Monday, July 6, 2026 9:18 pm

मध्यप्रदेश में 11 दिसम्बर से मनाया जाएगा “जन कल्याण पर्व” और “मुख्यमंत्री जन-कल्याण अभियान”

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश को नदी जोड़ो अभियान अंतर्गत 2 बड़ी परियोजनाएं दी है। इसमें बुंदेलखण्ड क्षेत्र की केन-बेतवा वृहद परियोजना और पार्वती- कालीसिंध-चंबल परियोजना है। इन दोनों परियोजनाओं से मध्यप्रदेश के साथ उत्तरप्रदेश और राजस्थान भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही केन-बेतवा परियोजना का भूमि-पूजन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किया जायेगा। केन-बेतवा परियोजना से मध्यप्रदेश के बुंदेलखण्ड क्षेत्र में वृहद स्तर पर सिंचाई होगी। साथ ही पेयजल भी उपलब्ध होगा। इससे पूरे क्षेत्र में समृद्धि आयेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत् दो दशकों से लंबित पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना का हल निकालकर प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश के 10 और राजस्थान के 13 जिलों को अनूठी सौगात दी है। साथ ही भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की नदी जोड़ो परियोजना के स्वप्न को साकार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को नई दिल्ली में मीडिया प्रतिनिधियों से मध्यप्रदेश में 11 दिसम्बर से शुरू हो रहे मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान और जनकल्याण पर्व में संचालित होने वाली गतिविधियों और राज्य सरकार एक वर्ष के कार्यकाल में हुए जनहित एवं विकास के कार्यों को साझा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों और नवाचारों के माध्यम से नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित कर रही है। प्रदेश में शुरू किये जा रहे जन कल्याण अभियान और पर्व के दौरान नगरों और ग्रामों में 18 हजार करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन, शासकीय योजनाओं से वंचित रहे पात्र नागरिकों को लाभान्वित करने के साथ आमजन से जुड़ी 63 शासकीय सेवाओं से संबंधित समस्याओं का शिविर लगाकर मौके पर निराकरण किया जायेगा। ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर संयंत्र एवं आईटी पार्क मध्यप्रदेश की पहचान, समृद्धि के प्रयास तेज मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में ओंकारेश्वर में फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट स्थापित किया गया है। यह देश में अनोखा है। नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश अलग पहचान बना रहा है। इसके साथ ही कई आईटी पार्क युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। मध्यप्रदेश की खनिज संपदा, जल संपदा का उपयोग कर समृद्धि की संभावनाएं साकार कर रहा है। हाल ही में संभाग स्तर पर सम्पन्न उद्योग कॉन्क्लेव रोजगार वृद्धि और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दृष्टि से उपयोगी सिद्ध होंगी। प्रदेश के बजट को साढ़े तीन लाख करोड़ से बढ़ाते हुए 4 वर्ष में 7 लाख करोड़ रूपए तक ले जाने का लक्ष्य है। यह प्रयास है कि जीडीपी में वृद्धि हो और मध्यप्रदेश भारत को विश्व की महत्वपूर्ण अर्थव्यवस्था बनने के संकल्प में सहयोगी हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में कृषि उत्पादन बढ़ाते हुए किसानों और नागरिकों के हित में निरंतर कार्य किया है। कृषि के साथ अब पशुपालन को बढ़ावा दे रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार दुग्ध उत्पादन पर बोनस प्रदान करेगी। हाल ही में राष्ट्रीय डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ करारनाम हुआ है। प्रदेश का दुग्ध उत्पादन देश के दुग्ध उत्पादन का 9 प्रतिशत है जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत किया जाएगा। इससे किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ेगी। प्रदेश में किसानों के हित में सायबर तहसील व्यवस्था प्रारंभ की गई है, जो देश में अनूठी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में लाड़ली बहनों को 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। लाड़ली बहना योजना में प्रतिमाह 1250 रुपए की राशि प्रदान की जा रही है। नारी सशक्तिकरण के अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं को विभिन्न पदों पर 35 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय लिया गया है। साहस की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम से अन्न प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की गई है। वीरांगना की स्मृति में दमोह जिले के सिंग्रामपुर में मंत्रि-परिषद की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में रीवा एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ है। कई नगरों से भोपाल तक सस्ती हवाई सेवा प्रारंभ की गई है। आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को अनेक सुविधाएं दी जा रही हैं। पीएमएयर एम्बुलेंस भी प्रारंभ की गई हैं जो गंभीर रोगियों को एयर लिफ्ट कर बड़े चिकित्सा संस्थानों में पहुंचाने का कार्य करती हैं। मनुष्य ही नहीं पशुओं के लिए भी पृथक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में पर्यावरण के क्षेत्र में काफी कार्य हो रहा है। "एक पेड़ माँ के नाम अभियान" के अंतर्गत वृहद पौध-रोपण हुआ है। पुराने जल स्रोतों को उपयोगी बनाने और जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नागरिकों की भागीदारी करवाकर जागरूकता बढ़ाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। सड़कों के निर्माण से लेकर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक स्नान व्यवस्था से जुड़े कार्य हो रहे हैं। क्षिप्रा के लिए गंगा जी की तरह हिमालय के ग्लेशियर नहीं हैं और पूर्व के सिंहस्थ में गंभीर और नदियों से क्षिप्रा में जल लाने के कार्य हुए हैं। पहली बार शिप्रा के जल से ही श्रद्धालु स्नान का पुण्य लाभ ले सकेंगे। इसके लिए अनेक कार्य संचालित हैं, जिनसे सिलार खेड़ी में वर्षा जल संग्रहित होगा। विभिन्न परियोजनाओं से शिप्रा को प्रदूषण से बचाकर स्वच्छ निर्मल जल के प्रवाह वाली नदी बनाने के कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में शिक्षा का विशेष महत्व रहा। उन्होंने कंस को मारने के बाद उज्जैन आकर शिक्षा ग्रहण करने का कार्य किया। भगवान श्रीकृष्ण के संदेश और गीता की शिक्षाओं को नागरिकों तक पहुंचाने के लिए 11 दिसम्बर को प्रदेश स्तर पर गीता जयंती के कार्यक्रम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाचार पत्र प्रतिनिधियों को प्रदेश के सभी जिलों में की गई पुलिस बैंड व्यवस्था, कुलपति पद का नाम कुलगुरू करने, पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के एकीकरण, सुशासन और श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में कपड़ा मिलों में कार्यरत रहे श्रमिकों की बरसों से लंबित बकाया राशि उन्हें दिलवाने, विभिन्न पर्व त्योहार में सरकार की सहभागिता बढ़ाने और विश्व धरोहर स्थल खजुराहो और तानसेन की नगरी ग्वालियर में कलात्मक गतिविधियों के साथ विभिन्न विश्व रिकार्ड बनाने की उपलब्धियों की जानकारी भी प्रदान की।   recent visitors 105

