भारत ने बना ली सबसे ऊंची हवाई पट्टी इससे राष्ट्रीय सुरक्षा तो बेहतर होगी ही, एलएसी से कनेक्टिविटी भी अच्छी हो जाएगी

नई दिल्ली भारत-चीन सीमा पर निगरानी की दिशा में सेना को एक बड़ी कामयाबी मिली है। लद्दाख में भारत का सबसे ऊंची हवाई पट्टी जल्द शुरू हो जाएगी। इससे भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा तो बेहतर होगी ही, एलएसी से कनेक्टिविटी भी अच्छी हो जाएगी। यह एयरफील्ड पूर्वी लद्दाख में मुढ़-न्योमा पर है। एडवांस लैंडिंग ग्राउंड करीब 13 हजार 700 फीट की ऊंचाई पर है जो चीन की सीमा एलएसी के काफी करीब है। इसके पूरा होने के बाद सेना के तेजी से मूवमेंट में आसानी होगी। इसके अलावा इस क्षेत्र में भारतीय सेना को रणनीतिक फायदा भी मिलेगा। न्यौमा एएलजी पर तीन किलोमीटर का रनवे भी है। यह इमरजेंसी ऑपरेशन के दौरान काम आएगा। साल 2021 में शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का बजट 214 करोड़ रुपए का था। एलएसी के करीब एयरस्ट्रिप बन जाने से सेना के लिए यह सामरिक रूप से बेहद अहम हो गया है। भारतीय सेना उत्तरी सीमा से भी पहले यहां पर जवानों और हथियारों की तैनाती कर सकती है। अगर चीन की तरफ से कोई खतरा महसूस होता है तो ऐसी स्थिति में न्यौमा बहुत ज्यादा अहम होगा। आमतौर पर इन जगहों पर ग्राउंड ट्रांसपोर्ट बहुत चैलेंजिंग होता है। लेकिन अब एयरफोर्स दूर-दराज और पहाड़ी इलाकों में सीधे अपने मिशन को अंजाम दे सकती है। तनाव के बीच अहम मुढ़-न्यौमा एएलजी के पूरे होने का समय भी काफी अहम है। चार साल पहले एलएसी पर गलवान घाटी में तनाव के बाद भारतीय सेना पूरी तरह चौकन्नी है। इसके बाद से लद्दाख और अन्य सीमावर्ती इलाकों में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का काम बहुत तेजी से चल रहा है। इस कड़ी में न्यौमा एक नया जुड़ा है। नए बने रास्तों, टनल्स और पुलों से मुश्किल इलाकों में भारत के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट पहुंचाना बहुत आसान हो गया है। हाल ही में डेमचौक और डेपसैंग में सैनिकों के पीछे हटने के बाद से इस एयरफील्ड की अहमियत और बढ़ गई है। डिसएंगेजमेंट के बाद अब गश्त शुरू होगी। ऐसे में न्यौमा के बन जाने से इन इलाकों की देखरेख में काफी आसानी होगी। बता दें कि भारत ने संवेदनशील सीमाई इलाकों में बुनियादी ढांचों के विकास में तेजी दिखाई है। इससे संकेत मिलता है कि वह इन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए किस कदर प्रतिबद्ध है। भारत ने इन बुनियादी प्रोजेक्ट्स को बेहद चुनौतीपूर्ण हालात में पूरा किया है। सरकार का पूरा ध्यान लद्दाख जैसे इलाकों में कनेक्टिविटी बढ़ाने का है ताकि सेना के साथ आम लोगों को भी सहूलियत मिल सके। न्यौमा से सेना के साथ-साथ सिविलियन फ्लाइट्स को भी फायदा मिलेगा। यहां तक एयर कनेक्टिवटी बढ़ने से दूर-दराज के समुदायों तक पहुंच भी बढ़ेगी। recent visitors 153

चेन्नई में नाबालिग नौकरानी को गर्म लोहे और सिगरेट से जलाया, हत्या करके टॉयलेट में छोड़ा शव, 2 लोगों हुए गिरफ्तार

