एमएस इंडस्ट्रीज के गोदाम में मिला कई राज्यों से लाया पीडीएस का चावल, गेहूं व सोयाबीन

शिवपुरी  प्रशासनिक अमले ने मंगलवार को गुना बाईपास स्थित इंडस्ट्रीज एरिया में एमएस इंडस्ट्रीज पर छापा मार कार्रवाई की। इस छापामार कार्रवाई के दौरान अमले को वहां गरीबों के हक का पीडीएस का चावल, मंडी का टैक्स चोरी का गेहूं और सोयाबीन मिला। प्रशासनिक अमले ने सभी सामान को जब्त कर गोदाम को सील कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी को सूचना मिली कि इंडस्ट्रीज एरिया में एमएस इंडस्ट्रीज के संचालक अंकित पुत्र उमेश गोयल के गोदाम में पीडीएस का चावल आया है। सूचना पर उन्होंने एसडीएम उमेश कौरव, तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा, डिप्टी कलेक्टर अनुपम शर्मा को मौके पर कार्रवाई करने के लिए भेजा। जब टीम मौके पर पहुंची तो गोदाम का गेट बंद था। टीम ने जब गेट खुलवाने का प्रयास किया तो गोदाम के कर्मचारियों ने बड़ी मुश्किल से गेट खोले। 750 क्विंटल चावल, 600 क्विंटल सोयाबीन, 1051 क्विंटल गेहूं जब्त     गेट खोलने पर गोदाम के अंदर राजस्थान से आया एक बड़ा ट्रोला क्रमांक आरजे 06 जीडी 0711 रखा हुआ था, जिसमें चावल भरा होना बताया गया। चावल प्रथम दृष्टया पीडीएस का प्रतीत हुआ।     टीम ने जब गोदाम के अंदर जाकर देखा तो उसमें गेहूं, सोयाबीन भी रखा हुआ था। प्रशासनिक अमले ने मौके पर खाद्य विभाग, मंडी व नागरिक आपूर्ति निगम के कर्मचारियों को भी बुला लिया।     मौके से सामान के सैंपल चेक करवाए गए। इसके अलावा गेहूं व साेयाबीन टैक्स चोरी का है। टीम ने गोदाम में 750 क्विंटल पीडीएस का चावल, 600 क्विंटल सोयाबीन और 1051 क्विंटल गेहूं मौके से जब्त किया है। मप्र, पंजाब, उप्र व केंद्र सरकार के कट्टों में मिला गेहूं प्रशासनिक अमला भले ही गेहूं को टैक्स चोरी का गेहूं बता रही थी, परंतु रसद माफिया के गोदाम में जिन बोरों में गेहूं पैक रखा हुआ था, उनके ऊपर स्पष्ट रूप से एमपी स्टेट सिविल सप्लाई कारपोरेशन, एससीएससी मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कार्पोरेशन भारत सरकार के सौजन्य से उचित मूल्य की दुकान, गवर्नमेंट ऑफ पंजाब, उत्तर प्रदेश सरकार खाद तथा रसद अंकित था। यह बोरे इस बात की गवाही दे रहे थे कि यह राशन न सिर्फ मप्र बल्कि उप्र, पंजाब के गरीबों के साथ-साथ, केंद्र सरकार की योजना का भी था। यह सारा राशन उक्त राज्यों के गरीब परिवारों तक जाना था, परंतु अंकित गोयल के गोदाम में पहुंच गया। आदिवासियों ने भी किया प्रदर्शन जब इस बात की जानकारी सहरिया क्रांति के आदिवासी कार्यकर्ताओं को लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। आदिवसियों ने गोदाम पर पहुंच कर नारेबाजी की और रसद माफिया के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग की। आदिवासियों का कहना था कि यह गेहूं और चावल उनके हक का है, जिसे माफिया ने अपने गोदाम में भरकर रखा है। उनके बच्चे भूखे रह कर कुपोषण से दम तोड़ रहे हैं। मौके पर न लाइसेंस मिल, न स्टॉक रजिस्टर खास बात यह है कि जिस समय टीम ने गोदाम पर छापामार कार्रवाई की, उस समय गोदाम में न तो लाइसेंस मिला, न स्टॉक रजिस्टर और न ही अन्य कोई दस्तावेज। सूत्र बताते हैं कि यह सभी दस्तावेज गोदाम में मौके पर ही मौजूद होना चाहिए था। टीम के कहने के बाबजूद कई घंटे बाद भी यह दस्तावेज फर्म संचालक ने तत्समय उपलब्ध नहीं करवाए। यह हालात घालमेल की संभावना व्यक्त कर रहे हैं। recent visitors 40

