मुरैना: रिठौरा थाना प्रभारी को मॉल में शॉपिंग करना पड़ा भारी, देखिए क्यों नप गए मुरैना के TI साहब

मुरैना  मुरैना के रिठौरा थाना प्रभारी को ग्वालियर मॉल में शापिंंग के दौरान जिले के एसपी से मुलाकात भारी पड़ गई। एसपी ने टीआई को बिना अनुमति के अपना थाना छोड़ने को लेकर सस्पेंड कर दिया। रिठौरा टीआई को सस्पेंड करने खबर मुरैना में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताय जाता है कि रिठौरा थाना टीआई जितेंद्र दौहरे मंगलवार रात करीब आठ बजे ग्वालियर के मॉल में परिवार के साथ शॉपिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात जिले के एसपी से हो गई। अब एसपी के अचानक सामने आते ही टीआई ने उन्हें सैल्यूट भी किया। हालांकि उस समय तो एसपी ने उनसे कुछ नहीं कहा। लेकिन बाद मुरैना वापस आते ही एसपी ने उनके सस्पेंशन का आदेश निकाल दिया। अब टीआई को पुलिस लाइन में रहना होगा और उन्हें रोजाना गणना में शामिल होना होगा। आदेश में बताया गया कि टीआई ने थाना छोड़ने से पहले न किसी वरिष्ठ अफसर या एसपी से अनुमति नहीं ली और बिना अनुमति के थाना छोड़ दिया। एसपी ने इसे अनुशासन हीनता माना और सस्पेंड कर दिया। एसपी के आदेश के मुताबिक अब टीआई को पुलिस लाइन में सुबह शाम की गणना में शामिल होना होगा और बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। निलंबन के दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा। सख्ती से पुलिस कर्मी हुए परेशान     बताया जाता है कि एसपी ने जिले में अपनी तैनाती के बाद से ही अधीनस्थ पुलिस कर्मियों पर सख्ती करना शुरू कर दिया था। एसपी की इस सख्ती से पुलिस कर्मी व अन्य अफसर खासे परेशान हैं। अभी तक कई पुलिस कर्मी सजा भी पा चुके हैं।     एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिए हैं कि वे बिना अनुमति के अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। साथ ही रात्रि गस्त को रवाना करने के दौरान टीआई मौजूद होना चाहिए। साथ ही उन्हें इस दौरान की लाइव लोकेशन फोटो के साथ भेजना होगी। यदि ऐसा करते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।     सभी पुलिस कर्मियों को थाने में होने वाली गणना में समय पर शामिल होना होगा। यदि गण्ना में शामिल नहीं होंगे तो उनकी गैरहाजिरी लग जाएगी। इसके बाद उन्हें एसपी के सामने पेशी के बाद ही ज्वाइन कराया जाएगा।     थाने सहित पुलिस के अन्य कार्यालयों में अचानक चैकिंग कराई जाती है। जो लाेग अपनी सीट या मुख्यालय पर नहीं मिलते हैं तो उनकी गैर हाजरी लग जाती है और फिर एसपी के सामने पेश होना होना होगा।   recent visitors 161

प्लेनरी ग्रुप की बैठक के शुभारंभ सत्र में राज्यपाल मंगु भाई पटेल और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मौजूद रहे

