मिस यूनिवर्स : 21 वर्षीय विक्टोरिया कजेर के सिर सजा चमचमाता ताज

मुंबई मिस यूनिवर्स के विनर के नाम की घोषणा हो गई है। मिस डेनमार्क यानी विक्टोरिया कजेर ने बाजी मारी है और मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया है। मिस निकारागुआ, शेन्निस पलासियोस ने विक्टोरिया कजेर के सिर पर चमचमाता ताज पहनाया। वहीं, इस प्रतियोगिता में नाइजीरिया की चिडिम्मा एडेत्शिना फर्स्ट रनरअप बनीं, जबकि दूसरी रनरअप मेक्सिको की मारिया फर्नांडा बेल्ट्रान रहीं। सामने आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि मिस यूनिवर्स का ताज पहनते ही कजेर की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। जैसे ही जूरी ने मिस डेनमार्क यानी विक्टोरिया कजेर का नाम लिया और बताया कि वो मिस यूनिवर्स 2024 बनी हैं तो कजेर काफी इमोशनल हो गईं। वो मंच पर ही रोने लगीं। जीत की खुशी उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही थी। विक्टोरिया कजेर अभी सिर्फ 21 साल की हैं और उन्होंने 126 देशों की सुंदरियों को हराकर ताज अपने नाम किया है। वह एक अच्छी डांसर होने के साथ वकील भी हैं।   भारत कौन से स्थान पर भारत की ओर से मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग लेने वाली हसीना का नाम रिया सिंघा है। उन्होंने ब्यूटी विद ब्रेन का अच्छा एग्जांपल सेट करते हुए देश का नाम रोशन किया। रिया इस आयोजन में टॉप 30 में अपनी जगह पक्की कर पाईं। हालांकि इस प्रतियोगिता से बाहर होने का उन्हें बहुत दुख हुआ और वो खूब रोईं।   recent visitors 113

झांसी में हादसे के बाद विभाग ने निजी व सरकारी सभी अस्पतालों को फायर और इलेक्ट्रिकल सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए

भोपाल झांसी, उत्तर प्रदेश के रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में हाल ही में हुई अग्नि दुर्घटना ने 10 नवजात शिशुओं की जान ले ली। इस भयावह घटना के बाद मप्र का स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग ने निजी व सरकारी सभी अस्पतालों को फायर और इलेक्ट्रिकल सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। यह उपाय जरूरी राजधानी के सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी ने कहा कि सरकारी व निजी चिकित्सालयों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के अध्यक्षों को निर्देशित किया है कि वे अपनी संस्थाओं का इलेक्ट्रिकल और फायर ऑडिट अनिवार्य रूप से कराएं। फायर सिस्टम और फायर एक्सटिंग्विशर की स्थिति चालू होनी चाहिए। इन्हें समय-समय पर रिफिल कराया होना भी अनिवार्य है। नियमित अंतराल पर फायर ड्रिल कराई जाए और इसका लेखा-जोखा भी रखें। इसके अतिरिक्त आकस्मिक निकास द्वार बाधा रहित और सुलभ होना चाहिए। स्टाफ को प्रशिक्षण दे रहे स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों में यह भी साफ कहा गया है कि सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल और सहायक स्टाफ को आपातकालीन स्थितियों में वार्ड खाली कराने का प्रशिक्षण दिलाया जाए। ध्यान रखा जाए कि विद्युत उपकरणों के उपयोग के दौरान खुले तारों या बिना प्लग के उपकरणों का उपयोग न हो। बिजली प्रणाली पर स्वीकृत भार से अधिक भार ना हो। आवश्यकता पड़ने पर बिजली कंपनी से अतिरिक्त भार स्वीकृत कराया जाए। ऑक्सीजन और अन्य ज्वलनशील पदार्थों को विद्युत उपकरणों और स्विच बोर्ड्स से दूर रखा जाए। औचक निरीक्षण करेंगे स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देश में बताए गए उपायों की जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की होगी। किसी भी चूक के लिए वे व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। इनकी जांच के लिए विभाग द्वारा औचक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो ऐसे संस्थानों को तुरंत बंद कर दिया जाएगा। यही नहीं, संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। तीन साल पहले हमीदिया में हुआ था हादसा यहां पर यह बता दें कि नवंबर 2021 में राजधानी के हमीदिया परिसर में बने कमला नेहरू अस्पताल में भीषण आग लग गई, जिसमें 5 बच्चे जिंदा जल गए थे। बाद में जांच के दौरान सामने आया कि अस्पताल में आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं थे। फायर कर्मियों ने अस्पताल में लगे ऑटोमेटिक हाईड्रेंट को देखा तो वो खराब पड़ा था। हर फ्लोर पर फायर एक्सटिंग्विशर तो थे, लेकिन काम नहीं कर रहे थे। recent visitors 66

