Friday, July 10, 2026 8:24 am

हर घर तिरंगा श्रृंखला में आज विशाल तिरंगा रैली आयोजित की गई

 दमोह दमोह के तहसील ग्राउंड मैदान से मंगलवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 78 फीट लंबे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों की संख्या में छात्रों की मौजूदगी रही जो तिरंगे को लेकर चल रहे थे। तिरंगा रैली तहसील मैदान से रवाना होकर और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस तहसील ग्राउंड पहुंची। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री और दमोह विधायक जयंत मलैया, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के अलावा प्रशासनिक अधिकारियो की मौजूदगी रही। बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। जिसके चलते दमोह के तहसील ग्राउंड मैदान से यह तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में शामिल हुए दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि यह देश की आजादी का पर्व है, इसलिए देश के प्रत्येक व्यक्ति को पूरे उत्साह और उमंग के साथ शामिल होना चाहिए। प्रधानमंत्री के आह्वान पर हमें अपने घर पर तिरंगा लहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने कहा दमोह जिले में भी 9 अगस्त से लगातार कार्यक्रम किये जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में 13 अगस्त मंगलवार को एक विशाल तिरंगा रैली आयोजित की गई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी, एनसीसी कैडेट्स, पुलिस के जवान, सामाजिक संगठनों के अलग-अलग सेवाभावी सदस्य और आम जनता सभी लोग शामिल हुए है।   recent visitors 61

भोपाल की जैव विविधता को जानने के लिए भोज वेटलैंड में तितलियां की गणना शुरू

भोपाल  झीलों की नगरी भोपाल की जैव विविधता को जानने के लिए भोज वेटलैंड में तितलियां की गणना शुरू हो गई है। यह गणना बारिश के मौसम में शुरू होती है, जो कि नवबंर तक जारी रहती है। वन विहार में भोपाल बर्ड्स के तत्वावधान मे तितली सर्वे का पहला चरण आयोजित किया गया। इस सर्वे में तितलियों की 27 प्रजातियों को चिह्नित किया गया। इस सर्वे में तितलियों पर कार्य करने वाले शोधकर्ताओं, विधार्थियों एवं विज्ञानियों ने भाग लिया। वन विहार के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभागियों द्वारा आयोजित यह सर्वे पोलार्ड वाक पद्धति से किया। सर्वे के बाद उद्यान में पाई जाने वाली विभिन्न प्रजातियों एवं उनकी संख्या को एकत्रित कर रिपोर्ट बनाने कार्य किया जाएगा। सर्वे की यह खासियत राष्ट्रीय उद्यान के तितली सर्वे के प्रथम चरण में लगभग 27 प्रजातियों को चिह्नित किया गया। इस सर्वे की खास बात यह है कि इसमें तितलियों के जीवन चक्र जैसे अंडे, कैटरपिलर, प्यूपा आदि को भी क्षेत्र वार चिह्नित किया जा रहा है एवं इनके होस्ट और नेक्टर प्लांट की सूची भी तैयार की जा रही है। सर्वे में स्रोत व्यक्ति के रूप में डा. संगीता राजगीर एवं मो. खालिक उपस्थित रहे। इस दौरान सुनील कुमार सिन्हा, सहायक संचालक, वन विहार राष्ट्रीय उद्यान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। ये प्रजातियां चिह्नित कॉमन टाइगर, स्ट्राइप टाइगर, कामन क्रो, कामन ग्रास येलो, कामन जेजेबेल, पीकॉक पेन्सी, कॉमन लेपर्ड, डिनाइड एग फ्लाई, लाइम बटरफ्लाई, पायनियर, कामन एमिग्रेंट, बेरोनेट, येलो पैन्सी, ब्लू पैन्सी, ग्रे पैन्सी, त्वानी कोस्टर, कामन फोर रिंग, साइक आदि। recent visitors 70

