वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही का जीडीपी डेटा जारी, राजकोषीय घाटे में आई कमी

नई दिल्ली राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही का जीडीपी डेटा जारी किया। जुलाई से सितंबर तिमाही में जीडीपी विकास दर 5.4 प्रतिशत रही है। हालांकि, जीडीपी वृद्धि में दूसरी तिमाही में धीमापन देखने को मिला है। लेकिन, भारत अभी भी दुनिया की सबसे तेज बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है। भारतीय रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी विकास दर अनुमान 7.2 प्रतिशत निर्धारित किया है। वित वर्ष 25 की दूसरी तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की विकास दर 2.2 प्रतिशत, खनन और उत्खनन सेक्टर की विकास दर नकारात्मक -0.1 प्रतिशत, कृषि और उससे जुड़े सेक्टर की विकास दर 3.5 प्रतिशत और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की विकास दर 7.7 प्रतिशत रही है। ट्रेड, होटल, ट्रांसपोर्ट, कम्युनिकेशन और ब्रॉडकास्टिंग सर्विसेज की विकास दर चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 6 प्रतिशत रही है। तृतीयक क्षेत्र की विकास दर चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 7.1 प्रतिशत रही है । वित्त वर्ष 2024-25 की पहली छमाही में रियल ग्रॉस वैल्यू एडेड (जीवीए) में 6.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। निजी अंतिम उपभोग व्यय (पीएफसीई) वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में 6 प्रतिशत बढ़ा है। इस दौरान सरकारी अंतिम उपभोग व्यय में 4.4 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। देश की जीडीपी में निजी खपत की हिस्सेदारी 60 फीसदी है और विकास दर में तेजी भविष्य के लिए शुभ संकेत है। आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 के अप्रैल-अक्टूबर अवधि में राजकोषीय घाटा 7.51 लाख करोड़ रुपये रहा है, जो कि पिछले साल 8.04 लाख करोड़ रुपये था। यह पूरे वित्त वर्ष के लक्ष्य 16.13 लाख करोड़ रुपये का 46.5 प्रतिशत है। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-अक्टूबर अवधि में कुल व्यय 24.74 लाख करोड़ रुपये रहा है, यह वित्त वर्ष 2023-24 की समान अवधि में 23.94 लाख करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024-25 के अप्रैल से अक्टूबर के बीच कुल प्राप्तियां 17.23 लाख करोड़ रुपये रही है। यह पिछले साल समान अवधि में 15.91 लाख करोड़ रुपये थी। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर के बीच पूंजीगत खर्च 4.67 लाख करोड़ रुपये रहा है। यह पिछले साल समान अवधि में 5.47 लाख करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024-25 के अप्रैल-अक्टूबर अवधि में सकल कर आय 20.33 लाख करोड़ रुपये रही है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 18.35 लाख करोड़ रुपये थी। recent visitors 143

2017-18 से लेकर अब तक महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी में काफी बढ़ोतरी हुई: मंत्री शोभा करंदलाजे

नई दिल्ली श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने शुक्रवार को राज्यसभा में जानकारी दी कि 2017-18 से लेकर अब तक महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी में काफी बढ़ोतरी हुई है। नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, 2017-18 में महिलाओं का श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) 22 प्रतिशत था, जो अब 2023-24 में बढ़कर 40.3 प्रतिशत हो गया है। इसी तरह, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) 23.3 प्रतिशत से बढ़कर 41.7 प्रतिशत हो गई है। मंत्री ने बताया कि सरकार ने महिलाओं के लिए रोजगार सृजन और रोजगार क्षमता को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसके तहत, सरकार ने मातृत्व अवकाश, लचीले कामकाजी घंटे और समान वेतन जैसे श्रम कानूनों में बदलाव किए हैं। सरकार ने महिला श्रमिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और अन्य योजनाओं को लागू किया है। इसके साथ ही, महिला श्रमिकों को प्रशिक्षण देने के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों के नेटवर्क को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। बजट 2024-25 में सरकार ने 5 योजनाओं का ऐलान किया है, जिसके तहत 2 लाख करोड़ रुपये के केंद्रीय बजट से 4.1 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर सृजित होंगे। साथ ही, महिलाओं के लिए कामकाजी छात्रावास और क्रेच की भी योजना बनाई गई है। recent visitors 129

संजय राउत ने महायुति और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला, कहा- ‘EVM का मंदिर बने, मोदी-शाह की मूर्तियां लगें’

