‘पीएम मोदी के विमान पर आतंकी हमला कर सकते हैं’,पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान पर उनके दो दिवसीय अमेरिकी दौरे से पहले आतंकी हमले की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। कॉल करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने मुंबई पुलिस के हवाले से बताया कि 11 फरवरी को मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल आया जिसमें चेतावनी दी गई थी कि आतंकवादी प्रधानमंत्री मोदी के विमान पर हमला कर सकते हैं, क्योंकि वह आधिकारिक विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। चेंबूर से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अन्य एजेंसियों को सूचित किया और जांच शुरू की। पुलिस ने कहा कि मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को धमकी भरा कॉल करने वाले व्यक्ति को चेंबूर इलाके से हिरासत में ले लिया गया है। वह मानसिक रूप से बीमार है। पीएम मोदी सोमवार को फ्रांस और अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। बुधवार को उनकी दो दिवसीय अमेरिकी यात्रा शुरू होने वाली है। पहले भी मिली थी धमकी हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब मुंबई पुलिस को पीएम मोदी की जान को खतरा होने की धमकी मिली हो। अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल दिसंबर में ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन पर एक धमकी भेजी गई थी। इसमें दो कथित आईएसआई एजेंटों से जुड़े बम की साजिश का दावा किया गया था। इसके अलावा, पिछले साल प्रधानमंत्री की जान को खतरा होने के आरोप में 34 वर्षीय कांदिवली निवासी शीतल चव्हाण को गिरफ्तार किया गया था। चव्हाण ने कथित तौर पर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके दावा किया था कि उसके पास हथियार तैयार हैं। recent visitors 55

Champions Trophy के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान, बदला कप्तान, पहले के मुकाबले 5 बड़े बदलाव

नई दिल्ली आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को एक और झटका लगा है. स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने निजी कारणों के चलते इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया. अब ऑस्ट्रेलियाई टीम चैम्पियंस ट्रॉफी में अपने तीन प्रीमियम गेंदबाजों के बिना भाग लेगी. कप्तान पैट कमिंस और जोश हेजलवुड पहले ही टूर्नामेंट से आउट हो गए थे. चैम्पियंस ट्रॉफी में स्मिथ होंगे कप्तान, टीम में 5 बदलाव पैट कमिंस टखने की समस्या से उबर नहीं पाए थे. कमिंस बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दौरान भी इस समस्या से परेशान रहे थे. जबकि हेजलवुड को कूल्हे की समस्या हो गई थी. इसके अलावा मिचेल मार्श इंजरी के चलते पहले ही बाहर हो चुके हैं. जबकि मार्कस स्टोइनिस ने अचानक ही वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था. यानी ऑस्ट्रेलियाई टीम को चैम्पियंस ट्रॉफी टीम में कुल पांच बदलाव करने पड़े हैं. अब सीन एबॉट, बेन ड्वारशुइस, स्पेंसर जॉनसन, जेक-फ्रेजर मैकगर्क और तनवीर संघा को चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है. सीन एबॉट, बेन ड्वारशुइस और स्पेंसर जॉनसन तेज गेंदबाज हैं. वहीं तनवीर संघा भारतीय मूल के लेग स्पिनर हैं. जबकि फ्रेजर-मैकगर्क ओपनर बल्लेबाज हैं. उधर 21 वर्षीय स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर कूपर कोनोली को ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में नामित किया गया है. चैम्पियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी स्टीव स्मिथ करेंगे. चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया की अपडेटेड टीम: स्टीव स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, एलेक्स कैरी, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, एरॉन हार्डी, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, तनवीर संघा, मैथ्यू शॉर्ट, एडम जाम्पा. ट्रैवलिंग रिजर्व: कूपर कोनोली. बता दें कि चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में 8 टीमों के बीच कुल 15 मुकाबले होंगे. इन 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है. भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप-ए में हैं. उनके साथ बाकी दो टीमें न्यूजीलैंड और बांग्लादेश हैं. जबकि ग्रुप-बी में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड को रखा गया है. सभी 8 टीमें अपने-अपने ग्रुप में 3-3 मुकाबले खेलेंगी. इसके बाद हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी. चैम्पियंस ट्रॉफी के सभी 15 मुकाबले 4 वेन्यू पर खेले जाएंगे. इसमें 3 वेन्यू पाकिस्तान में होंगे. जबकि एक वेन्यू दुबई रहेगा. भारतीय टीम अपने सभी मुकाबले दुबई में खेलेगी. चैम्पियंस ट्रॉफी का फुल शेड्यूल… 19 फरवरी- पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड, कराची 20 फरवरी- बांग्लादेश बनाम भारत, दुबई 21 फरवरी- अफगानिस्तान बनाम साउथ अफ्रीका, कराची 22 फरवरी- ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, लाहौर 23 फरवरी- पाकिस्तान बनाम भारत, दुबई 24 फरवरी- बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड, रावलपिंडी 25 फरवरी- ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका, रावलपिंडी 26 फरवरी- अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड, लाहौर 27 फरवरी- पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश, रावलपिंडी 28 फरवरी- अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया, लाहौर 1 मार्च- साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड, कराची 2 मार्च- न्यूजीलैंड बनाम भारत, दुबई 4 मार्च- सेमीफाइनल-1, दुबई 5 मार्च- सेमीफाइनल-2, लाहौर 9 मार्च- फाइनल, लाहौर (भारत के फाइनल में पहुंचने पर दुबई में खेला जाएगा) 10 मार्च- रिजर्व डे   recent visitors 62

