बाजार में कोहराम, भरभराकर ग‍िरा सेंसेक्‍स-न‍िफ्टी; म‍िनटों में 6 लाख करोड़ खाक

मुंबई भारतीय शेयर बाजार को अमेर‍िकी फेड र‍िजर्व की तरफ से ल‍िया गया फैसला रास नहीं आया. इसका असर अमेर‍िकी बाजार के साथ घरेलू स्‍टॉक मार्केट में भी द‍िखाई द‍िया. फेड र‍िजर्व की तरफ से अगले साल ब्‍याज दर में कम कटौती का संकेत द‍िये जाने के बाद दुन‍ियाभर के बाजार में ग‍िरावट देखी गई. इसके बाद आज सुबह सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में टूट गए. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1100 अंक से ज्‍यादा की गिरावट के साथ 79,029.08 अंक पर आ गया. वहीं एनएसई निफ्टी 328.55 अंक फिसलकर 23,870.30 अंक पर देखा गया. इससे न‍िवेशकों को शुरुआती कुछ ही म‍िनटों में 6 लाख करोड़ का नुकसान हुआ है. वहीं इसका असर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार (Stock Market) में भी देखने को मिल रहा है. Sensex 1100 अंक से ज्‍यादा टूटकर खुला, जबकि निफ्टी 400 अंक से ज्‍यादा टूटकर ओपेन हुआ. हालांकि कुछ देर बाद स्थिति थोड़ी संभली हुई दिखाई दी. सेंसेक्‍स अभी 917 अंक गिरकर 79,238.08 पर कारोबार कर रहा है. वहीं Nifty50 283 अंक गिरकर 23,914.95  पर कारोबार कर रहा है. बैंक न‍िफ्टी में 744 अंक की गिरावट आई है. BSE सेंसेक्‍स के टॉप 30 शेयरों में से दो शेयरों को छोड़कर सभी शेयर गिरावट पर हैं. सबसे ज्‍यादा गिरावट इंफोसिस के शेयरों में 3 फीसदी की आई है. वहीं निफ्टी के 47 शेयर दबाव में कारोबार कर रहे हैं. जबकि 3 शेयर उछाल पर हैं. टाटा कंज्‍यूमर और डॉ. रेड्डी के शेयरों में तेजी देखी जा रही है. इन 10 शेयरों में बड़ी गिरावट एशियन पेंट्स के शेयर (Asian Paints Share) 2 फीसदी से ज्‍यादा टूटकर कारोबार कर रहे हैं. वहीं इंफोसिस (Infosys Share) में 3 फीसदी, टीसीएस, एचसीएल, महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक के शेयरों में करीब 2 फीसदी की गिरावट आई है. स्‍मॉल और मिड कैप में त्रिवेणी टरबाइन, फाइव स्‍टार बिजनेस, सोनाटा सॉफ्टवेयर, भारती हेक्‍साकॉम, नायका, कोचिन शिपयार्ड के शेयर करीब 3 फीसदी तक गिरकर कारोबार कर रहे हैं. क्यों टूटा शेयर बाजार? अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व ने कहा कि रेट कटौती अभी और होने का अनुमान है, जिस कारण बाजार का मूड खराब हुआ और फेड की कमेंट्री से बाजार डर गया. बुधवार की कॉमेंट्री से साल 2025 में सिर्फ 2 बार कटौती के संकेत मिले है. वहीं, महंगाई पर अभी और सख्ती की जरूरत सेंट्रल बैंक ने कही है. जिस कारण भारतीय शेयर बाजार भी दबाव महसूस कर रहा है. निवेशकों को तगड़ा नुकसान कल बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन 452 लाख करोड़ रुपये था, जो आज बड़ी गिरावट के बाद घटकर 448 लाख करोड़ रुपये हो चुका है. यानी मार्केट कैप में 4 लाख करोड़ रुपये से ज्‍यादा की गिरावट आई है. इसका मतलब है कि निवेशकों के वैल्‍यूवेशन में 4 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है. recent visitors 86

