Saturday, July 4, 2026 5:53 am

‘नक्सलवाद से ज्यादा खतरनाक धर्मांतरण, हिन्दुओं को कर रहे एकजुट’, छत्तीसगढ़-कांकेर पहुंचे आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री

कांकेर. बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने कांकेर में धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया। धीरेन्द्र शास्त्री ने धर्मांतरण को नक्सलवाद से बड़ा खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद व्यक्ति विशेष को टारगेट करते रहे है जबकि धर्मांतरण पूरे समाज को निशाना बनाकर किया जा रहा है, जिसे रोकना बेहद जरूरी है, धर्मांतरण को रोकने पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के देश भर में पद यात्रा करने की बात भी कही है, साथ ही छत्तीसगढ़ के बस्तर और जशपुर में जल्द कथावाचन करने की बात कही है। पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कई इलाके ऐसे हैं जहां आज भी आसानी से पहुंच नहीं सकते हैं। ऐसे इलाकों में ही भोले-भाले आदिवासियों को लालच देकर धर्मांतरण कराया गया हैय़ उन्होंने कहा कि हिन्दू को छोड़कर बाकी समाज में एकजुटता है। लेकिन हिंदुओं में एकजुटता की कमी है और वो अपने हिन्दू समाज को जोड़ने के लिए ही प्रयास कर रहे हैं। धीरेन्द्र शास्त्री ने धर्मांतरण को लेकर लगातार प्रहार करते हुए मिशनरियों के स्कूलों में बच्चों को भेजने के बजाय गुरुकुल शिक्षा पद्धति पर जोर देने की भी बात कही है। गौरतलब हो कि कल पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के कार्यक्रम के दौरान ही धर्म परिवर्तन कर मिशनरी समाज में शामिल हो चुके 11 परिवार ने वापस हिन्दू धर्म में वापसी भी की है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कांकेर से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया कि जिस पहाड़ा वाली मां भुनेश्वरी के दरबार में वो महायज्ञ में शामिल होने पहुंचे हैं। वहां वो पहले भी आ चुके हैं और यहां से उनका पुराना नाता रहा है। बता दें कि धीरेन्द्र शास्त्री कई साल पहले कांकेर में लंबा समय बिता चुके हैं। recent visitors 95

बांधवगढ़ में हाथियों की मौत: मुख्यमंत्री ने लिया एक्शन, फील्ड डायरेक्टर-प्रभारी एसीएफ निलंबित

