लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाईः सीहोर के कार्यपालन यंत्री को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

सीहोर मध्यप्रदेश में भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बाद भी रिश्वतखोरी के मामले कम नहीं हो रहे है। आये दिन किसी न किसी विभाग के अधिकारी लोकायुक्त की कार्रवाई की जद में आ रहे है। ताजा मामला सीहोर जिले का है जहां नगर पालिका सीहोर के कार्यपालन यंत्री को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। समाचार के लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार के विभिन्न अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका कार्यालय सीहोर में लोकायुक्त की टीम ने कार्यपालन यंत्री रमेश वर्मा को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लुनिया चौराहे के नजदीक बनाया जा रहे मकान मालिक सुरेश दागी से एक लाख की रिश्वत मांगी थी। उन्होंने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी। कार्रवाई भोपाल लोकायुक्त की टीम ने की है। recent visitors 47

मानवता की सेवा करना सनातन धर्म है, जो हिंदू धर्म का पर्याय है: मोहन भागवत

सतना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने  कहा कि रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास युद्ध को देखते हुए ऐसा लग रहा है कि तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडरा रहा है. मोहन भागवत मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र की दिवंगत संघ महिला नेता डॉ. उर्मिला जामदार की स्मृति में आयोजित एक व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे. मोहन भागवत ने कहा, "हम सभी को तीसरे विश्व युद्ध खतरा मंडराता हुआ महसूस हो रहा है. इस पर अटकलें कि यह यूक्रेन में शुरू हो सकता है या गाजा में." उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि विज्ञान ने बहुत प्रगति की है, लेकिन इसका लाभ अभी भी देश या दुनिया भर के गरीबों तक नहीं पहुंच रहा है और दुनिया को नष्ट करने वाले हथियार हर जगह पहुंच गए हैं. पर्यावरण की स्थिति भी चिंताजनक- भागवत उन्होंने कहा, "कुछ बीमारियों की दवा ग्रामीण इलाकों में उपलब्ध नहीं हो सकती है, लेकिन देशी रिवॉल्वर (देशी कट्टा) उपलब्ध है." उन्होंने पर्यावरण पर चिंता जताते हुए कहा कि यह ऐसी स्थिति में पहुंच गया है जहां यह बीमारियों का कारण बन रहा है. भागवत ने कहा कि मानवता की सेवा करना सनातन धर्म है, जो हिंदू धर्म का पर्याय है. उन्होंने कहा कि हिंदुत्व में दुनिया को राह दिखाने की क्षमता है. भागवत ने कहा कि हिंदू शब्द भारतीय धर्मग्रंथों में आने से बहुत पहले से मौजूद है. उन्होंने कहा कि इसे पहली बार गुरु नानक देव ने सार्वजनिक प्रवचन में पेश किया था. recent visitors 88

कृषि मंत्री बोले- बुधनी में जनता, बीजेपी और शिवराज एक है, झारखंड चुनाव और राहुल गांधी के बयान पर कही ये बात

भोपाल  केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है। खाद की उपलब्धता के लिए निरंतर प्रयास जारी है। प्रदेश में कहीं कोई कमी नहीं है, लगातार खाद पहुंचाई जा रही है। बुधनी मेरी आत्मा- शिवराज सिंह सोमवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एमपी उपचुनाव को लेकर कहा कि बुधनी में जनता, बीजेपी और शिवराज एक है। विकास, जनकल्याण का चुनाव है। विकास की गंगा लगातार बही है और बह रही है। बुधनी मेरी आत्मा है, भारी बहुमत से जीतना है। झारखंड में हार से घबराई कांग्रेस वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि यहां डबल इंजन स्थापित होगा। झारखंड में वादा खिलाफी का चुनाव है। घुसपैठियों से जनता नाराज है। सहयोगियों के साथ NDA सरकार बना रही है। संभावित हार से कांग्रेस घबरा गई है। राहुल गांधी के बयान पर किया पलटवार वहीं शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी के जातिवाद वाले बयान पर निशाना भी साधा हैं। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्र फिर कास्ट है। राहुल गांधी देश को तोड़ने में लगे हैं, देश को बांटने वाले हैं। वे देश हितैषी नहीं हैं। देश को तोड़ने वाले कभी सफल नहीं होंगे। एमपी और झारखंड में 13 नवंबर को मतदान आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। वहीं झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार का शोर थम जाएगा। एमपी में बुधनी, विजयपुर सीट और झारखंड में पहले फेस में 43 सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा। झारखंड में दूसरा चरण 20 नवंबर को 38 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं 23 नवंबर को मतगणना होगी। recent visitors 58

