नथाली जी ड्रोइन ने एक बयान में कहा-मोदी और जयशंकर का तो नाम ही नहीं लिया, भारत से फटकार पर बदले जस्टिन ट्रूडो

कनाडा कनाडा की जस्टिन ट्रूडो सरकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को कनाडा में किसी भी आपराधिक गतिविधि से जोड़ने से साफ इनकार किया है। कनाडा के प्रधानमंत्री की राष्ट्रीय सुरक्षा और खुफिया सलाहकार नथाली जी ड्रोइन ने एक बयान में कहा, "कनाडा सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी, मंत्री जयशंकर या एनएसए डोभाल को कनाडा के भीतर गंभीर आपराधिक गतिविधि से जोड़ने का कोई सबूत नहीं दिया है और न ही उसे इसकी जानकारी है।" यह बयान उस समय आया है जब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और विपक्षी दलों ने इन भारतीय नेताओं के नाम को कनाडा में आपराधिक गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की थी। कनाडा सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि इन आरोपों को लेकर कोई ठोस प्रमाण नहीं हैं और उन्होंने ऐसे आरोपों से बचने का आह्वान किया है जो द्विपक्षीय संबंधों में तनाव पैदा कर सकते हैं। भारत ने लगाई थी फटकार इससे पहले भारत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की कथित साजिश के बारे में जानकारी होने का दावा करने वाली कनाडाई मीडिया की खबर को बुधवार को बदनाम करने वाला अभियान करार देते हुए इसकी कड़ी भर्त्सना की। एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से दी गई इस खबर का जिक्र करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसे ‘हास्यास्पद बयानों’ को उसी तरह से खारिज किया जाना चाहिए जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम आम तौर पर मीडिया की खबर पर टिप्पणी नहीं करते हैं। हालांकि, कनाडा सरकार के एक सूत्र द्वारा कथित तौर पर किसी अख़बार को दिए गए ऐसे हास्यास्पद बयानों को खारिज किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के बदनाम करने वाले अभियान हमारे पहले से ही तनावपूर्ण संबंधों को और नुकसान पहुंचाते हैं।’’ वह कनाडाई अबखार ‘द ग्लोब एंड मेल’ की खबर पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। खबर में अखबार ने एक वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी का हवाला दिया है। खबर में दावा किया गया है कि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एवं विदेश मंत्री को भी इस साजिश की जानकारी थी। निज्जर की पिछले साल गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। भारत इस मामले में कनाडा द्वारा लगाये गये सभी आरोपों को खारिज कर चुका है। recent visitors 123

कश्मीर में मौसम में घुली ठंडक, सर्द हवाओं से छूटी कंपकपी, कश्मीर में -16 डिग्री तक गिरा तापमान

जम्मू कश्मीर मौसम तेजी से करवट ले रहा है। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ती जा रही है। हल्की ठंडी हवाएं तो अब सुबह और शाम के वक्त कंपकंपी छुड़ाने लगी हैं। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शुक्रवार सुबह धुंध छाई रही और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 373 दर्ज किया गया। दिल्ली के 38 निगरानी केंद्रों में से 9 में एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, ये केंद्र आनंद विहार, बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, नेहरू नगर, शादीपुर, सोनिया विहार, विवेक विहार और वजीरपुर हैं। 400 या इससे अधिक एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है और इससे स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। दिल्ली की वायु गुणवत्ता रविवार को पहली बार ‘अत्यंत गंभीर’ श्रेणी को पार कर गई, जिसके बाद सोमवार सुबह ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत चरण चार के प्रतिबंध लागू किए गए। राजस्थान में भी सर्दी ने धीरे-धीरे असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में ठंडी हवाएं चल रही हैं जिससे लोगों की कंपकंपी छूटने लगी है। माउंट आबू का तापमान में तेजी से गिरा है जहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5.0 सेल्सिसय दर्ज किया गया। यह इस बार का अब तक का सबसे कम तापमान है। सीकर और फतेहपुर में भी काफी ठंड पड़ रही है। फतेहपुर का तापमान भी 6.7 डिग्री सेल्सियस और सीकर का तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कहा, ‘अगले 4-5 दिन में सर्द हवाएं और तेज चल सकती हैं। जाहिर है कि इससे सर्दी का असर और ज्यादा बढ़ जाएगा।’ कश्मीर में कई जगह तापमान शून्य से नीचे कश्मीर में अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान शून्य से नीचे चला गया। ऊंचाई वाले इलाकों में हाल ही में हुई हिमपात के कारण घाटी में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर और कश्मीर के अन्य स्थानों पर लगातार दूसरी रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहा और पारा हिमांक बिंदु से नीचे चला गया। पिछले सप्ताह कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में हिमपात हुआ जिसके कारण पूरी घाटी में ठंड बढ़ गई। जम्मू-कश्मीर में आज न्यूनतम तापमान -10.92°C दर्ज हुआ। शुक्रवार का न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः -16.06 डिग्री सेल्सियस और -8.79 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। सापेक्ष आर्द्रता 44% है और हवा की गति 44 किमी/घंटा रहेगी। मौसम विभाग ने कहा कि मौसम की यह स्थिति 23 नवंबर तक जारी रहेगी। इस महीने की 24 तारीख को बादल छाए रहने और कश्मीर के कुछ स्थानों में हल्की वर्षा/हिमपात की संभावना है। recent visitors 73

