जातिगत जनगणना में मुस्लिम केवल मुस्लिम से नहीं जाना जाएगा, पठान, अंसारी , लोहार चालीस जातियां है: मंत्री विजयवर्गीय

इंदौर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय  अपनी विधानसभा की 200 आंगनबाड़ी केंद्रों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरत की सामग्री वितरित करने पहुंचे थे. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने राहुल गांधी सहित पाकिस्तान पर जवाबी हमला बोला. राहुल गांधी के जातिगत जनगणना के सवाल पर हमला बोलते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ''वह छोटी बुद्धि के हैं उन्हें समझ नहीं आएगा कि जातिगत जनगणना सबकी होगी. हिंदू की भी होगी मुस्लिम की भी होगी. मुस्लिम केवल मुस्लिम से नहीं जाना जाएगा. ये पठान कौन है, अंसारी कौन है, लोहार कौन है. चालीस जातियां है, मुस्लिम समाज में उनकी भी जाति गिनी जाएगी. ऐसा नहीं के सीधा के सीधा अल्पसंख्यक के नाम से आरक्षण ले ले. सबकी जाति गणना होगी. अभी उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मोदी जी ने जो निर्णय लिया तो उसके पीछे उन्होंने एक बहुत अच्छी रणनीति के लिए काम किया''. वहीं पाकिस्तानी सांसद के भड़काऊ बयान के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ''सेना के चीफ युद्ध में यदि जिंदा रहे तो नमाज पढ़ेंगे. युद्ध होगा तो पाकिस्तान 24 घंटे में साफ हो सकता है. वह हमारी क्षमता है, हमारी क्षमता का आंकलन अभी पाकिस्तान को नहीं है, इसलिए वह बड़ी-बड़ी बाते करते हैं. जो दहाड़ते हैं बेकार में, वह कुछ नहीं कर पाते और जो चुप रहते हैं, वह काम करते हैं''. मंत्री कैलाश विजयवर्गीय कहा, ''भारत ने कभी नहीं कहा कि हम लाहौर में जाकर झंडा गाड़ेंगे. युद्ध होगा जब बताएंगे उन्हें. भारत की क्षमता का पता नहीं उन्हें वह बस लंबी-लंबी बात कर रहे हैं. जब युद्ध हुआ तो 24 घंटे के अंदर पाकिस्तान का नक्शा मिट जाएगा. बड़ी बड़ी बात करने वाले किस कब्र होंगे उन्हें ढूंढना पड़ेगा''. कर्नाटक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के अभी युद्ध की कोई जरूरत नहीं वाले बयान पर उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया तो मंच पर ही अधिकारी को थप्पड़ मार देते हैं. उनकी उम्र बहुत हो गई है और ऐसी उम्र के लोग ऐसी बहकी बहकी बातें कर सकते हैं. भोपाल लव जिहाद मामले पर कहा, ''यह षडयंत्र काफी दिनों से भोपाल में हो रहा है. भोपाल में हर रोज एक हिन्दू लड़की मुस्लिम नवजवानों का शिकार हो रही है. मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लिया है. भोपाल नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से कह रहा हूं कि वे नेतागीरी कर रहे हैं, साथ-साथ वह यह भी देखें लव जिहाद के माध्यम से समाज के अंदर विषमता का जहर कौन फैला रहा है, उसकी भी चिंता करें चाहे सांसद हो या विधायक''. recent visitors 38

विदिशा में बारातियों से भरी गाडी पलटी, 4 लोगों की मौत, 13 घायल; CM ने किया मुआवजे का ऐलान

भोपाल मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में शुक्रवार को तड़के बारातियों को ले जा रही एक जीप पलटने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जबकि घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताया है। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। विदिशा जिला कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे लटेरी कस्बे के पास हुआ, जब बारातियों को ले जा रही एक जीप इंदौर से सिरोंज लौट रही थी। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी का इलाज विदिशा और लटेरी के अस्पतालों में चल रहा है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान नारायण (20), गोकुल (18), बसंती बाई (32) और हजारी (40) के रूप में हुई है। दुर्घटना के तुरंत बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा बचाव कार्य में मदद के लिए मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ''विदिशा जिले के लटेरी तहसील क्षेत्र में इंदौर से सिरोंज जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुखद है। दु:ख की इस घड़ी में सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन की मदद से दुर्घटना में हुए घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए उचित व्यवस्था की गई है। मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 2-2 लाख रुपये एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ।।ॐ शांति।।'' recent visitors 29

