Tuesday, July 7, 2026 8:24 am

स्वास्थ्य केंद्र, दूसरी शिफ्ट यानि दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक भी संचालित होगा

भोपाल शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, आयुष परिसर मैनिट हिल्स भोपाल में स्थित "होम्योपैथी स्वास्थ्य कल्याण केंद्र" में अब समस्त सुविधाएं प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। यह केंद्र, दूसरी शिफ्ट यानि दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक भी संचालित होगा। ज्ञातव्य है कि उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने जनवरी 2024 में, उक्त केन्द्र के नवीन भवन का लोकार्पण किया था। इस अवसर पर केन्द्रीय आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा भी शामिल हुए थे। उल्लेखनीय है कि "होम्योपैथी स्वास्थ्य कल्याण केंद्र", वर्ष 2016 से सतत् संचालित है। इस केंद्र में होम्योपैथिक चिकित्सा के अतिरिक्त योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ बने रहने के लिए शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में उत्पन्न होने वाली सभी प्रकार की समस्याओं के लिए उपचार प्रदान किया जाता है। इस केन्द्र में मुख्य उपचारों में शरीर के विभिन्न प्रकार के दर्द जैसे की पीठ का दर्द एड़ियों में दर्द आदि, मोटापा, मधुमेह, हाई बीपी एवं त्वचा संबंधी रोगों के विशेष पैकेज उपलब्ध है। थैरेप्यूटिक एवं सामान्य योग के माध्यम से स्वास्थ्य के संरक्षण एवं विभिन्न समस्याओं में योग की विशेषज्ञ के साथ उपचार प्रदान किए जाते हैं। केन्द्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के संयुक्त तत्वाधान में शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल द्वारा संचालित इस केन्द्र में हाइड्रोथेरेपी, मसाज सोना, थैरेप्यूटिक योग, लोकल स्ट्रीम, बॉडी कंपोजिशन एनालिसिस जैसी समस्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। शरीर की संरचना के लिए उपयोगी समस्त सुविधाएं यहां उपलब्ध है, जो रोग के कारक एवं उनके उपचार ढूंढने में चिकित्सकों के लिए बहुत उपयोगी है। केन्द्र में उपलब्ध समस्त सुविधाओं की जानकारी एवं लाभ लेने के लिए दूरभाष क्रमांक 9202663862 पर संपर्क किया जा सकता है। सम्पर्क की सुविधा प्रातः 8 बजे से ही उपलब्ध है। सभी प्रकार की सुविधाओं में "पहले आओ-पहले पाओ" के आधार पर लाभार्थियों को सेवाएं दी जाती हैं। शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय में भर्ती 100 से अधिक मरीजों को प्रतिदिन समस्त सेवाएं प्रदान की जाती हैं एवं ओपीडी या विजिट के आधार पर भी बड़ी संख्या में प्रतिदिन रोगियों को उपचारित किया जाता है। संस्थान के प्रधानाचार्य एवं सीईओ डॉ एसके मिश्रा ने बताया कि स्थानीय महाविद्यालय में संचालित यह केन्द्र देश का प्रथम ऐसा उदाहरण है, जहां सर्व समावेशी स्वास्थ्य के माध्यम से होम्योपैथी नेचुरोपैथी एवं योग के माध्यम से इतनी बड़ी संख्या में रोगों का उपचार किया जा रहा है। योग एवं जीवनचर्या के माध्यम से बहुत बड़ी संख्या में रोगियों, छात्र-छात्राओं आदि को स्वस्थ जीवन शैली के महत्व पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसे आने वाले समय में वह दवा मुक्त जीवन जी सकें और अपनी क्षमताओं का निर्माण कर सकें। मानसिक रूप से अवसाद एवं चिंता से ग्रसित लोगों के लिए भी योग बहुत अधिक प्रभावकारी सिद्ध हुआ है। होम्योपैथी दवा के साथ जब इसका प्रयोग किया गया तो उनके परिणाम बहुत ही उत्साहवर्धक आए हैं। बड़ी संख्या में ऐसे लोग देखने को मिले जो रासायनिक दवा पर आश्रित थे परंतु नियमित रूप से होम्योपैथी व योग क्रियाओं को अपनाकर इन दवाओं से मुक्त हो गए हैं। केंद्र की नोडल अधिकारी डॉ जूही गुप्ता ने बताया कि यह बड़ी संख्या में लोगों के सहयोग का नतीजा है कि आज एक ऐसा शासकीय केंद्र स्थापित हो सका, जो स्वस्थ रहने में मदद कर रहा है।   recent visitors 46