 इंदौर  इंदौर में चल रही यूरेशियन ग्रुप की बैठक में आज से प्लेनरी ग्रुप की बैठक होगी। प्लेनरी ग्रुप की बैठक के शुभारंभ सत्र में राज्यपाल मंगु भाई पटेल और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मौजूद रहे। वर्किंग ग्रुप की बैठक में निकले निष्कर्षों पर प्लेनरी ग्रुप की बैठक में चर्चा होगी। आय के स्रोत छिपाने में तकनीक के दुरुपयोग पर जताई गई चिंता यूरेशियन ग्रुप (ईएजी) की बैठक के तीसरे दिन बुधवार को वर्किंग ग्रुप की बैठक में विभिन्न देशों के विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। विशेषज्ञों ने कहा कि वित्तीय नवाचार के इस दौर में वित्तीय जोखिम भी बढ़ा है। आतंकवादी, मादक पदार्थों के तस्कर और अन्य अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोग आय के स्त्रोत छुपाने के लिए इनका उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में वित्तीय अपराधों को कम करने के लिए वैश्विक स्तर पर कानून और मजबूत करना होंगे। वित्तीय अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तकनीक को हथियार बनाने की आवश्यकता है। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित बैठक में 16 देश और 13 संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वित्तीय नवाचार के सत्र को संबोधित करते हुए जापान के प्रतिनिधि सोशी काजी कावा ने कहा कि नई तकनीकों का उपयोग आय के स्त्रोत छिपाने के लिए किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद विश्व के लिए खतरा है। आंतकवादी फंडिंग के लिए क्रिप्टोकरेंसी का उपयोग कर रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए सदस्य देशों को मिलकर वैश्विक नेटवर्क और माडल विकसित करना होगा। केंद्र सरकार के अतिरिक्त सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि वित्तीय अपराधों को रोकने के लिए वैश्विक दृष्टिकोण की आवश्यकता है। विशेषज्ञों ने उनके देशों में इसके लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी ईएजी और फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट(एफआईयू) की संयुक्त बैठक रखी। इस पर सदस्य देशों को मिलकर वैश्विक नेटवर्क और माडल विकसित करने पर गंभीरता से योजना तैयार करने पर चर्चा की गई। नवाचार के दौर में वित्तीय अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तकनीक को बनाना होगा हथियार ईएजी के चेयरमेन तथा एफआइयू रशिया के डायरेक्टर यूरी चिखानचिन ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यूरेशियन समूह आभासी परिसंपत्तियों के मुद्दे पर विशेष ध्यान दे रहा है। निरंतर वित्तीय नवाचार धोखाधड़ी, धन शोधन, आतंकवाद के वित्तपोषण और बाजार में हेरफेर की नई संभावनाएं पैदा कर रहे हैं। सरकारों को ऐसे अपरोधों से मुकाबला करने के लिए नए उपकरणों की आवश्यकता है। इसकी रोकथाम महत्वपूर्ण है, क्योंकि आतंकवाद का खतरा बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद समाजों की सुरक्षा के लिए प्रमुख चुनौती बना हुआ है। आधुनिक वित्तीय धोखाधड़ी भी ज्यादातर ऑनलाइन प्लेटफार्म पर आधारित है, जो उभरती हुई तकनीक की पारगमन शृंखलाओं को तोड़कर गलत तरीके से अर्जित लाभ की वास्तविक प्रकृति को छिपाने में सझम बनाती है। recent visitors 62

बांग्लादेश में ताजा हिंसा किशोरगंज जिले के भैराब शहर में हुई है, जहां एक हिंदू परिवार के चार लोग एक अपार्टमेंट में मृत पाए गए

ढाका बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार के निरस्त होने के बाद से लगातार हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार हो रहे हैं। ताजा हिंसा किशोरगंज जिले के भैराब शहर में हुई है, जहां एक हिंदू परिवार के चार लोग एक अपार्टमेंट में मृत पाए गए। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय जॉनी बिस्वास, उनकी गर्भवती पत्नी और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार को हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस प्रशासन इस हत्याकांड को आत्महत्या की तरह पेश कर रहा है। स्थानीय पुलिस ने कहा है कि जॉनी ने अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद खुद को भी मौत के घाट उतार लिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम जांच कर रहे हैं।" इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। आपको बता दें कि बांगलादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा में तेजी देखी जा रही है। अधिकारियों ने मामले की गहराई से जांच करने और समुदाय में बढ़ते डर को कम करने के लिए कदम उठाने का आश्वासन दिया है। बांग्लादेश के पूर्व विदेश मंत्री हसन महमूद ने कहा है कि भारत विरोधी बयानबाजी और कट्टरपंथियों एवं आतंकवादी ताकतों को बढ़ावा देना परस्पर संबंधित रणनीतियां हैं, जिन्होंने बांग्लादेश को पूर्ण अराजकता की ओर धकेल दिया है। उन्होंने मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली बांग्लेदश की अंतरिम सरकार पर लोकतंत्र को भीड़तंत्र में तब्दील करने का आरोप लगाया। बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद बिगड़े हालात के बाद अपना देश छोड़कर आए महमूद ने हाल ही में एक अज्ञात स्थान से टेलीफोन पर एक विशेष साक्षात्कार में पीटीआई को बताया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति को खतरनाक करार दिया। उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी सहित चरमपंथी समूह सक्रिय हो गए हैं। महमूद ने जोर देकर कहा कि हिंदू मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर हमलों का घटनाक्रम एक चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह अल्पसंख्यक विरोधी भावना को दर्शाता है जो चरमपंथी बयानबाजी से मेल खाती है, जिससे धर्मनिरपेक्ष सिद्धांत एवं धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा दोनों खतरे में पड़ रहे हैं। इस बीच, बांग्लादेश के चटगांव शहर में एक वकील की हत्या और एक प्रमुख हिंदू नेता की गिरफ्तारी को लेकर सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने के आरोप में कम से कम 30 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। recent visitors 83

