MY SECRET NEWS

Wednesday, June 17, 2026 1:21 am

हर घर तिरंगा अभियान के तहत मैराथन आयोजित, राजस्थान-जयपुर में तिरंगा लेकर दौड़े मुख्यमंत्री

जयपुर.

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अल्बर्ट हॉल से तिरंगा मैराथन के धावकों को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज थामे स्वयं भी धावकों के साथ मैराथन में हिस्सा लिया। जयपुर ग्रेटर नगर निगम द्वारा आयोजित इस रैली में हजारों धावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस मौके पर शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐसी अभिनव पहल है, जो देश के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय स्वाभिमान और गौरव की भावना जागृत करती है।

आजादी के अमृत महोत्सव में शुरू किया गया यह अभियान अब एक जन आंदोलन बन गया है। इस अभियान के तहत घर पर ध्वज फहराना ना केवल तिरंगे से व्यक्तिगत जुड़ाव का अहसास करवाता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हम सभी नागरिकों की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान प्रतीक है। हम सभी को देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए, जिससे विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो सके। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हम सभी राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से काम करें, जिससे देश एवं प्रदेश आगे बढ़ सके। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, जयपुर नगर निगम ग्रेटर महापौर सौम्या गुर्जर, जयपुर कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित सहित नगर निगम ग्रेटर के अधिकारी मौजूद रहे।

Loading spinner

Leave a Comment