रेंज में बाघ के साथ हाथियों के मूवमेंट ने वन विभाग की मुश्किलें बढ़ाई, बंद कराने पड़े स्कूल और हाट बाजार

 डिंडौरी  सामान्य वनमंडल के एक ही रेंज में मादा बाघ के साथ हाथियों के मूवमेंट ने वन विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी है। मादा बाघ के रिहायशी क्षेत्र में मूवमेंट व हाथियों के द्वारा घरों व फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से ग्रामीण दहशत में है। वन्यजीवों के बढ़ते मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए आस-पास के विद्यालयों में 25 से 29 नवंबर तक पांच दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं इन वन्यजीवों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इनकी निगरानी के लिए तीन रेंज का अमला तैनात किया गया है। घर से ना निकलने की सलाह खौफ के चलते ग्रामीण खेत, बाजार और स्कूलों से दूरी बना रहे हैं। वन अमला भी ग्रामीणों को घर से नहीं निकलने की समझाइश दे रहा है। बता दें, शुक्रवार से पश्चिम करंजिया वन परिक्षेत्र अंतर्गत ठाढ़ पथरा वन ग्राम में मादा बाघ का मूवमेंट बना हुआ है। शुक्रवार सुबह संभर पिता गुलौआ गौड़ के घर के सामने बछिया का शिकार किया था। इसके बाद वन विभाग ने ट्रैप कैमरा लगाया, जिसमें दूसरी बार यहां पहुंची मादा बाघ ट्रैप हुई। फोटो और वीडियो को देखने के बाद बताया गया कि बाघिन की उम्र तीन साल है। हाथियों का उत्पात एक सप्ताह से जारी ग्राम पंचायत पंडरी पानी व ढाढ़पथरा के गांवों अम्हादादर, झिरिया बहरा, इमली टोला व चकरार में हाथियों का उत्पात एक सप्ताह से जारी है। हाथी के दल ने अब ग्राम चकरार के किसानों के खेत की खड़ी फसल को खाकर चौपट करने के साथ शेष खड़ी फसलों को रौंद दिया। वहीं बाघिन की सतत मौजूदगी से ग्रामीण भय में हैं और सर्दी में भी रात जागरण कर रहे हैं। फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हाथी जंगली हाथियों का दल लगातार चकरार, उद्दौर, आम्हा, पंडरीपानी, ख्हारखुदरा, चकमी, ठाढपथरा, इमली टोला सहित दर्जनों गांव में फसलों के साथ घरों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। शनिवार रात हाथियों ने चकरार में प्रमिला गौंड, दिनेश पिता धनेश्वर और दिनेश पिता सुखदेव सिंह नामक किसानों की फसल को क्षति पहुंचाई है। कड़कड़ाती ठंड से दोगुनी मार वर्तमान में जिन क्षेत्रों में हाथियों के दल ने आतंक मचा रखा है वहां के ग्रामीणों चैन सुकून छिन गया हैं। वनांचल के लोगों की मानें तो वे दिन किसी तरह से तो गुजार लेते हैं लेकिन रात होते ही उनके घरों पर हाथियों के हमले का डर सताने लगता हैं। ऐसे में अपनी जान की सलामती के लिए कच्चे मकानों को यूं ही भगवान भरोसे छोड़ मकानों की छतों पर कड़कड़ाती ठंड में तंबू तान रात काटने मजबूर हैं। शुक्रवार की रात में पंडरी पानी, कांदाटोला, केंद्रा बहरा व ठाढ़पथरा के लोगों ने हमले की आशंका से जहां छत में बैठकर जागरण किया वहीं कुछ युवाओं ने अपने घरों की निगरानी के लिए रतजगा किया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का दल दिन भर जंगल के आसपास रुका रहता हैं, लेकिन शाम होते ही आबादी में घुस रहें हैं ऐसे स्थिति में ग्रामीण बहुत भयभीत हैं। बाजारों में कराई गई मुनादी हाथी और बाघिन के आतंक का वनांचल क्षेत्र ग्रामीणों के मन में फिलहाल डर बैठा हुआ है। फलस्वरूप अब लोग रात की बजाए दिन में भी सुरक्षा की दृष्टि से सूनसान इलाकों में जाने से बच रहें हैं। ग्रामीणों का मानना हैं कि जब तक इन वन्य प्राणियों का यहां से गमन नहीं हो जाता तब तक इस क्षेत्र में इनके हमले की आशंका बरकरार है। ऐसी स्थिति में वे किसी भी सूरत में जान जोखिम में डालकर कोई काम नहीं करना चाहते। इसी क्रम में रविवार को ग्राम पंडरी पानी के साप्ताहिक बाजार में पंचायत द्वारा खतरे को भांपते हुए दुकानदार व ग्राहकों को सतर्क और जागरूक करने के उद्देश्य से कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर सचेत किया गया। पंचायत सचिव दिलीप कुमार मरावी ने बताया कि दो सप्ताह से लगातार इसी प्रकार मुनादी कराई जा रही हैं। रविवार को एक बार फिर मुनादी के बाद जहां सूर्यास्त के पहले दुकानदारों व बाजार करने आए लोग बाजार बंद कर घर की ओर चले गए। रविवार का साप्ताहिक बाजार आम दिनों की अपेक्षा समय से पहले दिन डूबने के पूर्व ही बंद हो गया। मटके का पानी पी गई बाघिन बाघिन ने दो दिन पूर्व शिकार करने के बाद पुनः शनिवार की रात आबादी के अंदर पहुंचकर गौशाला में बंधे पशुओं का शिकार करने का प्रयास किया। इस दरमियान बाघिन ने मटके में रखे पानी को पीकर अपनी प्यास बुझाई है। ग्रामीणों ने बताया कि वह सभी पास के मकान की छत पर वह सुरक्षित होने के लिहाज से बैठ रहे। रात्रि में ज बाघिन ने गौशाला के नजदीक पहुंचकर पशुओं को ले जाने के चक्कर में झपट्टा मारी तो आहट और पशुओं द्वारा चिल्लाने की आवाज आने लगी। तब हमारे द्वारा टार्च के रोशनी और हल्ला मचाया गया। तब बाघिन वहां से हटकर अरहर के खेत में रात भर डेरा जमाएं रहीं और सुबह उजाला होने के पूर्व जंगल में चली गई। recent visitors 70

