रमजान में संस्कृति बचाओ मंच ने लाउडस्पीकर पर बैन लगाने का मुद्दा उठाया, कलेक्टर से कार्रवाई करने की अपील

भोपाल उत्तर प्रदेश के बाद अब मध्य प्रदेश में भी लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठी है. रमजान के पवित्र महीने में संस्कृति बचाओ मंच ने लाउडस्पीकर पर बैन लगाने का मुद्दा उठाया है. मंच के संयोजक चंद्रशेखर तिवारी का कहना है कि नमाज के वक्त साउंड तेजी से बज रहा है. तय पैमाने पर ही लाउडस्पीकर बजने चाहिए. कई लोगों ने संस्कृति बचाओ मंच से शिकायत की है. संस्कृति बचाओ मंच का कहना है कि मस्जिदों के अंदर लाउडस्पीकर पर हमें कोई आपत्ति नहीं. ऊपर लगे माइक को हटाया जाना चाहिए. संस्कृति बचाओ मंच का कहना है कि कलेक्टर और मुख्यमंत्री का भी आदेश है कि तेज आवाज नहीं होनी चाहिए. 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं चल रही हैं. लाउडस्पीकर  से तेज आवाज आ रही है. नियम सभी के लिए एक समान होने चाहिए. तेज साउंड से लोगों को परेशानी हो रही, बच्चों को परेशान हो रही है. संस्कृति बचाओ मंच से कई लोगों ने इसकी शिकायत की है. इस पर कलेक्टर को संज्ञान लेना चाहिए. सभी को अपनी बात रखने का हक: कांग्रेस लाउडस्पीकर मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता स्वदेश शर्मा का कहना है कि कोर्ट के आदेश और तय मापदंडों के अनुसार साउंड होना चाहिए. एक धर्मविशेष को टारगेट न कराया जाए. देश में सभी को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है. इधर, बीजेपी प्रवक्ता मिलन भार्गव ने कहा कि मध्य प्रदेश में सभी चीजें कानून के अनुसार तय होती हैं. हिन्दू मुस्लिम करने का काम कांग्रेस करती है. कानून का पालन सबको करना होगा. recent visitors 56

मानव संग्रहालय की नई टाइमिंग 1 मार्च से 31 अगस्त 2025: 11 AM से 6:30 PM, वन विहार 5 से 7 मार्च तक सुबह 6.30 से 10 बजे तक बंद रहेगा

भोपाल  मध्यप्रदेश की झीलों से घिरी खूबसुरत राजधानी भोपाल अपने खानपान और टूरिस्ट एडवेंचर के लिए पूरे देश में एक अलग स्थान रखती है. जहां आप तालाब के सुंदर दृश्य से लेकर आदिवासी कला और रहन-सहन देख सकते हैं. राजधानी भोपाल के बीचों बीच श्यामला हिल्स की पहाड़ियों पर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय पर्यटकों के आकर्षण का खास केंद्र है. इसके साथ ही वन विहार नेशनल पार्क भी भोपाल आए टूरिस्ट्स की मस्ट-वॉच लिस्ट में शुमार होते हैं. अब गर्मी के मौसम के ठीक पहले यहां की एंट्री टाइमिंग में बदलाव हुआ है. राजधानी के श्यामला हिल्स स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में अगर आप घूमने जाने का सोच रहे हैं तो बता दें कि यहां एंट्री के समय में बदलाव हुआ है. जिसके बाद अब 1 मार्च से 31 अगस्त 2025 तक मानव संग्रहालय की समस्त मुक्ताकाश और अंतरंग भवन की विभिन्न प्रदर्शनियों रोज सुबह 11 बजे से शाम के 6.30 बजे तक दर्शकों के देखने के लिए ओपन रहा करेंगी. इसके अलावा मानव संग्रहालय हर सोमवार और नेशनल हॉली-डे पर बंद रहा करेगा. वन विहार में 5 से 7 मार्च तक देर से होगी एंट्री झीलों के शहर भोपाल में अगर आप पक्षियों से लेकर तरह-तरह के जानवरों का दीदार करना चाहते हैं तो वन विहार राष्ट्रीय उद्यान आपके ही इंतजार में है, लेकिन हां अब अगर आप वन विहार नेशनल पार्क में जाने का प्लान बना रहे हैं तो बता दें कि आने वाले 5 से लेकर 7 मार्च तक वन विहार टूरिस्ट के लिए जरा देरी से खुलेगा. ऐसा इसलिए क्योंकि इस बीच वन विहार में जानवरों की गिनती होगी जो 5 से 7 मार्च तक सुबह 7 से 9 तक होगी. इसके चलते वन विहार में सुबह 6.30 से 10 बजे तक पर्यटकों को एंट्री नहीं मिलेगी. इसके बाद टूरिस्ट शाम 6.30 बजे तक यहां घूम सकेंगे तो अगर आप भी मानव संग्रहालय या फिर वन विहार जाने वाले है तो जानें से पहले टाइमिंग जरूर चेक कर लें. recent visitors 37