कांग्रेसी रहे भाजपाई को पुलिस ने दबोचा, नाबालिग से दुराचार का मामला

टीकमगढ़ अपने आपको कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रहे नेता के करीबी बताने बाले कांग्रेसी और फिर भाजपा का दामन थामकर सांसद प्रतिनिधि रहे भाजपाई संजू यादव को सोमवार के दिन पुलिस कप्तान से मिलकर लौटने के एन मौके पर एसपी दफ्तर के बाहर एक नाबालिग़ बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपियों को संरक्षण एवं उन्हें अपने होटल में दुष्कर्म करने के लिए जगह उपलब्ध कराने मे उनकी भूमिका को लेकर कोतवाली पुलिस द्वारा हिरासत मे लिया गया है। सदर कोतवाली के टीआई पंकज शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी छिपाने और दुष्कर्म की घटना कारित करने के लिए होटल मे कमरा उपलब्ध कराने मे संजू यादव की भूमिका की जाँच की जा रही है जाँच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर मामला दर्ज किया जायेगा। पुलिस कप्तान की संवेदनशीलता आई काम नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सदर कोतवाली द्वारा दो दिनों तक रिपोर्ट न लिखे जाने पर पीड़ित परिवार के समाज के लोगों ने पुलिस कप्तान से मामला दर्ज करने की गुहार लगाई। जिसपर पुलिस कप्तान ने अपनी संवेदनशील पहचान को बरकरार रखते हुए मामला दर्ज करने हेतु निर्देशित किया था। गौरतलब है कि गत 1 मार्च को नाबालिग पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ, रोहित साहू और विशाल साहू के खिलाफ इस आशय की प्राथमिकी दर्ज कराई कि उन्होंने शहर के कान्हा होटल, ‘जो कांग्रेसी से भाजपाई बने संजू यादव संचालित करते हैं,’मे उक्त दोनों आरोपियों ने उनके साथ जबरन ले जाकर बलात्कार किया और घटना के फोटो लेकर उन्हें पिछले कई दिनों से उन्हीं फोटो को सार्वजानिक करने का भय दिखाकर लाखों रूपये ऐंठ लिए । पुलिस ने मामले को लेकर रोहित और विशाल साहू के खिलाफ, धारा 363,366,384, 376, 3/4 पोक्सो अधिनियम की धाराओं मे प्रकरण कायम किया । कांग्रेस पार्टी ने की कार्यवाही की मांग पूर्व मंत्री व सदर विधायक यादवेन्द्र सिंह, खरगापुर विधायक चंदा सिंह गौर, रेखा चौधरी, किरण अहिरवार, गौरव शर्मा, जिलाध्यक्ष नवीन साहू सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन पुलिस कप्तान को सौंपते हुए कार्यवाही की मांग की है, साथ ही भाजपा के शासन में कानून व्यवस्था की बदतर हालात का आरोप लगाया। संजू को भाजपा ने पार्टी से बाहर किया हाल ही में भाजपा की नई जिलाध्यक्ष बनी सरोज राजपूत ने एक पत्र जारी करते हुए बताया कि कान्हा होटल में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में संजू यादव पर आरोप लगाया जा रहा है, जिस कारण पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। इस कृत्य से छवि खराब होने व अनुशासन हीनता की परिधि में होने के कारण संजू यादव को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया जाता है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष  अमित नुना का कहना है कि संजू यादव बीते चुनाव के दौरान टोलफ्री नम्बर से मिलने बाली सदस्यता से सदस्य बने थे।  सादगी की आड़ में संरक्षण सदर विधायक यादवेन्द्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद डॉ वीरेन्द्र कुमार द्वारा ऐसे लोगों को सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने को लेकर कहा है कि सांसद जी की सादगी की मिसाल भाजपा देती है और वे सादगी की आड़ में गलत लोगों को संरक्षण देने का काम करते हैं। भाजपा की कथनी और करनी में फर्क है। भाजपा की चाल , चरित्र और चेहरा उजागर हो गया है। recent visitors 17

संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा में प्लास्टिक सर्जरी से जोड़ा कटा हुआ हाथ

संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा में प्लास्टिक सर्जरी से जोड़ा कटा हुआ हाथ उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने दी बधाई भोपाल संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने दुर्घटना ग्रस्त अनिल साकेत का कटा हुआ हाथ जटिल शल्य चिकित्सा से पुनः जोड़ने में सफलता प्राप्त की है। इस सफलता पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा के प्लास्टिक सर्जन डॉ. अजय पाठक एवं उनकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आपकी कार्यक्षमता से प्रदेश की जनता लाभान्वित हो रही है एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर रही है। उल्लेखनीय है कि ग्राम सलैया, जिला सीधी निवासी 28 वर्षीय अनिल साकेत का बायां हाथ लकड़ी काटने की मशीन से कलाई से पूर्णतः अलग हो गया था। मरीज को गंभीर अवस्था में उसी दिन सुबह चिकित्सालय लाया गया, जहां वरिष्ठ प्लास्टिक एवं शल्य चिकित्सकों ने तत्काल मूल्यांकन कर पुनः अंग जोड़ने की शल्य प्रक्रिया करने का निर्णय लिया। प्लास्टिक सर्जन डॉ. अजय पाठक एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम द्वारा लगभग 6 घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस सर्जरी में अस्थि रोग विभाग के डॉ. बी.बी. सिंह, निश्चेतना विभाग के डॉ. अरविंद राठिया तथा डॉ. आशुतोष का विशेष योगदान रहा।   recent visitors 18

जनजातीय समुदायों की संस्कृति, पूजा पद्धतियों के संरक्षण के लिए प्रदेश में जनजातीय देवलोक विकसित किया जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

जनजातीय समुदायों की संस्कृति और पूजा पद्धतियों के संरक्षण के लिए जनजातीय देवलोक करेंगे विकसित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनजातियों की संस्कृति के संरक्षण और पूजा व त्यौहार आदि की विशेष व्यवस्था के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव  जनजातीय समुदायों की संस्कृति, पूजा पद्धतियों के संरक्षण के लिए प्रदेश में जनजातीय देवलोक विकसित किया जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव चार मार्च को मुख्यमंत्री निवास में होगा जनजातीय देवलोक महोत्सव भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनजातियों की संस्कृति के संरक्षण और उनके त्यौहार तथा पूजा आदि की विशेष व्यवस्था के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। पश्चिमी मध्यप्रदेश में शीघ्र ही भगोरिया की शुरूआत हो रही है। मुख्यमंत्री निवास में भी मंगलवार 4 मार्च को जनजातीय देवलोक महोत्सव आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों की संस्कृति, पूजा पद्धतियों के संरक्षण के लिए प्रदेश में जनजातीय देवलोक विकसित किया जाएगा। जनजातीय समाज और उनकी परम्पराएं भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। इन परम्पराओं और उपासना पद्धतियों को जीवंत बनाए रखने तथा वर्तमान और आगामी पीढ़ियों को इनसे अवगत कराने के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ लेते हुए, कार्य योजना का क्रियान्वयन आवश्यक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश में जनजातीय देवलोक स्थापना के लिए मंत्रालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, मुख्य सचिव अनुराग जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 7 प्रमुख जनजातियां और इनकी उपजातियों सहित 43 जनजातीय समुदाय निवास करते हैं। जनजातियों ने प्रकृति, प्रतीक और प्रतिमा में अपने देवधारणाओं को स्थापित किया है और इनके माध्यम से वे अपनी आस्था और धारणाओं का प्रकटीकरण करते हैं। प्रदेश के अलग-अलग भौगालिक क्षेत्रों में निवासरत जनजातीय समुदायों के देवी-देवता और उनके प्रतीक भिन्न-भिन्न हैं। अत: राज्य के जनजातीय समुदायों की मान्यताओं, आस्था, प्रतीकों के देवलोक को एक स्थान पर लाने के लिए प्रयास करना आवश्यक है। इन प्रयासों में जनजातीय समुदायों के ओझा, पटेल, पुजारा, तड़वी, भुमका, पंडा, गुनिया आदि के विचारों को भी समाहित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवलोक की स्थापना के लिए सभी जनजातियों के आवागमन की सुगमता को ध्यान में रखते हुए भूमि चिन्हित की जाए। बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्णवाल, प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य विभाग गुलशन बामरा, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार राम तिवारी तथा लक्ष्मण सिंह मरकाम उपस्थित थे।   recent visitors 25