जसप्रीत बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर हुए, BCCI ने यशस्वी जायसवाल का भी काटा पत्ता

नई दिल्ली आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 इसी महीने पाकिस्तान की मेजबानी में खेली जाएगी. टूर्नामेंट का आगाज 19 फरवरी को होगा, जबकि फाइनल 9 मार्च को खेला जाएगा. इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान पहले ही कर दिया गया था. जिसमें चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर सस्पेंस बना हुआ था. मगर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस पर अपना फैसला सुना दिया है. बुमराह चोट के कारण चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं. उन्हें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सिडनी टेस्ट के दौरान लोअर बैक में चोट लगी थी. बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी ने बुमराह की जगह तेज गेंदबाज हर्षित राणा को टीम में शामिल किया है. बुमराह के अलावा टीम में एक और बदलाव हुआ है. ओपनर यशस्वी जायसवाल को भी टीम से बाहर कर दिया गया है. उनकी जगह स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को टीम में एंट्री दी गई है. हालांकि यशस्वी को नॉन ट्रैवलिंग सब्स्टिट्यूट रखा गया है. उनके अलावा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और ऑलराउंडर शिवम दुबे को भी बतौर नॉन ट्रैवलिंग सब्स्टिट्यूट रखा गया है. चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और वॉशिंगटन सुंदर. नॉन ट्रैवलिंग सब्स्टिट्यूट: यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज और शिवम दुबे. 8 टीमों के बीच कुल 15 मुकाबले होंगे चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में 8 टीमों के बीच कुल 15 मुकाबले होंगे. टीमों को 2 ग्रुप में बांटा गया है. भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप-ए में हैं. उनके साथ बाकी दो टीमें न्यूजीलैंड और बांग्लादेश हैं. जबकि ग्रुप-बी में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड को रखा गया है. सभी 8 टीमें अपने-अपने ग्रुप में 3-3 मुकाबले खेलेंगी. इसके बाद हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी. पहला सेमीफाइनल दुबई, जबकि दूसरा लाहौर में होगा. इसके बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. ऐसे में यदि कोई टीम फाइनल तक पहुंचती है, तो वो टूर्नामेंट में कुल 5 मैच खेलेगी. चैम्पियंस ट्रॉफी के ये सभी 15 मुकाबले 4 वेन्यू पर खेले जाएंगे. इसमें 3 वेन्यू पाकिस्तान में होंगे. जबकि एक वेन्यू दुबई रहेगा. भारतीय टीम अपने सभी मुकाबले दुबई में ही खेलेगी. यदि भारतीय टीम क्वालिफाई करती है, तो फाइनल भी दुबई में होगा. वरना खिताबी मुकाबला 9 मार्च को लाहौर में खेला जाएगा. सेमीफाइनल मैचों और फाइनल के लिए एक रिजर्व डे भी रखा गया है. पहला सेमीफाइनल दुबई में होगा. जबकि दूसरा सेमीफाइनल लाहौर में खेला जाएगा. एक सेमीफाइनल समेत 10 मुकाबले पाकिस्तान के 3 वेन्यू पर होंगे. यह तीनों वेन्यू लाहौर, कराची और रावलपिंडी हैं. चैम्पियंस ट्रॉफी के ग्रुप ग्रुप ए – पाकिस्तान, भारत, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश ग्रुप बी – दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, इंग्लैंड चैम्पियंस ट्रॉफी का फुल शेड्यूल… 19 फरवरी- पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड, कराची 20 फरवरी- बांग्लादेश बनाम भारत, दुबई 21 फरवरी- अफगानिस्तान बनाम साउथ अफ्रीका, कराची 22 फरवरी- ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, लाहौर 23 फरवरी- पाकिस्तान बनाम भारत, दुबई 24 फरवरी- बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड, रावलपिंडी 25 फरवरी- ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका, रावलपिंडी 26 फरवरी- अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड, लाहौर 27 फरवरी- पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश, रावलपिंडी 28 फरवरी- अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया, लाहौर 1 मार्च- साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड, कराची 2 मार्च- न्यूजीलैंड बनाम भारत, दुबई 4 मार्च- सेमीफाइनल-1, दुबई 5 मार्च- सेमीफाइनल-2, लाहौर 9 मार्च- फाइनल, लाहौर (भारत के फाइनल में पहुंचने पर दुबई में खेला जाएगा) 10 मार्च- रिजर्व डे recent visitors 53

