Wednesday, July 8, 2026 5:51 am

शॉटपुट में फाइनल के लिये क्वालीफाई करने से चूके तूर

पेरिस दो बार के एशियाई खेलों के चैम्पियन भारत के तेजिंदर पाल सिंह तूर पेरिस ओलंपिक में पुरूषों के शॉटपुट के फाइनल में क्वालीफाई नहीं कर सके। जकार्ता और हांगझोउ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पंजाब के मोगा के 30 बरस के तूर ने पहले प्रयास में 18.05 मीटर का थ्रो फेंका लेकिन बाकी दोनों प्रयास फाउल रहे। क्वालीफिकेशन दौर में 21.35 मीटर का थ्रो फेंकने या शीर्ष बारह स्थानों पर रहने वाले खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई। वहीं महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में हांगझोउ एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पारूल चौधरी कुल 24वें और अंकिता ध्यानी 40वें स्थान पर रही और फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। अंकिता ने हीट वन में 16 : 19. 38 का समय निकाला और वह आखिरी स्थान पर रही। वहीं पारूल ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 15 : 10.68 का समय निकाला लेकिन 20 धावकों में 14वें स्थान पर रही। दोनों हीट से कुल सोलह खिलाड़ियों ने फाइनल के लिये क्वालीफाई किया। चौधरी पेरिस ओलंपिक में 3000 मीटर स्टीपलचेस में भी भाग ले रही हैं जिसकी हीट रविवार को होगी। उन्होंने विश्व रैंकिंग कोटा के जरिये 5000 मीटर के लिये क्वालीफाई किया था क्योंकि वह सीधे क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। अंकिता भी विश्व रैंकिंग कोटा के जरिये खेल रही थीं। recent visitors 94

भोपाल से रीवा के लिए प्रारंभ हुई नई एक्सप्रेस ट्रेन, यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भोपाल  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान में देश में रेल मंत्री के क्षेत्र से नहीं, समूचे देश में आवश्यकता को देखते हुए ट्रेन सुविधाएं बढ़ाई जाती हैं। डॉ यादव ने देर रात भोपाल से रीवा के लिए प्रारंभ हुई नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वर्तमान में राजधानी भोपाल से रीवा जाने के लिए रेवांचल एक्सप्रेस प्रतिदिन सागर और कटनी होकर जाती है। नई एक्सप्रेस ट्रेन इटारसी मार्ग से सप्ताह में दो दिन चलेगी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश में हर तरह की यातायात कनेक्टिविटी को विकसित किया जा रहा है। राज्य को प्राप्त सुविधाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि रीवा के लिए वायुयान सुविधा भी उपलब्ध है। गंभीर रोगियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं आदि के लिए प्रदेश के अन्य नगरों के मध्य भी विभिन्न माध्यमों से कनेक्टिविटी प्रारंभ की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में रेल मंत्री के क्षेत्र में ही रेल सुविधाएं बढ़ाई जाती थी। पिछले 10 साल से इस परिपाटी को बदल दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने रानी कमलापति के नाम से सुविधायुक्त रेलवे स्टेशन की सौगात भोपाल को दी थी। अब भोपाल मुख्य स्टेशन का विकास भी तेजी से हो रहा है। भोपाल से रीवा के लिए प्रारंभ हुई नई एक्सप्रेस ट्रेन, यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना  भोपाल के नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, रीवा, सतना व मैहर जाने वाले यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन नई सुविधा की खुशी देने वाला रहा। प्रदेश सरकार की विशेष मांग पर रेलवे की ओर से भोपाल-रीवा सुपरफास्ट द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर दिया है। शुक्रवार रात भोपाल स्टेशन से सीएम डॉ. मोहन यादव ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद किया। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रदेशवासियों के हितों को ध्यान रखते हुए इस नई ट्रेन की सुविधा दी है। मुख्यमंत्री ने प्लेटफार्म क्रमांक छह से रात करीब 11.05 बजे हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। नई ट्रेन से रवाना हो रहे यात्री प्रसन्न नजर आए। उन्होंने भी मुख्यमंत्री और रेलवे को धन्यवाद दिया। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में भोपाल से रीवा के मध्य वंदे भारत रीवा-रानी कमलापति और रेवांचल एक्सप्रेस संचालित हो रही हैं। रेवांचल एक्सप्रेस में कई महीनों तक वेटिंग रहती है, जिससे यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं वंदे भारत रीवा-रानी कमलापति का किराया अधिक है और साथ ही समय का सही तालमेल भी नहीं है। इस वजह से जबलपुर, रीवा, सतना सहित मैहर जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस रेल सेवा भोपाल और रीवा के बीच यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू गई है। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को भोपाल से तथा शनिवार और सोमवार को रीवा से चलेगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री विश्वास सारंग, सांसद भोपाल आलोक शर्मा, विधायक हुजूर रामेश्वर शर्मा, विधायक बैरसिया विष्णु खत्री, विधायक भोपाल (दक्षिण/पश्चिम) भगवानदास सबनानी और महापौर मालती राय सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह रहेगा ट्रेन का शेड्यूल गाड़ी संख्या 22145 भोपाल-रीवा सुपरफास्ट द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस अपने प्रारम्भिक स्टेशन भोपाल से शुक्रवार और रविवार को रात्रि 23:00 बजे प्रस्थान कर रानी कमलापति स्टेशन 23:13 बजे, नर्मदापुरम अगले दिन मध्य रात्रि 00:13 बजे, इटारसी 00:55 बजे, पिपरिया 02:02 बजे, गाडरवारा 02:38 बजे, नरसिंहपुर 03:12 बजे, जबलपुर 04:45 बजे, कटनी 06:05 बजे, मैहर 06:53 बजे, सतना 07:40 बजे और सुबह 09:15 बजे रीवा पहुंचेगी। इसी तरह यह ट्रेन रीवा से शनिवार और सोमवार की रात्रि 11 बजे चलेगी तथा प्रातः 9.15 बजे भोपाल पहुंचेगी।   recent visitors 151