NIA की टीम आतंकी फिरोज खान को रतलाम लेकर पहुंची, मच गया हड़कंप

रतलाम मध्य प्रदेश के रतलाम से गिरफ्तार आतंकी फिरोज खान को लेकर नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) और राजस्थान पुलिस की एक संयुक्त टीम रतलाम पहुंची हुई है। टीम ने फिरोज को संबंधित स्थानों पर ले जाकर वहां का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई आतंकवादी गतिविधियों की जांच के सिलसिले में की गई थी, ताकि आतंकी नेटवर्क और उनके द्वारा उपयोग की गई जगहों के बारे में और जानकारी मिल सके। एनआईए और राजस्थान पुलिस की टीम ने फिरोज के साथ स्टेशन रोड थाने में भी पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिरोज से पूछताछ जारी है और उसकी गिरफ्तारी के बाद अब अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी छापेमारी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि फिरोज की गिरफ्तारी से आतंकी गतिविधियों के बारे में जरूरी जानकारी मिल सकती है, जो आगे की जांच के लिए सहायक साबित होगी। फिरोज खान की गिरफ्तारी     बता दें कि कुछ दिन पहले, रतलाम पुलिस ने फिरोज खान को गिरफ्तार किया था, जो काफी समय से फरार था और उस पर 5 लाख का इनाम भी घोषित था। फिरोज को जयपुर बम ब्लास्ट मामले में वांटेड था। यह गिरफ्तारी रतलाम पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही थी, लेकिन अब एनआईए की कार्रवाई ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। फिरोज खान का आतंकवादी नेटवर्क फिरोज खान 2022 में जयपुर बम ब्लास्ट को दोहराने की साजिश में शामिल था, और एनआईए के मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में उसका नाम था। उसे 2 अप्रैल को रतलाम पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जब वह ईद के मौके पर अपनी बहन से मिलने आया था। पुलिस को इनपुट मिला था कि वह अपनी बहन के घर पर ठहरने वाला है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। एनआईए की जांच का दायरा बढ़ा एनआईए द्वारा की गई ताजा कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि रतलाम में आतंकवादियों का नेटवर्क सक्रिय था और यह जांच अब और गहरी हो गई है। एनआईए के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। recent visitors 40

मायावती बोली- ओबीसी व दलित वर्ग को अपने कल्याण के लिए भाजपा व कांग्रेस पर भरोसा नहीं करना चाहिए

लखनऊ बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि ओबीसी समाज का हित बसपा में ही सुरक्षित है और बसपा ही ओबीसी समाज की सच्ची हितैषी है। बहुजनों को अपने हित व कल्याण के लिए भाजपा व कांग्रेस पर भरोसा करना घातक है। उन्होंने कहा कि काफी लम्बे समय तक ना-ना करने के बाद अब केन्द्र द्वारा राष्ट्रीय जनगणना के साथ जातीय जनगणना भी कराने के निर्णय का भाजपा व कांग्रेस आदि द्वारा इसका श्रेय लेकर खुद को ओबीसी हितैषी सिद्ध करने की होड़ लगी है जबकि इनके बहुजन-विरोधी चरित्र के कारण ये समाज अभी भी पिछड़ा, शोषित व वंचित है। वैसे भी कांग्रेस एवं भाजपा आदि की अगर नीयत व नीति बहुजन समाज के प्रति पाक-साफ होती तो ओबीसी समाज देश के विकास में उचित भागीदार बन गया होता, जिससे इनके मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर का आत्म-सम्मान व स्वाभिमान का मिशन सफल होता हुआ जरूर दिखता। लेकिन बाबा साहेब एवं बसपा के अनवरत संघर्ष के कारण ओबीसी समाज आज जब काफी हद तक जागरुक है तो दलितों की तरह ओबीसी वोटों के लिए ललायित इन पार्टियों में इनका हितैषी दिखने की स्वार्थ व मजबूरी है, अर्थात् स्पष्ट है कि ओबीसी का हित बसपा में ही निहित है, अन्यत्र नहीं। अतः 'वोट हमारा राज तुम्हारा-नहीं चलेगा' के मानवतावादी संघर्ष को सही व सार्थक बनाकर अपने पैरों पर खड़े होने का समय करीब है जिसके लिए कोताही व लापरवाही घातक तथा भाजपा व कांग्रेस आदि पार्टियों पर दलित, ओबीसी समेत बहुजन-हित, कल्याण व उत्थान हेतु भरोसा करना ठीक नहीं है। बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार ने जाति जनगणना कराने की घोषणा कर दी है। इस मुद्दे का कांग्रेस सहित सभी दलों ने स्वागत किया है। recent visitors 36

