बीजेपी के नगर मंत्री के होटल को अवैध अतिक्रमण मानते हुए प्रशासन ने कार्रवाई, बुलडोजर चलाया

 गुना मध्य प्रदेश के गुना में प्रशासन ने बीजेपी नेता अमन नाटले के होटल पर बुलडोजर चला दिया है. अमन नाटले बीजेपी के नगर मंत्री हैं और उनका होटल इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित हो रहा था. इसे अवैध अतिक्रमण मानते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की. इस स्थान पर 35/11 केवी का सब स्टेशन बनाया जाना प्रस्तावित है. पुलिस की मौजूदगी में प्रशासनिक अमले ने होटल को धराशायी कर दिया. इस दौरान बीजेपी के कई नेता मौके पर मौजूद थे और कार्रवाई रोकने की कोशिश में जुटे थे, लेकिन अंततः अवैध निर्माण को हटा दिया गया. मोहन सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उदाहरण यह कार्रवाई मुख्यमंत्री मोहन यादव की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है. हाल ही में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) में उद्योगपतियों के लिए मध्य प्रदेश में व्यापार को आसान और व्यवस्थित बनाने का रोडमैप पेश किया गया था. गुना के इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए सब स्टेशन की स्थापना जरूरी थी, लेकिन बीजेपी नेता का होटल इसमें बाधा बना हुआ था. सरकार ने इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया है कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की रुकावट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह पार्टी के अपने नेता ही क्यों न हों. बीजेपी नेता ने जताई नाराजगी बीजेपी नेता अमन नाटले ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, "यह होटल मेरे पिता ने स्थापित किया था. अचानक इसे अवैध बताकर बुलडोजर चला दिया गया. इस तरह की कार्रवाई क्यों हुई, इसका कोई जवाब नहीं दिया जा रहा." उनका कहना है कि प्रशासन ने उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं दी. तहसीलदार ने बताया कारण कार्रवाई के लिए पहुँचे तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा ने कहा, "इंडस्ट्रियल एरिया की जमीन पर होटल अवैध रूप से चल रहा था. इस स्थान पर बिजली विभाग का सब स्टेशन बनाया जाना है. इसलिए होटल को हटाने की कार्रवाई की गई." उन्होंने बताया कि यह कदम औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उठाया गया है. पार्टी नेताओं की सक्रियता बेकार जब बुलडोजर होटल पर चल रहा था, बीजेपी के कई नेता मौके पर जुट गए और कार्रवाई रुकवाने की कोशिश में लगे थे. हालाँकि, प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी और अवैध निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया. यह घटना मोहन सरकार के उस संकल्प को दर्शाती है, जिसमें विकास को प्राथमिकता देते हुए अतिक्रमण पर सख्ती बरती जा रही है. गुना में हुई इस कार्रवाई ने न केवल स्थानीय स्तर पर हलचल मचाई, बल्कि यह भी दिखाया कि सरकार अपने ही नेताओं के खिलाफ भी कठोर कदम उठाने से पीछे नहीं हट रही. इससे औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है.   recent visitors 43

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 77 के दूल्हे की 19 की दुल्हनिया

सतना  मध्यप्रदेश के सतना जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 19 वर्ष की लड़की से 77 वर्ष के बुजुर्ग का विवाह संपन्न हुआ। मामला वायरल होते ही निगम प्रशासन ने इसे लिपि त्रुटि बताया है। कहा है कि 19 वर्ष की वधू है और 27 वर्ष का वर है, टाइपिंग मिस्टेक होने से यह गलती हुई है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पूरे प्रदेश में पंजीयन कराए जा रहे हैं। सतना जिले में भी नगर निगम प्रशासन द्वारा इस योजना के अंतर्गत 195 जोड़ों के विवाह संपन्न कराने के लिए रजिस्ट्रेशन पूरे कर लिए गए हैं। हालांकि, इस प्रक्रिया के दौरान सतना में चौकाने वाला मामला सामने आया। इस रजिस्ट्रेशन सूची में 19 वर्षीय दीपा कुमारी चौधरी का विवाह 77 वर्षीय बुजुर्ग वीरेंद्र कुमार साकेत के साथ दिखाया गया है। 19 साल की दुल्हन 77 साल का दूल्हा! जिसके बाद यह मामला चर्चाओं में आ गया है। मामले पर जांच के बाद नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह मात्र एक टाइपिंग मिस्टेक थी। इसमें वीरेंद्र कुमार साकेत की वास्तविक उम्र 27 वर्ष के बजाय गलती से 77 वर्ष दर्ज हो गई थी। इस गलती को टाइपिंग मिस्टेक मानते हुए प्रशासन ने तुरंत सुधार कर दिया। मामले पर सतना नगर निगम डेप्युटी कमिश्नर वहीं इस मामले पर सतना नगर निगम डेप्युटी कमिश्नर भूपेंद्र परमार ने बताया कि यह मामला हमारे संज्ञान में आया है। जांच की गई तो पता चला टाइपिंग मिस्टेक थी। इसी कारण 27 की जगह 77 हो गया था। इसको सुधार लिया गया है। कार्यक्रम में 195 जोड़ों का विवाह होना है। इसमें पहले तो 214 के करीब पंजीयन में आये थे। इनसें से जो पात्रता की श्रेणी में थे उनको निगरानी समिति द्वारा जांच के बाद फाइनल 195 जोड़ें हुए हैं। इसे लेकर सारी व्यवस्थाएं हो गई हैं। शासन द्वारा इसमें जोड़ों को 49 हजार की नगद राशि दी जाएगी। recent visitors 65

