रामटौरिया पंचायत: सचिव व रोजगार सहायक नहीं चाहते गांव का विकास हो ,सभी निर्माण कार्य पड़े अधूरे

अमान राजपूत, संवाददाता, रामटौरिया रामटौरिया। जनपद पंचायत बड़ामलहरा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत रामटौरिया के सचिव व रोजगार सहायक पर ग्रामीणों द्वारा मनमानी का आरोप लगाया गया है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत के सचिव राजेश सौर व रोजगार सहायक अग्निहोत्री की पंचायत में मनमानी के कारण हम सभी परेशान हैं।इनकी मनमानी इसलिए चरम पर हैं, क्योंकि सचिव राजेश सौर मुबई ग्राम पंचायत में पदस्थ हैं और वे अतिरिक्त प्रभार रामटौरिया पंचायत का लिए हुए हैं। रोजगार सहायक पास के गांव मुबई का रहने वाला है। दोनों ही जिम्मेदार ग्राम पंचायत रामटौरिया में कभी दिखाई नहीं देते हैं। इस वजह से लोगों के समय पर काम नहीं हो रहे हैं। जानकारी अनुसार बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत रिकॉर्ड का पासवर्ड रामटौरिया में ऑनलाइन का काम करने वाले दुकानदारों को दिए हुए है। वही अपने अनुसार मोटी फीस लेकर बमुश्किल छोटे काम हो पाते हैं। ग्रामीणों अनुसार कर्मचारी काम के बदले मनमानी फीस भी वसूलते हैं। वहीं अगर किसी काम के लिए सचिव राजेश सौर को फ़ोन लगाया जाता है तो वह जनपद कार्यालय से पासवर्ड नहीं मिलने की बात कहकर गुमराह कर देते हैं। पंचायत में होने वाले निर्माण कार्यों में भी इनकी मनमानी के चलते ग्रामीणों को रोजगार और शासन की योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र के ग्रामीण लोग काफी परेशान हैं। रोजगार सहायक द्वारा पंचायत में मनमाफिक कार्य किए जा रहे हैं। शासन से मिलने वाले शौचालयों में भी रोजगार सहायक सचिव धांधली कर रहे हैं। शौचालय की राशि ग्रामीणों तक नहीं पहुंच रही है। लोगों को शासन से मिलने वाली विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, वृद्धा पेंशन आदि की जानकारी नहीं दी जाती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है। जिन्हें मिला है उन्हें पूर्ण राशि नहीं दी गई। इस तरह पंचायत में मनमानी चलाकर शासन की राशि का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीणों को उनका हक नहीं पहुंचाया जा रहा है इनके द्वारा उन्हें गुमराह किया जा रहा है। recent visitors 182

फिलिस्तीनी अधिकारों पर समझौता नहीं, भारत ने UNGA में इजराइल के खिलाफ दिया वोट

नई दिल्ली भारत ने फिलिस्तीन के मुद्दे पर अपने पुराने रुख को मजबूत करते हुए, संयुक्त राष्ट्र महासभा के एक प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। इस प्रस्ताव में 1967 से कब्जा की गई फिलिस्तीनी जमीन, जिसमें पूर्वी यरुशलम भी शामिल है, से इजराइल को हटने के लिए कहा गया है। यह प्रस्ताव "फिलिस्तीन के सवाल का शांतिपूर्ण समाधान" शीर्षक से पेश किया गया था, जिसे सेनेगल ने प्रस्तावित किया। इसे 157 देशों का समर्थन मिला, जबकि 8 देशों – इजराइल, अमेरिका, माइक्रोनेशिया, नाउरू, पलाऊ, पापुआ न्यू गिनी, अर्जेंटीना और हंगरी ने इसका विरोध किया।  कई देशों ने मतदान से दूरी बनाई, जिनमें यूक्रेन, जॉर्जिया और चेकिया शामिल हैं। भारत का समर्थन इस बात को दोहराता है कि वह फिलिस्तीन के लिए "दो राष्ट्र समाधान"  का पक्षधर है। भारत का यह कदम मिडिल ईस्ट में शांति स्थापित करने और फिलिस्तीनी लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार को मान्यता देने की उसकी प्रतिबद्धता को दिखाता है।   प्रस्ताव की मुख्य बातें 1. इजराइल से तुरंत कब्जा छोड़े जाने की मांग, खासकर पूर्वी यरुशलम से।   2. फिलिस्तीनी जनता के आत्मनिर्णय और स्वतंत्र राष्ट्र स्थापित करने के अधिकार को मान्यता।   3. इजराइल से अंतरराष्ट्रीय कानून और अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के जुलाई 2024 के निर्णय का पालन करने की मांग।   4. गाजा पट्टी में किसी भी जनसांख्यिकीय या क्षेत्रीय बदलाव को खारिज किया गया।   इजराइल-फिलिस्तीन विवाद का इतिहास संयुक्त राष्ट्र लंबे समय से इजराइल से फिलिस्तीनी क्षेत्रों को छोड़ने की मांग करता रहा है। यह विवाद दशकों पुराना है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देशों के बीच विभाजन का कारण बना हुआ है। हालांकि, अमेरिका जैसे देश इस तरह के प्रस्तावों का विरोध करते रहे हैं और इजराइल का समर्थन करते हैं।   सीरियाई गोलान हाइट्स पर भारत का रुख फिलिस्तीन के समर्थन के साथ, भारत ने सीरियाई गोलान हाइट्स से इजराइल की वापसी की मांग वाले एक अन्य प्रस्ताव का भी समर्थन किया। इसमें 1967 के बाद से इजराइल द्वारा अवैध बस्तियों और अन्य गतिविधियों की आलोचना की गई है। यह प्रस्ताव 97 देशों के समर्थन से पारित हुआ, जबकि 64 देशों ने मतदान से दूरी बनाई।  recent visitors 113