चेन्नई चेन्नई में 15 साल की घरेलू नौकरानी को बुरी तरह प्रताड़ित करने और उसकी हत्या का मामला सामने आया है। इस केस में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है जो पति-पत्नी हैं। साथ ही, 4 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांचकर्ताओं के अनुसार, मेहता नगर के एक फ्लैट में नाबालिग लड़की ने दम तोड़ा। मौत से पहले उसे कड़ी यातना दी गई थी। पीड़िता को गर्म लोहे और सिगरेट से जलाया भी गया था। आरोपी जोड़े की पहचान मोहम्मद निशाद और नासिया के रूप में हुई है। उन्होंने अपनी घरेलू नौकरानी की हत्या करने के बाद उसका शव शौचालय में छोड़ दिया था। इसके बाद वे निशाद की बहन के घर भाग गए। सूत्रों का कहना है कि उनके वकील ने पुलिस को मौत की जानकारी दी। पीड़िता की मां तंजावुर जिले की रहने वाली हैं, जो विधवा हैं। पुलिस लड़की की मौत के कारण का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का किया जा रहा इंतजार अधिकारियों ने कहा कि किलपौक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। फिलहाल, रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। वहीं, आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के एक गांव में 4 साल की बच्ची के साथ उसके ही रिश्तेदार के बलात्कार करने के बाद हत्या का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर संज्ञान लेते हुए चेतावनी दी कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। तिरुपति जिले के पुलिस अधीक्षक एल सुब्बारायडू के अनुसार, बच्ची का 24 वर्षीय मामा नागराजू शुक्रवार शाम को उसे कुछ खिलाने का लालच देकर एएम पुरम गांव में सुनसान जगह पर ले गया। उसने वहां बच्ची के साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया, ‘नागराजू बच्ची के घर के पास ही रहता है और रोज उसके साथ खेलता था। शुक्रवार शाम को वह उसे एक दुकान पर ले गया और वहां से खाने-पीने का कुछ सामान खरीदा। इसके बाद वह बच्ची को उसके घर से दूर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी।’ recent visitors 83

विमान में यात्रा के दौरान हुआ झगड़ा, साथी यात्री पर किया हमला, लैंडिंग के बाद एक्शन

नई दिल्ली विमान में यात्रा के दौरान एक शख्स ने अपने साथी यात्री पर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक साथ में बैठा शख्स अपनी सीट पर सो रहा था। तभी बगल वाले यात्री ने उसपर हमला कर दिया। घटना अमेरिका के अलेग्जेंड्रिया की है। एफबीआई के एक एजेंट के मुताबिक एवरेट चाड नेल्सन नाम के शख्स ने साथी यात्री के चेहरे पर कई बार मुक्के से वार किया। उसके नाक और मुंह से खून बहने लगा। इसके बाद अन्य यात्रियों ने आरोपी को पकड़ा और दूर हटाया। सोमवार को सैन फ्रांसिस्को से वर्जीनिया जाने वाले यूनाइटेड एयरलाइन के विमान की यह घटना है। यूनाइटेड ने अपने बयान में कहा, एक यात्री पर हमले के बाद जिस तरह से क्रू और यात्रियों ने सतर्कता जताई है, उसके लिए हम आभारी हैं। फ्लाइट लैंड होने के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं पीड़ित को अस्पताल भेजा गया। यूनाइटेड ने बताया कि विमान में 82 यात्री और 6 चालक दल के सदस्य मौजूद थे। एफबीआई के मुताबिक नेल्सन पिछली सीट पर बैठा था। उसने टॉइलेट का इस्तेमाल किया और इसके बाद बाहर आते ही साथी यात्री को मारने लगा। यात्री की आंख के पास और नाक में चोट आई। नेस्लन की भी आस्तीन पर खून लगा हुआ था। एजेंट ने बताया कि आरोपी पीड़ित को पहले से जानता भी नहीं था। उसने हमला क्यों किया, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। कोर्ट ने कहा है कि जब तक मामले की सुनवाई चलती है, नेल्सन को हिरासत में रखा जाए। 11 दिसंबर को मामले की सुनवाई होगी। मजिस्ट्रेट ने नेल्सन के बारे में सारी जानकारी मांगी है। बता दें कि अमेरिका में एक साल में 1700 ज्यादा ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जब विमान में यात्रियों ने इस तरह का व्यवहार किया है। recent visitors 96

आज केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद-ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे दर्शन, बदरीनाथ की यह तारीख