मुख्यमंत्री साय शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे

 मुख्यमंत्री 10 दिसम्बर को सोनाखान और राजाराव पठार कर्रेझर जाएंगे शहीद वीर नारायण सिंह जी के शहादत दिवस एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में होंगे शामिल मुख्यमंत्री साय  शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल 10 दिसम्बर को शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री रायपुर के न्यू सर्किट हाउस सिविल लाईन में अपेक्स बैंक एवं जिला केन्द्रीय सहकारी बैंकों के संयुक्त कार्यक्रम में शामिल होंगे। जारी दौरा कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक में आयोजित कार्यक्रम में शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री इसके पश्चात हेलीकॉप्टर से सोनाखान जाएंगे और वहां शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में आयोजित शहादत दिवस एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस मौके पर विकास एवं निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री सोनाखान से दोपहर 2.30 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर बालोद जिले के राजाराव पठार कर्रेझर पहुंचेंगे और वहां अपरान्ह 3.20 बजे से 4.20 बजे तक शहीद वीर नारायण सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित सभा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री वहां से संध्या 5 बजे वापस रायपुर आएंगे और न्यू सर्किट हाउस में अपेक्स बैंक एवं जिला केन्द्रीय सहकारी बैंकों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र का वितरण और अपेक्स बैंक व जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नवीन शाखा भवन का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।   recent visitors 77

