बिजली कंपनी का प्रदेश में किसानों को ऑफर, अब मात्र 5 रुपये में स्थायी कृषि पंप कनेक्शन मिलेगा

भोपाल मध्य प्रदेश के किसानों के लिए एक फायदे की खबर है. खेती के लिए किसानों को अब महज 5 रुपये में स्थायी पंप कनेक्शन मिलेगा. बिजली कंपनी की तरफ से यह ऑफर दिया जा रहा है.   मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ग्रामीण कृषि उपभोक्ताओं को अब मात्र 5 रुपये में स्थायी कृषि पंप कनेक्शन उपलब्ध कराने जा रही है. कंपनी ने कहा है कि कृषि पंपों के कनेक्शनों की संख्या बढ़ाए जाने के लिए ऐसे किसान जो बिजली की उपलब्ध लाइन के नजदीक स्थित हैं, उनको सुविधानुसार आसानी से स्थाई कृषि पंप कनेक्शन दिया जाएगा. मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग की तरफ से जारी नियमों के अनुसार, अब निम्न दाब (LT) पोल से उपभोक्ताओं द्वारा स्थापित होने वाली सर्विस लाइन में महज 5 रुपये में ग्रामीण क्षेत्र में नया स्थाई कृषि कनेक्शन प्रदान किया जाएगा. सरल संयोजन पोर्टल में उपभोक्ताओं के लिए नए कनेक्शन का फॉर्म भरने का काम भी कंपनी का मैदानी अमला करेगा. वहीं, सुरक्षा निधि के तौर पर 1200 रुपये प्रति हॉर्स पॉवर उपभोक्ता के पहली बार के बिल में जोड़ी जाएगी.   recent visitors 164

अनुपूरक बजट में केन-बेतवा परियोजना को 900 करोड़ रुपए, लाड़ली बहना योजना के लिए 465 करोड़