रुद्रप्रयाग केदारनाथ धाम के कपाट आज भैया दूज के मौके पर पूजा अर्चना के बाद बंद कर दिए गए हैं। सुबह मंदिर में भगवान की समाधि पूजा की गई और उसके बाद 6 बजे गर्भ ग्रह का दरवाजा बंद कर दिया गया। बदरीनाथ धाम के कपाट 17 नवंबर को बंद कर दिए जाएंगे। जबकि विधि विधान के साथ 8:30 बजे मंदिर का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। बड़ी संख्या में भक्तों के साथ बाबा केदार की चल विग्रह डोली को केदारनाथ धाम से ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना कर दिया गया। आज डोली रामपुर पहुंचेगी, जबकि कल सोमवार को डोली गुप्तकाशी और मंगलवार 5 नवंबर को डोली शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पहुंचेगी। जहां भगवान की 6 महीने तक शीतकालीन पूजा अर्चना की जाएगी। आपको बता दें कि आज 3 नवंबर को यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर बाद श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे, जबकि 2 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट को बंद कर दिया गया था। बदरीनाथ धाम के कपाट 17 नवंबर को होंगे बंद बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 17 नवम्बर को रात्रि 9 बजकर 7 मिनट पर बंद होंगे। बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने से पूर्व श्रद्धालु भगवान के दर्शन करना चाहते हैं। इसलिए अक्तूबर से लेकर अभी तक प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी 6500 से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंचे। पुलिस प्रशासन द्वारा दिए आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार तक बदरीनाथ में यात्रा अवधि में 12 लाख 74 हजार से अधिक यात्री बदरीनाथ धाम दर्शन के लिए पहुंचे। पहाड़ में इस समय मौसम खुशगवार है। इसलिए बदरीनाथ सहित सभी मंदिरों में भारत ही नहीं विदेशों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु बदरीनाथ के कपाट बंद होने से पूर्व प्रकृति और भगवान दोनों के दर्शन के लिए यहां आ रहे हैं। आम और खास सब भगवान के दरबार में माथा टेकने के लिए पहुंच रहे हैं। recent visitors 150

हिजबुल्लाह के एक और टॉप कमांडर जाफर खादर फाउर की इजरायली सेना ने किया ढेर

इजरायल इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह के एक और टॉप कमांडर को मार गिराया है। इसकी पहचान जाफर खादर फाउर के तौर पर हुई, जो पिछले साल अक्टूबर से इजरायल में हुए कई रॉकेट हमलों के लिए जिम्मेदार था। इसमें जुलाई 2024 का अटैक भी शामिल है, जहां फुटबॉल के मैदान पर 12 बच्चों की मौत हो गई थी। खादर दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह की नासिर ब्रिगेड रॉकेट यूनिट का कमांडर था। आतंकी गुट की ओर से अभी तक उसके मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है और ना ही इनकार किया गया है। आईडीएफ की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया, 'हिजबुल्लाह के नासिर यूनिट के मिसाइल और रॉकेट ऐरे के कमांडर जाफर खादर को लेबनान के जौइया क्षेत्र में मार गिराया गया। वह गोलान की ओर किए गए कई रॉकेट हमलों के लिए जिम्मेदार था। इसमें कई इजरायली नागरिकों की मौत हो गई। मजदल शम्स पर भी हमला किया गया जिसमें 12 बच्चे मारे गए और कई घायल हो गए। बीते गुरुवार को मेटुला पर रॉकेट हमला हुआ, जिसके चलते 5 नागरिकों की मौत हो गई थी।' हिजबुल्लाह के शीर्ष सदस्य को पकड़ा: इजरायली सेना इससे पहले, इजराइल की नौसेना ने उत्तरी लेबनान में हिजबुल्लाह के एक शीर्ष सदस्य को पकड़ा था। इजराइली सेना के अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने हिरासत में लिए गए व्यक्ति का नाम बताए बिना बताया कि यह कार्रवाई उत्तरी लेबनान के बातरुन शहर में हुई। लेबनानी अधिकारियों ने कहा था कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इजरायल ने लेबनानी समुद्री कप्तान को पकड़ लिया है, जिन्हें शुक्रवार को बातरुन के तट पर उतरे हथियारबंद लोगों के समूह अपने साथ ले गए थे। अधिकारी ने बताया, ‘पकड़े गए शीर्ष सदस्य को इजरायली क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।’ recent visitors 144

मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं, लेकिन मैं अपनी आस्था पर अडिग हूं, सनातन धर्म की रक्षा को बनाया नया गुट

