महाराष्ट्र के गोंदिया में भीषण सड़क हादसा, बाइक को बचाने के चक्कर में बस पलटी, 9 लोगों की मौत

मुंबई महाराष्ट्र के गोंदिया में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक बस पलट जाने के कारण 9 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. घटना की जानकारी मिलने के बाद कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने पीड़ितों को 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए परिवहन प्रशासन को आदेश है. गोंदिया कोहमारा राज्य महामार्ग पर ग्राम खजरी के नजदीक बाइक को बचाने के चक्कर में शिवशाही बस का भयानक एक्सीडेंट हो गया. यह महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बस है. बस पलटने से इससे दबकर यात्रियों की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार घटना 29 नवंबर को दोपहर 12:00 से 12:30 बजे के बीच हुई है. बाइक को बचाने के चक्कर में पलट गई बस भंडारा से साकोली लखानी होते हुए गोंदिया की ओर जा रही शिवशाही बस (क्रमांक MH 09/EM 1273) के सामने अचानक बाइक आ गई. बाइक चालक को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने कट मारी, जिससे तेज रफ्तार बस पलट गई. हादसे के वक्त बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से नौ लोगों की मौत हो गई है. मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है. घटना में कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मौके से फरार हुआ ड्राइवर चश्मदीदों के मुताबिक बस ड्राइवर घटनास्थल से फरार हो गया है. राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस विभाग और पुलिस विभाग के लोग मौके पर पहुंचे. घायल यात्रियों को निकाल कर इलाज के लिए गोंदिया के जिला शासकीय केटीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बस को उठाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. देवेंद्र फडणवीस ने कलेक्टर को दिया यह निर्देश इस घटना पर देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, ''यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि गोंदिया जिले में सड़क अर्जुनी के पास एक शिवशाही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और कुछ यात्रियों की मृत्यु हो गई.  मैं दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस घटना में घायल हुए लोगों का अगर किसी निजी अस्पताल में इलाज कराना भी पड़े तो उन्हें तुरंत ऐसा करने का निर्देश दिया गया है. मैंने गोंदिया के कलेक्टर से भी कहा है कि यदि आवश्यकता हो तो उन्हें नागपुर स्थानांतरित करने की व्यवस्था करें.'' recent visitors 169

जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर ने ह्रदय रोगी जैन की स्थिति को देखते हुए कीम्स अस्पताल, पीएमएयर एम्बुलेंस सेवा से हैदराबाद रेफर किया गया

आयुष्मान योजना से मिली निःशुल्क सेवा भोपाल पीएमएयर एम्बुलेंस सेवा आपात स्थितियों में नागरिकों को समय से उपयुक्त चिकित्सकीय सेवा मुहैया कराने में वरदान साबित हो रही है। इससे बहुमूल्य जीवन को बचाया जा रहा है। नरसिंहपुर जिले के करेली निवासी हृदय रोग से पीड़ित विमल कुमार जैन (उम्र-70 वर्ष) को पीएमएयर एम्बुलेंस सेवा से बेहतर उपचार के लिये एयर लिफ्ट कर हैदराबाद भेजा गया। जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर द्वारा ह्रदय रोगी जैन की स्थिति को देखते हुए कीम्स अस्पताल, हैदराबाद रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर से 108 एम्बुलेंस से जैन को जबलपुर एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। जबलपुर से उन्हें पीएमएयर एम्बुलेंस सेवा से कीम्स अस्पताल, हैदराबाद के लिए भेजा गया। यह सेवा आयुष्मान भारत योजना के हितग्राही जैन को नि:शुल्क प्रदान की गई। पीएमएयर एम्बुलेंस सेवा से प्रदेश में कहीं भी चिकित्सा आपात स्थिति उत्पन्न होने या चिन्हित विशेष प्रकार की चिकित्सा सुविधा या चिकित्सा विशेषज्ञों की आवश्यकता निर्मित होने पर कठिन भौगोलिक परिस्थिति में प्रदेश के दूरस्थ अंचलों तक पहुंचकर उन्नत आपातकालीन चिकित्सा द्वारा मरीजों को स्थिर कर उच्च चिकित्सा केन्द्रों तक एयर लिफ्ट किये जाने की सेवा प्रदाय की जाती है। पीएमएयर एम्बुलेंस सेवा के अंतर्गत हेली एम्बुलेंस एवं फिक्सड विंग कनवरटेंट फलाईंग एम्बुलेंस संचालित हो रही हैं। पीएम एयर एम्बुलेंस में उच्च स्तरीय प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टॉफ की टीम हमेशा तैनात रहती है। पीएमएयर एम्बुलेंस सेवा सड़क एवं औद्योगिक दुर्घटना अथवा प्राकृतिक आपदा में पीड़ित को राज्य में एवं बाहर शासकीय अथवा निजी चिकित्सालय में निशुल्क परिवहन किया जाता है। आयुष्मान कार्डधारी के उपचार के लिये राज्य में एवं राज्य के बाहर सभी शासकीय एवं आयुष्मान सम्बद्ध अस्पतालों में उपचार हेतु निशुल्क परिवहन की व्यवस्था है। अन्य हितग्राही जो कि आयुष्मान कार्डधारी नहीं हैं, उनके उपचार के लिए राज्य के अंदर स्थित शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क परिवहन जबकि राज्य के बाहर के किसी भी अस्पताल में अनुबंधित दर पर सशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध है।   recent visitors 49

खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने ओडिशा में होने वाले पुलिस कार्यक्रम में बाधा डालने का बनाय प्लान

ओडिशा खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने ओडिशा में होने वाले पुलिस कार्यक्रम में बाधा डालने का प्लान बनाय है। खबर है कि पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षकों (आईजीपी) का सालाना अखिल भारतीय सम्मेलन को लेकर धमकी जारी की है। फिलहाल, इसे लेकर पुलिस की तरफ से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पन्नू ने वीडियो में कहा, 'भुवनेश्वर सिर्फ मंदिर का शहर नहीं है, बल्कि आतंक का भी शहर है जहां CISF, BSF, CRPF, NSG, NIA और IB के 200 आतंकवादी अमित शाह के नेतृत्व में बैठक कर रहे हैं, जिसने शहीद निज्जर को मारने में भूमिका निभाई। हिंसक हिन्दुत्व विचारधारा के प्रभाव में खालिस्तान समर्थक सिखों, कश्मीरी लड़ाकों, नक्सलों और माओवादियों को मारने की साजिश करने वाले डीजीपी की आंतकी कॉन्फ्रेंस में बाधा डालें और रोके।' आगे कहा, 'नक्सलों और माओवादियों, कश्मीरी लड़ाकों, मैं अपील करता हूं कि अपने मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए भुवनेश्वर के होटलों और मंदिरों में कवर लें।' इस सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, जम्मू-कश्मीर और खालिस्तान समर्थक तत्वों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल एवं अन्य गणमान्य लोग इस तीन दिवसीय सम्मेलन में शामिल होंगे जहां साइबर अपराध, एआई उपकरणों से उत्पन्न चुनौतियों तथा ड्रोन से पैदा होने वाले खतरों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि डीजीपी और आईजीपी रैंक के लगभग 250 अधिकारी सम्मेलन में प्रत्यक्ष रूप से भाग लेंगे, जबकि 200 से अधिक अन्य अधिकारी डिजिटल तरीके से हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन उन ठोस उपलब्धियों की पहचान करने तथा उनकी प्रगति की निगरानी करने का अवसर भी प्रदान करता है, जिसे हर वर्ष प्रधानमंत्री के समक्ष भी प्रस्तुत किया जाता है। वर्ष 2013 तक यह वार्षिक सम्मेलन नई दिल्ली में आयोजित किया जाता था। उसके अगले साल जब, मोदी सरकार के सत्ता में आयी, तब गृह मंत्रालय (एमएचए) और खुफिया ब्यूरो (आईबी) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय राजधानी के बाहर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। recent visitors 68