मुंबई महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद सियासी दल बौखलाए हुए हैं। विपक्ष एमवीए की हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ रहा है। इसी बीच उद्धव ठाकरे की शिवसेना के नेता संजय राउत ने महायुति और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। उनका कहना है कि ईवीएम का एक मंदिर बनना चाहिए और एक तरफ पीएम मोदी और दूसरी तरफ अमित शाह की मूर्तियां होनी चाहिए।   यह ईवीएम का कमाल संजय राउत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''महाराष्ट्र में महायुति की जीत के बाद से सरकार के सभी फैसले राज्य के बजाय दिल्ली में लिए जाएंगे।'' राउत ने एक बार फिर ईवीएम पर संदेह जताते हुए दावा किया कि गठबंधन ''ईवीएम के कमाल'' की वजह से खुश है। उन्होंने कहा, ''आजकल उनके चेहरों पर काफी खुशी है, लोकसभा चुनाव के बाद उनके चेहरों की चमक गायब हो गई थी, जो अब लौट आई है, यह ईवीएम का कमाल है। ईवीएम का एक मंदिर बनना चाहिए, इसमें तीन मूर्ति होनी चाहिए। एक तरफ पीएम और दूसरी तरफ अमित शाह और बीच में ईवीएम।'' महाराष्ट्र के फैसले दिल्ली में लिए जाएंगे- राउत राउत ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "गर्व, जो अब नहीं रहा। एकनाथ शिंदे और अजित पवार को अपने मुद्दे रखने के लिए बार-बार दिल्ली आना पड़ेगा। भले ही वे अलग-अलग पार्टियों से हैं, लेकिन उनका हाईकमान दिल्ली में है, मोदी और शाह उनके हाईकमान हैं।" उन्हें (एकनाथ शिंदे और अजित पवार) महाराष्ट्र में जो कुछ भी करवाना है, उसे दिल्ली से मंजूरी लेनी होगी, कल भी वे (दिल्ली में) मिले थे। तो अब महाराष्ट्र में बैठक कर वे क्या करेंगे? इसलिए मोदी और शाह जो भी आदेश दे रहे हैं, उन्हें सुनना होगा।" आत्मसम्मान जैसी कोई चीज नहीं बची उन्होंने आगे देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की राजनीतिक यात्रा काफी घटनापूर्ण रही है, क्योंकि वे मुख्यमंत्री से उपमुख्यमंत्री (डीसीएम) तक बदलते रहे हैं। "पहले भी देवेंद्र फडणवीस सीएम थे, वे डीसीएम बन गए, एकनाथ शिंदे उनसे काफी जूनियर थे। एकनाथ शिंदे ने फडणवीस के मंत्रिमंडल में भी काम किया है, अचानक फडणवीस शिंदे के मंत्रिमंडल में काम करने लगे। महाराष्ट्र में जिस तरह की राजनीति हो रही है, उसमें अब आत्मसम्मान जैसी कोई चीज नहीं बची है।'' recent visitors 106

दिल्ली विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान, पार्टी से कहूंगी आपके खिलाफ न उतारे कैंडिडेट, CM आतिशी का विजेंद्र गुप्ता को चैलेंज

नई दिल्ली दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री आतिशी ने भाजपा विधायक दल के नेता विजेंद्र गुप्ता के सामने एक चैलेंज पेश की। आतिशी ने कहा कि अगर ऐसा हो जाता है तो वह पार्टी से कहेंगी कि रोहिणी से वह कैंडिडेट न उतारे। आतिशी ने तो यहां तक कहा कि वह गुप्ता के लिए प्रचार भी करेंगी। दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन बस मार्शलों के मुद्दे पर चर्चा हुई। चर्चा में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि विजेंद्र गुप्ता जी बार-बार कहते हैं कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कहने पर बस मार्शलों को हटाया गया। आतिशी ने कहा, मैं भी मुख्यमंत्री हूं। मैं बार-बार एलजी साहब से कह चुकी हूं कि बस मार्शलों को वापस लगा लें। अगर वो मुख्यमंत्री की हर बात मानते हैं तो मेरी भी गुजारिश है कि वे बस मार्शलों को तुरंत प्रभाव से वापस लगा लें। मुख्यमंत्री आतिशी ने भाजपा विधायक दल के नेता विजेंद्र गुप्ता को चैलेंज देते हुए कहा कि आप एलजी साहब से बस मार्शलों की नियुक्ति पर साइन करा लीजिए, मैं अपने पार्टी को मना लूंगी कि वह आपके खिलाफ रोहिणी से कोई कैंडिडेट खड़ा नहीं करे। यहां तक कि मैं आपके लिए वहां प्रचार करूंगी। आतिशी ने कहा कि हमारे लिए एक सीट मायने नहीं रखती। हमारे लिए बस मार्शलों की नियुक्ति मायने रखती है। दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा मायने रखती है। आतिशी ने कहा कि 13 नवंबर को दिल्ली सरकार के कैबिनेट द्वारा बस मार्शलों की नियुक्ति का जो प्रस्ताव भेजा गया है, एलजी साहब उसे पास कर दें और तुरंत प्रभाव से उन्हें नियुक्त कर दें। इससे पहले आतिशी ने कहा कि मैंने भी दिल्ली से पढ़ाई की है। कोई भी महिला जब डीटीसी बस से कॉलेज या नौकरी के लिए जाती हैं, तो बस के अंदर इनके साथ किस प्रकार दुर्व्यवहार होता है, मैं भलीभांति जानती हूं। नेता तो अपने काफिले में जाते हैं, उन्हें क्या पता इन लड़कियों का दर्द। दिल्ली की लड़कियां और महिलाओं का भाग्य उस दिन बदला जब अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने। अरविंद केजरीवाल पहले ऐसे नेता थे, जिन्होंने दिल्ली की लड़कियों और महिलाओं का दर्द समझा। recent visitors 75

