Wednesday, July 8, 2026 8:11 am

अवैध हथियारों की तस्करी का सनसनीखेज खुलासा, व्हाट्सएप बिक रहे कट्टा और पिस्टल

रायपुर राजधानी रायपुर में अवैध हथियारों की तस्करी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए कट्टा और पिस्टल की खुलेआम डीलिंग हो रही है। इस ग्रुप में न केवल मनपसंद हथियार उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है, बल्कि ऑल इंडिया डिलीवरी की गारंटी भी दी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध धंधे में अरुण कुमार और राहुल कुमार नाम के दो व्यक्ति मुख्य आरोपी हैं। ये लोग व्हाट्सएप ग्रुप में हथियारों की तस्वीरें शेयर कर खरीदारों को लुभा रहे हैं। ग्रुप में जारी एक मैसेज में लिखा गया—”जिस किसी भाई को सामान चाहिए, वह 8950****** नंबर पर संपर्क करे। ऑल इंडिया डिलीवरी उपलब्ध है।” रायपुर एसएसपी ने दिए जांच के निर्देश जानकारी के अनुसार एसएसपी डॉ. लाल उमेंद्र सिंह ने क्राइम ब्रांच को पूरे मामले की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ग्रुप के सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। राजधानी में बढ़ी गोलीकांड की वारदातें गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में हाल के वर्षों में गोलीकांड की घटनाएं बढ़ी हैं। बीते साल 3 जुलाई 2024 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक कारोबारी पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई। 20 दिसंबर 2023 को लाभांडी क्षेत्र में पुरानी शराब भट्टी के पास अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की थी। 13 मई 2022 को महावीर इलाके में एक लड़की पर दो युवकों ने गोली चलाई थी। 16 अप्रैल 2024 को संजय नगर के एक युवक पर फायरिंग की शिकायत दर्ज हुई थी। इस बीच, इस तरह से अवैध हथियारों का सोशल मीडिया में प्रचार कर बेचा जाना बेहद खतरनाक है। recent visitors 25

बिना टैक्स भरे नहीं होगा हनी सिंह का का कॉन्सर्ट, MIC मेंबर ने महापौर को पत्र लिख दी ये चेतावनी

 इंदौर यो-यो हनी सिंह(Yo Yo Honey Singh) का कॉन्सर्ट दो दिन बाद इंदौर में होगा या नहीं ? इस पर संशय के बादल छाने लगे हैं। जहां एमआइसी सदस्य ने महापौर और निगमायुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि बिना टैक्स वसूली के आयोजन हुआ तो निगम और अफसरों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाएंगे, वहीं लोकायुक्त में भी शिकायत करेंगे। दूसरी ओर, महापौर ने भी पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आयोजन की अनुमति से पहले निगम की एनओसी देखने को कहा है। इधर, अब करणी सेना ने भी आयोजन का विरोध करना शुरू कर दिया है। ऐसे में आयोजन पर संकट छाने लगा है। मामले में राजस्व विभाग ने आयोजकों को नोटिस जारी कर तलब किया है। जानकारी अनुसार, लगातार हो रही राजस्व की हानि पर मंगलवार को एमआइसी सदस्य और राजस्व विभाग के प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त को चिट्ठी लिखी है कि पूर्व में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट किया गया था, जिसमें करीब 20 करोड़ की आय हुई थी, लेकिन उसका मनोरंजन कर जमा नहीं किया था। इसके बाद एक और आयोजन होने जा रहा है। निगम से अनुमति मांगी गई है। यह आयोजन पूर्व में हुए आयोजन स्थल पर ही हो रहा है। यदि इसकी भी वसूली नहीं होती है और निगम अफसर आयोजन होने देते हैं तो उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। ऐसे अफसरों की लोकायुक्त में भी शिकायत की जाएगी कि उन्होंने निजी लाभ लेकर निगम को राजस्व की हानि पहुंचाई है। बुधवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को चिट्ठी लिखी, जिसमें चौहान के पत्र का हवाला देते हुए लिखा कि आयोजनों पर पुराना कर बाकी है। लिहाजा पुलिस विभाग से दी जाने वाली अनुमति से पहले नगर निगम से भी एनओसी ली जाए। दरअसल, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की ही तर्ज पर यो-यो हनी सिंह(Honey Singh Concert) का एक और बड़ा आयोजन शहर में होने जा रहा है। इसका हनी सिंह के प्रशंसकों में जमकर उत्साह है। अभी से ही शो के सारे ऑनलाइन टिकिट बुक हो चुके हैं। अनुमान है कि आयोजक इस कॉन्सर्ट से 8 से 10 करोड़ की कमाई करेगा। निगम की ओर से मनोरंजन कर की एडवांस मांग की गई, जो अब तक जमा नहीं कराई गई है। करणी सेना की चेतावनी: आयोजन हुआ तो सबक सिखाएंगे करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष अनुराग प्रताप सिंह ने कहा, हनी सिंह के आयोजन के दौरान अभद्र इशारे और टिप्पणी की जाती है, जो अशोभनीय है। यहां शराब परोसी जाएगी, जिसकी भी अनुमति दे दी गई है। ऐसे आयोजन करके शहर को सुधरने नहीं दिया जा रहा है। इस बार यदि हनी सिंह का आयोजन हुआ तो करणी सेना के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसका विरोध करेंगे और इसका खमियाजा प्रशासन को भुगतना पड़ेगा। आखिर क्यों प्रशासन ऐसे आयोजन की अनुमति दे देता। आयोजन की अब तक अनुमति नहीं आयोजकों ने फायर विभाग में अनुमति के लिए आवेदन किया था। इस पर निगम से जवाब दिया गया है कि जब तक पुराने आयोजन और नए का एडवांस टैक्स जमा नहीं किया जाएगा, आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। अब तक निगम से कोई अनुमति जारी नहीं की गई है। वरिष्ठ अफसरों के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी। – लता अग्रवाल, प्रभारी अपर आयुक्त सी-21 एस्टेट प्रबंधन को किया तलब बुधवार को नगर निगम के जोन 10 के राजस्व विभाग ने सी -21 एस्टेट को नोटिस जारी कर गुरुवार को तलब किया है। निगम के राजस्व विभाग के पत्र के अनुसार, इस स्थान पर दिलजीत दोसांझ का आयोजन हुआ था, अब एक और कार्यक्रम किया जाना है। जिस पर नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 135 एवं 138 के अंतर्गत होकर सम्पत्तिकर एवं अन्य उपकर देयक हैं। इसके लिए सम्पत्ति के दस्तावेज, विक्रय पत्र की कॉपी, डायवर्सन व खसरा कापी, के साथ आज यानी (दिनांक 6.3.2025) को नगर निगम के जोन 10 पर रिकॉर्ड उपलब्ध कराएं और वैध टैक्स जमा कराएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। recent visitors 22

