उत्तर प्रदेश ATS में तैनात महिला के साथ दबंगों ने की छेड़छाड़, पहले कपड़े फाड़े फिर जान से मारने की दी धमकी

 लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में महिला सिपाही के साथ छेड़खानी और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है. आरोप है कि इलाके के कुछ दबंगों ने सिपाही के घर में घुसकर उसके और पति के साथ बुरी तरह मारपीट की है. यहां तक कि सिपाही का कपड़ा तक फाड़ डाला है. इसके बाद उन दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए. इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला सिपाही और उसका पति यूपी एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) में तैनात हैं. 11 नवंबर को इलाके का एक दबंग अंकित यादव अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर में घुस गया. महिला को गाली देते हुए मारपीट करने लगा. बीच-बचाव करने आए पति को भी उन्होंने जमकर पीटा. इसके बाद आरोपी ने सिपाही के साथ छेड़खानी करते हुए कपड़े फाड़ डाले. इसी बीच कॉलोनी के लोगों के आने के बाद वो लोग घर से बाहर निकले. इस बीच पीड़ित दंपत्ति ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करने की कोशिश भी की, लेकिन दबंग उनके दरवाजे पर बैठे रहे. उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहे. उनके जाने के बाद पीड़ित कृष्णानगर थाने पहुंचे. उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2), 352, 351 (2), 191 (2), 74 और 332 (सी) के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर दबिश दे रही है. बताते चलें कि इसी साल अप्रैल में लखनऊ में ही एक महिला सिपाही के साथ छेड़खानी की घटना सामने आई थी. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इससे पहले लोगों ने उनकी जबरदस्त पिटाई भी की थी. आरोपी युवक महिला सिपाही का ड्यूटी से घर लौटते समय पीछा कर रहे थे और अश्लील इशारे कर रहे थे. विरोध करने पर महिला सिपाही को धमकाते हुए भाग रहे थे. लेकिन शोर मचाने पर राहगीरों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद उनकी जबरदस्त धुनाई कर दी. लखनऊ के बाजार खाला थाना थाने में तैनात महिला सिपाही रात में सिविल ड्रेस में स्कूटी से राजाजीपुरम स्थित अपने घर जा रही थी. इस दौरान एमआईएस चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने उस पर अश्लील कमेंट पास करना शुरू कर दिया. महिला द्वारा खुद को सिपाही बताने के बाद भी उन्होंने अपनी हरकत जारी रखी और धमकाते हुए भागने लगे. महिला सिपाही ने भी शोर मचाते हुए उनका पीछा शुरू कर दिया.   recent visitors 77

