धार जिले में माइनिंग इंस्पेक्टर संदेश पिपलोदिया को कलेक्टर ने हटा दिया

 धार    मध्य प्रदेश के धार जिले में माइनिंग इंस्पेक्टर संदेश पिपलोदिया को कलेक्टर ने हटा दिया है. माइनिंग इंस्पेक्टर के खिलाफ केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों के बीच बैठक में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था. धार के कलेक्ट्रेट में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें खनिज विभाग के निरीक्षक संदेश पिपलोदिया पर राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था. उन्होंने यह तक कह दिया था कि माइनिंग इंस्पेक्टर लोगों से बोलते हैं कि 'यदि नेतागिरी के जरिए आओगे, तो ज्यादा पैसे लगेंगे और सीधे मिलोगे तो कम राशि में काम हो जाएगा.' केंद्रीय राज्य मंत्री के बयान के बाद धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने खनिज निरीक्षक पिलोदिया को हटा दिया है. पिलोदिया धरमपुरी क्षेत्र में कार्य कर रहे थे, उन्हें जिला कार्यालय में अटैच कर दिया गया है. इसके अलावा कार्य में लापरवाही को लेकर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है. इस मामले में प्रशासनिक टीम अलग से जांच कर रही है. अवैध उत्खनन पर कार्रवाई के बाद लगे आरोप कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के मुताबिक, माइनिंग इंस्पेक्टर के खिलाफ लोगों की ओर से कार्य में लापरवाही की शिकायत मिली थी, जिसके बाद उन्हें हटा दिया गया है. दूसरी तरफ सूत्रों का कहना है कि धामनोद क्षेत्र में जेसीबी पकड़ने के बाद विवाद शुरू हुआ था. अवैध उत्खनन के मामले में माइनिंग इंस्पेक्टर पिपलोदिया ने जेसीबी पकड़ी थी. इसके बाद उन पर रिश्वत का आरोप लग गया. बताया जा रहा है कि जेसीबी बीजेपी नेता की थी. recent visitors 74

बोर्ड परीक्षाओं में आधे विषयों के पर्चे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक महज सात नकल प्रकरण ही बने

 ग्वालियर  बोर्ड परीक्षा हो और ग्वालियर चंबल में नकल न हो, ऐसा हो नहीं सकता। पिछले कई सालों से ग्वालियर चंबल क्षेत्र परीक्षाओं में नकल के लिए काफी बदनाम रहा है। इस बार बोर्ड परीक्षाओं में 10वीं व 12वीं में आधे विषयों के पर्चे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक महज सात नकल प्रकरण ही बने हैं और एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया है। पिछले सालों में यह संख्या दो से तीन गुना अधिक हुआ करती थी। संभवत: नकल रोकने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने ऐसा मैकेनिज्म बनाया और जिला प्रशासन सहित शिक्षा विभाग ने उसे फालो किया, जिसकी वजह से इस बार अंचल में नकल पर नकेल लगी हुई है। अभी तक न तो सामूहिक नकल के प्रकरण सामने आए हैं और न ही प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं ही सामने आई हैं। नकल रोकने के लिए यह अपनाया तरीका फर्जी परीक्षार्थी रोकने क्यूआर कोड ग्वालियर चंबल के भिंड, मुरैना में हर साल फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाते थे। लेकिन इस बार दतिया में एक प्रकरण को छोड़कर कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके पीछे प्रवेशपत्र में क्यूआर कोड होना बताया जा रहा है। इस वजह से नकल माफिया परीक्षाओं में साल्वर नहीं बैठा पाया। पेपर लीक मामला हर बार परीक्षा से पहले रात व सुबह प्रश्नपत्र लीक होकर इंटरनेट मीडिया पर आ जाता था और छात्र उसे खरीदते थे। इस बार बोर्ड ने थाने से लेकर केंद्र में पेपर पहुंचने तक व छात्रों तक बंटने तक को एप से ट्रैक किया। ऐसे में पेपर लीक होने की अफवाह तक सामने नहीं आई। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर ग्वालियर चंबल अंचल के जितने भी परीक्षा केंद्र संवदेनशील व अति संवेदनशील थे, उन पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। ऐसे में छात्र भी नकल नहीं ले जा पाए और माफिया भी मनमानी नहीं कर पाए। कलेक्टर प्रतिनिधि की नियुक्ति हर परीक्षा केंद्र पर एक कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। यह प्रतिनिधि थाने से प्रश्नपत्र लेकर लाने से लेकर परीक्षा समय तक केंद्र पर रहता है और व्यवस्थाओं को देखता है। इससे भी परीक्षा केंद्रों से सामूहिक नकल जैसी स्थिति सामने नहीं आई। टीमों का नियमित निरीक्षण शिक्षा विभाग सहित जिला प्रशासन की टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों सहित पर्यवेक्षकों में डर बना रहा। नहीं चली संगठित नकल माफिया की अंचल की बोर्ड परीक्षाओं में नकल संगठित माफिया कराता था। यह न केवल फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा में बैठाता था, बल्कि केंद्रों पर सामूहिक नकल भी कराता था। लेकिन इस बार बोर्ड व प्रशासन ने अपने परीक्षा मैकेनिज्म को बदल दिया और नई तरीके सामने लाए। ऐसे में माफिया इस बार अपनी कारगुजारी में सफल नहीं हो पाया। कहां पर कितने बने प्रकरण     ग्वालियर में 1     भिंड में 1     शिवपुरी में 1     मुरैना में 4 प्रवेश पत्र में क्यूआर कोड भी     बोर्ड परीक्षाओं के लिए इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल ने ऐसे प्रावधान व नियम किए हैं, जिनकी वजह से परीक्षा के हर कदम पर उसकी नजर है। चाहे प्रश्नपत्र को थाने से केंद्र तक ले जाने की ट्रैकिंग हो या परीक्षा केंद्र पर नजर रखने वाली बात, सभी जगहों पर बोर्ड की नजर है। साथ ही फर्जी परीक्षार्थी की पहचान के लिए प्रवेश पत्र में क्यूआर कोड भी दिया गया। साथ ही जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की टीमें भी सतत निगरानी कर रही हैं। इसलिए इस बार नकल पर अंकुश लगा हुआ है। – दीपक पांडेय, संयुक्त संचालक शिक्षा, ग्वालियर   recent visitors 54

