भारत बिना किसी डर के वह सब-कुछ करेगा जो देश और दुनिया के लिए अच्छा होगा, ‘वीटो’ लगाने की अनुमति नहीं देगा: विदेश मंत्री

नई दिल्ली विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहाकि भारत कभी भी दूसरों को अपने फैसलों पर ‘वीटो’ लगाने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने कहाकि भारत बिना किसी डर के वह सब-कुछ करेगा जो देश और दुनिया के लिए अच्छा होगा। जयशंकर मुंबई में एक कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। विदेश मंत्री ने कहाकि स्वतंत्रता को कभी भी तटस्थता के साथ भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए। जयशंकर ने कहा कि भारत आज एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है। एक तरफ, पिछले दशक ने दिखाया है कि उसके पास क्षमताएं, आत्मविश्वास और सबसे महत्वपूर्ण बात, व्यापक मोर्चों पर विकास को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता है। माना जा रहा है कि इस दौरान वीटो का जिक्र कर जयशंकर ने दुनिया को अपना संदेश दिया है। एस जयशंकर ने कहाकि अस्वस्थ आदतों, तनावपूर्ण जीवनशैली या बार-बार होने वाली जलवायु घटनाओं से जूझ रही दुनिया, भारत की विरासत से बहुत कुछ सीख सकती है। लेकिन दुनिया को इस बारे में तभी पता चलेगा, जब हमारे देश के लोग इस पर गर्व करेंगे। जयशंकर ने कहा कि वैश्वीकरण के युग में प्रौद्योगिकी और परंपरा को एक साथ चलना होगा। उन्होंने कहाकि भारत जरूर आगे बढ़ेाग, लेकिन उसे अपनी भारतीयता खोए बिना ऐसा करना होगा। तभी हम बहुध्रुवीय विश्व में वास्तव में अग्रणी शक्ति के रूप में उभर पाएंगे। जयशंकर ने कहाकि लोकतंत्र की गहराई से अब अधिक प्रामाणिक आवाजें उठी हैं। देश खुद को फिर से खोज रहा है और फिर से अपना व्यक्तित्व पा रहा है। जयशंकर को 27वें ‘एसआईईएस श्री चंद्रशेखरेंद्र सरस्वती नेशनल एमिनेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। पुरस्कार का नाम कांची कामकोटि पीठम के 68वें द्रष्टा दिवंगत श्री चन्द्रशेखरेन्द्र सरस्वती के नाम पर रखा गया है। विदेश मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए लेकिन उन्होंने अपना वीडियो संदेश भेजा। ‘वीटो’ के जिक्र से क्या संदेश गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के पांच स्थायी सदस्य – चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका हैं। फिलहाल यह देश प्रक्रियात्मक फैसलों को छोड़कर, किसी भी फैसले पर अपना वीटो दे सकते हैं। यूएनसीसी की स्थापना 1945 में हुई थी। इसमें कुल 15 सदस्य हैं। पांच स्थायी सदस्यों को छोड़कर बाकी 10 अस्थायी सदस्य दो साल के लिए चुने जाते हैं। अस्थायी सदस्यों के पास वीटो पावर नहीं होता है। भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की मांग लगातार उठा रहा है। उसका कहना है कि 21वीं सदी में 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद पर्याप्त नहीं है। इसके स्थायी और अस्थायी दोनों सदस्यों का विस्तार होना चाहिए। फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका भी सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सीट के लिए पुरजोर आवाज उठा चुके हैं। recent visitors 85

दिल्ली में महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कल से होंगे शुरू