बैंक से लेकर UPI और स‍िलेंडर से लेकर ATF के प्राइस तक, आज से इन 7 चीजों में हुआ बदलाव!

नई दिल्ली हर महीने की तरह ही 1 मार्च, 2025 से नए नियमों में बदलाव हो रहा है. 1 मार्च यानी आज से 6 बड़े नियम बदल रहे हैं. इसमें UPI, म्‍यूचुअल फंड से लेकर एलपीजी सिलेंडर के दाम तक शामिल हैं. ये बदलाव सीधे आपके बैंक अकाउंट पर असर डालेंगे. आइए जानते हैं किन किन नियमों में बदलाव किया जा रहा है. LPG सिलेंडर के दाम बढ़े तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं. इस एलपीजी सिलेंडर के दाम में 6 रुपये का इजाफा किया गया है, जबकि 1 फरवरी को इसके दाम में 7 रुपये की कमी की गई थी. 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 1803 रुपये हो गई है. वहीं मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर का प्राइस 1755.50 रुपये हो गया है. कोलकाता की बात करें तो 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1913 रुपये हो चुकी है और चेन्‍नई में 19 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम 1965.50 रुपये हो चुका है. यह कीमतें आज से ही लागू हैं. रसोई गैस के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है. ATF की कीमत घटी जेट ईंधन या एविएशन टर्बाइन ईंधन (ATF) की कीमत में मामूली 0.23 प्रतिशत की कमी आई है. राष्ट्रीय राजधानी में मार्च 2025 के लिए ATF प्राइस 222 रुपये प्रति किलोलीटर से घटकर 95,311.72 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है, जबकि पहले यह 95,533.72 रुपये था. इससे पहले 1 फरवरी को कीमतों में 5.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की हुई थी. UPI के नियम में बदलाव अगला बदलाव इंश्योरेंस प्रीमियम पेमेंट सिस्टम (Insurance Payment System) से जुड़ा हुआ है. 1 मार्च 2025 से यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) में चेंज होने जा रहा है, जिससे बीमा प्रीमियम का भुगतान और अधिक आसान होगा. यूपीआई सिस्टम में बीमा-ASB (एप्लिकेशन सपोर्टेड बाय ब्लॉक अमाउंट) नामक एक नई सुविधा जोड़ी जा रही है. इसके जरिए लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसीहोल्डर अपने प्रीमियम पेमेंट के लिए पहले से ही पैसे को ब्लॉक रख सकेंगे. पॉलिसी होल्डर के अप्रूवल के बाद खाते से अपने आपका पैसा कट जाएगा. म्‍यूचुअल फंड को लेकर क्‍या बदल रहा आज यानी मार्च की पहली तारीख से म्यूचुअल फंड और डीमैट खातों में नॉमिनी जोड़ने से जुड़े नियमों में बदलाव हो रहा है. इसके तहत कोई इन्वेस्टर डीमैट या म्यूचुअल फंड फोलियो में अधिकतम 10 नॉमिनी एड कर सकता है. इस संबंध में मार्केट रेग्युलेटर SEBI गाइडलाइंस जारी की है, जो 1 मार्च, 2025 से प्रभावी है. इस चेंज का उद्देश्य क्लेम न की जाने वाली संपत्तियों में कमी लाना और बेहतर इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट सुनिश्चित करना है. पंजाब नेशनल बैंक ने दिया अपडेट पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में अगर 2 साल से ज्‍यादा समय तक कोई लेन-देन नहीं होता, तो बैंक अकाउंट बंद कर दिया जा सकता है. बैंक ने इस बारे में अपने ग्राहकों को अलर्ट जारी किया है. बैंक ऐसे अकाउंट्स को डी-एक्टिवेट कर सकता है यानी बंद कर सकता है. अगर आप चाहते हैं कि आपका बैंक खाता एक्टिव रहे तो इसके लिए आपको KYC करा लेना चाहिए. 14 दिन बैंक रहेंगे बंद RBI Bank Holiday List के मुताबिक, होली (Holi 2025) और ईद-उल-फितर समेत अन्य त्योहारों वाले इस महीने में 14 दिन बैंक बंद रहेंगे. इनमें दूसरे और चौथे शनिवार समेत रविवार का साप्ताहिक अवकाश शामिल हैं. हालांकि, बैंक में छुट्टी के बावजूद आप ऑनलाइन बैंकिंग और ATM के जरिए पैसे का ट्रांजैक्शन कर सकते हैं या अन्य बैंकिंग काम निपटा सकते हैं. ये सर्विस 24 घंटे चालू रहेंगी.   recent visitors 65

