1100 पटाखा दुकानों को मिला लाइसेंसम, 100Kg से ज्‍यादा पटाखे रखने की नहीं अनुमति, रखने होगें ये सेफ्टी सिस्टम

भोपाल  जिला प्रशासन ने दीपावली के अवसर पर राजधानी में फटाखा व्यवसाय को सुगम बनाने के लिए 1100 से अधिक फटाखा कारोबारियों को लाइसेंस जारी कर दुकानें आवंटित कर दी हैं। सोमवार यानी आज से ये सभी दुकानें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होंगी। कोलार क्षेत्र में एसडीएम रविशंकर राय ने जानकारी दी कि बिट्टन मार्केट में 114, लहारपुरा में 60 और बावडिया कलां में छह दुकानें आवंटित की गई हैं। इसके अलावा बंगरसिया और इंडस टाउन में भी फटाखा दुकानें स्थापित की गई हैं। बंगरसिया क्षेत्र में कुछ दुकानदारों द्वारा निर्धारित लेआउट से हटकर दुकानें लगाने पर प्रशासन की जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सही स्थान पर दुकानें लगाने के निर्देश दिए। सभी दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और लेआउट के अनुसार ही दुकानें स्थापित करें। एसडीएम टीटी नगर, अर्चना रावत शर्मा ने फटाखा कारोबारियों के लिए लाटरी प्रक्रिया के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया। उन्होंने सभी कारोबारियों से प्रशासनिक गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है। गोविंदपुरा, एमपी नगर, बैरागढ़, हुजूर, बैरासिया और सिटी एसडीएम ने भी अपने क्षेत्रों में फटाखा दुकानों का आवंटन पूरा कर लिया है। recent visitors 59

मिस इंडिया बाबा महाकाल के दर्शन को आईं, ताज को लेकर छिड़ा विवाद

उज्जैन  उज्जैन में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 की विजेता निकिता पोरवाल के ताज पहनकर महाकाल के दर्शन करने पर विवाद खड़ा हो गया है। महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। पुजारी ने कहा कि उज्जैन के लिए गौरव की बात है कि उज्जैन की बेटी ने यह ताज पहना है, लेकिन ताज पहन कर बाबा महाकालेश्वर के सामने बैठना मर्यादा के अनुकूल नहीं है। बाबा महाकाल राजाधिराज हैं और उनके सामने कोई भी पगड़ी या ताज पहनकर नही बैठता। उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल अवंतिका के राजा माने जाते हैं। लोगों को इस मर्यादा का मान-सम्मान करना चाहिए। उज्जैन के अरविंद नगर में रहने वाली निकिता पोरवाल को हाल ही में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का ताज पहनाया गया था। खिताब जीतने के बाद जब वह रविवार को उज्जैन पहुंचीं तो परिवार और रिश्तेदारों के साथ ही सभी लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। निकिता के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर रेड कारपेट बिछाकर और आतिशबाजी एवं फूलों की वर्षा कर उनका ग्रैंड वेलकम किया गया। इसके बाद दोपहर 3 बजे के करीब निकिता गुलाबी ड्रेस और मिस इंडिया वर्ल्ड का ताज पहन भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। इस दौरान निकिता ने न सिर्फ सिर पर ताज पहनकर नंदी हाल में महाकाल का ध्यान लगाया, बल्कि महाकाल की चौखट पर माथा भी टेका। महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी महेश शर्मा ने इस पर ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि महाकाल राजाधिराज अवंतिका के राजा हैं और और उनके सामने किसी भी व्यक्ति को सिर पर पगड़ी, टोपी या ताज पहनकर जाने की अनुमति नहीं है, क्योंकि इससे मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन होता है। मंदिर के पुजारी ने कहा कि निकिता अगर महाकाल के सामने ताज पहनकर बैठने के बजाय वह अपना ताज महाकाल के चरणों में रखकर प्रार्थना करतीं तो उससे उनका मान और सम्मान दोनों बढ़ता और भगवान के सामने मर्यादा भी बनी रहती। मिस इंडिया ने उज्जैन में किया रोड शो जमकर नाची मंदिर में दर्शन के बाद निकिता ने टावर चौक से इस्कॉन मंदिर तक रोड शो भी किया, जिसमें उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान वह ढोल की थाप पर डांस करती नजर आईं। इस मौके पर लोगों ने निकिता पर फूल बरसाए और उनके स्वागत में आतिशबाजी की। बच्चियों ने वेलकम डांस किया। इस दौरान निकिता ने जय महाकाल कहकर सभी का अभिवादन किया। recent visitors 64

लुंगी में ही चौकी पहुंचे प्रभारी, रिपोर्ट लिखाने आई महिला को भगाया, IG ने लिया एक्शन