वन्य-जीव संरक्षण एवं वनों में आग न लगने के उद्देश्य से जागरूकता-सह-साइकिल रैली

विश्व वन्य-जीव दिवस भोपाल उमरिया जिले के बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में विश्व वन्य-जीव दिवस के अवसर पर वन्य-जीव संरक्षण और वनों में आग न लगने के उद्देश्य से जागरूकता-सह-साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली का नेतृत्व बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम शाह एवं उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने किया। जागरूकता रैली में विभिन्न परिक्षेत्रों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सुरक्षा श्रमिक शामिल हुए। कार्यक्रम में जिप्सी यूनियन, गाइड यूनियन एवं होटल यूनियन के प्रतिनिधियों द्वारा भी सहयोग किया गया। विशेष रूप से अरण्यक रिसोर्ट द्वारा रैली के लिये साइकिल उपलब्ध कराई गयी। उप संचालक बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रकाश वर्मा ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर परिक्षेत्रों के विभिन्न गाँवों के लिये रवाना किया। रैली में सहायक संचालक एवं परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा भी साइकिल चलाकर वन्य-प्राणियों के प्रति जागरूकता और वनों में आग न लगने का संदेश दिया गया। रैली के माध्यम से जीरो फायर मिशन 2.0 का भी शुभारंभ किया गया। जीरो फायर मिशन 2.0 बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व द्वारा वनों में आग की रोकथाम के लिये चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों का एक संकलित रूप है।   recent visitors 22

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए विशेष वॉकथॉन का होगा आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए विशेष वॉकथॉन का होगा आयोजन वॉक फॉर हेल्थ, वॉक फ़ॉर अवेयरनेस भोपाल स्टेट नोडल प्रिवेंटिव गायनेकोलॉजी, ऑन्कोलॉजी एवं इनफर्टिलिटी और सेंटर प्रभारी, काटजू अस्पताल, भोपाल डॉ. रचना दुबे ने बताया कि महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने और उन्हें निवारक चिकित्सा एवं प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से डॉ. कैलाशनाथ काटजू शासकीय महिला अस्पताल, भोपाल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर "वॉक फॉर हेल्थ, वॉक फ़ॉर अवेयरनेस" थीम पर विशेष वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सचेत बनाने के साथ-साथ कैलाशनाथ कटजू सिविल अस्पताल में नव स्थापित स्टेट ऑफ़ आर्ट "प्रिवेंटिव गायनेकोलॉजी और इनफर्टिलिटी सेंटर" की सेवाओं के प्रति जागरूक कराने के लिए किया जा रहा है। डॉ. रचना दुबे ने बताया कि वॉकथॉन का आयोजन 8 मार्च 2025 को सुबह 7 बजे अटल पथ (स्मार्ट सिटी प्लैटिनम प्लाजा के समीप) से किया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए नि:शुल्क पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है, जो प्रातः 6:30 बजे से 7:00 बजे तक किया जाएगा। वॉकथॉन में भाग लेने के लिए कोई विशेष पोशाक अनिवार्य नहीं है, प्रतिभागियों को आरामदायक परिधान और जूते/स्नीकर्स पहनकर आना होगा। कार्यक्रम में महिलाओं को गायनेकोलॉजी, इनफर्टिलिटी और कैंसर निवारण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। साथ ही नव स्थापित "स्टेट-ऑफ-द-आर्ट प्रिवेंटिव गायनेकोलॉजी और इनफर्टिलिटी सेंटर" की सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और निवारक चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जाएगा। डॉ. रचना दुबे ने सभी नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं से अनुरोध किया है कि वे इस वॉकथॉन में भाग लें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें। इच्छुक प्रतिभागी वॉकथॉन में भाग लेने के लिए पूर्व पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए इच्छुक प्रतिभागी निम्नलिखित लिंक का प्रयोग कर सकते हैं: https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSe1DfPJQA7Ivdv8_LQBSJRab6Gp7aFhNvIrpcrAtQHBrfDYug/viewform?usp=header।   recent visitors 23