Sambhal Violence पर 4 FIR, 4 मौत… संभल हिंसा में बड़ा अपडेट, जामा मस्जिद सर्वे के बाद बवाल, इंटरनेट-स्कूल बंद

संभल उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुए बवाल को लेकर पुलिस अब सख्त कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने दो महिलाओं सहित 21 लोगों को हिरासत में ले लिया है. वहीं एहतियात के तौर पर जिले में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. इसके अलावा स्कूल-कॉलेज भी बंद कर दिया गया है. जिले में भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है. संभल के आसपास के जिलों में भी सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है. बीते रविवार को मस्जिद में सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान नईम और बिलाल के रूप में की गई है. बरेली, अमरोहा, रामपुर और मुरादाबाद में भी पुलिस की तैनाती की गई है.  संभल हिंसा का असर बाजार में देखने को मिला संभल में हिंसा का असर देखने को मिल रहा है, जिले का बाजार बंद है. इक्का-दुक्का दुकानें बस खुली हुई हैं. हिंसक घटनाओं से बाजार के व्यापारी डरे हुए हैं. सिर्फ बहुत जरूरी कामों से ही घर से निकल रहे हैं लोग. बाजार से ग्राहक नदारद हैं. हिंसा से व्यापार का बड़ा नुकसान. संभल शहर इलाके में बंद हैं बाजार. प्रशासन ने शुरू की बाजार खुलने की कवायद. एसडीएम व सीओ ने व्यापारियों से बैठक कर बाजार खोलने की अपील की. संभल हिंसा पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने किया पोस्ट संभल हिंसा पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ऐक्स पर लिखा कि संभल, उत्तर प्रदेश में हालिया विवाद पर राज्य सरकार का पक्षपात और जल्दबाज़ी भरा रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हिंसा और फायरिंग में जिन्होंने अपनों को खोया है उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रशासन द्वारा बिना सभी पक्षों को सुने और असंवेदनशीलता से की गई कार्रवाई ने माहौल और बिगाड़ दिया और कई लोगों की मृत्यु का कारण बना – जिसकी सीधी ज़िम्मेदार भाजपा सरकार है। भाजपा का सत्ता का उपयोग हिंदू-मुसलमान समाजों के बीच दरार और भेदभाव पैदा करने के लिए करना न प्रदेश के हित में है, न देश के। मैं सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर न्याय करने का अनुरोध करता हूं। मेरी अपील है कि शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखें। हम सबको एक साथ जुड़ कर यह सुनिश्चित करना है कि भारत सांप्रदायिकता और नफ़रत नहीं, एकता और संविधान के रास्ते पर आगे बढ़े।  डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संभल हिंसा पर दिया बयान उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संभल हिंसा पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘न्यायपालिका के आधार पर वहां सर्वे का काम चल रहा था, जो घटना हुई वो दुखद है, निषपक्ष कार्रवाई होगी.’ सर्वे के दौरान भड़की हिंसा, अचानक तीन हजार की भीड़ जमा रविवार सुबह 6:30 बजे डीएम-एसपी के साथ एक टीम जामा मस्जिद का सर्वे करने पहुंची थी। टीम को देखकर मुस्लिम समुदाय के लोग भड़क गए। कुछ ही देर में करीब दो से तीन हजार लोग जामा मस्जिद के बाहर पहुंच गए। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद भगदड़ जैसे हालात हो गए। छतों से भी पथराव शुरू हो गया, पुलिस को भागना पड़ा। बवाल इतना बढ़ गया कि पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे, फिर लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा।   recent visitors 79