देश में हर रेल यात्री को यात्रा टिकट पर हर 100 रुपये की यात्रा सेवा की कीमत 54 रुपये ली जाती है

नई दिल्ली रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि देश में हर रेल यात्री को यात्रा टिकट पर 46 प्रतिशत की सब्सिडी दी जाती है। उन्होंने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह भी कहा कि रेल मंत्रालय यात्रियों के लिए सब्सिडी पर हर साल 56,993 करोड़ रुपये की राशि खर्च करता है। उन्होंने ट्रेन में करीब 1 हजार नए डिब्बे जोड़े जाने की भी जानकारी दी है। बुजुर्गों और मान्यताप्राप्त पत्रकारों को पहले मिलने वाली सब्सिडी की बहाली की संभावना के बारे में पूछे जाने पर वैष्णव ने कहा, 'भारत सरकार की ओर से यात्रियों को कुल सब्सिडी 56,993 करोड़ रुपये की दी जाती है। हर 100 रुपये की यात्रा सेवा की कीमत 54 रुपये ली जाती है। सभी श्रेणियों के यात्रियों को 46 प्रतिशत की सब्सिडी दी जाती है।' वैष्णव ने एक पूरक प्रश्न के उत्तर में यह भी कहा कि जिस तरह से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में सड़कों से पूरे देश को जोड़ा गया था, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के छोटे और मझोले रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। दिसंबर के आखिर तक 1000 अतिरिक्त जनरल कोच ट्रेनों में जोड़ी जाएंगे सरकार ने कहा है कि रेल सुविधा को सबके लिए उपलब्ध कराने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है, जिसके लिए जनरल बोगियों को बढ़ाया जा रहा है और इसके तहत इस साल के अंत तक 1000 अतिरिक्त कोच रेलों में लगाए जाएंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक पूरक प्रश्न के जवाब में यह जानकारी देते हुए बताया कि कि देश के हर क्षेत्र में लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिले, इसलिए सरकार जनरल डिब्बों को बढ़ाने पर ध्यान दे रही है और इसका मकसद ऐसा कर हर नागरिक तक बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना है। recent visitors 80

जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने बड़ोदा अहीर गांव पहुंचकर श्रृद्धासुमन अर्पित किए