कमिश्नर द्वारा जन चौपाल के माध्यम से लोगों की समस्याओं को भी सुना गया

कमिश्नर-कलेक्टर ने केन बेतवा लिंक परियोजना में बनने वाले ढ़ोड़न बांध स्थल का निरीक्षण किया व्यवस्थापन संबंधी लोगों के बैंक खातों में मुआवजा राशि जमा होने कि समीक्षा की लोगों को पैकेज की राशि का सही प्रयोग करने की सलाह दी कमिश्नर द्वारा जन चौपाल के माध्यम से लोगों की समस्याओं को भी सुना गया छतरपुर Sagar Commissioner डा. वीरेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को कलेक्टर छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल के साथ केन बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत बनने वाले ढ़ोड़न बांध स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही व्यवस्थापन संबंधी लोगों को अभी तक मिले मुआवजा राशि कि समीक्षा की। इस दौरान एसडीएम विजय द्विवेदी, तहसीलदार अभिनव शर्मा, जनपद सीईओ श्रीमती अंजना नागर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कमिश्नर डा. रावत ने डैम के डूब क्षेत्र में आने वाली भूमि एवं ग्रामों के संबंध में समीक्षा करते हुए मुआवजे की राशि के वितरण एवं पैकेज की राशि सम्बंधित लोगों के अभी तक बैंक खातों जमा होने की जानकारी ली और बकाया राशि के प्रकरणों को जल्द निराकृत करने के निर्देश दिए। इस दौरान ई.ई. केन बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत बनने वाली अपर लेबिल टनल एरिया की संपूर्ण जानकारी दी गई। कमिश्नर ने ढ़ोड़न ग्राम पहुंचकर जन चौपाल के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को मिलने वाली शासन की योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम विजय द्विवेदी ने ग्रामवासियों को अधिग्रहण की जा रही जमीन एवं मुआवजा राशि की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामवासियों से सुझाव भी लिए गए। कमिश्नर ने कहा जिन्होंने अपने बैंक खातों की जानकारी अभी तक प्रशासन को नहीं दी है वह जल्द जानकारी भेज दे ताकि मुआवजे की राशि सम्बंधित के खाते में जमा कराई जा सके। उन्होंने धारा 19 की कार्यवाही के भी निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि पैकेज की राशि का सही इस्तेमाल और फिजूल खर्च न करे। कमिश्नर ने कहा कि ग्रामवासी जिले की बेहतरी के लिए एक बहुत बड़ा त्याग कर रहे है। इस दौरान गांव के सरपंच द्वारा विभिन्न मांगों के संबंध में दिए गए आवेदन को स्वीकार करते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं से भी बातचीत कर लाड़ली बहना योजना की राशि उनके खाते में आ रही है या नहीं इसकी समीक्षा की। साथ ही ग्रामवासियों को बच्चों को अच्छे से पढ़ाने एवं भविष्य को सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक सुझाव देते हुए प्रेरित किया। कलेक्टर जैसवाल ने कहा कि 511 कुल प्रभावित ग्रामीण हैं जिनकी भुगतान योग्य अवार्ड राशि 8 करोड़ 12 लाख 38 हजार की बनी है। जिनमें से 6 करोड़ 59 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है बांकी 55 लाख रुपए की भुगतान राशि के खाते प्राप्त होने हैं जो भुगतान के लिए शेष हैं। उन्होंने बांकी रहे लोगों से जल्द ही बैंक खातों की जानकारी भेजने की अपील की।  जिले के 688 ग्रामों कि 3 लाख हेक्टेयर से ज्यादा जमीन की सिंचाई होगी इस दौरान ग्रामवासियों को केन बेतवा लिंक परियोजना से होने वाले आर्थिक एवं सामाजिक विकास और लाभ की जानकारी दी गई। जिले के कुल 688 ग्रामों में 320281 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई से होने वाले फायदे से अवगत कराया गया और पेय जल की सुविधा में सुगमता भू जल स्तर में सुधार के बारे में भी बताया गया। recent visitors 83

