मतदाता शिक्षा और मतदान जागरूकता के अभियान में चार श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार

भोपाल भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा मतदाता शिक्षा और मतदान जागरूकता के सर्वोत्तम अभियान के लिये नेशनल मीडिया अवार्ड-2024 प्रदान किये जायेंगे। मीडिया संस्थानों को पुरस्कार चार श्रेणियों में प्रदान किये जायेंगे। पुरस्कार मतदाताओं को मतदान के लिये प्रेरित करने और मतदान के प्रति जागरूकता के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये चलाये जा रहे उत्कृष्ट अभियानों को प्रोत्साहित करने के लिये दिये जायेंगे। आयोग ने 10 दिसम्बर 2024 तक संस्थानों से प्रस्ताव आमंत्रित किये हैं। प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक (टेलीविजन) मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक (रेडियो) मीडिया और ऑनलाइन (इंटरनेट एवं सोशल) मीडिया श्रेणियों में पृथक-पृथक पुरस्कार दिये जायेंगे। वर्ष-2024 में मतदान के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिये मीडिया संस्थानों द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों और विशिष्ट उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए चार पृथक-पृथक श्रेणियों में अपने प्रस्ताव भेजने होंगे। सभी नामांकनों पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गठित मीडिया अवार्ड जूरी विचारोपरान्त निर्णय लेगी। नेशनल मीडिया अवार्ड-2024 से संबंधित विस्तृत विवरण (मेमोरेण्डम) कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश की वेबसाइट www.ceomadhyapradesh.nic.in और जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट www.mpinfo.org  पर उपलब्ध है। मीडिया संस्थान अपने प्रस्ताव श्री राजेश कुमार सिंह, अवर सचिव (संचार), भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन सदन, अशोक रोड, नई दिल्ली 110001 को भेजे जा सकते हैं। संस्थान अपने प्रस्ताव मेमोरेण्डम में लिखी शर्तों का पालन करते हुए ई-मेल एड्रेस media-division@eci.gov.in पर भी भेज सकते हैं।   recent visitors 83

जून 2025 तक पूरा हो जायेगा सड़क निर्माण का पहला चरण, बनेंगी 1284.29 किमी लम्बी 1035 सड़कें

भोपाल गांव-गांव तक पहुंच सड़क प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जन-मन) में केन्द्र सरकार प्रदेश के 24 जिलों में निवासरत 3 विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) की सभी बसाहटों तक एप्रोच रोड तैयार कर रही हैं। केन्द्र सरकार द्वारा पीएम जन-मन में प्रदेश की चिन्हित कुल 1295 पीवीटीजी बसाहटों में कुल 1284.29 किलोमीटर लम्बाई वाली 1035 सड़कें मंजूर की गई है। गांव-गांव तक कुल 1050 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली इन सम्पर्क सड़कों का निर्माण कार्य 5 चरणों में पूरा किया जायेगा। पहला चरण जून 2025 तक पूरा कर लेने का लक्ष्य तय किया गया है। पहले चरण में 235 करोड़ रूपये की लागत से 295 किमी लम्बी 125 सड़कें बनाई जा रही है। इन पर काम तेजी से जारी है। पहले चरण के ही दूसरे भाग में 150.72 करोड़ रूपये की लागत से 180.29 किमी लम्बी 40 सड़कें बनाई जानीं है। इनके लिये निर्माण एजेंसी तय कर दी गई हैं। दूसरे चरण में 112.69 करोड़ रूपये लागत से 152 किमी लम्बी 60 सड़कें बनाई जायेंगी। तीसरे चरण 162 करोड़ रूपये की लागत से 216 किमी लम्बी 86 सड़कें निर्मित की जायेंगी। चौथे चरण में 187.74 करोड़ रूपये से 254 किमी लम्बी 97 सड़कें तथा 5वें चरण में 801 करोड़ रूपये लागत से 1187 किमी लम्बाई वाली 627 सड़कें तैयार की जायेंगी। पीएम जन-मन अभियान में सभी गांव-गांव पहुंच सड़़कें प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ाभागके अधीन निर्माण एजेंसी मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (एमपी आरआरडीए) द्वारा बनाई जायेंगी। निर्माण एजेंसी एमपी आरआरडीए द्वारा पहले चरण में मंजूर हुईं। सभी सड़कें जून 2025 तक निर्मित कर लेने के लिये तेजी से कार्य किया जा रहा है। दूसरे, तीसरे, चौथे एवं 5वें चरण में स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य भी हर हाल में वर्ष 2025 के अंत तक पूरा कर लेने के लिये निर्माण एजेंसी ने ठोस तैयारी कर ली है। recent visitors 201