ट्रैवलर में सवार 18 लोग गुजरात के अंकलेश्वर से अयोध्या जा रहे थे, मुंबई एक्सप्रेस वे पर वाहन पलटा, एक महिला की मौत

मंदसौर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रविवार सुबह सड़क हादसा हो गया। टेम्पो ट्रैवलर के पलटने से अहमदाबाद निवासी एक महिला को मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो को झालावाड़ रेफर किया गया है। ट्रैवलर में सवार 18 लोग गुजरात के अंकलेश्वर से अयोध्या जा रहे थे। गरोठ एसडीओपी राजाराम धाकड़ ने बताया कि गुजरात के अंकलेश्वर से 18 लोग ट्रेवलर (डीडी 01 एस 9976) से उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम जा रहे थे। रविवार सुबह लगभग 7 बजे शामगढ़ थाना क्षेत्र के नारिया बुजुर्ग के पास मुंबई एक्सप्रेस वे पर वाहन पलट गया। ड्राइवर को लगी नींद की झपकी हादसा वाहन चालक को नींद की झपकी लगने से हुआ। गाड़ी में 18 लोग सवार थे। घटना में अहमदाबाद की रहने वाली 33 वर्षीय रंजना पत्नी रिंकेश सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार घायलों में से 43 वर्षीय रश्मि पत्नी श्रवणसिंह की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। गंभीर घायलों को झालावाड़ रेफर किया गया घटना की सूचना के बाद गरोठ थाना प्रभारी मनोज महाजन मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र शामगढ होने से गरोठ में जीरो पर कायमी की गई है। गंभीर घायलों को राजस्थान के झालावाड़ रेफर किया गया है। recent visitors 143

अब स्वर्ण जड़ित श्रीमद् भागवत भेंट करेंगे एमपी के रिटायर्ड आईएएस, इसका वजन लगभग 1.6 क्विंटल होगा

भोपाल मथुरा के श्रीकृष्ण मंदिर में स्वर्ण जड़ित (ताम्र पत्र पर सोने से मढ़े अक्षर) श्रीमद् भागवत रखी जाएगी। इसका वजन लगभग 1.6 क्विंटल होगा। इसके 18 हजार श्लोक ताम्र पत्रों पर सोने से मढ़े अक्षरों के रहेंगे। इसे श्रीकृष्ण मंदिर को अगले वर्ष 25 जनवरी को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भेंट किया जाएगा। मध्य प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस डॉ.सुब्रमण्यम लक्ष्मीनारायण यह श्रीमद् भागवत तैयार करवा रहे हैं। वह अयोध्या के श्रीराम मंदिर को स्वर्ण जड़ित श्रीरामचरितमानस और चरण भेंट कर चुके हैं। ज्वेलर्स से तैयार करवा रहे हैं मध्य प्रदेश और भारत सरकार में विभिन्न पदों पर सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए 1970 बैच के आईएएस डॉ. सुब्रमण्यम लक्ष्मीनारायण स्वर्ण जड़ित श्रीमद् भागवत भी प्रसिद्ध वुम्मिदी बंगारू ज्वेलर्स से तैयार करवा रहे हैं। इसी कंपनी ने नए संसद भवन में स्थापित सेंगोल (राजदंड) और स्वर्ण जड़ित श्रीरामचरितमानस तैयार किया है। डॉ. सुब्रमण्यम लक्ष्मीनारायण ने बताया कि यह काम अगले वर्ष 24 जनवरी से पहले पूरा हो जाएगा। मथुरा में 24 जनवरी को 551 महिलाएं कलश यात्रा निकालेंगी। 25 जनवरी की सुबह मंदिर में भेंट करेंगे इस श्रीमद् भागवत को पूरे क्षेत्र में घुमाकर 25 जनवरी की सुबह श्रीकृष्ण मंदिर को भेंट किया जाएगा। श्रीमद् भागवत करीब 1.6 क्विंटल भारी होगी। इसके निर्माण में तीन से चार करोड़ रुपये की लागत आ रही है। प्रत्येक ताम्र पत्र 14 गुणा 12 इंच का है। इस श्रीमद् भागवत में कुल 440 ताम्र पत्र लगेंगे। स्वर्ण जड़ित श्रीरामचरितमानस का वजन लगभग डेढ़ क्विंटल डॉ. सुब्रमण्यम लक्ष्मीनारायण ने बताया कि स्वर्ण जड़ित श्रीरामचरितमानस का वजन लगभग डेढ़ क्विंटल है। इसमें तांबे के प्रत्येक पत्र को सोने के पानी में डुबोया गया था। इसी तरह श्रीमद् भागवत भी तैयार हो रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआत से ही सनातन धर्म से जुड़ा रहा। यह मान्यता रही है कि ईश्वर की कृपा से ही सब कुछ मिल रहा है तो क्यों न उसे ही सब अर्पित कर दिया जाए। मध्य प्रदेश में प्रमुख सचिव खनिज के साथ जनसंपर्क भी थे डॉ. सुब्रमण्यम लक्ष्मीनारायण मध्य प्रदेश में खनिज, पर्यटन, राजस्व और जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव रह चुके हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का विश्वस्त अधिकारी माना जाता था। वे वर्ष 1999 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए और भारत सरकार के सचिव (गृह) रहे। वर्ष 2007 में सेवानिवृत्त होने के बाद विभिन्न कंपनियों के चेयरमैन और निदेशक पद का दायित्व संभाला। वर्तमान में भी विभिन्न कंपनियों से जुड़े हुए हैं। recent visitors 76

