भाजपा को जनता का समर्थन देख कांग्रेस बौखलाई, राजस्थान-अलवर सांसद भूपेंद्र सिंह ने रामगढ़ में की सभा

अलवर. रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमारी सभी टीमें मिलकर काम कर रही हैं। भाजपा ने मेहनती व निष्ठावान कार्यकर्ता सुखवंत सिंह को रामगढ़ से टिकट दिया है। रामगढ़ में निश्चित रूप से भाजपा ही विजयी होगी। हम सबका साथ सबका विकास के एजेंडे को लेकर चल रहे हैं और भाजपा को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है, जिसे देखकर कांग्रेस में बौखलाहट मची हुई है। अलवर की जनता ने जो मान-सम्मान दिया है, वे उसके ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमने जो भी वायदे किए हैं, उन्हें पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए राज्य सरकार से भी बजट में बहुत राशि स्वीकृत कराई है। विशेष तौर पर रामगढ़ ओर गोविंदगढ़ में ट्रेनों के ठहराव का मसला हो या फिर आरओबी से काम कराने का मामला हो सभी काम तय समय में पूरे करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा एनसीआर क्षेत्र में केंद्र की बजट योजना का भी काफी काम रामगढ़ क्षेत्र में हुआ है। यादव ने कहा कि ईआरसीपी के पानी का मामला भी काफी हद तक भाजपा सरकार ने पूरा कर दिया है और जल्द ही इसका पानी भी रामगढ़ को मिलेगा। रूपारेल नदी के मामले में भी राज्य सरकार ने काफी पैसा दिया है। उन्होंने कहा कि गांवों में घूमने के बाद वे यह कह सकते हैं कि रामगढ़ में सभी बिरादरी और कौम का समर्थन भाजपा को मिल रहा है और यहां से भाजपा उम्मीदवार सुखवंत सिंह ही चुनाव जीतेंगे। उन्होंने सातों विधानसभा सीटों पर जीत का दावा किया। recent visitors 67

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के साथ उम्मीदवार जुबेर मौजूद, राजस्थान-अलवर के रामगढ़ में डोटासरा ने किया गमछा डांस

अलवर. कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गमछा डांस ने रामगढ़ उपचुनाव में समा बांध दिया। कल रामगढ़ के बडोदामेव में कांग्रेस की जनसभा में डोटासरा ने जोरदार गमछा डांस किया। इस सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और असम के प्रभारी जितेंद सिंह और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली, कांग्रेस उम्मीदवार आर्यन जुबेर और जिला अध्यक्ष योगेश मिश्री भी उपस्थित थे। बता दें कि डोटासरा ने भाषण की जगह गमछा डांस ही किया। डोटासरा ने गमछा डांस के बाद कांग्रेस उम्मीदवार आर्यन को गले लगाया और यह गमछा उनसे गले मिलकर गले में डाल दिया। डोटासरा ने काफी देर तक गमछा लेकर ठुमके लगाए, जिससे मीटिंग में आनंद आ गया। डोटासरा का गमछा डांस देख कर जितेंद्र सिंह और टीकाराम जूली के साथ जनसभा में आये लोग भी आनंद लेते दिखे। डोटासरा पहले भी कई जगह इस तरह का गमछा डांस कर चुके है। हालांकि उनका भाषण भी जोरदार रहता है और भाजपा सरकार को पर्ची सरकार का नाम भी डोटासरा ने ही दिया है। वे कहते है कि मुख्यमंत्री पर्ची से ही निकले है। कल उन्होंने भाषण तो बहुत कम दिया या यूं कहे कि डांस काफी देर तक जोरदार किया। इस डांस का लोगों ने भी भरपूर लुत्फ उठाया। recent visitors 161