ह्वाट्सऐप ग्रुप के जरिए ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी, अब तक 7 करोड़ की धोखाधड़ी, 3 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल मंडला पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के तीन सदस्यों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को फर्जी ऐप पर ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर ठगी करता था। अब तक की जांच में यह सामने आया है कि गिरोह ने 16 राज्यों में लगभग 7 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। घटना का विवरण चौकी अंजनिया, थाना बम्हनी बंजर में एक आवेदक ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए प्रेरित किया गया। फर्जी ऐप के जरिए आवेदक के पिता के रिटायरमेंट फंड से 17 लाख रुपये बालाजी ट्रांसपोर्ट के नाम पर एक खाते में जमा कराए गए। ऐप पर प्रारंभ में निवेश को बढ़ता दिखाया गया, लेकिन बाद में अकाउंट में पैसा माइनस दिखने लगा। इस धोखाधड़ी का अहसास होने पर आवेदक ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पुलिस की कार्रवाई मंडला पुलिस की साइबर सेल ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और जेमिस/समन्वय पोर्टल का उपयोग कर ठगों की गतिविधियों का पता लगाया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर विशेष टीम गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर, राजकोट और मेहसाणा में रवाना हुई। वहां की स्थानीय पुलिस और मुखबिरों की सहायता से टीम ने गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया: 1. विशाल झाला (27 वर्ष): निवासी गांधीनगर, गुजरात 2. लक्ष्मण ठाकौर (47 वर्ष): निवासी गांधीनगर, गुजरात 3. नीरव पोपट (43 वर्ष): निवासी अहमदाबाद, गुजरात गिरोह की कार्यप्रणाली गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप पर लोगों को जोड़कर फर्जी ऐप के जरिए आकर्षक मुनाफा दिखाता था। निवेशकों को आईपीओ खरीदने का झांसा देकर उनके बैंक खातों में पैसे जमा कराए जाते थे। ये ठग फर्जी बैंक अकाउंट और चेकबुक का इस्तेमाल करते थे, जिन पर पहले से हस्ताक्षर ले लिए जाते थे। गिरोह बड़े शहरों में फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी करता था। देशव्यापी नेटवर्क यह गिरोह 16 राज्यों—दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में सक्रिय था।  सफलता में शामिल पुलिस टीम इस जटिल और गंभीर मामले को सुलझाने में चौकी अंजनिया के प्रभारी उपनिरीक्षक लाखन सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में सउनि. अशोक चौधरी, प्र.आर. भूपेन्द्र धुर्वे, आरक्षक सुनील सिंह, कीर्ति कुमार, विलेन्द्र नायक, अंचल बघेल और साइबर सेल मंडला की विशेष भूमिका रही। पुलिस का संदेश मंडला पुलिस जनता से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ट्रेडिंग या इन्वेस्टमेंट के लिए धनराशि ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें। साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।किसी भी तरह की धन संबंधी आर्थिक धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर सूचित करें।   recent visitors 127

अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस पर वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड भी बनेंगे

भोपाल राज्यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस का आयोजन 10 दिसम्बर, 2024 को प्रात: 11 बजे से आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल में होगा। इसमें “भारत में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, कानूनी सुरक्षा और मानव अधिकार’ विषय पर चर्चा होगी। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय सशक्तिकरण सुसोनाली पोंक्षे वायंगणकर विशेष आमंत्रित सदस्य होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष मनोहर ममतानी करेंगे। इस अवसर पर आयोग के सदस्य राजीव कुमार टंडन भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में वृद्धजन कल्याण से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के संचालक राजेश गुप्ता द्वारा दी जायेगी। आयोग द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी होगा। कार्यक्रम में न्यायाधीश, प्रशासनिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों के आयुष्मान कार्ड भी बनाये जायेंगे।   recent visitors 195

