Wednesday, July 8, 2026 1:21 pm

न्यूजीलैंड के विलियमसन भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले हुए टीम से बाहर, लगा झटका

ऑकलैंड न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। कीवी टीम के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन चोट के कारण तीन मैचों की सीरीज के शुरुआती मुकाबले से बाहर हो गए हैं। श्रीलंका दौरे पर विलियमसन की जांघ में चोट लगी थी जो अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई है। न्यूजीलैंड की टीम में विलियमसन की जगह मार्क चैपमैन को शामिल किया गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 16 अक्टूबर से बेंगलुरु में होगी। टीम की कमान टॉम लैथम के कंधों पर होगी। श्रीलंका के खिलाफ 0-2 से मिली हार के बाद टिम साउदी ने कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान में बताया, “केन विलियमसन कमर में खिंचाव के कारण भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए रवाना होने में समय लगेगा, उनकी जगह मार्क चैपमैन को टीम में शामिल किया गया है।” न्यूजीलैंड के चयनकर्ता सैम वेल्स को भरोसा है कि विलियमसन भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम का हिस्सा जरूर होंगे लेकिन पहले टेस्ट से उनका बाहर होना तय है, क्योंकि उन्हें फिलहाल रेस्ट करने की सलाह दी गई है। सैम वेल्स ने आगे कहा, “हमें जो सलाह दी गई है उसके हिसाब से केन को फिलहाल आराम करना बेहद जरूरी है। चोट के साथ उन्हें टीम के साथ लाना जोखिम भरा हो सकता है। हमें पूरा भरोसा है कि केन चोट से जल्दी ही उबर जाएंगे और सीरीज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। लेकिन हमें इस बात का दुख है कि वह पहले टेस्ट में हमारे साथ नहीं होंगे।” न्यूजीलैंड वर्तमान में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की तालिका में छठे स्थान पर है, जबकि भारत हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ श्रृंखला में जीत के बाद पहले स्थान पर बना हुआ है। न्यूजीलैंड का टेस्ट टीम: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (सिर्फ पहले टेस्ट के लिए), मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, मैट हेनरी, डैरिल मिचेल, विल ओ’रुकी, एजाज पटेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सियर्स, ईश सोढ़ी (दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए), टिम साउदी, केन विलियमसन, विल यंग।   recent visitors 67

आतिशबाजी कर एक-दूसरे को खिलाई जलेबी, राजस्थान-अजमेर में भाजपाइयों ने मनाया जीत का जश्न

अजमेर. अजमेर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शहर के गांधी भवन चौराहे पर हरियाणा चुनावों में पार्टी की पूर्ण बहुमत से जीत का जश्न मनाया और जलेबी खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन चौराहे पर जमकर आतिशबाजी की। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा को 48 सीटें मिली हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में बीजेपी को 29 सीटें मिली हैं। आज नवरात्र का छठा दिन है। भाजपा की सरकार तीसरी बार हरियाणा में आई है। हमें हर जाति-हर वर्ग ने वोट दिया है। हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी व जम्मू-कश्मीर में पार्टी का वोटिंग परसेंट बढ़ा है, यह भाजपा कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों का फल है। इस अवसर पर उपमहापौर नीरज जैन, पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत, धर्मेश जैन, प्रवीण जैन, सोमरत्न आर्य, राजेश शर्मा, योगेश शर्मा, दीपक भाकर, जय किशन परवानी, तुलसी सोनी समेत कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे। recent visitors 135