CSK और RR के बाद अब हैदराबाद पर टूर्नामेंट से बाहर होने की तलवार लटकी है, जानें सभी 8 टीमों का प्लेऑफ समीकरण

नई दिल्ली राजस्थान रॉयल्स को गुरुवार, 1 मई की रात उस समय बड़ा झटका लगा जब टीम को मुंबई इंडियंस के हाथों 100 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार ने राजस्थान रॉयल्स का IPL 2025 में सफर समाप्त कर दिया है क्योंकि टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। राजस्थान रॉयल्स चेन्नई सुपर किंग्स के बाद आईपीएल 2025 से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी है। वहीं मुंबई इंडियंस ने इस जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। मुंबई के साथ अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीमें टॉप-4 में है। CSK और RR के बाद अब सनराइजर्स हैदराबाद पर टूर्नामेंट से बाहर होने की तलवार लटकी है, आईएक एक नजर IPL 2025 के प्लेऑफ समीकरण पर डालते हैं- IPL 2025 प्लेऑफ समीकरण- मुंबई इंडियंस- राजस्थान रॉयल्स को अपने पिछले मुकाबले में हराकर मुंबई इंडियंस ने IPL 2025 पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने 11 में से अभी तक 7 मैच जीते हैं और उनके खाते में 14 अंक है। MI को प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए कम से कम एक और मैच यहां से जीतना होगा, मगर टीम की नजरें अब टॉप-2 में बने रहने की होगी ताकि उन्हें फाइनल के लिए दो मौका मिल सके। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- 10 में से 7 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर मौजूद आरसीबी के खाते में मुंबई इंडियंस के बराबरी 14 अंक है, मगर बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से MI टॉप पर हैं। मुंबई की तरह बेंगलुरु को भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के लिए कम से कम दो पॉइंट्स चाहिए, मगर उनकी नजरें भी टॉप-2 पर ही होगी। पंजाब किंग्स- श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स 10 में से 6 मैच जीत चुकी है, केकेआर के खिलाफ उनका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ा था जिस की वजह से उनके खाते में 13 अंक है। पंजाब को प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के लिए यहां से 2 और मैच जीतने होंगे तभी टीम 16 अंक का आंकड़ा पार कर पाएगी। वहीं टॉप-2 में बने रहने के लिए उन्हें तीन मैच जीतने की जरूरत है। गुजरात टाइटंस- इस सीजन की सबसे बेस्ट टीमों में से एक शुभमन गिल की जीटी प्लेऑफ में पहुंचने की एक और प्रबल दावेदार है। गुजरात के 9 मैचों में 12 पॉइंट्स है। टीम को अभी 6 और मुकाबले खेलने हैं। इनमें से 2 मैच जीतकर वह प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर सकती है, मगर उनकी नजरें टॉप-2 पर होगी। दिल्ली कैपिटल्स- धमाकेदार अंदाज में टूर्नामेंट का आगाज करने वाली दिल्ली की टीम अब लय खोती दिख रही है, पिछले दो मुकाबलों में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा है। टीम 10 में से 6 मैच जीतकर फिलहाल टॉप-4 से बाहर है। डीसी को प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए बचे 4 में से 2 मैच जीतने होंगे। अगर टीम 3 मैच हारती है तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है। दिल्ली को अपना नेट रन रेट भी सुधारने की जरूरत है। लखनऊ सुपर जाएंट्स- 10 मैचों में इतने ही अंक हासिल करने वाली ऋषभ पंत की टीम को प्लेऑफ का टिकट हासिल करने के लिए बचे चार में से कम से कम तीन मैच जीतने होंगे। एलएसजी के अगले चार मैच पंजाब, बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद के खिलाफ है। लखनऊ यहां से दो और मैच हारता है तो उनकी मुश्किलें बढ़ जाएगी। कोलकाता नाइट राइडर्स- गत चैंपियन केकेआर के लिए प्लेऑफ की राह थोड़ी कठिन दिख रही है। टीम ने अभी तक खेले 10 में से 4 ही मैच जीते हैं, वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ उनका मुकाबला बारिश की वजह से धुला था। कोलकाता के खाते में फिलहाल 9 पॉइंट्स है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जरूरी 16 अंक हासिल करने के लिए उन्हें यहां से सभी मुकाबले जीतने होंगे तभी वह 17 पॉइंट्स तक पहुंच सकती है। अगर टीम एक मैच भी हारती है तो उनकी गाड़ी 15 पॉइंट्स पर अटक जाएगी, ऐसे में उन्हें दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा। सनराइजर्स हैदराबाद- CSK-RR के बाद अब SRH पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल, हैदराबाद के खाते में 9 मैच में 6 ही अंक है। अगर बेच 5 में से टीम 2 मैच भी हारती है तो वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अगर टीम को 16 अंक चाहिए तो हैदराबाद को यहां से अपने सभी मैच जीतने होंगे। वहीं अगर टीम 4 मैच जीतती है तो 14 अंकों के बावजूद उन्हें दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा। recent visitors 37

दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान, उखड़े पेड़, बारिश से सड़कें लबालब

नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में आज सुबह मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। वहीं, भीषण गर्मी से परेशान दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने लोगों को राहत दी। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। सुबह-सुबह दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। गरज-चमक के बीच बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया था। लगातार हो रही तेज बारिश से दिल्ली की सड़कों पर पानी भर गया है। दिल्ली में बूंदाबांदी का सिलसिला तड़के 3 बजे के बाद शुरू हुआ। पहले आईटीओ, मंडी हाउस और मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी और बारिश शुरू हुई। इसके बाद हवाओं में तेजी आई और अंधेरे के बीच गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार 1 मई से 7 मई तक आंधी व बारिश का अनुमान है। इस कारण से तापमान 34 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 1 मई की रात से 4 मई की सुबह तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 5 और 6 मई को शाम के समय आंधी-तूफान और बादल गरजने की गतिविधियां रहेंगी। इससे पहले मौसम विभाग 1 से 2 मई के लिए बारिश व आंधी का यलो अलर्ट जारी किया था। दिल्ली हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह आंधी-तूफान और तेज़ हवाओं के कारण परिचालन बाधित होने के कारण तीन उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया और 200 से अधिक उड़ानें विलंबित हो गईं। दिल्ली में खराब मौसम के कारण एक फ्लाइट को अहमदाबाद और दो फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया और कई अन्य फ्लाइट में देरी हुई। गाजियाबाद में शुक्रवार तड़के मौसम का मिजाज बदल गया। पहले तेज आंधी चली। इसके बाद बादल गरजे और पांच बजे बारिश शुरू हो गई। इसके बाद पारा चार डिग्री नीचे आ गया। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि तेज हवा चलने की वजह से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता अचानक बढ़ गई। आने वाले चार-पांच दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान जहां 40 को पार कर रहा था। वहीं अब यह 30-32 के आसपास रहेगा। रविवार और सोमवार को भी बारिश होने की संभावना बन रही है। हवा की रफ्तार बढ़ने से धूप निकलने पर भी गर्मी से राहत मिली रहेगी। बारिस से गुरूग्राम बना जलग्राम गुरुग्राम में बारिश से शुक्रवार को कई जगहों पर जलभराव हो गया है। घरों के अंदर पानी घुस गया। नरसिंहपुर गांव के सामने दिल्ली जयपुर हाईवे और सर्विस लेन पर तीन फीट पानी भर गया है। इससे वाहन चालकों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आंधी से कई जगह पेड़ टूट गए। इसकी चपेट में आकर पालम विहार में पार्क की दीवार ढह गई। दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। recent visitors 43

खुले केदारनाथ धाम के कपाट, श्रद्धालुओं की भीड़ में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