शासकीय मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में विशेष जनजाति पहाड़ी कोरवा मरीज के जटिल फ्रैक्चर का हुआ सफल ऑपरेशन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों पर शासकीय मेडिकल कालेजों का किया जा रहा है सशक्तिकरण स्वशासीय सोसायटीज को वित्तीय स्वतंत्रता देने से मेडिकल कालेजों में आ रहे हैं बेहतर परिणाम शासकीय मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में विशेष जनजाति पहाड़ी कोरवा मरीज के जटिल फ्रैक्चर का हुआ सफल ऑपरेशन रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मे स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर खासा ध्यान दिया जा रहा है। तरक्की और राज्य में सुशासन का सफर स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार के रूप में लगातार नजर आ रहा है।  स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ने नई सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया है। इसी दिशा में स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रायगढ़ से संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ लगातार अपनी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए और मरीजों के बेहतर इलाज के लिए प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में अस्थि रोग विभाग में भर्ती विशेष जनजाति पहाड़ी कोरवा के सदस्य करण सिंह कोरवा के जटिल व दुर्लभ फ्रैक्चर का सफल ऑपरेशन किया गया। करण सिंह कोरवा कोरबा  जिले में अपने गांव सियान जाते समय मोटरसाइकिरल से गिर गये थे। इससे उनके घुटने में गहरी चोट आई थी। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया था । उनके घुटने के नीचे की अस्थि का टुकड़ा (टिबिया कॉन्डाइल) जोड़ से टूट कर पीछे की तरफ रक्त वाहनियों एवं नसों के बीच में फंसा हुआ था। इस तरह का केस सामने आना अत्यंत दुर्लभ है।  इससे रक्त वाहनियों तथा नसों (नर्व) को चोट लगने से पैरों में लकवा अथवा पैर काटने का खतरा लगातार बना होता है। ऑपरेशन के दौरान भी रक्त वाहनियों अथवा नसों में चोट लगने से पैरों में सुन्नपन का खतरा बना रहता है। मेडिकल कालेज रायगढ़ के अस्थि रोग विभाग के चिकित्सकों ने यह जटिल ऑपरेशन सफलता पूर्वक किया गया। इससे वर्तमान में मरीज अपना घुटना मोड़ पा रहा है  तथा मरीज का पैर भी बच गया है। कुछ ही दिनों में मरीज वॉकर के सहारे से चलना भी शुरु कर सकता है। इस तरह मेडिकल कॉलेज रायगढ़ एक और उपलब्धि के साथ प्रगति की ओर अग्रसर है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राज्य के शासकीय मेडिकल कालेजों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उन्हें 2 करोड़ रूपए तक के कार्यों के लिए वित्तीय स्वतंत्रता प्रदान की है। इससे मरीजों के त्वरित इलाज के लिए अब राज्य स्तर पर स्वीकृति लेने की आवश्यकता न होकर मेडिकल कालेज की स्वशासी सोसायटी खुद ही निर्णय ले सकती है। recent visitors 74

सिंगारपुर विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में स्काउट गाइड रेडक्रास एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र छात्राओं का मिला विशेष सहयोग

मंडला  भारत सरकार समग्र शिक्षा हायर सेकेण्डरी एजुकेशन एवं लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा चयनित पी एम श्री एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगारपुर में जिला मुख्य एवं स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सरोते जिला चिकित्सालय मंडला के आदेशानुसार विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री जे के बैरागी के मार्गदर्शन एवं मोहगांव ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ के एम एस झिकराम के नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया । स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत सिंगारपुर सरपंच अंजनी मरावी, विद्यालय के प्राचार्य जे के बैरागी तथा चिकित्सक दलों के द्वारा माँ सरस्वती जी की तस्वीर पर पूजन अर्चना व माल्यार्पण कर किया गया।               विद्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 426 छात्र छात्राओं ने अपनी पंजीयन कराया । जिसमें सिकल सेल जांच में 65 , नेत्र जांच में 36 ,  जिसमें से 21 छात्र छात्राओं का चश्मा बनना है , कुष्ठ रोग में 01 , मलेरिया जांच में 05 , एनीमिया में 34 और आभा के 65 छात्र छात्राओं ने अपनी स्वास्थ्य परीक्षण कराया । स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक दल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है जिसमें  डॉ अमित भलावी , डॉ मुकेश मर्सकोले , डॉ शशिकला केराम , डॉ टी आर झारिया ,श्री  के एल सैयाम बी ई ई , श्री आर एल मार्को सुपरवाईज़र, रितु पटले सी एच ओ ,  सतीश रिंहायत सी एच ओ,  नीलम मरावी ए एन एम , चंदन तेकाम एम आई , अनिता तेकाम नेत्र सहायक , पूनम मार्को ए एन एम, ममता मार्को ए एन एम , जितेंद्र मरकाम  कुष्ठ प्रभारी , शंभू मार्को टी बी, नार्जिम साही, शांति नंदा , शनिराम लोमश , लक्ष्मी धुर्वे , महेंद्र तेकाम सिकल सेल , प्रमोद सांड्या बी सी एम, क्षेत्र की समस्त आशा एवं आशा सहयोगी ने अपनी सेवाएं दी हैं ।                 जिला स्काउट संघ के डी ओ सी श्री महेश सरोते , राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी तथा स्काउट गाइड व रेडक्रास प्रभारी अशोक वरकड़े एवं मनोज कुडापे के निर्देशन पर स्वास्थ्य शिविर के दौरान पी एम श्री विद्यालय सिंगारपुर के स्काउट गाइड , रेडक्रास तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र छात्राओं ने अपनी सेवा भावना का परिचय देते हुये चिकित्सा दल का सहयोग एवं शिविर को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई है। जिसमें स्काउट गाइड के छात्र छात्राओं में सिंधिया बैरागी , दुर्गेश मरावी , आर्या बैरागी, शैलकुमारी परते , अंजनी नंदा , अलसिफा , हिना संध्या चक्रवर्ती, आसमा , खुशबू बैरागी और खुशबू झारिया एवं रेडक्रास के छात्र छात्राओं में रोशनी नेताम , अनुराधा कुलस्ते, बिंदु नंदा , रोशनी भारतीया, भूमिका नंदा , मधु नंदा , इमरान खान ,दिलीप धुर्वे ,सतीश कोर्राम , तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र छात्राओं में रोशनी भारतीया, रानी पड़वार , महंती वरकड़े ,जयंती कुलस्ते , प्रीति भारतीया , वंदना केराम , अमीषा धुर्वे , आशीष , अरुण , राजा , और विद्यालय के अन्य वालीलटियर्स का स्वास्थ्य शिविर में विशेष सहयोग रहा है। recent visitors 58

