बीएमसी की पहल औरतों की जिंदगी आसान बनाने के लिए शुरू, चलता-फिरता लक्जरी बाथरूम

मुंबई मुंबई की सड़कों पर एक अनोखी बस दौड़ रही है जो हाई-टेक मोबाइल बाथरूम से लैस है। महाराष्ट्र सरकार और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यह पहल कई औरतों की जिंदगी आसान बनाने के लिए शुरू की है। इस अनोखी बस में मुफ्त में नहाने की सुविधा दी जा रही है, और दिलचस्प बात ये है कि इसे लॉन्च हुए सिर्फ एक महीना हुआ है, लेकिन इसे इस्तेमाल करने वाली औरतों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। क्या है इस मोबाइल बाथरूम बस की खासियत? ये कोई आम बस नहीं, बल्कि एक चलता-फिरता लक्जरी बाथरूम है। इस बस में पांच मोबाइल फोन चार्जिंग पॉइंट, दो कपड़े सुखाने वाले ड्रायर और पूरी तरह से सुसज्जित नहाने के कमरे हैं। हर बाथरूम में हैंडवॉश, बॉडी वॉश, बाल्टी, नल, शैंपू, शावर, गीजर और यहां तक कि टब तक की सुविधा दी गई है। सिर्फ इतना ही नहीं, पानी बचाने के लिए इसमें एक खास सिस्टम लगाया गया है जिससे पूरी बस का पानी महज 10 मिनट में फ्लश हो जाता है। ये बस ना सिर्फ सफाई और सुविधा का प्रतीक बन गई है, बल्कि दो औरतों के लिए रोजगार का भी जरिया बन चुकी है। कौन है इस पहल के पीछे? इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस इनोवेटिव आइडिया को महाराष्ट्र के स्किल डेवलपमेंट मिनिस्टर मंगल प्रभात लोढ़ा ने पेश किया था और इसे जिला योजना समिति और बीएमसी ने मिलकर लागू किया। इस बस का संचालन तीन बहनें कर रही हैं, जो ‘बी दी चेंज’ नाम की एक संस्था चला रही हैं। उनकी मेहनत और लगन की वजह से ये पहल इतनी सफल हो पाई है। मुंबई में और जगहों पर भी आएंगी ऐसी बसें यह बस मुंबई के कांदिवली इलाके में रहने वाली औरतों के लिए फिलहाल मौजूद है। स्थानीय औरतें इस अनोखी पहल से बेहद खुश हैं और ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस सफलता को देखते हुए अब बीएमसी इस योजना को शहर के दूसरे इलाकों में भी लाने की तैयारी कर रही है। बीएमसी के बजट में भी इसका जिक्र किया गया है, जिससे साफ है कि आने वाले समय में मुंबई की औरतों के लिए और भी ऐसी चलती-फिरती लक्जरी बाथरूम बसें सड़कों पर दिखाई देंगी। recent visitors 55

वैलेंटाइन डे के मौके पर एयरलाइंस ने ऑफर की बारिश, इंडिगो दे रही 50% तक की छूट, एयर इंडिया भी लाई ऑफर