पुराने मुक्तिधाम को नया बताकर सरपंच और सचिव ने निकाली राशि, कलेक्टर से जांच की मांग

Sarpanch and secretary withdrew money by declaring old Muktidham as new, demand for investigation from collector दमोह ! जिले के तेंदुखेडा ब्लाक में आने वाली दिनारी ग्राम पंचायत में सरपंच,सचिव ने पुराने मुक्तिधाम को नया बताकर राशि निकाल ली। जबकि यह मुक्तिधाम पूर्व सरपंच के कार्यकाल में बना था। अब ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन देकर जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है। पंचायत के सरपंच, सचिव ने उपयंत्री के साथ मिलकर यह राशि निकलवाई है। ग्रामीणों के साथ पंचायत के उपसरपंच धर्मेद्र राजपूत, सुनील राजपूत, नेपाल कुम्हार, पंच हसीना बी ने ने पूरे सबूत के साथ इसकी शिकायत दमोह कलेक्टर के पास एक सप्ताह पहले की थी, लेकिन आज तक शिकायत की जांच नहीं हुई। जिला पंचायत सीईओ को जांच करने के निर्देश दिए थे। यहां की निकली फर्जी राशिशिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर को दिये ज्ञापन में बताया था कि दिनारी ग्राम पंचायत में जिस मुक्तिधाम को पंचायत नया बता रही है वह पूर्व सरपंच के कार्यकाल में बनाया गया था। उसी की पुताई करके उसको नया बताकर पंचायत ने उपयंत्री और सहायक यंत्री की साठगांठ से राशि निकाल ली। दूसरी शिकायत में बताया गया कि पटी लीलाधर में पौधा रोपण कार्य हरिकिता संस्था द्वारा कराया गया था। जिसका रखरखाव आज भी उसी एनजीओ द्वारा किया जा रहा है, लेकिन पंचायत के सरपंच, सचिव ने उपयंत्री के साथ मिलकर पौधारोपण को पंचायत का बताकर लाखों की राशि पंचायत के खाते से निकाल ली है। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यदि पंचायत ने पौधा रोपण किया है तो हरिकिता संस्था ने जो पौधा रोपण किया है वह कहां है इसकी जांच कराई जाए, लेकिन दोनों शिकायत की जांच आज तक नहीं हुई। ये बोले शिकायतकर्तासुनील राजपूत ने बताया दिनारी ग्राम पंचायत में दो वर्ष में बड़े स्तर पर शासकीय राशि का दुरुपयोग हुआ है। ग्राम विकास के लिए आई राशि को सरपंच, सचिव ने उपयंत्री के साथ मिलकर फर्जी मूल्यांकन करके निकाली है। जिसकी जांच के लिए हम लोगो ने लिखित शिकायत दी थी आज तक जांच नहीं हुई। ग्राम पंचायत के उपसरपंच धर्मेद्र राजपूत, पंच हसीना बी ने बताया कि जो निर्माण पुराने है उनमें सीमेंट लगाकर उसकी पुताई कराके नया बताकर राशि निकाली गई है। यदि यह कार्य नए हुए है तो पुराने कहां है। इसकी जांच के लिए हम लोगों ने कलेक्टर के पास लिखित शिकायत की थी। पंच, उपसरपंच द्वारा लगाये आरोपों को लेकर पंचायत के सचिव केशव साहू का कहना है जिस समय उनकी पंचायत में पदस्थापना हुई थी उस समय दोनों कार्य हो चुके थे। इसलिए इन कार्यों के संबंध में वह ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते। तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ मनीष बागरी ने बताया अभी दिनारी पंचायत के संबंध में कोई शिकायत जिले से मेरे पास नहीं आई है। recent visitors 152