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों को 15 दिनों में सिटी डेव्हलपमेंट प्लान तैयार कर संचालनालय भेजने के निर्देश

रायपुर उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ सभी नगरीय निकायों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की। छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित समिति कक्ष में आयोजित बैठक में सभी नगर निगमों के आयुक्त तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री साव के साथ नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. और संचालक आर. एक्का भी बैठक में मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक में सभी नगरीय निकायों को केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में अच्छी रैंकिंग हासिल करने के लिए पुख्ता तैयारी के निर्देश दिए। आगामी मार्च महीने के प्रथम सप्ताह में सर्वेक्षण दलों द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण-2024, ओडीएफ एवं जीएफसी प्रमाणीकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। साव ने बैठक में सर्वेक्षण के दौरान मूल्यांकन के लिए प्रमुख दस मापदण्डों, 54 प्रमुख संकेतको एवं 166 सह-संकेतकों की जानकारी देते हुए सभी बिन्दुओं पर निकायों को वांछित तैयारियां रखने को कहा। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में निकायों द्वारा अब तक की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। साव ने नगरीय क्षेत्रों में दर्शनीय स्वच्छता के लिए सार्वजनिक व व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित सफाई, ट्विन-बिन्स की उपलब्धता, शत-प्रतिशत ठोस अपशिष्ट संग्रहण एवं परिवहन, सीटीयू/ब्लैक स्पॉट/जीवीपी से मुक्त शहर, बैक-लेन/नालियों एवं जल-स्त्रोतों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी समीक्षा बैठकों में सभी नगरीय निकायों के स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के परिणामों की निकायवार समीक्षा करने की बात कही। निकायों के प्रदर्शन एवं रैंकिंग के विश्लेषण के बाद इसमें गिरावट पाए जाने पर राज्य शासन स्तर द्वारा कार्यवाही की जाएगी। उप मुख्यमंत्री साव ने बैठक में निकायों में लंबित विद्युत देयकों के निपटान एवं 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यवाहियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।गए। उन्होंने सभी नगरीय निकायों को 15 दिनों में विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सिटी डेव्हलपमेंट प्लान तैयार कर संचालनालय भेजने को कहा। सुडा (SUDA) के सीईओ शशांक पाण्डेय और नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे।   recent visitors 54

ऑस्ट्रेलिया को चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल से पहले झटका, ये ओपनर हो सकता है नॉकआउट मैच से बाहर