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा बाबा गुरुघासीदास जी एक महान संत थे, उन्होंने मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि बाबा गुरुघासीदास जी एक महान संत थे। उन्होंने मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया। आज उनका यह संदेश मानव को एक दूसरे से जोड़ने का काम कर रहा है। साय आज सतनामी कल्याण समिति कोरबा के द्वारा तीन दिवसीय गुरु घासीदास जयंती समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर लगभग 90 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया और सतनामी समाज को रियायती दर पर जमीन आबंटन करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने सभी को गुरु पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सरकार बाबा गुरु घासीदास के आशीर्वाद से हम सभी के सहयोग से छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ बनाएंगे। उन्होंने समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने, एकजुट रहने और छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए विकास की राह में आगे बढ़ने की बात कही। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, समाज के अध्यक्ष यू आर महिलांगे सहित अन्य समाज के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।       मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि आज बाबा गुरुघासी दास की जयंती में जगह-जगह कार्यक्रम में शामिल होने का पुण्य अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबको साथ लेकर आगे चलते हैं। उनका नारा “सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास“ है जिसे छत्तीसगढ़ की सरकार ने भी अपनाया है और इसी दिशा में सभी समाज को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी से लेकर अन्य स्थानों को विकसित करने का कार्य पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया। उन्होंने कहा कि एक साल के कार्यकाल में जो भी वादा था उसे पूरा किया गया है। पीएम आवास का निर्माण, 3100 में धान खरीदी, 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान, 5500 प्रति मानक बोरा तेंदूपत्ता की पारिश्रमिक, 70 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपये और पीएससी में गड़बड़ी की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए ट्राइबल हॉस्टल जानकारी देते हुए कहा कि समाज को शिक्षा के क्षेत्र में और आगे बढ़ना होगा। हमारी नई शिक्षा नीति, उद्योग नीति गरीबों, युवाओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, अग्निवीरो, दिव्यांगजनो के लिए फायदेमंद है। समाज उद्यम के क्षेत्र में भी आगे बढ़े और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।  खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम मंत्री दयालदास बघेल ने सामाजिक बन्धुओं से बाबा गुरु घासीदास जी ने संदेशों को अपनाने का आव्हान किया। उन्होंने समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर उद्योग-धंधे की ओर आगे बढ़ने की अपील की। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने सभी लोगों को गुरू पर्व की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य का विकास किया जा रहा है। यहाँ डोम निर्माण के लिए भी राशि जारी की गई है। आने वाले दिनों में भव्य डोम नजर आएगा। चांदी का मुकुट पहनाकर किया अभिनन्दन समारोह में मुख्यमंत्री साय और अन्य अतिथियों ने आरती और जैतखाम की पूजा कर ध्वजारोहण में शामिल हुए। सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गर्मजोशी से गजमाला पहनाकर स्वागत और चाँदी का मुकुट पहनाकर अभिनन्दन किया। बाबा गुरु घासीदास के तैलचित्र सहित गुलाब के फूल भेंट किए गए। मुख्यमंत्री साय ने सालिक निर्मल दिवाकर के पुस्तक ‘‘माँ की चाहत‘‘ का विमोचन भी किया। recent visitors 130

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर इंडोर स्टेडियम में आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल हुए

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  राजधानी रायपुर इंडोर स्टेडियम में आयोजित कवि सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कवि सम्मेलन 5.0 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरूण साव, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित विधायकगण और श्रोतागण मौजूद रहे।       मुख्यमंत्री साय ने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा के जयंती पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने सभी मूर्धन्य कवियों का छत्तीसगढ़ की माटी में स्वागत और अभिनंदन किया। साय ने कहा कि बड़े ही शुभ दिन पर यह आयोजन हो रहा है। बाबा गुरु घासीदास का आशीर्वाद प्रदेश वासियों को मिले, उन्होंने यह कामना की।         मुख्यमंत्री ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कवि और गीतकार केदार परिहार को छत्तीसगढ़ रत्न से सम्मानित किया। कवि सम्मेलन में पद्म डॉ. सुरेंद्र दुबे, पद्म डॉ. सुनील जोगी, डॉ. हरिओम पवार, सुअनामिका जैन अंबर,  डॉ. अनिल चौबे, स्वयं श्रीवास्तव और रमेश विश्वहार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। recent visitors 151

“प्रशासन गांव की ओर 2024” अभियान मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के साथ साझाकर संचालित करें