नई दिल्ली  वैलेंटाइन डे के मौके पर एयरलाइंस ने भी ऑफर की बारिश कर दी है। इंडिगो और एयर इंडिया ने न केवल किराए में कटौती की है, बल्कि वे कपल्स को खास ऑफर भी दे रही हैं। इंडिगो ने 50 फीसदी तक किराया कम कर दिया है। हालांकि जो ऑफर दिए जा रहे हैं, उनमें कई शर्तें भी शामिल हैं। 1. IndiGo: किराए में 50% तक की छूट इंडिगो एयरलाइंस ने दो यात्रियों की बुकिंग पर बेस फेयर में 50% तक की छूट देने का ऐलान किया है। यह ऑफर सीमित समय के लिए है। यह ऑफर शुरू हो गया है और 16 फरवरी 2025 (रात 11:59 बजे) तक रहेगा। हालांकि यह छूट कुछ चुनिंदा डोमेस्टिक और इंटरनेशनल रूट्स पर ही मिलेगी। यात्रा की तारीख बुकिंग की तारीख से कम से कम 15 दिन बाद की होनी चाहिए। ये छूट भी दे रही इंडिगो     कुछ चुनिंदा रूट्स पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए पहले से बुक किए गए अतिरिक्त सामान पर 15% तक की छूट मिल रही है।     स्टैंडर्ड सीट चुनने पर भी 15% की छूट दी जा रही है।     ज्यादा आरामदायक सीट चाहिए तो इमरजेंसी एग्जिट वाली XL सीटें घरेलू उड़ानों के लिए 599 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 699 रुपये से शुरू हो रही हैं।     पहले से बुक किए गए खाने पर 10% की छूट मिल रही है।     इसके अलावा Fast Forward सर्विस पर 50% तक की छूट मिल रही है। इस सर्विस के जरिए आप जल्दी चेक-इन और बैगेज हैंडलिंग का लाभ उठा सकते हैं।     इंडिगो के 6E Prime और 6E Seat & Eat जैसे बंडल सर्विसेज पर 15% तक की अतिरिक्त छूट भी उपलब्ध है। फ्लैश सेल से और मिलेगा फायदा इंडिगो 14 फरवरी 2025 को 'फ्लैश सेल' भी आयोजित करेगी। इसमें वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए की गई पहली 500 बुकिंग पर सेल के किराए पर अतिरिक्त 10% की छूट मिलेगी। यह ऑफर वैलेंटाइन डे पर रात 8:00 बजे से रात 11:59 बजे तक चुनिंदा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर मान्य होगा। 2. Air India: एक साथ कई ऑफर वैलेंटाइन डे के मौके पर एयर इंडिया ने भी कई ऑफर पेश किए हैं। डोमेस्टिक रूट पर अगर आप पार्टनर के साथ टिकट बुक कराते हैं तो पार्टनर की टिकट पर 10 फीसदी तक की छूट मिलेगी। यह ऑफर चुनिंदा डोमेस्टिक रूट के लिए ही है। वहीं पसंद की सीट चुनने पर 20 फीसदी की छूट दी जाएगी। एयर इंडिया की ऐप से टिकट बुक कराने पर और भी कई फायदे मिलेंगे। यह ऑफर 11 फरवरी से शुरू हो गया है और 14 फरवरी तक चलेगा। ऑफर लेने के लिए LOVEAI कोड इस्तेमाल करना होगा। recent visitors 106

भारत दुनिया में खाने के एडिबल ऑयल का सबसे बड़ा आयातक, आयात 14 साल के निचले स्तर पर