चुनाव से पहले ‘मुफ्त-मुफ्त’ की हवा चलाएंगे केजरीवाल, दिल्ली में आप पार्टी के नेता जनता के साथ ‘रेवड़ी पर चर्चा’ करेंगे

नई दिल्ली दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) नया अभियान शुरू करने जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को 'रेवड़ी पर चर्चा' कैंपेन को लॉन्च करने जा रहे हैं। पूरी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता जनता के साथ ‘रेवड़ी पर चर्चा’ करेंगे। दरअसल आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से चलाई जा रही मुफ्त वाली स्कीमों को भारतीय जनता पार्टी ने ‘रेवड़ी कल्चर’ कहकर हमला किया था। केजरीवाल अब इसे अपने लिए हथियार बना चुके हैं। वह जोरशोर से अपनी जनसभाओं में कहते हैं कि वह दिल्ली में जनता को मुफ्त बिजली, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त इलाज, महिलाओं को मुफ्त बस सफर जैसी 6 रेवड़ी दे रहे हैं। हाल के दिनों में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को यह भी कहा है कि यदि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को जितवा दिया तो मुफ्त वाली योजनाओं को बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में नए कैंपेन के तहत एक तरफ जहां केजरीवाल जनता के बीच यह गिनवाएंगे कि उनकी सरकार क्या-क्या मुफ्त दे रही है तो दूसरी तरफ उन्हें यह भी बताया जाएगा कि भाजपा इनका विरोध करती है और सरकार में आई तो इन स्कीमों को बंद कर देगी। हालांकि, पिछले दिनों भाजपा ने कहा कि यदि दिल्ली में उसकी सरकार बनती है तो केजरीवाल सरकार की किसी योजना को बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि और भी नई स्कीमें लागू की जाएंगी। दिल्ली में अगले साल फरवरी से पहले विधानसभा का चुनाव होना है। लगातार 10 साल से सत्ता चला रही आम आदमी पार्टी प्रचार को तेज कर चुकी है। पार्टी ने 11 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान भी कर दिया है। भाजपा जहां कथित शराब घोटाले, मुख्यमंत्री आवास में सुख-सुविधा पर खर्च, यमुना की गंदगी, खराब सड़कें और दिल्ली के कई इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई जैसे मुद्दों को धार देने में जुटी है तो केजरीवाल की कोशिश है कि वह चुनाव को उनकी स्कीमों पर केंद्रित रखें। 'आप' के रणनीतिकारों का मानना है कि मुफ्त बिजली, स्कूल, इलाज जैसे फ्लैगशिप स्कीमों के जरिए एक बार फिर दिल्ली में जीत हासिल की जा सकती है। recent visitors 78

सीतापुर में हल्दी के दिन दूल्हा-दुल्हन ने की आत्महत्या, 3 साल से था अफेयर

सीतापुर  सीतापुर में शादी के दो दिन पहले एक कपल की लाश कमरे में टंगी हुई मिली. शादी के लिए हल्दी के कार्यक्रम वाले दिन दोनों के शव कमरे के अंदर साड़ी के फंदे से लटकते हुए मिलने से हड़कंप मच गया . परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम के साथ सबूत इकट्ठे कर शवों को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है. मालूम हो कि दोनों ने सामूहिक विवाह योजना में आवेदन किया था लेकिन शादी के तारीख रद्द होने के चलते मंदिर में शादी करने का फैसला लिया था. हालांकि लड़के के परिजनों ने घटना में हत्या का आरोप लगाया है. मामला महमूदाबाद कोतवाली इलाके के ग्राम मिठौरा का है. जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के निवासी युवक गुड्डू पुत्र रामविलास निवासी बरगदिया उम्र 25 वर्ष और युवती रुचि पुत्री भगवती प्रसाद निवासी बिठौरा के बीच 3 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. परिजनों ने बताया कि दोनों की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 25 नवंबर को शादी होनी थी. किसी कारणवश शादी की डेट कैंसिल होने के चलते परिजनों ने शादी को मंदिर में करने का निर्णय लिया था. परिजनों ने बताया कि आज घर के अंदर हल्दी का कार्यक्रम था. इसी दौरान घर का दरवाजा जब खोला गया तो युवती के घर ही कमरे में प्रेमी और प्रेमिका साड़ी के फंदे से लटकते हुए मिले. वारदात के बाद लड़के के परिवार वालों ने लड़की के जीजा पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस को बयान दिया है. परिवार वालों का कहना है की लड़की के जीजा से युवक का 2 से 3 दिन पहले विवाद हुआ था. इसके बाद आज दोनों के शव मिलने के बाद हत्या की आशंका है. अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी क्योंकि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है.   recent visitors 128

