Israel Haniya की हत्या महीनों की प्लानिंग के बाद ऐसे इजरायल ने हानिया को उतारा मौत के घाट

तेल अवीव हमास चीफ इस्माइल हानिया (Ismail Haniyeh) ईरान के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए तेहरान गए थे. वह ईरानी सेना आईआरजीसी के जिस गेस्टहाउस में ठहरे थे, वहीं उनकी हत्या कर दी गई. लेकिन अब खबर है कि जिस बम से हानिया की हत्या की गई, उसे दो महीने पहले स्मलिंग कर तेहरान लाया गया था. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस्माइल हानिया की हत्या के लिए जिस रिमोट कंट्रोल्ड बम का इस्तेमाल किया गया. उसे दो महीने पहले तेहरान गेस्टहाउस में उसी कमरे में रखा गया था, जहां हानिया ठहरा हुआ था. रिपोर्ट में ईरान की सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के दो सदस्यों सहित कई अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी गई. यह नया खुलासा उन शुरुआती रिपोर्ट्स से बिल्कुल अलग है, जिनमें कहा गया कि मिसाइल हमले में हानिया की मौत हुई थी. रिपोर्ट में ईरान के कुछ अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि तेहरान में हानिया की हत्या आईआरजीसी के लिए बेहद शर्मिंदगी की बात है क्योंकि जिस गेस्टहाउस में हानिया और अन्य गणमान्य लोग ठहरे थे, वही इसे ऑपरेट करता है. हानिया तेहरान में नेशहत नाम के आईआरजीसी के कंपाउंड में ठहरा हुआ था. इस कंपाउंड का इस्तेमाल सीक्रेट मीटिंग्स और हानिया जैसे हाई प्रोफाइल गेस्ट के रहने के लिए किया जाता है. कैसे हुआ था धमाका? आईआरजीसी अधिकारियों का कहना है कि हानिया की मौत बम धमाके में हुई थी. यह बम रिमोट कंट्रोल्ड था. जैसे ही धमाका हुआ. गेस्टहाउस के कपाउंड की दीवार का हिस्सा ढह गया, खिड़कियां टूट गईं. हालांकि, इस धमाके से हानिया के बगल वाले कमरे को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा. उस कमरे में फिलिस्तीन इस्लामिक जिहाद के नेता जियाद नखलेह ठहरे हुए थे. इससे पुख्ता हो गया है कि हानिया की हत्या की फुलप्रूफ प्लानिंग की गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार तड़के दो बजे जैसे ही हानिया के कमरे में बम ब्लास्ट हुआ. कंपाउंड का मेडिकल स्टाफ वहां पहुंचा. हानिया को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया. हानिया के बॉडीगार्ड को भी मृत घोषित कर दिया गया. हमास के एक सीनियर अधिकारी खलील अल-हाया भी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने हानिया का शव देखा. इसके बाद आईआरजीसी के कुदस फोर्स के कमांडर इस्माइल गनी ने तुरंत ईरान के सुप्रीम लीडर अयातोल्लाह अली खामेनेई को नींद से जगाया और उन्हें बताया कि हानिया मारा गया है. रिपोर्ट में एक अधिकारी ने बताया कि इस तरह के ब्लास्ट के लिए महीनों की प्लानिंग और सर्विलांस की जरूरत पड़ती है. ईरान के कुछ अधिकारियों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि इस बम को कैसे और कब हानिया के कमरे में लाया गया. लेकिन कुछ मिडिल ईस्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इसे मोटे तौर पर दो महीने पहले हानिया के कमरे में प्लांट किया गया था. रिपोर्ट में बताया गया है कि जिस तरह से हानिया को सटीक निशाना बनाया गया. उससे लगता है कि बम रिमोट कंट्रोल से संचालित होता था. इसी तरह के बम का इस्तेमाल इजरायल के मोसाद ने 2020 में ईरान के परमाणु वैज्ञानिक मोहसेन की हत्या में किया था. इजरायल ने हानिया की मौत पर साध रखी है चुप्पी ईरान ने तेहरान में इस्माइल हानिया की मौत के लिए इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है. लेकिन इजरायल ने ना तो इस हमले की पुष्टि की है और ना ही इससे इनकार किया है. इसके बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातोल्लाह अली खामेनेई ने ईरानी सेना को इजरायल पर हमला करने का आदेश दिया. ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की इमरजेंसी मीटिंग के बाद खामेनेई ने इस हमले का आदेश दिया था. बता दें कि इससे पहले 13 अप्रैल की आधीरात जब ईरान ने इजरायल पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया था, तो इसमें सीरिया और इराक भी उतर आए थे. वहीं, लेबनान के ईरान समर्थित चरमपंथी गुट हिज्बुल्लाह ने भी सीरिया में बने इजरायली मिलिट्री बेस पर हमला किया था. वहीं, ईरान के हमले के इस आदेश के बाद इजरायली सेना की ओर से भी जवाब आय़ा है. इजरायली एयरफोर्स के कमांडर मेजर जनरल तोमेरे बार ने कहा कि एयर फोर्स युद्ध के हर क्षेत्र में देश की रक्षा और हमला करता है. हम किसी भी परिस्थिति में मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं. जो भी इजरायल और इजरायली नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाएगा, हम उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे. ऐसी कोई भी जगह नहीं है, जो हमारी जद से दूर हो या जहां हम हमला नहीं कर सकें.   recent visitors 122