मऊगंज  मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक सब-इंस्पेक्टर लुंगी पहनकर ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान थाने पहुंची महिला को उसने डांटकर थाने से भगा दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। मामला संज्ञान में आने के बाद आईजी ने दरोगा को लाइन अटैच कर दिया है।  दरअसल, यह पूरा मामला हनुमना थाना क्षेत्र हटा पुलिस चौकी का 24 अक्टूबर की शाम बताया जा रहा है। सहायक उप निरीक्षक बृहस्पति पटेल ने महिला को डांटकर भगा दिया था। जिसका वीडियो पास में खड़े किसी व्यक्ति ने बना लिया और वायरल कर दिया। उप निरीक्षक को लाइन अटैच रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक साकेत पांडे ने हटा चौकी प्रभारी बृहस्पति पटेल का वीडियो वायरल होने के बाद ड्यूटी लाइन अटैच कर दिया है। इस पूरे की मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं। पहले भी सुर्खियों में रहे हैं उप निरीक्षक यह कोई पहला मामला नहीं है। जब सहायक उप निरीक्षक बृहस्पति पटेल सुर्खियों में आए हैं। जब वह पहले पिपराही चौकी प्रभारी थे। तब नोटों की गड्डियां गिनते हुए वीडियो वायरल हुआ था। तब उन्हें रीवा जिले के पुलिस अधीक्षक रहे नवनीत भसीन ने निलंबित कर दिया था। recent visitors 63

प्रेमिका ने तबीयत खराब होने के बहाने प्रेमी को घर बुलाया, फिर लूटा, प्रेमिका समेत तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार

भोपाल  ऐशबाग थाना इलाके में एक प्रेमिका और उसके चार साथियों द्वारा प्रेमी क्रिकेटर व उसके दोस्त को अगवाकर लूटने का मामला सामने आया है। प्रेमिका ने तबीयत खराब होने के बहाने अपने दोस्तों से फोन करवाकर प्रेमी को घर बुलाया था। प्रेमी जब दोस्त के साथ प्रेमिका के घर पहुंचा तो वहां प्रेमिका ने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों को अगवाकर शहर से दूर ले गए और उनसे रुपये व मोबाइल छीनकर भाग गए। दोनों युवाओं ने इस मामले को लेकर आयोध्यानगर थाना पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद मामला ऐशबाग थाने पहुंचा और पूरी जांच के बाद ऐशबाग पुलिस ने प्रेमिका समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। वहीं इस मामले में उनका साथ देने वाले अन्य दो नाबालिगों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। मामले की जांच कर रहे एएसआइ संजय ओझा ने बताया कि निजामुद्दीन नगर निवासी अमित कुमार शर्मा पेशे से क्रिकेटर हैं। करीब चार महीने पहले अमित की खुशी उर्फ देवी वर्मा से दोस्ती हुई थी। 20 अक्टूबर को खुशी की नाबालिग दोस्त ने अमित को फोन कर खुशी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। अमित अपने दोस्त आशीष कुमार को लेकर ऐशबाग स्थित उसके रूम पहुंचा तो वहां पहले से मो. कैफ और आरिश खान समेत तीन लड़के मौजूद थे। उन्होंने अमित और उसके दोस्त से पहले अभद्रता की और फिर खुशी व उसकी नाबालिग दोस्त के साथ दोनों युवकों को अगवाकर परवलिया ले गए। यहां उन्होंने एटीएम, यूपीआइ और नगद के माध्यम से करीब 20 हजार रुपये लूटे और फिर दोनों के आइफोन समेत तीन कीमती फोन भी लूटकर भाग गए थे। recent visitors 97

आतंकियों ने अखनूर में सेना के वाहन पर की फायरिंग, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

