भाजपा ने यूपी में बनाए 72 नए जिलाध्यक्ष: अमेठी में स्मृति के करीबी सुधांशु शुक्ला को मिली कमान

BJP appoints 72 new district presidents in UP: Smriti’s close aide Sudhanshu Shukla gets command in Amethi लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने रविवार को 72 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की। अमेठी में पार्टी ने युवा नेता सुधांशु शुक्ला को जिलाध्यक्ष बनाया है। शुक्ला पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के करीबी माने जाते हैं। सुधांशु शुक्ला पेशे से अधिवक्ता हैं और इससे पहले भाजपा के जिला महामंत्री के पद पर कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और एक्स पर बधाई संदेश साझा किया। ईरानी ने अपने संदेश में न केवल सुधांशु शुक्ला को, बल्कि रायबरेली से नियुक्त किए गए बुद्धिलाल पासी समेत प्रदेश के सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि 2024 का चुनाव हारने के बाद से स्मृति ईरानी अमेठी नहीं आई हैं। जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली का आशीर्वाद प्राप्त व्यक्ति ही इस पद पर नियुक्त होगा। सुधांशु शुक्ला की नियुक्ति से यह अनुमान सही साबित हुआ है। recent visitors 107

17 मार्च 2025, सोमवार: चमकेगा इन राशियों का भाग्य

मेष राशि:आज किसी संपत्ति विवाद को सुलझाने के लिए आप पहल कर सकते हैं। शरीर को फिट रखने के लिए आपको सब्जियां और फल भी अधिक खाने चाहिए। लव लाइफ में पार्टनर को समय दें। तनाव कम लें। वृषभ राशि: आज आपको अपने प्रदर्शन से समस्याओं पर काबू पाने की जरूरत है। छोटी-छोटी बातों पर बहस में न पड़ें। प्रेम जीवन में छोटे-मोटे उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। ऑफिस की राजनीति से दूर रहें। मिथुन राशि: आज छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याएं उम्रदराज नागरिकों को परेशान कर सकती हैं। कुछ लॉन्ग डिस्टेंस के प्रेम संबंधों में परेशानी हो सकती है। व्यापार में अच्छा रिटर्न देखने को मिलेगा। कर्क राशि: आज कुछ जातकों को मेडिकल देखभाल की आवश्यकता होगी। जो लोग यात्रा कर रहे हैं, उन्हें भी ऑनलाइन पेमेंट करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। कोई सहकर्मी आप पर गलत बिहेवियर का आरोप लगा सकता है। सिंह राशि: आज आपको जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की आवश्यकता है। प्रेम-संबंधी मुद्दों को संभालते समय डिप्लोमेटिक बने रहें। धूम्रपान न करें क्योंकि यह आपके स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। कन्या राशि: आज कोई पुराना एक्स लवर जीवन में वापस आएगा लेकिन इससे पारिवारिक जीवन में परेशानी हो सकती है। छोटी-मोटी आर्थिक समस्याएं आ सकती हैं। कुछ जातकों को सेहत संबंधी दिक्कत हो सकती है। तुला राशि: आज का दिन फाइनेंशियल डिसीजन लेने के लिए अच्छा नहीं रहेगा। सेल्स और मार्केटिंग से जुड़े लोगों को लक्ष्य पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। महिला जातक अपने माता-पिता से सपोर्ट की उम्मीद कर सकती हैं। वृश्चिक राशि: धन के मामले में आज का दिन शुभ है। लव लाइफ में परेशानी हो सकती है, ज्यादातर बातचीत की कमी के कारण। आप अपने करियर में विकास के नए अवसर देखेंगे। सुबह के समय योग और कुछ हल्के व्यायाम करना बहुत फायदेमंद रहेगा। धनु राशि: आज आपको व्यापार में धन जुटाने में परेशानी हो सकती है। उम्रदराज लोगों को फिसलन वाली जगह पर चलने से बचना चाहिए। प्रेमी के साथ आपका कम्युनिकेशन अच्छा रहेगा। आपको ऑफिस पॉलिटिक्स से दूर रहना चाहिए। मकर राशि: आज कुछ लोगों को भाई-बहनों से आर्थिक सहायता मिलेगी। आपको प्रेमी को पर्सनल स्पेस भी देना चाहिए। आप प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार लें। आपका पेशेवर जीवन उत्पादक रहेगा। कुंभ राशि: आज करियर में आपको सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। रात के समय वाहन चलाते समय आपको सावधान रहना चाहिए। अगर आप रचनात्मक क्षेत्र में हैं, तो आपको आलोचना का सामना भी करना पड़ सकता है। मीन राशि: आज अपने पार्टनर के साथ बातचीत के दौरान आप अपना कंट्रोल न खोएं। मैरिड जातकों को एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर में नहीं पड़ना चाहिए, जो जीवन में परेशानी का कारण बन सकता है। बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन से बचें। recent visitors 74

