Monday, July 6, 2026 12:01 am

36 करोड़ के निर्माण का भूमिपूजन, छत्तीसगढ़-मुंगेली में डिप्टी सीएम साव ने दी विकास कार्यों की सौगात

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने शुकवार को मुंगेली में 36 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने मुंगेली के आगर खेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पांच करोड़ 43 लाख रुपए से अधिक के कार्यों का लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों में 17 लाख 56 हजार रुपए की लागत से गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप एवं महावीर चौक का सौंदर्यीकरण, एक करोड़ 79 लाख 34 हजार रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक-1 से वार्ड क्रमांक-22 में 37 स्थानों पर सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य, 25 लाख छह हजार रुपए की लागत से पौनी-पसारी परिसर का निर्माण कार्य, एक करोड़ 44 लाख 46 हजार रुपए की लागत से आठ स्थानों पर ट्यूबलर पोल स्थापना कार्य और 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत एक करोड़ 76 लाख 79 हजार रुपए की लागत से विभिन्न वाहनों के क्रय शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री ने लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में मुंगेली शहर के लिए 25 करोड़ रुपए से अधिक के नए विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज गौरवशाली और ऐतिहासिक पल है। मुंगेली शहरवासियों के लिए 36 करोड़ रुपए से अधिक के लागत के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है। साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तेज गति से विकास कार्य किए जा रहे हैं। मुंगेली की जनता को मांगने की जरूरत नहीं है। वे मुंगेली की आवश्यकताओं को भली-भांति जानते हैं। मुंगेली का बहुत पुराना व गौरवशाली इतिहास रहा है। उसके गौरव के अनुरूप मुंगेली की तरक्की हो, उसके लिए हरसंभव कार्य करेंगे। मुंगेली में हाइटेक बस स्टैण्ड और नालंदा परिसर बनेगा उप मुख्यमंत्री ने आज मुंगेली में लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में 25 करोड़ रुपए से अधिक के नए कार्यों की घोषणा की। उन्होंने मुंगेली में हाइटेक बस स्टैंड के लिए छह करोड़ 20 लाख रुपए और नालंदा परिसर के लिए चार करोड़ 41 लाख रुपए की घोषणा की। साव ने आगर खेल मैदान के जीर्णोद्धार के लिए एक करोड़ 10 लाख रुपए, अधिकारी-कर्मचारी आवास निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए 80 लाख रुपए, भक्त माता कर्मा चौक के निर्माण एवं मूर्ति की स्थापना के लिए 30 लाख रुपए, निरंजन प्रसाद केशरवानी बाल वाटिका मलाई घाट के मुक्तिधाम के लिए 30 लाख रुपए, साहू पारा में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपए, मां परमेश्वरी चौक, परशुराम चौक, गुरू घासीदास चौक जैसे पांच चौकों के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपए, मां परमेश्वरी चौक देवांगन मुक्तिधाम में हाई मास्क लाइट के लिए 12 लाख रुपए, हीरालाल वार्ड में आगर नदी तट पर शेड निर्माण और मृतक संस्कार हेतु चबूतरा निर्माण के लिए 10 लाख रुपए तथा महाराणा प्रताप पेंडाराकापा में पचरी निर्माण के लिए सात लाख रुपए देने की भी घोषणा की। recent visitors 58

डबल मर्डर से इलाके में दहशत, छत्तीसगढ़-रायपुर में बेटी का गला दबाने के बाद मां की नस काटकर हत्या