महाराष्ट्र में दिसंबर में लाडली बहनों को मिलेगी पहली किश्त, 2100 रुपये महीने आएंगे खाते में

पुणे  अगले महीने दिसंबर से शुरू होने वाली मुख्यमंत्री माझी लड़की बहन योजना से कम से कम 13 लाख और महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है। उनके आवेदन, जिन्हें उनके बैंक खातों से आधार सीडिंग की आवश्यकता थी, लंबित थे और उन्हें 2.34 करोड़ लाभार्थियों में जोड़ा जाएगा। शनिवार को महायुति सरकार की भारी जीत का श्रेय व्यापक रूप से इस योजना को दिया जा रहा है, जो महिलाओं को प्रति माह 1,500 रुपये देती है। सूत्रों ने कहा कि गठबंधन को न केवल लाभार्थियों को जोड़ना होगा, बल्कि भुगतान को बढ़ाकर 2,100 रुपये करने का अपना वादा भी निभाना होगा। हालांकि 1,500 रुपये की पिछली सब्सिडी राशि के अनुसार 35,000 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं, लेकिन अगर महायुति सरकार अपना वादा निभाना चाहती है तो आवंटन बढ़ाना होगा। सबसे ज्यादा पुणे से लाभार्थी मई में लोकसभा चुनाव में असफलताओं के बाद महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए यह योजना शुरू की गई थी। इसने सत्तारूढ़ गठबंधन को समर्थकों का एक नया जनसांख्यिकीय बनाने में मदद की, जिन्होंने इसकी वापसी में योगदान दिया। सबसे ज़्यादा लाभार्थी पुणे जिले से हैं, उसके बाद नासिक, ठाणे और मुंबई का नंबर आता है। 13 लाख लंबित थे आवेदन वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने कहा कि लंबित आवेदनों का निपटारा कर दिया जाएगा और महिलाओं को दिसंबर से राशि मिलनी चाहिए। एक वरिष्ठ सरकारी सूत्र ने कहा कि नवंबर तक 2.34 करोड़ लाभार्थियों के निपटारे किए गए आवेदनों का वितरण पूरा हो गया था। ये 13 लाख आवेदन लंबित थे और उन्हें दिसंबर की संख्या में जोड़ा जाएगा। लाडली बहिन योजना की सूची में जोड़ा जा रहा नाम महिला एवं बाल विकास विभाग (डब्ल्यूसीडी) को लाभ वितरित करने के लिए कागजी कार्रवाई तैयार करनी होगी। डब्ल्यूसीडी अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि वे सूची में जोड़ने के लिए काम कर रहे हैं और दिसंबर के लिए वितरण आचार संहिता हटने के बाद शुरू होगा। क्या तटकरे को वही विभाग मिलेगा? डब्ल्यूसीडी मंत्री अदिति तटकरे, जिन्होंने श्रीवर्धन विधानसभा क्षेत्र से अपने प्रतिद्वंद्वी एनसीपी (एसपी) के अनिल नवगाने के खिलाफ एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की, वे उसी मंत्री पद पर बने रहना चाहेंगी। महायुति सरकार बनाएगी और अपने मंत्रियों की घोषणा करेगी, लेकिन सूत्रों ने बताया कि लड़की बहिन योजना उन प्रमुख परियोजनाओं में से एक थी, जिसके कारण गठबंधन को जीत मिली और तटकरे की नियुक्ति करते समय इसकी निरंतरता को ध्यान में रखा जा सकता है। recent visitors 117