भोपाल मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में डॉ मोहन यादव सरकार ने वर्ष 2024-25 के लिए अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया है। यह 22,460 करोड़ रुपये का है। उप मुख्यमंत्री (वित्त) जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में वर्ष 2024-25 में विभागों को आवश्यक अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने के लिए प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया। इस अनुपूरक बजट में केन-बेतवा परियोजना के लिए 900 करोड़ रुपए, लाड़ली बहना योजना के लिए 465 करोड़ और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान है।   अनुपूरक बजट क्या होता है? सरकार कभी-कभी साल के बीच में एक्स्ट्रा पैसे खर्च करने के लिए अनुपूरक बजट लाती है। यह बजट पहले से तय बजट से अलग होता है। इसमें उन खर्चों का हिसाब-किताब होता है जो पहले बजट में नहीं थे या फिर कोई नई ज़रूरत पड़ने पर इसे लाया जाता है। मान लीजिए किसी मंत्रालय को अपनी योजना के लिए और पैसा चाहिए, तब सरकार अनुपूरक बजट के जरिए यह पैसा देती है।   आसान भाषा में ऐसे समझें मान लीजिए किसी आपदा के लिए राहत कार्य चलाने के लिए ज़्यादा पैसे की ज़रूरत है। या फिर किसी योजना को बीच में ही और धनराशि देनी पड़ रही है। ऐसी स्थिति में सरकार अनुपूरक बजट पेश करती है। इसमें यह बताया जाता है कि कहां और कितना पैसा खर्च किया जाएगा। सोचिए जैसे घर का बजट होता है, वैसे ही सरकार का भी बजट होता है। और कभी-कभी घर के बजट में भी एक्स्ट्रा खर्चा आ जाता है। ठीक उसी तरह सरकार के बजट में भी अतिरिक्त खर्चों के लिए अनुपूरक बजट की व्यवस्था है। इससे सरकार अपने कामकाज को सुचारू रूप से चला सकती है।   केन बेतवा के लिए 900 करोड़ इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के लिए धन आवंटित किया गया है। सरकार की महात्वाकांक्षी केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के 900 करोड़ रुपये का प्रावधान है। गौरतलब है कि इसका भूमिपूजन करने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 दिसंबर को मध्य प्रदेश आएंगे। वहीं, पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के लिए 600 रुपए का प्रतीकात्मक प्रावधान रखा गया है।   लाडली बहना को 456 करोड़ रुपए लाडली बहना योजना के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को 456 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन दिया गया है। इस अनुपूरक बजट से ऊर्जा विभाग को 8,763 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस राशि में 280 करोड़ रुपये टैरिफ अनुदान और अटल कृषि ज्योति योजना के लिए प्रावधान हैं। वहीं, जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल से जल पहुंचाने के कार्यक्रम को गति देने और ग्रामीण समूह जल प्रदाय के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 3,515 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।   चार्ट से समझें पूरा बजट:   इन विभागों के लिए भी आवंटित हुई राशि नवीन प्रधानमंत्री आवास शहरी के लिए 1,600 रुपये, संबल योजना के लिए 200 करोड़, लाड़ली लक्ष्मी योजना में छात्रवृत्ति और आर्थिक सहयोग के लिए 85 करोड़, निकायों का ऋण और ब्याज चुकाने 204 करोड़, दीनदयाल रसोई के लिए 10 करोड़, बड़े पुलों के निर्माण के लिए 400 करोड़, ग्रामीण सड़क और जिला मार्गों के लिए 400 करोड़ दिए जाएंगे।   यहां देखें पूरी लिस्ट- विभाग/योजना आवंटित राशि (करोड़ में) केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना 900 पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना 600 लाडली बहना योजना (महिला एवं बाल विकास) 456 ऊर्जा विभाग 8,763 लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग 3,515 प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 1,600 संबल योजना 200 लाडली लक्ष्मी योजना (छात्रवृत्ति और आर्थिक सहायता) 85 निकायों का ऋण और ब्याज चुकाने 204 दीनदयाल रसोई योजना 10 बड़े पुलों का निर्माण 400 ग्रामीण सड़क और जिला मार्ग 400 मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना 50 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन 400 सहकारी बैंकों के माध्यम से किसानों को ब्याजरहित ऋण 50 स्वास्थ्य सेवाएं 290 सिंचाई परियोजनाएं 1,515 नर्मदा घाटी विकास 2,090 सड़क, पुल और अन्य निर्माण कार्य 1,050 ग्रामीण विकास 1,161 उच्च शिक्षा विभाग 144 SC/ST और OBC छात्रवृत्ति (11वीं-12वीं और कॉलेज) 360 जनजातीय कार्य विभाग (छात्रवृत्ति) 130 OBC और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग (छात्रवृत्ति) 180 SC/ST विद्यार्थियों को आवास सहायता 130 विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन पर निर्माण कार्य 50 मुख्यमंत्री निवास परिसर में एनेक्सी निर्माण 47 भोपाल में सरकारी भवनों के रख-रखाव 55 सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के रख-रखाव 3 पर्यटन अधोसंरचना विकास 131 कुल 22,460 recent visitors 157

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का सितम जारी, 25 दिसंबर से तेज सर्दी का दूसरा दौर 