पंडित खुशीलाल शर्मा ने शोध ने प्रमाणित कर दिया आयुर्वेदिक दवाओं को यदि निर्धारित मात्रा दिया जाए तो संक्रमण का खतरा नहीं रहता

भोपाल प्राय: छोटी सी सर्जरी के बाद भी एलोपैथी डॉक्टर कम से कम एक सप्ताह के लिए हाई एंटीबायोटिक्स देते हैं, जिससे घावों में संक्रमण का खतरा नहीं रहे। इसके विपरीत भोपाल के पंडित खुशीलाल शर्मा सरकारी आयुर्वेद कॉलेज में हुए एक शोध ने प्रमाणित कर दिया है कि कुछ आयुर्वेदिक दवाओं को यदि निर्धारित मात्रा और दिन तक दिया जाए तो संक्रमण का खतरा नहीं रहता। कॉलेज के गायनी विभाग ने एपिसियोटामी (सामान्य प्रसव के दौरान सर्जिकल चीरा) के घावों के उपचार के लिए आयुर्वेदिक दवाओं का सफल परीक्षण किया है। शोध में निंबादी वटी और शतधौत घृत के साथ-साथ नीम क्वाथ (नीम का काढ़ा) का भी उपयोग किया गया।   महिलाओं को सात दिन तक दी गईं दवाएं ये दवाएं सात दिन तक दी गईं। यहां की स्त्री रोग और प्रसूति तंत्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. बासंती गुरु के मार्गदर्शन में एमडी की छात्रा डॉ. सोनल रामटेके ने यह शोध किया है। शीघ्र ही यह शोध किसी प्रतिष्ठित जर्नल में प्रकाशित होने की संभावना है।   अध्ययन में 10 प्रसूताओं पर मात्र आयुर्वेदिक दवाओं का प्रयोग किया गया, जिनमें संक्रमण और अन्य जटिलताओं का कोई लक्षण नहीं दिखा। निंबादी वटी में मुख्य रूप से नीम, आंवला और हल्दी जैसी औषधियों का उपयोग किया गया है। नीम अपने एंटीबैक्टीरियल गुणों के लिए जाना जाता है। घाव को धोने के लिए नीम क्वाथ का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे संक्रमण का खतरा कम हो गया। डॉ. बासंती ने बताया कि एपिसियोटामी में तीन लेयर काटनी पड़ती हैं। प्रसूताओं की प्रतिरोधक क्षमता भी कम होती है, ऐसे में कहा जा सकता है कि संक्रमण रोकने ये दवाएं बहुत प्रभावी हैं। आयुर्वेदिक दवाओं का दुष्प्रभाव नहीं डॉ. बासंती गुरु ने बताया कि अभी एपिसियोटामी घाव के उपचार में आधुनिक चिकित्सा पद्धति में एंटीबायोटिक्स, दर्द निवारक और पाविडिन आयोडीन क्रीम का उपयोग किया जाता है। इन दवाओं के साथ अक्सर गैस्ट्रिक समस्या, एसिडिटी, कब्ज, मतली, और कुछ मामलों में एलर्जी जैसे दुष्प्रभाव देखने को मिलते हैं। इसके विपरीत, इस शोध में पाया गया कि आयुर्वेदिक विधि, जिसमें निंबादी वटी, शतधौत घृत, और नीम क्वाथ का प्रयोग किया गया, से कोई दुष्प्रभाव देखने को नहीं मिला। शतधौत घृत है विशेष प्रकार का मरहम शुद्ध घी को औषधीय तरीकों से 100 बार धोकर शतधौत घृत तैयार किया जाता है। यह एक विशेष प्रकार का मरहम है, जो त्वचा को गहराई से पोषण देता है और उसे ठंडक पहुंचाता है। इसने घाव को तेजी से ठीक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पायलट शोध की सफलता को देखते हुए इसे अधिक महिलाओं पर करने की योजना बनाई गई है, जिससे बड़े स्तर पर इन दवाओं का उपयोग किया जा सके। recent visitors 50