महिला समेत चार घायलों को भेजा अस्पताल, राजस्थान-अलवर में मोबाइल की किस्तों पर भिड़े पड़ोसी

अलवर. तिजारा के अलाहपुर जाट गांव में मोबाइल की किस्त को लेकर पड़ोसी ने अपने ही पड़ोसी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक महिला सहित 4 लोग घायल हो गए। घायलों को अलाहपुर सीएचसी से अलवर रैफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायल के परिजन आसिफ ने बताया कि पड़ोसी इरफान ने उसके बड़े भाई अरमान को किस्तों पर एक मोबाइल दिलाया था। किस्तें पूरी होने के बाद भी वह भाई से और पैसे मांगने लगा और मना करने पर योजनाबद्ध तरीके से अपने भाई व अन्य साथियों के साथ घर में घुसकर लाठी, फरसी व टांचिये से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें नसरी, जान मोहम्मद, अरमान, अम्मान घायल हो गए, गंभीर घायलों को अलवर रैफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। recent visitors 100

कई जिलों में मौसम हुआ मेहरबान, छत्तीसगढ़-रायपुर में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश

रायपुर. छत्तीससगढ़ की राजधानी रायपुर में सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। आसमान में चारों ओर जमकर बादल छाये हुए हैं। हल्की-हल्की ठंडी हवायें चल रही हैं। रातभर सावन की झड़ी लगी रही और सुबह में झमाझम बारिश हो रही है। इस दौरान स्कूली बच्चे रेनकोट पहनकर और छाता लेकर स्कूल जाते हुए दिखे। रायपुर में करीब 13 दिनों से यही हालत है। रात और दिन रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में तीन-चार दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात पड़ने और कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में अब तक 603.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 603.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 02 अगस्त सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1435.0 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 258.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। अन्य जिलों में बारिश की स्थिति एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 393.0 मिमी, बलरामपुर में 623.5 मिमी, जशपुर में 421.8 मिमी, कोरिया में 443.7 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 414.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। इसी प्रकार, रायपुर जिले में 521.6 मिमी, बलौदाबाजार में 663.5 मिमी, गरियाबंद में 620.9 मिमी, महासमुंद में 465.8 मिमी, धमतरी में 641.1 मिमी, बिलासपुर में 568.2 मिमी, मुंगेली में 626.6 मिमी, रायगढ़ में 488.0 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 271.8 मिमी, जांजगीर-चांपा में 542.1 मिमी, सक्ती 444.2 कोरबा में 736.6 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 529.0 मिमी, दुर्ग में 380.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 483.9 मिमी, राजनांदगांव में 682.2 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी में 811.9 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 462.2 मिमी, बालोद में 758.7 मिमी, बेमेतरा में 372.0 मिमी, बस्तर में 711.6 मिमी, कोण्डागांव में 697.4 मिमी, कांकेर में 889.4 मिमी, नारायणपुर में 777.4 मिमी, दंतेवाड़ा में 830.4 मिमी और सुकमा जिले में 958.3 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई। recent visitors 82