CM योगी अयोध्या रेप पीड़िता की मां से मिले, आरोपी पर कड़ी कार्रवाई का दिया भरोसा

 लखनऊ अयोध्या रेप पीड़िता नाबालिग लड़की की मां ने शुक्रवार (2 अगस्त) को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. इस दौरान सीएम ने सपा नेता मोईद खान समेत अन्य आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया. मोईद खान का नाम 12 साल की लड़की से रेप केस में आया है. खुद सीएम योगी ने इस बात को विधानसभा में उठाया था.   दरअसल, बीते दिन विधानसभा में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी को आईना दिखाया था. उन्होंने कहा कि अयोध्या में दुष्कर्म करने वाला सपा सांसद (अवधेश प्रसाद) का करीबी है. लेकिन पार्टी ने अब तक उसपर कोई कार्रवाई की नहीं की. क्या ये बात हल्के में टाल देने वाली है. अयोध्या में रेप का मामला विधानसभा में गूंजा सीएम योगी ने इस मामले पर समाजवादी पार्टी और अयोध्या से मौजूदा सपा सांसद अवधेश प्रसाद को घेरा. सीएम ने कहा कि बलात्कार का आरोपी समाजवादी पार्टी का है. उसने पिछड़ी जाति की एक बच्ची के साथ कुकृत्य किया है. लेकिन इस पूरे मामले पर अब तक सपा ने कोई एक्शन नहीं लिया. जबकि आरोपी सपा सांसद का करीबी है. सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई. समाजवादी पार्टी का नेता मोईन खान इस कृत्य में शामिल पाया गया, जो अयोध्या के सांसद के साथ रहता है. उन्हीं के साथ उठता है, खाता है. उनकी ही टीम का सदस्य है. लेकिन सपा ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की. लेकिन हमारी सरकार में महिलाओं की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. जानिए पूरी घटना रेप की ये घटना अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र की है, जहां एक बच्ची से दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया फिर लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करके घिनौनी हरकत करते रहे. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता दो महीने की गर्भवती हो गई. पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से इस मामले की शिकायत की लेकिन आरोप है कि शुरू में इसपर कोई एक्शन नहीं लिया गया. बाद में जब विहिप, बजरंग दल के साथ निषाद पार्टी के लोगों ने आक्रोश जताया तो पुलिस ने सपा के भदरसा नगर अध्यक्ष मोईद खान सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया. वहीं, एनसीपीसीआर ने इस घटना पर पुलिस को नोटिस भी दिया है.   recent visitors 106

जोरदार बारिश से मध्य प्रदेश में लबालब हुए बांध, तवा, भदभदा और कलियासोत डैम के खुले गेट, बारिश का अलर्ट