केरल हाईकोर्ट ने हाथियों की परेड से जुड़े आवेदन को किया खारिज

केरल धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हाथियों की परेड से जुड़े आवेदन को केरल हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। दरअसल, CDM यानी कोचीन देवसोम बोर्ड ने मंदिर उत्सव के दौरान हाथियों के बीच 3 मीटर की दूरी रखने के आदेश से छूट की मांग की थी। अदालत का कहना है कि जानवरों की भलाई के लिए ये निर्देश जरूरी थे। मामले में जस्टिस एके जयशंकरन नाम्बियार और जस्टिस गोपीनाथ पी की बेंच सुनवाई कर रही थी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रथाओं को संवैधानिक सिद्धांतों के अनुरूप होना चाहिए। CDB ने तिरुपुनिथुरा के मंदिर में होने वाले उत्सव के दौरान छूट के लिए अदालत में आवेदन दिया था। बोर्ड की तरफ से पेश हुए एडवोकेट केपी सुधीर ने कहा था 15 हाथियों की परेड उत्सव का अभिन्न अंग है। बार एंड बेंच के अनुसार, जस्टिस नाम्बियार ने कहा, 'अगर किसी ग्रंथ में हाथी के इस्तेमाल की बात नहीं कही गई है, तो यह जरूरी धार्मिक प्रथा नहीं है। हम यह नहीं कह रहे कि हाथियों को शामिल न करें। लोगों के विश्वास और धार्मिक उत्साह बनाए रखने के लिए हाथियों का मौजूद होना ठीक है, लेकिन आपको यह साबित करना होगा कि हाथियों के बीच 3 मीटर के कम दूरी ठीक होगी।' बोर्ड का कहना था कि अगर निर्देशों का पालन किया जाता है, तो उत्सव में शामिल होने वाले हाथियों की संख्या सीमित रह जाएगी। ऐसे में लंबे समय से चली आ रही उत्सव की परंपराएं बधित होंगी। इसपर जस्टिस नाम्बियार ने कहा, 'हम यह मानने से इनकार करते हैं कि हिंदू धर्म इतना कमजोर है कि यह हाथियों की मौजूदगी नहीं होने से ढह जाएगा।' जस्टिस गोपीनाथ ने कहा, 'जब तक आप यह नहीं दिखा देते कि हाथियों के बगैर धर्म का अस्तित्व नहीं रहेगा, तब तक जरूरी धार्मिक प्रथा का सवाल ही नहीं उठता है।' इस मामले में कोर्ट हाथियों के भलाई पर ध्यान लगा रहा है, जो कई बार परेड और उत्सवों के दौरान मुश्किल हालात का सामना करते हैं। 13 नवंबर को बेंच ने क्रूरता को रोकने के लिए अंतरिम दिशानिर्देश जारी किए गए थे। इनमें त्योहारों का रजिस्ट्रेशन और परेड के समय हाथियों के बीच कम से कम 3 मीटर की दूरी की बात कही गई थी। recent visitors 63

स्टेशन पर लड़की का रेप मामले में वलसाड में वापी रेलवे स्टेशन पर आरोपी राहुल करमवीर जाट को गिरफ्तार किया