सेमीफाइनल मैच की ये है बेस्ट ड्रीम टीम, रोहित शर्मा-ट्रेविस हेड के बीच होगी टक्कर

दुबई आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला आज (4 मार्च) दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस सेमीफाइनल में भारतीय टीम की टक्कर ऑस्ट्रेलिया से होगी. यह मैच दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अब तक कोई मैच नहीं हारी है. भारतीय टीम ने चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप स्टेज में 3 मैच खेले और तीनों जीते हैं. अब उसकी नजर सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में एंट्री करने पर है. मगर रोहित ब्रिगेड के लिए यह इतना आसान नहीं होने वाला है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ICC टूर्नामेंट्स के नॉकआउट मैचों में भारतीय टीम का रिकॉर्ड पिछले 14 सालों में बेहद खराब रहा है. इस दौरान जब भी दोनों टीमें आमने-सामने आई हैं, तब भारत को हार मिली है. इससे पहले भारतीय टीम ने 2007 टी20 और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीता है. दोनों ही बार नॉकआउट मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया को हराया है. यदि इस बार भी सेमीफाइनल में भारतीय टीम जीतती है तो उसका खिताब पक्का हो सकता है. आज दुबई की पिच कैसी होगी? क्या बल्लेबाज आसानी से रन बनाएंगे या फिर गेंदबाज कहर बरपाएंगे? साथ ही भारत-ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल किस पिच पर खेला जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत-ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल नई पिच पर खेला जाएगा. इस तरह ग्राउंड में बदलाव नहीं होगा, लेकिन पिच बदला-बदला नजर आएगा. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नई पिच पर खेलेगी भारतीय टीम दरअसल, इससे पहले भारतीय टीम बांग्लादेश और पाकिस्तान के खिलाफ अलग-अलग पिच पर खेली. लेकिन अगर भारत-ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल नई पिच पर होता है तो हालात कितने बदले नजर आएंगे? क्रिकेट के जानकारों का कहना है कि अगर नई पिच पर मैच होता है तो पिच का मिजाज बदला-बदला नजर आएगा. यह पिच फिर उस तरह नहीं खेलेगी, जिस तरह बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली. इस पिच के स्वाभाव में बदलाव आ जाएगा. वहीं, इस समय आईसीसी की देखरेख में एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड नई पिच तैयार करने में लगा है. साथ ही ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू सैंड्री क्यूरेटर की भूमिका निभा रहे हैं. अगर ऐसा हुआ तो टीम इंडिया को लगेगा झटका दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया 4 स्पिनरों के साथ उतरी थी. उस मैच में वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और वरुण चक्रवर्ती प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे. अगर नई पिच हुई तो स्पिनरों के लिए बॉल टर्न करवाना आसान नहीं होगा. ऐसे में भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका माना जाएगा, क्योंकि स्पिन बॉलिंग भारतीय टीम का मजबूत पक्ष रहा है. इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ वरुण चक्रवर्ती ने 5 विकेट लिए थे. अगर पिच के स्वाभाव में बदलाव हुआ तो वरुण चक्रवर्ती के साथ-साथ अन्य भारतीय स्पिनरों के लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी. 2011 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम का बुरा हाल दरअसल, ICC टूर्नामेंट्स के नॉकआउट मैचों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा लगभग बराबरी का रहा है. इस दौरान दोनों टीमों के बीच कुल 7 बार आमना-सामना हुआ, जिसमें भारत ने 3 बार जीत दर्ज की है. 