ऐशबाग स्थित जर्जर मकानों को हटायेंगे: वैध परिवारों को करेंगे विस्थापित: मंत्री श्री सारंग

भोपाल सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को मंत्रालय में नरेला विधानसभा अतंर्गत विभिन्न विकास कार्यों एवं द्वारकाधाम तथा गोकुलधाम कॉलोनी में विद्युत कनेक्शन के संबंध में कलेक्टर भोपाल श्री कौशलेंद्र सिंह, विद्युत वितरण कंपनी, नगर निगम, बीएचईएल, रेलवे, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में मंत्री श्री सारंग ने द्वारकाधाम और गोकुलधाम में बिजली की समस्या दूर करने के लिए द्वारकाधाम में बिजली सब स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिये। इसके लिए कॉलोनी के रहवासी और बिल्डर पूर्व की बकाया राशि को 5 किश्तों में जमा करेंगे। प्रथम किस्त 15 दिसंबर को बिल्डर द्वारा जमा की जाएगी। मंत्री और कलेक्टर के समक्ष इस संबंध में दोनों पक्षों ने रजामंदी दी। सुभाष नगर आर.ओ.बी. पर प्रस्तावित थर्ड लेग निर्माण के लिये मोतीनगर के अतिक्रमण तथा झुग्गियों के विस्थापन पर समय पर कार्यवाही न करने पर और अनुविभागीय अधिकारी, वृत्त एम.पी.नगर की उदासीनता पर मंत्री श्री सारंग ने नाराजगी व्यक्त की| बिल्डर और दोनों कॉलोनियों के रहवासी पांच किश्तों में जमा करेंगे बकाया बिजली बिल बैठक में द्वारकाधाम कॉलोनी एवं गोकुलधाम कॉलोनी द्वारा मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं करने पर कॉलोनी के काटे गए कनेक्शन का स्थाई समाधान के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में द्वारकाधाम कॉलोनी की विद्युत की बकाया राशि 62 लाख रूपये एवं गोकुलधाम कॉलोनी की बकाया राशि 72 लाख रूपये की अदायगी के संबंध में आम सहमति बनी। कॉलोनीवासियों द्वारा अभी वर्तमान में 5 किश्तों में राशि जमा की जाएगी। बिल्डर द्वारा 5 किश्तों में 15 दिसम्बर से राशि जमा की जाएगी। कॉलोनी में प्राथमिकता के आधार पर विद्युत सब स्टेशन एवं अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। वहीं जिन रहवासियों द्वारा बिजली बिल जमा नहीं किए जा रहे हैं उनसे भी वसूली की जायेगी। रहवासियों को किश्त के साथ ही वर्तमान बिजली का बिल भी भरते रहना होगा मंत्री श्री सारंग की पहल पर की गई कार्रवाई से दोनों कॉलोनियों को विद्युत विच्छेदन की समस्या से भी निजात मिली है। वहीं रहवासियों को किश्त के साथ ही वर्तमान बिजली का बिल भी भरते रहना पड़ेगा। अतिरिक्त राशि से दोनों कॉलोनियों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने दोनों कॉलोनियों