नवनीत राणा महाराष्ट्र के अमरावती से पूर्व सांसद हैं, सभा में हुआ हंगामा, फेंकीं गईं कुर्सियां और जमकर नारेबाजी

नई दिल्ली भाजपा की पूर्व सांसद नवनीत राणा की चुनावी सभा में भारी हंगामा हो गया। इस दौरान भीड़ काफी उग्र नजर आई और राणा की ओर कुर्सियां फेंकने लगी। गनीमत रही कि इस हमले में वह बाल-बाल बच गईं। नवनीत राणा महाराष्ट्र के अमरावती से पूर्व सांसद हैं। जिले के दरियापुर विधानसभा क्षेत्र में वह प्रचार के लिए पहुंची थीं। युवा स्वाभिमान पार्टी के उम्मीदवार रमेश बुंदीले के समर्थन में सभा आयोजित की गई थी। इस दौरान कुछ लोग उग्र हो गए और महिला सांसद की ओर कुर्सियां फेंकने लगे। साथ ही, जमकर नारेबाजी की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, आयोजित चुनावी बैठक चल रही थी। इस दौरान किसी बात पर बहस छिड़ गई और फिर हंगामा होने लगा। मामला इस हद तक बिगड़ गया कि कार्यकर्ता एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नवनीत राणा ने पूरी घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वह अपने समर्थकों के साथ खल्लार पुलिस स्टेशन पहुंची थीं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी। नवनीत राणा से मांगी गई 10 करोड़ की रंगदारी गौरतलब है कि पूर्व सांसद नवनीत राणा को बीते दिनों धमकी भरी चिट्ठी मिली थी। इसमें 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। अधिकारी ने बताया कि मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि अमरावती की पूर्व सांसद को आमिर नामक व्यक्ति ने स्पीड पोस्ट के जरिए पत्र भेजा। राणा के निजी सचिव विनोद गुहे ने अमरावती के राजापेठ पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि यह पत्र 11 अक्टूबर को राणा के आवास पर एक कर्मचारी को मिला था। शिकायतकर्ता के मुताबिक पत्र भेजने वाले ने कहा कि उसने राणा की ‘सुपारी’ ली है और उनका यौन उत्पीड़न करने की धमकी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है। recent visitors 80

आईएमडी ने दी चेतावनी, कश्मीर में बर्फबारी से बदला मौसम, अब कड़ाके की ठंड के आसार

कश्मीर मौसम तेजी से बदल रहा है। ठंड बढ़ने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान गिरेगा। इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी पूरे सप्ताह कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग और गुरेज सहित कश्मीर घाटी के ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। इससे तापमान में गिरावट आई और गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यटन स्थल गुलमर्ग में इस मौसम का पहला तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियय दर्ज किया गया। हिमपात के बाद गुलमर्ग घाटी के सबसे ठंडे स्थानों में से एक बन गया है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में पिछले 24 घंटों में 10.2 मिमी बारिश हुई। कश्मीर में रात के तापमान में तेजी से गिरावट मौसम विभाग के अनुसार ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद कश्मीर में रात के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान गिरकर 0.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बदलते मौसम के बीच राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में होने के कारण कई झीलें, नदी-नाले और झरने जमने लगे हैं। इस सर्दी के सीजन में पहली बार ताबो का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसके अलावा कुकुमसेरी व समदो का न्यूनतम तापमान भी माइनस में दर्ज किया गया है। केलांग का पारा शून्य तक पहुंच गया है। राजधानी शिमला में भी ठंड काफी बढ़ गई है। दिल्ली में अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कोहरा छाया रहा। सुबह और शाम को ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम का दूसरा सबसे कम तापमान था। इस बीच सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई तथा पूरे दिन आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत से 79 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने रविवार सुबह और शाम को धुंध और घना कोहरा रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 डिग्री सेल्सियस और 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। recent visitors 65