वलसाड गुजरात में 19 वर्षीय युवती से बलात्कार और हत्या के आरोपी राहुल करमवीर जाट की हाल ही में हुई गिरफ्तारी से कुछ बेहद हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं। गुजरात पुलिस के अधिकारियों का दावा है कि पकड़ा गया आरोपी एक सीरियल किलर है, जो मुख्य रूप से एक महीने के भीतर कई राज्यों में ट्रेनों में हुई कम से कम चार और हत्याओं के साथ-साथ अन्य अपराधों में शामिल रहा है। 6 राज्यों की पुलिस के कड़े साझा प्रयास और गुजरात के कई जिलों में लगभग 2,000 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद 24 नवंबर को गुजरात के वलसाड में वापी रेलवे स्टेशन पर आरोपी राहुल करमवीर जाट को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी खासकर ट्रेनों के विकलांग डिब्बों और महिलाओं के डिब्बों में अकेले यात्रियों को निशाना बनाता था। गुजरात में सीरियल किलर को कैसे पकड़ा गया? हरियाणा का रहने वाले 30 वर्षीय राहुल जाट को 24 नवंबर को कई राज्यों में बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान के बाद पकड़ा गया। वलसाड के पुलिस अधीक्षक करणराज वाघेला ने बताया कि सीरियल किलर को पुलिस ने उस समय पकड़ा, जब वह बांद्रा-भुज ट्रेन में यात्रा कर रहा था। पुलिस को 14 नवंबर को वलसाड जिले के उदवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की कथित हत्या और बलात्कार के बाद यह पहली सफलता मिली। 2000 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए मृतक युवती के शव की फॉरेंसिक जांच में बलात्कार की पुष्टि हुई थी, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने कई जांच टीमें बनाईं और 2000 से अधिक सीसीटीवी कैमरा फुटेज खंगालीं। आरोपी को रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा गया, उसने वही कपड़े पहने हुए थे जो उस क्षेत्र से बरामद किए गए थे, जहां युवती का शव मिला था। पुलिस टीम ने संदिग्ध की पहचान वापी रेलवे स्टेशन पर उसके लंगड़ेपन से की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रेलवे स्टेशन पर राहुल जाट को खौफनाक अपराध करने के बाद कुछ खाते हुए भी देखा गया था। आरोपी की पहचान के बाद गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के पुलिस बलों ने एक जॉइंट ऑपरेशन चलाया। जांच में पता चला कि उसने कई राज्यों में कई हत्याएं की हैं। क्या है राहुल जाट का आपराधिक इतिहास वलसाड एसपी के मुताबिक, आरोपी ने 25 अक्टूबर को सिगरेट को लेकर हुए विवाद के बाद कर्नाटक में बेंगलुरु-मुर्देश्वर ट्रेन में एक साथी यात्री की हत्या कर दी थी। पश्चिम बंगाल में उसने 19 नवंबर को कटिहार एक्सप्रेस में एक 63 वर्षीय व्यक्ति की चाकू से हत्या कर उसे लूट लिया था। गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले, उसने 24 नवंबर को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर मैंगलोर स्पेशल एक्सप्रेस में एक महिला की हत्या कर दी थी। वाघेला ने कहा, “अक्टूबर 2024 में उसने सोलापुर के पास पुणे-कन्याकुमारी ट्रेन में एक महिला यात्री का यौन उत्पीड़न किया और उसकी हत्या कर दी और इस मामले की जांच चल रही है।” कौन है सीरियल किलर राहुल जाट मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरियाणा में रोहतक जिले के रहने वाले राहुल करमवीर जाट ने 5वीं क्लास में ही पढ़ाई छोड़ दी है। उसने कथित तौर पर कई अपराध कबूल किए हैं। एएनआई के मुताबिक, राहुल एक दिव्यांग व्यक्ति है जो अपनी बीमारी का फायदा उठाकर आरोपी खुलेआम ट्रेनों में यात्रा करता था। recent visitors 69