संपदा-1 पोर्टल पर अब 726 स्लाट की बुकिंग हो सकेगी प्रतिदिन, 396 स्लाट बुक हो रहे थे अब तक

 इंदौर  समाप्त हो रहे वित्त वर्ष 2024-25 के अंतिम माह मार्च में पंजीयन कार्यालय अवकाश के दिन भी खुले रखने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले में रविवार को भी पंजीयन कार्यालय खुले रहे और दस्तावेज पंजीकृत हुए। आमजन की सुविधा के लिए अब संपदा-1 पोर्टल पर भी स्लाट बुकिंग की संख्या को बढ़ाया गया है। सोमवार से एक सब रजिस्ट्रार के पास 33 स्लाट की बुकिंग हो सकेगी। इससे पहले एक सब रजिस्ट्रार के पास सिर्फ 18 स्लाट ही बुक हो सकते थे। इससे संपदा-1 पोर्टल पर रजिस्ट्री की पांच से सात दिन की वेटिंग आ रही थी। मार्च में अधिक दस्तावेज पंजीकृत हो सके, इसके लिए स्लाट की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। लंबी वेटिंग चल रही थी पंजीयन विभाग द्वारा संपदा-2 पोर्टल के आने के बाद संपदा-1 के स्लाट की बुकिंग को कम कर दिया गया था। एक सब रजिस्ट्रार के पास सिर्फ 18 स्लाट ही संपदा-1 पर बुक होते थे। इस वजह से सभी पंजीयन और उप पंजीयन कार्यालय में संपदा-1 पर रजिस्ट्री कराने के लिए लंबी वेटिंग चल रही थी। बुकिंग को दोगुना कर दिया लोगों को एक सप्ताह के बाद ही रजिस्ट्री के लिए अपाइंटमेंट मिल पा रहा था। इसे देखते हुए पंजीयन विभाग ने एक सब रजिस्ट्रार के पास स्लाट बुकिंग को दोगुना कर दिया। जानकारों का कहना है कि संपदा-2 को प्रमोट करने के लिए संपदा-1 पर स्लाट कम किए थे, लेकिन अब राजस्व बढ़ाने के लिए संपदा-1 पर स्लाट की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। एक दिन में 726 स्लाट हो सकेंगे बुक इंदौर जिले में 22 सब रजिस्ट्रार कार्यरत हैं और इनके पास पहले कुल 396 स्लाट संपदा-1 पर बुक हो रहे थे। प्रत्येक सब रजिस्ट्रार के पास स्लाट की संख्या को दोगुना करने से जिले में संपदा-1 पर 726 स्लाट की बुकिंग प्रतिदिन हो सकेगी। इससे लोगों को रजिस्ट्री के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। संपदा-2 पर स्लाट बुकिंग की कोई लिमिट तय नहीं है। मार्च में होते हैं सर्वाधिक दस्तावेज पंजीकृत वित्त वर्ष के अंतिम माह मार्च में हर बार सर्वाधिक दस्तावेज पंजीकृत होते हैं। ऐसे में पंजीयन कार्यालयों में भीड़ भी बढ़ जाती है। संपदा-1 पर स्लाट की संख्या बढ़ाने से आमजन सुविधा से दस्तावेज पंजीकृत करवा सकेंगे। संपदा-2 पर आनलाइन पंजीयन की सुविधा मुहैया हो रही है, इसके बावजूद आमजन संपदा-1 पर अधिक दस्तावेज पंजीकृत करवा रहे हैं। रविवार को पंजीकृत हुए 350 दस्तावेज पंजीयन कार्यालय मार्च में शनिवार और रविवार के अवकाश के दिन भी खुले रहे। पंजीयन विभाग की वेबसाइट के अनुसार दो दिनों में 1100 दस्तावेज पंजीकृत हुए और आठ करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। शनिवार को 750 दस्तावेज पंजीकृत हुए थे और 6.25 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं रविवार को 350 दस्तावेज पंजीकृत हुए और 1.77 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ। recent visitors 49