ईरान का इजरायल पर होगाजोरदार हमला… एक्सपर्ट ने नेतन्‍याहू को दी चेतावनी, बड़ी तैयारी में शिया मुल्‍क

तेहरान  ईरान और इजरायल के बीच तनाव इस समय चरम पर है। हानिया पर हमले के बाद ईरान की से बदले की कार्रवाई हो सकती है। ईरान के हमले के अंदेशे को देखते हुए इजरायल और उसका खास सहयोगी अमेरिका तैयारी कर रहे हैं। इस बीच रक्षा एक्सपर्ट ने दावा किया है कि ईरान का इजरायल पर ये हमला इसी साल अप्रैल में हुए अटैक से बड़े स्तर पर होगा। ईरान ने इस साल अप्रैल में इजरायल पर सैकड़ों की तादाद में मिसाइल और ड्रोन दागे थे। दावा किया जा रहा है कि इस दफा ईरान इससे कहीं बड़े हमले की योजना बना रहा है। द सन की रिपोर्ट कहती है कि इस्माइल हानिया की बाद ईरान अपना बदला लेने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईडीएफ को उसके पड़ोसी देशों में ईरान की ओर से 170 ड्रोन, 30 क्रूज मिसाइल और 120 बैलिस्टिक मिसाइलें भेजे जाने की सूचना मिली है। एक्सियोस ने अमेरिकी जासूसों के हवाले से कगहा है कि ईरान कुछ ही दिनों में इजरायल पर हमला करेगा। लेबनान की राजधानी बेरूत में अपने वरिष्ठ कमांडर की हत्या के बाद हिजबुल्लाह भी इजरायल पर हमला कर सकता है और वह ईरान के साथ इसमें शामिल होगा। अमेरिका ने माना- आने वाले दिन हो सकते हैं मुश्किल रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका अपने सहयोगी इजरायल की सुरक्षा के लिए सावधानी बरत रहा है और उसे लगता है कि आने वाले दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। इजरायल के अधिकारियों भी मानना है कि ईरान उनके देश पर बड़ा मिसाइल हमला करेगा। पूर्व इजरायली खुफिया अधिकारी एवी मेलमेड ने कहा कि हमला ईरान के किसी प्रॉक्सी जैसे हिजबुल्लाह, इराक में शिया मिलिशिया या यमन में हौथियों के माध्यम से हो सकता है। उन्होंने कहा कि हमले में साइबर हमला शामिल हो सकता है।  ईरान की सेना अब इजरायल पर सबसे बड़े हमले की तैयारी कर रही है। इस हमले की जद में लेबनान भी आ सकता है जहां पर ह‍िज्‍बुल्‍ला के लड़ाके इजरायली इलाके में रॉकेट बरसा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान, हिज्‍बुल्‍ला, हूती तीनों मिलकर इजरायल पर एक साथ मिसाइल, रॉकेट और विस्‍फोटक ड्रोन से हमला बोल सकते हैं। इस खतरे को देखते हुए इजरायल भी नागरिकों से बम शेल्‍टर को साफ करने और सभी जरूरी सामान रखने के लिए कहा गया है। वहीं इस बड़े खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने इजरायल और लेबनान में रह रहे भारतीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दरअसल, इन 3 तीनों ही देशों में कुल मिलाकर 40 हजार भारतीय रहते हैं जो वहां नौकरी या पढ़ाई कर रहे हैं। दिल्‍ली से लेकर इजरायल तक भारत अलर्ट यही नहीं भारत में सभी राज्‍यों के पुलिस प्रमुखों को इजरायली नागरिकों और यहूदियों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि इजरायल की राजधानी तेलअवीव में अमेरिका के दूतावास को भी ड्रोन से निशाना बनाया गया था। इस हमले में 1 आम नागरिक की मौत हो गई थी। साल 2021 में इजरायल के नई दिल्‍ली स्थित दूतावास के पास क्रूड बम का एक विस्‍फोट हुआ था। 26 दिसंबर 2023 को इजरायली दूतावास के पास एक और धमाका हुआ था। इन हमलों के पीछे ईरानी गुटों पर आशंका जताई गई थी लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई थी। मिडिल ईस्ट में अमेरिका कर रहा हथियारों की तैनाती पिछले हफ्ते मिडिल ईस्ट में क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बाद पेंटागन ने शुक्रवार को ऐलान किया कि अमेरिका मध्य पूर्व में एक अतिरिक्त लड़ाकू स्क्वाड्रन तैनात कर रहा है. साथ ही ऐलान किया गया है कि इजराइल की रक्षा और अमेरिकी सेना की सुरक्षा में मदद के लिए अतिरिक्त क्रूजर और विध्वंसक जहाज की भी तैनाती किया जाएगा. पेंटागन के प्रवक्ता ने कहा कि यूएसएस अब्राहम लिंकन विमानवाहक पोत मध्य पूर्व में यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट की जगह लेगा. हिज्बुल्लाह ने भी दी है अटैक की चेतावनी यूएन में ईरान के स्थायी मिशन ने चेतावनी दी है कि मंगलवार को लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह के एक टॉप कमांडर फुआद शुक्र की हत्या के जवाब में समूह इजरायल के अंदर "और बड़े और गहरे" नागरिक और सैन्य ठिकानों पर हमला कर सकता है. यह अभी स्पष्ट नहीं है कि क्या हिजबुल्लाह फिर से ईरान और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों द्वारा इजरायल पर एक साथ किए जाने वाले जवाबी हमले का हिस्सा होगा, या फिर वह अपना अलग हमला करेगा. कितना ताकतवर है हिज्बुल्लाह? माना जाता है कि हिजबुल्लाह के पास 150,000 मिसाइलों और रॉकेटों का भंडार है, जिनमें से कुछ लंबी दूरी तक मार करने वाली हैं. मसलन, अगर इतनी बड़ी संख्या में मिसाइलें छोड़ी जाती हैं तो इजरायल के आयरन डोम के लिए इसे इंटरसेप्ट करना मुश्किल हो जाएगा. लंबी दूरी की मिसाइलें इजरायल के अंदर ठिकानों को निशाना बनाने में कारगर है. इजरायली सेना, जो कि फिलहाल गाजा में है, ने दक्षिण और उत्तर में एक साथ दो मोर्चे पर जंग लड़ने में सक्षम नहीं होगी. recent visitors 82