नई दिल्ली भारत में जनवरी में पाम तेल का आयात लगभग 14 साल के सबसे निचले स्तर पर आ गया। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) ने बुधवार को बताया कि रिफाइनर सस्ते सोया तेल का रुख कर रहे हैं क्योंकि पाम तेल में रिफाइनिंग मार्जिन घाटे में है। रिफाइनिंग मार्जिन का मतलब है कि तेल को रिफाइन करने के बाद जो मुनाफ़ा मिलता है, वो कम हो गया है। भारत दुनिया में वेजिटेबल ऑयल का सबसे बड़ा खरीदार है। भारत के आयात में कमी मलेशियाई पाम तेल की कीमतों पर दबाव डाल सकता है जबकि अमेरिकी सोया तेल की कीमतों को बढ़ा सकता है। SEA के मुताबिक जनवरी में पाम तेल का आयात दिसंबर की तुलना में 45% घटकर 275,241 मीट्रिक टन रह गया। यह मार्च 2011 के बाद का सबसे निचला स्तर है। लगभग डेढ़ दशक में इतना कम आयात नहीं हुआ था। अक्टूबर 2024 में समाप्त हुए मार्केटिंग ईयर में भारत ने हर महीने औसतन 750,000 टन से ज्यादा पाम तेल आयात किया। आमतौर पर पाम तेल, सोया तेल और सूरजमुखी तेल से सस्ता होता है। लेकिन कम स्टॉक होने के कारण इसकी कीमतों में उछाल आई है। इसकी तुलना में दूसरे तेलों की सप्लाई अच्छी है। कहां से तेल मंगाता है भारत जनवरी में सोया तेल का आयात 5.6% बढ़कर 444,026 टन हो गया, जो सात महीनों में सबसे ज्यादा है। वहीं, सूरजमुखी तेल का आयात 8.9% बढ़कर 288,284 टन हो गया। पाम तेल की कम शिपमेंट से जनवरी में भारत के कुल वेजिटेबल ऑयल इम्पोर्ट को 14.8% घटाकर 10 लाख टन कर दिया। यह 11 महीनों में सबसे कम है। SEA के अनुसार हाल के महीनों में खाद्य तेल के आयात में गिरावट के कारण फरवरी की शुरुआत में देश में वेजिटेबल ऑयल का स्टॉक घटकर 2.18 मिलियन टन रह गया, जो अप्रैल 2022 के बाद का सबसे निचला स्तर है। एडिबल ऑयल ट्रेडर GGN रिसर्च के मैनेजिंग पार्टनर राजेश पटेल ने कहा कि पाम तेल का आयात फरवरी में कुछ बढ़ सकता है, लेकिन सामान्य से कम रहेगा। उन्होंने कहा कि फरवरी में सोया तेल का आयात गिर सकता है और सूरजमुखी तेल थोड़ा बढ़ सकता है। भारत मुख्य रूप से इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड से पाम तेल खरीदता है जबकि अर्जेंटीना, ब्राजील, रूस और यूक्रेन से सोया तेल और सूरजमुखी तेल आयात करता है। देश में पाम ऑयल के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कुछ साल पहले नेशनल पाम ऑयल मिशन को मंजूरी दी थी।   recent visitors 88

इंदौरवासी सावधान! थूकते हुए पकड़े गए तो थूक साफ करना और जुर्माना भी भरने के लिए तैयार रहें, सात लाख रुपए वसूले

इंदौर शहर ने भले ही सात बार स्वच्छता में नंबर वन का खिताब हासिल किया हो, लेकिन अब भी कई नागरिक सड़क पर गंदगी फैलाने और गुटखा खाकर थूकने की आदत से बाज नहीं आ रहे हैं। नगर निगम लगातार ऐसे लोगों पर नजर बनाए हुए है और स्पॉट फाइन के तहत जुर्माने की कार्रवाई कर रहा है। सिर्फ जनवरी महीने में ही निगम ने गुटखा थूकने वालों पर सख्त कार्रवाई की और साढ़े तीन हजार से ज्यादा लोगों से जुर्माना वसूलकर साढ़े छह लाख रुपये की वसूली की। 7.81 लाख रुपये का जुर्माना वसूला शहर में पान और गुटखा के सेवन का चलन कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है, जिसकी वजह से सड़क किनारे, डिवाइडरों और यहां तक कि आवासीय व व्यावसायिक इमारतों की दीवारें भी गुटखे की पीक से रंगी हुई नजर आती हैं। नगर निगम इस समय स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों में जुटा हुआ है, और इसी के चलते खुले में कचरा फेंकने, पॉलिथीन थैलियों के उपयोग और अन्य स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। बावजूद इसके गुटखा थूकने वालों की संख्या में कोई खास कमी देखने को नहीं मिल रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले साल निगम ने करीब 6,500 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 7.81 लाख रुपये का जुर्माना वसूला था, जबकि इस साल सिर्फ जनवरी में ही 3,500 से अधिक लोगों से सख्त कार्रवाई करते हुए साढ़े छह लाख रुपये जुर्माने के तौर पर वसूल किए गए हैं। फरवरी में भी यह सिलसिला लगातार जारी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दो साल पहले शहर में 'नो थू-थू' अभियान की शुरुआत की थी, जिसमें लोगों को सड़कों और डिवाइडरों पर थूकने से रोकने के लिए प्रेरित किया गया था। इस अभियान के तहत न केवल लोगों को गुटखा थूकने से रोका गया बल्कि उनसे सफाई भी करवाई गई। बावजूद इसके लोग इस गंदी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं, और नगर निगम के सफाई मित्रों को बार-बार इन्हीं जगहों को धोकर साफ करना पड़ रहा है। इस समय भी लगातार शहर के डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जा रही है, मगर यह समस्या जस की तस बनी हुई है।   recent visitors 64

