ऑपरेशन के तहत कुल 75 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और लगभग 64 किलोग्राम गांजा बरामद किया

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में चलाए गए ऑपरेशन प्रहार-2 में तीनों जोन के अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नशे का व्यापार करने कई वालों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक इस ऑपरेशन के तहत कुल 75 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और लगभग 64 किलोग्राम गांजा, भारी मात्रा में स्मैक की पुड़िया, ई-सिगरेट, 100 पाइप और रोलिंग पेपर बरामद हुए। तीन व्यक्तियों को ऑनलाइन नशे के सामान बेचते हुए भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि नशे से बच्चों और युवा पीढ़ी को बचाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश में 'ऑपरेशन प्रहार का सेकंड फेज' चलाकर नशे के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया। इस अभियान में गौतमबुद्ध नगर के तीनों जोन में 700 से अधिक स्थानों, स्कूलों, विश्वविद्यालयों के आस-पास लगभग 100 से अधिक टीम शामिल थीं। पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों से लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर गोपनीय तरीके से छानबीन के बाद टीम लगाई गई थी। नोएडा जोन में डीसीपी रामबदन सिंह के नेतृत्व में हरोला, बरौला, सदरपुर, पर्थला, सर्फाबाद, अट्टा, सेक्टर-62, सेक्टर-12, स्कूल, कॉलेज, मार्केट और मैट्रो स्टेशन के आसपास पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाकर कुल 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 26 किलोग्राम गांजा, स्मैक की पुड़िया, ई-सिगरेट और रोलिंग पेपर बरामद किए गए। सेंट्रल नोएडा जोन में डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में छिजारसी, बहलोलपुर, भंगेल, कुलेसरा, रोजा जलालपुर, स्कूल, कॉलेज, मार्केट और मेट्रो स्टेशन के आसपास पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाकर कुल 17 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से 13.73 किलोग्राम गांजा, स्मैक की पुड़िया, ई-सिगरेट और रोलिंग पेपर बरामद किए गए। ग्रेटर नोएडा जोन में डीसीपी साद मियां खान के नेतृत्व में नॉलेज पार्क, ऐच्छर, कस्बा कासना, कस्बा विलासपुर, कस्बा रबूपुरा, कस्बा जेवर, कस्बा जारचा, कस्बा दादरी, स्कूल, कॉलेज, मार्केट और मैट्रो स्टेशन के आसपास पुलिस टीम ने अभियान चलाकर 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 24.15 किलोग्राम गांजा, स्मैक की पुड़िया, ई-सिगरेट और रोलिंग पेपर बरामद किए गए। recent visitors 87

कुछ जिलों में एक-दो दिन बारिश हो सकती है, वहीं, कुछ इलाकों में चक्रवात का असर कम देखने को मिलेगा: मौसम वैज्ञानिक सोमनाथ दत्ता

कोलकाता मौसम वैज्ञानिक डॉ. सोमनाथ दत्ता ने शुक्रवार को चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कुछ जिलों में एक-दो दिन बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में चक्रवात का असर कम देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दत्ता ने यहां कहा कि कई जिलों में आगामी दिनों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। हमें इससे ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “यह गंभीर चक्रवाती तूफान उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए ओडिशा के तट को पार कर चुका है। इसके लैंडफॉल की प्रक्रिया गुरुवार रात 11:30 बजे शुरू हुई और आज सुबह सात बजे समाप्त हो गई। चक्रवाती तूफान अब उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। आज सुबह 5:30 बजे इसका स्थान 21 डिग्री उत्तर और 86.8 डिग्री पूर्व था, जो भद्रक से लगभग 30 किलोमीटर पूर्व में है।” उन्होंने आगे कहा, “यह चक्रवात वर्तमान में सात किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रहा है। अब इसका स्थान 12:30 बजे 21.4 डिग्री उत्तर और 86.6 डिग्री पूर्व है, जो भद्रक से 40 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में है।” उन्होंने कहा, “इसकी तीव्रता चक्रवात के रूप में बनी हुई है, जिसमें हवा की गति 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे है, जो 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। यह चक्रवाती तूफान धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ेगा और ओडिशा में अपनी गति कम करता रहेगा, अगले छह घंटे में यह कम दबाव के गहरे क्षेत्र में बदल जाएगा।” उन्होंने कहा, “हमारे क्षेत्र में आज के बाद इस तूफान का प्रभाव समाप्त हो जाएगा। कल (शनिवार को) कुछ जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। लेकिन, इसका प्रभाव धीरे-धीरे खत्म होता जाएगा। सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।” recent visitors 112