भोपाल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा और जनजातीय समुदाय के महानायक क्रांतिसूर्य टंट्या भील जी के 135वें बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को खंडवा जिले के पंधाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बड़ोदा अहीर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह कार्यक्रम में शामिल हुए और टंट्या मामा का पुण्य स्मरण कर उनकी आदमकद प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पंधाना की विधायिका श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत खंडवा के उपाध्यक्ष दिव्यादित्य शाह, पंधाना की जनपद पंचायत अध्यक्षा श्रीमती सुन्नी बाई सहित ग्राम सरपंच एवं अन्य स्थानीय जन-प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा टंट्या मामा की याद में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों और बड़ों सभी ने "टंट्या मामा अमर रहे" के नारे लगाये। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने टंट्या मामा के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए कहा, "टंट्या मामा ने ब्रिटिश शासन के अत्याचारों के खिलाफ जनजातीय समुदाय को संगठित कर आवाज उठाई। उन्होंने गुरिल्ला युद्धकला का सहारा लिया और गरीबों की मदद के लिए अमीरों से अतिरिक्त धन लेकर गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों का आर्थिक सहयोग किया। उनके इन्हीं कार्यों ने उन्हें जनजातीय समुदाय का महानायक बना दिया।" टंट्या मामा को देश में "इंडियन रॉबिनहुड" के नाम से भी जाना जाता है। उनका जन्म 26 जनवरी 1842 को खंडवा जिले के पंधाना ब्लॉक के ग्राम बड़ोदा अहीर में हुआ था। उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में ब्रिटिश सरकार की दमनकारी नीतियों का सक्रिय होकर विरोध किया। विरोधी गतिविधियों में मुखर होने के कारण ब्रिटिश शासन ने 4 दिसंबर 1889 को उन्हें गिरफ्तार कर जबलपुर में फांसी दे दी थी। इसीलिये हर वर्ष 4 दिसंबर को टंट्या मामा का बलिदान दिवस मनाया जाता है। उनकी समाधि पातालपानी में स्थापित है, जो जनजातीय समुदाय और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। recent visitors 128

पुणे में नशे में धुत एक ऑडी कार सवार ने मोटरसाइकिल सवार को मरी टक्कर, युवक को 3 किमी तक घसीटा

मुंबई महाराष्ट्र में हाई प्रोफाइल हिट एंड रन और रैश ड्राइविंग के बढ़ते मामलों के बीच पुणे से एक और मामला सामने आया है। पुणे के चिंचवड़ में एक ऑडी कार ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद कथित तौर पर तीन किलोमीटर तक घसीटा। रविवार रात करीब 9 बजे अकुर्दी में हुई इस घटना में बाइक सवार जकेरिया मैथ्यू गंभीर रूप से घायल हैं। आरोपी की पहचान चिंचवाड़ के 23 वर्षीय कमलेश उर्फ अशोक पाटिल के रूप में हुई जो कथित तौर पर चालक की सीट पर था। वहीं हेमंत चंद्रकांत म्हालास्कर उर्फ सोन्या, तालेगांव दाभाडे और प्रथमेश पुष्कल दराडे को गिरफ्तार किया गया है। कार पुष्कल दराडे के भाई की है। सोमवार को मैथ्यू की शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मैथ्यू अपने दोस्त अनिकेत के साथ बाइक चला रहा था तभी कार ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जब मैथ्यू ने ड्राइवर के पास जाकर बात की तो एक गर्मा गर्मी शुरू हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने मैथ्यू और उसके दोस्त के साथ बदतमीजी की और हमला शुरू कर दिया। मैथ्यू के मुताबिक स्थिति तब बिगड़ गई जब कमलेश जो दो अन्य आरोपियों और एक अज्ञात महिला सह-यात्री के साथ पहियों के पीछे था, ने कथित तौर पर मैथ्यू को कुचलने की कोशिश की। मैथ्यू ने किसी तरह से कार के बोनट से चिपक कर खुद की जान बचाई। कार मैथ्यू को अकुर्दी रेलवे स्टेशन के संभाजी चौक से तीन किलोमीटर से अधिक दूरी तक घसीटती हुई बिजलीनगर के मंगल मेडिकल के पास ऑडी में बैठी महिला को छोड़ने के लिए रुकी। निगड़ी पुलिस स्टेशन ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 115 (2), 352 और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। निगड़ी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर शत्रुघ्न माली ने बताया, 'पीड़ित की शिकायत के आधार पर हमने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।” पुलिस ने कहा कि आरोपियों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच अधिकारी ने बताया, "शुरुआती जांच से पता चलता है कि उन्होंने शराब का सेवन किया था लेकिन हम पुष्टि के लिए लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। recent visitors 66

बुंदेलखंड में अफसरों का बड़ा कमाल, टेबल पर बना दिए हजारों पीएम आवास, सीएम ने की जांच शुरू

भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार एक से एक बड़े घोटाले निकलकर सामने आ रहे हैं। इन घोटालों का दाग लगने के कारण सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने लगे हैं। प्रदेश के कई अलग-अलग जिलों में करोड़ों रुपए के घोटाले अभी तक उजागर हो चुके हैं। सागर संभाग में अभी तक का सबसे बड़ा घोटाला छतरपुर और टीकमगढ़ में हुआ है। छतरपुर जिले की नगर पालिका परिषद छतरपुर, नगर पंचायत नगर परिषद बक्सवाहा, नगर परिषद बारीगढ़ साथ ही टीकमगढ़ जिले की नगर पालिका परिषद टीकमगढ़, नगर परिषद पलेरा, लिधौराखास व बड़ागांव धसान में निकलकर सामने आया है। कई उच्च स्तरीय जांचों में पाया गया है कि नगर पालिका परिषद टीकमगढ़, नगर परिषद पलेरा, लिधौराखास व बड़ागांव धसान में कई सैकड़ा आवास के नाम पर करोड़ों रुपए का फर्जी भुगतान किया गया है। छतरपुर जिले की नगर पालिका परिषद छतरपुर, नगर पंचायत नगर परिषद बक्सवाहा, नगर परिषद बारीगढ़ साथ ही नगर पालिका परिषद टीकमगढ़, नगर परिषद पलेरा, लिधौराखास व बड़ागांव धसान में आवास घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बेहद नाराज हैं, उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के नाम पर अधिकारियों ने राशि निकाल ली, जब इसकी जांच हुई तो अधिकारियों को मौके पर ना तो कोई भवन बना मिला और ना ही किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य मिल रहा है। आखिर इतनी बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास कहां चोरी हो गए। करोड़ों रुपए के फर्जी भुगतान की शिकायत की गई थी। मध्य प्रदेश शासन ने शिकायतों पर संज्ञान लेकर उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की और जांच कमेटी ने पाया कि छतरपुर जिले की नगर पालिका परिषद छतरपुर, नगर पंचायत नगर परिषद बक्सवाहा, नगर परिषद बारीगढ़ साथ ही नगर पालिका परिषद टीकमगढ़, नगर परिषद पलेरा, लिधौराखास व बड़ागांव धसान के अंतर्गत कई सैकड़ा प्रधानमंत्री आवास बनाए गए। यह ना तो जमीन पर मिल रहे हैं व उनके नाम पर भुगतान कर लिया गया। कई पीएम आवासों का भुगतान अधिकारियों के द्वारा निकाल लिया गया, जिस कारण सरकार को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट नगरीय प्रशासन व विकास विभाग मध्य प्रदेश शासन भोपाल को भेजी प्रमुख सचिव व आयुक्त के द्वारा आदेश जारी किए गए कि सीएमओ और संबंधित उपयंत्री जिन्होंने डीपीआर तैयार की, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करें एवं उनसे शासन की राशि की वसूली की जाएगी। recent visitors 169

राजस्व कर्मचारी से मारपीट करने के विरोध में पटवारी संघ ढीमरखेड़ा गया सामूहिक अवकाश पर

कटनी कटनी जिले में स्कूल का सीमांकन करने पहुंचे राजस्व विभाग के आरआई और पटवारियों के दल पर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। मामले में एफआईआर दर्ज हुई है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज पटवारी संघ ने बुधवार का पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। पूरा मामला ढीमरखेड़ा तहसील के गुड़ा ग्राम का है। बताया गया कि 29 नवंबर की दोपहर शासकीय स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए तहसीलदार के निर्देश पर गुड़ा प्राथमिक शाला पहुंचे आरआई और 5 पटवारियों के दल पर गांव के महेंद्र लोनी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने आरआई को लात मारकर घायल कर दिया और पटवारियों के साथ भी जमकर मारपीट की। घटना की शिकायत ढीमरखेड़ा थाने में की गई और एफआईआर दर्ज कराई गई। पटवारी मोहनलाल साहू ने बताया कि गुड़ा प्राथमिक शाला में बाउंड्री वॉल बनाने और पानी की टंकी निर्माण के लिए तहसीलदार के निर्देश पर 5 पटवारियों की टीम सीमांकन कार्य के लिए गई थी। इस दौरान दान भूमि पर कब्जा कर रहे महेंद्र लोनी ने बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के 5 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी कारण पटवारी संघ ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संतोष डेहरिया से मुलाकात की और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। राजस्व अधिकारियों पर हुए इस हमले के बाद पटवारियों में भय का माहौल है। वहीं, घटना से आक्रोशित ढीमरखेड़ा पटवारी संघ ने 3 दिवसीय सामूहिक बंद का आव्हान किया है। फिलहाल, कटनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को आरोपी महेंद्र लोनी की गिरफ्तारी के सख्त आदेश दिए हैं। recent visitors 79