तिरुनेलवेली से चेन्नई एगमोर जाने वाली वंदे भारत को मिल रहे बंपर यात्री, छोटी पड़ रही ट्रेन, बोगियों को दोगने करने की तैयारी

नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेनों को अपग्रेड करने का काम जारी है। खबरें हैं कि जल्द ही स्लीपर ट्रेन पटरियों पर उतरने वाली है। इसी बीच खबरें हैं कि तिरुनेलवेली से चेन्नई एगमोर जाने वाली वंदे भारत की डिमांड इस कदर है कि रेलवे अब बोगियों को दोगने करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, अब तक इसे लेकर आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2019 में पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मदुरई रेलवे मंडल ने 8 बोगियों वाली तिरुनेलवेली-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस को 16 कार रैक में बदलने का प्रस्ताव दिया है। खबर है कि क्षेत्र में यात्रियों के बीच इस ट्रेन की खासी डिमांड है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फिलहाल प्रस्ताव को मुख्यालय भेजा गया है और हामी की उम्मीद की जा रही है। पीएम मोदी ने 24 सितंबर 2023 को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। खास बात है कि यह दक्षिण तमिलनाडु के खाते में आई पहली वंदे भारत ट्रेन थी। इसके बाद 31 अगस्त 2024 को मदुरई-बेंगलुरु-मदुरई और नगरकोल-चेन्नई एगमोर-नगरकोल वंदे भारत की शुरुआत हुई थी। इनमें से सबसे ज्यादा यात्री तिरुनेलवेली वंदे भारत को मिल रहे हैं। अखबार के अनुसार, यात्री बताते हैं कि इस ट्रेन का समय बहुत अच्छा है। यह ट्रेन सुबह 6 बजे तिरुनेलवेली से चलती है और दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर चेन्नई एगमोर स्टेशन पहुंचती है। सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर मदुरई और 9 बजकर 50 मिनट पर त्रिची पहुंचने के कारण यह और सुविधाजनक हो जाती है। लौटते समय ट्रेन चेन्नई एगमोर से 2 बजकर 50 मिनट पर चलती है और रात 10 बजकर 40 मिनट पर तिरुनेलवेली पहुंचती है। रिपोर्ट के मुताबिक, तिरुनेलवेली जिला यात्री संघ ने भी एक प्रस्ताव पास कर कोच बढ़ाने की मांग की है। अखबार से बातचीत में मदुरई मंडल रेल प्रबंधक शरद श्रीवास्तव ने कहा है कि मंडल की तरफ से भी प्रस्ताव भेजा गया है। इस संबंध में जल्द ही फैसला लिया जा सकता है। recent visitors 49

AIMIM ने दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से दिया टिकट

नई दिल्ली दिल्ली विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) भी उतरेगी. मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र से AIMIM ने दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को उम्मीदवार बनाया है. ताहिर हुसैन की पत्नी शमा और बेटा शादाब आज (10 दिसंबर) असदुद्दीन ओवैसी से मिलने उनके आवास पहुंचे. इस मुलाकात के दौरान AIMIM नेता इम्तियाज जलील भी मौजूद थे. इस मुलाकात के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "ताहिर हुसैन AIMIM में शामिल हो गए हैं और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र से हमारे उम्मीदवार होंगे. उनके परिवार के सदस्य और समर्थक आज मुझसे मिले और पार्टी में शामिल हुए." जेल में बंद हैं ताहिर हुसैन बता दें ताहिर हुसैन फरवरी 2020 में दिल्ली में हुए दंगों के आरोपी हैं. वह आम आदमी पार्टी से निगम पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं. हालांकि, दंगों में नाम आने के बाद पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था. हाल ही में ताहिर हुसैन को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत मिली थी. अदालत ने दिल्ली दंगों के सिलसिले में ताहिर हुसैन के खिलाफ एक प्राथमिकी रद्द कर दी थी. यह एफआईआर 27 फरवरी 2020 को दर्ज की गई थी. यह एफआईआर इमारत की पहली मंजिल पर दंगा और उपद्रव के मामले में पीड़ितों की शिकायत पर कराई गई थी. दिल्ली विधानसभा के लिए फरवरी 2025 में चुनाव होने हैं और आप तीसरी बार सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश कर रही है. साल 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 70 में से 62 पर जीत दर्ज की थी. AIMIM इतने सीटों लड़ सकती है चुनाव इस बीच चर्चा है कि AIMIM अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगभग 10 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. ऐसे में मुस्लिम सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है. दूसरी तरफ बीजेपी और कांग्रेस भी आगामी चुानव के लिए जोरशोर से तैयारी कर रही है.  recent visitors 115

लखनऊ में हिमाचल प्रदेश के गवर्नर के काफिले की गाड़ियां भिड़ीं, 3 घायल, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला सेफ