पं. प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान दो दिनों के में 200 चोरी घटनाओं को अंजाम दिया

वाराणसी.  मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा इन दिनों वाराणसी के डोमरी में कथा कर रहे हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि उनकी कथा में जुट रही भीड़ का चोरों ने जमकर फायदा उठाया है. यहां चोरों ने दो दिनों के अंदर 200 घटनाओं को अंजाम दिया है. इन चोरों ने खासकर महिलाओं के गहनों और मंगलसूत्र को निशाना बनाया है. चोरियों के मामले में पुलिस ने 15 शातिर महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है. दूसरी ओर, इन चोरियों ने कथा के आयोजकों की नींद उड़ा दी. आयोजकों ने इन चोरियों को लेकर पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है. गौरतलब है कि, आयोजकों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर खुद भी मौके पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस की टीम ने पूरे पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. इनमें कुछ महिलाएं कथा के बीच में बार-बार जगह बदलती दिखाई दीं. पुलिस ने जब उनकी तहकीकात की तो पता चला कि ये महिलाएं चोरी की घटना को अंजाम दे रही हैं. इस दौरान पुलिस उस वक्त चौंक गई जब पूरी की पूरी महिला चोर गैंग पंडाल में वारदात करती मिली. ये महिला चोर इतनी शातिर हैं कि इन पर शक करना मुश्किल है. ये महिलाएं पलक झपकते ही गहने और रुपये गायब कर देती हैं. बेहद शातिर हैं महिलाएं बताया जाता है कि, पकड़ी गई महिलाओं को पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है. भास्कर डॉट कॉम के मुताबिक, पुलिस ने जब महिलाओं से पूछताछ करनी शुरू की तो महिलाओं ने जांच टीम को गुमराह किया. इन महिलाओं ने नाम से लेकर मोबाइल नंबर तक गलत बताया. जब पुलिस ने इनकी जानकारी को प्रमाणित करने की कोशिश की तो सब कुछ गलत निकला. पुलिस अब और गहराई से इन महिलाओं की पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि ये महिलाओं दूसरे जिले की हैं. उनके आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है. recent visitors 135

महिला कांस्टेबल ने 9 महीने में खोज निकाले 104 लापता बच्चे, परिवार वाले भी दे रहे दुआ

