हरियाणा में 17 अक्टूबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण …

चंडीगढ़  हरियाणा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 को नहीं 17 अक्टूबर को होगा। पंचकूला के सेक्टर 5 में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। 17 अक्टूबर सुबह 10 बजे दशहरा ग्राउंड में हरियाणा कई नई सरकार शपथ ग्रहण समारोह होगा। पीएम मोदी समेत कई वरिष्ठ नेता इस शपथ समारोह में उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में नायब सिंह सैनी एक बार फिर सीएम पद की शपथ लेंगे। 17 अक्टूबर को आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नायब सिंह सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला में आयोजित किया जाएगा, जहां लगभग 50 हजार लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है। समारोह में भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे। जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार की नई कैबिनेट में अनिल विज, कृष्ण लाल मिड्ढा, श्रुति चौधरी, अरविंद कुमार शर्मा, विपुल गोयल , निखिल मदान को जगह मिल सकती है। नायब सैनी ने की थी पीएम से मुलाकात गौरतलब है कि, नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। इसके बाद गुरुवार को उन्होंने राजधानी में केंद्रीय मंत्री और हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की थी। विधानसभा चुनाव के दौरान ही भाजपा की ओर से संकेत दिए गए थे कि अगली सरकार के भी मुखिया नायब सिंह सैनी बनेंगे। चुनाव से 6 महीने पहले नायब सैनी को बनाया गया था सीएम भाजपा ने मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी को हरियाणा भाजपा अध्यक्ष पद से मुख्यमंत्री बनाया था। उस समय भाजपा मनोहर लाल के साढ़े नौ साल के कार्यकाल के बाद सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रही थी। बता दें कि हरियाणा में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस 37 सीटों पर ही सिमटकर रह गई। इस चुनाव में जजपा और आम आदमी पार्टी का सफाया हो गया और इनेलो सिर्फ दो सीट जीतने में सफल रही। प्रदेश की तीन सीटें अन्य के खाते में गई हैं। recent visitors 80

परिजनों ने युवती को हवन में बैठने से किया मना तो नाराज होकर मां की साड़ी से लगाई फांसी

भोपाल  नवरात्र की नवमी पर घर के बाहर झांकी में किए जा रहे हवन में 16 वर्षीय किशोरी को स्वजन ने बैठने नहीं जाने दिया। यह बात किशोरी को इस कदर नागवार गुजरी कि उसने खुदकुशी कर ली। किशोरी के घर के बाहर झांकी में नवमी का हवन होना था। हवन में आहुति देने कई बच्चे बैठे थे तो किशोरी ने भी जिद की, लेकिन जब परिवार ने उसे नहीं बैठने दिया तो वह गुस्से में कमरे के भीतर गई और मां की साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में छानबीन शुरू कर दी है। कमरे में जाकर लगाई फांसी रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार किशोरी राधिका बुंदेला इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थी। शुक्रवार को सुबह हवन में नहीं बैठाने की बात पर पहले उसके छोटे भाइयों ने चिढ़ा दिया था, जिसके बाद राधिका बेहद नाराज हो गई। आवेश में आकर वह अपने कमरे में चली गई। उसने मां की साड़ी ली, पाइप के सहारे फंदा बनाया और इसके बाद फंदे को अपने गले में कसकर कुर्सी हटा दी। इस दौरान उसने कमरे का गेट खुला छोड़ दिया था। स्वजन अस्पताल ले गए, लेकिन नहीं बची जान कमरे के बाहर बैठी मां की नजर जब तक उस पर पड़ी, तब तक उसकी सांसों की डोर टूट चुकी थी। स्वजन उसे फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आमने-सामने भिड़ी दो बाइक, एक युक की मौत, दो गंभीर उधर, बिलखिरिया थाना क्षेत्र के झागरिया पहाड़ी रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे हादसे में एक बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर घायल हैं। बिलखिरिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की है। पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय अभिषेक मांझी रायसेन जिले का रहने वाला है। वह गुरुवार रात करीब दस बजे अपने घर जा रहा था, तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद इलाज के दौरान अभिषेक ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। जबकि दूसरा बाइक सवार अयान गंभीर रूप से घायल है। वहीं हादसे में घायल तीसरी युवती की पहचान नहीं हो सकी है। recent visitors 77