की बिजली पानी की समस्या का निराकरण करने भी निर्देश दिये। इसके साथ ही दोनों कॉलोनियों को विकसित करने के लिये प्लान तैयार किया जाये। इससे बिजली का इंटरनल नेटवर्क भी सुव्यवस्थित होगा। विकास नगर और अन्ना नगर में बिजली समस्या होगी दूर मंत्री श्री सारंग ने नरेला विधानसभा अंतर्गत अन्नानगर, विकास नगर, बौद्ध बिहार, कैलाश नगर, सुदामा नगर, पुराना नगर के रहवासियो को स्थाई विद्युत कनेक्शन देने के संबंध में निर्णय लिया। अनुविभागीय अधिकारी एम.पी.नगर. अपनी सर्वे रिपोर्ट म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी को प्रस्तुत करेंगे। उसके बाद रहवासियों के आवेदन प्राप्त होने पर कंपनी के द्वारा ऐसे रहवासियों से विहित शुल्क जमा कराकर स्थाई कनेक्शन दिया जाएगा। विद्युत वितरण की अधोसंरचना निर्माण के लिये प्राक्कलन राशि को समान रूप से रहवासियों के द्वारा जमा कराया जाएगा। इस पर बी.एच.ई.एल. के अधिकारियों द्वारा सहमति दी गई। मोतीनगर के अतिक्रमण तथा झुग्गियों के विस्थापन पर लिया निर्णय बैठक में नवनिर्मित सुभाष नगर आर.ओ.बी. पर प्रस्तावित थर्ड लेग निर्माण के लिये मोतीनगर के अतिक्रमण तथा झुग्गियों के विस्थापन पर निर्णय लिया गया। कलेक्टर भोपाल 7 दिवस में कार्यवाही पूरी करें जिससे रेल्वे की योजना को समय सीमा में पूरा किया जा सके। वैध परिवारों को विस्थापित कर ऐशबाग स्थित जर्जर मकानों को हटाया जायेगा मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिए कि ऐशबाग क्षेत्र में जर्जर मकानों में रह रहे वैध 50 परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया जाए। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड को निर्देशित किया कि इन परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। जर्जर मकानों को धराशायी करने की प्रक्रिया पुनर्वास कार्य पूरा होने के तुरंत बाद शुरू होगी। मंत्री श्री सारंग ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस कार्यवाही में पारदर्शिता और तत्परता सुनिश्चित की जाए। एमपी नगर एसडीएम की उदासीनता पर मंत्री सारंग हुए नाराज सुभाष नगर आर.ओ.बी. पर प्रस्तावित थर्ड लेग निर्माण के लिये मोतीनगर के अतिक्रमण तथा झुग्गियों के विस्थापन पर समय पर कार्यवाही नहीं करने पर और अनुविभागीय अधिकारी, वृत्त एम.पी.नगर की उदासीनता पर मंत्री सारंग ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अब अगर समय पर एसडीएम ने कार्य नहीं किया तो उनको वहां से हटाने की कार्रवाई की जाये।   recent visitors 108