नई दिल्ली दिल्ली की महिलाओं और बुजुर्गों के लिए खुशखबरी है। दिल्ली में महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना के लिए रजिस्ट्रेशन सोमवार 23 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल आज इसका ऐलान किया। इसके लिए ‘आप’ कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर महिलाओं और बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन करेंगे। 'आप' मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि महिला सम्मान निधि के 2100 रुपये के लिए दिल्ली सरकार द्वारा कल से रजिस्ट्रेशन शुरू किया जा रहा है। ‘आप’ पार्टी की तरफ से टीम लोगों के घर जाएगी और वहां पर जाकर रजिस्ट्रेशन करेगी। दूसरी योजना संजीवनी के तहत 60 से अधिक उम्र के बुजुर्गों का मुफ्त इलाज करने की योजना है। सबके इलाज का खर्चा दिल्ली सरकार की तरफ से वहन किया जाएगा। इसका रजिस्ट्रेशन भी कल से किया जाएगा क्या है महिला सम्मान योजना केजरीवाल ने बीते 12 दिसंबर को ही दिल्ली सरकार की ओर से मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना शुरू करने की घोषणा की थी। केजरीवाल ने कहा था कि यदि चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी फिर से सत्ता में लौटती है तो मासिक सहायता राशि 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,100 रुपये की जाएगी। ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ की घोषणा इस वर्ष का बजट पेश करते हुए मार्च में 2,000 करोड़ रुपये के आवंटन के प्रावधान के साथ की गई थी। उसे दिल्ली कैबिनेट ने भी मंजूरी दे दी है। योजना के तहत दिल्ली में 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को मूल रूप से 1,000 रुपये प्रति माह देने का प्रस्ताव था। ‘आप’ सरकार ने मौजूदा बजट के तहत इस योजना के लिए 2000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। संभावित लाभार्थियों की पात्रता के लिए मानदंड यह है कि महिला सरकारी नौकरी न करती हो या उसे पेंशन नहीं मिलती हो और वह जीएसटी या आयकर का भुगतान नहीं करती हो। 'बुजुर्गों का मुफ्त इलाज होगा' इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने 18 दिसंबर को ऐलान किया था कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद हमारी 'आप' की सरकार बनने के बाद संजीवनी योजना लागू कर दिल्ली के 60 साल से ऊपर के हर बुजुर्ग का मुफ्त इलाज कराएंगे। केजरीवाल ने कहा था कि हमारी सरकार बनने पर 60 साल से अधिक सभी बुजुर्गों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि बुढ़ापे में सभी को एक चीज तकलीफ देती है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे 100 बीमारियां आदमी को घेर लेती हैं। आदमी की सबसे बड़ी चिंता होती है कि वह इलाज कैसे कराएगा। मैं दिल्ली के बुजुर्गों के लिए 'संजीवनी योजना' का ऐलान कर रहा हूं। 60 साल से ऊपर के जितने भी बुजुर्ग हैं, उनका पूरा इलाज मुफ्त कराया जाएगा। हम चुनाव के बाद इस योजना को पारित करेंगे। ‘आप’ संयोजक ने कहा कि बुजुर्ग चाहे सरकारी अस्पताल में इलाज कराना चाहें या प्राइवेट अस्पताल में, उनका पूरा इलाज मुफ्त कराया जाएगा। अमीर हो या गरीब, सभी बुजुर्गों का इलाज मुफ्त कराया जाएगा। इस योजना में कोई अपर लिमिट नहीं होगी, जितना भी बुजुर्गों की बीमारी पर खर्चा आएगा उसे दिल्ली सरकार वहन करेगी। recent visitors 83

मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवाड़ी और टीकमगढ़ में जन कल्याण पर्व में होंगे शामिल

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज निवाड़ी और टीकमगढ़ जिले में जनकल्याण पर्व में शामिल होंगे। इन जिलों में केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत किसान सम्मेलन भी आयोजित किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा केन-बेतवा लिंक परियोजना के भूमि-पूजन और परियोजना से होने वाले लाभ को साझा करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा दोनों जिलों में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया जायेगा।   recent visitors 59