दिव्यांगों के कल्याण के लिए सरकार तत्पर है, इनकी सेवा मेरा सौभाग्य : खाद्य मंत्री श्री राजपूत

भोपाल दिव्यांगों के कल्याण के लिए सरकार तत्पर है, दिव्यांगों की सेवा करना मेरा परम सौभाग्य है, इनकी सेवा भगवान की पूजा के समान है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह बात सागर जिले के जैसीनगर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय दिव्यांग शिविर में कही। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि दिव्यांगों की सेवा करने से जो आत्म-शांति मिलती है, वह मेरे लिए प्रार्थना के समान है। मध्यप्रदेश में दिव्यांग सेवा शिविर आयोजित कर उनको आवश्यकता अनुसार उपकरण, प्रमाण-पत्र वितरित किये जा रहे हैं। जल्द लगेगा नेत्र-शिविर खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि जैसीनगर में आंखों के उपचार के लिये बड़ा नेत्र शिविर लगाया जाएगा, जिसमें मोतियाबिंद सहित अन्य ऑपरेशन किए जाएंगे और मेरी तरफ से नि:शुल्क चश्मा भी वितरित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में आंखों की बीमारी से संबंधित व्यक्ति अपना पंजीयन करा लें, जिससे उनका परीक्षण किया जा सके। उन्होंने कहा कि दिव्यांग शिविर में आपकी आवश्यकता अनुसार पंजीयन किया जा रहा है। पंजीकृत लोगों को जो भी आवश्यकता होगी उसके अनुसार आवश्यक उपकरण आपको एक माह बाद इसी जगह पर प्रदान किए जाएंगे। आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर जन प्रतिनिधि, डॉक्टर एवं दिव्यांगजन मौजूद थे।   recent visitors 75

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा- अभी 11 सीट पर चर्चा जारी है, हम सबको खुश नहीं कर सकते

इंदापुर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के बीच राज्य की 288 विधानसभा सीटों में से 11 सीट पर अभी बातचीत हो रही है। राज्य विधानसभा की 288 सीट पर एक चरण में 20 नवंबर को मतदान कराया जाएगा जबकि 23 नवंबर को परिणाम जारी किए जाएंगे। पवार ने कहा कि उनकी पार्टी को मिली सीट में से 10 प्रतिशत सीट अल्पसंख्यक उम्मीदवारों के लिए रखी जाएंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कुछ उम्मीदवार के नामों की घोषणा कर दी है। अभी 11 सीट पर चर्चा जारी है। हम सबको खुश नहीं कर सकते।'' महाराष्ट्र की बारामती सीट पर अजित पवार का मुकाबला अपने भतीजे और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के नेता युगेंद्र पवार से है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, राकांपा और भाजपा सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के घटक दल हैं। अजित पवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व के साथ चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली में मौजूद थे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अब तक 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जबकि राकांपा ने 45 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए दो सूचियां जारी की हैं। वहीं, शिवसेना ने अब तक 45 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। recent visitors 101

बच्चों की बौद्धिक क्षमता विकास के लिये किया गया हर प्रयास देगा बेहतर परिणाम: महिला-बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया

भोपाल महिला-बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि नित नये नवाचारों से बच्चों की बौद्धिक क्षमता के विकास के लिये किया गया हर प्रयास उनके भविष्य के लिये लाभदायक सिद्ध होगा। साथ ही इसके परिणाम भी सुखद होंगे। सुश्री भूरिया शुक्रवार को झाबुआ में आंगनवाड़ी केन्द्र में मोंटेसरी किट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जिले की बालिकाओं को कौशल विकास के माध्यम से फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण देकर रोजगार की अनन्य सम्भावनाएं उत्पन्न की जा सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णयानुसार 12 हजार 670 मिनी आंगनवाडियों को पूर्ण आंगनवाड़ी का दर्जा दिया जायेगा। यह निर्णय इतने वृहद स्तर पर म.प्र. में पहली बार हुआ है, इसमें झाबुआ जिले के 800 से अधिक मिनी आंगनवाड़ियो को लाभ होगा। हम निरन्तर इसी प्रकार मिलकर कार्य कर विभाग को नई ऊंचाई तक ले जायेंगे, जिससे मध्यप्रदेश देश के लिए प्रेरणा बने। मंत्री सुश्री भूरिया ने बताया कि सम्पूर्ण प्रदेश मे झाबुआ यह पहल करने वाला पहला जिला है। मोंटेसरी किट में प्लास्टिक के स्थान पर लकड़ी के खिलौने शामिल किये गये है। शिशु विशेषज्ञो द्वारा भी इस प्रकार की किट को प्रोत्साहन दिया जाता है, क्योंकि अध्ययन से पता चला है कि इससे बच्चों की मोटर स्किल्स बढ़ती है। मोंटेसरी किट मे लकड़ी से निर्मित वुडन पजल, शिक्षण खिलौने, अबेसकस, ऑल- इन- वन बुक, विभिन्न प्रकार के चार्ट सामान दिया गया है। इस किट में बोर्ड बुक भी दी जा रही जो बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए लाभदायक है। झाबुआ कलेक्टर सुश्री नेहा मीना ने बताया कि मोंटेसरी किट 3 से 5 वर्ष के बच्चो को खेल के माध्यम से सीखने में सहायता करेंगी। किसी बच्चे का 5 वर्ष की आयु तक बौद्धिक विकास होता है इस समय खेल के माध्यम से शिक्षा दिया जाना एक लाभदायक कदम साबित होगा। जिले की 100 आंगनवाडियो के लिए किट तैयार की गयी है जो निकटतम भविष्य में समस्त आंगनवाड़ियो में वितरित की जायेगी। इन मोंटेसरी किटो में लकड़ी से निर्मित वुडन पजल, शिक्षण खिलौने, अबेसकस, ऑल-इन-वन बुक, विभिन्न प्रकार के चार्ट उपलब्ध कराये जायेंगे।   recent visitors 124

भारतीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट जारी किया

बंगाल बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'दाना' का प्रभाव पूरे भारत में देखा जा रहा है। इसके कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है, जिससे इन राज्यों का मौसम बिगड़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां तक कि दिल्ली में भी इस तूफान का असर देखने को मिला है, जहां पिछले दो दिनों से ठंडी हवाएं चल रही हैं। उत्तर भारत में ठंड का असर पहले से महसूस हो रहा है, और आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने की भी संभावना जताई है, जिससे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है। दिवाली के बाद बढ़ेगा प्रदूषण और ठंड दिल्ली में चक्रवात 'दाना' के प्रभाव से सुबह के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य लग रहा है, लेकिन सुबह और रात का तापमान घट रहा है। पंखे बंद होने लगे हैं, और लोगों ने सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस करना शुरू कर दिया है। IMD ने 31 अक्टूबर तक दिल्ली के मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। दिवाली के बाद, दिल्ली में तापमान गिरने लगेगा और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के प्रभाव से ठंड बढ़ सकती है। नवंबर में घनी धुंध का असर मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह से दिल्ली में धुंध छाने लगेगी और 15 नवंबर के बाद घनी धुंध के साथ हाड़ कंपाने वाली ठंड का अनुभव होगा। इस बार सर्दी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है और दिल्ली का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे जा सकता है। 25 अक्टूबर के बाद सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी की भी संभावना जताई जा रही है। दिल्ली का तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पिछले दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.83°C और न्यूनतम 25.68°C दर्ज किया गया था। आज सुबह 32.12°C तापमान रहा और दिन में 20.05°C से 34.92°C के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) आज 164 दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में दिल्ली में स्मॉग की मोटी चादर बिछने की संभावना है, जिससे हवा में धूल और धुआं बढ़ता रहेगा।   recent visitors 103