नई दिल्ली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम को अपनी ओपनिंग जोड़ी में बदलाव करना पड़ेगा, जिसमें ट्रैविस हेड और मैथ्यू शॉर्ट शामिल थे। ऑस्ट्रेलिया की टीम को ओपनर को चोट लगी है और ऐसे में वह सेमीफाइनल के लिए शायद उपलब्ध नहीं होगा। ये ओपनर मैथ्यू शॉर्ट हैं, जो बल्लेबाजी के दौरान संघर्ष करते नजर आए थे। मैच के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ ने भी इस बात की जानकारी दी थी कि वे पूरी तरह फिट नहीं हैं। यही वजह है कि ट्रैविस हेड के साथ एक नया ओपनर नजर आ सकता है। ऑस्ट्रेलिया को चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल के लिए अपने शीर्ष क्रम में बदलाव करना पड़ सकता है। मैथ्यू शॉर्ट को अफगानिस्तान के खिलाफ क्वाड इंजरी का सामना करना पड़ा। ऐसे में उनकी जगह ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत युवा ओपनर जैक फ्रेजर मैकगर्क करते नजर आ सकते हैं। शॉर्ट को अफगानिस्तान की पारी के अंत में चोट लगी थी। हालांकि, उन्होंने ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत की थी, लेकिन विकेटों के बीच संघर्ष करते नजर आए थे। ऐसे में उन्होंने ज्यादातर बाउंड्री लगाने की कोशिश की थी, लेकिन सिर्फ 15 गेंदों में 20 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में कहा, "मुझे लगता है कि वह संघर्ष कर रहा होगा। मुझे लगता है कि हमने आज रात देखा कि वह बहुत अच्छी तरह से चल नहीं पा रहा था। मुझे लगता है कि मैचों के बीच का समय कम है और शायद उस हिसाब से वह बहुत जल्दी ठीक होने वाला नहीं है।" ऐसे में जैक फ्रेजर मैकगर्क उनके लिए लाइक टू लाइक रिप्लेसमेंट हैं। हालांकि, एरोन हार्डी भी बेंच पर हैं। इस पर स्मिथ ने कहा, "हमारे पास कुछ लोग हैं, जिन्हें आने पर हम उनकी जगह भर सकेंगे।" recent visitors 46

Champions Trophy में हार के बाद जोस बटलर ने छोड़ी टीम की कप्तानी

नई दिल्ली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम में भूचाल आ गया है। बैक टू बैक दो हार के बाद टीम के कप्तान जोस बटलर ने अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हटने का फैसला किया है। पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर अफगानिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद जोस बटलर ने इंग्लैंड की कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है। लिमिटेड ओवरों में बटलर की कप्तानी में पिछले कुछ समय से इंग्लैंड की टीम बुरी तरह से संघर्ष करती हुई दिखी है। यही कारण है कि अब नेतृत्व में बदलाव हुआ है। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ पहले पांच टी20 मैचों की सीरीज में बुरी तरह से हारी थी। इंग्लैंड को भारत ने इस सीरीज में 4-1 से हराया था। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान रवाना होने से पहले इंग्लैंड को भारत के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी थी, जिसमें उसे 3-0 से क्लीन स्वीप हुआ था। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी में टीम का बुरा हाल हो गया, जिसके कारण जोस बटलर ने टीम की कप्तानी छोड़ दी है। साल 2022 में बटलर बने थे लिमिटेड ओवरों के कप्तान जोस बटलर साल 2022 में इयोन मोर्गन के रिटायरमेंट के बाद इंग्लैंड के लिमिटेड ओवरों के कप्तान नियुक्त किए गए थे। बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा। पहले आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 और फिर टी20 विश्व कप 2024 में टीम नॉकआउट स्टेज पहले से बाहर हो गई थी। इसके अलावा बायलेटरल सीरीज में भी इंग्लैंड बुरी तरह से संघर्ष करती हुई दिखी। यही कारण है कि बटलर ने टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले जोस बटलर कोच ब्रेंड मैकुलम के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया। इस घोषणा के साथ बटलर ने कहा, 'यह मेरे और टीम के लिए सही निर्णय है। मुझे उम्मीद है कि कोई और आकर ब्रेंडन के अच्छा काम करेगा ताकि टीम को वापस उसी स्थिति में लाए जो पहले थी। यह टूर्नामेंट कप्तानी के लिहाज से भी काफी अहम था, यही कारण है कि यह निर्णय लिया गया है।' recent visitors 67