Death of elephants in Bandhavgarh: Chief Minister took action, field director-in-charge ACF suspended बांधवगढ़ में हुई हाथियों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन में हैं. सीएम ने बैठक आयोजित की, जिसमें राज्य स्तरीय ‘हाथी टास्क फोर्स’ गठित करने का निर्णय लिया गया. साथ ही सीएम ने बांधवगढ़ फील्ड डायरेक्टर और प्रभारी एसीएफ को निलंबित करने के निर्देश दिए. सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में उमरिया जिले के वन क्षेत्र में पिछले दिनों 10 हाथियों की अलग-अलग दिन हुई मृत्यु की घटना दुखद एवं दर्दनाक है, जिसे राज्य शासन ने गंभीरता से लिया है. वन राज्य मंत्री सहित वरिष्ठ अधिकारियों के दल ने क्षेत्र का भ्रमण किया है. प्रारंभिक रिपोर्ट में कोई कीटनाशक नहीं पाया गया है. पोस्ट मार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आना शेष है. हाथियों के बड़े दल के रूप में आने की घटना गत दो तीन वर्ष में एक नया अनुभव भी है. उमरिया और सीधी जिले में बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी दिख रही है. ऐसे में फील्ड डायरेक्टर एवं अन्य अधिकारियों को सतर्क और सजग रहने की जरूरत है. अवकाश पर जाना पड़ा महंगा सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हाथियों की मृत्यु की इतनी बड़ी घटना के समय फील्ड डायरेक्टर का अवकाश से वापस न आना और पूर्व में हाथियों के दल के संदर्भ में जो आवश्यक चिंता की जानी चाहिए, वह नहीं की गई. इस लापरवाही के लिए फील्ड डायरेक्टर गौरव चौधरी को सस्पेंड किया गया. साथ ही प्रभारी एसीएफ फतेह सिंह निनामा को भी निलंबित किया गया. केरल-कर्नाटक-असम जाकर करे अध्ययन सीएम ने कहा कि बांधवगढ़ क्षेत्र एवं अन्य वन क्षेत्रों में हाथियों की रहने की अनुकूल और आकर्षक स्थिति हे. वन क्षेत्रों का प्रबंधन उत्तम होने से हाथियों के दल जो छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों से आया करते थे और वापस चले जाते थे वह अब वापस नहीं जा रहे हैं. यहां बड़े पैमाने पर हाथियों द्वारा डेरा डालने की स्थिति देखी जा रही है. यह मध्यप्रदेश की वन विभाग की गतिविधियों का हिस्सा बन गए हैं. ऐसे में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए स्वाभाविक रूप से स्थाई प्रबंधन के लिए शासन के स्तर पर हाथी टास्क फोर्स बनाने का निर्णय लिया जा रहा है. हाथियों को अन्य वन्य प्राणियों के साथ किस तरह रहवास की सावधानियां रखना चाहिए, इसके लिए योजना बनाई जा रही है. इसमें कर्नाटक, केरल और असम राज्यों की बेस्ट प्रेक्टिसेस को शामिल किया जाएगा. इन राज्यों में बड़ी संख्या में हाथी रहते हैं. इन राज्यों में मध्यप्रदेश के अधिकारियों को भेजा जाएगा, जिससे सहअस्तित्व की भावना के आधार पर हाथियों के साथ बफर एरिया, कोर एरिया में बाकी का जन जीवन प्रभावित न हो, इसका अध्ययन किया जाएगा. हाथियों की सुरक्षा को खतरा न हो. इस पर हमने गंभीरता से विचार किया है. recent visitors 162

चुनाव में ट्रंप जीतते हैं तो RBI, विदेशी धन के संभावित और अचानक आई गिरावट से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार

नईदिल्ली अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अगर रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ्ते जीतते हैं तो भारत का केंद्रीय बैंक, RBI, विदेशी धन के संभावित और अचानक आउटफ्लो और रुपये में किसी भी तरह की भारी गिरावट से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. बैंक से संबंधित दो सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है. विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल करेगा रिजर्व बैंक न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सूत्रों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक वैश्विक बाजार में अस्थिरता और विदेशी फंड के आउटफ्लो की स्थिति में घरेलू मुद्रा की रक्षा के लिए अपने बड़े विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल करेगा. एक सूत्र ने कहा, 'ये रिजर्व अस्थिरता से निपटने में मदद करेगा. अगर आउटफ्लो तेज होता है, तो आरबीआई इसे प्रबंधित करने के लिए कदम उठाएगा, जैसा कि वह करता रहा है.' चीन से आयात पर 60 प्रतिशत शुल्क लगाने का वादा सूत्रों ने यह भी चेतावनी दी कि चीन के प्रति अमेरिकी टैरिफ में किसी भी तरह की भारी वृद्धि से भारत और अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. ट्रंप ने चीन से आयात पर 60 प्रतिशत शुल्क लगाने का वादा किया है. इस महीने अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में लगभग 50 बेसिक पॉइंट्स की वृद्धि हुई है और चुनाव के दिन नजदीक आने पर डॉलर इंडेक्स 3.3% मजबूत हुआ है. भारतीय शेयरों से विदेशी फंडों में रिकॉर्ड 10 अरब डॉलर से अधिक का आउटफ्लो हुआ है, जबकि विदेशियों ने ऋण बाजार से 700 मिलियन डॉलर निकाले हैं. लगातार तीसरे हफ्ते गिरा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार इस महीने रुपया लगातार रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है, जिससे केंद्रीय बैंक को हस्तक्षेप करना पड़ा. हालांकि यह सबसे कम अस्थिर प्रमुख एशियाई मुद्राओं में से एक रहा है, जो प्रति डॉलर 83.79-84.09 की एक सीमा पर बना हुआ है. आरबीआई के हालिया आंकड़ों से पता चलता है कि भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार तीसरे हफ्ते गिरकर 18 अक्टूबर तक 688.27 अरब डॉलर पर आ गया है, जो कि एक महीने से अधिक में सबसे कम है. हालांकि यह दुनिया का चौथा सबसे बड़ा भंडार बना हुआ है. वोटर आईडी की मांग कर रहे ट्रंप बता दें कि अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव है. उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कड़ा मुकाबला है. पोल में बहुत कम अंतर से जीत मिलने के बाद, दोनों उम्मीदवारों ने अपना ध्यान सन बेल्ट के राज्यों पर केंद्रित कर दिया है. चुनाव से पहले ट्रंप ने देश के मौजूदा वोटिंग सिस्टम को लेकर नाराजगी जाहिर की है और वोटिंग के लिए पहचान पत्र को अनिवार्य करने पर जोर दिया है. पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि चुनावों के लिए पहचान पत्र (Voter ID) को अनिवार्य रूप से लागू करना चाहिए. लेकिन डेमोक्रेट्स वोटर आईडी कार्ड का विरोध कर रहे हैं ताकि ये लोग चुनाव में धांधली कर सकें.   recent visitors 85