बीजेपी MLA बोलीं- ये लोग वहां मांस और शराब परोस रहे, केदारनाथ में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की तैयारी

देहरादून केदारनाथ धाम में गैर-हिंदुओं के प्रवेश और गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. इस संबंध में केदारनाथ की भाजपा विधायक आशा नौटियाल ने जानकारी दी है. विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि कुछ गैर-हिंदू तत्व धार्मिक स्थल केदारनाथ धाम की पवित्रता को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग वहां मांस, मछली और शराब परोसने जैसे कामों में लिप्त हैं, जिससे धाम की गरिमा को नुकसान पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई जा रही है. बैठक में सामने आया ये सुझाव बीजेपी विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि हाल ही में प्रदेश के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने इस विषय पर अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक की थी. बैठक में यह सुझाव आया कि गैर-हिंदू तत्वों द्वारा केदारनाथ धाम को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं. इसलिए ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनके प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए. बीजेपी पर कांग्रेस का तीखा पलटवार उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि यह शिव भूमि है, उत्तराखंड ही नहीं, देशभर में एक तरफ द्वारका और पुरी में भगवान विष्णु विराजमान हैं. एक तरफ रामेश्वरम हैं, तो दूसरी तरफ उत्तराखंड में केदारनाथ-बद्रीनाथ हैं. जहां हर धार में देवालय है और हर नदी घाड़ में शिवालय है, वहां आप किस-किस को वर्जित करेंगे. और ये संकीर्णता क्यों? हरीश रावत ने कहा कि बीजेपी के नेताओं को सनसनीखेज बयान देने की आदत पड़ गईं है, जिन्हें कोई जानता भी नहीं था, वो भी मीडिया की कृपा से रातोरात चर्चित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि आशाजी ने सोचा कि मैं पीछे क्यों रह जाऊं, इसलिए उन्होंने भी बयान दे दिया. हरीश रावत ने कहा कि अब शराब-मांस क्यों आ रहा है, आप सरकार हैं तो इसे आप रोकिए. मैं तो दूसरे धर्म के ऐसे लोगों को भी जनता हूं, जो हमेशा मंदिरों और आस्था वाली जगह पर पहले जूते उतार देते हैं, कभी-कभी हम भूल जाते हैं.   recent visitors 69

नाइटक्लब में लगी भीषण आग, 50 लोगों की मौत, आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और भगदड़

स्कोप्जे उत्तरी मैसेडोनिया के कोकानी में एक नाइटक्लब में भीषण आग लग गई। आग में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। देश के प्रधानमंत्री ने इस दुखद घटना पर अफसोस जताते हुए लोगों से इस दुख की घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की अपील की है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया कि नाइटक्लब में एक कॉन्सर्ट के दौरान लगभग 1,500 लोग मौजूद थे, जब अचानक आग लग गई। आग तेजी से छत और बिल्डिंग के अन्य हिस्सों में फैल गई, जिससे पूरा नाइटक्लब जलकर राख हो गया। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ के कारण भी कई लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों की संख्या का अभी भी आकलन किया जा रहा है। बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद है और राहत कार्य जारी है। इस घटना पर उत्तरी मैसेडोनिया के प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्की ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "गहरे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मुझे कोकानी में हुई भयानक त्रासदी की खबर मिली। मैसेडोनिया के लिए यह एक कठिन और बहुत दुखद दिन है! इतने सारे युवा जीवन की अपूरणीय हानि है।" उन्होंने आगे कहा, "दुख के इस समय में, हमारी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं और मृतकों के परिवारों को इस अकल्पनीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान किए जाने की प्रार्थना करता हूं। आम लोग और सरकार उनके दर्द को कम करने और इन कठिन क्षणों में उनकी मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।" पीएम ने हर संभव सहायता प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कहा, "मैं सभी सक्षम संस्थानों – स्वास्थ्य सेवाओं, पुलिस, स्थानीय अधिकारियों – से घायलों की मदद के लिए तत्काल उपाय करने और प्रभावित परिवारों की सहायता करने का आह्वान करता हूं। सरकार पूरी तरह से सक्रिय है और परिणामों से निपटने और इस त्रासदी के कारणों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।" पीएम ने लोगों से इस दुख की घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की अपील करते हुए कहा, "गहरे दुख के इस समय में, जब हमारे दिल इस भयानक त्रासदी के दर्द से टूट गए हैं, मैं एकजुटता, मानवता और जिम्मेदारी का आह्वान करता हूं। ईश्वर पीड़ितों और घायलों के परिवारों और मैसेडोनिया के लोगों के साथ रहें!" recent visitors 68