रायपुर। एक बार फिर रायपुर डबल मर्डर से दहल उठा है। हत्यारे दरिंदे ने बड़ी ही बेरहमी से मां-बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने सबसे पहले बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसकी मां की नस काटकर मौत की नींद सुला दी। ये घटना छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे खमतराई थाने क्षेत्र की है। रायपुर-बिलासपुर रोड किनारे धनेली नाले के पास लड़की की लाश मिलने के बाद दूसरे दिन महिला का भी शव मिला है। सूचना पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और शव को नाले से बाहर निकाला। लड़की आसमानी रंग के कपड़े पहन रखी थी। उसकी उम्र  15 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस को मां-बेटी की हत्या किए जाने के सबूत मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। धनेली और धरसींवा पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास के लोगों पूछताछ कर रही है। इस मर्डर को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चा हो रही है। कोई प्रेम प्रसंग का मामला कह रहा है तो कई कुछ और…। वहीं लड़की के साथ दुष्कर्म किये जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा कि मामले की सच्चाई क्या है। लाश अलग-अलग जगहों पर फेंकी बता दें कि बुधवार को बेटी की लाश नाले में मिलने के बाद गुरुवार को उसकी मां हमीदा बेगम की में लाश मिली। मां-बेटी की हत्या कर दोनों के शव को अलग-अलग जगहों पर फेंका गया है। इस मर्डर केस में किसी करीबी के हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों जांच की। फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वाड़ भी पहुंची। मौके से कुछ सुराग जुटाए गए हैं। घर में नहीं थी लाइट पुलिस के मुताबिक, रायपुर-बिलासपुर हाईवे से लगी धनेली बस्ती में सड़क किनारे पीएम आवास में 14 साल की किशोरी और उसकी मां रहती थी। यहां बिजली का कनेक्शन भी नहीं लगा है। किशोरी पड़ोसियों के घर जाकर मोबाइल चार्ज करती थी। उसके पिता की कुछ साल पहले ही मौत हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह हत्याकांड 31 दिसंबर की रात को अंजाम दिया गया होगा। हत्यारे ने घटना को अंजाम देने के बाद शवों को अलग-अलग जगहों पर फेंका है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। चंगोराभाठा में हुआ था डबल मर्डर इससे पहले नये साल के एक दिन पूर्व 31 दिसंबर को चंगोराभाठा में दो युवकों पर पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। घटनाकी सूचना पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे थे। । मामले में कार्रवाई न किये जाने पर रायपुर में बड़ा प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि सचिन बडोले यहां का खंड संयोजक था। चंगोराभाठा क्षेत्र में देर रात दो युवकों को लाठी-डंडे से हमला कर पीट-पीटकर मार डाला था। । इतना ही नहीं पुलिस से बेखौफ होकर बदमाशों ने 300 मीटर तक दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने बताया कि बीती रात साढ़े दस बजे के बाद कृष्ण यादव और सचिन बडोले शराब पी रहे थे। इस दौरान कुछ युवक मौके पर पहुंचे। किसी बात को लेकर विवाद बढ़ था। फिर दोनों युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। दौड़ा-दौड़ाकर पत्थर से मारा गया। आरोपियों ने लहुलुहान कर कृष्णा यादव और सचिन बडोले को मौत की नींद सुला दी। recent visitors 77

भगवान सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने पर इन राशियों की होगी बल्ले-बल्ले

हिन्दू धर्म में मकर संक्रांति का त्योहार बहुत महत्वपूर्ण और विशेष माना गया है. इस दिन भगवान सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं. मकर संक्रांति का दिन भगवान सूर्य को समर्पित किया गया है. हिन्दू मान्यताओं के अनुसार जो भी इस दिन भगवान सूर्य की पूजा करता है उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं. उसका भाग्य सौभाग्य में बदल जाता है. मकर संक्रांति का त्योहार कब है? वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल सूर्य का मकर राशि में प्रवेश 14 जनवरी को सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर होगा. इसके कारण मकर संक्रांति का त्योहार 14 जनवरी को है. इसके एक दिन पहले 13 जनवरी को लोहड़ी का त्योहार है. लोहड़ी भी उत्तर भारत में प्रमुखता से मनाई जाती है. भगवान सूर्य पुष्य नक्षत्र में करेंगे गोचर वहीं इस बार भगवान सूर्य का गोचर पुष्य नक्षत्र में होने वाला है. इसकी वजह मकर संक्रांति का दिन और भी महत्वपूर्ण हो गया है. इस दिन भगवान सूर्य मकर राशि में प्रवेश करने के साथ पुष्य नक्षत्र में गोचर करेंगे. भगवान सूर्य का ये गोचर कुछ राशियों के लिए बड़ा ही शुभ और लाभदायक होने वाला है. आइए जानते हैं वो कौन सी लकी राशियां हैं. मेष राशि मेष राशि के जातकों के लिए मकर संक्रांति का दिन बहुत ही लाभकारी साबित हो सकता है. मेष राशि के ऐसे जातक जो सरकारी नौकरी की तैयारी में लगे हैं, उनके लिए ये समय बहुत अच्छा है. नई नौकरी भी मिल सकती है. साथ ही आय के नए रास्ते मिलेंगे. मकर राशि मकर संक्रांति का दिन मकर राशि के जातकों के लिए बहुत अहम साबित होने वाला है. इस दिन मकर राशि के जातकों के जीवन में कई बदलाव हो सकते हैं. कोट-कचहरी से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है. आर्थिक परेशानियां समाप्त होंगी. इस दौरान किसी पर बहुत ज्यादा यकीन न करें. ऐसा करना नुकसानदायक साबित हो सकता है. सिंह राशि मकर संक्रांति का दिन सिंह राशि के जातकों के लिए बेहद खास रहने वाला है. इस दिन शत्रुओं पर जीत मिल सकती है. अचानक धन लाभ हो सकता है. रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं. recent visitors 58