30 नवंबर शनिवार को इन राशियों में दिखेगा लाभ

मेष राशि-प्रोफेशनल लाइफ में सफलता मिलेगी। कार्यों के मनचाहे परिणाम मिलेंगे। व्यापार में विस्तार होगा। विद्यार्थियों को करियर में नई उपलब्धि हासिल होगी। नए कार्यों की शुरुआत के लिए अनुकूल समय है। रिश्तों में गलतफहमी हो सकती है। साथी से बातचीत के जरिए समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करें। वृषभ राशि-अपने काम पर फोकस करें। व्यर्थ के वाद-विवाद से दूर रहें। आर्थिक मामलों में अच्छा दिन है। निवेश के नए विकल्पों पर नजर रखें। पारिवारिक जीवन की दिक्कतों को बातचीत करके सुलझाएं। इससे घर में सुख-शांति बनी रहेगी। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता होगी। मिथुन राशि-कड़ी मेहनत का फल मिलेगा। बॉस आपके कार्यों की तारीफ करेंगे। स्टॉक मार्केट में निवेश करना फायदेमंद साबित हो सकता है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों पर फोकस करना चाहिए। कुछ अविवाहित जातकों का शादी-विवाह तय हो सकता है। यात्रा में देरी होगी। कुछ लोगों की लाइफ में एक्स-लवर की वापसी संभव है। कर्क राशि-घर में मेहमानों के आगमन से खुशनुमा माहौल रहेगा। ऑफिस में कार्यों की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलेगी। पुराने निवेशों से अच्छा रिटर्न मिलेगा। शैक्षिक कार्यों के अच्छे परिणाम मिलेंगे। अपने सेहत पर थोड़ा ध्यान दें। हेल्दी डाइट लें। लव लाइफ शानदार रहेगी। सिंह राशि-खर्चों की अधिकता रहेगी। इसलिए आमदनी के नए स्त्रोतों की तलाश करने की आवश्यकता पड़ सकती है। गृह-क्लेश की स्थिति बनी रहेगी। परिजनों से बातचीत करके समस्या का समाधान निकालें। क्रोध से बचें। विद्यार्थियों के लिए अच्छा दिन है। आज धन का लेन-देन न करें। लव लाइफ रोमांटिक रहेगी। कन्या राशि-प्रोफेशनल लाइफ में सराहे जाएंगे। आपके द्वारा लिए गए आर्थिक फैसले लाभकारी साबित होंगे। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। फ्रेंड्स के साथ वेकेशन के प्लान में देरी हो सकती है। रिलेशनशिप में अहंकार बीच में न आने दें। रोजाना योग और मेडिटेशन करें। इससे आप हेल्दी और फिट रहेंगे। तुला राशि-करियर में उन्नति के कई मौके मिलेंगे। पुराने निवेशों से धन लाभ होगा। प्रॉपर्टी से जुड़े कानूनी विवाद सुलझ जाएंगे। लव लाइफ में उतार-चढ़ाव के संकेत हैं। जीवनसाथी से विचार मैच नहीं खाएंगे। जिससे साथी से नोकझोंक हो सकती है। अपने हेल्थ पर फोकस करें। हेल्दी लाइफस्टाइल मेंटेन करें। वृश्चिक राशि-आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। पुराने निवेशों से अच्छा रिटर्न मिलेगा। पारिवारि जीवन में खुशियों का माहौल रहेगा। आध्यात्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। विद्यार्थियों को अपने पढ़ाई पर ज्यादा फोकस करना होगा। प्रेमी आपसे अपनी फीलिंग्स को शेयर करेंगे। इससे आपका कनेक्शन पहले से ज्यादा स्ट्रॉन्ग होगा। धनु राशि-महंगी वस्तुओं की खरीदारी करने की इच्छा बढ़ेगी। पारिवारिक जीवन में वाद-विवादों से मन चिंतित रहेगा। कार्यों की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलेगी। इससे आय में भी वृद्धि के योग बनेंगे। शैक्षिक कार्यों में सुधार आएगा। रोमांटिक लाइफ में किसी दिलचस्प से मुलाकात के संकेत हैं। मकर राशि-कार्यों के मनचाहे परिणाम नहीं मिलेंगे। पारिवारिक जीवन की गलतफहमियों को सुलझाने का प्रयास करें। प्रोफेशनल लाइफ में मान-सम्मान बढ़ेगा, लेकिन बढ़ते तनाव से स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। रोमांटिक लाइफ में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। कुंभ राशि-पुराने निवेशों से अच्छा रिटर्न मिलेगा। पारिवारिक जीवन में खुशनुमा माहौल रहेगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा में सफल होने के लिए खूब मेहनत करना होगा। काम के सिलसिले में सुखद यात्रा के योग बनेंगे। पार्टनर की बातों को नजरअंदाज न करें और रिश्ते को खुशहाल बनाने का प्रयास करें। मीन राशि-आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। व्यापार में बढ़ोत्तरी के नए मौके मिलेंगे। यात्रा के योग बनेंगे। विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। स्वास्थ्य प्रभावित रहेगा। एलर्जी की समस्या हो सकती है। सिंगल जातकों की किसी खास से मुलाकात होगी। लव लाइफ में नए रोमांटिक मोड़ आएंगे। recent visitors 95