पन्ना में थाने को बना दिया ‘होटल’, दरोगाजी के बर्थडे पर पुलिसवालों ने लगाए ठुमके; SP ने दिए जांच के आदेश

पन्ना मध्य प्रदेश के एक थाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें थाना प्रभारी के बर्थडे पर कुछ पुलिसवाले डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। डांस करने वाले कुछ लोगों ने तो अपने कपड़े भी उतार दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के एक थाने से डांस एवं मौज मस्ती के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ सिपाही नाबालिग लड़कों के साथ डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। डांस की मस्ती में चूर ये सिपाही यह भूल गए कि उनके साथ डांस करने वाले लड़के नाबालिग हैं। मामला यहीं नहीं रुका। डांस करने वाले कुछ लोगों ने तो अपने कपड़े तक उतार दिए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पन्ना एसपी साइन कृष्णा थोटा ने वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। मामला पन्ना जिले के धर्मपुर थाना थाना का है। यहां तैनात थाना प्रभारी का जन्मदिन था। इस मौके पर थाने को जमकर सजाया गया था। डीजे से लेकर तमाम तरह की तैयारियां की गई थीं। इसी मौके पर डीजे की धुन पर पुलिसवालों सहित कुछ लोग देसी गानों पर डांस करने लगे। डांस करते-करते कुछ लोगों ने अपने कपड़े उतार दिए। वीडियो में कुछ नाबालिग लड़के भी डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले में जब पन्ना एसपी साइन कृष्णा थोटा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद वीडियो में दिखाई देने वाले सिपाहियों को लाइन अटैच कर दिया गया है। जिस थाना प्रभारी का जन्मदिन था, वह मौके से जा चुके थे। मामले की जांच एसडीओपी कर रहे हैं। अगर थाना प्रभारी की संलपिता पाई जाती है तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल थानेदार साहब के जन्मदिन की पार्टी के कई वीडियो वायरल हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए लोग पन्ना पुलिस पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वीडियो में थाने के अंदर की सजावट भी दिखाई दे रही है। साथ ही थाने के अंदर एक महिला पुलिसकर्मी व्यवस्थाओं को देख रही थी। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिस थाना प्रभारी का जन्मदिन था, पन्ना एसपी उस पर क्या कार्रवाई करते हैं।   recent visitors 48

रेलवे भर्ती बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए ग्वालियर-इंदौर-ग्वालियर स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू

इंदौर  इंदौर। रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए ग्वालियर-इंदौर-ग्वालियर स्पेशल ट्रेन का दोनों दिशाओं में 13-13 फेरे चलाने का निर्णय लिया गया है। ग्वालियर इंदौर स्पेशल ट्रेन (01825) तत्काल प्रभाव से 11 मार्च तक और 16 व 17 मार्च को ग्वालियर से दोपहर एक बजे चलकर रात दो बजे इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में इंदौर-ग्वालियर स्पेशल ट्रेन (01826) तत्काल प्रभाव से 12 मार्च तक और 17 व 18 मार्च को इंदौर शाम सात बजे चलकर अगले दिन सुबह 10.15 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। रतलाम मंडल में चलेंगी 4 स्पेशल ट्रेन गर्मी की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की घोषणा शुरू कर दी है। रतलाम मंडल से होकर चार स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसमें इंदौर-पुणे स्पेशल ट्रेन भी शामिल है। यह ट्रेन पांच मार्च से 25 जून तक प्रति बुधवार इंदौर से शुरू होकर अगले दिन पुणे पहुंचेगी। वर्तमान में इंदौर-पुणे के बीच दो ही नियमित ट्रेनें हैं। इस स्पेशल ट्रेन की बुकिंग भी शुरू हो गई है। इंदौर-पुणे के बीच इंदौर-दौंड और लिंगमपल्ली हमसफर ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इसमें लिंगमपल्ली एक्सप्रेस प्रति शनिवार को रवाना होती है। वेटिंग कम करने चलेंगी स्पेशल ट्रेन वहीं इंदौर-दौंड का संचालन रोज होता है, लेकिन दोनों में हमेशा लंबी वेटिंग रहती है। इसी वेटिंग को कम करने के लिए ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन शुरू की गई है। इंदौर-पुणे-इंदौर स्पेशल (09324) पांच मार्च से 25 जून तक इंदौर से प्रति बुधवार सुबह 11.15 बजे चलेगी। यह देवास 11.50 बजे, उज्जैन 12.40 बजे, नागदा 13.57 बजे व रतलाम 14.35 बजे पहुंचेगी। ट्रेन प्रति गुरुवार रात 3.10 बजे पुणे पहुंचेगी। वापसी में पुणे-इंदौर स्पेशल (09323) छह मार्च से 26 जून तक पुणे से प्रति गुरुवार को सुबह 5.10 बजे चलेगी। ट्रेन रतलाम 8.30 बजे, नागदा 9.10, उज्जैन 10.05, देवास 11 और इंदौर रेलवे स्टेशन पर 11.55 बजे पहुंचेगी। recent visitors 43