10 बुलेट और एक स्कूटी सहित दो गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-जशपुर पुलिस ने ठगी के बड़े रैकेट को पकड़ा

जशपुर. जशपुर जिले में ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से वाहनों का फाइनेंस कर उन्हें बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में कोतबा पुलिस ने रैकेट के मुख्य आरोपी शाहरूख खान (26) और उसके साथी वसीम अकरम (40) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 बुलेट बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। इन वाहनों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए फाइनेंस कराकर अन्य लोगों को बेच दिया गया था। दरअसल, इस ठगी के अनोखे मामले की शुरुआत तब हुई जब कोतबा निवासी आशीष शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसे एक आर.सी. बुक मिली, जिसमें उसकी जानकारी के बिना एक वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर CGV29 AG 1344) को हिंदुजा लीलैंड फाइनेंस कंपनी के माध्यम से फाइनेंस कर खरीदा गया था, जबकि आशीष और उनके परिवार के किसी भी सदस्य ने इस वर्ष कोई वाहन नहीं खरीदा था और न ही उन्होंने फाइनेंस के लिए अपने दस्तावेज जमा किए थे। मामले की गहन जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उनके दस्तावेज की फोटोकॉपी स्कूटी के डिक्की से चुराई गई थी, जिसे आरोपियों ने फर्जीवाड़ा करने के लिए इस्तेमाल किया। जशपुर के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने इस ठगी के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी पत्थलगांव ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। सायबर सेल की मदद से आरोपियों का पता लगाने में सफलता मिली, जिसके बाद कोतबा चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने टीम के साथ अम्बिकापुर से मुख्य आरोपी शाहरूख खान को गिरफ्तार किया और कोतबा चौकी लाया। पूछताछ में शाहरूख ने बताया कि वह फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों को अन्य व्यक्तियों को बेच देता था और अपने सहयोगी वसीम अकरम के साथ ठगी की योजना बनाता था। शाहरूख खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने  उससे पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अम्बिकापुर और सूरजपुर से अलग-अलग लोगों से 10 बुलेट और 1 स्कूटी बरामद की। इसके बाद वसीम अकरम को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने भी अपराध में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है और अब अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि दस्तावेजों का धोखाधड़ी से इस्तेमाल कर वाहनों का फाइनेंस कराकर उन्हें बेचने वाले इस गिरोह का पर्दाफाश करना पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। आरोपियों के कब्जे से 10 बुलेट और एक स्कूटी बरामद की गई है। अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। recent visitors 93