केंद्रीय मंत्री शिवराज, वीडी शर्मा और भूपेंद्र सिंह के खिलाफ MP-MLA कोर्ट में मानहानि का ट्रायल जारी रहेगा

Defamation trial against Union Minister Shivraj, VD Sharma and Bhupendra Singh will continue in MP-MLA court. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद वीडी शर्मा और विधायक भूपेंद्र सिंह के खिलाफ मानहानि मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में जारी रहेगी। हाई कोर्ट ने तीनों नेताओं की याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने मामले को निरस्त करने की मांग की थी। जबलपुर : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा और पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक भूपेंद्र सिंह के विरुद्ध एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में मानहानि की ट्रायल जारी रहेगी। हाई कोर्ट ने उक्त तीनों नेताओं द्वारा मानहानि प्रकरण को चुनौती देते हुए उसे निरस्त करने की मांग की थी।न्यायमूर्ति संजय द्विवेदी की एकलपीठ ने उस मांग को अस्वीकार करते हुए तीनों की याचिका निरस्त कर दी। इस मामले में 21 सितंबर को सुनवाई पूरी होने के बाद हाई कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, जो शुक्रवार को बाहर आया। राज्यसभा सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने विशेष कोर्ट ने उक्त तीनों नेताओं के विरुद्ध आपराधिक अवमानना व 10 करोड़ रुपये की मानहानि का प्रकरण दायर किया है। तन्खा ने आरोप लगाया कि उक्त भाजपा नेताओं ने उनके विरुद्ध प्रिंट और दृश्य मीडिया में अपमानजनक टिप्पणी करके और सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के समक्ष हुई कार्यवाही का दुष्प्रचार करके दंडनीय अपराध किया है। तन्खा की ओर से सिब्बल ने रखा था पक्षतन्खा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल व अधिवक्ता हरजस छाबड़ा ने पैरवी की, वहीं शिवराज व अन्य की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र सिंह ने पक्ष रखा। वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने मध्य प्रदेश में पंचायत और निकाय चुनाव मामले में परिसीमन और रोटेशन की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में पैरवी की थी। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव में ओबीसी आरक्षण पर रोक लगा दी तो उक्त भाजपा नेताओं ने साजिश करते हुए इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा और भूपेंद्र सिंह ने गलतबयानी करके ओबीसी आरक्षण पर रोक का ठीकरा उनके सिर फोड़ दिया। जिससे उनकी छवि व अदालत की गरिमा को ठेस पहुंची है। तन्खा का आरोपतन्खा का आरोप है कि भाजपा नेताओं ने उनके खिलाफ गलत और अपमानजनक टिप्पणियां की थीं, जो एक अधिवक्ता के रूप में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली थीं। यह मानहानि का मामला उन्होंने एक नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक अधिवक्ता के रूप में दायर किया है और उन्होंने कोर्ट से आग्रह किया कि इस मामले में नजीर पेश की जाए। निचली अदालत से तीनों नेताओं को समन और वारंट जारी हुए थे और उन्हें हाजिर होने कहा गया था। इसी से क्षुब्ध होकर शिवराज सिंह व अन्य ने हाई कोर्ट की शरण ली थी। हाई कोर्ट ने पूर्व में उक्त नेताओं के विरुद्ध वारंट पर रोक लगा दी थी। भाजपा नेताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र सिंह ने दलील दी कि उनके बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उनका उद्देश्य किसी की मानहानि करना नहीं था। recent visitors 138