जो रूट ने एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने

मुल्तान इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट बुधवार को मुल्तान क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। जो रूट ने दिन की शुरुआत पाकिस्तान की पहली पारी के 556 रनों के जवाब में 32 रन से की, उन्हें इंग्लैंड के दिग्गज कुक (12472 रन) को पीछे छोड़कर सर्वकालिक टेस्ट सूची में पांचवें स्थान पर पहुंचने के लिए सिर्फ 39 रन की जरूरत थी। चंद गेंदों में उन्होंने यह आंकड़ा पार कर लिया और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनके नाम अब 12,473 रन हो गए हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने यह उपलब्धि सिर्फ 147 टेस्ट और 268 पारियों में हासिल की, जबकि कुक ने यह उपलब्धि 161 टेस्ट और 291 पारियों में हासिल की थी। टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में रूट से आगे केवल सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस और राहुल द्रविड़ ही हैं। इससे पहले, रूट ने अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान शतकों की संख्या में कुक को पीछे छोड़ दिया था, उन्होंने अपना 33वां और 34वां टेस्ट शतक लगाया था और टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले इंग्लैंड के खिलाड़ी बन गए थे। लंच के समय रूट 72 रन बनाकर नाबाद हैं और उन्होंने बेन डकेट (नाबाद 80) के साथ 119 रन की साझेदारी की है। इंग्लैंड ने 45 ओवर में दो विकेट पर 232 रन बना लिए हैं। रन रेट पांच से अधिक है।   recent visitors 61

हरियाणा में और मजबूत हुई भाजपा, दो निर्दलीयों ने थामा बीजेपी का हाथ

नई दिल्ली हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद पार्टी का उत्साह बना हुआ है. इस बीच चुनाव में जीत दर्ज कर चुके दो निर्दलीय बीजेपी में शामिल हो गए हैं. चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज कर चुके राजेश जून और देवेंद्र कादियान बीजेपी में शामिल हो गए हैं. हरियाणा चुनाव के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और अन्य बीजेपी नेताओं के साथ बैठक के बाद दोनों विधायक बीजेपी में शामिल हो गए. देवेंद्र कादियान ने सोनीपत जिले में पड़ने वाली गन्नौर सीट से जीत दर्ज की है. उन्होंने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 35,209 वोटों के अंतर से हराया है. इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार देवेंद्र कौशिक तीसरे नंबर पर रहे. बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के कारण देवेंद्र कादियान ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया था. गन्नौर सीट से कादियान ने निर्दलीय ही यह चुनाव जीत लिया. कादियान ने 10 सितंबर को वीडियो जारी कर बीजेपी को अलविदा कह दिया था. उन्होंने काफी भावुक होकर दावा किया था कि वह गन्नौर सीट से टिकट चाहते थे, लेकिन उन्हें बीजेपी ने टिकट नहीं दिया. इससे नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी. वहीं, राजेश जून कांग्रेस से टिकट न मिलने के कारण निर्दलीय ही बहादुरगढ़ सीट से खड़े हो गए थे. राजेश जून ने बीजेपी उम्मीदवार दिनेश कौशिक को 41,999 वोटों के अंतर से चुनाव हराया. हरियाणा में बीजेपी की हैट्रिक हरियाणा में बीजेपी ने हैट्रिक लगा दी है. ये अपने आप में रिकॉर्ड है, क्योंकि हरियाणा में कभी भी कोई पार्टी लगातार तीसरी बार चुनाव नहीं जीती है. इतना ही नहीं, हरियाणा के इतिहास में बीजेपी का ये अब तक की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस भी हैं. बीजेपी इससे पहले कभी भी इतनी ज्यादा सीटें नहीं जी सकी है. हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 48, कांग्रेस 37, आईएनएलडी 2 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 3 सीटें जीती. इस बार बीजेपी ने 2014 और 2019 से भी बड़ी जीत हासिल करते हुए 48 सीटें जीत ली हैं. 2014 में बीजेपी ने 47 और 2019 में 40 सीटें जीती थीं. वहीं, नतीजों से पहले तक कांग्रेस की वापसी का अनुमान लगाया जा रहा था. लेकिन कांग्रेस इस बार 37 सीटें ही जीत सकी. 2 सीटें इनेलो को मिली हैं. वहीं, तीन निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं.   recent visitors 81