नई दिल्ली  दिल्ली पुलिस की दो महिला हेड कांस्टेबल ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसके बाद उनकी चहुंओर वाहवाही हो रही है। दोनों महिला कांस्टेबल सीमा देवी और सुमन हुड्डा ने पिछले नौ महीनों में 104 गुमशुदा बच्चों को ढूंढ निकालने का सराहनीय काम किया है। मार्च से नवंबर के बीच 'ऑपरेशन मिलाप' के तहत उन्होंने हरियाणा,बिहार और यूपी के दूर-दराज के इलाकों का दौरा किया और बच्चों को उनके परिवारों से मिलाया। इस दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा,जिनमें बच्चों की नई तस्वीरें न होना, भाषा की बाधा,अनजान जगहों पर जाना और स्थानीय लोगों से मदद न मिलना शामिल था। इन मुश्किलों के बावजूद,दोनों ने बच्चों को ढूंढ निकाला और उन्हें उनके परिवारों से मिला दिया। कई मुश्किलें भी आईं दिल्ली पुलिस की बाहरी उत्तरी जिला की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) में तैनात, सीमा और सुमन ने बताया कि 'ऑपरेशन मिलाप' के तहत मार्च से नवंबर के बीच यह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दूर-दराज के इलाकों में उन्हें कई बार नई जगहों और वहां के लोगों से अनजान होने की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऐसे में उन्हें स्थानीय पुलिस की मदद लेनी पड़ी। सीमा देवी ने बताया कि कई बार ऐसा भी हुआ कि जिन नंबरों से बच्चे बात करते थे,वे बंद हो जाते थे। ऐसे में हमने साइबर टीम की मदद से फोन की आखिरी लोकेशन का पता लगाया। एक मामले को याद करते हुए सीमा ने बताया कि बवाना से एक 13 साल की बच्ची लापता हो गई थी। उसके सबसे छोटे भाई ने हमें बताया कि उसने अलग-अलग नंबरों से फोन करके बताया था कि वह ठीक है। हालांकि,अलग-अलग नंबरों से फोन आने के कारण उसे कुछ गड़बड़ होने का शक था। हमने मामले की जांच की और बच्ची को नोएडा के जारचा इलाके में पाया। वह वहां घर का काम कर रही थी। हमने उसे तुरंत वहां से छुड़ाया। फोटो से पहचानने में होती थी समस्या नए इलाकों में,सीमा और सुमन को स्थानीय लोगों का विश्वास जीतने में समय लगता था,जिसके बाद ही वे घर-घर जाकर तलाशी ले पाती थीं। सीमा ने बताया कि पुरानी तस्वीरें होने के कारण कई मौकों पर बच्चों की पहचान करना मुश्किल हो जाता था। जब परिवारों के पास अपने बच्चों की नई तस्वीरें नहीं होती थीं,तो 4 से 17 साल के इन बच्चों की पहचान उनके माता-पिता को खुद आकर करनी पड़ती थी। मार्च में AHTU में शामिल हुईं सुमन हुड्डा ने कहा कि बच्चों को उनके परिवारों से मिलाकर उन्हें बहुत गर्व और सुकून मिलता है। उन्होंने बताया कि हमारी कोई निश्चित ड्यूटी नहीं होती। जब भी हमें गुमशुदा बच्चों की जानकारी मिलती है,हम तुरंत घर से निकल पड़ते हैं। कई बार तो ऐसा भी होता है कि मैं अपने बच्चों को कई दिनों तक नहीं देख पाती। कई लोग मदद करने से भी कतराते थे सुमन ने बताया कि उन गांवों में गुमशुदा बच्चों का पता लगाना बहुत मुश्किल होता है,जहां जाने के लिए कोई रास्ता ही न हो। उन्होंने बताया कि कई बार तो हमें परिवहन के साधनों के अभाव में कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। बहुत से लोग हमारी मदद के लिए तैयार रहते हैं,लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें लगता है कि पुलिस की मदद करने से वे कानूनी पचड़े में पड़ सकते हैं। सुमन ने बताया कि कैसे उन्हें अक्सर रेलवे स्टेशनों पर भीख मांगने वालों और फेरी वालों से महत्वपूर्ण सुराग मिलते थे। गुमशुदा बच्चों की तस्वीरें दिखाने पर अक्सर उन्हें देखे जाने की जानकारी मिल जाती थी। उन्होंने कहा कि 13 से 17 साल के बच्चे खास तौर पर सोशल मीडिया पर मिले अजनबियों के बहकावे में आ जाते हैं।पुलिस के मुताबिक,बच्चों के लापता होने की वजहों में प्रेम प्रसंग,नशा,माता-पिता की उचित देखभाल न मिलना और शिक्षा की कमी शामिल हैं। डीसीपी ने कहा- हमें गर्व है सीमा के खुद के दो बच्चे हैं,जिनकी उम्र 16 और 10 साल है। उन्होंने बताया कि जब मैं कुछ दिनों के लिए घर से बाहर होती हूं,तो मेरा छोटा बेटा मुझे बहुत याद करता है। एक मां होने के नाते,उनका मानना है कि माता-पिता को अपने बच्चों से बात करनी चाहिए और इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वे क्या कर रहे हैं। DCP (बाहरी उत्तरी) निधिन वलसन ने कहा कि हमें 'ऑपरेशन मिलाप' में सीमा और सुमन की ओर से किए गए असाधारण कार्य पर बहुत गर्व है। उनकी यह उपलब्धि बच्चों की तस्करी से निपटने और अपने समुदाय की रक्षा के लिए हमारे संकल्प को और मजबूत करती है।   recent visitors 99

प्रदेश में अगले 24 घंटे में और बढ़ेगी ठंड, छा सकते है बादल, आज भोपाल में शीतलहर की संभावना, पढ़े मौसम विभाग का नया अपडेट

