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत दवा देने का आरोप लगाया है। ये घटना गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के किसवापुर गांव का है। यहां के रहने वाले महेश बाथम की बेटी रिंकी की शादी उमर्दा के सुखी गांव के नरेश के बेटे राहुल से तय हुई थी। शनिवार को राहुल बारात लेकर किसवापुर पहुंचने ही वाले थे। इससे पहले रिंकी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे जसोदा के डॉक्टर के यहां लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसका इलाज करना शुरू किया। कुछ देर चले इलाज के दौरान रिंकी की मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने डॉक्टर पर गलत इलाज का आरोप लगाया है। परिजनों की माने तो डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगा दिया जिससे रिंकी की मौत हो गई। रिंकी के घर बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। उधर, बारात कुछ ही देर में पहुंचने वाली थी। घर पर रिश्तेदारों और परिवार के साथ ही गांव के लोगों की भीड़ जमा थी। इसी बीच अचानक रिंकी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गई। जिस घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। वहां करुण क्रंदन और चीख पुकार मच गई । वहीं, ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। recent visitors 51

सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के साथ ही विजय शाह का राजनीतिक भविष्य तय होगा कि वह मंत्री रहेंगे या नहीं

भोपाल मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर अमर्यादित टिप्पणी के मामले में भाजपा संगठन कोई जल्दबाजी करने की जगह फूंक-फूंककर कदम रख रहा है। पार्टी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर टिकी हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के साथ ही विजय शाह का राजनीतिक भविष्य तय होगा कि वह मंत्री रहेंगे या नहीं। दरअसल, भाजपा भी कोर्ट के निर्णय का इंतजार कर रही है। उल्लेखनीय है कि भाजपा, विजय शाह को उनके बयान को लेकर नसीहत दे चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पूरे मामले में प्रदेश संगठन से रिपोर्ट मांगी थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद शाह चुपचाप हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी नहीं जा रहे हैं। मामले में कांग्रेस हमलावर हो गई है। जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह की मुश्किलें बढ़ती चली जा रही हैं। सुप्रीम कोर्ट में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ओर से अधिवक्ता जया ठाकुर ने कैविएट दायर कर बिना उनका पक्ष सुने निर्णय नहीं देने का अनुरोध किया है। बता दें कि मंत्री विजय शाह के विरुद्ध हाई कोर्ट के आदेश पर जिन धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ है, उनमें उम्रकैद तक का प्रविधान है। सुप्रीम कोर्ट ने मंत्री शाह की ओर से हाई कोर्ट के आदेश पर दर्ज एफआइआर रद करने की मांग वाली याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई को सुनवाई नहीं करते हुए सोमवार को यह मामला सुने जाने की व्यवस्था दी थी।   सुप्रीम कोर्ट में अर्जी फाइल की वहीं मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन की अध्यक्षता वाली युगलपीठ के अभाव में सुनवाई टल गई थी। दूसरी ओर, डेमोक्रेटिक लायर्स फोरम, जबलपुर के सचिव अधिवक्ता रवींद्र गुप्ता व अध्यक्ष ओपी यादव की ओर से सुप्रीम कोर्ट में हस्तक्षेप अर्जी फाइल कर दी गई है। दोनों की ओर से पहले पक्ष सुने जाने पर बल दिया गया है। इसके साथ ही इस बात पर बल दिया गया है कि इतने गंभीर प्रकरण में मंत्री शाह को सुप्रीम कोर्ट किसी तरह की राहत प्रदान न करे। अधिवक्ता रवींद्र गुप्ता व ओपी यादव की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, विवेक कृष्ण तन्खा, केटीएस तुलसी व इंदिरा साहनी के साथ समीर सोढ़ी, वरुण तन्खा, इंद्रदेव मंत्री विजय शाह की विशेष अनुमति याचिका का सोमवार को विरोध करेंगे। recent visitors 43

भोपाल के एक होटल में उपभोक्ता से पानी की बोतल पर एक रुपये जीएसटी वसूला गया, जिस पर उपभोक्ता ने जताया विरोध

भोपाल मध्य प्रदेश राजधानी भोपाल के एक होटल में उपभोक्ता से पानी की बोतल पर एक रुपये जीएसटी वसूला गया। जिस पर उपभोक्ता ने विरोध भी जताया, लेकिन होटल संचालक नहीं माने। इससे परेशान होकर ग्राहक ने जिला उपभोक्ता आयोग में याचिका लगाई। आयोग ने उपभोक्ता के पक्ष में निर्णय सुनाया। आयोग के अध्यक्ष योगेश दत्त शुक्ल व सदस्य प्रतिभा पांडेय ने निर्णय सुनाया कि एमआरपी में जीएसटी शामिल होता है, ऐसे में अलग से जीएसटी वसूलना गलत है। मामले में आयोग ने निर्णय सुनाया कि होटल प्रबंधन दो महीने के अंदर वसूली गई जीएसटी की राशि एक रुपये ग्राहक को वापस करे। दोस्त के साथ गए थे होटल साथ ही आठ हजार रुपये मानसिक क्षतिपूर्ति के रूप में देना होगा। दरअसल, राजधानी के ऐश्वर्य निगम मिसरोद रोड स्थित मोती महल डीलक्स होटल में अपने दोस्त के साथ खाना खाने गए थे, जहां खाने का बिल 796 रुपये दिया गया। इसमें पानी की एक बॉटल 29 रुपये की दी गई, जबकि बॉटल पर एमआरपी 20 रुपये छपी थी। इसके साथ ही होटल प्रबंधन ने पानी की बॉटल पर एक रुपये की जीएसटी भी वसूली। होटल प्रबंधन के तर्क को किया खारिज उपभोक्ता ने शिकायत की थी कि जब पानी की बॉटल बाजार भाव से अधिक दाम पर होटल प्रबंधन से की तो विवाद बढ़ गया। होटल प्रबंधन ने तर्क रखा कि उपभोक्ता को जो मेन्यू कार्ड दिया गया था, उसमें कीमत और जीएसटी दोनों का जिक्र था। साथ ही होटल में बैठने, एयर कंडीशनर और म्यूजिक समेत अन्य सुविधाएं भी दी जाती हैं। ऐसे में पानी पर जीएसटी लगाना कानूनी अधिकार है, हालांकि आयोग ने इस तर्क को खारिज कर दिया। recent visitors 39

मुरैना में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्षों में फायरिंग, गोली लगने से एक की मौत

मुरैना मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के तोर गांव में सरकारी जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच दो दिन से फायरिंग होने की घटना सामने आई है। फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। निरार थाना पुलिस के पास पहली बार दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग की शिकायत पहुंची थी, लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया गया। शुक्रवार-शनिवार की रात एक पक्ष ने जमीन पर बनी झोंपड़ी में आग लगाई और फिर ताबड़तोड़ फायर किए। मामला थाने तक आया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद रात में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। गोली लगने से जिसकी मौत हुई है वह देवगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है और तोर गांव में अपने रिश्तेदार के घर आया था। इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए नईदुनिया के साथ। recent visitors 48