दुबई से 11 करोड़ का हवाला के जरिए लेनदेन, राजस्थान-बीकानेर में ड्रोन से पाकिस्तान से पहुंचाई हेरोइन

बीकानेर. जिले से लगती पाक सीमा की नीलकंठ पोस्ट के पास बीती 2 अक्टूबर को ड्रोन के जरिये गिराई गई हेरोइन के मामले में तस्करों से की जा रही पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। संयुक्त जांच एजेंसियों की तस्करों से पूछताछ में सामने आया है कि पाक में बैठे तस्कर ने ही हेरोइन को गिराने की लोकेशन तय की थी और इसके पैसों का लेनदेन हवाला के जरिए दुबई से किया गया था। गौरतलब है कि खाजूवाला बॉर्डर एरिया में बीएसएफ को नीलकंठ पोस्ट के पास एक ड्रोन और करीब 11 करोड़ रुपये की 2 किलो हीरोइन बरामद हुई थी। इस मामले को लेकर पुलिस और बीएसएफ ने 6 तस्करों को गिरफ्तार किया था। पुलिस, सीआईडी आईबी, बीएसएफ द्वारा तस्करों से 2 दिन की पूछताछ के बाद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। हेरोइन तस्करी की डील पंजाब में बैठे मुख्य तस्कर ने पाकिस्तानी तस्कर से की थी। इस काम के लिए उन्होंने हाल ही में रोहतक जेल से छूट बलदेव सिंह को केरियर बनाया था। सौदा डेढ़ लाख रुपये में तय हुआ था और एक लाख रुपए अहमद ने दुबई से हवाला के जरिए बलदेव के बताए गए बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए थे लेकिन बीएसएफ पुलिस की चौकसी के चलते तस्कर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाए। बताया जा रहा है कि बलदेव सिंह पिछले एक साल से पाकिस्तानी तस्कर अहमद के संपर्क में था। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के फाजिल्का के बलजीत सिंह, हरभजन सिंह, अमरीक सिंह, मस्तान सिंह और हनुमानगढ़ निवासी महेंद्र सिंह और परगट सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी तारा सिंह अभी फरार चल रहा है। मामले की जांच छतरगढ़ थाना प्रभारी संदीप कुमार कर रहे हैं। BSF अधिकारियों के अनुसार ड्रोन का इस्तेमाल तस्करों द्वारा तेजी से किया जा रहा है, क्योंकि यह सीमा पर लगे कड़े सुरक्षा इंतजामों को चकमा देने का एक नया तरीका है। सुरक्षा एजेंसियों ने हाल के महीनों में ऐसे कई ड्रोन पकड़े हैं, जिनके जरिए नशीले पदार्थ और हथियार भारतीय क्षेत्र में भेजे जा रहे हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी है। ड्रोन के खिलाफ लड़ाई को और कारगर बनाने के लिए उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि तस्करों के इन प्रयासों को विफल करने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह से सतर्क हैं और इस तरह की घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। recent visitors 68

मध्य प्रदेश में रजिस्ट्री की प्रक्रिया हुई डिजिटल, रजिस्ट्री ऑफिस के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत, जानें संपदा 2.0 के फायदे