अडानी ग्रुप के शेयरों में आज शुरुआती कारोबार में तेजी

नई दिल्ली ससंद का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। इसमें विपक्ष दल अडानी ग्रुप के खिलाफ रिश्वतखोरी के आरोपों पर चर्चा के लिए सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी में है। इस बीच अडानी ग्रुप के शेयरों में आज शुरुआती कारोबार में तेजी दिख रही है। बीएसई पर ग्रुप के शेयरों में 7% तक की उछाल आई है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर 4% बढ़कर 2,319.90 रुपये पर पहुंच गए। इसी तरह अडानी एनर्जी के शेयर लगभग 7% बढ़कर 694.15 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गए। अडानी पोर्ट्स और अडानी पावर के शेयरों में भी 4.6%, अडानी ग्रीन एनर्जी में 6.4% और अडानी टोटल गैस के शेयरों में 5% की तेजी आई। इसी तरह अडानी विल्मर, एसीसी और अंबुजा सीमेंट्स जैसी अन्य कंपनियों के शेयरों में 2-3% के बीच उछाल आया। कांग्रेस सांसदों ने अडानी ग्रुप पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाए। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि सोमवार को संसद की बैठक में सबसे पहले अडानी मुद्दे को उठाया जाए। उन्होंने कहा कि यह देश के आर्थिक और सुरक्षा हितों से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा है। कंपनी पर आरोप है कि उसने अपनी सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए अनुकूल सौदे पाने के लिए राजनेताओं और नौकरशाहों को कथित तौर पर 2,300 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया है। ठोस आधार संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा करने का निर्णय बिजनस एडवाइजरी कमेटीज पर निर्भर करता है और इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति की मंजूरी की आवश्यकता होती है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी और अन्य पर अमेरिकी अभियोजकों ने रिश्वतखोरी का आरोप लगाया है। कानूनी जानकारों का कहना है कि अडानी के पास इसे चुनौती देने के लिए एक ठोस आधार है। recent visitors 87

MVA में अस्थिरता बनी हुई है, छह विधायक अगले चार महीने में महायुति में शामिल होंगे

मुंबई महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है. इस बीच एनसीपी (अजित पवार) गुट के चीफ व्हिप ने दावा किया है कि विपक्षी महाविकास अघाड़ी गठबंधन में इस समय हलचल मची हुई है और अगले चार महीनों में कई विधायक पाला बदल सकते हैं. एनसीपी चीफ व्हिप अनिल पाटिल ने दावा किया है कि महाविकास अघाड़ी (MVA) में अस्थिरता बनी हुई है और इनके  पांच से छह विधायक अगले चार महीने में महायुति में शामिल हो सकते हैं. पाटिल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर चुके एनसीपी (शरद पवार) कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के विधायक इस समय असमंजस की स्थिति में है. जिन विधायकों के हमारे साथ अच्छे संबंध हैं, उन्होंने महाविकास अघाड़ी की हार पर चिंता जताई है. अगर कोई विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास चाहता है तो उसका सत्ता पक्ष के साथ रहना अच्छा है. बता दें कि MVA में कांग्रेस, शरद पवार की एनसीपी, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) शामिल है. विधानसभा चुनाव में इस खेमे को बड़ा झटका लगा है. 288 सदस्यीय वाली विधानसभा में गठबंधन सिर्फ 46 सीटें ही जीत सकी है. इसके विपरीत बीजेपी की अगुवाई में महायुति गठबंधन 230 सीटें जीतने में कामयाब रही है. महायुति में बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजीत पवार की एनसीपी शामिल है.   recent visitors 88