MP-जर्मनी औद्योगिक क्रांति के नए द्वार खोलेंगे- मुख्यमंत्री मोहन यादव

भोपाल  मध्य प्रदेश के मंडीदीप और पीथमपुर में पहले से मौजूद जर्मन निवेशकों के सुगम समन्वय के उद्देश्य से मध्य प्रदेश में एक विशेष राज्य सरकारी संपर्क कार्यालय स्थापित किया जाएगा। जर्मनी का हमारे देश से पुराना संबंध रहा है। दुनिया में यह सभ्यता अलग ढंग से जानी जाती है। जर्मनी और मध्य प्रदेश का आपसी सहयोग औद्योगिक क्रांति के नए द्वार खोलने में सहायक होगा। मध्य प्रदेश में जर्मन विशेषज्ञ आएंगे, साथ ही टेक्नोलाजी भी उपलब्ध करवाएंगे। दोनों देश आपसी समन्वय से मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे। मीडिया विभाग के मंत्री से हुई मुलाकात यह बात गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जर्मनी दौरे पर बवेरिया राज्य के चांसलर प्रमुख और संघीय एवं यूरोपीय मामलों के साथ मीडिया विभाग के मंत्री डॉ. फ्लोरियन हैरमेन से मुलाकात के दौरान कही। इस मुलाकात में राज्य स्तर पर सहयोग के विभिन्न अवसरों पर चर्चा की गई। चर्चा में मुख्यमंत्री एवं डॉ. हैरमेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और जर्मनी के बीच मजबूत होते रिश्तों को आगे बढ़ाने की दिशा में राज्य स्तर पर भी साझेदारी बढ़ाने पर रजामंदी दिखाई। दोनों नेताओं ने तकनीकी नवाचार, सुपरकंप्यूटिंग, ऑटोमोटिव सेक्टर, एरोनाटिक्स और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग के पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री एवं औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल का जर्मनी के म्यूनिख पहुंचने पर भारत के कौंसलेट जनरल शत्रुघ्न सिन्हा और भारतीय संघ के अध्यक्ष राणा हरगोविंद सिंह एवं अन्य भारतवंशियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जो समय को जीतता है, वह दुनिया को जीत सकता है मुख्यमंत्री जर्मन प्रतिनिधिमंडल के टाइम मैनेजमेंट से बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने कहा, जो समय को जीतता है, वह दुनिया को जीत सकता है। दोनों पक्षों ने इस मुलाकात को मध्य प्रदेश और बवेरिया के बीच दीर्घकालिक और आपसी लाभकारी संबंधों का शुभारंभ बताया। मैक्समूलर ने हमारे वेदों का संस्कृत भाषा से अनुवाद करके जर्मनी के माध्यम से दुनिया के सामने हमारे प्राचीन ज्ञान को प्रकट किया था। अतीत के संबंध से इनकी अच्छाइयों और टेक्नोलाजी को सीखते हुए मध्य प्रदेश और बवेरिया स्टेट समन्वयपूर्वक आगे बढ़ेंगे। जर्मन भाषा के लिए खोलेंगे लैंग्वेंज इंस्टीट्यूट मुख्यमंत्री ने म्यूनिख स्थित बवेरिया स्टेट चांसलरी सरकार राजनीतिक नेतृत्व के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि जर्मनी में काम के अनेक अवसर तो हैं, परंतु भाषाई चुनौती भी है। इसे दूर करने के लिए मध्य प्रदेश में लैंग्वेज इंस्टीट्यूट खोलने की योजना बना रहे हैं, जिससे रोजगार के अवसरों के लिए भाषा चुनौती नहीं बने और मध्य प्रदेश तथा जर्मनी के अधिकारियों के मध्य समन्वय के साथ भाषाई सहजता से काम हो सके। औद्योगिक विकास के लिए जर्मन टेक्नोलाजी का सहयोग मुख्यमंत्री ने कहा कि जर्मनी के टेक्निकल स्टाफ के माध्यम से इंजीनियरिंग, पालीटेक्निक, आईटीआई जैसे टेक्निकल क्षेत्र में हमारे उद्योगपति लाभ ले सकेंगे। उन्होंने भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में जर्मनी के प्रतिनिधियों और उद्योगपतियों को आमंत्रित किया। दोनों राज्यों में अधिकारियों को एक दूसरे राज्य में भेजने में प्रशासनिक लेवल पर जो कठिनाइयां आती हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। recent visitors 45

राजधानी में होने वाला आलमी तब्लीगी इज्तिमा आज सुबह फजिर की नमाज के साथ शुरू हो गया