आंध्र प्रदेश जनसेना पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण सनातन धर्म पर खुलकर अपनी राय रखते हैं। उन्होंने अब नरसिंह वरही ब्रिगेड नामक पार्टी की नई शाखा के गठन की घोषणा की है। उन्होंने कहा, "मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं, लेकिन मैं अपनी आस्था पर अडिग हूं। जो लोग सोशल मीडिया पर सनातन धर्म की आलोचना करते हैं या इसके बारे में अपमानजनक बातें करते हैं उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे। इसलिए मैं सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपनी पार्टी के भीतर 'नरसिंह वरही ब्रिगेड' नामक एक समर्पित शाखा की स्थापना कर रहा हूं।" उनकी यह घोषणा तिरुमाला के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में प्रसाद में मिलावटी घी के इस्तेमाल के संबंध में हाल ही में लगाए गए आरोपों के बाद की गई है। पिछले महीने पवन कल्याण ने सनातन धर्म की रक्षा करने और उसकी मान्यताओं का अनादर करने वाली गतिविधियों को रोकने के लिए एक मजबूत राष्ट्रीय कानून की वकालत की थी। तिरुपति में वरही घोषणा समारोह में उन्होंने कहा, "सनातन धर्म की रक्षा करने और उसकी मान्यताओं को नुकसान पहुंचाने से रोकने के लिए एक मजबूत राष्ट्रीय कानून की आवश्यकता है। इस कानून को तुरंत लागू किया जाना चाहिए और पूरे भारत में समान रूप से लागू किया जाना चाहिए।" पवन कल्याण ने इस कानून के कार्यान्वयन की देखरेख के लिए राष्ट्रीय और राज्य दोनों स्तरों पर एक सनातन धर्म संरक्षण बोर्ड की स्थापना का प्रस्ताव रखा, जिसमें इसकी गतिविधियों के लिए समर्पित निधि भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मंदिर के प्रसाद और प्रसाद के लिए उपयोग की जाने वाली सामग्रियों में शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सनातन धर्म प्रमाणन की आवश्यकता पर जोर दिया। recent visitors 79

चुनाव से पहले कमला हैरिस को याद आया भारत, शेयर की मां और बचपन की तस्वीर, 5 नवंबर को चुनाव

वाशिंगटन अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव का काउंटडउन शुरू हो गया है। 5 नवंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है। डेमोक्रेटिक की ओर से उपराष्ट्रपति कमला हैरिसऔर रिपब्लिकन की तरफ से पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सीधी टक्कर है। दोनों ही उम्मीदवार अपने प्रमोशन को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इस बीच कमला हैरिस नेअपने बचपन और मां को याद करते हुए एक्स पर एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में उनकी मां डॉ. श्यामला गोपालन हैरिस भी दिख रही हैं। तस्वीर में कमला हैरिस भी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मां 19 साल की उम्र में ही भारत से अमेरिका आ गई थीं। उनके साहस और दृढ़ संकल्प से ही वह कुछ बन पाई हैं। वहीं कमला हैरिस में एक संपादकीय में भी भारत यात्रा और अपनी मां को याद किया। ऑनलाइन दक्षिण एशियाई प्रकाशन 'द जैगरनॉट' में उन्होंने संपादकीय लिखा। उन्होंने कहा कि मेरी मां ने मुझे और मेरी बहन को सम्मान देना सिखाया है। लगभग हर साल हम दिवाली मनाने भारत जाया करते थे। वहां अपने चाचा-चाची, दादा-दादी और भाई बहनों के साथ समय बिताते थे। उन्होंने कहा, उपराष्ट्रपति के तौर पर घर पर दिवाली मनाना और लोगों की मेहमाननवाजी करना मेरे लिए गौरव की बात है। दक्षिण एशियाई अमेरिकी प्रवासियों की संस्कृति, विरासत अद्भुत है और यह यह अमेरिका के साथ एकडोर से बंधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मेरी मां के जीवन के दो ही लक्ष्य थे। एक अपनी बेटियों को पालना और दूसरा स्तन कैंसर का इलाज करवाना। उन्होंने बताया कि उनके दादा एक रिटायर सिविल सेवक थे। वह सुबह उठकर अपने दोस्तों के साथ सैर करने जाते थे। उनके साथ कमला हैरिस भी चली जाया करती थीं। इस दौरान वह बुराई पर अच्छाई की जीत और लोकतंत्र से जुड़ी कई बातें उनसे सुनती थीं। वहीं से उन्हें सार्वजनिक जीवन और जनता की सेवा करने की ललक पैदा हुई। कमला हैरिस ने डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करते हुए कहा कि उनके आने के परिणाम बहुत गंभीर होंगे। कमला हैरिस ने कहा कि उनके आने से आर्थिकि नीतियां कमजोर होंगी और महंगाई बढ़ जाएगी और एक साल में ही मंदी आ जाएगी। बता दें कि अमेरिका में हिंदू और भारतीयों के वोटों का बड़ा महत्व है। ऐसे में डोनाल्ड ट्रंप ने भी दिवाली के मौके पर कहा था कि पूरी दुनिया में हिंदुओं के अधिकारों की रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ संबंध और मजबूत करेंगे साथ ही कट्टरपंथी वामपंथी धर्म के विरोधी अजेंटे के खिलाफ हिंदू अमेरिकियों की हिफाजत की जाएगी। recent visitors 80