मध्य प्रदेश में शीतलहर का असर, 16 शहरों में अगले 4 दिन शीतलहर का अलर्ट, रायसेन में जमी ओस

भोपाल मध्य प्रदेश इन दिनों बर्फीली हवाओं की वजह से ठिठुर रहा है। दिन और रात का टेम्परेचर 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 4-5 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। बुधवार को भोपाल, इंदौर, जबलपुर-उज्जैन समेत प्रदेश के 16 जिलों में कोल्ड वेव का रहेगा असर। इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के 15 जिलों में सर्द हवाएं चलीं। पचमढ़ी देश का 10वां सबसे ठंडा शहर रहा। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, 'इस समय पश्चिम-उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। 12.6 किमी की ऊंचाई पर 240 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं भी चल रही हैं। इन दोनों सिस्टम की वजह से मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।' पचमढ़ी में एक रात में 1.7 डिग्री गिरा पारा मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पचमढ़ी में 1.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। एक रात पहले यह 3.5 डिग्री सेल्सियस था यानी एक ही रात में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी तापमान नीचे आया है। यह भोपाल में 6.9 डिग्री, इंदौर में 8.6 डिग्री, ग्वालियर में 6 डिग्री, उज्जैन में 7.5 डिग्री और जबलपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी के अलावा रायसेन, गुना, उमरिया, मंडला और नौगांव में टेम्परेचर 6 डिग्री सेल्सियस के नीचे रहा। रायसेन में 4.8 डिग्री, गुना-उमरिया में 5 डिग्री, मंडला में 5.2 डिग्री और नौगांव में 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। भोपाल, इंदौर-उज्जैन में आज कोल्ड डे मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और शाजापुर में कोल्ड डे रहेगा। वहीं, जबलपुर, धार, आगर-मालवा, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, सागर, नर्मदापुरम, रायसेन, दमोह, नरसिंहपुर और सिवनी में सर्द हवाएं चलेंगी।  मौसम विभाग ने 11, 12 और 13 दिसंबर को धार, गुना-अशोकनगर में कोल्ड वेव चलने का अलर्ट जारी किया है। जेट स्ट्रीम हवाएं 12.6 किमी ऊंचाई पर 277 किमी प्रतिघंटा के हिसाब से चल रही है। इससे एमपी में भी ठिठुरन है। आने वाले दिनों में हवा की ऊंचाई कम हो जाएगी। जिससे पूरे प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ जाएगा।। बर्फीली हवाओं का सबसे ज्यादा असर उत्तरी हिस्से में रहेगा। इनमें ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिले शामिल हैं। भोपाल में दो साल का रिकॉर्ड टूटा राजधानी भोपाल में दिसंबर की सर्दी ने 2 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। एक ही रात में पारा 4.5 डिग्री लुढक कर 7.8 डिग्री पहुंच गया, जो पिछले दो साल में सबसे कम है। 2022 और 2023 में न्यूनतम तापमान 8.6 और 8.8 डिग्री रहा था। इधर प्रदेश के सभी शहरों में तापमान में गिरावट हुई। सबसे ठंडा पचमढ़ी रहा। यहां तापमान 3.5 डिग्री पर आ गया। जबकि रायसेन का 3.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में भी खासी गिरावट हुई है। इंदौर में 8.7 डिग्री, ग्वालियर में 8.5 डिग्री, उज्जैन में 10 डिग्री और जबलपुर में 7 डिग्री तापमान रहा। इसी तरह राजगढ़, नौगांव, उमरिया ऐसे शहर रहे, जहां पारा 7 डिग्री से नीचे रहा। जाने आगे कैसा  रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में सबसे ज्यादा ठंड पड़ेगी। कड़ाके की ठंड का यह दौर जनवरी तक बना रहेगा। इन्हीं 40 दिनों में 20 से 22 दिन कोल्ड वेव यानी, सर्द हवाएं की भी चल सकती है। हालांकि, दिसंबर के पहले ही पखवाड़े में सर्द हवाएं चलने का अलर्ट है। इस बार सबसे ज्यादा ठंड उज्जैन, ग्वालियर-चंबल संभाग में रहेगी। वजह बर्फीली हवाएं सीधे आना है। वर्ष 2014 से 2023 तक के ट्रेंड पर नजर डाली जाए तो भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य शहरों में दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में ही कड़ाके की ठंड पड़ना शुरू होती है। इन पांच बड़े शहरों में पारे में सबसे ज्यादा गिरावट ग्वालियर में होती है। पिछले 10 साल में एक बार टेम्प्रेचर 1.8 डिग्री तक पहुंच चुका है। जबलपुर में यह 4.4 डिग्री और उज्जैन में 2.5 डिग्री तक रहा है। भोपाल और इंदौर में भी टेम्प्रेचर 5 डिग्री से नीचे रहे हैं।   recent visitors 38