टेक्नोलॉजी से पूरी दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहा है, ऐसे में मीडिया जगत में भी तेजी के साथ बदलाव हो रहा है: मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया को मान्यता दी गई है। मीडिया ही लोकतंत्र के प्रति सजग प्रहरी के रूप में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित कर अन्य तीन स्तंभों को किसी न किसी रूप में झकझोरती है। किन्हीं कारणों से छूटे हुए मुद्दों को सही तथ्यों के साथ प्रस्तुत कर जन सरोकार से जोड़ती है। मीडिया की भूमिका पूरी दुनिया में समय-समय पर अलग-अलग रूप में देखने को मिली है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में आयोजित एक प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में कही। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि देश में कई ऐसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हैं, जिन्होंने अपने करियर को मीडिया के जरिए आगे बढ़ाने का काम किया था। देश के स्वाधीनता आंदोलन में उन्होंने पत्रकारिता के रूप में अपनी अहम भूमिका निभाई थी। इसमें सबसे पहला नाम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का आता है, जिन्होंने अपनी लेखनी से समाचार पत्रों को प्रोत्साहित किया था। लोकमान्य तिलक ने जन चेतना को जागरूक करने के लिए गणपति महोत्सव का आयोजन किया। इसके अलावा लाल लाजपत राय, गणेश शंकर विद्यार्थी आदि ने अपनी लेखनी की धार से समाज को नई दिशा दी। जिस समय देश के लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा था, तब समाचार समूहों ने अपनी लेखनी के माध्यम से लोकतंत्र को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी। मीडिया की भूमिका और प्रासंगिकता को परिवर्तनशील माहौल में भी कभी कम नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज टेक्नोलॉजी से पूरी दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में मीडिया जगत में भी तेजी के साथ बदलाव हो रहा है ताकि समाज तक टेक्नोलॉजी से जुड़कर सही तथ्यों को उन तक पहुंचाया जा सके। आज युवा पीढ़ी सबसे ज्यादा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रही है क्योंकि उसके पास समय कम है। ऐसे में मीडिया संस्थानों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है कि उन तक सकारात्मक चीजें पहुंचाई जाएं क्योंकि कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफार्म का दुरुपयोग कर नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में मीडिया जगत अपनी जिस भूमिका के लिए जानी जाती है, उसी भूमिका के साथ उसे आगे बढ़ना होगा। यह न केवल लोकतंत्र बल्कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए बड़ा कार्य होगा। सीएम योगी ने आगे कहा कि सुशासन और लोकतंत्र की पहली शर्त संवाद है। हम जबरन अपनी बात को किसी पर थोप नहीं सकते हैं, लेकिन संवाद से बड़े से बड़ी समस्या का समाधान कर सकते हैं। वहीं जब भी हम संवाद की भाषा से अपने आप को अलग करते हैं, तो नए संघर्ष को बढ़ावा मिलता है। हमें उस संघर्ष से बचने की आवश्यकता है। ऐसे में अगर मीडिया उस संवाद की भाषा को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी, तो निश्चित रूप से बहुत सारी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। सीएम ने कहा कि संवाद को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम मीडिया है। इसके लिए जरूरी नहीं है कि एक लाख लोगों को इकट्ठा करके अपनी बात कही जाए, इसके लिए कुछ लोग ही पर्याप्त हैं। वहीं लोग करोड़ तक आपकी आवाज को पहुंचाएंगे। इसके लिए मीडिया को आगे आना होगा। recent visitors 73