प्रियंका गांधी ने शपथ ली: राहुल की तरह हाथ में संविधान की कॉपी पकड़ी

Priyanka Gandhi took oath: held a copy of the Constitution in her hand like Rahul. नई दिल्ली । संसद के शीतकालीन सत्र का गुरुवार को तीसरा दिन है। प्रियंका गांधी पहली बार संसद पहुंचीं। उन्होंने लोकसभा में सांसद पद की शपथ ली। इस दौरान हाथ में संविधान की कॉपी ली। प्रियंका के साथ उनकी मां सोनिया और राहुल गांधी भी संसद पहुंचे। प्रियंका वायनाड सीट से उपचुनाव जीती हैं। प्रियंका के साथ नांदेड़ से उपचुनाव जीतने वाले रविंद्र चव्हाण ने भी शपथ ली। recent visitors 301

पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद संस्थान में, “देश का प्रकृति परीक्षण अभियान” का संवेदीकरण कार्यक्रम संपन्न

प्रकृति परीक्षण अभियान से, आयुर्वेद के प्रति आएगी जन जागृति- आयुष मंत्री परमार आयुर्वेद से होगी "निरोगी काया एवं स्वस्थ जीवन शैली" की संकल्पना साकार – आयुष मंत्री परमार पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद संस्थान में, "देश का प्रकृति परीक्षण अभियान" का संवेदीकरण कार्यक्रम संपन्न भोपाल आयुर्वेद से "निरोगी काया एवं स्वस्थ जीवन शैली" की संकल्पना साकार होगी। आयुर्वेद को विश्वमंच पर सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बनाने के लिए संकल्प के साथ, परिश्रम की आवश्यकता है। इसके लिए समाज में भारतीय विधा आयुर्वेद के प्रति विश्वास का भाव जागृत करना होगा। यह बात उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने बुधवार को भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद संस्थान में, "देश का प्रकृति परीक्षण अभियान" के प्रदेश में संवेदीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ कर कही। आयुष मंत्री परमार ने कहा कि समाज में विश्वास का भाव जागृत करने का माध्यम यह प्रकृति परीक्षण बनेगा। आयुर्वेद, हमारी जीवन पद्धति और श्रेष्ठ पैथी है, इसे विश्वमंच पर पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता है। कोविड के संकटकाल में, हम सभी ने आयुर्वेद के महत्व को अनुभव किया है। आयुर्वेद ऐसी पैथी है, जो रोग होने से बचाव और निदान दोनों के लिए कारगर है। परमार ने बताया कि प्रत्येक मनुष्य की एक विशिष्ट प्रकृति होती है, जो गर्भाधान से मृत्यु पर्यंत नियत रहती है। यह आयुर्वेद का मौलिक सिद्धांत है और प्रकृति का ज्ञान व्यक्ति के स्वास्थ्य रक्षण एवं चिकित्सा के लिए महत्वपूर्ण एवं अत्यावश्यक होता है। प्रकृति के ज्ञान के आधार पर दिनचर्या को आयुर्वेदिक परामर्श के साथ समाहित कर, स्वस्थ जीवन शैली निर्धारित की जा सकती है। परमार ने कहा कि प्रकृति परीक्षण के इस अभियान को संकल्प के साथ तीव्र गति से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आयुर्वेद चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों के परिश्रम एवं जनसामान्य की सहभागिता से यह अभियान प्रदेश में समग्र, सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी होगा और हमारा प्रदेश इस अभियान में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी होगा। मंत्री परमार ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अन्तर्गत स्वयं का प्रकृति परीक्षण करवाकर "संकल्प स्वास्थ्य का, आधार आयुर्वेद का" स्लोगन का वाचन कर आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य का संकल्प लिया। केंद्रीय आयुष मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य अशोक वार्ष्णेय ने देश का प्रकृति परीक्षण अभियान द्वारा आयुर्वेद को जन-जन तक स्थापित करने के लिए तथा आयुर्वेद की स्वीकारोक्ति को बढ़ावा देने के उददेश्य को स्पष्ट किया। साथ ही नेशनल सेम्पल सर्वे आर्गेनाइजेशन (NSSO) के आंकड़ों के माध्यम से भारत में आयुर्वेद के प्रति लोगों का विश्वास तथा स्वास्थ्य सेवाओं में आयुर्वेद के बढ़ते योगदान को प्रकाशित किया। मध्यप्रदेश सहित सम्पूर्ण देश भर में यह अभियान अगले एक माह दिसम्बर तक निरंतर चलेगा। कार्यक्रम में प्रकृति परीक्षण अभियान के महत्व को प्रकाशित कर इसके विधि-विधान, इसमें भागीदारी को स्पष्ट कर बताया गया कि इस अभियान के द्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के माध्यम से कुछ विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का भी संकल्प लिया गया है, जिससे विश्व में भी आयुर्वेद के प्रति जनजागृति बढेगी। अभियान के राज्य समन्वयक एवं संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश शुक्ला एवं सह-समन्वयक डॉ. एस.एन. पांडे सहित विविध आयुर्वेदाचार्य, आयुष चिकित्सक, विभागीय अधिकारीगण, संस्थान के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शुचि दुबे ने इस अभियान के संबंध में संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की और कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलीशा प्रकाश ने किया। ज्ञातव्य है कि नवम् राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य पर, भारतीय विधा आयुर्वेद को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बनाने के लिए, प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में "देश का प्रकृति परीक्षण अभियान" का सृजन हुआ। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमति द्रौपदी मुर्मु के प्रकृति परीक्षण के साथ हुआ। यह अभियान 26 नवम्बर 2024 संविधान दिवस से 25 दिसम्बर 2024 सुशासन दिवस तक चलेगा।   recent visitors 77