4 बार उसे हार मिली है. मगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2011 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम का बुरा हाल दिखा है. 2011 वर्ल्ड कप के क्वार्टरफाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी थी. इसके बाद से किसी भी ICC नॉकआउट मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम को सफलता नहीं मिल सकी है. 2011 वर्ल्ड कप के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगली टक्कर 2015 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हुई थी. फिर दोनों टीमों का आमना-सामना 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल में हुआ था. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल भी हुआ था. मगर हर बार भारतीय टीम को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी. हालांकि इस दौरान भारतीय टीम ने 2023 वर्ल्ड कप में एक बार ऑस्ट्रेलिया को हराया है, लेकिन यह सिर्फ ग्रुप मैच था. कंगारू टीम से गायब हैं 5 स्टार खिलाड़ी हालांकि इस बार ऑस्ट्रेलियाई टीम कागजों पर कमजोर नजर आ रही है. इस स्क्वॉड में तेज गेंदबाज पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, मिचेल मार्श और मार्कस स्टोइनिस नहीं हैं. कमिंस को एंकल और हेजलवुड को हिप में चोट लगी है. स्टार्क निजी कारणों से बाहर हैं, जबकि मार्श भी चोटिल ही हैं. दूसरी ओर स्टोइनिस ने टूर्नामेंट से ठीक पहले संन्यास का ऐलान कर दिया था. आज के मैच के बेस्ट कप्तान और उपकप्तान ऑस्ट्रेलिया की ओर से ट्रेविस हेड सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं, क्योंकि पिच से गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों को मदद मिलने की उम्मीद है। वह पारी की शुरुआत करेंगे और उनसे कुछ ओवर गेंदबाजी करने की उम्मीद है। उन्होंने नौ आमने-सामने के मैचों में 345 रन बनाए हैं। दूसरी और अक्षर पटेल भारतीय टीम के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में से एक हैं। वह बेहतरीन फॉर्म में हैं और आज के मैच में उनसे अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है। वह मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करेंगे और अपने ओवरों का कोटा पूरा करेंगे। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के मैच की ड्रीम-11 टीम     विकेटकीपर: जोश इंगलिस     बल्लेबाज: शुभमन गिल, स्टीवन स्मिथ, विराट कोहली, ट्रैविस हेड, श्रेयस अय्यर     ऑलराउंडर: ग्लेन मैक्सवेल, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या     गेंदबाज: एडम जम्पा, वरुण चक्रवर्ती     कप्तान: अक्षर पटेल     उपकप्तान: ट्रेविस हेड   ICC नॉकआउट मैचों में भारत Vs ऑस्ट्रेलिया कुल मैच: 7 भारत जीता: 3 ऑस्ट्रेलिया जीता: 4 ICC नॉकआउट के नतीजे: 1998 चैम्पियंस ट्रॉफी: भारत ने 44 रन से जीत दर्ज की 2003 वनडे वनडे कप: ऑस्ट्रेलिया ने 125 रन से मैच जीता 2007 टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम 15 रन से मुकाबला जीती 2011 वनडे वर्ल्ड कप: भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की 2015 वनडे वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया ने 95 रन से जीत दर्ज की 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल: ऑस्ट्रेलियाई टीम 209 रनों से जीती 2023 वनडे वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए दोनों स्क्वॉड: भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर. ऑस्ट्रेलिया की टीम: स्टीव स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, एलेक्स कैरी, बेन ड्वारशुइस, … Read more