घी में मिलावट की हुई पुष्टि, 800 लीटर मिलावटी घी खाद्य विभाग ने किया जब्त, अधिकारी भी स्टॉक देखकर चौंक गए

 इंदौर इंदौर जिले में मिलावटखोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। यहां असली के नाम पर मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री बड़ी मात्रा में की जा रही है। गत दिवस खाद्य विभाग ने मिलावटी घी की आशंका में एक गोदाम पर छापा मारा था और वहां से सैंपल लिए थे। जिसकी रिपोर्ट में घी में मिलावट पाई गई। अधिकारियों के मुताबिक गत माह विभाग को शिकायतकर्ता से सूचना मिली थी कि राजस्थान की एक घी निर्माता फर्म बाल गोपाल डेरी प्रोडक्ट्स, रणपुर, कोटा द्वारा घी को इंदौर के संचार नगर स्थित मार्केटिंग फर्म श्री कुबेर इंटरप्राइजेस के माध्यम से बेचा जा रहा है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची तो संचालक के पास शहर में खाद्य पदार्थ विक्रय का कोई लाइसेंस नहीं मिला। संचालक ने झाबुआ के पते का लाइसेंस दिखाया। महाश्री ब्रांड का मिलावटी घी प्रतिष्ठान में महाश्री ब्रांड के गाय व भैंस के घी के अलग-अलग पैकिंग के पांच नमूने टीम ने लिए थे, करीब 5.40 लाख रुपये कीमती 800 लीटर घी जब्त किया था। अभी दो नमूनों की रिपोर्ट विभाग को मिली है। जिसमें घी अमानक स्तर का पाया गया। घी में अन्य तेल मिला है। अभी तीन नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है। निजी लैब ने सैंपल पास कर दिए थे शिकायतकर्ता ने शक होने पर एमआर-10 स्थित नामी निजी लैब में जांच करवाई थी, जिसकी रिपोर्ट आठ दिन बाद आई और उसमें घी सही बताया गया। एक अन्य प्रयोगशाला में इसकी जांच करवाई, इसकी रिपोर्ट तीन घंटे में आई। इसमें मिलावट मिली थी। यानी शहर की कई लैब से साठगांठ करके मिलावटी नमूनों को सही बताया जा रहा है। वहीं शासकीय लैब में भी घी में मिलावट पाई गई। औद्योगिक इकाइयों की जांच में नहीं मिली अनियमितताएं इंदौर जिले में नशे के दुरुपयोग की आशंका वाली औषधीय और सिंथेटिक ड्रग्स वाली इकाइयों की जांच की जा रही है। विभिन्न विभागों की टीमों ने लगातार दूसरे दिन उद्योगों की जांच का अभियान चलाया। इसमें 11 से अधिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया जिनमें किसी भी तरह की अनियमिताएं नहीं मिली। खुड़ैल क्षेत्र में एसडीएम गोपाल वर्मा के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक अलकेश यादव व जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र एवं राजस्व विभाग के संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा सात औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। एसडीएम ने बताया कि जिन औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया उनमें आबकारी विभाग द्वारा जारी एल्कोहल ड्रग्स लाइसेंस आदि की जांच की गई। सभी इकाइयों में नारकोटिक्स से संबंधित उत्पाद नहीं पाया गया। recent visitors 86

दुर्गा पंडाल में करंट की चपेट में आने से आये चार युवक, एक की हालत गंभीर

 भोपाल शहर के करोंद इलाके की रतन कालोनी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्गा उत्सव पंडाल में काम कर रहे चार लोग हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। इस हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि ये युवक माइक का वायर सुधारने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनके साथ हादसा हो गया। पहले एक युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, उसे बचाने के चक्कर में अन्य तीन को भी करंट लग गया। पाइप पर चढ़े थे युवक प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे रतन कालोनी में कुछ लोग पाइप पर चढ़कर वायर सुधारने की कोशिश कर रहे थे। पास से ही हाइटेंशन लाइन गुजर रही थी, जिसकी चपेट में चार युवक आ गए। इनमें मुकेश और माखन साहू शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करंट से झुलसे 35 वर्षीय माखन साहू की हालत गंभीर बताई जा रही है। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हादसा दुर्गा पांडाल में नवमी के मौके देर रात तक धार्मिक कार्यक्रम चल रहे थे। इसी दौरान वहां लगे एक माइक का वायर खराब हो गया। इसे सुधारने के लिए एक युवक पाइप के जरिए ऊपर चढ़ा था। यही से बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। जिसकी चपेट में युवक आ गया और उसे उसे करंट लग गया। उसे बचाने की कोशिश में अन्य ती युवक भी चपेट में आ गए। मौके पर मची अफरातफरी हादसा होते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। करंट से झुलसे युवकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और बिजली कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। इलाके में तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद की गई, ताकि कोई दूसरा तारों की चपेट में न आ जाए। दुर्गा उत्सव समिति ने भी कार्यक्रम बंद कर दिए। recent visitors 61