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया तिरंगा यात्रा को रवाना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया तिरंगा यात्रा को रवाना मुख्यमंत्री ने भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वेश में आए बच्चों को किया दुलार भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भारत माता चौराहे से निकाली जा रही तिरंगा यात्रा का तिरंगा लहराकर एवं आसमान में तिरंगे गुब्बारे छोड़कर शुभारंभ किया। उन्होंने भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। विधायक भगवान दास सबनानी कार्यक्रम में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत माता के वेश में आयी बालिका को तिरंगा सौंपते हुए उसे दुलार किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में आए स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित किया। भारत माता चौराहे से शौर्य स्मारक तक निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, वरिष्ठ जन, महिलाएं तथा बच्चे शामिल थे। भारत माता की जय के उद्घोष के साथ देशभक्ति की धुन पर तिरंगा लहराते युवा राष्ट्र प्रेम की भावना का संचार कर रहे थे। जन-जन के अभियान के रूप में अपने गंतव्य की ओर अग्रसर यात्रा से क्षेत्र का वातावरण उत्साह और उमंग से परिपूर्ण था।   recent visitors 79

UP के 15 सिनेमाघरों में फ्री दिखाई जाएंगी फिल्में, जानें- कैसे मिलेगा टिकट, देखें लिस्ट

 लखनऊ स्वतंत्रता दिवस पर लखनऊ के सिनेमा घरों में  फिल्में दिखाई जाएगी.  डीएम सूर्यपाल गंगवार ने नि:शुल्क फिल्म दिखाने का निर्देश दिया है. 15 अगस्त पर राजधानी के लोग देशभक्ति फिल्मों का आनंद उठा सकेंगे. सिनेमा पहले में टिकट के लिए आपको पहले पहुंचना होगा. जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि – राष्ट्रीय पर्व "स्वतन्त्रता दिवस-2024" पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जनपद में संचालित मल्टीप्लेक्सेज में देशभक्ति फिल्मों का निःशुल्क प्रदर्शन किया जाना प्रस्तावित है. उक्त के क्रम में जनपद के मल्टीप्लेक्सेज में स्कूल के बच्चों एवं जन सामान्य हेतु हिन्दी फीचर फिल्म का निःशुल्क प्रदर्शन, प्रथम-आगत-प्रथम-पावत (First come first serve) के आधार पर किया जायेगा. यहां देख सकेंगे फिल्में- 1- वेव मल्टीप्लेक्स, गोमतीनगर 2- सिनेपोलिस, वनअवध सेन्टर गोमतीनगर 3- सिनेपोलिस फन रिपब्लिक, गोमती नगर 4-PVR सहारागंज 5- PVR सिंगापुर मॉल, गोमतीनगर 6 -PVR फिनिक्स, आलमबाग 7 -PVR लूलू मॉल, सुशांत गोल्फ सिटी 8 -INOX गार्डेन गलेरिया मॉल, तेलीबाग 9 -INOX उमराव, निशातगंज 10- INOX क्राउन, चिनहट, फैजाबाद रोड 11- INOX एमराल्ड, आशियाना 12- INOX प्लासियो, गोमतीनगर विस्तार 13 -मूवीमैक्स आलमबाग बस अड्डा 14- अन्तास डी.डी. सिनेमा, गोमतीनगर विस्तार 15- एस.आर.एस. सिनेमा, गोमतीनगर सभी सिनेमा घरों में फाइटर मूवी दिखाई जाएगी. थिएटर में सरकारी स्कूल के बच्चों के लिए भी सीट आरक्षित की गई है.  दिव्यांग, स्कूली बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीटें आरक्षित की गईं हैं. कुल सीटों की संख्या में 30 फीसदी सीनियर सिटीजन, 30 फीसदी स्कूल कॉलेज के बच्चे, 30 फीसदी जन सामान्य और 10 फीसदी दिव्यांग हेतु आरक्षित है. डीएम द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि किसी प्रकार की जानकारी हेतु सहायक आयुक्त, राज्य कर एस.सी.सिंह बिसेन (मोबाइल नं0 7376113756) एवं राज्य कर अधिकारी पीयूष कुमार यादव (मोबाइल नं0 9450730345), पंकज रावत (मोबाइल नं0 9519442055), अमित कुमार प्रथम (मोबाइल नं0 8112445694) व अमित कुमार द्वितीय (मोबाइल नं0 9559290999) से सम्पर्क किया जा सकता है. जिन 15 सिनेमाघरों में फ्री फिल्में दिखाईं जानी हैं उसमें सिनेपोलिस फन रिपब्लिक और पीवीआर फिनिक्स आलमबाग, बेसिक विभाग के स्कूली बच्चों के लिए आरक्षित है.   recent visitors 149

