कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल से अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने को लेकर माफ़ी मांगने की मांग की, किया प्रदर्शन

नई दिल्ली पूर्व सांसद उदित राज के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर से बाहर प्रदर्शन किया और पंजाब के अमृतसर में बाबा साहब डॉ़ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने को लेकर उनसे माफी मांगने की मांग की। इस दौरान श्री उदित राज ने कहा, 'श्री केजरीवाल को डॉ. अंबेडकर का सम्मान करना सीखना चाहिए। अमृतसर में डॉ. अंबेडकर की मूर्ति को तोड़ा गया है। वहां उनकी सरकार है। मैं यहां कोई बाधा डालने नहीं आया हूं। हमारा कोई राजनीतिक मकसद नहीं है। मैं यहां सिर्फ उन्हें बाबा साहब अंबेडकर की मूर्ति भेंट करने आया हूं…उन्हें अमृतसर में राज्य के अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए।' कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने श्री केजरीवाल के घर से सामने सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाये हैं। गौरतलब है कि 26 जनवरी को एक वीडियो सोशल मीडिया में सामने आया था जिसमें एक व्यक्ति पंजाब के अमृतसर में सीढ़ी लगाकर बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर चढ़ते और हथौड़े से उसे क्षतिग्रस्त करते हुए नजर आ रहा था। इस घटना को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी, पंजाब सरकार और श्री केजरीवाल की तीखी आलोचना की थी।   recent visitors 41

क्रिस मार्टिन और डकोटा जॉनसन ने महाकुंभ में लगाई आस्था की डुबकी

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2025 जारी है। इसमें कई जाने-माने सेलेब्स भी जा रहे हैं और संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। विदेश से अपने कॉन्सर्ट 'कोल्डप्ले' के लिए भारत आए क्रिस मार्टिन भी अपनी गर्लफ्रेंड डकोटा जॉनसन के साथ महाकुंभ पहुंचे। उन्होंने स्नान किया। हाथ जोड़कर नमस्कार किया। उनका वीडियो वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो को जिस यूजर ने शेयर किया है, वो खुद त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज गए थे, लेकिन उन्हें सामने Dakota Johnson और Chris Martin नजर आ गए। उन्होंने भी अन्य श्रद्धालुओं की तरह महाकुंभ में संगम में डुबकी लगाई। यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'जब आप कॉन्सर्ट में नहीं जा पाते, तो कलाकार आपके पास आता है – कुंभ मेले में! कोल्डप्ले के क्रिस मार्टिन और डकोटा के साथ संगम स्नान किया, जिन्होंने हर अनुष्ठान का गहन सम्मान के साथ पालन किया। संगीत जोड़ता है, लेकिन आस्था सर्वोपरि है। हर हर महादेव!' 'फिल्मी स्टाइल में मन की मुराद पूरी' इस वीडियो पर लोगों के खूब रिएक्शन हैं। एक ने लिखा, 'कॉन्सर्ट तो बहाना था, कोल्डप्ले को महाकुंभ आना था।' दूसरे ने लिखा, 'वाह.. बिना 15 हजार की टिकट के एकदम नजदीक से हो गए क्रिस मार्टिन के दर्शन, भोलेनाथ आपको प्यार करते हैं। पूरा फिल्मी स्टाइल मन की मुराद पूरी हो गई।' मुंबई में सिद्धि विनायक मंदिर के दर्शन इससे पहले क्रिस और डकोटा ने मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर के दर्शन किए थे। वहां से उनका वीडियो खूब वायरल हुआ था। recent visitors 35

‘देश और प्रदेश की उन्नति में युवाओं का अहम योगदान: भजनलाल शर्मा’, राजस्थान-मुख्यमंत्री ने 16वीं जयपुर मैराथन को दिखाई हरी झंडी

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान शक्ति, भक्ति और स्वाभिमान का प्रदेश है। यहां का युवा विश्वास और कड़ी मेहनत से आगे बढ़ रहा है। राजस्थान को देश का अग्रणी प्रदेश बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।राज्य सरकार भी युवाओं के सपनों को साकार करने का पूर्ण प्रयास कर रही है। शर्मा ने रविवार को जयपुर में आयोजित 16वीं जयपुर मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया।उन्होंने कहा कि इस तरह की मैराथन का आयोजन बहुत आवश्यक है। इससे स्वस्थ रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कियुवाओं का देश और प्रदेश की उन्नति में अहम योगदान है। राजस्थान में विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश शिक्षा, चिकित्सा, खनिज एवं पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरन्तर प्रगति कर रहा है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को दे रही बढ़ावा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अगले वर्ष खेलो इंडिया गेम्स की मेजबानी करेगा, जिसमें युवाओं की सहभागिता महत्वपूर्ण होगी। राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और संभाग स्तर पर खेल महाविद्यालय खोलने का मार्ग भी प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट के सफल आयोजन से जिलों में औद्योगिक निवेश आ रहा है। इससे प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा। साथ ही, राज्य सरकार 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर भी उपलब्ध कराएगी।श्री शर्मा ने मैराथन विजेताओं को चैक प्रदान कर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर विधायक श्री शत्रुघ्न गौतम, उपमहापौर जयपुर नगर निगम ग्रेटर श्री पुनीत कर्णावट,जयपुर मैराथन के आयोजक श्री सुरेश मिश्रा, श्रीमती नीलम मिश्रा, वर्ल्ड ट्रेड पार्क के चैयरमेन श्री अनूप बरतरिया, कार्यकारी निदेशक एयू बैंक श्री उत्तम टिबरेवाल सहित बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय धावक और शहरवासी उपस्थित रहे। recent visitors 69