Severe cold continues in Madhya Pradesh, second round of severe cold from December 25  भोपाल । मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का दूसरा दौर 23 से 25 दिसंबर के बीच आएगा। यह जनवरी 2025 तक रहेगा। इससे पहले अगले 4-5 दिन तक प्रदेश के उत्तरी हिस्से यानी ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में कोहरा रहेगा। भोपाल, उज्जैन, जबलपुर में रात का पारा 8-10 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहेगा। मौसम विभाग ने गुरुवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में कोहरा छाने का अनुमान जताया है। बाकी जगहों पर मौसम साफ रहेगा। दिन में तेज धूप हो सकती है। ठंड से थोड़ी राहत, 2 डिग्री तक बढ़ा पारा मंगलवार-बुधवार की रात प्रदेश में कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली। रात के पारे में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, कई शहर ऐसे हैं, जहां पारा 5 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहा। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 2.4 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला में 3.5 डिग्री, उमरिया में 3.8 डिग्री, नौगांव में 4 डिग्री, टीकमगढ़ में 5.3 डिग्री, रीवा में 5.4 डिग्री और राजगढ़ में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 5.2 डिग्री, ग्वालियर में 5.4 डिग्री, भोपाल में 6.2 डिग्री, उज्जैन में 10 डिग्री और इंदौर में 11.6 डिग्री सेल्सियस टेम्प्रेचर दर्ज किया गया। हालांकि, बुधवार को दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत कई शहरों में पारा 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। इसलिए बदला मौसम  मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने कहा- शीतलहर और कोल्ड डे यानी ठंडे दिन की कंडीशन खत्म हो गई है। चार से पांच दिन तक टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी रहेगी। जिससे ठंड का असर कम होगा। उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के गुजरने के बाद बर्फबारी होगी। उत्तरी हवाएं फिर चलने लगेंगी। इसके बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर दोबारा आएगा। दिसंबर में रिकॉर्ड तोड़ चुकी ठंड इस बार दिसंबर महीने में ही ठंड रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। स्थिति यह रही कि पूरे प्रदेश में जनवरी से भी ठंडा दिसंबर रहा। भोपाल समेत कई शहरों में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। 9 दिन शीतलहर चली। बुधवार से शीतलहर का दौर थमा। भोपाल में दिसंबर की सर्दी ने 58 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई जबकि वन विहार नेशनल पार्क में जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए हीटर लगा दिए गए। मंदिरों में भगवान को भी ठंड से बचाने के लिए जतन किए जा रहे हैं। recent visitors 249