भोपाल पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तरी हवाओं के चलते मध्यप्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है,गुरुवार को राज्यभर में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिली। आने वाले दिनों में रात के समय में तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।आज राजधानी भोपाल में शीतलहर चल सकती है, वही न्यूनतम तापमान नवंबर अंत तक 14 डिग्री तक पहुंचने के आसार है। शुक्रवार और शनिवार को दिन रात के तापमान में और तेजी से गिरावट आने का अनुमान है। आने वाले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होगी।इधर, लगातार पड़ रही ठंड के चलते भोपाल के कई निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, जल्द ही अन्य सरकारी स्कूलों के समय में भी बदलाव देखने मिल सकता है। कई शहरों में दस डिग्री से कम है तापमान   पचमढ़ी में सबसे कम तापमान 7.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य शहरों जैसे शाजापुर, शहडोल, और मंडला में पारा 9 डिग्री के करीब रहा। बड़े शहरों में भोपाल और ग्वालियर में तापमान क्रमशः 10.2 डिग्री और 11.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इंदौर और उज्जैन में यह 13.9 डिग्री और 11.5 डिग्री तक पहुंचा। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम-उत्तर भारत में चल रही जेट स्ट्रीम हवाओं और दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में सर्द हवाओं का असर बढ़ गया है। 2 दिन बाद Madhya Pradesh में छा सकते है बादल गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में तमिलनाडु के तट के पास हवा के ऊपरी भाग में बने एक चक्रवात के आगे बढ़कर कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। इससे हवाओं का रुख बदल सकता है और दो दिन बाद प्रदेश में कहीं-कहीं बादल भी छा सकते हैं।इधर, राजस्थान पर बने प्रति-चक्रवात के असर से लगातार सर्द हवाएं मध्य प्रदेश की तरफ आ रही हैं, ऐसे में रात के तापमान में गिरावट नजर आ रही है। हवाओं के साथ कुछ नमी आने से ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में कोहरा बना हुआ है, शेष भागों में सुबह के समय धुंध छाई हुई है। एक सप्ताह में गिरा तापमान   पिछले एक सप्ताह से रात के साथ दिन के तापमान में भी 2-3 डिग्री की गिरावट देखी गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसा ही मौसम अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा, जिसके बाद दिसंबर में ठंड और तेज हो जाएगी। इस प्रकार, मध्यप्रदेश में सर्दी ने नवंबर के महीने को कड़ाके की ठंड के साथ यादगार बना दिया है। जानिए MP के 5 बड़े शहरों का एक्यूआई लेवल मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल की हवा सबसे खराब रही है। यहां एक्यूआई लेवल 253 दर्ज हुआ। जबलपुर में 243, उज्जैन में 233, ग्वालियर में 218 और इंदौर (विजय नगर इलाके में एयर क्वालिटी इंडेक्स में )में 52 एक्यूआई लेवल दर्ज हुआ।आज शुक्रवार सुबह की बात करें तो भोपाल का एक्यूआई लेवल 258,जबलपुर में 161, उज्जैन में 243, ग्वालियर में 166 और इंदौर में 241 एक्यूआई लेवल दर्ज हुआ। इन इलाकों में दर्ज हुआ अधिकतम तापमान मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान खंडवा में दर्ज हुआ। यहां का तापमान पचमढ़ी से चार गुना ज्यादा है। यहां 30.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड करने वाले चार अन्य इलाके भी हैं, जहां 29 डिग्री के आस-पास तापमान दर्ज किया गया है। इन इलाकों के नाम हैं; खरगौन में 30 , तालुन में 29.2, नमर्दापुरम में 29.1 और रतलाम में 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए हैं। राजधानी भोपाल के मौस का पूर्वानुमान राजधानी भोपाल में कल आकाश के साफ रहने का अनुमान लगाया गया है। इसके साथ ही मौसम के संभावित पूर्वानुमान की बात करें तो सुबह के समय धुंध के छाए रहने का अनुमान है। यहां का तापमान अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री तक जाने की संभावना है। बाकी रात में पारा गिरने से लोगों में ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि दिन में मौसम में गर्माहट देखने को मिल रही है।  पिछले 24 घंटे के मौसम का हाल     हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।     राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री कम है।     भोपाल में न्यूनतम 10.2 अधिकतम 26.6, ग्वालियर में न्यूनतम 11.1 अधिकतम 26.9 और इंदौर में न्यूनतम 13. अधिकतम 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।     उज्जैन में न्यूनतम 11.5 अधिकतम 27.5, जबलपुर में न्यूनतम 11 अधिकतम 26.3 ,बालाघाट में न्यूनतम 10.8 अधिकतम 23.6 और मंडला में न्यूनतम 9.1 अधिकतम 27.02 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।     भोपाल सहित सीहोर, रायसेन, विदिशा, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में घना कोहरा छाया रहा, विजिबिलिटी भी कम रही। recent visitors 88