किसी व्यक्ति का मूल्यांकन उसकी जाति के आधार पर नहीं, बल्कि गुणों और कार्यों से किया जाना चाहिए: नितिन गडकरी

नई दिल्ली केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति का मूल्यांकन उसकी जाति, धर्म, भाषा या लिंग के आधार पर नहीं, बल्कि उसके गुणों और कार्यों से किया जाना चाहिए। 'कभी भी जातिवाद की राजनीति को बढ़ावा नहीं देंगे…' बता दें कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने  सेंट्रल इंडिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित किया। गडकरी ने अपने जीवन और राजनीति से जुड़े अनुभवों को साझा करते हुए यह स्पष्ट किया कि वह कभी भी जातिवाद की राजनीति को बढ़ावा नहीं देंगे, चाहे इसका उनके राजनीतिक करियर पर क्या भी असर पड़े। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण अपने सिद्धांतों और मूल्यों को बनाए रखना है। 'जाति, धर्म, भाषा या लिंग से नहीं, बल्कि कार्यों और गुणों से बनती है पहचान' गडकरी ने आगे कहा कि समाज को जाति, धर्म और भाषा के नाम पर बांटने की बजाय, हमें व्यक्ति के गुणों और काबिलियत को प्राथमिकता देनी चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति, धर्म, भाषा या लिंग से नहीं, बल्कि उसके कार्यों और गुणों से बनती है। उन्होंने स्वीकार किया कि राजनीति में जाति आधारित पहचान महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, लेकिन उन्होंने दोहराया कि वह इस तरह की राजनीति से दूर रहेंगे, चाहे इससे उन्हें वोट मिले या नहीं। गडकरी ने कहा, "मैं राजनीति में हूं और यहां ये सब चलता है, लेकिन मैं इसे नहीं मानता, चाहे इससे मुझे वोट मिले या न मिले।" 'चुनाव हारने से जिंदगी खत्म नहीं होती…' गडकरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई लोग जाति के आधार पर वोट मांगते हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने सिद्धांतों को प्राथमिकता दी। उन्होंने सभा में कहा, "मैंने 50,000 लोगों से कहा था – जो करेगा जात की बात, उसके कस के मारूंगा लात।" उनके इस बयान पर कुछ लोगों ने चेतावनी दी थी कि इससे उन्हें नुकसान हो सकता है, लेकिन गडकरी ने कहा कि वह अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "चुनाव हारने से जिंदगी खत्म नहीं होती, लेकिन अपने विचारों से समझौता नहीं कर सकता।"   recent visitors 63

इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग भारत में सबसे बड़ा विनिर्माण क्षेत्र बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा: एस कृष्णन

नई दिल्ली इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव एस कृष्णन ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग दुनिया भर में और भारत में सबसे बड़ा विनिर्माण क्षेत्र बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि तमिलनाडु का 'इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर' वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में भारत का नेतृत्व करने वाला एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। यह बयान कृष्णन ने केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा अनुबंध निर्माण फर्म, जेटवर्क इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सुविधा के उद्घाटन के दौरान दिया। यह कार्यक्रम श्रीपेरंबदूर में आयोजित किया गया था जिसमें तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा, जेटवर्क के सीईओ और सह-संस्थापक अमृत आचार्य और इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस के अध्यक्ष जोश फॉल्गर ने भी भाग लिया। एस कृष्णन ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में 500 बिलियन अमेरिकी डॉलर का लक्ष्य तय किया है, और तमिलनाडु की पूरी भागीदारी के बिना इस लक्ष्य को हासिल करना बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य का एक बड़ा हिस्सा लगभग 20 प्रतिशत या एक चौथाई इस क्षेत्र में उत्पादन के माध्यम से पूरा किया जाना चाहिए।   कृष्णन ने कहा कि तमिलनाडु में उच्च गुणवत्ता वाले मानव संसाधन और बढ़ती विनिर्माण क्षमता के कारण कई प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता यहां अपनी उत्पादन सुविधाएं स्थापित करने के लिए इच्छुक हैं। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टीआरबी राजा ने भी राज्य के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में योगदान को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस बयान से यह साफ है कि तमिलनाडु राज्य का इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में महत्वपूर्ण स्थान बन चुका है और आने वाले वर्षों में यह भारत के विनिर्माण क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।   recent visitors 59