मुख्य सचिव के सुशासन सप्ताह पर कलेक्टर्स को निर्देश  "प्रशासन गांव की ओर 2024" अभियान को मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के साथ साझा कर संचालित करें- मुख्य सचिव "प्रशासन गांव की ओर 2024" अभियान मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के साथ साझाकर संचालित करें भोपाल मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि वे 19 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सुशासन सप्ताह के अंतर्गत "प्रशासन गांव की ओर 2024" अभियान को मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के साथ साझा कर संचालित करें। मुख्य सचिव जैन ने वीडियो कांफ्रेंस से संपूर्ण अभियान के संबंध में कलेक्टर्स को दिशा निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को सुशासन दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष केन्द्र सरकार द्वारा 19 से 24 दिसबर 2024 तक सुशासन सप्ताह मनाया जाने का निर्णय लिया है। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत "प्रशासन गांव की ओर 2024" अभियान चलाया जाएगा। इसमें जनसमस्याओं का निराकरण कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कलेक्टर्स से अभियान की तैयारी के संबंध में चर्चा की।उन्होंने सुशासन सप्ताह के अंतर्गत "प्रशासन गांव की ओर अभियान में जन समस्याओं का निराकरण कर अधिक से अधिक व्यक्तियों को सेवाओं का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने इस अभियान को मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के साथ साझा कर संचालित करने के लिए कहा है। बैठक में सभी जिला कलेक्टर को पोर्टल पर अपने जिले में तीन नवाचारों, सुशासन पहलों पर संक्षिप्त लेख तैयार कर उसकी गुणवता सुनिशित करने के निर्देश दिए गए।इन आलेखों को अभियान के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। सुशासन की श्रेष्ठ प्रथाओं का संकलन कर उन्हें पोर्टल पर चित्र सहित साझा करने के लिए भी कहा गया है। साथ ही सार्वजनिक शिकायतों के समाधान पर सफलता की कहानियॉँ भी अपलोड की जाएंगी। इन श्रेष्ठ प्रथाओं एवं सफलता की कहानियों को पृथक से राज्य स्तर पर भी संकलित किया जाएगा। जिला कलेक्टर जनता की शिकायतों के समाधान और बेहतर सेवा वितरण के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के शिविरों के साथ साझा शिविर आयोजित करेंगे।मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत निराकृत किए गये आवेदनों/शिकायतों/सेवाओं को भारत सरकार के पोर्टल पर भी दर्जं करेंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि जिला कलेक्टर 23 दिसंबर, 2024 को जिले में एक प्रसार कार्यशाला आयोजित करें, जिसमें जिला स्तर पर सुशासन की श्रेष्ठ प्रथाओं का संकलन कर उन्हें प्रशासन गांव की ओर पोर्टल पर प्रस्तुत करें। अभियान अवधि में CPGRAMS पोर्टल की सभी शिकायतों का निराकरण करना सुनिश्चित किया जायेगा। CPGRAMS पोर्टल की सभी शिकायते सी.एम् हेल्पलाइन पोर्टल पर उपलब्ध है। सभी विभाग अध्यक्ष भी उपरोक्तानुसार सुशासन सप्ताह के अंतर्गत अधिक से अधिक जनसमस्याओं, सेवाओं के निराकरण संबंधी सतत समीक्षा करना सुनिश्चित करेंगे योजना, आर्थिक एवं सांख्यकी विभाग, जिलों से विज़न डॉक्यूमेंट प्राप्त कर उनका परीक्षण करेगा, जिन्हें मापदंड के अनुरूप होने पर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।   recent visitors 88

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में अपेक्स कमेटी गठित

भोपाल राज्य शासन ने भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय की जनजातीय समुदायों के लिये लागू किये गये धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत विभिन्न विकास विभागों द्वारा कार्य-योजना बनाने, उसके क्रियान्वयन, समन्वय, अभिसरण एवं अनुश्रवण के लिये मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय अपेक्स कमेटी गठित की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश अनुसार समिति में वित्त विभाग, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास, पशुपालन एवं डेयरी, पर्यटन, आयुष, स्कूल शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव को समिति में सदस्य बनाया गया है। सचिव, जनजातीय कार्य विभाग समिति के सदस्य सचिव होंगे। समिति सभी जिला कलेक्टर के कार्यों की मॉनीटरिंग करेगी और उत्कृष्ट कार्यों का चिन्हांकन भी करेगी। समिति मासिक एवं त्रैमासिक समीक्षा करेगी, जिसमें योजना की प्रगति, संभावित समस्याओं पर सलाह देकर विभागों के बीच समन्वय का कार्य भी करेगी। समिति समय-समय पर बैठकें आयोजित कर भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय से प्राप्त दिशा-निर्देश के अनुसार अन्य कार्यवाही भी सुनिश्चित कर सकेगी।   recent visitors 78