राममंदिर के मुख्‍य पुजारी आचार्य सत्‍येंद्र दास का निधन, पीजीआई में ली अंतिम सांस

  अयोध्‍या अयोध्‍या में श्रीराम मंदिर के मुख्‍य पुजारी आचार्य सत्‍येंद्र दास का निधन हो गया है। 85 वर्ष की उम्र में पीजीआई लखनऊ में बुधवार को उन्‍होंने अंतिम सांस ली। उन्हें गंभीर हालत में स्ट्रोक के कारण तीन फरवरी को पीजीआई के न्यूरोलॉजी वार्ड के एचडीयू में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कुछ दिन पहले पहुंचकर उनका कुशलक्षेम पूछा था। पीजीआई निदेशक डाॅक्टर आरके धीमान के मुताबिक डॉक्‍टरों की निगरानी में लगातार उनका इलाज चल रहा था। सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने आचार्य सत्‍येंद्र दास के निधन पर दुख जताया है। सोशल मीडिया प्‍लेटफार्म 'एक्‍स' पर सीएम योगी ने अपने शोक संदेश में लिखा- ‘परम रामभक्त, श्री राम जन्मभूमि मंदिर, श्री अयोध्या धाम के मुख्य पुजारी आचार्य श्री सत्येन्द्र कुमार दास जी महाराज का निधन अत्यंत दुःखद एवं आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे तथा शोक संतप्त शिष्यों एवं अनुयायियों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’ आचार्य सत्‍येंद्र दास ने अपना पूजा जीवन रामलला की सेवा में समर्पित कर दिया था। अयोध्‍या में जन्‍मभूमि पर रामलला जब टेंट में थे तब से आचार्य सत्‍येंद्र दास उनकी सेवा में थे। अस्‍पताल की ओर से मिली जानकारी के अनुसार आचार्य सत्‍येंद्र दास ने आज यानी बुधवार को अंतिम सांस ली। वह पीजीआई के न्‍यूरोलॉजी वार्ड एचडीयू में भर्ती थे। एसजीपीजीआई ने एक बयान में कहा कि ‘श्री सत्येंद्र दास जी को स्ट्रोक हुआ है. उन्हें मधुमेह और उच्च रक्तचाप है और वे फिलहाल न्यूरोलॉजी आईसीयू में भर्ती थे पीजीआई प्रशासन के अधिकारी PRO ने बताया कि सुबह उन्होंने पीजीआई में अंतिम सांस ली। आचार्य सत्‍येंद्र दास रामजन्‍मभूमि आंदोलन से भी जुड़े रहे। राममंदिर के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने और उसके बाद राममंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्‍ठा तक आचार्य सत्‍येंद्र दास हर मौके पर महत्‍वपूर्ण भूमिका में नजर आए। राममंदिर प्राण प्रतिष्‍ठा के समय तबीयत खराब होने के बावजूद उन्‍होंने समारोह में न सिर्फ मार्गदर्शन किया बल्कि पूरी भागीदारी भी निभाई। आचार्य सत्‍येंद्र दास के निधन से उनके शिष्‍यों के बीच शोक की लहर है। आचार्य सत्‍येंद्र दास के एक शिष्‍य ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर पीजीआई लखनऊ से अयोध्‍या लाया जा रहा है। अयोध्‍या में कल यानी 13 फरवरी को सरयू तट पर उनका अंतिम संस्‍कार होगा। recent visitors 69