कबड्डी मैच में विदेशियों की हार, राजस्थान-अजमेर के पुष्कर मेले में देशी-विदेशी खिलाड़ियों ने बहाया पसीना

अजमेर. राजस्थान में अजमेर जिले के पुष्कर में इन दिनों चल रहे मेले में जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से देशी-विदेशी सैलानियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भारतीय और विदेशी टीम के खिलाड़ी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। दोनों टीमों के बीच हो रहे मैच में स्थानीय टीम के खिलाड़ी बाजी मार रहे हैं और विदेशी मेहमानों को शिकस्त दे रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले के तीसरे दिन मेला मैदान में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के बीच कबड्डी मैच का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने बाजी मारते हुए विदेशी खिलाड़ियों को शिकस्त दी। निर्णायक टीम के सदस्य विक्रम शर्मा ने बताया कि भारतीय खिलाड़ियों ने 43-29 से जीत दर्ज की। भारतीय टीम में 10 खिलाड़ियों में विदेशी टीम में आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया।भारतीय खिलाड़ियों ने 43 अंक प्राप्त किए तो वहीं विदेशी खिलाड़ियों ने 29 अंक प्राप्त किए। भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि हर बार हम मैच में भाग लेते हैं और जीत दर्ज करते हुए विदेशी टीम को हराते हैं। हमने खेल को खेल की भावना से खेला और जीत दर्ज की, हमको बहुत अच्छा लगा। उन्होंने प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि जो खेल विलुप्त हो रहे हैं, उसको प्रशासन ने उठाने का काम किया है और ऐसे खेल होते रहने चाहिए। विदेशी खिलाड़ियों ने कहा कि उनको भी मैच खेलकर बहुत अच्छा लगा। कबड्डी मैच में दोनों ही टीमों की ओर से काफी उत्साह देखा गया। उल्लेखनीय है कि पुष्कर में इन दिनों अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला चल रहा है, जिसमें देश के साथ विदेश से भी बड़ी संख्या में भाग लेने के लिए पर्यटक पुष्कर पहुंच रहे हैं। कल कार्तिक एकादशी के साथ पुष्कर में धार्मिक मेले की शुरुआत हो जाएगी, जो पूर्णिमा तक जारी रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुष्कर सरोवर में स्नान करने के लिए पुष्कर पहुंचेंगे और जगत पिता ब्रह्मा के दर्शन भी करेंगे। मेले को देखते हुए अजमेर जिला प्रशासन ने पूरी व्यवस्थाएं कर ली है, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। recent visitors 197

एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में अंडर ग्राउंड पैसेज में जाने का प्रवेश व निकासी गेट बनाया जाएगा