पहले दिन अनुश्रुति वृंद, विदुषी सुलेखा भट्ट और पं. संजू सहाय की प्रस्तुति

आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का माध्यम है संगीत – राज्य मंत्री लोधी दो दिवसीय पं. नन्दकिशोर शर्मा स्मृति समारोह का किया शुभारंभ पहले दिन अनुश्रुति वृंद, विदुषी सुलेखा भट्ट और पं. संजू सहाय की प्रस्तुति भोपाल संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा है कि दार्शनिक और आध्यात्मिक परम्परा में संगीत का बहुत महत्व है। संगीत हमारी परम्परा का अभिन्न अंग है। यह आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का माध्यम है। संगीत की उत्पत्ति ब्रह्म जी ने की थी। उन्होंने इसका ज्ञान शिव जी को, शिव जी ने सरस्वती जी को, सरस्वती जी ने नारद जी को और फिर गंधर्व और अप्सराओं को संगीत का ज्ञान प्राप्त हुआ। राज्य मंत्री लोधी भारत भवन के अंतरंग सभागार में पं. नन्द किशोर शर्मा स्मृति समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लोधी ने कहा कि वेद हमारी संस्कृति और परम्परा के आधार हैं, जिसमें सामवेद संगीत को समर्पित है। ईश्वर की उपासना का सबसे सरल माध्यम संगीत है। संगीत के सातों स्वर वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित हैं। प. नंदकिशोर शर्मा का नाम अनहद के आकाश में प्रकाश की तरह है, जो कई पीढ़ियों को प्रकाशवान करेगा। वे संगीत के सच्चे साधक थे, जिन्होंने संपूर्ण जीवन संगीत को समर्पित कर दिया। राज्य मंत्री लोधी ने संगीत को समर्पित महान विभूति नन्द किशोर शर्मा को नमन किया। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के लिए उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद्, भोपाल द्वारा सुप्रसिद्ध संगीतकार पं. नन्दकिशोर शर्मा की स्मृति में दो दिवसीय भारतीय शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य पर केन्द्रित कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में संचालक संस्कृति एन.पी. नामदेव और अकादमी की निदेशक सुवंदना पाण्डेय भी विशेष रूप से उपस्थित रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन कर पारम्परिक तरीके से किया गया। इस अवसर पर पं. नंदकिशोर शर्मा के भाई गौरीशंकर शर्मा का विशेष रूप से स्वागत व सम्मान किया गया। कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति परम्परागत रूप से अनूप शर्मा के निर्देशन में अनुश्रुति वृन्द के कलाकारों द्वारा वंदना प्रस्तुत कर की गई, जिसकी रचना पं. नन्दकिशोर शर्मा ने की थी। सर्वप्रथम सरस्वती वंदना ''मां शारदे वर दे हमें तेरे चरण का प्यार दे'' थी और इसके बाद गुरु वंदना ''गुरु देव शत-शत करूं चरण वंदन'' प्रस्तुत कर श्रोताओं को आत्मविभोर कर दिया। इस प्रस्तुति में विपिन पौराणिक, सोपान अंबाकेलकर, सत्यम शर्मा, अजीम अहमद, रविन्दर, सुवंदना दुबे, सुविनीता चौहान, सुवारूणी शर्मा, सुअंतरा वरनेनकर और सुसुहानी सिंह ने गायन किया। वहीं, शशांक मिश्रा ने तबले पर एवं अनूप शर्मा ने हारमोनियम पर संगत की।   पं. नन्दकिशोर शर्मा स्मृति समारोह की पहली शाम की दूसरी सभा एकल तबला वादन की रही। मंच पर नमूदार थे बनारस तबला घराने के सुप्रसिद्ध तबला वादक पण्डित संजू सहाय। अपने परिवार की छठवीं पीढ़ी के अव्वल दर्जे के तबला वादक संजू सहाय देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के संगीतज्ञों के साथ मंच साझा कर चुके हैं। इस समारोह में भारत भवन के मंच पर वे भोपाल के अपने चाहने वालों से चेहरे पर मुस्कुराहट और शब्दों में प्रेम लिए मिले। पं. संजू सहाय ने प्रस्तुति के लिए तीन ताल को चुना। बनारस घराने की पारम्परिक बंदिशों को अपनी उंगलियों के जादू से कुछ इस तरह पेश किया कि सुनने वालों ने अपनी आत्मा में सदियों पुरानी थाप, सुखद अनुभव और सुदीर्घ साधना को महसूस किया। उनके साथ सुविख्यात संगीतज्ञ पं. धर्मनाथ मिश्रा ने हारमोनियम पर संगत की। अंतिम प्रस्तुति भोपाल की सुप्रसिद्ध गायिका विदुषी सुलेखा भट्ट एवं साथी कलाकारों के गायन की रही। उन्होंने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत के लिए राग नंद का चयन किया। मधुरता और सौंदर्यता से भरपूर इस राग में सुलेखा भट्ट ने मध्य लय रूपक ताल की बंदिश ''ढूंढू बारे सैंया'' प्रस्तुत की। इसके बाद विदुषी सुलेखा भट्ट ने जब तीन ताल में द्रुत बंदिश ''पायल मोरी बाजे'' खनकती आवाज में पेश की, तो रसिक श्रोता राग के अनुराग में डूब गए। अंत में उन्होंने कबीर भजन ''सुनता है गुरुज्ञानी'' प्रस्तुत करते हुए अपनी प्रस्तुति को विराम दिया। विदुषी सुलेखा भट्ट के साथ तबले पर डॉ. अशेष उपाध्याय, हारमोनियम पर पुणे के उपेंद्र सहस्त्रबुद्धे और सुकौशिका सक्सेना एवं सुरितु पटेल ने तानपुरे पर संगत की। समारोह में आज समारोह में 14 नवम्बर, 2024 को कविता शाजी एवं साथी, भोपाल द्वारा मोहिनीअट्टम समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी। इसके बाद डॉ. अविनाश कुमार, दिल्ली की गायन एवं शाहिद परवेज खान, पुणे सितार वादन की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस संगत कलाकार के रूप में तबला पर हितेन्द्र दीक्षित, हाफिज अहमद अलवी एवं हारमोनियम पर दीपक खसरावल रहेंगे। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।   recent visitors 132

उज्जैन सिंहस्थ महाकुंभ-2028 के शांति एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए मध्यप्रदेश पुलिस की तैयारियां गति पकड़ रही