भोपाल मध्यप्रदेश में अब जमीन या मकान-दुकान की रजिस्ट्री कराना बहुत आसान हो गया है। 10 अक्टूबर से नए नियम लागू हो रहे हैं, जिसमें अब आपको गवाह लाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी और न ही बार-बार रजिस्ट्री ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ेंगे। इसे लेकर एमपी के फाइनेंस मिनिस्टर जगदीश देवड़ा ने बताया कि रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया जा रहा है। इसके लिए संपदा 2.0 नाम का एक नया सॉफ्टवेयर लॉन्च किया जा रहा है। सीएम डॉक्टर मोहन यादव 10 अक्टूबर को इसका शुभारंभ करेंगे। सॉफ्टवेयर का यहां हुआ पायलट प्रोजेक्ट इससे पहले संपदा 2.0 सॉफ्टवेयर को गुना, हरदा, डिंडौरी और रतलाम जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया गया था। जहां इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली। अब इसे पूरे प्रदेश के 55 जिलों में लागू किया जा रहा है। इन सुविधाओं का मिलेगा फायदा नए नियमों के तहत, खरीदार और विक्रेता की पहचान आधार और पैन कार्ड से होगी। संपदा 2.0 में ई-केवाईसी से पहचान की जाएगी। वीडियो केवाईसी की सुविधा भी होगी। इसके अलावा संपत्ति की जीआईएस मैपिंग, बायोमेट्रिक पहचान और दस्तावेजों का अपने आप फॉर्मेट होना जैसी कई नई सुविधाएं भी शामिल हैं। डिजिटल सिग्नेचर से तैयार किए जा सकेंगे डॉक्यूमेंट सबसे बड़ी बात यह है कि संपदा 2.0" के जरिए डिजिटल सिग्नेचर से डॉक्यूमेंट तैयार किए जा सकेंगे। इसका मतलब है कि अब रजिस्ट्री कराने के लिए रजिस्ट्री ऑफिस जाने की भी ज़रूरत नहीं पड़ेगी। पंजीयन अधिकारी से वीडियो कॉल के जरिए भी बात की जा सकेगी। दस्तावेजों की ई-कॉपी डिजी लॉकर, व्हाट्सएप और ई-मेल पर भी होगी। इसकी मदद से रजिस्ट्री प्रक्रिया में आसानी और पारदर्शिता भी आएगी। recent visitors 126

राजधानी की दुकान से बरामद हुआ ‘MD Drug’ बनाने का कच्चा माल

भोपाल मध्य प्रदेश पुलिस ने  भोपाल में एक दुकान से भारी मात्रा में ड्रग्स बनाने का कच्चा माल जब्त किया। इसका हाल ही में सील की गई सिंथेटिक ड्रग्स फैक्ट्री के साथ कनेक्शन हो सकता है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) संजय अग्रवाल ने कहा कि जब्त सामग्री से 250 करोड़ से 350 करोड़ रुपये के अनुमानित मूल्य की एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) का उत्पादन किया जा सकता है। बता दें कि हाल ही में गुजरात एटीएस और एनसीबी ने 5 अक्टूबर को बगरोदा इलाके में सिंथेटिक ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। गुजरात एटीएस और एनसीबी ने 1,814 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत के साथ 907.09 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया था। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) संजय अग्रवाल ने कहा कि भोपाल में ड्रग फैक्ट्री पर कार्रवाई के बाद, एमपी पुलिस को उसी स्थान पर संदिग्ध पदार्दों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली और सोमवार रात को उस स्थान को सील कर दिया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि एनसीबी मामले में गिरफ्तार अमित चतुर्वेदी ने एक गोदाम के सामने गणेश मार्केट इलाके में एक दुकान किराए पर ली थी। वह देर रात कुछ सामान कार से बगरोदा फैक्ट्री में शिफ्ट करता था। मंगलवार सुबह, पुलिस ने दुकान को तोड़ा और ड्रमों और बोरियों में रखे कई रसायन मिले। दुकान में मिले रसायन का इस्तेमाल एमडी दवाएं बनाने में किया जाता है। इस दुकान में मिलने वाले कच्चे माल की स्थानीय बाजार में कीमत लगभग 60 लाख रुपये है। पुलिस ने बताया कि इस कच्चे माल से 250 करोड़ से 350 करोड़ रुपये के बीच सिंथेटिक ड्रग्स बनाई जा सकती है। भोपाल के रापड़िया इलाके के निवासी दुकान मालिक विष्णु पाटीदार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा जारी वैधानिक आदेश का पालन न करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन पर जमीन किराए पर देने या पट्टे पर देने के बारे में पुलिस को सूचित न करने का आरोप है। पाटीदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। recent visitors 59