सीसीटीवी में कैद हुए फुटेज, राजस्थान-बीकानेर में भूकंप के झटकों से घबराए लोग

बीकानेर। बीकानेर में ठीक एक बजे भूकंप का तगड़ा झटका महसूस हुआ। भूकंप के कारण जमीन हिलने का अहसास होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। नोखा और लूणकरनसर में भी भूकंप का एहसास हुआ। घरों में लगे सीसीटीवी में भूकंप के झटकों के कारण हिलते हुए वाहनों के फुटेज दर्ज हुए हैं। मौसम विभाग ने बीकानेर में आए इस भूकंप की पुष्टि की है। राहत की बात यह है कि भूकंप के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं। भूकंप की तीव्रता और इसका केंद्र बिंदु अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप के झटकों के बाद लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। अगर दोबारा झटके महसूस हों, तो तुरंत खुले स्थानों पर चले जाएं और इमारतों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। recent visitors 63

सीएम साय जशपुर के लिए नहीं हो पाए रवाना, हेलीकॉप्टर में आई खराबी

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हेलीकॉप्टर में खराबी आने से वे जशपुर के लिए रवाना नहीं हो पाए. सीएम साय 20 मिनट तक हेलीकॉप्टर के उड़ने का इंतजार करते रहे, लेकिन उड़ान नहीं भर पाया. बताया जा रहा कि टेक्निकल समस्या के चलते हेलीकॉप्टर नहीं उड़ पाया. इसकी सूचना मिलते ही एसएसपी लाल उम्मेद सिंह समेत सुरक्षा बल के अधिकारी पुलिस लाइन हेलीपेड पहुंचे हैं. मुख्यमंत्री विष्णु साय डेढ़ घंटे से ज्यादा वक्त तक पुलिस लाइन हेलीपैड में बैठकर हेलीकॉप्टर के ठीक होने का इंतजार करते रहे. तकनीकी खराबी ठीक हो पाने पर सीएम एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए, जहां से वे दूसरे हेलीकॉप्टर से जशपुर रवाना होंगे. बता दें कि सीएम साय आज दोपहर 12 बजे जशपुर दौरे पर जाने वाले थे, जहां दुलदुला विकासखंड के जामटोली में आयोजित मां शारदा धाम मेला में शामिल होने का शेड्यूल है. इसके बाद वहां से शाम 4 बजे वापस रायपुर लौटने वाले थे. recent visitors 37

नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में को उतार मौत के घाट

कांकेर  नक्सलवाद के खात्मे के लिए बड़े एंटी नक्सल अभियान चलाए जा रहे हैं. जिसमें लगातार जवानों को सफलता भी मिल रही है. इसकी बौखलाहट में नक्सली ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं. नक्सलियों ने आज एक और ग्रामीण को पुलिस मुखबिरी के आरोप में मौत के घाट उतार दिया. दरअसल, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिला के कियर गांव में आज नक्सलियों ने खूनी खेल खेला. गला घोंटकर और पीट-पीटकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद माओवादियों ने पर्चा भी फेंका है. जिसमें पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया है. क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है. सरहदी इलाकों में एक्शन प्लान के बाद सुरक्षबल के जवान लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं. जिसमें बड़ी संख्या में नक्सली मारे जा रहे हैं. साथ ही नक्सलियों की डंप सामग्री भी बरामद की जा रही है. recent visitors 37

जगदलपुर में आवारा कुत्तों आतंक : मासूम बच्चे के चबा डाले सिर, हाथ और पैर

जगदलपुर शहर में डॉग बाइट का मामला सामने आया है. हिकमीपारा इलाके में आवारा कुत्तों के झुंड ने 10 वर्ष के बच्चे पर अचानक हमला कर दिया. खूंखार कुत्तों ने बच्चे के शरीर के कई हिस्सों को काट लिया. घायल बच्चे को देर रात अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालात को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया. जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र में 10 साल के बच्चे को आवारा कुत्तों ने घेरकर हमला कर दिया. हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चा घर के बहार खेल रहा था. कुत्तों के झुंड ने बच्चे के खोपड़ी, दाएं पैर और बांए हाथ को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. किसी तरह बच्चे की जान बची. परिजन देर रात बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया. प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग शहरवासी काफी समय से आवारा कुत्तों के कारण परेशान है. लोगों में खूंखार कुत्तों को लेकर भय है. स्थानीय प्रशासन से आवारा कुत्तों के रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं. recent visitors 31