जंगल में 300 जवानों ने चक्रव्यूह बनाकर घेरा, छत्तीसगढ़-गरियाबंद में नक्सल एनकाउंटर में 3 नक्सली ढेर

गरियाबंद। सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के नक्सल प्रभावित सोरनामाल जंगल में तीन नक्सलियों का एनकाउंटर किया है। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी ) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने नक्सलियों को चारों तरफ से घेर लिया था। इस नक्सल ऑपरेशन में छत्तीसगढ़-ओडिशा के करीकब 300 जवान मौके पर मौजूद रहे। मौके से शव और आटोमेटिक हथियार बरामद किये गये हैं। गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा सीमा से लगे सोरनामाल जंगल में चक्रव्यूह बनाकर नक्सलियों को चारों तरफ से घेर लिया था। इससे नक्सली भाग नहीं पाये। मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। बताया जाता है  कि ये नक्सली बस्तर से भागकर गरियाबंद में घुसे थे। पुलिस नक्सली मुठभेड़ के बाद अभी भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। फोर्स का कहना है कि नक्सल ऑपरेशन से क्षेत्र में नक्सली मामलो को काबू करने में मदद मिलेगी। recent visitors 86

मुख्यमंत्री ने 651.62 करोड़ रुपये किए ट्रांसफर, छत्तीसगढ़-महतारी वंदन योजना की 11वीं किस्त जारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने महतारी वंदन योजना की 11वीं किस्त की राशि जारी कर दी है। प्रदेश की पात्र माताओं एवं बहनों को नववर्ष पर करीब 70 लाख माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना की एक-एक हजार रुपए की सहायता राशि उनके बैंक खाते में डाल दी गई है। इस योजना में मार्च 2024 से लेकर जनवरी 2025 तक हितग्राही महिलाओं को 11 मासिक किश्तों में 7181 करोड़ 94 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। योजना का शुभारंभ 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। राज्य की लगभग 70 लाख हितग्राही महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि की जानकारी के लिए महतारी वंदन योजना का मोबाइल एप भी है,जिसे हितग्राही प्ले स्टोर से डाउनलोड कर अपनी जानकारी देख सकते हैं। महिला एवं बाल विकास से मिली जानकारी के अनुसार माह जनवरी 2025 में कुल 69 लाख 69 हजार 399 हितग्राहियों को 651.62 करोड़ रूपए की राशि का भुगतान उनके बैंक खाते में किया गया। इन हितग्राहियों में से 60 लाख 65 हजार 160 हितग्राहियों को एक हजार रूपए के मान से 606 करोड़ 51 लाख 60 हजार रूपए की सहायता दी गयी है तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाले 9 लाख 04 हजार 239 महतारियों को 45 करोड़ 10 लाख 76 हजार 400 रूपए इस प्रकार कुल 651 करोड़ 62 लाख 36 हजार 400 रूपए की सहायता राशि जारी की गयी है। recent visitors 64