केदारनाथ  उत्तराखंड के पवित्र हिमालयी धाम, केदारनाथ के कपाट आज प्रातः 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ धाम भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी गीता धामी के साथ इस शुभ अवसर पर मंदिर में उपस्थित रहे और बाबा केदार के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस पावन मौके पर हजारों श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर को विशेष रूप से 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया, जिनमें देश-विदेश के 45 प्रकार के फूल शामिल थे। पश्चिम बंगाल के 50 कारीगरों ने सजावट में योगदान दिया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिसने श्रद्धालुओं के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा इससे पहले गुरुवार को में प्रदेश के डीजीपी दीपम सेठ एवं अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) श्री वी. मुरुगेशन ने श्री बद्रीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में जाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया.  पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने उन्हें सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी. इस बार केदारनाथ यात्रा में भीड़ नियंत्रण के लिए टोकन व्यवस्था लागू की जा रही है, जो पहले दिन से ही प्रभावी होगी. डीजीपी ने टोकन काउंटरों की संख्या बढ़ाने, पीए सिस्टम से यात्रियों को जानकारी देने और स्क्रीन पर स्लॉट व नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए. उन्होंने एटीएस और पैरा मिलिट्री बल की तैनाती को भी सुव्यवस्थित करने की बात कही. इस बार मंदिर में फोन पर है पाबंदी केदारनाथ में यात्रियों के लिये गाइडलाइन्स जारी की गई हैं. केदारनाथ मंदिर परिसर के 30 मीटर के दायरे में मोबाइल के इस्तेमाल की इजाजत नहीं है. रील या फोटो शूट करते पाए जाने पर मोबाइल फोन जब्त कर लिये जाएंगे और 5000 का जुर्माना देना पड़ सकता है हर साल शीतकाल में भारी बर्फबारी के कारण बाबा केदारनाथ के मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं. जैसे ही ग्रीष्म ऋतु का आगमन होता है, मंदिर के द्वार पुनः खुलते हैं और बाबा केदार भक्तों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान करते हैं. पंचमुखी डोली यात्रा और व्यवस्थाएं 27 अप्रैल को ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर से बाबा केदार की पंचमुखी डोली यात्रा आरंभ हुई थी, जो विभिन्न पड़ावों से होते हुए 1 मई को केदारनाथ धाम पहुंची। यात्रा के स्वागत और कपाटोत्सव के लिए मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां की गईं, जिनमें साफ-सफाई, दर्शन व्यवस्थाएं और पुजारियों के आवास की सुविधा शामिल रही। चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने 50 हेल्थ एटीएम, 70 से अधिक स्वास्थ्य जांच केंद्र और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। श्रद्धालुओं के लिए टोकन सिस्टम लागू कपाट खुलने के पहले दिन ही लगभग 15,000 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह 10:15 बजे तक 10,000 से अधिक लोगों ने दर्शन किए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने टोकन सिस्टम लागू किया है, जिसमें हर घंटे 1,400 लोगों को दर्शन की अनुमति दी जा रही है। संगम पर बनाए गए 10 टोकन काउंटरों से वितरण हो रहा है, जिससे लंबी कतारों की आवश्यकता न पड़े। हालांकि, गौरीकुंड में इस बार अपेक्षाकृत कम भीड़ देखी गई। मुख्यमंत्री का संदेश और सांस्कृतिक आयोजन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “चारधाम यात्रा अक्षय तृतीया से शुरू हो चुकी है और सरकार का प्रयास है कि यह यात्रा हर श्रद्धालु के लिए सुरक्षित और सुगम बने।” उन्होंने कपाट खुलने के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं से संवाद किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम हाल ही में हुए पहलगाम हमले के मद्देनज़र केदारनाथ धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में 139 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी तैनात हैं। स्थानीय पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा बलों की लगातार निगरानी जारी है। चारधाम यात्रा का उत्साह चरम पर 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो चुकी है। इस वर्ष केदारनाथ धाम में जून से अगस्त के बीच 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अब तक केदारनाथ यात्रा के लिए 7.60 लाख से अधिक ऑनलाइन पंजीकरण हो चुके हैं। धार्मिक महत्व केदारनाथ धाम भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और चारधाम तथा पंचकेदार यात्रा का अभिन्न हिस्सा है। मान्यता है कि यहां दर्शन करने से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कपाट खुलने के साथ ही मंदिर में रुद्राभिषेक, शिवाष्टक, शिव तांडव स्तोत्र और केदाराष्टक जैसे मंत्रों का जाप हुआ, जिसने श्रद्धालुओं को गहरे आध्यात्मिक अनुभव से भर दिया।   recent visitors 26