Saturday, July 4, 2026 8:51 am

भोपाल वासियों के लिए एक और सौगात, सांसद आलोक शर्मा ने भोपाल से गोवा फ्लाइट का किया शुभारंभ

  भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने प्रदेश वासियों के लिए एक और सौगात भोपाल से गोवा के लिए सीधी उड़ान सेवा का शुभारंभ कर दी है। सप्ताह में छह दिन चलने वाली ये फ्लाइट भोपाल से गोवा के लिए सीधी उड़ान भरेगी। जिसका फायदा भोपाल वासियों के अलावा प्रदेश भर के लोगों को मिलेगा। सांसद आलोक शर्मा ने फ्लाइट के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री के. राममोहन नायडू का आभार व्यक्त किया। सांसद शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों ही हमने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू से मुलाकात कर भोपाल से अन्य शहरों के लिए ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को कम करने और यात्रियों की मांग को लेकर भोपाल से पुणे, भोपाल से गोवा, भोपाल से कोलकाता, भोपाल से बेंगलुरु, भोपाल से लखनऊ और भोपाल से चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा आरंभ करने की मांग की थी। जिस पर पिछले महीने ही भोपाल से पुणे की फ्लाइट आरंभ हो चुकी है। आज से भोपाल से गोवा के लिए सीधी उड़ान सेवा का शुभारंभ किया गया है। बहुत जल्द ही भोपाल से कोलकाता, लखनऊ, चंडीगढ़ और बेंगलुरु के लिए भी विमान सेवा शुरू की जाएगी। कई एयरलाइंस कंपनियों के साथ इसकी चर्चा जारी है। राजधानी से अन्य प्रदेशों के लिए की फ्लाइट्स की शुरुआत होने से इसका फायदा भोपाल शहर वासियों के अलावा प्रदेशभर के नागरिकों और विद्यार्थियों को मिलेगा। सांसद शर्मा ने कहा कि राजाभोज विमानतल के विस्तारीकरण का काम चल रहा है। जल्द ही यह एयरपोर्ट अपने नए और आधुनिक कलेवर में संचालित होगा। यहां से इंटरनेशनलफ्लाइट भी शुरू होंगी। इसके लिए आवश्यक कस्टम ड्यूटी और इमीग्रेशन चेक की परमिशन भी हो चुकी है। खुशी की बात है कि राजाभोज विमानतल अब 24 घंटे सेवा संचालित कर रहा है। छोटी कन्या से कटवाया केक राजधानी के राजा भोज एयरपोर्ट पर गोवा फ्लाइट के शुभारंभ अवसर पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर एवं एक छोटी कन्या से केक कटवाकर फ्लाइट का शुभारंभ किया। सांसद शर्मा ने भोपाल से पहली उड़ान में गोवा जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास दिए। भोपाल से गोवा के लिए इंडिगो की फ्लाइट सप्ताह में छह दिन अपराह्न 3:20 पर उड़ान भरेगी। इस अवसर पर राजाभोज विमानतल पर एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी, इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारी, एयरपोर्ट स्टाफ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। recent visitors 51

पाकिस्तानी ड्रोन से मंगवाता था अत्याधुनिक पिस्टल और ड्रग्स, लारेंस बिश्नोई गैंग का मेंबर इंदौर में गिरफ्तार

इंदौर। लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य भूपेंद्रसिंह रावत उर्फ भूपेंद्र खरवा गैंग के लिए हथियारों की सप्लाई करता है। खरवा ने पाकिस्तानी एजेंट के माध्यम से भारत में अत्याधुनिक पिस्टल और ड्रग्स मंगवाना कबूला है। उसने मलेशिया और कनाडा में बैठे एजेंट के नंबर भी बताए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए लारेंस गैंग के सदस्य वाइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकाल (वीओआईपी) का इस्तेमाल करते हैं। डीसीपी जोन-2 अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक भूपेंद्र की कार पर गौरक्षा दल लिखा हुआ है। इस संबंध में पूछताछ करने पर बताया वह राजस्थान में दल का प्रदेश अध्यक्ष बनकर ट्रकों की जांच कर अवैध वसूली करता था। सूत्रों के मुताबिक खरवा को थाने ले जाते ही भाजपा नेताओं ने छोड़ने के लिए अफसरों को कॉल लगाना शुरू कर दिया। नेताओं ने साध ली चुप्पी खरवा का रिकॉर्ड और गैंग की जानकारी देते ही नेताओं ने चुप्पी साध ली। शनिवार देर रात एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्रसिंह,एसीपी राजकुमार सराफ की टीम ने खरवा से पूछताछ कि तो बताया वह गैंग के लिए अत्याधुनिक हथियार और ड्रग्स सप्लाई का काम संभाल रहा था। लारेंस के इशारे पर मलेशिया और कनाडा से हथियार मंगवाता था। मलेशिया में भारतीय नागरिक है जो ग्लाक(अत्याधुनिक)पिस्टल की व्यवस्था करवाता है। आर्डर पर एजेंट पाकिस्तानी रास्ते से भारत में हथियार भिजवाता है। धमकी-वसूली और सप्लाई की अलग-अलग टीम टीआई तारेश सोनी के मुताबिक रोहित गुदारा, गोल्डी बराड़, अनमोल बिश्नोई, काला जठेड़ी के बाद भूपेंद्र खरवा का नाम आता है। उसने यह भी बताया कि लारेंस द्वारा करवाई गई हरेक घटनाओं की उसे जानकारी है। जेल में बंद रहने के बाद भी लारेंस से बातचीत करना स्वीकारा है। टीआई के मुताबिक खरवा ने अजमेर(राजस्थान) में पेट्रोल पंप संचालक के बेटे पर भी गोलियां चलाई थी। पंजाब की जेल में बंद होने के बाद भी खरवा ने इंटरनेट मीडिया पर मैसेज पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली और पांच करोड़ रुपये की मांग की। recent visitors 103