एमपी गजब : हॉस्पिटल की ऑक्सीजन पाइप उड़ा ले गए चोर, आफत में आई नवजातों की जान

राजगढ़ ! जिला अस्पताल में बुधवार रात चोरी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां चोरों ने ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कॉपर की लाइन काटकर पार कर दी, बिना ये सोचे कि इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों की जान संकट में पड़ सकती है. इस घटनाक्रम से ऑक्सीजन स्पोर्ट पर रखे गए 11 बच्चों की जान खतरे में पड़ गई. गनीमत ये रही कि नवजात बच्चों को बैकअप वाले जंबो सिलेंडर की मदद से ऑक्सीजन तुरंत मिल गया. अगर जंबो सिलेंडर नहीं होता तो एक बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था. जिला अस्पताल के पीडियाट्रिक्स एमडी और एसएनसीयू प्रभारी डॉक्टर आरएस माथुर ने कहा, ” बुधवार रात एसएनसीयू में लगभग 24 बच्चे भर्ती थे, इनमें से 11 बच्चों को ऑक्सीजन स्पोर्ट पर रखा गया था. सुबह लगभग 5 बजे एसएनसीयू में इमरजेंसी अलार्म बजने लगा था क्योंकि वहां ऑक्सीजन सप्लाई नहीं हो रही थी. ड्यूटी पर तैनात हमारे कर्मचारियों ने तुरंत जंबो सिलेंडर की मदद से बच्चों की जान को सुरक्षित किया.” डॉ. आरएस माथुर ने आगे कहा, ” जब हमने अलार्म बजने की वजह जानने की कोशिश की, तो पता चला कि पीएम रूम के पास ऑक्सीजन प्लांट है जहां से ऑक्सीजन स्टोर होती है. उसी मेन लाइन को अज्ञात चोरों ने बंद कर लगभग 10 फीट लंबी कॉपर लाइन काट ली और चुरा ले गए. फिलहाल, हमारे एसएनसीयू में भर्ती सभी नवजात सुरक्षित हैं.” पूरे मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर ने कहा, ” हमने हॉस्पिटल में जांच के लिए पुलिसकर्मी को भेजा है. अस्पताल प्रबंधन की ओर से जो भी जानकारी मिलेगी उसी हिसाब से आगामी कार्रवाई की जाएगी.” गौरतलब है कि राजगढ़ जिला अस्पताल में यह चोरी की पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी चोरी का मामला सामने आया चुका है. चोरी का खुलासा होने पर अस्पताल के अस्थाई कर्मचारी को चोरी में संलिप्त पाया गया था. recent visitors 159

राज्य घुड़सवारी अकादमी के राजू सिंह को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सारंग ने दी बधाई

भोपाल 61वीं कैवलेरी जयपुर में 15 से 18 दिसंबर 2024 तक आयोजित सीसीआई 3 स्टार इवेंटिंग क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी के घुड़सवार राजू सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम और द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाया। राजू सिंह ने घोड़े "मविलान" के साथ 38.8 अंकों के साथ पहला स्थान और "मताकाली" के साथ 40.6 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राजू सिंह को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने राज्य घुड़सवारी अकादमी के खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों के कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रदीप कुमार और कुंभभार महेश के शरायु ने भी क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राजू सिंह ने एशियन चैंपियनशिप 2025 (थाईलैंड) के लिए पहला क्वालीफाइंग ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। दूसरा क्वालीफाइंग ट्रायल अगले महीने 14 से 17 तारीख तक आर्मी पोलो एंड राइडिंग क्लब, दिल्ली में आयोजित होगा।   recent visitors 82