भोपाल भोपाल। राजधानी में होने वाला आलमी तब्लीगी इज्तिमा शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज के साथ शुरू हो गया। चार दिन चलने वाले इस मजहबी समागम का समापन सोमवार को दुआ के साथ होगा। इन चार दिनों में दिल्ली मरकज समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से आए उलेमाओं की तकरीरें होंगी। इज्तिमा के दौरान सादगी के साथ सैंकड़ों निकाह भी होंगे। इस समागम के समापन पर बड़ी तादाद में जमात देश-दुनिया के सफर पर रवाना होंगी। बड़ी संख्या में पहुंचे जमाती इस मजहबी समागम के लिए ईंटखेड़ी स्थित घासीपुरा इज्तिमागाह को पूरी तरह तैयार कर दिया है। गुरुवार दिन से ही जमातों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। शुक्रवार सुबह फजिर की नमाज के बाद हो रही तकरीर और बयान के दौर में शामिल होने के लिए अलसुबह से लोग इज्तिमागाह पहुंचने लगे थे। करीब एक लाख जमाती आ चुके हैं। चार दिन तक जमातियों के आने का सिलसिला जारी रहेगा। विदेशी जमात का भी आगमन इंतजामिया कमेटी के कोऑर्डिनेटर डा. उमर हाफीज ने बताया कि गुरुवार तक मोरक्को, म्यांमार, सउदी अरब, किरगिस्तान, बांग्लादेश, जर्मनी, मलेशिया, उज्बेकिस्तान, सूडान, इजिप्ट, फ्रांस, केन्या, आस्ट्रेलिया, सिंगापुर, अमेरिका, यूके, ईराक सहित अन्य देशों के जमाती इज्तिमा में शिरकत करने पहुंचना शुरु हो गए हैं। पंडाल में पांच लाख के ठहरने का इंतजाम इज्तिमागाह पर पिछले सालों के मुकाबले इस साल बढ़ी हुई तादाद में जमातियों के पहुंचने की उम्मीद है। जिसको देखते हुए करीब 125 पंडाल में पांच लाख से ज्यादा जमातियों के ठहरने के इंतजाम किए गए हैं। जरूरत के लिहाज से यहां और पंडाल लगाए जाने का इंतजाम किया गया है। रियायती दाम में नाश्ता-खाना दुनिया भर से आने वाली जमातों के खानपान के इंतजाम में यहां करीब 80 फूड जोन बनाए गए हैं। जिनमें रियायती दरों पर चाय, नाश्ता, खाना और पीने का पानी उपलब्ध रहेगा। नो प्रॉफिट-नो लॉस के आधार पर दुकानों का आवंटन किया गया है। इज्तिमागाह पर 60 रुपये में भरपेट खाना, 20 रुपये में नाश्ता और पांच रुपये में चाय मिलेगी। इसी तरह पानी की बोतल यहां 70 रुपये में 12 का पैक और एक बोतल सात रुपये में मिलेगी। 65 पार्किंग जोन में खड़े होंगे वाहन इज्तिमा में वाहन व्यवस्थित रखने के लिए करीब 65 पार्किंग जोन बनाए गए हैं। करीब 250 एकड़ में बने इन पार्किंग में बड़े वाहन, चार पहिया और दो पहिया वाहन अलग-अलग खड़े किए जा सकेंगे। यहां पर रोशनी और जनरेटर का भी इंतजाम किया गया है। एक करोड़ लीटर पानी होगा खर्च इज्तिमागाह पर जमातियों के वुजु के लिए करीब 16 हजार नल लगाए गए हैं। करीब एक करोड़ लीटर पानी रोजाना नहाने, वुजू और टायलेट के लिए मुहैया कराया जाएगा। नौ अलग-अलग जोन में वुजू खानों को बनाया गया है। गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल इज्तिमा इंतजामों में ईंटखेड़ी क्षेत्र के स्थानीय लोगों का बड़ा योगदान रहता है। इनमें बड़ी तादाद में हिंदू धर्म से जुड़े लोग भी शामिल हैं। पानी के इंतजाम के लिए यहां करीब 52 ट्यूबवेल में से करीब दर्जन भर हिंदू समुदाय के लोगों के हैं। जिसमें माली समाज सहित अन्य स्थानीय कृषक शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी सेवाएं देते हैं। दो बाइक एंबुलेंस तैनात आलमी तब्लीगी इज्तिमा के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए दो बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। कोऑर्डिनेटर डॉ. उमर हफीज ने बताया कि इज्तिमा पांडाल से दूर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचाने में बीमारों को परेशानी होती है, इसलिए बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। पिछली बार एक बाइक एंबुलेंस तैनात की गई थी। इस बार इत्जिमा स्थल पर दो बाइक एंबुलेंस खिदमत में रहेंगी। इसमें मोटरसाइकिल के साथ एक स्ट्रेचर अटैच कर इसे मोडिफाई किया गया है। इसमें मरीज को लेटाने की सुविधा के साथ फर्स्ट एड बॉक्स की सुविधा भी जोड़ी गई है। इससे मरीज को एंबुलेंस या नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने में आसानी होगी। यह भी इंतजाम     – इज्तिमा स्थल पर पहले दिन होंगे सामूहिक निकाह- इस बार करीब 350 से ज्यादा निकाह के रजिस्ट्रेशन हुए हैं।     – पानी के लिए 20 किमी लंबी पाइप लाइन, 52 ट्यूबवेल, 22500 टोटियां, एक करोड़ लीटर पानी रोजाना मुहैया कराया जाएगा।     – नहाने और वुजू के लिए गर्म पानी- 2000 लीटर पानी की आठ टंकियों में गर्म होता रहेगा पानी।     – दोगुना वोलेंटियर रखेंगे सफाई का ख्याल, पंडाल में रहेंगे डस्टबिन।     – सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से इज्तिमागाह को रखा जाएगा बदबू रहित।     – इज्तिमागाह पहुंच मार्ग पर वालेंटियर्स संभालेंगे ट्रैफिक, पुलिस की रहेगी निगरानी।   recent visitors 158