RSSB का नया कैलेंडर जारी, पटवारी, स्टेनोग्राफर, DEO समेत 44 भर्तियों की परीक्षा तारीखें बदलीं

जयपुर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने साल 2025 से 2027 फरवरी तक होने वाली भर्ती परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर (RSSB Exam Calendar 2025) जारी कर दिया है. एग्जाम कैलेंडर में स्टेनोग्राफर/निजी सहायक ग्रेड-II, जेल प्रहरी, पटवारी, जूनियर टेक्निशियन असिस्टेंट, ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर (BPO) समेत 44 भर्तियों की नई एग्जाम डेट दी गई है. सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर रिवाइज्ड एग्जाम कैलेंडर चेक कर सकते हैं. आरएसएसबी द्वारा जारी रिवाइज्ड एग्जाम (संभावित परीक्षा तारीख) कैलेंडर के अनुसार, स्टेनोग्राफर/निजी सहायक ग्रेड II संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 2024 (टाइपिंग टेस्ट) 19-20 मार्च को होगी. जेल प्रहरी सीधी भर्ती परीक्षा 12 अप्रैल को, पटवारी परीक्षा 11 मई को, जूनियर तकनीकी सहायक (संविदा) भर्ती परीक्षा 2024 18 मई 2025 को होगी. इसके अलावा डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) की भर्ती परीक्षा 4 जून 2025, फार्मा असिस्टेंट और महिला हेल्थ वर्कर की भर्ती परीक्षा 5 जून 2025 को होगी.   How to download RSSB Exam Calendar 2025: यहां देखें तरीका स्टेप 1: सबसे पहले आरएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाएं. स्टेप 2: होमपेज पर, 'RSSB Exam Calendar 2025' लिंक पर क्लिक करें. स्टेप 3: नया पीडीएफ खुल जाएगा, इसमें एग्जाम डेट चेक करें. स्टेप 4: आगे के लिए एग्जाम कैलेंडर डाउनलोड करके प्रिंटआउट लेकर रख लें. RSSB का रिवाइज्ड एग्जाम कैलेंडर यहां देखें- ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी (संविदा) भर्ती परीक्षा, सामाजिक कार्यकर्ता (संविदा) भर्ती परीक्षा, अस्पताल प्रशासक (संविदा) भर्ती परीक्षा, वरिष्ठ परामर्शदाता (संविदा) भर्ती परीक्षा, डाटा एंट्री ऑपरेटर (संविदा) भर्ती परीक्षा, फार्मा सहायक (संविदा) भर्ती परीक्षा, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (संविदा) भर्ती परीक्षा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) (संविदा) भर्ती परीक्षा के साथ-साथ आरएसएसबी द्वारा आयोजित अन्य परीक्षाओं की परीक्षा तिथियां भी जारी कर दी गई हैं. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें. recent visitors 49