13 फरवरी से चमकेगी इन तीन राशियों की किस्मत ग्रहों के राजा सूर्य करेंगे शनि की राशि में प्रवेश

मेष राशि- मेष राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। नौकरी-चाकरी की स्थिति अच्छी रहेगी। विदेश या कहीं दूर से कुछ व्यापारिक तालमेल बनेंगे। भाग्य साथ देगा। खर्च की अधिकता रहने से मन परेशान हो सकता है। यात्रा का योग बनेगा। वृषभ राशि- वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन लाभकारी रहेगा। धैर्य से काम लें। किसी काम में जल्दबाजी न करें। बातचीत में भी बैलेंस बनाकर रखें। कारोबार के लिए पिता से धन मिल सकता है। नौकरी में विदेश जा सकते हैं। मिथुन राशि- मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन का अच्छा रहेगा। नौकरी चाकरी की स्थिति अच्छी होगी। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। अपनों का साथ मिलेगा। सेहत अच्छी रहेगी। आर्थिक रूप से स्थिति अच्छी रहेगी। कर्क राशि- कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। आर्थिक रूप से मन परेशान हो सकता है। आत्मविश्वास में कमी रहेगी। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थान पर जा सकते हैं। माता से धन मिल सकता है। पिता का साथ मिलेगा। सिंह राशि- सिंह राशि वालों को नौकरी के अच्छे अवसरों की प्राप्ति होगी। निवेश का अच्छा रिटर्न मिलेगा। संतान की सेहत पर नजर रखें। जीवनसाथी का सानिध्य मिलेगा। आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। कुटुंबों में वृद्धि होगी। व्यापारिक रूप से स्थिति अच्छी रहेगी। कन्या राशि- कन्या राशि वालों का आज मन अशांत हो सकता है। जुबान पर काबू रखें। धैर्य से काम लें। किसी भी कार्य में जल्दबाजी से बचें। घर-परिवार में धार्मिक कार्य हो सकते हैं। खर्चों में वृद्धि होगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। अचानक धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। तुला राशि- तुला राशि वालों का अगर आज इंटरव्यू शेड्यूल है तो सफलता मिल सकती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। खानपान में रुचि बढ़ेगी। व्यापार में विस्तार हो सकता है। वृश्चिक राशि- अपनी वाणी के बल पर लोगों को आकर्षित करने में सफल रहेंगे। नौकरी में बदलाव के योग बन रहे हैं। तरक्की के अवसर भी मिलेंगे। आय में वृद्धि होगी। जिन जातकों को नौकरी में प्रमोशन का इंतजार था, उन्हें खुशखबरी मिल सकती है। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। धनु राशि- धनु राशि वालों को आज किसी भी तरह के रिस्क से बचना चाहिए। मन अशांत रह सकता है। अज्ञात भय सताएगा। अपनों के सहयोग से किसी काम में सफलता मिल सकती है। व्यापारिक रूप से अच्छी स्थिति रहेगी। नौकरी में अफसर का सहयोग मिलेगा। तरक्की के अवसर मिलेंगे। आय में वृद्धि होगी। मकर राशि- मकर राशि वालों को आज माता की सेहत का ध्यान रखना चाहिए। परिवार का साथ मिलेगा। मेडिकल से जुड़ी परेशानी में धन खर्च हो सकता है। शैक्षिक कार्य में सफलता मिलेगी। बुद्धि के बल पर धन कमाने में सफल रहेंगे। कुछ जातकों के जीवन में नवप्रेम का आगमन होगा। कुंभ राशि- कुंभ राशि वालों का आज पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। कारोबार में भागदौड़ ज्यादा रहेगी। किसी पुराने मित्र से मुलाकात के संकेत हैं। व्यावसायिक सफलता प्राप्त होगी। धन की स्थिति अच्छी रहेगी। आकस्मिक धन लाभ के भी संकेत हैं। परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। मीन राशि- मीन राशि वालों के मन में शांति व प्रसन्नता रहेगी। घर-परिवार में धार्मिक कार्य हो सकते हैं। किसी करीबी से सरप्राइज गिफ्ट मिल सकता है। भवन सुख में वृद्धि हो सकती है। परिवार का साथ मिलेगा। खर्चों में वृद्धि होगी। recent visitors 64