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ग्राम गहिरा से उनका गहरा आत्मीय संबंध रहा है, यह पूज्य संत गहिरा गुरु जी की जन्मस्थली और एक पवित्र धाम

रायपुर ग्राम गहिरा में विष्णु महायज्ञ में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय: सामूहिक विवाह में नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वादग्राम गहिरा में विष्णु महायज्ञ में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय: सामूहिक विवाह में नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र स्थित ग्राम गहिरा के संत गहिरा गुरु आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने परम पूज्य गहिरा गुरु जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया और विष्णु महायज्ञ में सम्मिलित होकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने संत गहिरा गुरु जी के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ग्राम गहिरा से उनका गहरा आत्मीय संबंध रहा है, यह पूज्य संत गहिरा गुरु जी की जन्मस्थली और एक पवित्र धाम है। उन्होंने स्मरण किया कि पहली बार रायगढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद बनने का सौभाग्य भी उन्हें इसी पवित्र भूमि के आशीर्वाद से प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में सांसदों को अपने क्षेत्र के किसी एक गांव को गोद लेकर विकास कार्य करने के लिए कहा गया था, तब उन्होंने ग्राम गहिरा को चुना और यहां विकास कार्य किए, हालांकि कुछ कार्य अधूरे रह गए थे। मुख्यमंत्री के रूप में पुनः ग्राम गहिरा आने पर उन्होंने कहा कि शायद यह उन्हीं अधूरे कार्यों को पूरा करने का अवसर है। मुख्यमंत्री साय ने गहिरा गुरु संत समाज द्वारा सनातन धर्म और सामाजिक उत्थान में किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब जनजातीय समुदाय में धर्मांतरण, सामाजिक बुराइयाँ और व्यसन बढ़ रहे थे, तब संत गहिरा गुरु जी ने समाज सुधार का बीड़ा उठाया, गांव-गांव में यज्ञ कराए, रामचरितमानस के पाठ करवाए और समाज को आध्यात्मिक रूप से जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आज यह संस्था पूरे प्रदेश में सनातन धर्म को सुदृढ़ करने, समाज को जागरूक करने और संस्कृत की शिक्षा को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस बात की भी प्रशंसा की कि संस्था के माध्यम से जनजातीय समुदाय के बच्चे संस्कृत में अध्ययन कर रहे हैं और सनातन संस्कृति के संवर्धन में एक सराहनीय पहल करते हुए विद्यालय व महाविद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्षों के वनवास का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया था, जिसके प्रमाण आज भी प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर विद्यमान हैं। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ के लिए प्रदेशवासियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में सतत विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे प्रत्येक नागरिक को समृद्धि और सुशासन का लाभ मिले। मुख्यमंत्री साय ग्राम गहिरा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों से परिचय प्राप्त कर उन्हें मंगलमय दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संत गहिरा गुरु जी के आशीर्वाद से सुशासन और विकास का कार्य निरंतर जारी है। हमारी सरकार राज्य की संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने के लिए दृढ़संकल्पित हैं। इस अवसर पर संत समाज संस्था अध्यक्ष बबरूवाहन महाराज, सचिव खीरेंद्र महाराज, रवि भगत, शान्ता भगत, मनोज सतपती, भास्कर बेहरा,  मधुकर सिंघानिया एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। recent visitors 59