पेंच टाइगर रिजर्व में बाघ ने युवक पर किया हमला, शव का कुछ हिस्सा खा लिया, सिर धड़ से कर दिया अलग

सिवनी पेंच टाइगर रिजर्व के जंगल में बाघ ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बावनथड़ी वनग्राम में बाघ ने युवक पर हमले के बाद शव का कुछ हिस्सा खा लिया है। घटनास्थल से 20 वर्षीय कृष्ण कुमार भलावी का शव बरामद कर पोस्ट मार्टम के बाद वन अधिकारियों ने स्वजनों को सौंप दिया है। मवेशियों को लेकर गया था जंगल पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश सिंह ने बताया कि मृतक कृष्ण कुमार भलावी शुक्रवार सुबह जंगल में मवेशियों को चराने लेकर गया था। दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे जंगल गए मवेशी वापस घर लौटकर आ गए, जबकि मवेशियों के साथ युवक नहीं लौटा। ऐसे में युवक को लेकर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। शव को नोच रहा था बाघ इसकी जानकारी देकर परिवार के लोग स्थानीय बीटगार्ड को साथ लेकर युवक को खोजने जंगल पहुंचे। युवक को खोजते हुए लगभग दो किलोमीटर अंदर जंगल में पहुंचे लोगों को खून के निशान दिखाई दिए। कुछ दूरी पर बाघ की मौजूदगी होने पर ग्रामीणों ने शोरगुल किया। काफी प्रयास के बाद युवक को मारने वाला बाघ दूर जंगल में चला गया।   क्षत-विक्षत हालत में मिला शव जानकारी के अनुसार मौके पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। हमलावर बाघ ने युवक के धड़ से सिर अलग कर दिया सिर और पैर का कुछ हिस्सा खा लिया था। बाघ के हमले में युवक की मौत से परिवार व क्षेत्रवासियों में शोक और डर का माहौल है। मौके पर पहुंचे पेंच टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मृतक के परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। गौरतलब है कि जिस स्थान पर बाघ ने युवक का शिकार किया है वह पेंच-कान्हा वन्यजीव कॉरीडोर में आता है। यहां पर वन्यप्राणियों की मौजूदगी और आवाजाही बनी रहती है। recent visitors 90

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई, खरगे ने कहा कि चुनाव परिणामों से सबक लेकर कठोर निर्णय लेने होंगे

नई दिल्ली अखिल भारतीय कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मिली हार पर मंथन किया। बैठक में खरगे ने कहा कि चुनाव परिणामों से सबक लेकर कठोर निर्णय लेने होंगे। जवाबदेही तय करनी होगी और खामियों को दूर करना होगा। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों के परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे हैं। अंदरूनी कलह से होता है नुकसान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की कलह पर मंथन किया। उनका मानना है कि इसकी वजह से पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एकजुटता की कमी और अपने ही पार्टी नेताओं के खिलाफ बयानबाजी से काफी नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि जब तक हम एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी बंद नहीं करेंगे और एकजुट होकर चुनाव नहीं लड़ेंगे तब तक अपने विरोधियों को कैसे हरा पाएंगे। सभी को कड़ाई से अनुशासन का पालन करना होगा। सभी को यह सोचना होगा कि कांग्रेस पार्टी की जीत हमारी जीत है और पार्टी की हार हमारी हार है। हमारी ताकत पार्टी की ताकत में है।   ईवीएम पर उठाया सवाल बैठक में ईवीएम पर भी सवाल उठाया गया। खरगे ने कहा कि ईवीएम ने चुनावी प्रक्रिया को संदिग्ध बना दिया। देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। चुनाव परिणाम हमारे लिए संदेश हैं कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि I.N.D.I.A के दलों ने चार में से दो राज्यों पर सरकार बनाई है। मगर कांग्रेस का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। यह चुनाव रिजल्ट एक संदेश हैं। हमें चुनाव परिणामों से तुरंत सीख लेने और संगठनात्मक स्तर पर अपनी सभी कमजोरियों और कमियों को दूर करने की जरूरत है। हम माहौल का फायदा क्यों नहीं उठा पाए? खरगे ने कहा कि चुनाव के दौरान माहौल कांग्रेस के पक्ष में था। मगर सिर्फ माहौल का कांग्रेस के पक्ष में होना जीत की गारंटी नहीं है। हमें माहौल को नतीजों में बदलना सीखना होगा। क्या कारण है कि हम माहौल का फायदा नहीं उठा पा रहे हैं? उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत करनी होगी। समय पर रणनीति बनानी होगी। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना होगा। मतदाता सूची बनाने से मतगणना तक सतर्क और सावधान रहना होगा। चुनाव लड़ने के तरीके बदल गए हैं खरगे ने कहा कि जाति जनगणना आज एक अहम मुद्दा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ छह महीने पहले लोकसभा में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के पक्ष में जिस तरह के नतीजे आए, उसके बाद विधानसभा चुनाव के नतीजे राजनीतिक पंडितों की समझ से परे हैं। नतीजों को कोई भी अंकगणित सही नहीं ठहरा पा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि समय बदल गया है और चुनाव लड़ने के तरीके भी बदल गए हैं। पार्टी को अपनी सूक्ष्म संचार रणनीति को अपने विरोधियों से बेहतर बनाना होगा। प्रचार और गलत सूचना से लड़ने के तरीके भी खोजने होंगे। हमें पिछले परिणामों से सबक लेकर आगे बढ़ना होगा। कमियों को दूर करना होगा। आत्मविश्वास के साथ कठोर निर्णय लेने होंगे। बैठक में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे हैं। recent visitors 90