उज्जैन उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ-2028 के शांति एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए मध्यप्रदेश पुलिस की तैयारियां गति पकड़ रही हैं। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने बुधवार 13 नवंबर को पुलिस मुख्यालय भोपाल में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वृहद बैठक कर कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में उज्जैन आईजी तथा एसपी भी उपस्थित रहे। बैठक में विशेष रूप से सरबजीत सिंह सेवानिवृत्‍त विशेष पुलिस महानिदेशक जो सिंहस्‍थ-2004 में आईजी उज्‍जैन तथा सिंहस्‍थ 2016 में विशेष पुलिस महानिदेशक इंटेलीजेंस के पद पर रहे तथा उपेन्‍द्र जैन विशेष पुलिस महानिदेशक जो सिंहस्‍थ- 2004 में उज्‍जैन एसपी रहे और मनोहर वर्मा सेवानिवृत्‍त आईपीएस जो सिंहस्‍थ-2016 में एसपी उज्‍जैन रहे, ने अपने अनुभव साझा किए। डीजीपी सक्सेना ने कहा कि उज्जैन में होने वाला सिंहस्थ महाकुंभ – 2028 विश्व का सबसे वृहद धार्मिक – सांस्कृतिक आयोजन होगा। करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों का आगमन इस दौरान होगा। अतः सुव्‍यवस्थित यातायात और सुरक्षा के इंतजाम भी इसके अनुकूल हों। उन्होंने कहा कि क्राउड कंट्रोल और क्राउड मैनेजमेंट सिस्‍टम बहुत ही सुदृढ़ होना चाहिए। क्राइम कंट्रोल, एंटी नेशनल एलिमेंट कंट्रोल तथा टेरेरिस्‍ट गतिविधियों पर सजग निगाहें रखना जरूरी है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में लगे सभी व्यक्तियों की परस्पर संचार व्यवस्था तथा अन्य विभागों से भी अच्छा सम्पर्क और समन्‍वय होना अत्यावश्यक है। ड्रोन कैमरों तथा सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था और 24×7 मॉनीटरिंग हेतु डेडिकेटेड कार्मिक होना बहुत जरुरी है। डीजीपी सक्‍सेना ने बैठक में इन बिंदुओं पर विस्‍तार से चर्चा की। सुरक्षा व्यवस्था इस बार सिंहस्थ में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं। मेले की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, और फेस रिकग्निशन तकनीक का उपयोग किया जाए। साथ ही, मेला क्षेत्र में मोबाइल पुलिस चौकियाँ स्थापित की जाएं। पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे पुलिस गश्त रहेगी और एंटी-टेरर स्क्वॉड तथा बम निरोधक दस्ते को भी तैनात किया जाए। विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष दल तैनात किए जाएं। पुलिस और अन्य विभागों के बीच निर्बाध संचार सुनिश्चित करने के लिए एडवांस वायरलेस सिस्टम और कमांड सेंटर का उपयोग किया जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए QRT, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें हर समय तैयार रखें। डीजीपी ने कहा कि बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। इनके लिए विशेष सहायता केंद्र और मेला क्षेत्र में नजदीकी पार्किंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सिंहस्थ मेला क्षेत्र को विभिन्न ज़ोन और सेक्टर में विभाजित किया जाए। प्रत्येक सेक्टर में एक प्रभारी अधिकारी तैनात होगा, जो सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा। ट्रैफिक व्यवस्था इस बार ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न रूट प्लान बनाए जाएं। उज्‍जैन के नजदीकी जिलों को भी ट्रेफिक प्‍लान में सम्मिलित कर विस्‍तृत प्‍लान बनाएं। मेला क्षेत्र में वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाई जाएगी और सिटी बसों के साथ-साथ ई-रिक्शा की भी व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए मुख्य मार्गों पर सूचना केंद्र बनाए जाएंगे और रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन भी उपलब्ध कराया जाना प्रस्‍तावित है। उज्‍जैन के बाहरी क्षेत्रों में भी रेलवे स्‍टेशन तथा नजदीकी जिलों में भी व्‍यापक व्‍यवस्‍थाओं पर चर्चा की गई। विशेष प्रबंध पुलिस प्रशासन इस बार सिंहस्थ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी करेगा, जो 24×7 सक्रिय रहेगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पडेस्क और बाल सुरक्षा केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई जाए। इसके अलावा, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों को भी शामिल किया जाए। बैठक में उपस्थित सभी अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशकों ने अपनी-अपनी शाखाओं की सिंहस्‍थ की तैयारियों के संबंध में विस्‍तार से जानकारी दी। डीजीपी ने कहा कि उज्‍जैन पुलिस से समन्‍वय कर सभी शाखाएं अपनी विस्‍तृत कार्ययोजना बनाकर 15 दिवस में प्रस्‍तुत करना सुनिश्चित करें। हर ब्रांच अपना दायित्‍व, मेनपॉवर, ट्रेनिंग, परमानेंट स्‍ट्रक्‍चर, टेम्‍प्रेरी स्‍ट्रक्‍चर, उपकरण, वाहन तथा वर्तमान में संसाधनों की उपलब्‍धता और आवश्‍यकतानुसार बजट की मांग अपनी कार्ययोजना में सम्मिलित करें। पूर्व में उज्‍जैन सिंहस्‍थ महाकुंभ के दौरान कार्यरत् रहे सेवानिवृत्‍त आईपीएस सरबजीत सिंह ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि क्राउड मूवमेंट का विशेष ध्‍यान रखें। साथ ही टेली कम्‍यूनिकेशन में लेटेस्‍ट टेक्‍नोलॉजी का प्रयोग सुनिश्चित करना आवश्‍यक है। स्‍पेशल डीजी उपेन्‍द्र जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सभी विभागों से पुलिस का अच्‍छा समन्‍वय होना कार्य को आसान बना देता है एवं से.नि. आईपीएस मनोहर वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्‍नान घाट तकनीकी रूप से अच्‍छी प्‍लानिंग के अनुसार बनें तथा ट्रेफिक एवं महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए उज्‍जैन के पड़ोसी जिलों को भी कार्य योजना में शामिल किया जाए।     recent visitors 108

कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम में राज्य शूटिंग (शॉटगन) अकादमी की कु. मानसी

भोपाल वर्ल्ड यूनिवर्सिटी शूटिंग चौम्पियनशिप 9 से 13 नवंबर 2024 का आयोजन दिल्ली में किया गया। इस चौम्पियनशिप के स्कीट इवेन्ट में भारत को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। कांस्य पदक प्राप्त करने वाली 3 सदस्यीय भारतीय टीम में म.प्र. राज्य शूटिंग (शॉटगन) अकादमी की खिलाड़ी कु. मानसी रघुवंशी और कु. वंशिका तिवारी शामिल थी। तीसरी खिलाड़ी कु. यशस्वनी राठौर राजस्थान की खिलाड़ी है। प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक इटली की टीम को और रजत पदक स्लोवाकिया की टीम को मिला। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने चैम्पियनशिप में कांस्य पदक प्राप्त करने वाली भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी है। म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी के कुल 04 खिलाड़ियों ने विश्व यूनिवर्सिटी गेम्स 2024 में प्रतिभागिता की थी। सभी खिलाड़ियों ने पदक अर्जित किये है। यह विश्व शूटिंग चौम्पियनशिप में म.प्र.राज्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों का यह चौथा पदक है। प्रतियोगिता में 4-4 पदक अर्जित करने पर खेल मंत्री सारंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि यह परिणाम विभाग द्वारा दिये जा रहे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और उनकी कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने उम्मीद जताई हमारे खिलाड़ी इसी तरह विश्व स्तर पर प्रदेश और देश को गौरवान्वित करते रहेंगें। विश्व यूनिवर्सिटी गेम्स में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा 04 पदक प्राप्त किये गये। ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने 50 मी 3 पोजीशन राईफल इवेन्ट की व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक और टीम इवेन्ट स्वर्ण पदक, कु. नीरू ढांडा ने महिला स्कीट व्यक्तिगत इवेन्ट में रजत पदक तथा कु. मानसी एवं वंशिका ने महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त किया। खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 1 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक सहित कुल 4 पदक प्राप्त किये।   recent visitors 158

महेश्वर में अहिल्या बाई की 300वीं जन्म जयंती पर 15 नवम्बर से 17 नवम्बर तक निमाड़ उत्सव का आयोजन