उज्जैन में आज नलों में पानी नहीं आएगा, जाने क्या है कारण

उज्जैन मध्य प्रदेश के उज्जैन में 3 नवंबर की दोपहर को चौंकाने वाली बड़ी घटना घटी. यहां शहर की प्यास बुझाने वाले गंभीर डैम में अचानक पानी की सप्लाई रुक गई. अधिकारियों ने जब गंभीर नदी के इंटक वेल पैनल रूम की जांच की तो पता चला कि उसमें एक सांप घुस गया था. इस सांप की वजह से सिस्टम में फॉल्ट हो गया था. इसे सुधारने का काम देर रात तक जारी रहा. इस वजह से उज्जैन शहर की टंकियां नहीं भर पाईं. यानी, 4 नवंबर को शहर में जल पानी की सप्लाई नहीं होगी. बता दें, उज्जैन जिला प्रशासन गंभीर नदी से पूरे शहर में पानी की सप्लाई करता है. 3 नवंबर को प्रशासनिक अधिकारियों को पता चला कि नदी के इंटक वेल में कुछ गड़बड़ी हो गई है. इसकी वजह से शहर की टंकियों में पानी नहीं आ रहा. इसका पता चलते ही एमपीईबी की टीम मौके पर पहुंची. यहां इंटक वेल में जाते ही कर्मचारियों के होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि पैनल रूम में करीब 20-22 फीट लंबा-मोटा सांप बैठा है. हालांकि, सांप की मौत हो चुकी थी. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीन ने सांप का शव जब्त कर लिया. आज शहर को होगी परेशानी दूसरी ओर, एमपीईबी ने पैनल की जांच की तो पता चला कि सांप की वजह से सप्लाई लाइनें डिस्टर्ब हो गई थीं. इस वजह से उसमें फॉल्ट हो गया था. एमपीईबी की ग्रिड सहित इंटेक वेल के कंट्रोल पैनलों और ट्रांसफार्मर में जर्क आ गया था. इस वजह से पानी की सप्लाई नहीं हुई. एमपीईबी के कर्मचारी अब इसे ठीक कर रहे हैं. इसके ठीक होने के बाद ही पानी की सप्लाई शुरू होगी. चूंकि, इस फॉल्ट की वजह से शहर की टंकियां नहीं भर सकी हैं. इसलिए 4 नवंबर को पानी की सप्लाई नहीं होगी. recent visitors 189

पांढुर्णा में 14 साल के बच्चे को थर्ड डिग्री टॉर्चर, उल्टा लटकाकर बेरहमी से पीटा, सुंघाया मिर्च का धुआं

पांढुर्णा  पांढुर्णा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग दो नाबालिग बच्चों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. ये मामला मोहगांव का बताया जा रहा है. जहां घड़ी चोरी के आरोप में मासूम को रस्सी से उल्टा लटकाकर बेरहमी से मारा जाता है. इतना ही नहीं एक नाबालिग को उल्टा लटकाकर मिर्ची का धुआं भी दिया जाता है. नाबालिगों को सजा देने का वीडियो 1 नवंबर का है. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद 3 लोगों को हिरासत में लिया है. वायरल वीडियो से हुआ खुलासा मामले का खुलासा तब हुआ जब रविवार को सोशल मीडिया के जरिए पीड़ित बच्चे के पिता ने उस वीडियो को देखा. वीडियो में कुछ लोग बेटे को उल्टा लटकाकर पीटते दिखाई दे रहे थे. बच्चे से पूछने पर उसने अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई. पीड़ित ने आरोप लगाते हुए कहा, ''1 नवंबर की दोपहर में गांव के लड़के ने मुझे दुकान पर बुलाया था. मैं अपने 12 साल के दोस्त के साथ वहां पहुंचा. यहां दो लड़के मिले. दोनों ने हम पर घड़ी चोरी का आरोप लगाया. जब हमने चोरी करने से मना किया तो रस्सी से पैर बांधे और टीन शेड से उल्टा लटकाकर बुरी तरह से पिटाई की.'' आग में मिर्ची डालकर धुआं सुंघाया पीड़ित बच्चे ने बताया कि आरोपियों ने उल्टा लटका कर सिर्फ मारपीट ही नहीं की बल्कि अंगार में मिर्च डालकर तीखा धुआं भी सुंघाया. जिसे स्थानीय भाषा में मिर्च की धूनी देना बोलते हैं. ऐसा करने से दम घुटता है. मासूम के साथ हो रही बेरहमी को कई लोग देख भी रहे थे, लेकिन वह वीडियो बनाने में और हंसने में व्यस्त थे. किसी ने इन आरोपियों को रोकने की जहमत तक नहीं उठाई. वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया पांढुर्णा एसपी सुंदर सिंह कनेश ने बताया, '' वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित बच्चों के पिता ने मोहगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. वीडियो के आधार पर 3 लोगों पर मामला दर्जकर हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. ये भी पता लगाया जा रहा है कि बच्चों के साथ ऐसी हरकत करने में और कौन-कौन शामिल था.''   recent visitors 94