फरार तहसीलदार को Supreme Court से झटका, कोर्ट ने जमानत के लिए कहा रेगुलर कोर्ट में जाएं, अब तहसीलदार पर गिरफ्तारी का संकट

ग्वालियर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रेप मामले मे फरार तहसीलदार को सर्वोच्च न्यायालय से भी कोई राहत नहीं मिली हैं. महिला को शादी का झांसा देकर 17 साल तक उससे  शारीरिक संबंध बनाने के पुलिस मे दर्ज मामले मे  आरोपी तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान को अब सुप्रीम कोर्ट से भी झटका लगा है. जिला और हाईकोर्ट के ख़ारिज किए जाने के बाद  तहसीलदार ने सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था. ये है मामला सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद कोर्ट ने तहसीलदार को अग्रिम जमानत के लिए रेगुलर कोर्ट में ही उपस्थित होने के लिए कहा है.सर्वोच्च न्यायालय  से  भी अग्रिम जमानत नहीं मिलने के बाद अब आरोपी तहसीलदार पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है. उधर  दुष्कर्म पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पुलिस आरोपी को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है. जिसका फायदा उठाकर भिंड में आरोपी उनके परिजन को परेशान करवा रहा है. एक महिला ने तहसीलदार के खिलाफ शिकायत दी थी कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और अनेक बार शारीरिक संबंध भी बनाए. उसको एक बेटा भी है. आरोपी ने उसे रतनगढ़ मंदिर ले जाकर शादी का नाटक भी किया था. लेकिन अब इंकार करने लगा. तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान के एमपी के भिंड व यूपी के इटावा में दर्ज 16 आपराधिक मामलों से संबंधित डिटेल पुलिस पहले ही हाईकोर्ट में पेश कर चुकी है. रिकॉर्ड पेश होने के बाद जिला कोर्ट और हाईकोर्ट ने तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान की जमानत याचिका  खारिज कर दी थी. इसके  बाद तहसीलदार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दायर की थी.  लेकिन यहां से भी उसे राहत नहीं मिली है. कोर्ट ने उसे सक्षम जिला न्यायालय मे ही रेगुलर जमानत आवेदन करने को कहा.   तहसीलदार के खिलाफ  साल 2000 से 2011 तक  हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती जैसे 16 गंभीर अपराध दर्ज होना बताए गए हैं.जिसका रिकॉर्ड पीड़िता के वकील और पुलिस कोर्ट में बार-बार पेश कर चुकी है. इस मामले में पीड़ित महिला ने आरोप लगाया था कि पुलिस तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान को गिरफ्तार नहीं कर रही है.जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी उसे बचा रहे हैं. जिस कारण पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही है और उसे बचने का मौका दिया जा रहा है. पीड़ित महिला ने आरोपी से अपनी जान को खतरा बताया था.   recent visitors 41