ओलंपिक टेनिस: सिनियाकोवा और मचाक ने मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीता

पेरिस चेक गणराज्य की कैटरीना सिनियाकोवा और टॉमस मचाक ने शुक्रवार रात को यहां टाईब्रेकर तक खिंचे मैच में जीत दर्ज करके पेरिस ओलंपिक की टेनिस प्रतियोगिता का मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीता। सिनियाकोवा और मचाक ने फाइनल में चीन के वांग ज़िन्यू और झांग झिझेन को 6-2, 5-7, 10-8 से हराया। ओलंपिक युगल में मानक तीसरे सेट के बजाय टाईब्रेकर का उपयोग किया जाता है। इनमें से कम से कम दो अंक का अंतर रखकर पहले 10 अंक बनने वाली टीम विजेता बनती है। सिनियाकोवा का ओलंपिक में यह दूसरा स्वर्ण पदक है। उन्होंने तीन साल पहले तोक्यो ओलंपिक खेलों में बारबोरा क्रेजिसिकोवा के साथ मिलकर महिला युगल का स्वर्ण पदक जीता था। सिनियाकोवा युगल विशेषज्ञ हैं। उन्होंने कुल नौ ग्रैंड स्लैम ट्रॉफियां जीती हैं। कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोवस्की और फेलिक्स ऑगर अलियासिमे ने मिश्रित युगल का कांस्य पदक जीता। उन्होंने नीदरलैंड की डेमी शूअर्स और वेस्ले कूलहोफ को 6-3, 7-6 (2) से हराया। recent visitors 86