महंगाई भत्ता 53 प्रतिशत किए जाने का आदेश जारी

रायपुर,  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते को 53 प्रतिशत किए जाने की अपनी घोषणा को पूरा करके राज्य के लाखों शासकीय सेवकों को होली पर्व से पूर्व सौगात दी है। यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी ने 3 मार्च को विधानसभा में वर्ष 2025-26 के वार्षिक बजट में शासकीय सेवकों को 53 प्रतिशत डीए किए जाने की घोषणा की थी। उक्त घोषणा के परिपालन में शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में वृद्धि किए जाने का आदेश वित्त विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करके 53 प्रतिशत किए जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। सातवें वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, अब उन्हें 53 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जबकि छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 7 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, अब उन्हें 246 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्राप्त होगा। यह वृद्धि 1 मार्च 2025 से प्रभावी होगी और इसका भुगतान मार्च 2025 के वेतन के साथ अप्रैल माह में किया जाएगा। recent visitors 30

होलिका दहन के लिए गोबर के कंडे और गोकाष्ठ का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश और प्रदूषण रोकने यह पहल की जा रही

खंडवा  होलिका दहन के लिए 5 हजार से ज्यादा कंडे ओर गोकाष्ठ का निर्माण श्री गणेश गौशाला में तैयार किया जा रहा है। गोशाला समिति द्वारा 10 मार्च तक परिसर में कंडे ओर गोकाष्ठ तैयार कराया जाएगा। जिन्हें गोसेवा के न्यूनतम शुल्क पर होलिका दहन के लिए समाज व समितियों को उपलब्ध कराए जाएंगे। होलिका दहन के लिए गोबर के कंडे और गोकाष्ठ का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश और प्रदूषण रोकने यह पहल की जा रही है। पेड़ों की कटाई रोकने यह अभियान दरअसल शहर में 200 से अधिक स्थानों पर छोटी-बड़ी होलिका का दहन किया जाएगा। जिसमें लकड़ी का उपयोग किया जाता है। होलिका दहन 13 मार्च और रंग का त्योहार होली 14 मार्च को खेली जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए शहर में गोकाष्ठ और कंडे की पहल श्री गणेश गौशाला द्वारा की गई है। इस बार भी होलिका दहन में लकड़ी की जगह कंडे और गोकाष्ठ के उपयोग का आह्वान किया जा रहा है। लगातार बढ़ते प्रदूषण और पेड़ों की कटाई को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। शहर के समाज और कई संगठन आगे आए हैं, जिन्होंने गोकाष्ठ से होली जलाने व कॉलोनियों में इसे उपलब्ध कराने का फैसला किया है। पर्यावरण को सुरक्षित किया जा सके श्री गणेश गोशाला में निर्मित किए जा रहे गोकाष्ठ को लेकर गोशाला के सदस्य भूपेंद्रसिंह चौहान ने बताया कि होलिका दहन के लिए पिछले सवा महीने से 20 कर्मचारियों द्वारा ये काम किया जा रहा है। अबतक लगभग 5 हजार से अधिक कंडे थापे जा चुके है। वहीं गोकाष्ठ का निर्माण मशीन से भी बड़ी संख्या में किया जा रहा है। ये पूरा कार्य 10 मार्च तक किया जाएगा। समिति द्वारा कंडे व गोकाष्ठ गोसेवा शुल्क के भुगतान के आधार पर दिए जाएंगे। होलिका दहन के लिए लिए समितियां और संस्थाओं के साथ समाजों के अध्यक्ष व रहवासी लगातार संपर्क कर रहे हैं, ताकि इस बार भी होलिका दहन में कंडे व गोकाष्ठ का ही उपयोग कर पर्यावरण को सुरक्षित किया जा सके। गो-काष्ठ को लेकर लोगों में जागरूकता गौशाला के सचिव रामचंद्र मौर्य ने बताया गो-काष्ठ को लेकर लोगों में जागरूकता है। होलिका दहन के लिए व्यक्ति व संस्थाओं के लोग अपनी आवश्यकता अनुसार गो-काष्ठ गोशाला से ले जाने की मांग कर रहे है। दो माह में गोशाला में अच्छी तादाद में गो-काष्ठ का निर्माण किया जा रहा है। सभी कर्मचारी अपने अपने हिसाब से गौमाता की सेवा कर रहे हैं। recent visitors 28