Indore में फर्जी बिल घोटाला अधिकारी ने 35 दिन में किये 53 बिल पास

इंदौर घपला करने के लिए एक अधिकारी ने खुद की पोस्टिंग निचली पोस्ट पर कर ली। इसका ऑर्डर भी खुद ही निकाला। यह पूरा खेल इंदौर नगर निगम में हुए 150 करोड़ रुपए के ड्रेनेज घोटाले से जुड़ा है। करप्शन के इस केस में ऑडिट डिपार्टमेंट के डिप्टी डायरेक्टर अनिल गर्ग। 5 करोड़ रुपए से ज्यादा के फर्जी बिल जारी करने से पहले इन्होंने इनकी जांच नहीं की। इन पर 45 किमी की सड़कें और 500 चैंबर के बिल एक ही दिन में जारी करने के आरोप हैं। तीनों ने अपर सत्र न्यायालय से राहत नहीं मिलने पर जमानत के लिए हाईकोर्ट (इंदौर बेंच) में याचिका लगाई थी। पुलिस की ओर से अधिवक्ता कमल कुमार तिवारी ने पैरवी करते हुए कोर्ट से कहा कि तीनों को जमानत मिली तो जांच पर विपरीत असर पड़ेगा। 10 सितंबर को जस्टिस पीसी गुप्ता की खंडपीठ ने फैसले में कहा… नगर निगम को बड़ी आर्थिक क्षति हुई है। आरोपियों की मिलीभगत भी प्रतीत होती है। ऐसे में इन्हें जमानत देने का कोई उपयुक्त कारण नहीं बनता है। दरअसल, पिछले कुछ सालों में इंदौर नगर निगम में ड्रेनेज, प्रधानमंत्री आवास योजना, वर्कशॉप, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, अमृत परियोजना जैसे प्रोजेक्ट्स में गड़बड़ियां की गई हैं। इसकी कड़ियां भोपाल से जुड़ी हैं। लेनदेन के इस पूरे मामले में ऑडिट डिपार्टमेंट के अफसर भी शामिल हैं।     ऑडिट डिपार्टमेंट के जॉइंट डायरेक्टर अनिल गर्ग ने खुद को निचली पोस्ट डिप्टी डायरेक्टर पर जॉइन कर काम शुरू किया।     अधिकारी ने जॉइनिंग के लिए जिस नियम का हवाला दिया, वो है ही नहीं। न ही सरकार ने कोई आदेश जारी किया।     इस अधिकारी के जॉइन करने के बाद सरकारी आदेश जारी हुआ। इसमें भी फर्जीवाड़ा सामने आया। जो काम हुए नहीं उनके बिल बनाकर पेमेंट किया नगर निगम में जो काम हुए ही नहीं, ठेकेदारों ने अधिकारी-कर्मचारियों की मिलीभगत से उन कामों के दस्तावेज और बिल तैयार कर पेमेंट ले लिया। ऐसे एक नहीं, कई मामले हैं। ये भी साल 2022 के पहले के हैं। मास्टरमाइंड इंजीनियर अभय राठौर (अभी जेल में है) ने नगर निगम में असिस्टेंट इंजीनियरों के नाम से फर्जी फाइलें बनाईं। इसके बाद फर्जी वर्क ऑर्डर हुए। एग्जीक्यूटिव और सुपरवाइजिंग इंजीनियरों के साइन हुए। अपर कमिश्नर के भी फर्जी साइन हुए। फिर बिल अकाउंट विभाग में लगाए गए और यहां भी फर्जी तरीके से ही पेमेंट हो गया। यह पूरा काम ठेकेदारों की मिलीभगत से हुआ था। उन्होंने ड्रेनेज के कामों को लेकर फर्जी बिल दिए थे, जबकि काम हुए ही नहीं। recent visitors 82