इंदौर  एयरपोर्ट के पास मेट्रो का अंडरग्राउंड स्टेशन बनना है। ऐसे में एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग से मेट्रो के स्टेशन तक 200 मीटर हिस्सें में यात्रियों की सुविधा के लिए अंडरग्राउड पैसेज बनाया जाएगा। ऐसे में टर्मिनल बिल्डिंग की कैनोपी वाले हिस्से में जमीन के करीब 15 मीटर नीचे इस अंडर ग्राउंड पैसेज में जाने का प्रवेश व निकासी गेट बनाया जाएगा। इस संबंध में मेट्रो कंपनी के अधिकारियों की दिल्ली में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ चर्चा में सहमति बनी। अंडर ग्राउंड पैसेज में स्वचलित ट्रेवलेटर लगाया जाएगा। ट्रेवलेटर से पहुंच सकेंगे मेट्रो स्टेशन तक ऐसे में भविष्य में एयरपोर्ट से उतरने वाले यात्री मेट्रो स्टेशन तक ट्रेवलेटर पर खड़े हो मेट्रो स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। गौरतलब है कि पहले एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा बाउंड्रीवाल के पास तक ही मेट्रो का प्रवेश व निकासी गेट बनाने पर सहमति दी गई थी। मेट्रो प्रबंधन चाहता था कि टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर तक मेट्रो के अंडर ग्राउंड पैसेज से प्रवेश व निकासी की व्यवस्था की जाए। इस पर एयरपोर्ट प्रबंधन सहमत नहीं हुआ। इसके बाद एयरपोर्ट टर्मिनल इमारत के प्रवेश व निकासी के गेट के बाहर वाले हिस्से में टर्मिनल के सामने प्रवेश व निकासी गेट बनाने पर सहमति बनी। अंडर ग्राउंड पैसेज टर्मिनल इमारत के सामने पिक एंड ड्राप लेन के लिए नीचे से जाएगी। दो हिस्सो में तैयार करने की योजना ऐसे में मेट्रो प्रबंधन द्वारा अंडर ग्राउंड हिस्सों को दो हिस्सों में तैयार करने की योजना बनाई जा रही है। एयरपोर्ट से रीगल तक प्रस्तावित हिस्सा एक एजेंसी को देकर काम शुरू करवाया जाएगा। मेट्रों के अंडर ग्राउंड हिस्से को रीगल से बंगाली चौराहे तक बढ़ाने पर बजट भी बढ़ रहा है। ऐसे में राशि स्वीकृत होने के बाद मेट्रो के दूसरे अंडर ग्राउंड हिस्से के लिए दूसरी एजेंसी तय की जाएगी। गांधी नगर से एयरपोर्ट की ओर किया जा रहा निर्माण गांधी नगर स्टेशन से एयरपोर्ट की ओर मेट्रो के ओवरहेड हिस्से के निर्माण के लिए भुजा का निर्माण किया जा रहा है। गांधी नगर नगर चौराहे से एयरपोर्ट तक मेट्रो का ढलान रहेगा और मेट्रो अंडर ग्राउंड होगी। इस वजह से मेट्रो पिलर को यहां से ढलान देने के लिए पिलर का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। recent visitors 77

भाजपा को जनता का समर्थन देख कांग्रेस बौखलाई, राजस्थान-अलवर सांसद भूपेंद्र सिंह ने रामगढ़ में की सभा

अलवर. रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि हमारी सभी टीमें मिलकर काम कर रही हैं। भाजपा ने मेहनती व निष्ठावान कार्यकर्ता सुखवंत सिंह को रामगढ़ से टिकट दिया है। रामगढ़ में निश्चित रूप से भाजपा ही विजयी होगी। हम सबका साथ सबका विकास के एजेंडे को लेकर चल रहे हैं और भाजपा को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है, जिसे देखकर कांग्रेस में बौखलाहट मची हुई है। अलवर की जनता ने जो मान-सम्मान दिया है, वे उसके ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमने जो भी वायदे किए हैं, उन्हें पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए राज्य सरकार से भी बजट में बहुत राशि स्वीकृत कराई है। विशेष तौर पर रामगढ़ ओर गोविंदगढ़ में ट्रेनों के ठहराव का मसला हो या फिर आरओबी से काम कराने का मामला हो सभी काम तय समय में पूरे करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा एनसीआर क्षेत्र में केंद्र की बजट योजना का भी काफी काम रामगढ़ क्षेत्र में हुआ है। यादव ने कहा कि ईआरसीपी के पानी का मामला भी काफी हद तक भाजपा सरकार ने पूरा कर दिया है और जल्द ही इसका पानी भी रामगढ़ को मिलेगा। रूपारेल नदी के मामले में भी राज्य सरकार ने काफी पैसा दिया है। उन्होंने कहा कि गांवों में घूमने के बाद वे यह कह सकते हैं कि रामगढ़ में सभी बिरादरी और कौम का समर्थन भाजपा को मिल रहा है और यहां से भाजपा उम्मीदवार सुखवंत सिंह ही चुनाव जीतेंगे। उन्होंने सातों विधानसभा सीटों पर जीत का दावा किया। recent visitors 67