 लखनऊ  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला के काफिले के वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। यह हादसा शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास हुआ, जब काफिले की एक गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में काफिले के कई स्टाफ सदस्य घायल हो गए हैं, जबकि राज्यपाल की गाड़ी सुरक्षित रही। राज्यपाल सुबह 8 बजे फ्लाइट संख्या 6ई146 से लखनऊ पहुंचे थे। आधे घंटे बाद उनका काफिला एयरपोर्ट से राजभवन की ओर रवाना हुआ। शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास एक वाहन के ब्रेक लगाने से अन्य वाहन असंतुलित होकर भिड़ गए। दुर्घटना में काफिले की एम्बुलेंस भी हुई क्षतिग्रस्त दुर्घटना में काफिले की एम्बुलेंस भी शामिल थी। जानकारी के मुताबिक, इसमें मौजूद सरोजनीनगर के नर्सिंग अर्दली विभोर के हाथ और पैर में चोटें आईं, जबकि एक डॉक्टर के पैर में चोट लगी। सभी घायलों का इलाज सरोजनीनगर स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। लग गया था लंबा जाम हादसे की वजह से शहीद पथ पर ट्रैफिक बाधित हो गया और लुलु मॉल, अहिमामऊ समेत आसपास के इलाकों में जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ियों को हटाकर ट्रैफिक बहाल किया। पुलिस के अनुसार, हादसा काफिले के वाहनों के अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ। सुशांत गोल्फ सिटी और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर जल्द ही जाम हटाने का प्रयास किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। recent visitors 111

देश में 994 संपत्तियों पर वक्फ का अवैध कब्ज़ा, केंद्र ने संसद में दी राज्यों सहित पूरी डिटेल

नई दिल्ली केंद्र सरकार ने संसद में बताया कि देशभर में वक्फ संपत्तियों पर 994 अवैध कब्जों की जानकारी मिली है। इनमें सबसे ज्यादा 734 संपत्तियां तमिलनाडु में हैं। यह जानकारी अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने दी। वक्फ अधिनियम के तहत देश में 872,352 स्थायी और 16,713 अस्थायी वक्फ संपत्तियां पंजीकृत हैं। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा अवैध कब्जे संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, 994 अवैध कब्जों में तमिलनाडु में 734, आंध्र प्रदेश में 152, पंजाब में 63, उत्तराखंड में 11 और जम्मू-कश्मीर में 10 संपत्तियां शामिल हैं। 2019 के बाद वक्फ बोर्ड को जमीन नहीं मिली केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने बताया कि 2019 के बाद केंद्र सरकार ने वक्फ बोर्ड को कोई जमीन नहीं दी है। राज्य सरकारों द्वारा दी गई जमीन का डेटा भी उपलब्ध नहीं है। विवादित वक्फ संपत्तियों पर जानकारी मांगी पिछले हफ्ते, जेपीसी के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने राज्य सरकारों को पत्र लिखकर विवादित वक्फ संपत्तियों का ब्योरा देने को कहा है।   recent visitors 85

कमलनाथ ने मोहन सरकार को घेरा, कहा प्रदेश में निवेश तो दूर की बात, केन्द्रीय योजनाओं की राशि……..?

Kamal Nath targeted the government: Leave alone investment in MP, only half the amount of central schemes was received. भोपाल। कांग्रेस नेता एवं पूर्व सीएम कमलनाथ ने मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि- मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आए दिन प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश के वादों की चर्चा करते रहते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि निजी क्षेत्र से आने वाला यह निवेश तो दूर की बात है, केंद्र सरकार से प्रदेश में चल रही विभिन्न योजनाओं के लिए आने वाले पैसे को ही अब तक राज्य सरकार प्राप्त नहीं कर सकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ मध्य प्रदेश को चालू वित्त वर्ष में केंद्रीय योजनाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से 37,652 करोड़ रुपया मिलने थे लेकिन अब तक सिर्फ़ 16,194 करोड़ रुपये ही मिले हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- जिन महत्वपूर्ण केंद्रीय योजनाओं के लिए पर्याप्त राशि नहीं मिली है उनमें -आयुष्मान योजना, आदिवासी समुदाय के छात्रों की छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय सड़क निधि, PM श्री स्कूल और अदालत के भवन निर्माण की राशि भी अटकी हुई है।मुख्यमंत्री यह सारी रकम मध्य प्रदेश की जनता का अधिकार और केंद्र पैसा देकर कोई एहसान नहीं कर रहा है। प्रदेश की जनता अपनी गाढ़ी कमाई से केंद्र सरकार को जो टैक्स देती है, उसी का एक छोटा सा हिस्सा केंद्रीय मदद के रूप में प्रदेश को वापस मिलता है। इसलिए आप दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र सरकार पर प्रदेश को उसका अधिकार देने के लिए दबाव बनाएं। recent visitors 181