कुर्ला में भयानक हादसा, बेकाबू बस लोगों को कुचलते हुए मार्केट में घुसी,6 की मौत, 25 जख्मी

मुंबई  मुंबई के कुर्ला में भयानक हादसा हुआ है। सार्वजनिक परिवहन सेवा ‘बेस्ट’ की एक बस ने सोमवार रात पैदल यात्रियों और कुछ वाहनों को टक्कर मार दी। इससे 6  लोगों की मौत हो गई और 30  लोग घायल हो गए। पुलिस और बीएमसी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि ऐसा संदेह है कि कुर्ला में बीएमसी एलवार्ड के पास यह दुर्घटना बस के ब्रेक में गड़बड़ी होने के कारण हुई। उन्होंने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। कैसे हुआ हादसा? बीएमसी ने बताया कि बेस्ट बस के चालक ने मार्ग संख्या 332 पर वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और बस ने पैदल यात्रियों एवं कुछ वाहनों को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद बेस्ट की बस बुद्ध कॉलोनी नामक एक आवासीय सोसायटी में घुस गई और फिर रुक गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना स्थल से तीन लोगों को मृत अवस्था में पास के भाभा अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एक किशोरी समेत 30   घायलों का इलाज जारी है। 1 दिसंबर को ही शुरू की थी नौकरी आरोपी ड्राइवर को आज दोपहर दो बजे कोर्ट में पेश किया जाएगा. वहीं, BEST की तकनीकी टीम बस की खराबी की जांच करेगी. यह भी पता चला है कि संजय मोरे ने एक दिसंबर को ही ड्राइवर के तौर पर बेस्ट की नौकरी ज्वॉइन की थी. बता दें कि सोमवार रात करीब पौने 10 बजे BEST की 332 नंबर की बस ने बेकाबू होकर कई गाड़ियों को टक्कर मार दी थी. बस ने करीब 30 लोगों को कुचलते हुए एक सोसाइटी की दीवार भी तोड़ दी थी. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए थे. मरने वालों में 3 पुरुष और 3 महिलाएं हैं. बेकाबू बेस्ट बस ने कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया है. जानकारी के मुताबिक, बस कुर्ला से अंधेरी जा रही थी तभी अंबेडकर नगर में बुद्ध कॉलोनी के पास बस अनियंत्रित हो गई. बस ने 30 लोगों को कुचल दिया. हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया. कुछ घायलों की हालत नाजुक घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने बताया कि बस की पंजीकरण संख्या एमएच01-ईएम-8228 है। उन्होंने बताया कि यह बस कुर्ला रेलवे स्टेशन से अंधेरी जा रही थी, तभी यह दुर्घटना हुई। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 12 मीटर लंबी यह इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद स्थित ‘ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक’ द्वारा निर्मित है और इसे बेस्ट ने पट्टे पर लिया था। उन्होंने बताया कि ऐसी बसों के चालक निजी ऑपरेटर की ओर से उपलब्ध कराए जाते हैं। तीन महीने पुरानी है बस तारदेव क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के एक अधिकारी ने कहा कि बस सिर्फ तीन महीने पुरानी है। इसे इस साल 20 अगस्त को ईवीईवाई ट्रांस नामक कंपनी के नाम पर पंजीकृत किया गया है। ‘बेस्ट’ अधिकारियों ने कहा कि घटनास्थल पर भीड़ के कारण उन्हें जांच करने में परेशानी हो रही है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। recent visitors 135