उप मुख्यमंत्री से एशियन डेवलपमेंट बैंक के प्रतिनिधि मंडल ने की सौजन्य भेंट

भोपाल उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार का प्राथमिक लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उन्नत और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार मैनपावर प्रबंधन, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था और संकेंद्रित प्रयासों के जरिये स्वास्थ्य मानकों में सुधार पर लगातार काम कर रही है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल से मंत्रालय भोपाल में एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की। बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सर्वसुलभ बनाने के लिए निजी निवेश और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर गहन चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश में निजी निवेश के विभिन्न मॉडलों पर विचार किया जा रहा है। शासन का उद्देश्य है कि चिकित्सकीय मैनपावर की उपलब्धता बढ़ाई जाए, अधोसंरचना को आधुनिक तकनीकी के साथ उन्नत किया जाए और उन क्षेत्रों में उच्च स्तरीय सेवाएँ प्रदान की जाएँ जहाँ अभी इनकी कमी है। इसके लिए निजी निवेश के माध्यम से गैप फिलिंग का प्रयास किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने एडीबी प्रतिनिधियों से ऐसे संभावित क्षेत्रों की पहचान और उनके समाधान के लिए प्रभावी सुझाव प्रस्तुत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार लाने के लिए एडीबी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के अनुभव और विशेषज्ञता का उपयोग किया जाएगा। एशियन डेवलपमेंट बैंक के प्रतिनिधि मंडल ने विभिन्न देशों और राज्यों में उनके अनुभव साझा किए और बताया कि उन्होंने अन्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुधार के लिए किस प्रकार के संयुक्त प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी इस प्रयास के लिए जल्द ही विस्तृत सुझाव प्रस्तुत करेंगे । प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संदीप यादव, आयुक्त तरुण राठी, ऐग्पा के एडिशनल सीईओ लोकेश शर्मा, एडीबी के धवल झंब सहित अन्य प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।   recent visitors 41

मंत्री श्रीमती उईके ने अमृत 2.0 और कायाकल्प 2.0 योजनाओं के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन

भोपाल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने सिंगरौली जिले के ढोटी में अमृत 2.0 योजना और कायाकल्प 2.0 योजना के अंतर्गत जल प्रदाय एवं सड़क निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल नागरिकों का मूलभूत अधिकार है और प्रदेश सरकार इसे हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री श्रीमती उइके ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत सिंगरौली नगर निगम क्षेत्र के छूटे हुए वार्डों में 164 किलोमीटर पाइप लाइन और 4 पानी टंकियों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इस परियोजना पर 36.19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, कायाकल्प 2.0 योजना के अंतर्गत 28 किलोमीटर की पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। इस परियोजना की लागत 10.04 करोड़ रुपये है। मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए तत्परता से काम कर रही है। शुद्ध जल और स्वच्छता न केवल स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक हैं, बल्कि राज्य के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा भी हैं। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के माध्यम से हर घर में शुद्ध जल पहुंचेगा और कायाकल्प योजना से शहरी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। सिंगरौली विधानसभा के विधायक राम निवास शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। अमृत 2.0 और कायाकल्प योजनाएं जनकल्याण की दिशा में एक अहम कदम हैं, जिनसे दूरदराज के क्षेत्रों तक भी विकास की रोशनी पहुंचेगी। नगर निगम महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से सिंगरौली नगर निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल और बेहतर सड़कों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजनाओं को जनहित में मील का पत्थर बताया। इस अवसर पर श्रीमती उईके ने विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में नए आयाम स्थापित करेंगी।   recent visitors 33