भोपाल मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक एवं गौरवशाली प्रसिद्ध पर्यटन स्थल महेश्वर में लोकमाता अहिल्या बाई की 300वीं जन्म जयंती पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 15 नवम्बर से 17 नवम्बर तक निमाड़ उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को भव्य बनाने एवं इसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव के दौरान प्रतिदिन सांय 07 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे से नर्मदा रिसोर्ट सभागार में संगोष्ठी का आयोजन होगा। तीन दिवसीय निमाड़ उत्सव का शुभारंभ 15 नवंबर को उज्जैन के दिनेश शर्मा एवं सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक सुदेश भोसले द्वारा मां नर्मदा की सांगीतिक आरती के साथ होगा। इस दौरान सांयकाल में सुगम संगीत की प्रस्तुति मुम्बई के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक सुदेश भोसले एवं उनकी साथियों द्वारा दी जाएगी। दूसरे दिन 16 नवंबर को सायं 7 बजे निमाड़ गायन अंतर्गत लोककण्ठ की प्रस्तुति मनीषा शास्त्री, राखी बांके, सोनाली ढाकसे, विकास शुक्ला एवं साथी कलाकारों द्वारा दी जाएगी। गणगौर नृत्य की प्रस्तुति खण्डवा की साधना उपाध्याय एवं साथियों द्वारा, बैगा जनजाति के करमा नृत्य की प्रस्तुति डिण्डोरी के दयाराम एवं साथियों द्वारा, छाऊ नृत्य की प्रस्तुति रांची की सृष्टिघर महतो एवं साथी कलाकारों द्वारा, भांगड़ा और मलवाई गिद्दा नृत्य की प्रस्तुति पटियाला के मनेन्द्र सिंह एवं साथी कलाकारों द्वारा और गोटीपुआ नृत्य की प्रस्तुति उड़ीसा की चन्द्रमणि प्रधान व साथी कलाकारों द्वारा दी जाएगी। इसी प्रकार 17 नवंबर को काठी नृत्य की प्रस्तुति हरसूद के रामदास साकल्ले एवं साथियों द्वारा, गुटुमबाजा नृत्य की प्रस्तुति डिण्डोरी के लेखपाल धुर्वे एवं साथियों द्वारा दी जाएगी। इसके बाद मेरठ के हरिओम पंवार, इंदौर के मुकेश भोलवा, दिल्ली के शंभु शिखर, इंदौर के श्याम सुंदर पलोड, खण्डवा के डॉ. श्रीराम परिहार, महेश्वर के विजेय शितांशु, हरिश दुबे, विष्णु फागना, गोगावां के जगदीश जोशिला, पंधाना के विरेन्द्र चौरे, सनावद के दीपक पगारे, खरगोन के नरेन्द्र जोशी, खलघाट के विजय शर्मा द्वारा काव्यपाठ किया जाएगा। निमाड़ उत्सव के दौरान होगी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं तीन दिनी निमाड़ उत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा इसमें 15 नवंबर को प्रातः 8 बजे से उत्कृष्ट विद्यालय महेश्वर से अहिल्या घाट तक रैली का निकलेगी। इसके साथ ही प्रातः 9 बजे उत्कृष्ट विद्यालय महेश्वर में बालक वर्ग के लिए कबड्डी प्रतियोगिता, दोपहर 3 बजे से देवी अहिल्या घाट पर नौका सज्जा प्रतियोगिता, सांय 6 बजे से महिलाओं के लिए आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 16 नवंबर को प्रातः 10 बजे से उत्कृष्ट विद्यालय महेश्वर में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए कुश्ती प्रतियोगिता एवं दोपहर 12 बजे से देवी अहिल्या घाट पर मेहंदी प्रतियोगिता होगी। तीसरे दिन 17 नवंबर को प्रातः 9 बजे से उत्कृष्ट विद्यालय महेश्वर में बालिका वर्ग के लिए कबड्डी एवं दोपहर 2 बजे से रांगोली प्रतियोगिता का आयोजन होगा।   recent visitors 133