दुआए खास के साथ खत्म हुआ 4 दिवसीय इज्तिमा, सड़कों पर लगा लंबा जाम

4 day Ijtima ended with special prayers, long jam on roads भोपाल ! राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी में आयोजित चार दिवसीय आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आज समापन हो गया है. सुबह सबसे पहले फजर की नमाज हुई इसके बाद मौला सआद के खास बयान और फिर सुबह 9 बजे दुआ के साथ इज्तिमा का समापन हुआ. बता दें इज्तिमा के समापन के साथ ही अब सभी जमातें अपने-अपने शहरों को जाने लगी है, जिसकी वजह से भोपाल की सडक़, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड, एयरपोर्ट सहित सभी जगह भीड़ ही भीड़ नजर आ रही है. मालूम हो कि इज्तिमा में करीब 2000 से जमाते अलग-अलग राज्य और देशों से हिस्सा लेने के लिए आई हुईं थी. भोपाल की इन सडक़ों पर ट्रैफिकइज्तिमा के समापन के साथ ही आज भोपाल की सड़कों पर लोग ही लोग नजर आ रहे हैं. लाम्बाखेड़ा से करोंद, मुबारकपुर से पटेल नगर, गांधी नगर से अयोध्या नगर बायपास, रत्नागिरी, भोपाल टॉकीज, पीरगेट, मोती मस्जिद, रॉयल मार्केट, लालघाटी चौराहा, नादरा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अल्पना तिराहा, भारत टॉकीज, बोगदा पुल आदि क्षेत्रों में जमकर ट्रैफिक उमड़ रहा है. रेलवे ने किए ये इंतजामइज्तिमा को लेकर रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं. भोपाल स्टेशन पर आज 4 टिकट काउंटर बढ़ाए गए हैं, जबकि गाड़ी संख्या 11272 भोपाल-इटारसी एक्सप्रेस में 2 और 3 दिसंबर को अतिरिक्त जनरल कोच लगाए गए हैं. इसी तरह गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस में 2 और 3 दिसंबर को अतिरिक्त जनरल कोच की व्यवस्था है. इज्तिमा में क्या व्यवस्था थीभोपाल में आयोजित इज्तिमा के कार्यक्रम बड़े स्तर पर किया गया था. सभी जगहों से आए आलमी तब्लीगी जमातों के लिए 500 से ज्यादा चार्जिंग प्वाइंट के अलावा 2 हजार से ज्यादा लोगों के लिए खाने-पीने और सोने की अच्छी व्यवस्था की गई थी. इस आयोजन को लेकर भोपाल प्रशासन ने पहले से ही सभी तैयारियां कर ली थी, ताकि किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े. recent visitors 118

44 आईएएस अधिकारियों के तबादले, हरियाणा में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल

चंडीगढ़। हरियाणा में रविवार देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। इस दौरान 44 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए है। हरियाणा में नई सरकार के गठन के बाद पहली बार बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। प्रदेश सरकार ने 44 आईएएस अधिकारियों के तबादलों का आदेश दिया है। अगर कुछ महत्वपूर्ण आईएएस अधिकारियों के तबादले की बात करें तो, आईएएस अनुराग रस्तोगी को सबसे अहम वित्त आयुक्त राजस्व (एफसीआर), वित्त विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस सुमिता मिश्रा को गृह सचिव नियुक्त किया गया है। गृह मंत्रालय खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास है। वहीं, आईएएस सुधीर राजपाल को स्वास्थ्य एवं एविएशन विभाग के साथ चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान और आयुष विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस अफसर अशोक खेमका को अनिल विज के महकमे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें परिवहन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। आईएएस अधिकारी डी सुरेश को हरियाणा भवन नई दिल्ली का रेजिडेंट कमिश्नर और उद्योग विभाग एवं वाणिज्य विभाग का प्रधान सचिव बनाया है। आईएएस अधिकारी श्यामल मिश्र को हरियाणा व्यापार मेला प्राधिकरण, नई दिल्ली का मुख्य प्रशासक, फरीदाबाद व गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नागरिक उड्डयन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। हरियाणा सरकार ने सौजी रजनी कान्थन को परिवहन आयुक्त, फूलचंद मीना को अंबाला डिवीजन का कमिश्नर, ए श्री निवास को हिसार डिवीजन का आयुक्त और दक्षिण हरियाणा बिजली निगम का एमडी नियुक्त किया है। आनंद मोहन शरण को पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के साथ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस अधिकारी विनीत गर्ग को उच्चतर शिक्षा विभाग के साथ हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आईएएस अधिकारी अमित कुमार अग्रवाल को विकास एवं पंचायत विभाग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग और विदेश विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है। आईएएस अधिकारी राजीव रंजन को मत्स्य व श्रम विभाग का प्रधान सचिव लगाया गया है। विजय सिंह दहिया को मुद्रण विभाग और पशुपालन विभाग का आयुक्त एवं सचिव और अमनीत पी कुमार को महिला एवं बाल विकास विभाग और अभिलेखागार विभाग में आयुक्त एवं सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस अधिकारी मोहम्मद साइन को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का आयुक्त एवं सचिव और संजय जून को अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए मौजूदा नियुक्तियों के साथ फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड का मुख्य कार्यकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, हरियाणा सीएमओ की हिस्सा रहीं आशिमा बराड़ को सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय, आबकारी एवं कराधान आयुक्त और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम का एमडी नियुक्त किया गया है। आईएएस अधिकारी संजीव वर्मा को खेल, आयुष और विदेश सहयोग विभाग का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। recent visitors 60

आम आदमी पार्टी में शामिल हुए अवध ओझा, दिल्ली सरकार की शिक्षा क्रांति से हुए प्रभावित

Avadh Ojha joins Aam Aadmi Party, impressed by Delhi government’s education revolution जाने-माने एजुकेटर और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। पार्टी मुख्यालय में उन्होंने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में पार्टी सदस्यता ली। खबर है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में अवध ओझा चुनाव लड़ सकते हैं। दिल्ली सरकार की शिक्षा क्रांति से हुए प्रभावित: अवध ओझा आम आदमी पार्टी में शामिल होने पर अवध ओझा ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे राजनीति में आकर शिक्षा के लिए काम करने का मौका दिया। शिक्षा एक ऐसा माध्यम है जो परिवार, समाज और राष्ट्र की आत्मा है। आगे कहा कि आज अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत में मैं आप सभी से यह साझा करना चाहता हूं कि अगर मुझे राजनीति और शिक्षा में से किसी एक को चुनना पड़े तो मैं निश्चित रूप से शिक्षा को चुनूंगा। राजनीति में आकर शिक्षा का विकास ही मेरा सर्वोत्तम उद्देश्य है। जानकारी तो यह भी है कि उनका टिकट भी फाइनल हो गया है। यूपी के गोंडा जिले के रहने वाले अवध ओझा को लेकर पहले यह भी अटकलें लगाई गई थीं कि वह लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। खबरें थीं कि वह प्रयागराज से लोकसभा के टिकट के लिए भाजपा के संपर्क में थे। लेकिन उस समय उन्हें टिकट नहीं मिल पाया था। ओझा सर के नाम से प्रसिद्ध अवध एक शिक्षक के साथ-साथ मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं। उधर, आम आदमी पार्टी को उम्मीद है कि अवध ओझा के पार्टी से जुड़ने से फायदा होगा। क्योंकि सोशल मीडिया और युवाओं के बीच ओझा की अच्छी लोकप्रियता है। कई बार अवध ओझा आप के संजोयक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तारीफ भी कर चुके हैं। जानकारी के लिए बता दें कि अगले साल दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। दिल्ली चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी चुनावी कार्यक्रम में जुटी हुई है। ऐसे में खबर है कि इस बार पार्टी कई विधायकों का टिकट काट सकती है और नए चेहरों को मौका दे सकती है। कौन हैं अवध ओझा? अवध ओझा भी देश के सबसे पसंद किए जाने वाले शिक्षकों में से एक हैं। उनका पूरा नाम अवध प्रताप ओझा है। यह एक भारतीय यूपीएससी कोच, यूट्यूबर, और शिक्षक हैं। इनका संबंध यूपी के गोंडा जिले से हैं। यूपीएससी ने निराशा मिलने पर इन्होंने इलाहाबाद में कोचिंग में पढ़ाना शुरू किया। कोविड में जब ऑफलाइन क्लासेज बंद हो गई थी, तब अपने अलग शिक्षण शैली के कारण काफी तेजी से यूट्यूब पर पॉपुलर हो गए। recent visitors 108