1 लाख करोड़ रूपये के ऐतिहासिक एमओयू से प्रगति का मार्ग होगा प्रशस्त: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश तेजी से एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। राज्य के प्रत्येक कोने को आपस में जोड़ने और आर्थिक विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए आधुनिक सड़क अवसंरचना तैयार है। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट भोपाल के पहले ही दिन, हमारी सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ 1 लाख करोड़ रूपये के ऐतिहासिक समझौते ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। ये एमओयू राज्य में 4010 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं के निर्माण और विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगे। इससे मध्यप्रदेश भविष्य में न केवल देश का, बल्कि दक्षिण एशिया का एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये समझौते केवल सड़कें बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार, रोजगार सृजन और बेहतर जीवनशैली के लिए आधार स्तंभ साबित होंगे। उन्होंने कहा कि जब कोई राज्य मजबूत सड़क नेटवर्क से जुड़ता है, तो वहां व्यापार, निवेश और उद्योगों की वृद्धि भी स्वाभाविक रूप से होती है। हमारा लक्ष्य मध्यप्रदेश को भारत का सबसे विकसित और आधुनिक राज्य बनाना है, और यह समझौता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आधुनिक सड़क परियोजनाएं जो मध्यप्रदेश के भविष्य को आकार देंगी जीआईएस-भोपाल में हुए इन ऐतिहासिक एमओयू से कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का विकास होगा। जीआईएस-भोपाल में सड़क अवसंरचनाओं के सुदृढ़ीकरण के लिये एमओयू पर हस्ताक्षर हुए है। इनमें इंदौर-भोपाल ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर, भोपाल-जबलपुर ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर, प्रयागराज-जबलपुर-नागपुर कॉरिडोर, लखनादौन-रायपुर एक्सप्रेसवे, आगरा-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग, उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग, इंदौर रिंग रोड (पश्चिमी और पूर्वी बायपास), जबलपुर-दमोह राष्ट्रीय राजमार्ग, सतना-चित्रकूट राष्ट्रीय राजमार्ग, रीवा-सिद्धी राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्वालियर शहर के पश्चिमी छोर पर 4-लेन बायपास शामिल है। नवीन सड़क परियोजनाएं न केवल मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मार्गों से जोड़ेंगी, बल्कि राज्य के प्रमुख शहरों को भी आपस में बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। इससे यात्रा का समय घटेगा, लॉजिस्टिक्स और माल परिवहन की लागत कम होगी, तथा कृषि, उद्योग, पर्यटन और व्यापार क्षेत्रों को नए अवसर मिलेंगे। राज्य के आर्थिक विकास में योगदान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोई भी राज्य तभी प्रगति करता है जब वहाँ सशक्त बुनियादी ढांचा, कुशल परिवहन प्रणाली और मजबूत आर्थिक मॉडल उपलब्ध होते हैं। इन समझौतों से मध्यप्रदेश को एक नए औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब सड़कें बेहतर होंगी, तो उद्योगों को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने में आसानी होगी। इससे मध्यप्रदेश में नए उद्योग स्थापित होंगे और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। किसान अपने उत्पादों को तेजी से मंडियों और शहरों तक पहुंचा सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त होगा। राज्य की पर्यटन स्थलों तक पहुँचने में सुगमता आएगी। इससे पर्यटन उद्योग को भी नया जीवन मिलेगा। इस परियोजना के तहत हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। सड़क निर्माण के दौरान इंजीनियर, श्रमिक, तकनीकी विशेषज्ञ और स्थानीय उद्यमी इससे लाभान्वित होंगे। नई सड़क परियोजनाओं से लॉजिस्टिक्स, होटल, रेस्तरां और अन्य व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। टाइम बाउंड प्रोजेक्ट: समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार तेज़ी से परियोजनाओं को लागू करने और समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन सभी परियोजनाओं को विश्व स्तरीय तकनीक, टिकाऊ निर्माण प्रक्रियाओं और उच्च गुणवत्ता वाले मानकों के साथ विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित विभागों को हर आवश्यक सहायता प्रदान कर ये परियोजनाएँ तय समय सीमा के भीतर पूरी हों। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत भी कई इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को बढ़ावा दे रही है, जिससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गति और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” मिशन का म.प्र प्रमुख केन्द्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से वैश्विक इंफ्रास्ट्रक्चर लीडर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश इस योजना का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का सपना भारत को एक $5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने का है। जीआईएस-भोपाल में हुए एमओयू उसी दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद, मध्यप्रदेश देश की सबसे आधुनिक और कुशल परिवहन प्रणाली वाले राज्यों में शामिल हो जाएगा। भविष्य की दृष्टि: आत्म-निर्भर और विकसित मध्यप्रदेश मध्यप्रदेश में इन ऐतिहासिक समझौते (एमओयू) के साथ एक नए युग की शुरुआत हो रही है। ये परियोजनाएँ राज्य के प्रत्येक नागरिक को एक उज्जवल भविष्य देने का मार्ग प्रशस्त करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कितेज़, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क, बेहतर लॉजिस्टिक्स और व्यापार के अवसर, उद्योगों के लिए आसान परिवहन और निर्यात के नए मार्ग, सड़क निर्माण से लाखों लोगों के लिए रोजगार के अवसर और हर नागरिक के लिए सुगम और सुविधाजनक यात्रा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह परियोजनाएँ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर इनका प्रभाव हर गाँव, हर शहर और हर नागरिक तक पहुँचे।   recent visitors 41