मंत्री टेटवाल ने बालक छात्रावास का उद्घाटन और निरीक्षण किया

भोपाल कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने कहा कि संत रविदास जी केवल आध्यात्मिक गुरु ही नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे। राज्य मंत्री टेटवाल संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में संत रविदास जयंती की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्य मंत्री टेटवाल ने कहा कि संत रविदास जी ने उस दौर में भी समाज को समानता और कर्म की प्रधानता का संदेश दिया, जब भेदभाव और छुआछूत चरम पर था। वे केवल शिक्षा के प्रचारक नहीं थे, बल्कि उन्होंने समाज को कौशल से संपन्न बनाकर रोजगार से जोड़ने का कार्य भी किया। राज्य मंत्री टेटवाल ने कहा कि उनके विचार इतने प्रभावशाली थे कि सिख धर्म के गुरु ग्रंथ साहिब में भी उन्हें स्थान मिला और आज भी गुरुद्वारों में उनके आदर्शों को गाया जाता है। राज्य मंत्री टेटवाल ने कहा कि संत रविदास जी के गुरु रामदास जी थे, और मीराबाई ने भी उन्हें ही अपना गुरु माना था। उनके विचारों ने समाज में एक नई चेतना जगाई, जो शिक्षा और हुनर दोनों को समान रूप से महत्व देती है। इसी भावना के अनुरूप आज ग्लोबल स्किल्स पार्क युवाओं को आधुनिक तकनीकी दक्षता से सशक्त कर रहा है। राज्य मंत्री टेटवाल ने कहा कि संत रविदास जी के विचारों के अनुरूप हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम ज्ञान और कौशल को अपनी ताकत बनाकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हों। यह डिजिटल युग अवसरों से भरा है, और युवाओं को इनका पूरा लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करना चाहिए। छात्रावास का उद्घाटन और निरीक्षण राज्य मंत्री टेटवाल ने सर्व-सुविधायुक्त बालकों के छात्रावास का उद्घाटन किया। छात्रावास में 600 छात्रों को लाभ मिलेगा। छात्रावास में 200 कमरे बनाए गए हैं, जिसमें तीन-तीन छात्रों के रहने की व्यवस्था की गई है। राज्य मंत्री टेटवाल ने छात्रावास का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधारों के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी को ध्यान में रखते हुए खिड़कियों में ग्रिल लगाने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक प्रस्तुतियां और उद्बोधन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने संत रविदास जी के जीवन और आदर्शों पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिससे उनके विचारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं, ग्लोबल स्किल्स पार्क के विद्यार्थियों ने संस्था के उद्देश्य को रेखांकित करता विशेष गीत भी गाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित जनों को प्रेरित किया, और राज्य मंत्री टेटवाल ने भी बच्चों के साथ इन प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया। इस अवसर पर राजगढ़ जिले की प्रसिद्ध एथलीट आशा मालवीय ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर, श्रम की पराकाष्ठा तक जाकर, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने से सफलता निश्चित मिलती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।   recent visitors 47

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा कर सुपात्रों को त्वरित लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनकल्याण ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य है। योजनाओं के जरिए ही हम इस लक्ष्य के लिए आगे बढ़ रहे हैं। इसलिए सुनिश्चित करें कि प्रदेश का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। प्रदेश के विकास में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जरूरतमंद हितग्राहियों को पात्रतानुसार त्वरित लाभ दिया जाए। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव गृह जे.एन. कंसोटिया, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों से कहा कि इस वित्तीय वर्ष के तय लक्ष्यों की समय पर पूर्ति की जानी चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रतिदिन समीक्षा की जाए, ताकि कोई भी सुपात्र हितग्राही लाभ पाने से न छूटे। हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए सभी विभाग अपने स्तर पर सतत समीक्षा करें। सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा और विलम्ब के समय पर हितग्राहियों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाएं सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु हैं। इनके प्रभावी क्रियान्वयन से ही जनता को शासन की संवेदनशीलता का अनुभव होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का फुल सैचुरेशन (पूर्ण संतृप्ति) किया जाना है, उसे शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही बैंकों द्वारा वित्तपोषित योजनाओं में हितग्राहीमूलक प्रकरणों को निर्धारित समय से पहले लक्ष्य से भी कहीं ज्यादा संख्या में प्रस्ताव भेजे जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभागीय अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 में हितग्राहीमूलक योजनाओं के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 के बराबर या उससे अधिक वित्तीय प्रावधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी संचालन से ही हम विकास की दिशा में आगे बढ़ेंगे। सरकार की योजनाएं शासन और जनता के बीच परस्पर विश्वास की द्योतक होती हैं, इसीलिये योजनाओं का शत- प्रतिशत क्रियान्वयन कर सरकार पर जनविश्वास बढाने की दिशा में कार्य करें। यही सुशासन है, यही कल्याणकारी राज्य का मूल लक्ष्य है। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी विभागीय हितग्राहीमूलक योजनाओं की अद्यतन जानकारी दी और इन योजनाओं के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए किये जा रहे प्रयासों के बारे में भी बताया।   recent visitors 63