19 दिसम्बर गुरुवार को इन राशियों में दिखेगा लाभ

मेष राशि- मेष राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। मन में शांति व प्रसन्नता का भाव रहेगा। आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। नौकरी में अफसरों का सहयोग मिलेगा। आर्थिक रूप से दिन अच्छा रहेगा। प्रेम का साथ होगा। व्यापारिक स्थिति भी अच्छी होगी। वृषभ राशि- वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। धैर्य में कमी महसूस कर सकते हैं। आज आपको नकारात्मक विचारों से बचना चाहिए। ज्यादा उत्साही होने से बचें। परिवार में शांति बनाए रखने की कोशिश करें। कार्यक्षेत्र में ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। मिथुन राशि- मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन मिश्रित फलदायी रहेगा। विदेश से कारोबार में अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। शैक्षिक कार्यों में सफल रहेंगे। आय में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रमोशन या पदोन्नति मिल सकती है। अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने से बचें। व्यापारिक रूप से आप सुदृढ़ होंगे। कर्क राशि- कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आत्मविश्वास भरपूर रहेगा। मन में कई तरह के उतार-चढ़ाव रहेंगे। परिवार के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। किसी मित्र के सहयोग से कारोबार की स्थिति में सुधार हो सकता है। आर्थिक रूप से आप बेहतर स्थिति में आ जाएंगे। सिंह राशि- सिंह राशि वालों का आज मन परेशान रह सकता है। आर्थिक रूप से स्थिति उतार-चढ़ाव भरी रह सकती है। धैर्यशीलता बनाए रखने का प्रयास रखना चाहिए। परिवार की समस्याएं परेशान कर सकती हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। कारोबार में सुधार होने की संभावना है। जीवनसाथी के साथ व स्वास्थ्य पर ध्यान दें। कन्या राशि- कन्या राशि वालों के जीवन में खुशियों का आगमन होगा। परिवार के किसी सदस्य की सेहत पर नजर रखें। व्यापारिक स्थिति में सुधार होगा। आर्थिक लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। कामकाज को लेकर व्यस्तता रह सकती है। तुला राशि- तुला राशि वालों के आत्मविश्वास में कमी रहेगी। मन परेशान रहेगा। स्वास्थ्य को लेकर सचेत रहें। नौकरी में अफसरों से तालमेल बनाकर रखें। नौकरी में तरक्की के अवसर मिल सकते हैं। आय में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन लाभ के योग हैं। परिवार के अच्छा समय बिताएंगे। वृश्चिक राशि– वृश्चिक राशि वालों की वाणी में आज मधुरता तो रहेगी, लेकिन गुस्से पर काबू रखना चाहिए। नौकरी में परिवर्तन की संभावना बन रही है। परिश्रम ज्यादा करनी पड़ सकती है। सेहत का भी ध्यान रखें। सरकारी तंत्र का लाभ मिलेगा। धनु राशि- धनु राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। संतान पक्ष से किसी सुखद समाचार की प्राप्ति हो सकती है। नौकरी में परिवर्तन की संभावना बन रही है। माता की सेहत का भी ध्यान रखें। कारोबार में विस्तार के लिए आज का दिन अच्छा है। निवेश के अच्छे अवसर मिलेंगे। मकर राशि- मकर राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत के नजरिए से प्रतिकूल नजर आ रहा है। स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। सेहत के मामले में सतर्क रहने की जरूर है। व्यापारियों के कारोबार में विस्तार हो सकता है। धन की स्थिति मजबूत होगी। कुंभ राशि- कुंभ राशि के जातक आज ऑफिस में पॉलिटिक्स का शिकार हो सकते हैं। आपको जवाब अपने प्रदर्शन से देना होगा। तरक्की के अवसर मिल सकते हैं। आर्थिक आय में वृद्धि होगी। व्यर्थ के वाद-विवाद से बचें। मीन राशि- मीन राशि वालों के लिए आज का दिन सकारात्मक समाचार ला सकता है। आशा-निराशा के भाव मन में रहेंगे। बच्चों की सेहत पर नजर रखें। खर्चों में वृद्धि होगी। आर्थिक लाभ में वृद्धि होगी। बिजनेसमैन नए व्यापार की शुरुआत कर सकते हैं। recent visitors 101

कड़कड़डूमा कोर्ट ने दिल्ली दंगों के आरोप में उमर खालिद को 28 दिसंबर से 3 जनवरी तक जमानत की मंजूरी दी

नई दिल्ली जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद को दिल्ली दंगों के मामले में अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए सात दिन की अंतरिम जमानत मिल गई है। दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने खालिद को 28 दिसंबर से 3 जनवरी तक जमानत की मंजूरी दी है। क्या है मामला? उमर खालिद फिलहाल 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के एक बड़े षड्यंत्र मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज है। खालिद ने पहले भी नियमित जमानत की मांग की थी, जो अदालत ने खारिज कर दी थी। जमानत की शर्तें अंतरिम जमानत के दौरान खालिद को कोर्ट द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करना होगा। इस अवधि के बाद उन्हें दोबारा हिरासत में लौटना होगा। पृष्ठभूमि : खालिद, जेएनयू के पूर्व छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। सितंबर 2020 से जेल में बंद उमर पर 2020 दिल्ली दंगों की साजिश रचने का आरोप है। उन्होंने देरी और समानता के आधार पर नियमित जमानत की भी मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। recent visitors 92

अमानतुल्लाह खान ने कहा- दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आप पार्टी 60 से अधिक सीटों पर जीतकर सरकार बनाएगी