अखनूर जम्मू-कश्मीर के अखनूर में शिव मंदिर के पास बट्टल में आज सुबह 7 बजे 3 आतंकियों ने भारतीय सेना की गाड़ियों पर फायरिंग की। भारतीय सेना की 32 फील्ड रेजिमेंट ने तुरंत जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी कर दी और सर्च ऑपरेशन जारी है। एम्बुलेंस पर हुई फायरिंग सेना के अधिकारियों ने बताया कि केरी के बट्टल इलाके में असन मंदिर के पास ग्रामीणों ने भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना दी थी। जब सेना की एक एम्बुलेंस वहां से गुजर रही थी तो लोगों ने गोलियां चलने की आवाजें सुनी। पुलिस के साथ सेना के जवानों ने गांव और आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है और सीमा पार से घुसपैठ करने वाले आतंकियों का पता लगाने और उन्हें मार गिराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 2 हफ्ते में 7 आतंकी हमले बीते 2 हफ्ते में जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमलों में 12 लोगों की जान चली गई है। इस तरह, विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद केंद्र शासित प्रदेश में शांति भंग हो गई है। हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में 7 आतंकी हमले हुए हैं। इनमें 24 अक्टूबर की शाम को गुलमर्ग में अटैक भी शामिल है, जिसमें 4 लोगों की जान चली गई थी। गांदरबल जिले के गगनगीर में 20 अक्टूबर को आतंकवादी हमला हुआ था। इसमें एक स्थानीय डॉक्टर और बिहार के 2 मजदूरों सहित 7 लोगों की जान चली गई थी। कश्मीर में स्थानीय युवकों के आतंकवादी समूहों में शामिल होने की गुप्त प्रवृत्ति ने चिंता पैदा कर दी है। अब जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। आतंकियों के खिलाफ ऐक्शन जारी इस बीच, जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री के साथ आतंकवादियों के सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि हंदवाड़ा पुलिस ने सेना की 22 आरआर (राष्ट्रीय राइफल्स) और सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) 92 बटालियान (बीएन) के साथ मिलकर ऐक्शन लिया। यूनिसू में तलाशी के दौरान आतंकवादियों के एक सहयोगी को पकड़ा। आरोपी की पहचान उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के लट्टी शार्ट सोपोर निवासी इश्फाक मजीद डार के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक पिस्तौल, 2 मैगजीन, 12 राउंड और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। हंदवाड़ा थाने में धारा 13, 23 यूएलएपी, 7/25 आईए अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। recent visitors 81

छतरपुर में बड़ा हादसा: स्लीपर बस खाई में गिरी, एक छात्र की मौत और 20 यात्री घायल

biggest accident in Chhatarpur: Sleeper bus fell into ditch, one student died and 20 passengers injured छतरपुर। झांसी-खजुराहो फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-39 पर छतरपुर के पास एक स्लीपर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई और करीब 20 यात्री घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब रीवा से ग्वालियर जा रही बस की टक्कर एक डंपर से हो गई और बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। यह दुर्घटना रात लगभग 12 बजे बागेश्वर धाम गंज तिराहा के पास हुई। हादसे में सैनिक स्कूल रीवा के एक छात्र की जान चली गई, जो दीपावली की छुट्टी मनाने पिता के साथ भिंड स्थित अपने घर जा रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें घायलों को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि पाँच यात्रियों की हालत गंभीर है और उन्हें विशेष उपचार के लिए भेजा गया है। यह हादसा न केवल सड़क सुरक्षा की चिंता को बढ़ाता है बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों के लिए एक चेतावनी भी है कि यात्री परिवहन में सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। recent visitors 134

CM योगी आदित्यनाथ मृतक मोहित पांडेय के परिजनों से मिले , मिला आर्थिक मदद के साथ सख्त कार्रवाई का भरोसा

लखनऊ.  राजधानी लखनऊ के चिनहट थाने में पुलिस लॉकअप में मोहित पांडेय की मौत के बाद सोमवार को परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात की. मुलाकात के दौरान परिवार के साथ बीजेपी विधायक योगेश शुक्ला और सभासद शैलेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने पूरे मामले में परिवार को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है. साथ ही परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद, सरकार की तरफ आवास, बच्चों की मुफ्त शिक्षा और सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ देने का भी भरोसा दिया है. मुख्यमंत्री से मिलने के बाद परिवार संतुष्ट नजर आया. मृतक मोहित की पत्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री की से मुलाक़ात हुई. उन पर भरोसा है. अभी तक जो कार्रवाई हुई है उससे संतुष्ट हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने आर्थिक मदद और बच्चों की पढ़ाई का भी आश्वासन दिया है. साथ ही सख्त कार्रवाई का भी भरोसा दिया है. पुलिस हिरासत में हुई थी मौत गौरतलब है कि थाना चिनहट पुलिस की हिरासत में 32 साल के मोहित पांडे की मौत हुई थी. शनिवार रात मोहित और उसके भाई शोभाराम में मारपीट हुई थी. शांति भंग की आशंका में मोहित और शोभाराम को पकड़ कर चिनहट थाने में लाया गया था. रविवार सुबह थाने में मोहित की हालत बिगड़ने पर उसे लोहिया अस्पताल में एडमिट कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. जिसके बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया. मृतक मोहित चिनहट के देवा रोड इलाके में नई बस्ती जैनाबाद गांव का रहने वाला था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ़ नहीं लखनऊ पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मोहित की मौत की वजह साफ़ नहीं हुई. आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया. इस मामले में तत्कालीन इंस्पेक्टर चिनहट अश्विनी चतुर्वेदी को निलंबित किया गया. साथ ही मोहित की हत्या के मामले की जांच इंस्पेक्टर गोमती नगर विस्तार को सौंपी गई है. रविवार को ही मोहित का कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार करवाया गया. recent visitors 135