उज्जैन को तकनीकी, संस्कृति और आर्थिक शक्ति का बनायेंगे केन्द्र : मुख्यमंत्री डॉ.यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज का दिन उज्जैन के निवासियों के लिए और हम सबके लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। यह एक अलग इतिहास बनकर स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उज्जैन जो अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के लिए विश्व प्रसिद्ध है, अब तकनीकी क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाएगा। उज्जैन में प्राचीनकाल से ही विज्ञान, खगोलशास्त्र और गणित के विद्वान रहे हैं। इसी भूमि पर आधुनिक विज्ञान की नींव रखी गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन में आईटी पार्क के भूमि-पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शनिवार को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने इंदौर रोड़ पर एमपी इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के द्वारा 46 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले आईटी पार्क का भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी फरवरी-2025 में भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट के लोगो को लॉन्च किया। साथ ही इंवेस्टर समिट की ऑफिशियल वेबसाईट investmp.in का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे युवाओं को अब रोजगार की तलाश में घर से अधिक दूर नहीं जाना होगा। हम एक नए ईको सिस्टम का निर्माण करेंगे। वर्तमान समय में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं। हमारे देश में सबसे अधिक आबादी युवा वर्ग की है। हमारी युवा शक्ति में भविष्य की संभावनाओं को लेकर आगे बढ़ने की सकारात्मक शक्ति है। हमारे युवाओं के हाथ में शक्ति, उनके पैरों में गति और मस्तिष्क में भविष्य की दूरदृष्टि है। बस उन्हें सरकार के प्रोत्साहन की आवश्यकता है। आज हमारे देश के युवा विश्व की कई बड़ी कंपनियों में सीईओ के पद पर पदस्थ हैं तथा भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। आज पूरी दुनिया आशा से भारत की तरफ देख रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन में आईटी पार्क के निर्माण के बाद प्रत्यक्ष रूप से 500 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सहायक सेवाओं (कैफे, परिवहन और आवास) के माध्यम से 1 हजार से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह परियोजना उज्जैन को प्रदेश के प्रमुख आईटी गंतव्यों में शामिल करेगी जिससे निवेश में तेजी आएगी। स्थानीय युवाओं के लिए आईटी और तकनीकी नौकरियों में अवसर बढ़ेंगे। पार्क में स्टार्ट-अप और छोटे उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा। मध्यप्रदेश आईटी और इलेक्ट्रॉनिक मैनुफेक्चरिंग में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। अन्य प्रदेशों के लोग और निवेशक मध्यप्रदेश की ओर रूझान कर रहे हैं। हम उज्जैन को औद्योगिक और आर्थिक समृद्धि के नए शिखर तक पहुंचाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगपतियों और निवेशकों को हर संभव सहायता और सहयोग देने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में हमने रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्कलेव की शुरूआत की ताकि स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके। यह बदलते दौर का मध्यप्रदेश है। आने वाले समय में 3 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। हमारे प्रदेश की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए निरंतर सड़क मार्ग को सुदृढ़ करने का काम सरकार के द्वारा किया जा रहा है। हवाई मार्ग, रेल मार्ग और सड़क मार्ग के माध्यम से हम देश के किसी भी क्षेत्र में आवागमन सुगमता से कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जहां भी आईटी कॉलेज की आवश्यकता होगी वहां आईटी कॉलेज प्रारंभ किया जाएगा। प्रदेश सरकार के द्वारा आईटी पॉलिसी को निरंतर प्रोत्साहन देने का कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रतिदिन एक नई सौगात प्रदेशवासियों को प्रदान की जा रही है। राज्यों में परस्पर सामंजस्य बढ़ाने के लिये निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सभी मिलकर देश की प्रगति में योगदान कर रहे हैं। आईटी पार्क के फेज-1 में लगभग 1 लाख 23 हजार वर्ग फीट में आईटी पार्क का निर्माण किया जाएगा। आगामी दो वर्ष में इसकी पूर्ण होने की संभावना है। इसमें 1.2 लाख वर्ग फीट आवंटन योग्य आईटी स्पेस का निर्माण किया जाएगा जहां लगभग 30 आईटी इंडस्ट्री प्लग-एंड-प्ले आधारित मॉडल पर कार्य प्रारंभ कर सकेंगी। आईटी पार्क में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की ग्रीन बिल्डिंग डिजाईन, उच्च गुणवत्ता की इंटरनेट कनेक्टिविटी, अत्याधुनिक डेटा सेंटर और इंक्यूबेशन सेंटर बनाए जाएंगे। आईटी पार्क के प्रथम फेज में उपलब्ध जगह से अधिक आए ईओआई आईटी पार्क के प्रथम फेज में उपलब्ध स्थान से डेढ़ गुना अधिक जगह के लिए निवेशकों के एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने निर्देश दिए कि आईटी पार्क का दूसरा फेज भी इसी के साथ प्रारंभ किया जाए। मुख्यमंत्री ने नि:क्षय अभियान के अंतर्गत टीबी से शत-प्रतिशत मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंच और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज शामिल हुए।  recent visitors 59

सरेआम सराफा कर्मचारी और उनके पुत्र को गोली मार कर गहने लूट लिये, आरोपी सोना लूटकर हुए फरार