देसी कट्टे और तीन जिंदा कारतूस जब्त, राजस्थान-अलवर में बदमाश गिरफ्तार

अलवर. जानकारी के अनुसार ASI हितेंद्र सिंह ने बताया कि आज सुबह मुखबिर से सूचना लगी कि स्कीम नंबर एक पर एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और कोई वारदात की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस मौके पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार कृष्णा वाटिका पार्क हरि बाबा के मन्दिर के पास स्कीम न. 01 मेंं एक नौजवान लड़का अवैध हथियार और 315 बोर एवं 03 जिन्दा कारतूस लेकर घूम रहा था। इस पर उसको हथियार सहित गिरफ्तार किया गया। जिस पर आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। थाने के एएसआई हितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिनेश उर्फ विशाल पुत्र  पप्पुराम जाति कोली उम्र 22 साल निवासी स्वर्ग रोड, कोली मौहल्ला अलवर का रहने वाला है जो थाना कोतवाली जिला अलवर में रहता है। पुलिस ने इसके कब्जे से एक देशी कट्टा 315 बोर मय 3 जिन्दा कारतूस बरामद किया है। अभी युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस पूरे मामले में जुट गई है। आरोपी को कल सुबह न्यायालय में पेश किया जाएगा और कोर्ट से रिमांड की मांग की जाएगी। इससे यह जानकारी की जाएगी कि यह कट्टा और कारतूस इसके पास कहां से आया। पुलिस के अनुसार अवैध कट्टा लेकर घूम रहे इस युवक से यह पूछताछ की जाएगी कि यह किस वारदात की फिराक में वहां आया था। recent visitors 82

मिठाई के पैसे मांगने पर की तोड़फोड़, राजस्थान-अलवर में तीन बदमाशों ने दुकानदार को पीटा

अलवर. शहर की भेरुबक्स स्वीट्स के सूर्य नगर स्थित आउटलेट पर कुछ बदमाशों ने तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। बदमाश पहले शाम को धमकी देकर गए और रात्रि को तोड़फोड़ सहित मारपीट की घटना को अंजाम दे दिया। दुकान मालिक डिंपल विजय ने बताया विगत एक डेढ़ साल से बदमाशों के ऊपर मिठाई का पैसा बकाया चल रहा था। मांगने पर तोड़फोड़ करने की धमकी दी जाती है। आज शाम को तीन बदमाश आते हैं और मारपीट और पैसा नहीं देने का अंजाम भुगतने की धमकी देते हैं। रात को दस बजे के आसपास तीन बदमाश एक बाइक पर आए, जो काले कपड़े से ढके थे। उन्होंने अचानक से हमला कर दिया है। आते ही शोरूम के शीशे पर वार करते किया और उसे तोड़ते हुए अंदर घुस गए। मारपीट की घटना को अंजाम दिया। बता दें कि दुकान मालिक लकवा ग्रस्त हैं। उनका गला पकड़ कर खींचा गया। घटना के बाद दुकान मालकिन ने अपने भाइयों को सूचित किया और पुलिस को भी सूचना दी। पीड़ितों का कहना है कि यदि सूचना के बाद पुलिस वहां समय से पहुंच जाती तो यह घटना नहीं होती। पुलिस को तभी सूचना कर दी गई थी, जब ये लड़के धमकी देकर गए थे। यानी पुलिस ने भी इलाके को अब गुंडों के हवाले कर दिया है। इसका परिणाम ये हुआ कि गुंडे आए और खुलेआम यह वारदात करके चले गए। recent visitors 81

दमकल ने पाया काबू, राजस्थान-अलवर के प्लास्टिक गोदाम में पटाखे से लगी आग

अलवर. अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे में गुरुद्वारे के पास प्लास्टिक गोदाम में पटाखे से आग लग गई। गुरुद्वारे के सेवक हरनेक सिंह सरदार ने अपनी पानी की मोटर लगा कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। उनके इस प्रयास के यह परिणाम रहा कि यह आगे बढ़ने से थोड़ा रुक गई। बाद में सूचना पर नगर पालिका से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। यह गोदाम कृष्णावतार दिल्ली वालो का है। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया। गोदाम में प्लास्टिक भरा हुआ था और वह अत्यधिक ज्वलन शील था। इस आग में प्लास्टिक कितना बचा और कितना जला इसका पता अभी नहीं चला है। बताया जा रहा है कि ये आग पटाखे से लगी थी। पटाखे की चिंगारी गोदाम में चली गयी और थेड़ी देर में ही वह आग लग गई। देखते देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया। आग लगने की सूचना पर गुरुद्वारे के आस पास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और अपने-अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसकी सूचना लोगों ने तुरन्त दमकल विभाग को भी कर दी। दमकल की गाड़ी पहुंची तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली और आग पर काबू पाया। इस आग से वे लोग ज्यादा भयभीत थे, जिनके मकान इस गोदाम के आसपास है, क्योंकि यह आग उनके घरों को भी नुकसान पहुंचा सकती थी। recent visitors 93

जमीन विवाद में हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी, राजस्थान-अलवर में खूनी संघर्ष में तीन महिलाएं घायल