सत्ता में आते ही पानी के गलत बिल माफ होंगे, केजरीवाल ने फिर किया बड़ा ऐलान

Arvind Kejriwal Press Conference PC: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी का सियासी पारा आसमान छूने लगा है। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिन दिल्ली वासियों के पास पानी का गलत बिल आया है, उनका बिल माफ किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल का कहना है कि दिल्ली सरकार हर महीने 20 हजार लीटर पानी मुफ्त दे रही है। मेरे जेल जाने के बाद इन्होंने पानी के बिल भेज दिए। जिन लोगों के पानी के गलत बिल आए हैं, दिल्ली में हमारी सरकार बनने के बाद वो सारे बिल माफ कर दिए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में सभी परिवारों को 20-20 हजार लीटर पानी फ्री दिया जाता है। दिल्ली में लगभग 12 लाख से ज्यादा परिवारों के पानी के बिल जीरो आते हैं। मगर जब मैं जेल गया तो इन्होंने पीछे से कुछ तो गड़बड़ की कि लोगों के हर महीने लाखों-हजारों रुपए पानी के बिल आने लगे। हमारे दिल्ली के लोग पानी के बिल को लेकर त्रस्त हैं। इसलिए आज मैं सार्वजनिक रूप से ऐलान करना चाहता हूं कि जिन लोगों को लगता है कि उनका पानी का बिल गलत आया है, उन्हें अपना बिल भरने की जरूरत नहीं है। आप इंतजार करिए। दिल्ली में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद हम आपके सारे बिल माफ करवा देंगे। कांग्रेस पार्टी पर प्रहार करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस को जीत की भविष्यवाणी करने दीजिए। हमें जनता पर भरोसा है। कांग्रेस और बीजेपी को अब औपचारिक रूप से ऐलान कर देना चाहिए कि वो मिलकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस को वैसे भी कोई सीरियस नहीं लेता है। बीजेपी पर बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि अभी तक बीजेपी के पास न कोई मुख्यमंत्री चेहरा है, न कोई नैरेटिव है और न कोई दिल्ली को लेकर विजन है कि वो आगे क्या करेंगे? 10 साल में बीजेपी ने कोई काम नहीं किया। अब वो केवल AAP को गालियां देकर ये चुनाव जीतना चाहती है। हम लोगों को बता रहे हैं कि हमने 10 साल में यह काम किया और आने वाले 5 साल में यह काम करेंगे। हमें हमारे कामों के आधार पर वोट दो। वहीं बीजेपी कह रही है कि पिछले 10 साल में हमने इतनी गालियां दी और आने वाले 10 साल में और अच्छी-अच्छी गालियां देंगे केजरीवाल को, हमें गालियों के नाम पर वोट दो। अब जनता तय करेगी कि किसे वोट देना है। [/more] recent visitors 126

भ्रष्टाचार उजागर करने पर हत्यारों ने ले ली जान, छत्तीसगढ़-बीजापुर में पत्रकार मुकेश की नृशंस हत्या