लोको पायलट ने पटरी पर युवक को लेटा देखकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस रोकी, युवक की जान बची

भोपाल  एक युवक  दोपहर 3.40 भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पटरी पर लेट गया। लोको पायलट ने उसे पटरी पर लेटा देखकर समय पर 12708 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस रोक दी। इससे युवक की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि संपर्क क्रांति एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन से तिरुपति जा रही थी। युवक अचानक ट्रेन के आगे कूद गया, कुछ देर तक वह पटरी से नहीं हटा तो आरपीएफ ने दो कुलियों को बुलाकर उसे पटरी से हटाया और प्लेटफार्म पर लेटा दिया। इस दौरान युवक के चेहरे पर चोट के निशान आए, जिसके बाद उसे वहा से जाने दिया।   भोपाल एक्सप्रेस में चढ़ते समय गिरा यात्री, आरपीएफ ने बचाया ग्वालियर  रानी कमलापति से हजरत निजामुद्दीन की ओर जा रही भोपाल एक्सप्रेस में चढ़ते समय एक यात्री असंतुलित होकर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच के हिस्से में जा गिरा और घायल हो गया। मौके पर तैनात आरपीएफ के जवान ने सूझबूझ दिखाते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया और अन्य यात्रियों की मदद से ट्रेन के नीचे से बाहर निकालकर इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी के मुताबिक, एलआइजी कालोनी नारियल खेड़ा भोपाल निवासी 46 वर्षीय रामकुमार सूर्य पुत्र मोतीलाल भोपाल एक्सप्रेस से आगरा तक एस-1 कोच की बर्थ नंबर 41 पर सफर कर रहा था। ट्रेन रविवार तड़के पौने पांच बजे ट्रेन ग्वालियर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक दो पर आई। इस दौरान रामकुमार कुछ सामान लेने के लिए कोच से उतर गया। ट्रेन जब चलने लगी, तो वह चढ़ते समय असंतुलित होकर ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच के हिस्से में गिर गया। मौके पर तैनात आरपीएफ के प्रधान आरक्षक सुनील कुमार राठौर ने यात्री को बचाने का प्रयास किया। ट्रेन को रुकवाकर अन्य यात्रियों की मदद से उसे बाहर निकाला। इसके बाद प्राइवेट वाहन से इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया। -खजुराहो एक्सप्रेस से गिरकर घायल हुआ यात्री- खजुराहो से ग्वालियर की ओर आ रही खजुराहो इंटरसिटी से अनंतपैठ के पास एक यात्री गिर गया। घायल यात्री को गार्ड ने एसी कोच में शिफ्ट किया। साथ ही कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। ग्वालियर स्टेशन पर सूचना मिलने पर डिप्टी एसएस अखिलेश तिवारी व हेड कांस्टेबल शिव सिंह यादव प्लेटफार्म पर पहुंचे। ट्रेन के आने पर घायल यात्री को उतारकर उसे एंबुलेंस से जयारोग्य अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। यात्री ने अपना नाम धनीराम पुत्र बादाम सिंह उम्र लगभग 45 वर्ष पता सिमरिया डबरा बताया। घायल होने के कारण वह अपने स्वजन का संपर्क सूत्र नहीं बता पा रहा था।   recent visitors 60