ऊर्जा मंत्री ने विद्युत उपभोक्ताओं से किया सोलर पैनल लगवाने का आव्हान

भोपाल ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में विद्युत वितरण व्यवस्था तथा वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 132/33 केव्ही के नवीन विद्युत वितरण केन्द्र की मंजूरी का ऐलान किया। उन्होंने प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि  3 किलोवाट के सोलर पैनल से हम सालाना 2500 से 3000 रुपए  की बचत कर सकते हैं। उन्होंने गुजरात दौरे के अनुभव साझा किया। तोमर ने कहा गुजरात के लोगों में बिजली के सदुपयोग और समय पर बिजली के बिलों को जमा करने की आदत है। ऐसी ही आदत हम मध्यप्रदेश में भी विकसित करें, ताकि बिजली कंपनियों की योजनाओं का लाभ ले सकें। समय पर बिजली बिल जमा करने से बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ हर परिवार तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि गुजरात की विद्युत वितरण कम्पनी ने 1200 करोड रुपए की छूट का लाभ समय पर बिजली खरीदी का बिल अदा कर हासिल किया। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना में सोलर पैनल लगवाने पर 3 किलोवाट तक के लिए डेढ़ लाख तक का खर्च आता है। इस पर 70 हजार रुपए शासन सब्सिडी देता है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता  ढाई साल की अवधि में ही इस पर खर्च होने वाली धनराशि की भरपाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक बचत करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी आपकी भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने दोहराया कि आपका सुरक्षित भविष्य, हमारी प्राथमिकता है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा ग्वालियर शहर में वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 132/33 केव्ही विद्युत वितरण उप-केन्द्र बनाया जाएगा, जिसके लिए भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि  बिलौआ में विद्युत वितरण उप-केन्द्र के लिए टेंडर मांगे गए हैं। सिकंदर कम्पू में 132/33 केव्ही विद्युत वितरण उप-केन्द्र को मंजूरी दे दी गई है। इसी तरह आने वाले दिनों में शताब्दीपुरम में 132/33 केव्ही का विद्युत वितरण उप-केन्द्र भी बनाया जाएगा। जिसमें 15 किमी लंबी ट्रांसमिशन लाइन और फीडर वे का निर्माण भी शामिल है। यह कदम क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को मजबूत बनाते हुए, निर्बाध और विश्वसनीय ऊर्जा सेवाएं सुनिश्चित करेगा।   recent visitors 50