तीरंदाज धीरज और अंकिता की मिश्रित भारतीय जोड़ी एतिहासिक उपलब्धि से खुश, पदक हारने से दुखी

पेरिस भारत के धीरज बोम्मादेवरा और अंकिता भकत की मिश्रित तीरंदाजी जोड़ी यहां पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक के मैच में अमेरिकी जोड़ी से हारकर पदक से चूक गई जिसके बाद उन्होंने कहा कि पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचना ऐतिहासिक था लेकिन पदक से चूकना निराशाजनक रहा। जब धीरज और अंकिता की मिश्रित टीम जोड़ी ने नौ ओलंपिक में पहली बार अंतिम चार में प्रवेश किया तो भारत ने तीरंदाजी में यह एतिहासिक उपलब्धि हासिल की। लेकिन दक्षिण कोरियाई जोड़ी से हारने के बाद यह जोड़ी कांस्य पदक के प्लेऑफ में पहुंची जिसमें उन्हें अमेरिका से हार का सामना करना पड़ा। धीरज ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से जब आप चौथे स्थान पर होते हैं तो पदक से बस एक कदम पीछे होते हैं। यह बहुत दुखद लगता है।। लेकिन हम एक तरह से यह भी सोच रहे हैं कि हम अभी तक चौथे स्थान तक भी नहीं पहुंचे थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मतलब है कि हम कभी शीर्ष चार में भी नहीं पहुंचे थे तो यह हमारे लिए अच्छी बात है कि हम पिछले कुछ ओलंपिक से सुधार कर रहे हैं। और चाहे वह मिश्रित टीम स्पर्धा हो, टीम स्पर्धा हो, व्यक्तिगत स्पर्धा हो, हम सभी ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया।’’ हांग्झोउ एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली पुरुष रिकर्व टीम के सदस्य 22 वर्षीय धीरज ने कहा, ‘‘भले ही यह ओलंपिक सभी के लिए बहुत अलग मंच हो लेकिन हमने वैसा ही प्रदर्शन किया जैसा हम आमतौर पर विश्व कप में करते हैं। इस बार पदक जीतने में हमारी कमी रही। निश्चित रूप से हम अपनी कमियों पर काम करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह हार बहुत दर्दनाक है, लेकिन यह हमें अंदर से मजबूत करेगी।’’ अंकिता ने कहा कि हालांकि वह दबाव संभालने में सफल रहीं लेकिन हवा के कारण टीम पदक से चूक गई। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने थोड़ा दबाव लिया। जैसे जैसे हम आगे बढ़ रहे थे, मैं पदक की उम्मीद लगाये थी। इसलिये थोड़ा दबाव था। थोड़ी हवा भी चल रही थी जिससे मैं खुद को नियंत्रित नहीं कर सकी।’’ उन्होंने कहा कि वह खुश भी हैं और दुखी भी क्योंकि इतिहास में पहली बार उन्होंने अंतिम चार में जगह बनाई लेकिन पदक से चूक गये। खेलों के अनुभव पर अंकिता ने कहा, ‘‘मैं बहुत अच्छा महसूस कर रही हूं क्योंकि हम पहली बार यहां तक पहुंचे। मुझे थोड़ा दुख भी हो रहा है। कि हम यहां तक पहुंचने के बावजूद भी पदक नहीं जीत पाए। लेकिन यह अच्छा है कि हम धीरे धीरे सुधार कर रहे हैं। और हम भविष्य में और भी बेहतर करेंगे।’’ एथलेटिक्स : भारत की अंकिता और पारूल महिलाओं की 5000 मीटर रेस में 20वें और 14वें स्थान पर  भारत की अंकिता और पारूल चौधरी पेरिस ओलंपिक की एथलेटिक्स स्पर्धा में महिलाओं की 5000 मीटर रेस में क्रमश: 20वें और 14वें स्थान पर रहकर फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर सकीं। अंकिता ने हीट वन में 16 : 19. 38 का समय निकाला और वह आखिरी स्थान पर रही। वहीं पारूल ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 15 : 10.68 का समय निकाला लेकिन 20 धावकों में 14वें स्थान पर रही। दोनों हीट से शीर्ष आठ आठ ने फाइनल के लिये क्वालीफाई किया।     recent visitors 97