प्रदेश के 21 लाख श्रमिकों का वेतन बढ़ा, इंदौर में दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन का आदेश जारी

इंदौर मासिक और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतनमान का आदेश श्रम आयुक्त मध्य प्रदेश इंदौर ने जारी किया है। एक अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक विभिन्न अनुसूचित नियोजनों में परिवर्तनशील महंगाई भत्ते सहित न्यूनतम वेतन देय होगा। इससे करीब दस लाख दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और श्रमिकों को लाभ होगा। श्रम आयुक्त मध्य प्रदेश इंदौर रजनी सिंह ने दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और श्रमिकों के वेतन में एक अक्टूबर 2024 से 2275 रुपये प्रतिमाह या 87.50 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि के आदेश जारी किए। उपभोक्ता सूचकांक में दो बिंदुओं की वृद्धि हुई यह वृद्धि 31 मार्च 2025 तक जारी रहेगी। जनवरी से जून 2024 तक की अवधि में अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक का औसत 402 रहा है। विगत छह माही का औसत 400 रहा था। इसके अनुसार अभा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 400 के ऊपर दो बिंदुओं की वृद्धि हुई। इस वजह से 67 अनुसूचित नियोजनों में अकुशल, अर्द्धकुशल, कुशल और उच्च कुशल श्रमिकों के महंगाई भत्ते में 25 रुपये प्रतिबिंदु के मान से 50 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि हुई। इसके अनुसार परिवर्तनशील महंगाई भत्ते की कुल राशि 2225 में 50 रुपये जोड़कर 2275 रुपये प्रतिमाह बढ़ोतरी होगी। recent visitors 36