एक जिला एक उत्पाद और जीआई उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के लिए स्टाल लगाए गए

भोपाल नई दिल्ली में 43वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) के मध्यप्रदेश मंडप में प्रदेश के विशिष्ट उत्पादों और कला का विक्रय प्रदर्शन किया जा रहा है, जो प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और शिल्पकला का प्रतिनिधित्व कर रहा है। मंडप में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए एमएसएमई उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों और शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य प्रसंस्करण उत्पाद, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) और जीआई उत्पादों के प्रदर्शन और विक्रय के लिए स्टाल लगाए गए हैं। मध्यप्रदेश के मंडप में 25 से अधिक एमएसएमई उद्यमी, स्व-सहायता समूह और शिल्पकार भाग ले रहे हैं। मंडप में प्रदेश के विख्यात हैंडलूम और हस्तकला के विभिन्न स्टाल लगाए गए हैं। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित धार जिले के बाघ प्रिंट्स के शिल्पगुरु मोहम्मद यूसुफ खत्री का स्टाल सर्वाधिक लोकप्रिय हो रहा है। धार के रेवा स्व-सहायता समूह बाघ प्रिंट्स, उज्जैन के मुस्कान स्व-सहायता समूह बटिक प्रिंट्स, अशोकनगर के पाकीजा बुनकर अजरख प्रिंट्स के उत्पाद और सुरभि हैंडलूम चंदेरी साड़ी और सूट लेकर आए हैं। भारतीय बुनकर सहकारी समिति ने सीधी की प्रसिद्ध दरी, रग्स और रनर्स का स्टाल लगाया है। इन दरियों की विशेषता बताई जा रही है कि वे 20 साल या अधिक तक चलेंगी। राजगढ़ की सनशाइन बुनकर सहकारी समिति बेडशीट, बेडकवर, सोफा कवर और पर्दों का विक्रय कर रही है। शिवपुरी के जैकेट्स, देवास के लैदर बैग्स, ग्वालियर के रेडीमेड वस्त्र और रीवा के एलोवेरा जैल भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। मंडप में राजगढ़ के अनन्या स्व-सहायता समूह और कटनी के ओमशांति स्व-सहायता समूह ने भी अपने स्टाल लगाए हैं। मंडप में गुना के वरुणदेव स्व-सहायता समूह के रिसाइकल्ड फूलों से निर्मित सुगंधित धूप और अगरबत्ती तथा देवास के दशमेश आयुर्हर्ब सॉफ्टेक के कुकू, अष्टगंधा, उपले, धूपस्टिक और हवन सामग्री की भी मांग हो रही है। कृष्णगोपाल हैंडीक्राफ्ट्स ने टीकमगढ़ की सुप्रसिद्ध बैलमेटल से निर्मित कलात्मक मूर्तियों, दियों और शो-पीसेज के स्टाल लगाए है। मंडप में भोपाल की श्रीमती निर्मला उसरे और श्रीमती हुमेरा खान द्वारा जरी-जरदोजी के पर्स, बटुए और पोटली तथा श्रीमती नीतू यादव द्वारा जूटशिल्प के उत्पादों का विक्रय किया जा रहा है। उज्जैन के संत रविदास स्व-सहायता समूह ने बांस के कलात्मक खिलौनों के स्टाल लगाये है। बैतूल के राहुल जाधव के बांस के बने लैंप, डब्बे, गुलदान, कोस्टर और घड़ियां दर्शकों द्वारा खूब पसंद किए जा रहे हैं। मंडप में विनायक दर्शकों को मंदसौर में बने मीनाकारी जेवर और सजावटी उत्पादों की बारीकियां सिखा रहे हैं। मुरैना के राजेंद्र सिंह गुड़, काजू, बादाम और इलायची की गजक और चिक्की बेच रहे हैं, जिनकी मंडप में सर्वाधिक मांग हो रही है। मुरैना के आयुष आजीविका स्व-सहायता समूह, रतलाम के गुनगुन स्वसहायता समूह और महक कसेरा फूड द्वारा लहसुन सेव, मसाला सेव, गाठिया और बेसन पापड़ी के स्टाल लगाए गए हैं। डिंडोरी का दक्षिणा स्व-सहायता समूह मिलेट्स से बने नमकीन और कप केक्स लेकर आया है, समूह के सदस्यों की पारंपरिक वेशभूषा के कारण यह स्टाल सर्वाधिक लोकप्रिय हो रहा है। मध्यप्रदेश मंडप ने एमएसएमई उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों और शिल्पकारों के लिए एक अनोखा मंच प्रदान किया है, जिसके माध्यम से इन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पादों को बेचने और अपने ब्रांड को बढ़ावा देने का अवसर मिल रहा है। मंडप में उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शनी के साथ आगंतुकों को मध्यप्रदेश की संस्कृति और शिल्पकला के बारे में जानने का अवसर भी मिल रहा है।   recent visitors 55