बीजापुर/रायपुर। एक तारीख की शाम से लापता बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर का शव शुक्रवार देर शाम सडक़ ठेकेदार सुरेश-रितेश चंद्राकर के एक बाड़े में सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया। मुकेश के लापता होने की शिकायत परिजनों ने बीजापुर पुलिस से की थी। इस शिकायत के बाद से मुकेश की लगातार तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को जब पुलिस और पत्रकार सुरेश चंद्राकर के बाड़े में पहुंचे तो पाया कि वहां पर एक सेप्टिक टैंक में ताजा-ताजा ढलाई की गई है। इससे शक गहराया और जब टैंक को खुलवाया गया तो देर शाम उससे मुकेश का शव बाहर आया। उनके सीने पर धारदार हथियार से आधा दर्जन वार के निशान मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने मुकेश की हत्या की पुष्टि की। परिजनों ने आरोपियों पर सुनियोजित तरीके से हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मुकेश ने कुछ दिन पूर्व ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के सडक़ निर्माण पर खबर चलाई थी। उससे जुड़े भ्रष्टाचार की खबर उजागर की थी। 1 जनवरी की रात से था लापता पुलिस के मुताबिक मुकेश 1 जनवरी की शाम टी-शर्ट और शॉर्ट्स में ही घर से बाहर निकले थे। कुछ देर के बाद उनका फोन बंद हो गया। जब रात तक घर नहीं लौटे तो उनके भाई और पत्रकार युकेश चंद्राकर ने करीबियों के घर, शहर में अलग-अलग जगह पता लगाया, लेकिन मुकेश चंद्राकर की कोई खबर नहीं मिली। जिसके बाद भाई युकेश चंद्राकर ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मुकेश की हत्या से आक्रोशित बस्तर के पत्रकारों ने शनिवार को बीजापुर बंद और चक्काजाम का आह्वान किया है। पत्रकारों ने सुरेश चंद्राकर की सभी संपत्तियों को जब्त करने और उसके सभी खातों को सील करने की मांग की है। अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा: साय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस घटना के अपराधी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने के निर्देश हमने दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मुकेश जी का जाना पत्रकारिता जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। परिवार को कांग्रेस नेता पर शक घटना के बाद कांग्रेस नेता सुरेश और उसका छोटा भाई रीतेश चंद्राकर फरार है। उसकी थार गाड़ी को हैदराबाद से बरामद किया गया है। मुकेश के बड़े भाई युकेश भी पत्रकार हैं। उन्होंने बताया कि एक जनवरी की रात साढ़े आठ बजे तक मुकेश घर पर था। मगर देर रात कुछ लोग उसे बुलाने पहुंचे। इसके बाद से वह लापता था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिवार ने हत्याकांड के पीछे कांग्रेस नेता सुरेश के होने का शक जताया है। भ्रष्टाचार को मुकेश चंद्राकर ने उजागर किया कांग्रेस नेता सुरेश मूलरूप से बासागुड़ा का रहने वाला है। मगर सलवा जुड़ूम आंदोलन के बाद उसका परिवार बीजापुर में रहने लगा। यहां सुरेश ने ठेकेदारी का काम शुरू किया। देखते ही देखते वह बड़ा ठेकेदार बन गया। 2021 में हेलीकॉप्टर से बरात ले जाने पर वह चर्चा में आया था। यह बात भी सामने आ रही है कि मुकेश और सुरेश आपस में रिश्तेदार थे। कांग्रेस नेता एवं ठेकेदार सुरेश ने कुछ दिन पहले ही गंगालूर रोड का निर्माण कराया था। मगर इसमें हुए भ्रष्टाचार को मुकेश चंद्राकर ने उजागर किया था। मुकेश की रिपोर्ट के बाद ही प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की। कहा जा रहा है कि सुरेश इसी वजह से पत्रकार मुकेश से खफा था। दीपक बैज बोले- पत्रकार भी सुरक्षित नहीं वहीं पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं है। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था अब असहनीय हो चुकी है। बैज ने कहा राजधानी से शुरू हुआ हत्याओं का खौफनाक मंजर अब बस्तर तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री की बस्तर में मौजूदगी के दौरान ही जगदलपुर में एक चिकित्सक की पत्नी की हत्या हो गई। प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था का शिकार अब लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी हो रहा है। पत्रकार को अपनी निष्पक्ष पत्रकारिता की कीमत जान देकर चुकानी पड़ रही है। बीजेपी ने ट्वीट कर कही ये बात ""बीजापुर पत्रकार मुकेश चंद्राकर जी का हत्यारा मुख्य आरोपी कांट्रेक्टर सुरेश चंद्राकर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का खास आदमी हैं। दीपक बैज ने ही सुरेश को कांग्रेस पार्टी के SC मोर्चा का प्रदेश सचिव का पद देकर नवाजा भी हैं।     हत्यारी कांग्रेस या कांग्रेस के हत्यारे..…""     — BJP Chhattisgarh (@BJP4CGState) January 3, 2025 recent visitors 69