यात्रियों में मचा हड़कंप, छत्तीसगढ़-रायपुर में नागपुर से कोलकाता जा रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां नागपुर से कोलकाता जा रही एक फ्लाइट का इमरजेंसी लैंडिंग कराया गया है. जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट में बम मिलने की सूचना के बाद  विमान को रायपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. रायपुर एयरपोर्ट पर  विमान खड़ा है. जिसकी जांच की जा रही है. दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट नागपुर से कोलकाता जा रही थी. इस बीच फ्लाइट में बम की सूचना मिली है. जिसके बाद  आनन-फानन में इंडिगो की फ्लाइट को रायपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है. जिसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. विमान को तुरंत खाली करवा के साथ एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर दिया गया है. फिलहाल बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है. जो फ्लाइट की जांच कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, नागपुर से कोलकत्ता जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E812 सुबह 07:17 बजे उड़ान भरी थी. विमान में कुल 187 यात्री और 06 पैसेंजर सवार थे. सीआईएसएफ और रायपुर पुलिस की टीम एयरक्राफ्ट की जांच कर रही है. उतारे गए यात्रियों की फिर से सुरक्षा जांच हुई. कुछ यात्री इसमें विदेश जाने वाले हैं. जिन्हें  दूसरी फ्लाइट से भेजने की तैयारी की जा रही है. सुरक्षा को लेकर जांच जारी बम मिलने की सचूना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में इंडिगो की फ्लाईट की रायपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया. इसके बाद सभी यात्रियों को इंट्री गेट के पास भीतर लॉज में लाया गया. फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से यात्रियों इमरजेंसी लैंडिग करवाया गया. इस घटना के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानें प्रभावित हुईं. फिलहाल सुरक्षा को लेकर फ्लाइट की जांच जारी है. रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कीर्तन राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि, नागपुर से कोलकाता जा रहे विमान को बम की धमकी के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. विमान की एयरपोर्ट पर जांच की जा रही है. जांच करने के बाद  फ्लाइट को रायपुर एयरपोर्ट से रवाना किया जाएगा. फिलहाल बम मिलने की सूचना किस माध्यम से मिली है इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.  recent visitors 62

पंच महाआरती, दीप दान के साथ भजन और सांस्कृतिक संध्या का हुआ आयोजन संत-महात्माओं ने की सहभागिता

भोपाल देव उठनी एकादशी के पावन पर्व पर मां नर्मदा की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में संत मण्डल द्वारा 11 हजार दीपदान, पंच महाआरती, भजन संध्या सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमरकंटक के इतिहास में संत मंडल के नेतृत्व एवं जन-सहभागिता से आध्यात्मिक, धार्मिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भव्य एवं मंत्रमुग्ध करने वाला था। कलेक्टर हर्षल पंचोली सपत्नीक आयोजन में मुख्य यजमान के रुप में शामिल हुए। कार्यक्रम में अमरकंटक, पेण्ड्रा, राजेन्द्रग्राम, अनूपपुर,कोतमा, बिजुरी, डिण्डोरी, बुढार, शहडोल के लोगों ने भी बढ चढ कर हिस्सा लिया। देवउठनी एकादशी- तुलसी विवाह अवसर पर अमरकंटक संत मण्डल द्वारा नर्मदा उद्गम के रामघाट के दक्षिण तट पर 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। श्रद्धालुओं द्वारा रामघाट को रंगोली,पुष्पमाला,रंगीन बिजली की लाईट से सजावट कर कार्यक्रम को अत्यंत मनोहारी बनाया गया था। शायं 5 बजे से शुरु हुआ कार्यक्रम रात्रि 9 बजे तक चला। दीपदान और पंच आरती से पूर्व भजन कीर्तन , वैदिक मंत्रोच्चारण कर नर्मदाष्टक से नर्मदा मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी। मृत्युंजय आश्रम के वेदपाठी शिष्यों द्वारा सस्वर पाठ किया गया। इसके पश्चात नर्मदा तट के रामघाट पर 11 हजार दीप प्रज्ज्वलन के साथ दीपदान करते हुए काशी के आचार्यों द्वारा पंच महाआरती की गयी। सांस्कृतिक आयोजन से मंत्र मुग्ध हुए लोग अमरकंटक संत मंडल के द्वारा आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल पेंड्रा रोड, कल्याणिका केन्द्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय अमरकंटक, सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक के छात्र-छात्राओं ने कला का प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आकर्षक प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। दस सदस्यीय प्रशिक्षु आईएएस दल ने किया अवलोकन जिले में दस सदस्यीय प्रशिक्षु आईएएस दल भ्रमण पर है। नर्मदा तट पर आयोजित दीपदान-पंच आरती कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस दल भी शामिल हुए। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने श्रद्धाभाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कलेक्टर पंचोली ने कहा कि सभी के सहयोग से ऐतिहासिक कार्यक्रम हुआ है। इसे प्रतिवर्ष सभी के सहयोग से मनाया जायेगा। नर्मदा स्वच्छता का दिया संदेश दीपदान महोत्सव के पूर्व संत मंडल के पूज्य संतों ने नर्मदा जी में स्वच्छता अभियान चलाया। संतों द्वारा नर्मदा जी में उतर कर लगभग तीन घंटे श्रमदान कर नदी और घाट की सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया गया।   recent visitors 98