नई दिल्ली दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आम आदमी पार्टी ने 70 की 70 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र ओखला विधानसभा से आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर अमानतुल्लाह खान पर भरोसा जताया है। अमानतुल्लाह खान वर्तमान में इस सीट से विधायक हैं। टिकट मिलने के बाद वह ओखला विधानसभा क्षेत्र में लोगों से रूबरू हो रहे हैं और जनसमर्थन जुटा रहे हैं। बुधवार को अमानतुल्लाह खान ने बातचीत के दौरान कहा कि मुझे तीसरी बार उम्मीदवार बनाने के लिए मैं अरविंद केजरीवाल और पार्टी नेतृत्व का बहुत आभारी हूं। मैं उनकी उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरूंगा और लोगों के लिए काम करूंगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की लहर चल रही है। केजरीवाल के 10 सालों में किए गए कार्यों से जनता खुश है। पिछली बार इस सीट से रिकॉर्ड जीत हासिल की थी। इस बार भी हम इस सीट पर रिकॉर्ड जीत हासिल करेंगे। मैं समझता हूं कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी 60 से अधिक सीटों पर जीतकर सरकार बनाएगी। भाजपा के साथ मुकाबले पर उन्होंन कहा है कि भाजपा मुकाबले में दूर-दूर तक नहीं है। क्योंकि, भाजपा के पास कोई भी मुद्दा नहीं है। भाजपा का एक ही काम है अरविंद केजरीवाल को गाली देना। आम आदमी पार्टी जो काम कर रही है उन कामों को रोकना ही भाजपा के पास एकमात्र काम है। ओखला विधानसभा में हम लोगों ने कई कार्य किए हैं। हालांकि, मेरे जेल जाने से काम प्रभावित हुए हैं। लेकिन, मैं जेल से बाहर आया हूं तो मैं लोगों से मिल रहा हूं उनकी समस्याओं को सुन रहा हूं और जो कार्य रह गए थे उन कार्यों को तेजी से कराया जा रहा है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर अभी चुनाव आयोग की ओर से घोषणा नहीं की गई है। recent visitors 152

हिमाचल प्रदेश: राष्ट्रीय प्रसारण नैटवर्क से जुड़ी हिमाचल विधानसभा, NEVA एप लॉन्च

धर्मशाला हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित तपोवन विधानसभा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज राष्ट्रीय ई-विधानसभा एप्लिकेशन (NEVA) को लॉन्च किया। जैसे ही पोर्टल तैयार होगा तो इस एप के जरिए देशभर के लोग घर बैठे विधानसभा की कार्यवाही ऑनलाइन देख सकेंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश ने 4 अगस्त 2014 को देश में सबसे पहले ई-विधान प्रणाली को अपनाया था और अब राज्य ने राष्ट्रीय ई-विधानसभा एप्लिकेशन को भी लॉन्च करके डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने यह भी बताया कि यह डिजिटल इंडिया प्रोजैक्ट फिलहाल तपोवन धर्मशाला विधानसभा के लिए स्वीकृत किया गया है और शिमला विधानसभा के लिए डीपीआर भारतीय संसदीय कार्य मंत्रालय को भेजी गई है। इस एप से लोगों को केवल विधानसभा की कार्यवाही तक ही सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि वे टिकट लेकर विधानसभा भवन की विशेषताओं के बारे में भी जान सकेंगे। इसके अलावा तपोवन विधानसभा परिसर में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और आम लोगों को भी आसानी से प्रवेश मिलेगा। विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्य प्रक्रिया और विधायकों की कार्यशैली का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। विधानसभा परिसर के अधिकतम उपयोग के लिए सालभर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। युवा संसद, पंचायती राज संस्थाएं और शहरी निकाय भी इस परिसर का उपयोग अपने सम्मेलनों के लिए कर सकेंगे। इस डिजिटल पहल में 8 करोड़ रुपए का खर्च किया जाएगा और इसका उद्देश्य सदन के कामकाज को कागज रहित बनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान करना है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि तपोवन परिसर में एक हॉस्टल कम होटल का निर्माण किया जाएगा, जिससे विधानसभा सदस्यों, स्टाफ और अधिकारियों के रहने का खर्च बचाया जा सकेगा। यह होटल सत्र के दौरान विधानसभा द्वारा इस्तेमाल किया जाएगा और बाकी समय में कॉमर्शियल होटल के रूप में चलेगा। recent visitors 70