चार की मौत और एक घायल, बिहार-बक्सर जिले में मिट्टी के ढेर में दबी बच्चियां

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार को राजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरेंजा राजकीय बुनियादी विद्यालय के पास मिट्टी के टीले में पांच बच्चियां मिट्टी खोद रही थीं। इसी दौरान टीला भरभरा कर गिर पड़ा और बच्चियां दब गईं। इस हादसे में चार बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची का फिलहाल इलाज जारी है। सरेंजा बुनियादी विद्यालय के पास पुराने मिट्टी के टीले में मिट्टी खोदने के लिए पांच बच्चियां गई थीं। ये बच्चियां पीढ़ी पर्व की तैयारी के लिए घर में सफाई और लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने गई थीं। जब वे टीले के पास मिट्टी खोद रही थीं, तभी अचानक टीला भरभरा कर गिर पड़ा और सभी बच्चियां इसके नीचे दब गईं। मिट्टी के ढेर में दबने के बाद आसपास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने की कोशिश की। ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चियों को मलबे से निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चार बच्चियों की मौत की पुष्टि कर दी, जबकि एक बच्ची को गंभीर हालत में भर्ती किया गया है। मृतक बच्चियों में नयनतारा कुमारी (11 वर्ष), शालिनी कुमारी (8 वर्ष), शिवानी कुमारी (6 वर्ष), और संजू कुमारी (11 वर्ष) शामिल हैं। जबकि घायल बच्ची की पहचान करिश्मा कुमारी (10 वर्ष) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद मृतक बच्चियों के परिवारों में मातम का माहौल है, उनका रो-रो कर बुरा हाल है। घटना से आसपास के पूरे इलाके में गम का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने भी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मिट्टी का टीला बहुत पुराना था और उसमें गहरी खुदाई से वह खतरनाक हो गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। recent visitors 52

प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी आज,एमएसपी 2300 रुपए प्रति क्विंटल, शिकायत के लिए नंबर जारी

Paddy purchased today at support price in the state, MSP Rs 2300 per quintal, number issued for complaints भोपाल ! प्रदेश में खरीफ विपणन मौसम 2024-25 के लिये धान की खरीदी सोमवार से शुरू होगी। धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 और धान ग्रेड-ए का 2320 रुपये प्रति क्विंटल है। किसानों की एफएक्यू गुणवत्ता की उपज इन्हीं दरों पर उपार्जित की जायेगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि धान का उपार्जन 2 दिसम्बर से 20 जनवरी 2025 तक किया जायेगा। उपार्जन प्रत्येक सप्ताह के सोमवार से शुक्रवार तक होगा। 45 लाख मीट्रिक टन होगी धान की खरीदी केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 45 लाख मीट्रिक टन की जायेगी। गोदाम स्तर पर खाद्यान्न की गुणवत्ता का परीक्षण उपार्जन एजेंसी के गुणवत्ता सर्वेयर द्वारा स्टेक लगाने के पहले किया जायेगा। परिवहनकर्ता द्वारा उपार्जित खाद्यान्न का परिवहन समय-सीमा में नहीं करने पर पेनाल्टी की व्यवस्था साप्ताहिक रूप से की जायेगी। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के बाद भुगतान, कृषक पंजीयन के दौरान आधार नम्बर से लिंक बैंक खाते में किया जायेगा। धान उपार्जन अवधि के दौरान पड़ोसी राज्यों से उपार्जन केन्द्र पर लायी जाने वाली उपज की अवैध बिक्री को रोकने के लिये समुचित कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर्स को दिये गये हैं। समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी सेल का गठन पंजीयन एवं उपार्जन में आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिये जिले में और राज्य स्तर पर भी तकनीकी सेल का गठन किया गया है। जिला स्तरीय समिति उपार्जन संबंधी सभी विवादों का अंतिम निराकरण तथा उपार्जित खाद्यान्न की गुणवत्ता की निगरानी करेगी। राज्य स्तर पर एक कंट्रोल-रूम भी स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नम्बर 0755-2551471 है, जो उपार्जन अवधि में सुबह 9 से रात 7 बजे तक संचालित रहेगा। recent visitors 156