कार्तिकेय का विवाह समारोह आज जोधपुर में होगा,उम्मेद पैलेस में भव्य शादी की तैयारी, बॉलीवुड गीतों पर परिवार ने मनाया जश्न

भोपाल /जोधपुर राजस्थान के जोधपुर में गुरुवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के पुत्र कार्तिकेय विवाह बंधन में बंधेंगे। यह भव्य समारोह जोधपुर के उम्मेद पैलेस में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कार्तिकेय लिबर्टी शू कंपनी के निदेशक अनुपम बंसल की बेटी अमानत के साथ सात फेरे लेंगे। इस शुभ अवसर पर देश-प्रदेश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां भी शामिल होंगी। परिवार के करीबी लोग और उद्योग जगत के कई दिग्गज भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। संगीत और मेहंदी समारोह में झूमे परिवार के सदस्य बुधवार को शादी से पहले मेहंदी और संगीत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्तिकेय और अमानत ने पारिवारिक सदस्यों के साथ जमकर डांस किया। महिलाओं और रिश्तेदारों ने अपने हाथों में मेहंदी रचाई और पूरे माहौल को हर्षोल्लास से भर दिया। शाम को उम्मेद भवन में आयोजित संगीत कार्यक्रम में भी दूल्हा-दुल्हन समेत परिजनों ने बॉलीवुड गीतों पर थिरकते हुए जश्न मनाया। मशहूर संगीतकारों और डांस ट्रूप्स ने भी अपने शानदार प्रदर्शन से इस आयोजन को और खास बना दिया। विवाह समारोह में शामिल होंगी कई राजनैतिक हस्तियां गुरुवार को होने वाले विवाह समारोह में देश और प्रदेश की कई दिग्गज राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी। इनमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, गजेंद्र सिंह शेखावत, जनरल वीके सिंह, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर सहित अन्य कई मंत्री और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। उद्योगपतियों और फिल्मी दुनिया से जुड़ी कई हस्तियों के भी इस समारोह में शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और होटल के आसपास वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इससे पहले बुधवार रात को मेहंदी की रस्म हुई। इस दौरान शिवराज ने वर-वधु से कहा कि आप अर्थपूर्ण और उद्देश्यपूर्ण जीवन जिएं। जीना उसका जीना है, जो औरों के लिए जिएं। वहीं, संगीत समारोह में दूल्हा-दुल्हन ने शिवराज को रामचरित मानस गिफ्ट में दी तो शिवराज भावुक हो गए। वहीं, बुधवार रात को संगीत प्रोग्राम हुआ। इसमें कार्तिकेय और उनकी होने वाली पत्नी ने…मेरे माहिये जिन्ना सोहणा गाने पर थिरके। शिवराज सिंह भी पत्नी साधना सिंह के साथ पुरानी बॉलीवुड गानों …चांद सा रोशन चेहरा और तुमको मेरी उम्र लग जाए पर डांस किया। इसके बाद साधना सिंह ने अपनी दोनों बहुओं के साथ मेरे घर आई एक नन्ही परी..गाने पर डांस किया। संगीत में शिवराज सिंह चौहान ने भी पत्नी साधना सिंह के साथ डांस किया था। एक कार्यक्रम में शिवराज का उनके समधी अनुपम बंसल ने मुंह मीठा कराया, तो मेहंदी के लिए दूल्हा-दुल्हन राजसी ठाट वाली बग्घी से लॉन में पहुंचे। recent visitors 44