निवेश के लिए आमंत्रित किया है कि वह हमारे लिए मेहमान नहीं, बल्कि परिवार का अंग हैं : यादव

भोपाल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जर्मनी के निवेशकों को ये कहते हुए मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया है कि निवेशक हमारे लिए मेहमान नहीं, बल्कि परिवार का अंग हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव कल म्यूनिख (जर्मनी) में अपनी 3 दिवसीय यात्रा के प्रथम दिन इन्टरैक्टिव सेशन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भोपाल में फरवरी माह में हो रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में आने के लिए जर्मनी के उद्योगपतियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने निवेशकों के हित में जटिलताओं को समाप्त/सरलीकृत कर प्रक्रियात्मक कठिनाइयों को दूर करने का काम किया है। निवेशकों को प्रदेश में उद्योग लगाने पर बिजली और पानी की कमी नहीं आने दी जायेगी। निवेशक हमारे लिये मेहमान नहीं, हमारे परिवार का एक अंग हैं। उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। प्रदेश में ग्रीन एनर्जी के लिये भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और जर्मनी के अतीतकाल से बहुत गहरे संबंध है। यूरोप के सभी देशों से तुलना की जाए तो जर्मनी मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा निवेश करने वाला देश है। हम जर्मनी के साथ एक नई तरह की साझेदारी चाहते हैं, जो केवल व्यापार तक ही सीमित न हो। हम चाहते हैं कि जर्मनी की कम्पनियां अपनी उन्नत तकनीक के साथ मध्यप्रदेश में निवेश करें। मध्यप्रदेश में उपलब्ध प्राकृतिक और मानव संसाधनों के साथ जर्मनी की तकनीक का संगम हो। मध्यप्रदेश आज भारत की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। हमारी अर्थव्यवस्था पिछले एक दशक में तीन गुना बढ़ी है। विकास दर दोहरे अंक में है। एक पॉवर सरप्लस स्टेट है। ग्रीन एनर्जी की दिशा में प्रदेश काफी आगे बढ़ा है। इसके साथ ही पर्याप्त जल और भूमि की उपलब्धता भी मध्यप्रदेश की विशेषता है। इस अवसर पर डॉ. यादव ने जर्मन विद्वान मैक्स मूलर का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय ग्रंथों और वेदों का जर्मनी सहित अन्य भाषाओं में अनुवाद किया। वे संस्कृत के भी विद्वान थे। स्वामी विवेकानंद भी उनकी प्रतिभा की प्रशंसा करते थे। जर्मनी ने विश्व युद्ध सहित अनेक कठिनाईयों का सामना किया है, लेकिन जर्मनी के नागरिकों की जीवटता सराहनीय है। डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को देश का इकलौता प्रदेश कहा जा सकता है, जहाँ उद्योग संबंधी सभी प्रकार की अनुमतियाँ और स्वीकृतियाँ मात्र 30 दिन में दी जाती हैं। इस महत्वपूर्ण विभाग की मॉनीटरिंग उत्साही, जिज्ञासु और कर्मठ अधिकारियों के हाथों में है। इसके अतिरिक्त वे स्वयं निरंतर इस विभाग की मॉनीटरिंग करते हैं। ‘इन्वेस्ट अपोर्चुनिटीज इन एमपी’ के लिए गुरुवार को जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन को संबोधित करते हुए जर्मनी में भारत के कौंसुलेट जनरल शत्रुघन सिन्हा ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत का भौगोलिक हृदय प्रदेश तो है ही, साथ ही यह भारत के आर्थिक विकास का भी प्रमुख गंतव्य बन रहा है। श्री सिन्हा ने बताया कि यहां 5 पूर्ण विकसित हवाई अड्डे, 4 हजार किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग और विस्तृत रेलवे नेटवर्क है। मध्यप्रदेश के शहरों से देश के उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक किसी भी स्थान पर आसानी से पहुंचा जा सकता है। मध्यप्रदेश में एडिटिव प्लास्टिक उत्पादक कंपनी बेयरलोशर के चेयरमेन डॉ. रोसेन्थाल ने मध्यप्रदेश में उद्यमिता के अपने 25 वर्ष के अनुभव साझा करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश में उनका इतना अच्छा अनुभव रहा कि उनकी कंपनी ने दुनिया भर के 15 प्लांट्स में सबसे बड़ा प्लांट मध्यप्रदेश में स्थापित किया। अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने कहा कि मध्यप्रदेश, भारत के 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य में योगदान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों और प्रगतिशील प्रशासन के साथ राज्य इस राष्ट्रीय दृष्टिकोण में एक प्रमुख भूमिका निभाने के लिए तैयार है।   recent visitors 114

एमपी गजब: ग्रामीणों ने आरआई और पटवारी की पिटाई, नक्शा-खसरा भी फाड़ा

MP Amazing: Villagers beat RI and Patwari, even tore map and Khasra कटनी । जिले के एक गांव में सीमांकन करने गए आरआई और पटवारी के साथ ग्रामीण ने जमकर पिटाई कर दी। गांव के एक युवक ने नक्शा खसरा भी फाड़ दिया। राजस्व संघ की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दरअसल कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम गूडा में जमीन सीमांकन के दौरान गांव के ही युवक ने आरआई और पटवारी के साथ मारपीट कर दी। आरआई मोहन साहू ने बताया की गांव के सरपंच ने जमीन सीमांकन का आवेदन दिया था तहसीलदार के निर्देश पर सीमांकन करने के बाद पंचनामा कार्रवाई की जा रही थी, तभी गांव का महेंद्र लोनी आया और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। विवाद के दौरान युवक ने नक्शा खसरा भी फाड़ दिया। विवाद में पटवारी मृगेंद्र शुक्ला और दान सिंह के साथ भी युवक ने मारपीट की। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और राजस्व अधिकारियों को दी गई। देर शाम पटवारी संघ के द्वारा FIR लिखाई गई। थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद खान ने बताया कि आरआई के आवेदन पत्र के मारपीट और धमकाने वाले के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है recent visitors 222