भोपाल  बड़ा तालाब का लेवल 1666 फीट पहुंचा बड़ा तालाब अब सिर्फ 0.80 फीट खाली सीहोर और भोपाल जिले में तेज बारिश का अलर्ट थोड़ी देर में खोले जाएंगे भदभदा डैम के गेट तेज बारिश होते ही खोल दिए जाएंगे भदभदा डैम के गेट निगम ने गेट खोलने की तैयारियां की पूरी राजधानी में सीजन की 71% हुई बारिश भोपाल में 106 फीसदी बारिश का अनुमान. नर्मदापुरम में नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ते ही तवा डैम के 9 गेट खोले जा चुके हैं. राजधानी और इसके आसपास जिलों में भी गुरुवार शाम से तेज बारिश हो रही है. जिससे बड़ा तालाब भी फुल हो चुका है. जिसके बाद कलियासोत के 10 और भदभदा डैम के 5 गेट, कोलार डैम के 4 गेट खोल दिए गए हैं. यदि इसी तरह से बारिश का सिलसिला जारी रहा तो अन्य डैमों के गेट भी खोलने पड़ेंगे. एमपी में 5 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि 'प्रदेश में अब तक सीजन की 55 प्रतिशत बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 19.7 इंच अधिक है. जून और जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश के बाद जुलाई महीने में भी यह सिलसिला जारी रहेगा. एक अगस्त को भी प्रदेश के 23 जिलों में तेज बारिश हुई है. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि एमपी में मॉनसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से सिस्टम स्ट्रांग बना हुआ है. जिससे 5 अगस्त तक पूरे प्रदेश में इसी तरह तेज बारिश का दौर जारी रहेगा.' एमपी के 9 जिलों में रेड अलर्ट, 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि जुलाई में करीब 106 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है. शुक्रवार को नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, सीहोर, रायसेन, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, कटनी, डिंडौरी, मंडला, गुना, विदिशा, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, टीकमगढ़, सतना, रीवा, मउगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, भोपाल, ग्वालियर, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, निवाड़ी, राजगढ़, आगर-मालवा, हरदा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. जबकि इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन, खंडवा समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने और गरज-चमक की संभावना है. ये है प्रदेश में बारिश का हाल बैतूल जिले में बीते 24 घंटे से तेज बारिश हो रही है. इससे तवा नदी का जलस्तर बढ़ते ही सुबह सतपुड़ा डैम के 7 गेट खोले गए. वहीं रायसेन में 36 घंटों से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है. यहां मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है. भोपाल में गुरुवार शाम से तेज बारिश हो रही है. जिससे नदी-नाले भर चुके हैं. निचली बस्तियों में बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है. उधर मंडला में नर्मदा नदी खतरे के निशान के उपर बह रही है. यह है मौसम का मौजूदा सिस्टम मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र व उससे लगे बांग्लादेश पर हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात अब कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है. मॉनसून द्रोणिका गंगानगर, रोहतक, हरदोई, बनारस, देहरी, कैनिंग से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. सौराष्ट्र और उससे लगे अरब सागर पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है. उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है. इसके साथ ही दक्षिणी गुजरात से लेकर केरल तक अपतटीय द्रोणिका बनी हुई है.   recent visitors 100