अनिल कुमार खत्री ने कहा कार्मिकों की कार्यकुशलता और दक्षता में वृद्धि के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ ही सैद्धांतिक ट्रेनिंग भी आवश्यक

पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर में बिजली कार्मिकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण अनिल कुमार खत्री ने कहा कार्मिकों की कार्यकुशलता और दक्षता में वृद्धि के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ ही सैद्धांतिक ट्रेनिंग भी आवश्यक भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत कार्यरत पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के 210 तृतीय श्रेणी कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु पहले चरण में 30 प्रतिभागियों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ निदेशक (पीडीटीसी) अनिल कुमार खत्री ने किया। इसी दौरान ग्रामीण विद्युतीकरण निगम के प्रशिक्षण केन्द्र हैदराबाद द्वारा मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन एवं वित्त अनुभाग के अधिकारियों के लिए ‘‘चेंज मैनेजमेंट, लीडरशिप एंड टीम बिल्डिंग‘‘ विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र भी शुरू हुआ। प्रशिक्षण सत्र के शुभारंभ अवसर पर पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर के निदेशक अनिल कुमार खत्री ने कहा कि कार्मिकों की कार्यकुशलता और दक्षता में वृद्धि के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ ही सैद्धांतिक ट्रेनिंग भी आवश्यक है। पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा कार्मिकों को प्रशिक्षित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं और इसके लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर कार्मिकों को सैद्धांतिक और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे विभागीय कार्यों के सुचारू संपादन के साथ ही विद्युतीय कार्य और विद्युत सुरक्षा का ध्यान रखा जाना सुनिश्चित हो रहा है। गौरतलब है कि पॉवर डिस्ट्रीब्युशन ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के 210 तृतीय श्रेणी कार्मिकों को विभागीय जॉंच एवं दंड, अवकाश नियम, यात्रा भत्ता नियम, वेतन निर्धारण, एनजीबी बिलिंग सिस्टम, क्रय प्रक्रिया, विद्युत सुरक्षा, ई-ऑफिस संचालन, ईआरपी प्रणाली, सोलर रूफटॉप, सतर्कता जॉंच और गतिविधियां, विद्युत बचत और उपभोक्ता जागरूकता, पॉवर जनरेशन, ट्रांसमिशन और वितरण, अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वूपर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सूचना प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन एवं वित्त अनुभाग के अधिकारियों को ‘‘चेंज मैनेजमेंट, लीडरशिप एंड टीम बिल्डिंग‘‘ के अंतर्गत लीडरशिप स्किल, टीम बिल्डिंग, मैनेजिंग ग्रुप डायनॉमिक्स, आर्गेनाईजेशनल चेंज, व्यवहार परिवर्तन, एक्टिव लर्निंग, आर्गेनाईजेशनल इफेक्टिवनेस जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। ज्ञात हो कि भोपाल शहर के गोविन्दपुरा स्थित मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेन्टर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए सेन्ट्रल इंडिया का सबसे बड़ा मान्यताप्राप्त प्रशिक्षण संस्थान है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र के शुभारंभ कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंध (मानव संसाधन) सुनिशा कुमार ने किया तथा आभार पीडीटीसी के संयुक्त संचालक सत्येन्द्र मौर्य ने व्यक्त किया।   recent visitors 34

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने 40 आउटसोर्स कर्मियों को कार्य में लापरवाही बरतने के चलते चेतावनी जारी की

भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने के आरोप में सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कंपनी कार्यक्षेत्र में कार्यरत 33 मीटर वाचकों तथा 9 अन्य आउटसोर्स कर्मियों को ड्यूटी से पृथक करने की कार्यवाही की गई है। साथ ही 40 आउटसोर्स कर्मियों को कार्य में लापरवाही बरतने के चलते चेतावनी जारी की गई है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि उपभोक्ताओं के परिसर में स्थापित मीटर की फोटो मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने और गलत मीटर रीडिंग लेने पर मीटर वाचकों पर सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश जारी किये गये हैं। कंपनी कार्यक्षेत्र के रायसेन में 1, सीहोर में 2, दतिया में 3, राजगढ़ में 3, भोपाल में 5, ग्वालियर शहर में 2 बैतूल में 1, भोपाल ग्रामीण में 5, ग्वालियर ग्रामीण में 4, हरदा में 2, मुरैना में 2, नर्मदापुरम में 8, श्योपुर में 2, शिवपुरी में 2 तथा विदिशा में 2 आउटसोर्स मीटर वाचक तथा अन्य आउटसोर्स कर्मियों को आदेशों की अवहेलना और मीटर वाचन में लापरवाही बरतने के आरोप में सेवा से पृथक किया गया है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि उपभोक्ताओं के परिसर पर एक्युरेसी शुद्धता के साथ मीटर वाचन होना चाहिए और मीटर रीडिंग के आधार पर ही उपभोक्ताओं को विद्युत देयक दिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मीटर वाचकों के कार्य पर निष्ठा एप के द्वारा निगरानी रखी जाए और जो मीटर वाचक कर्तव्य पालन में लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें सेवा से पृथक किया जाए। प्रबंध संचालक ने कहा कि उपभोक्ता सेवा सर्वोपरि है। उपभोक्ताओं को कंपनी बेहतर से बेहतर सेवाएं देने के लिए कृत संकल्पित है और इसी दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं को जागरूक रहने के लिए कहा है कि जब उनके परिसर की मीटर रीडिंग होती है तो वे मीटर वाचक द्वारा ली गई रीडिंग और मीटर में दर्ज रीडिंग पर नजर रखें ताकि सही देयक मिल सके। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रयास हैं कि बिलिंग संबंधी शिकायतों को शून्य लेवल पर लाया जाए। कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कहा कि फोटो मीटर रीडिंग निष्ठा एप के माध्यम से की जा रही है। दरअसल फोटो मीटर रीडिंग ऐसी प्रक्रिया है जिसमें मानवीय हस्तक्षेप बिल्कुल नहीं है और मीटर वाचन में अंकित वाचन की फोटो खींचकर सिस्टम में अपलोड की जाती है। कंपनी के शहरी क्षेत्रो में क्यूआर कोड लगाने के कारण भी फायदा मिला है एवं इससे मीटर वाचन की प्रक्रिया जल्दी संपादित हो रही हैं।   recent visitors 35

ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट सहित अन्य कार्यक्रमों में PM मोदी आने के लिए दी सहमति

प्रदेश में 11 दिसंबर से प्रारंभ होगा जनकल्याण अभियान और जन कल्याण पर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 फरवरी को आएंगे मध्यप्रदेश ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट सहित अन्य कार्यक्रमों में PM मोदी आने के लिए दी सहमति मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रियों को दी जानकारी भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में सरकार के गठन के 1 वर्ष पूर्ण होने पर 11 दिसंबर से 26 जनवरी 2025 तक जनकल्याण अभियान और 11 से 26 दिसम्बर तक जनकल्याण पर्व मनाया जाएगा। प्रदेश के मंत्रीगण अपने प्रभार और गृह जिलों में विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। जिलों में लगने वाले शिविरों में भी आवश्यक व्यवस्थाएं मंत्रीगण द्वारा सुनिश्चित की जाएं। सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी जनकल्याण अभियान और जनकल्याण पर्व की गतिविधियों से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मंगलवार को नई दिल्ली में भेंट हुई। भेंट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण दिया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी 24 फरवरी 2025 को भोपाल में हो रही ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में आने की सहमति दी है। प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश में अन्य कार्यक्रमों के लिए भी आमंत्रित किया गया है। इसके लिए भी वे अपने कार्यक्रम निर्धारित कर अवगत करवाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय में राज्य मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रीगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश में जनकल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल के लिए मध्यप्रदेश की सराहना की है। इन परियोजनाओं के भूमि-पूजन कार्यक्रमों के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर को पचमढ़ी में चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने मंत्रीगण को जानकारी दी कि केंद्र सरकार द्वारा मध्य प्रदेश के लिए 11 केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति दी गई है। इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नर्मदापुरम में हाल ही में संपन्न रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव सफल रहा, जिसमें 31 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। साथ ही लगभग 40 हजार व्यक्तियों को रोजगार की संभावना भी सरकार होगी। प्रदेश में शहडोल में अगली रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की तैयारी की जा रही है। मंत्रि-परिषद की बैठक शुरू होने के पहले राष्ट्रगीत वंदे-मातरम का सामूहिक गान हुआ।   recent visitors 52