6 नवम्बर को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ राज्य अलंकरण एवं समापन समारोह में शामिल होंगे

 नया रायपुर में 04-06 नवम्बर तक राज्योत्सव का होगा भव्य आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 6 नवम्बर को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ राज्य अलंकरण एवं समापन समारोह में शामिल होंगे ख्याति प्राप्त कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति शासकीय विभागों द्वारा लगाई जाएगी विकास प्रदर्शनी शिल्प ग्राम, फूड कोर्ट और मीना बाजार रहेगा आकर्षण का केन्द्र रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2024 के आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी है। तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन 4 नवम्बर से 6 नवम्बर तक राज्योत्सव स्थल, नया रायपुर अटल नगर में होगा। राज्योत्सव स्थल में मुख्य मंच से लेकर पूरे परिसर की साज-सज्जा का काम तेजी से कराया जा रहा है। शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने विभाग का प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाने की तैयारी में जुटे हैं। राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2024 का उद्घाटन 4 नवम्बर को संध्या 6 बजे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि होंगे। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में 5 नवम्बर को राज्योत्सव के कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। राज्य अलंकरण समारोह एवं राज्योत्सव का समापन 6 नवम्बर को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि होंगे। राज्योत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, दयाल दास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े एवं टंकराम वर्मा, नेताप्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सर्वराजेश मूणत, पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब, इन्द्र कुमार साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे। राज्योत्सव में ख्याति प्राप्त कलाकार रंगारंग और मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे। 4 नवम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत संध्या 4.30 बजे से होगी। बालीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक शांतुन मुखर्जी (शानु) की प्रस्तुति रात्रि 7.45 बजे से होगी। इससे पूर्व रिखी क्षत्रीय की टीम द्वारा 12 लोक नृत्य की झलकियां, मोहन चौहान एवं साथी द्वारा आदिवृंदम, सुनील सोनी एवं टीम द्वारा क्षेत्रीय नृत्य संगीत तथा विद्या वर्चस्वी द्वारा नाम रामायण की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी तरह 5 नवम्बर को राज्योत्सव में संध्या 5 बजे से पुरानिक साहू द्वारा सांस्कृतिक लहर गंगा, सुरेन्द्र साहू, भोला यादव एवं साथियों द्वारा लोक धुन, मोहन नायडू एवं साथियों द्वारा द मून लाईट रागा, राजेश अवस्थी, सुआरू साहू एवं सुनीति मोहन की प्रस्तुति होगी। 6 नवम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत अनुराग शर्मा द्वारा अनुराग स्टार नाईट, मनोज प्रसाद द्वारा इंडियाज गॉट टैलेंट मल्लखंभ, सवि श्रीवास्तव द्वारा जादू बस्तर एवं पवनदीप एवं अरूनिता के पार्श्व गायन की प्रस्तुति होगी। राज्योत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के सभी विभागों द्वारा राज्योत्सव स्थल पर भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यहां शिल्प ग्राम बनाया जा रहा है, जहां छत्तीसगढ़ के विविध शिल्प प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए उपलब्ध होंगे। राज्योत्सव स्थल परिसर में शासकीय विभागों की प्रदर्शनी के लिए विशाल हैंगर (डोम) बनाए गए हैं। हैंगर-एक एवं दो में शासकीय विभागों के स्टॉल लगेंगे, जबकि हैंगर-तीन में वाणिज्यिक संस्थान अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। हैंगर-चार में पब्लिक सेक्टर के संस्थानों की प्रदर्शनी लगेगी। राज्योत्सव में शिल्प ग्राम, फूड कोर्ट और मीना बाजार आम लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र होंगे। recent visitors 59