ओलंपिक में तीन माताओं ने नौकायन में पदक जीतकर बच्चों के साथ मनाया जश्न

पेरिस पेरिस ओलंपिक में तीन माताओं के लिए नौकायन स्पर्धा में पदक जीतने के बाद अपने बच्चों के साथ जश्न मनाना बेहद खास रहा। ब्रिटेन की अनुभवी हेलेन ग्लोवर और न्यूजीलैंड की लुसी स्पूर्स तथा ब्रुक फ्रांसिस बच्चे को जन्म देने के दो साल से भी कम समय के अंदर ओलंपिक पदक जीतने में सफल रहीं। स्पूर्स  तथा  फ्रांसिस की जोड़ी ने महिला युगल स्कल्स में स्वर्ण पदक जीता, जबकि तीन बच्चों की मां ग्लोवर महिला फोर स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने में सफल रही। स्पूर्स और फ्रांसिस के जीत दर्ज करने के तुरंत बाद दर्शक दीर्घा में बैठे अपने बच्चों को गोद में उठा लिये। फ्रांसिस ने कहा, ‘‘मैंने उन्हें स्टैंड में देखा और उन्हें गले लगाने में भी कामयाब रही। मुझे लगता है कि वे अपनी मां के वापस आने का इंतजार कर रहे थे।’’ न्यूजीलैंड की ये दोनों खिलाड़ी अपने बच्चों की देखभाल के मुश्किल समय के दौरान एक-दूसरे को प्रेरित करने के लिए अभ्यास सत्र के दौरान बच्चों के गीत गाते थे। वे अपने परिवारों को पेरिस ले आए ताकि प्रतियोगिता पर ध्यान केंद्रित कर सकें। फ्रांसिस ने कहा, ‘‘यह शानदार एहसास है। बच्चों का पालन-पोषण करना आसान नहीं है। हमें इसमें परिवार और दूसरे खिलाड़ियों का भी साथ मिला हैं। यह इसे और भी अधिक खास बनाता है। हमारा परिवार यहां है और हमारे बच्चों को अब यह विरासत देखने को मिलती है।’’ स्पूर्स ने कहा कि उन्हें और फ्रांसिस को प्रतिस्पर्धियों और अन्य टीमों से समर्थन के संदेश मिल रहे थे, जिसमें कहा गया था कि वे उनका कितना सम्मान करते हैं। स्पूर्स ने कहा, ‘‘फ्रांसिस और मेरी स्थिति बिल्कुल एक जैसी है। मुझे लगता है कि हम जानते हैं कि हम दोनों किस दौर से गुजर रहे हैं। इससे हमें अच्छा करने की और अधिक प्रेरणा मिली।’’ ग्लोवर ने अभ्यास के दौरान अपने बच्चों को स्तनपान कराने की चुनौती के बारे में बात की है। वह अपनी रेस पूरी करने के बाद सीधे अपने बच्चों को हाई-फाइव करने गईं। उन्होंने पदक समारोह के बाद भी अपने बच्चों गले लगाया। ग्लोवर ने कहा, ‘‘उन्हें यह (मेरा दूसरे स्थान पर रहना और पदक मिलना) बहुत अच्छा रहा है।’’ ग्लोवर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों को सकारात्मक संदेश देगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इसे (स्तनपान) सामान्य बनाना वास्तव में महत्वपूर्ण है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह दिखाता है कि आप (मां बनने के बाद) वापसी कर सकते हैं, चाहे वह कुछ भी हो, चाहे वह काम हो, शौक हो, खेल हो या कुछ और। आप बच्चे होने के बावजूद उत्कृष्टता प्राप्त नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि यह समाज के लिए एक संदेश है और महिलाएं जो चाहती हैं वह बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।’’   recent visitors 108

नाबालिग बच्ची के साथ School Teacher की छेड़छाड़, अभिभावकों का हंगामा

भिलाई  डीपीएस रिसाली भिलाई में 12 साल की स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। स्‍कूल के टीचर पर बच्‍ची के साथ अश्‍लील हरकत करने का आरोप लगा है। इसको लेकर अभिभावकों ने शुक्रवार को स्‍कूल परिसर में खूब हंगामा किया। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आक्रोशित करीब 150 से अधिक अभिभावकों ने स्कूल का घेराव कर दिया। अभिभावकों ने स्कूल के प्रिंसिपल से भी चर्चा कर घटना को लेकर विरोध जताया। पेरेंट्स का कहना है कि घटना के 27 दिन बाद भी पुलिस ने भी इस मामले में कार्रवाई नहीं की। फिलहाल मौके पर अभिभावकों के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद है और घटनाक्रम को लेकर चर्चा कर रहे हैं। घटना पांच जुलाई की बताई जा रही है। भिलाई क्षेत्र में घटनाक्रम को लेकर पिछले कुछ दिनों से चर्चा तेज हो गई थी। शुक्रवार को अंतत: अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार सुबह से सभी अभिभावक एक जगह एकत्रित होने लगे। सुबह करीब 10 बजे के आसपास एकत्रित पार्षद भिलाई निवास के सामने से पैदल मार्च करते हुए डीपीएस रिसाली स्कूल के गेट के पास पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। स्कूल प्रबंधन ने प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों को स्कूल परिसर के भीतर बुलाया। आक्रोशित अभिभावक स्कूल परिसर में प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर इस मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे। इस दौरान स्कूल के प्राचार्य अभिभावकों से चर्चा करने पहुंचे। अभिभावकों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। फिलहाल घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और अभिभावकों के बीच बातचीत चल रही है। मामले को लेकर कंट्रोल रूम भिलाई में आईजी, एसपी की उच्च स्तरीय बैठक भी चल रही है l recent visitors 105

विश्व मुक्केबाजी के अध्यक्ष ने पेरिस ओलंपिक में लैंगिक मुद्दों से निपटने के लिए आईओसी का समर्थन किया