अलवर. अलवर में कोटकासिम थाना क्षेत्र के जकोपुर गांव में रविवार शाम जमीन विवाद के चलते दो पक्षों में झगड़ा हो गया। घटना में एक पक्ष की ओर से फायरिंग और हथियारों से हमला किया गया। झगड़े में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसमें एक महिला को गोली लगी है। जानकारी के अनुसार, जकोपुर निवासी कुलदीप सिंह के परिवार ने अपने खेत में सरसों की फसल की बुआई की थी। आरोप है कि रविवार को दिन में जकोपुर सरपंच शर्मिला के पति राजपाल उर्फ राजू जाट जो कि पुलिस थाने का हिस्ट्रीशीटर है ने टिल्लू, भीम, प्रवीण, बसंत, राजबीर और राहुल ने मिलकर ट्रैक्टर से उनकी फसल को रौंद दिया। कुलदीप का कहना है कि उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिससे आरोपी पक्ष का मनोबल और बढ़ गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे कुलदीप के परिवार ने जब इस घटना का विरोध किया तो आरोपी अपने साथ बाहर के 25 से 30 बदमाशों को लेकर हथियारों से लैस होकर आए और महिलाओं से मारपीट की। इस दौरान फायरिंग हुई, जिसमें प्रेमलता पत्नी अजीत सिंह के पैर में गोली लगी। जबकि हेमलता पत्नी फूल सिंह और ममता पत्नी विक्रम सिंह को गंभीर चोट आई है। घायल महिलाओं को तुरंत कोटकासिम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, सरपंच शर्मिला के पति राजपाल उर्फ राज जाट जो कि पुलिस थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी है। यह पूर्व में भी कोटकासिम थानाधिकारी महेश कुमार सहित पुलिस कर्मियों से अपने घर पर मारपीट कर चुका है, जिसमें थानाधिकारी महेश कुमार सहित चार पुलिस कर्मियों को चोट आई थी। अब पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। recent visitors 161

पालक को लाखों का नुकसान, राजस्थान-अलवर में बदमाशों ने मधुमक्खियों से भरे बॉक्स जलाए

अलवर. अलवर के निकट भरतपुर मार्ग पर स्थित बगड़ राजपूत में किए जा रहे मधुमक्खी पालन के डिब्बों में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। यह मधुमक्खी पालन गांव के पास गोचर भूमि पर किया जा रहा था। आग लगने से लाखों मधुमक्खियां जलकर नष्ट हो गई और करीब सौ डिब्बे जलकर राख हो गए। आग लगने से आठ लाख रुपये का नुकसान हो गया। मधुमक्खी पालन करने वाला अपने गांव गया हुआ था।इस संबंध में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिली है, लेकिन मधुमक्खी पालक को भारी नुकसान हुआ है। मधुमक्खी पालन का यह व्यापार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला निवासी नोशाद का था। नोशाद ने बताया कि सहारनपुर में मधुमक्खी पालन करने वालों की बैठक थी, वह इसी में भाग लेने सहारनपुर गया हुआ था। पीछे से किसी ने जान बूझकर मधुमक्खी पालन के डिब्बों में आग लगा दी। उसने बताया कि उसके पास फोन आया कि उसकी मधुमक्खी के डिब्बों में आग लगा दी गई है। उसने तुरंत यहां आकर देखा तो करीब सौ डिब्बे जले हुए मिले। यह आग किसने लगाई, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। लेकिन यह आग जिसने भी लगाई, उसकी मंशा उसके प्रति अच्छी नहीं रही होगी। आग लगाने वाले के मन मे क्या मंशा रही, इसका भी पता नहीं चला है। लेकिन आग लगने वाले ने मधुमक्खी पालक का लाखों का नुकसान अवश्य कर दिया। इस नुकसान से उसको क्या फायदा हुआ, यह भी सोचने वाली बात है। क्योंकि इस आग में लाखों मधुमक्खियां भी जलकर मर गई। वैसे एक बात अवश्य है कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी ने मधुमक्खी पालन के डिब्बों में आग लगाई हो। अन्यथा मधुमक्खी पालन का यह व्यवसाय कई जगहों पर होता है। लेकिन इससे पहले इस तरह की घटना कभी नहीं हुई। खास बात यह है कि जिस जगह यह डिब्बे लगे हुए थे, वो रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तहत आता है, जहां उपचुनाव हो रहे हैं। recent visitors 85