विधानसभा सत्र : स्पीकर ने निधन सूचना देरी से मिलने पर नाराजगी जताते हुए दोषी अफसरों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

रायपुर छत्तीसगढ़ विधानसभा के आठवें दिन की शुरू होते ही दिवंगत सदस्यों की निधन सूचना में देरी पर विधायकों ने सवाल उठाया. स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने देर से निधन सूचना मिलने पर नाराजगी जताते हुए दोषी अफसरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए. विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट निर्देश होने के बाद विधानसभा को दिवंगतों की निधन सूचना देरी से मिल रही है. इस पर आसंदी की ओर से व्यवस्था आनी चाहिए. स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मैने पूर्व में भी शासन को स्पष्ट निर्देश दिया गया था. किसी भी पूर्व सदस्य की निधन की सूचना देर से मिलना बहुत आपत्तिजनक है. दरअसल, डॉ. देवचरण मधुखर के निधन की सूचना मिलने में देरी हुई. अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक डॉ. मधुकर का निधन 12 फरवरी को हुआ था. इस बात की जानकारी सदन को 4 मार्च को प्राप्त हुई. स्पीकर ने कहा कि मैं सरकार को निर्देशित करता हूं कि बिलासपुर जिले के दोषी अफसरों पर कार्रवाई की जाए. कार्यवाही की जानकारी सदन को इसी सत्र में दी जाए. recent visitors 25

इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में फाइनल मुकाबला, ‘टॉस’ को लेकर बैचेन दिखे मिचेल सैंटनर

नई दिल्ली इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में रविवार 9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर टॉस को लेकर घबराए हुए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल के बाद इस बात को स्वीकार कर लिया है कि चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में टॉस की भूमिका अहम होगी। सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने लाहौर में साउथ अफ्रीका को 50 रन से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया है। साल 2000 के बाद पहली बार इंडिया और न्यूजीलैंड की भिड़ंत फाइनल में होगी। न्यूजीलैंड की टीम लीग मैच में दुबई के मैदान पर भारत के खिलाफ मुकाबला हार चुकी है। उस मैच में कीवी टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। वहीं, सेमीफाइनल के बाद फाइनल को लेकर सैंटनर से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह फाइनल में टॉस जीतना चाहेंगे, क्योंकि पिछले मैच में वे भारत पर दबाव बनाने में सफल रहे थे। दुबई में हर एक टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना ही पसंद कर रही है, क्योंकि दूसरी पारी में चेज करना काफी कठिन होता है। सेमीफाइनल के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में मिचेल सैंटनर ने कहा, "यह(सेमीफाइनल जीतना) एक बहुत अच्छा अहसास है, आज हमें एक अच्छी टीम ने चुनौती दी, हम दुबई जाएंगे जहां हमने पहले ही भारत का सामना किया था। हम आराम करेंगे और फिर दुबई जाएंगे। हमने उनके सामने खेला है और दोनों एकदूसरे की कमजोरियों को जान चुके हैं, लेकिन आप इस बात को समझ सकते हैं कि कौन सी चीज काम आई और कौन सी नहीं। मुझे लगता है कि खिलाड़ियों ने टॉप के तीन विकेट चटकाने के लिए बहुत अच्छी गेंदबाजी की। हां और जाहिर है कि टॉस जीतना भी अच्छा हो सकता है।" इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज के मैच की बात करें तो भारत ने कीवी टीम को 250 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम 205 रन बनाकर ढेर हो गई थी। वरुण चक्रवर्ती ने उस मैच में 5 विकेट निकाले थे। इसलिए, मिचेल सैंटनर की अगुवाई वाली टीम बड़े फाइनल में अपनी हार का बदला लेने के लिए तैयार होगी। भारत और न्यूजीलैंड आईसीसी इवेंट के फाइनल में दो बार आमने-सामने हुए हैं और दोनों ही मौकों पर न्यूजीलैंड को जीत मिली है। उन्होंने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2000 और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल 2021 के फाइनल में मेन इन ब्लू को हराया है। recent visitors 24