आगरा के दो तस्कर बुरहानपुर में बनी पिस्टल ले जा रहे थे, पुलिस ने किया अरेस्ट

बुरहानपुर जिले की खकनार थाना पुलिस ने पाचोरी गांव में बनी अवैध पिस्टलों की तस्करी करते फिर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो देसी पिस्टल, दो मैग्जीन और एक मोबाइल बरामद किया गया है। आरोपितों के नाम मुकुल सिंह पुत्र प्रताप सिंह भारती 26 वर्ष निवासी राजपुर चुंगी के पास चौराहा आगरा और रूबेन पुत्र नसी सिंह जाटव 29 वर्ष निवासी सेक्टर दस, आवास विकास कालोनी आगरा बताए गए हैं। इनमें से एक आरोपित मुकुल सिंह के खिलाफ थाना न्यू आगरा में वर्ष 2018 में दुष्कर्म व मारपीट और वर्ष 2020 में थाना हिरपर्वत में आर्म्स एक्ट का प्रकरण पहले से दर्ज है। पुलिस ने बुधवार दोपहर दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया। जहां से एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि आगरा के मुख्य तस्करों ने दोनों को मोहरे के रूप में उपयोग किया है। प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार उन्हें पंद्रह-बीस हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच देकर हथियार लाने के लिए पाचोरी भेजा गया था। recent visitors 62

जो लोग कुंभ की व्यवस्थाओं पर उठा रहे थे सवाल, अब खुद ही चुपचाप डुबकी लगाकर आ रहे: सीएम योगी

बागपत सीएम योगी ने बुधवार को बागपत में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अजित सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधा।  छपरौली के श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रालोद के संस्थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. चौधरी अजित सिंह की प्रतिमा का बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अनावरण किया। इसके साथ ही सीएम ने 351 करोड़ की 281 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह उनके साथ रहे।   सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वेस्ट यूपी के किसानों ने खेती की उन्नत तकनीक अपनाकर अपना विकास किया है। चौधरी अजित सिंह भी कहते थे कि देश के विकास का रास्ता खेत और किसान से होकर गुजरता है। उसी से प्रेरणा लेकर हम किसानों के हित की दिशा में काम कर रहे हैं।   सीएम ने कहा कि जो लोग कुंभ की व्यवस्थाओं पर अंगुली उठा रहे थे, वे अब चुपचाप डुबकी लगाकर आ रहे हैं। 26 फरवरी तक कुंभ भव्यता से चलता रहेगा और श्रद्धालु लाभ उठाते रहेंगे। महाकुंभ में कल तक 50 करोड़ लोग डुबकी लगा लगेंगे।   सीएम ने कहा कि पहले पुलिस की भर्ती निकलती थी, लेकिन नौजवान को नौकरी नहीं मिलती थी। हमारी सरकार में अब पुलिस भर्ती चल रही है और बिना भेदभाव के सभी जिलों के युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर चयनित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश का नौजवान तो अपनी ताकत दिखाएगा ही, हमने इसमें 20 फीसदी नौकरी बेटियों के लिए आरक्षित कर दी हैं। अगले दो महीने में इनकी ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। इसी साल में यूपी पुलिस को 60 हजार नए पुलिसकर्मी मिलेंगे।   recent visitors 72