विलेपिंटे (फ्रांस) अगले ओलंपिक में मुक्केबाजी का संचालन करने की उम्मीद लगाने वाले शासी निकाय ‘विश्व मुक्केबाजी’ के प्रमुख बोरिस वान डेर वोर्स्ट ने कहा कि वह पेरिस ओलंपिक में आईओसी (अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति) की पात्रता नीतियों का समर्थन करते हैं।  उन्होंने लैंगिक मुद्दों की गहरी समझ नहीं रखने वालों से इस पर फैसला करने के लिए चिकित्सा पेशेवरों और वैज्ञानिकों पर भरोसा करने की सलाह दी। विश्व मुक्केबाजी के अध्यक्ष वोर्स्ट ने गुरुवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि उनका संगठन स्वास्थ्य और लिंग पर अपनी नीतियों को विकसित करने में हमेशा एथलीटों की सुरक्षा को पहले स्थान पर रखेगा। आईओसी का कार्यबल तोक्यो ओलंपिक के बाद पेरिस में भी मुक्केबाजी का संचालन कर रहा है। विश्व मुक्केबाजी से अभी सीमित संख्या में देश जुड़े है लेकिन उसे 2026 में डकार, सेनेगल में युवा ओलंपिक और 2028 में लॉस एंजिल्स में इस खेल के संचालन का अधिकार मिलने की उम्मीद है। वोर्स्ट आईओसी के ओलंपिक मुक्केबाजी के संचालन के आलोचकों से भी असहमत हैं। उन्होंने अल्जीरिया की महिला मुक्केबाज इमान खेलीफ और ताइवान की लिन यू-टिंग की पात्रता के मामले में आईओसी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि जब लोग यहां प्रतिस्पर्धा करने के योग्य हों तो हमें उनका सम्मान करना होगा। यह सभी मुक्केबाजों, यहां शामिल सभी लोगों के लिए बहुत दुखद स्थिति है।’’ आईओसी द्वारा प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (आईबीए) ने दावा किया कि दोनों मुक्केबाज 2023 विश्व चैंपियनशिप में लिंग पात्रता परीक्षण में विफल रहे थे। दोनों ने हालांकि इससे पहले कई वर्षों तक एमेच्योर मुक्केबाजी में प्रतिस्पर्धा की थी। खेलीफ गुरुवार को इटली की प्रतिद्वंद्वी एंजेला कारिनी के मुकाबले के महज 46 सेकेंड बाद हटने से पेरिस ओलंपिक का पहले दौर का मुकाबला जीत गईं। कारिनी ने कहा कि वह खेलीफ के खिलाफ कोई राजनीतिक भाव भांगिमा नहीं दिखा रही थी लेकिन इस मुकाबले से हटने के बाद उनकी नम आंखें सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी और लोगों ने उनके प्रति सहानुभूती दिखायी। वोर्स्ट ने एपी को बताया, ‘‘आज जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सोशल मीडिया से, मीडिया और बाकी सभी से जो दबाव बना वह बहुत मददगार नहीं है। यह हर किसी के दिमाग में घर कर रहा है।’’ खेलीफ और लिन की आलोचना आंशिक रूप से आईबीए की नीतियों और निर्णयों पर आधारित है। आईबीए को नेतृत्व, अखंडता और वित्तीय पारदर्शिता में गड़बड़ी जैसे मामलों को लेकर आईओसी ने 2019 से ओलंपिक से अलग कर दिया है। खेलीफ एमेच्योर मुक्केबाज हैं जिन्होंने आईबीए की 2022 विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता। पिछले साल की विश्व चैम्पियनशिप में उन्हें स्वर्ण पदक मैच से ठीक पहले ‘डिस्क्वालीफाई’ घोषित कर दिया था क्योंकि जांच में दावा किया गया कि उनके टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ा हुआ था। आईबीए ने इसी तरह के मामले में लिन से कांस्य पदक वापस ले लिया था। ताइवान और अल्जीरिया दोनों अभी भी आईबीए के सदस्य हैं, लेकिन लिन ने प्यूब्लो ( कोलोराडो) में विश्व मुक्केबाजी के आमंत्रण टूर्नामेंट में भाग लिया था। वह अपना पहला मुकाबला ब्राजील की ओलंपियन जूसिएलेन रोमू से हार गईं थी।   recent visitors 109