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने देश की तरक्की के लिए जो पौधारोपा था आज वह वट वृक्ष बन गया : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा से देश की जड़ें मजबूत हो रही हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने देश की तरक्की के लिए जो पौधारोपा था आज वह वट वृक्ष बन गया है। उनकी विचारधारा देश को सुनहरे भविष्य की ओर ले जा रही है। देश आर्थिक महाशक्ति बनने की राह पर है। वर्ष 2047 में जब देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे तब भारत आर्थिक महाशक्ति बनकर खड़ा होगा और दुनिया का नेतृत्व करेगा। उप मुख्यमंत्री शुक्ल सेमरिया में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल जी और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जीवन में अनेकों कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने विरोधी ताकतों को अपनी विचारधारा का लोहा मनवाया। उनकी विचारधारा पर ही चलकर सरकार समाज के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। पंडित दीनदयाल ने जो सपना देखा था उन्हें आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आयुष्मान योजना लागू की। इससे गरीब से गरीब व्यक्ति भी अच्छे से अच्छे अस्पतालों में पाँच लाख रुपए तक का नि:शुल्क उपचार कराने में सक्षम हो गया है। इस योजना का और विस्तार किया गया है जिसमें अब 70 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के नागरिकों का भी आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ो लोगों अपना पक्का मकान मिला है। जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर को नल से पानी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। सरकार ने भी लाड़ली बहना योजना लागू कर महिला सशक्तिकरण को मजबूती प्रदान की है। हर तरफ पंडित दीनदयाल जी की विचारधारा को ध्यान में रखकर सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ग्राम बहुरीबांध में स्थित जागृति इंटरनेशनल हायर सेकण्डरी स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि जागृति इंटरनेशनल स्कूल के संचालन का यह पाँचवा वर्ष है। यह स्कूल इस क्षेत्र में अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा की कमी को पूरा कर रहा है। इस तरह के विद्यालय का संचालन होना इस क्षेत्र के लिए नितांत आवश्यक था। छोटे-छोटे बच्चों ने कार्यक्रम में बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया। यह बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। बच्चों का केवल पढ़ाई में अच्छा होना ही काफी नहीं है बल्कि उन्हें हर गतिविधि में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास आता है। बच्चों के लिए शिक्षा और संस्कार दोनो आवश्यक है। यह उनके लिए वरदान साबित होता है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल बसामन मामा गौवंश वन्य विहार पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उप मुख्यमंत्री ने गौवंश वन्य विहार परिसर में बन रहे नवीन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, पूर्व विधायक सेमरिया केपी त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।   recent visitors 150