आसाराम निकले जेल से बाहर, राजस्थान HC ने दी 7 दिन की पैरोल

जोधपुर यौन उत्पीड़न के मामले में जोधपुर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आसाराम को राजस्थान हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने उपचार के लिए आसाराम की 7 दिन की पैरोल मंजूर की है. वह 1 सितंबर, 2013 से जेल में बंद है और अब करीब 11 साल बाद पैरोल पर बाहर आएगा. यह पहली बार है जब आसाराम की पैरोल मंजूर हुई है. वह पुलिस कस्टडी में इलाज के लिए महाराष्ट्र जाएगा. राजस्थान हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी की खंडपीठ ने उसकी अंतरिम पैरोल को मंजूर दी. आसाराम की कुछ दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. उसने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे जोधपुर एम्स में भर्ती कराया था. यहां मेडिकल चेकअप के बाद उसे इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया था. वह 10 अगस्त से जोधपुर एम्स में भर्ती है. आसाराम की तबीयत खराब होने और जोधपुर एम्स में भर्ती होने की खबर सार्वजनिक होते ही, अस्पताल के बाहर उसके समर्थकों की भीड़ लग गई थी. आसाराम को 2018 में जोधपुर की एक विशेष POCSO अदालत ने नाबालिग के साथ बलात्कार का दोषी ठहराया था और आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. आसाराम 2 सितंबर 2013 से जेल में है. लड़की ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि 15 अगस्त, 2013 की रात आसाराम ने उसे जोधपुर के पास मणाई स्थित अपने आश्रम में बुलाया और उसके साथ बलात्कार किया. पांच साल से अधिक समय तक चले ट्रायल के बाद पॉक्सो अदालत ने आसाराम को दोषी ठहराया था और आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. पिछले साल, गुजरात की एक अदालत ने आसाराम को 2013 में अपने सूरत आश्रम में एक महिला अनुयायी के साथ कई मौकों पर बलात्कार करने के लिए दोषी ठहराया था. आसाराम ने की थी सजा निलंबित करने की मांग इससे पहले भी 85 वर्षीय आसाराम ने बीमारी का हवाला देकर कई बार पैरोल की मांग की थी. गत 20 जून को उसने अदालत से 20 दिन की पैरोल की मांगी थी, लेकिन तब पैरोल कमेटी ने उसे राहत देने से इनकार कर दिया था. आसाराम ने मेडिकल ग्राउंड पर अपनी सजा निलंबित करने की मांग को लेकर राजस्थान हाई कोर्ट में भी एक याचिका दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था. हाई कोर्ट के फैसले को आसाराम ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. इस साल मार्च में शीर्ष अदालत ने राजस्थान हाई कोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वह उपचार की अनुमति मांगने के लिए राजस्थान उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकता है. आसाराम का बेटा नारायण साईं भी जेल में है बंद बता दें कि आसाराम का बेटे नारायण साईं भी रेप केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है. सूरत की रहने वाली एक महिला ने उस पर 2002 से 2005 के बीच शोषण और बार-बार बलात्कार करने का आरोप लगाते हुए जहांगीरपुरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई थी. वह दो महीने तक गिरफ्तारी से बचता रहा और 4 दिसंबर 2013 को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर दिल्ली, गुजरात, पंजाब और हरियाणा पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार हुआ. सूरत की एक अदालत ने 26 अप्रैल 2019 को, नारायण साईं को बलात्कार, अप्राकृतिक यौन संबंध, हमला, आपराधिक धमकी और साजिश रचने का दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.   recent visitors 73