भोपाल में विजयदशमी पर किया गया शस्त्र पूजन, हर्ष फायर कर मनाया गया जश्न

भोपाल  विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाईन, नेहरु नगर में परम्परागत तरीके से विधिविधान व मन्त्रोपचार के साथ शस्त्र पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। विजयादशमी के अवसर पारम्परिक रूप से पुलिस विभाग के द्वारा शस्त्र पूजन की परम्परा रही है, जिसके संदर्भ में सभी जिला मुख्यालयों पर शस्त्र पूजन किया जाता है। शस्त्र पूजन तथा वाहनों का पूजन एवं समस्त मशीनरी का पूजन आमतौर पर एक परम्परा का अंग बन गया है।  इसी तारतम्य में भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में कमिश्नरी व्यवस्था के अंतर्गत शस्त्र पूजन कार्यक्रम पुलिस लाइन नेहरू नगर में रखा गया। जिसमें उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, महापौर मालती रॉय, सांसद आलोक शर्मा, पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल, पुलिस उपायुक्त सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीतू ठाकुर एवं अन्य अधिकारियों ने मन्त्रोपचार के साथ मां भगवती की पूजा अर्चना, हवन एवं आरती की, उपरांत शस्त्रों की पूजा  कर शस्त्र पूजन कार्यक्रम संपन्न किया। विजयादशमी व दशहरे के शुभ अवसर के उपलक्ष्य में सभी जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने पुलिस परिवार, मीडिया बंधु  एवं समस्त शहरवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी तथा दशहरा पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मानने हेतु आगृह किया।   recent visitors 78

2025 और 2026 काउंटी चैंपियनशिप सीज़न के लिए जयदेव उनादकट ने ससेक्स के साथ अनुबंध दो साल के लिए बढ़ाया

नई दिल्ली भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने 2025 और 2026 काउंटी चैंपियनशिप सीज़न के लिए ससेक्स के साथ दो साल का अनुबंध विस्तार किया है। उनादकट ने पहली बार 2023 में ससेक्स के साथ करार किया था और अपने पहले सीज़न में उन्होंने तीन मैचों में 11 विकेट चटकाए थे। वह 2024 में टीम में लौटे और पांच मैचों में 14.40 की औसत से 22 विकेट चटकाए। गेंद के साथ उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने सीधे तौर पर ससेक्स को डिवीजन टू का खिताब जीतने में मदद की। टीम द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में उनादकट के हवाले से कहा गया, जब मैं पिछले साल होव आया था, तो मुझे यकीन नहीं था कि काउंटी चैंपियनशिप में क्या होगा और मैं इसके लिए कैसे खुद को ढाल पाऊंगा। लेकिन अब कुछ खेलों के बाद, मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि होव मेरे घर से दूर मेरा दूसरा घर है और गुड ओल्ड ससेक्स बाय द सी मेरा दिल जीत लेता है। ससेक्स के मुख्य कोच पॉल फरब्रेस ने एक खिलाड़ी और एक व्यक्ति के रूप में टीम को प्रदान की जाने वाली गुणवत्ता के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, होव में हर कोई बहुत खुश और उत्साहित है कि जयदेव (उनादकट) ने दो साल के विस्तार पर हस्ताक्षर किए हैं और अगले दो सत्रों के लिए क्लब में वापस आएंगे। उन्होंने कहा, जयदेव की पिच पर गुणवत्ता हर किसी के लिए स्पष्ट है, लेकिन एक व्यक्ति के रूप में उनके गुण उन्हें सबसे लोकप्रिय और सबसे अच्छे लोगों में से एक बनाते हैं, जिनकी कोई भी टीम कामना कर सकती है। उनादकट वर्तमान में रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र का नेतृत्व कर रहे हैं, जो शुक्रवार से शुरू हुई। विशेष रूप से, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 में, उनादकट ने सनराइजर्स हैदराबाद के साथ उनका एक निराशाजनक सीजन रहा, जिसमें उन्होंने 11 मैचों में 10.24 की इकॉनमी से 8 विकेट लिए।   recent visitors 208