वाराणसी यूपी के वाराणसी में सुबह-सुबह बड़ी वारदात हो गई। रथयात्रा से कमच्छा के बीच मोड़ पर कार सवार बदमाशों ने रविवार सुबह सरेआम सराफा कर्मचारी और उनके पुत्र को गोली मार कर गहने लूट लिये। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने 125 ग्राम सोने के आभूषण लूटे हैं। पिता और पुत्र को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। गुरुधाम कालोनी के राम जानकी मंदिर के पास के निवासी 46 वर्षीय दीपक सोनी चौक के गोविंदपुरा में एक सराफा के यहां 20 साल से काम करते हैं। वह मुंबई में अपने मालिक के भाई की दुकान से गहने लाने गए थे। महानगरी एक्सप्रेस से वह वाराणसी आए। वाराणसी स्टेशन पर आने पर उन्होंने अपने 18 वर्षीय बेटे आर्यन को फोन किया। आर्यन लाल रंग की स्कूटी लेकर गया। पिता-पुत्र स्‍कूटी से लौट रहे थे। वे कमच्छा में पहुंचे ही थे कि तभी सफेद रंग की कार ने ओवरटेक कर रोक दिया। चार से पांच की संख्या में बदमाश दीपक सोनी से गहने का बैग छीनने लगे। विरोध करने पर उन्‍होंने मारपीट की और गोली मार दी। एक गोली दीपक की पीठ में नीचे की ओर लगी है। जबकि आर्यन के बाएं पैर में गोली लगी है। सूचना मिलते ही मौके पर भेलूपुर इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला, लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्र पहुंचे। पिता-पुत्र को तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया। ट्रामा सेंटर में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल पहुंचे। उन्‍होंने घायल पिता-पुत्र का हाल लिया। इस वारदात के बाद खुलासे के लिए वाराणसी पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। शहर और जिले की सीमा पर नाकेबंदी कर दी गई है। recent visitors 84

ITR फाइलिंग करने के लिए है सिर्फ 31 दिसंबर 2024 तक का समय, आखिरी तारीख न छोड़ें, वरना लगेगा तगड़ा जुर्माना

नई दिल्ली अगर आप वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए आयकर रिटर्न (ITR) अभी तक नहीं भर पाए हैं, तो आपके पास सिर्फ 31 दिसंबर 2024 तक का समय है। इस तारीख के बाद, यदि आप विलंबित रिटर्न दाखिल करते हैं, तो आपको जुर्माना और ब्याज का सामना करना पड़ सकता है। विलंबित रिटर्न पर 5000 रुपये तक का जुर्माना आयकर अधिनियम की धारा 139(4) के तहत, यदि आप 31 दिसंबर तक विलंबित रिटर्न नहीं दाखिल करते हैं, तो आपको 5000 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है। हालांकि, अगर आपकी आय 3 लाख रुपये से कम है, तो कोई जुर्माना नहीं लगेगा। कम टैक्स योग्य आय वाले व्यक्तियों पर 1000 रुपये का जुर्माना भी हो सकता है। विलंबित ITR दाखिल करने की प्रक्रिया विलंबित रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया मूल रिटर्न के समान ही होती है, लेकिन आपको दाखिल करते समय धारा 139(4) का चयन करना होता है। इसके अलावा, सुनिश्चित करें कि सभी पेनल्टी और बकाया राशि का भुगतान किया गया हो। रिटर्न दाखिल करने के बाद, 30 दिनों का समय मिलता है ताकि रिटर्न सत्यापित किया जा सके। संशोधन के लिए नियम यदि आपने ITR दाखिल करते वक्त कोई गलती की है, तो आप धारा 139(5) के तहत संशोधित रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। हालांकि, बार-बार संशोधन से बचने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इससे आयकर विभाग की जांच हो सकती है। समाप्ति तिथि नजदीक है, जल्दी करें ITR फाइल 31 दिसंबर 2024 तक ITR दाखिल करना न भूलें, ताकि आपको जुर्माना और ब्याज का भुगतान न करना पड़े। recent visitors 151

दिल्ली, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बढ़ेगी ठंड, कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया: भारत मौसम विभाग

नई दिल्ली भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के प्रमुख स्थानों में अगले 5-7 दिनों तक शीत लहर की स्थिति बने रहने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। राजस्थान और पंजाब में भी दो दिनों तक सर्दी का सितम जारी रहेगा, यहां भी शीत लहर को लेकर चेतावनी दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शीत लहर के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शनिवार (21 दिसंबर) का दिन काफी ठंडा रहेगा। आईएमडी के मुताबिक बाद में उत्तर-पश्चिम भारत में शीत लहर का प्रभाव कम होगा, लेकिन 23 दिसंबर से पंजाब और हरियाणा में भीषण कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। इन दोनों ही राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 22 दिसंबर को घना कोहरा रहेगा, जबकि 23 दिसंबर को मध्यम कोहरा रहेगा। दिल्ली में मध्यम कोहरे की स्थिति 23 से 25 दिसंबर के बीच बनी रहेगी। हालांकि, 26 और 27 दिसंबर के लिए बारिश की संभावना जताई गई है। जिससे दिल्ली-एनसीआर में ठंड और भी बढ़ सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, पूर्वी राजस्थान और झारखंड में 22 दिसंबर तक घना कोहरा रहेगा।हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड और मेघालय में भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इस दौरान पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों का तामपान गिरेगा।   recent visitors 66