बांग्लादेश की पूर्व PM शेख हसीना के खिलाफ किराना मालिक की हत्या का केस दर्ज

ढाका बांग्लादेश में शेख हसीना के खिलाफ केस दर्ज होने की शुरुआत हो गई है. हालांकि, उनके खिलाफ अभी एक किराना दुकानदार की हत्या का मामला दर्ज किया गया है. दरअसल, 19 जुलाई को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के मोहम्मदपुर इलाके में पुलिस ने फायरिंग की थी. ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक गोलीबारी में मोहम्मदपुर के किराना दुकान मालिक अबू सईद की मौत हो गई थी. इस मामले में ही अब बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना को आरोपी बनाया गया है. शेख हसीना के अलावा इस केस में 6 अन्य आरोपी भी हैं. शेख हसीना की पार्टी के लीडर भी आरोपी पूर्व पीएम के अलावा शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग के महासचिव ओबैदुल कादर, पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल, पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) चौधरी अब्दुल्ला अल मामून, डिटेक्टिव ब्रांच के पूर्व चीफ हारुनोर रशीद, डीएमपी पुलिस के पूर्व आयुक्त हबीबुर रहमान के साथ पूर्व डीएमपी संयुक्त आयुक्त बिप्लब कुमार सरकार को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है. सरकारी अधिकारियों के खिलाफ भी केस सिर्फ शेख हसीना और उनकी पार्टी के लोग ही नहीं, बल्कि पुलिस के कई अधिकारियों के अलावा सरकारी अधिकारी भी इस हत्या के मामले में आरोपी हैं. मर्डर केस का मुकदमा मोहम्मदपुर निवासी आमिर हमजा शातिल ने ढाका मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट राजेश चौधरी की अदालत में दर्ज कराया है. आरक्षण विरोधी आंदोलन पर की थी गोलीबारी हत्या से जुड़ा यह मामला आरक्षण के खिलाफ बांग्लादेश में हुए आरक्षण से जुड़ा है. दरअसल, 19 जुलाई को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बोसिला इलाके में आरक्षण के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा था. आंदोलन समर्थक इस दौरान एक विशाल जुलूस निकाल रहे थे. इस जुलूस पर पुलिस ने गोलीबारी की थी, जिसमें अबू सईद की मौत हो गई थी. इस मामले में ही शेख हसीना सहित तमाम सरकारी अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है. बांग्लादेश में कैसे हुई आंदोलन की शुरुआत? बता दें कि बांग्लादेश की सरकारी नौकरियों में उन लोगों के परिवार को आरक्षण मिलता था, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ आजादी की लड़ाई में भूमिका निभाई है. इस कोटे के खिलाफ ही वहां उग्र प्रदर्शन शुरू हो गए. शेख हसीना ने रणनीति और बल दोनों से इस आंदोलन को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनके दोनों ही प्रयास विफल रहे. आखिर में उन्होंने प्रदर्शनकारियों की सभी मांगे मान लीं, लेकिन प्रदर्शनकारी उनके इस्तीफे पर अड़ गए. प्रदर्शनकारियों की मांग मानते हुए शेख हसीना इस्तीफा देकर चुपचाप भारत चली आईं, तब से लेकर अब तक वह भारत में ही हैं. 5 अगस्त को हसीना सरकार के पतन के बाद देश भर में भड़की हिंसा की घटनाओं में बांग्लादेश में 230 से अधिक लोग मारे गए, जिससे जुलाई के मध्य में आरक्षण विरोधी प्रदर्शनों के शुरू होने के बाद से मरने वालों की संख्या 560 हो गई. हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद एक अंतरिम सरकार का गठन किया गया और इसके मुख्य सलाहकार, 84 वर्षीय नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस ने पिछले सप्ताह अपने 16 सदस्यीय सलाहकार परिषद के विभागों की घोषणा की. द डेली स्टार अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को अवामी लीग की कट्टर प्रतिद्वंद्वी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) सहित सात राजनीतिक दलों ने यूनुस से अलग-अलग मुलाकात की और कहा कि अंतरिम सरकार स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए आवश्यक समय ले सकती है. रिपोर्ट में बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के हवाले से कहा गया है कि हमने इस अंतरिम सरकार को चुनाव कराने के लिए उचित माहौल बनाने के लिए आवश्यक समय दिया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव पर चर्चा नहीं की और बीएनपी ने अगले चुनाव कराने के लिए कोई विशिष्ट समय सीमा का उल्लेख नहीं किया. उन्होंने कहा कि बीएनपी अंतरिम सरकार की सभी गतिविधियों को अपना पूरा समर्थन दे रही है. सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि पार्टी ने यूनुस से पार्टी अध्यक्ष खालिदा जिया और कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान सहित अपने नेताओं के खिलाफ सभी मामलों को वापस लेने का आग्रह किया. हसीना के निष्कासन के बाद 79 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री जिया को जेल से रिहा कर दिया गया था. उन्हें 2018 में भ्रष्टाचार के लिए 17 साल जेल की सजा सुनाई गई थी.   recent visitors 92