ट्रैविस हेड ने सिरदर्द करके रखा हुआ, हरभजन सिंह ने बताया बॉलिंग में प्लान अच्छा करना है, गाबा फतह करेगा भारत

नई दिल्ली इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। तीसरा मैच शनिवार (14 दिसंबर) से ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में शुरू होगा। पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने गाबा फतह करने के लिए भारत को थ्री-इन-वन फॉर्मूला दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम ने एक ही मैच में उनकी तीनों सलाह पर अमल किया तो जीत निश्चित है। उन्होंने भारत के सिरदर्द का इलाज भी बताया है। बता दें कि भारत ने पर्थ टेस्ट में 295 रनों से जीत हासिल की थी और एडिलेड में 10 विकेट से करारी हार का मुंह देखना पड़ा। 'छोटी-छोटी पार्नटरशिप कीजिए और…' हरभजन ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ''पहली और सबसे अहम बात यह है कि भारत को बैटिंग अच्छी करनी है। एडिलेड में बल्लेबाजी अच्छी नहीं हुई। पार्टनरशिप नहीं हुई। 30-40 रन की छोटी-छोटी पार्नटरशिप कीजिए, फिर उसके बाद मौका बनता है तो लंबी साझेदारी करें। हमने पर्थ में ऐसी पार्टनरशिप देखी थी। उस एक पार्टनरशिप ने मैच जिताया था। गाबा में पहली पारी में 300-350 जरूर लगाएं।'' एडिलेड में कोई भी भारतीय खिलाड़ी अर्धशतक नहीं जड़ा सका था। नीतीश रेड्डी के बल्ले से सर्वाधिक 42 रन निकले। 'ट्रैविस हेड ने सिरदर्द करके रखा हुआ है' पूर्व स्पिनर ने कहा, ''दूसरी बात यह है कि बॉलिंग में प्लान अच्छा करना है। ट्रैविस हेड ने सिरदर्द करके रखा हुआ है। बहुत मैचों में हमने उन्हें देख लिया है। वह प्वाइंट और कवर की दिशा में रन बनाते हैं। आप एक काम करिए कि हेड को सीधा खिलाइए। थोड़ा बॉल आगे डालें। उन्हें लेग स्टंप की तरफ रन बनाने दें। थोड़ा बाउंसर भी डालिए। वह बाउंसर अच्छा नहीं खेलते। मुझे लगता है कि यह प्लान उनके खिलाफ काम कर सकता है।'' हेड ने एडिलेड में 140 रन की तूफानी पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। 'पेसर प्रसिद्ध गाबा में कामयाब हो सकते हैं' भज्जी ने आगे कहा, ''तीसरी बात है कि एक चेंज होना चाहिए। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और आकाशदीप में से किसी एक को गाबा में खिलाना चाहिए। हर्षित राणा की जगह मौका देना चाहिए। मैं ऐसा नहीं कह रहा कि हर्षित का प्रदर्शन खराब रहा। लेकिन एक चेंज के तौर पर मुझे लगता है कि ऐसा करना बेहतर रहेगा। गाबा की पिच फास्ट है, उसमें बाउंस है, वहां फास्ट बॉलर काफी विकेट लेते हैं। मुझे लगता है कि प्रसिद्ध के पास वो बाउंस है और वह कामयाब हो सकते हैं। भारत अगर यह तीन चीजें करेगा तो जीत निश्चित है।'' recent visitors 79

मुरैना में रिटायर्ड फौजी ने पत्नी को गोली मार कर खुद को मारी गोली, 5 साल पहले लिया था रिटायरमेंट

मुरैना  शहर में रिटायर आर्मी जवान ने पहले पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना शहर के एसपी ऑफिस के सामने स्थित विक्रम नगर की है। 45 वर्षीय देवेंद्र सिंह गुर्जर आर्मी से 5 साल पहले रिटायर हुए थे और वर्तमान में धौलपुर में वेयर हाउस पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे। अब तक की जानकारी के मुताबिक, रात 3:30 के करीब किसी बात पर विवाद के दौरान पत्नी से हाथापाई हुई। इसके बाद लाइसेंसी पिस्टल से 43 साल की पत्नी माधुरी गुर्जर को गोली मार दी। जिस कमरे में पत्नी को गोली मारी, वहीं पास में देवेंद्र के दोनों बेटे, गौरव गुर्जर (16 साल) और सौरभ गुर्जर (14 साल) सोए हुए थे। देवेंद्र सिंह ने दोनों बेटों को भी गोली मारने की कोशिश की, तभी दोनों बेटे हाथापाई कर और धक्का देकर वहां से भाग निकले। इसके बाद देवेंद्र ने खुद को गोली मार ली। देवेंद्र की मौके पर ही मौत। माधुरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान माधुरी ने दम तोड़ा। सीएसपी, सिविल लाइन थाने की पुलिस टीम मौके पर गई और मामले की जांच की। recent visitors 71