‘लॉरेंस बिश्नोई को सरकार का मिल रहा संरक्षण!’, केंद्र सरकार पर भड़के केजरीवाल

नई दिल्ली दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर हमला किया है. उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को सरकार का संरक्षण मिल रहा है. केजरीवाल ने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह दिल्ली में कहर बरपा रहा है. उन्होंने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई खुद साबरमती जेल में बंद है, जो भाजपा शासित राज्य है. वो वहां की जेल से दिल्ली में जबरन वसूली रैकेट कैसे चला रहा है? लॉरेंस बिश्नोई को सरकार का मिल रहा संरक्षण- अरविंद केजरीवाल अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया. उन्होंने कई आपराधिक घटनाओं का जिक्र भी किया. केजरीवाल ने कहा कि इनसे दिल्ली संभल नहीं रही है.दिल्ली विधानसभा में AAP विधायक ने कहा कि पिछले 10 सालों दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर हो गई है. गृहमंत्री अमित शाह पर साधा निशाना आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2019 के बाद जब अमित शाह गृह मंत्री बने, उस समय से दिल्ली की हालत बद से बदतर होती चली गई है. अपराध को रोकने में वो असमर्थ दिख रहे हैं. केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में हत्या की घटनाएं अक्सर हो रही हैं. लोगों को रंगदारी के लिए कॉल आ रहे हैं. खुलेआम गैंगवॉर और गोलीबारी हो रही है. केजरीवाल ने कहा कि जो हमने फिल्मों में देखा वो आज दिल्ली में हो रहा है. किडनैपिंग, महिलाओं का अपहरण, दुष्कर्म सब दिल्ली में रहा है.उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने में नाकाम है. recent visitors 93

पीएम मोदी ने गोंदिया सड़क हादसे पर जताया दुख, स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता कर रहा

नई दिल्ली महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में शुक्रवार को हुए सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। साथ ही उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है। पीएम मोदी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता कर रहा है। गोंदिया में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में एक बस पलट जाने के कारण 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हादसा गोंदिया-कोहमारा राज्य महामार्ग पर ग्राम खजरी के पास हुआ। पीएम मोदी के कार्यालय ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार को पोस्ट किया, ''महाराष्ट्र के गोंदिया में बस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से व्यथित हूं। उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजन को खो दिया। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।'' पोस्ट में आगे बताया गया, ''हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। '' इससे पहले महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख जताया और पीड़ितों को 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की। गोंदिया सड़क हादसे पर प्रदेश के कार्यवाहक डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि गोंदिया जिले में सड़क अर्जुनी के पास एक शिवशाही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और कुछ यात्रियों की मृत्यु हो गई। मैं दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवार का दुख साझा करते हैं। इस घटना में घायल हुए लोगों का अगर किसी निजी अस्पताल में इलाज कराना भी पड़े तो उन्हें तुरंत ऐसा करने का निर्देश दिया गया है। मैंने गोंदिया के कलेक्टर से भी कहा है कि यदि आवश्यकता हो तो उन्हें नागपुर स्थानांतरित करने की व्यवस्था करें। मैं ईश्वर से इस घटना में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" recent visitors 115