मुख्यमंत्री ने भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय से तिरंगा रैली को किया रवाना

प्रधानमंत्री मोदी ने तिरंगा लहराने को बनाया जन-जन का अभियान – मुख्यमंत्री डॉ. यादव “आजादी के रंग – खाकी के संग” थीम पर प्रदेश में पुलिस परिवार मना रहा है हर घर तिरंगा- मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री ने भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय से तिरंगा रैली को किया रवाना 300 से अधिक बाइकर्स ने राजधानी के मार्गों पर दिया राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आरंभ हुए “हर घर तिरंगा” अभियान से पूरा देश नए उत्साह और उमंग से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के समय से आम आदमी द्वारा तिरंगा फहराने के संबंध में विशेष छूट दिलवाई थी। इसी का परिणाम है अब तिरंगा लहराना पूरे देश में जन-जन का अभियान बन गया है। हर घर तिरंगा अभियान में राज्य सरकार, केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। नगरीय निकाय, पंचायती राज संस्थाएं भी इस दिशा में सक्रिय हैं। हम सब अपने घर पर पवित्र तिरंगा लगाए और इसकी मर्यादा का भी ध्यान रखें। यही हमारी क्रांतिकारी, शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल पुलिस की तिरंगा रैली का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे। ग्राम-नगर रक्षा समिति, सामाजिक संगठनों के सदस्य और विद्यार्थी रैली में हुए शामिल मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय से तिरंगा ध्वज लहराकर तिरंगा रैली को रवाना किया। उन्होंने तिरंगे गुब्बारे भी आसमान में छोड़े। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगे झंडों से सजी पुलिस की वाहन रैली को देशभक्ति गीतों के बीच झंडी दिखाई। साथ ही नगर रक्षा समिति, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों द्वारा निकाली जा रही तिरंगा रैली को भी रवाना किया। तिरंगा रैली में 300 से अधिक बाइकर्स वर्दी में राजधानी के विभिन्न मार्गों पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने रवाना हुए। ग्राम रक्षा समिति, नगर रक्षा समिति, सामाजिक संगठनों के सदस्य और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए। पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने परिचयात्मक उद्बोधन में बताया कि पुलिस परिवार द्वारा “आजादी के रंग-खाकी के संग” थीम पर पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन जारी है। कार्यक्रम में विधायक भगवान दास सबनानी, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, अपर मुख्य सचिव गृह एस.एन. मिश्रा, पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे।   recent visitors 72