कार्तिकेय-अमानत की शादी, बारात में खूब नाचे शिव-साधना, सिंधिया थिरके

भोपाल /जोधपुर  केंद्रीय मंत्री और मप्र के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय और अनुपम बंसल की बेटी अमानत शादी के बंधन में बंध गए। राजस्थान के जोधपुर जिले के शाही उम्मेद भवन पैलेस में गुरुवार रात को दोनों ने सात फेरे लेकर एक दूसरे को सात वचन दिए और जिंदगी भर साथ निभाने का वादा किया। इस शाही समारोह में देश प्रदेश के कई बड़े नेता, उद्योगपति और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। इससे पहले कार्तिकेय रथ पर सवार होकर अमानत को लेने के लिए बारात के साथ निकले। बारात में शिवराज सिंह समेत पूरा चौहान परिवार और तमाम बड़े नेता झूमते नजर आए। शाही अंदाज से उम्मेद भवन पैलेस से घोड़ों, ऊंट और लवाजमे के साथ की बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। वरमाला के बाद हुई फेरों की रस्म जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को कार्तिकेय की बारात उम्मेद भवन पैलेस के लांसर लॉन से रवाना हुई। दूल्हे कार्तिकेय के लिए दो घोड़े की बग्गी सजाई गई थी। साथ ही बारात के शाही लवाजमे में एक दर्जन से अधिक घोड़े, ऊंट और पालकियां भी थीं। बारात में शिवराज सिंह जमकर थिरके। उन्होंने अपने छोटे बेटे कुणाल और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ खूब डांस किया। कुछ देर बाद लांसर लॉन से रवाना कार्तिकेय की बारात बद्री लान पहुंची, जहां वरमाला की रस्म हुई। इसके बाद फेरों की रस्म की गई। एक दूसरे का हाथ थामकर कार्तिकेय और अमानत ने सात फेरे लिए। दोनों की शादी की रस्में मप्र से जोधपुर पहुंचे पंडितों ने कराईं। इस शादी शादी के लिए उम्मेद भवन पैलेस को खास तौर से सजाया गया था। दिग्गजों की शिरकत शादी में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे दिग्गज शामिल हुए. वहीं,  राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा समेत मंत्री किरोड़ीलाल मीणा और मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद रहे. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत कई मंत्रियों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया. गुरुवार सुबह से मेहमानों का आगमन शुरू हुआ, जिसमें 12 चार्टर विमान जोधपुर एयरपोर्ट पर उतरे. भव्य आयोजन और रंगारंग माहौल बता दें कि शिवराज मंगलवार को पत्नी साधना, बेटे कार्तिकेय और 35 परिजनों के साथ जोधपुर पहुंचे. बंसल परिवार ने उनका पारंपरिक स्वागत किया. मंगलवार से रस्में शुरू हुईं, बुधवार को संगीत की रंगारंग शाम हुई और 6 मार्च को सात फेरे संपन्न हुए. बारात में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी ने मारवाड़ी धुनों पर ठुमके लगाए, जिसे देख मेहमानों ने तालियां बजाईं. जोधपुर की मिठाइयां, केर-सांगरी और बाजरे का सोगरा मेहमानों को परोसा गया. सुरक्षा के कड़े इंतजाम इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए सुरक्षा चाक-चौबंद रही. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गजेंद्र सिंह शेखावत ने व्यवस्थाओं पर नज़र रखी. उम्मेद भवन, जो प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस और नीता अंबानी के आयोजनों का गवाह रह चुका है, फिर से शाही ठाठ का प्रतीक बना. इस अवसर पर शिवराज ने कहा, "आज का दिन मेरे और धर्मपत्नी साधना के लिए अत्यंत सौभाग्यशाली और हर्षोल्लास से भरा है. मेरे हृदय में गर्व और आत्मीयता के भाव उमड़ रहे हैं, मेरे बेटे कार्तिकेय आज गृहस्थ जीवन के पवित्र बंधन में बंध गए हैं और अमानत बेटी बनकर हमारे घर आ रही है." आगे के आयोजन शादी के बाद 12 मार्च को भोपाल के जंबूरी मैदान और 18 मार्च को दिल्ली के एयरफोर्स ग्राउंड में रिसेप्शन होगा. यह आयोजन दो परिवारों के मिलन के साथ-साथ राजनीति और उद्योग जगत के संगम का प्रतीक बन गया. सिंधिया का डांस इस समारोह की खास झलक रहा. बारात में जमकर किया गया डांस कार्तिकेय की बारात में पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को शिवराज सिंह चौहान ने गले लगाया। साथ ही शिवराज सिंह ने उनके साथ डांस भी किया। इस दौरान बैंड की स्वर लहरियों और ढोल नगाड़ों की थाप के बीच शिवराज की पत्नी साधना सिंह और सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे भी थिरकी नजर आईं। बेटे की शादी में शिवराज सिंह जोधपुरी सूट में सज-धज कर तैयार हुए। वहीं, बारातियों के लिए विशेष तौर से जोधपुरी साफा का इंतजाम किया गया था। इस विवाह समारोह में जोधपुर के पूर्व नरेश गज सिंह भी शामिल हुए, उन्होंने नवदंपति को आशीर्वाद दिया। विवाह समारोह में पहुंचे महमानों के रुकने का इंतजाम उम्मेद भवन पैलेस, होटल आईटीसी वेलकम, होटल रेडिसन और अजीत भवन में किया गया था।    रामचरित मानस की भेंट इससे पहले गुरुवार को संगीत और मेहंदी सेरेमनी हुई। जिसमें कार्तिकेय और अमानत ने पिता शिवराज सिंह को रामचरित मानस भेंट की। इस गिफ्ट को देखकर शिवराज भावुक हो गए। उन्होंने बेटे और बहू को नया जीवन शुरू करने से पहले सीख देते हुए कहा कि आप अर्थपूर्ण और उद्देश्यपूर्ण जीवन जिएं। जीना उसका जीना है, जो औरों के लिए जिएं। बता दें कि इससे एक दिन पहले बुधवार को शिवराज सिंह चौहान का जन्मदिन भी था। कई वीआईपी मेहमान विवाह समारोह में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के बेटे कार्तिकेय और शूज कंपनी लिबर्टी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी अमानत के विवाह समारोह में कई हस्तियां शामिल हुईं। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री डॉ . प्रेमचंद बैरवा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खीमसर, भाजपा नेता राजेंद्र सिंह राठौड़, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा, मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, खेल मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा समेत कई अन्य नेता और मंत्री शादी समारोह में शामिल हुए।   recent visitors 23

सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में पिछले 3 तीन से लगी आग ने लिया विकराल रूप, खाली कराए गए मकान

उदयपुर उदयपुर में सज्जनगढ़ की पहाड़ियों में तीन दिनों से लगी आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन दावानल थमने का नाम नहीं ले रहा। गर्मी की शुरुआत के साथ ही पहाड़ियां सुलगने लगी हैं। मंगलवार को सज्जनगढ़ के गोरेल्ला चौकी क्षेत्र की पहाड़ियों में आग लग गई थी, जो कुछ ही देर में आसपास फैल गई। आग बुझाने के लिए मंगलवार शाम से ऑपरेशन जारी है, लेकिन बढ़ती लपटों को देखते हुए आसपास के सभी मकानों को खाली करा लिया गया है। गुरुवार दोपहर उदयपुर जिला कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। उदयपुर के सभी फायर स्टेशनों की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने में जुटी हुई हैं, लेकिन पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण असल पॉइंट तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है। हवा के रुख के साथ आग तेजी से फैल रही है। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे आग इतनी भड़क गई कि लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे। प्रशासन को लोगों को घर खाली कराने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि कई लोग मवेशियों को छोड़ने को तैयार नहीं हैं। आग के विकराल रूप के कारण पूरा इलाका धुएं से ढका हुआ है और लोगों ने दो दिनों से आसमान साफ नहीं देखा। प्रशासन ने इलाके में एहतियातन बिजली कनेक्शन भी काट दिए हैं। उदयपुर जिला प्रशासन लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है और राहत कार्य जारी है।   recent visitors 52

नहर में नहाने गए दो दोस्तों की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम, पिता को आया हार्ट अटैक

धार धार जिले के मनावर से 15 किलोमीटर दूर ओंकारेश्वर नहर में गुरुवार शाम नहाने गए दो नाबालिग दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच दोनों के शव नहर से बाहर निकाले गए। घटना ग्राम अंजदीकोट के पास हुई। दोनों नाबालिग बच्चे ग्राम सिंघाना के रहने वाले थे। उनके घर से नहर की दूरी महज आधा किलोमीटर है। ये घटना गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे मनावर से करीब 15 किलोमीटर दूर ओंकारेश्वर नहर की है। मृतक बच्चों के नाम मोहम्मद हनीफ (12) पिता इस्लामुद्दीन खान और आतिफ (15) पिता अहमद खान है। दोनों ही सिंघाना गांव के रहने वाले थे। जहां हादसा हुआ वो जगह इनके गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर ही है। स्थानीय लोगों को जब हादसे की सूचना मिली तो बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच गए। कुछ ग्रामीणों ने फौरन नहर में छलांग लगाकर दोनों बच्चों को करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब 7 बजे बाहर निकाला। सिंघाना चौकी प्रभारी प्रकाश सरोदे ने बताया कि मोहम्मद हनीफ (12) पिता इस्लामुद्दीन खान और आतिफ (15) पिता अहमद खान की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे रस्सी पकड़कर नहा रहे थे, लेकिन अचानक रस्सी छूट जाने के कारण गहरे पानी में चले गए और डूब गए। नहर किनारे खड़े दो अन्य दोस्तों ने यह घटना देखी और बच्चों के परिजनों को घर जाकर इसकी जानकारी। पिता को आया हार्ट अटैक हादसे की खबर सुनते ही आतिफ के पिता अमजद (38) को हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय निवासियों ने दोनों बच्चों के शवों को पानी से निकालकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। एक साथ हुई तीन मौतों से गांव में मातम पसर गया है।    बेटे की मौत की खबर सुन पिता को आया हार्ट अटैक मृतक बच्चों में आतिफ 9वीं, जबकि मोहम्मद हनीफ 7वीं क्लास में पढ़ता था। हादसे की खबर सुनते ही आतिफ के पिता अमजद (38) को हार्ट अटैक आ गया। इससे उनकी भी मौत हो गई। फिलहाल दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन दोनों बच्चों और एक बच्चे के पिता के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं। परिजनों ने नहीं कराया बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों के शवों को पानी से निकालकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। रात 9 बजे तक परिजन पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर रहे थे। इन्होंने वकील के जरिए पुलिस को लिखकर दिया है कि पोस्टमॉर्टम न किया जाए।   recent visitors 56